चारधाम यात्रा (विशेषकर केदारनाथ) शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं की आस्था का फायदा उठाने वाले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। फर्जी हेलीकॉप्टर टिकट, “VIP/लिमिटेड सीट्स”, “अर्जेंटबुकिंग” और सस्ते होटल पैकेज का लालच देकर वे लोगों को ठग रहे हैं। पैसे लेने के बाद फर्जी टिकट या कन्फर्मेशन भेजकर गायब हो जाते हैं।

फेसबुक, इंस्टाग्राम, मोबाइल और बैंक खातों पर कार्रवाई
रुद्रप्रयाग जिला पुलिस ने इस गंभीर समस्या पर सख्त प्रहार किया है। रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक (SP) नीहारिका तोमर के नेतृत्व में गठित ‘साइबर फ्रॉड कॉम्बेट फोर्स’ ने पिछले दो महीनों में 265 फर्जी प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई की। इसमें 106 फेसबुक पेज, 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स, दर्जनों मोबाइल नंबर और बैंक खाते शामिल हैं। इसके अलावा 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट कर बंद कराने की प्रक्रिया चल रही है।
एसपी नीहारिका तोमर ने अपील की है कि केदारनाथ हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in से ही करें। किसी भी थर्ड-पार्टी वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक, व्हाट्सएप मैसेज या एजेंट पर भरोसा न करें। एसपी तोमर का संदेश साफ है “आपकी श्रद्धा और यात्रा सुरक्षित हो, इसके लिए सतर्कता सबसे जरूरी हथियार है। ”चारधाम यात्रा पवित्र है, लेकिन इस पवित्र यात्रा को साइबर ठगों से बचाने के लिए हर श्रद्धालु को सजग रहना होगा।
राजस्थान पुलिस ने भी राजस्थान से चारधाम यात्रा पर जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा है कि आस्था का कोई गलत फायदा न उठाए, इसलिए हमेशा सरकारी और आधिकारिक स्रोतों का ही चुनाव करें। राजस्थान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह यात्रियों की सुरक्षा के लिए सदैव उनके साथ है और साइबर अपराधियों पर नजर रखे हुए है। सतर्क रहें, सुरक्षित यात्रा करें।
- कुल 265 फर्जी प्लेटफॉर्म पर कार्रवाई
- 106 फेसबुक पेज बंद किए गए
- 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स ब्लॉक
- 55 मोबाइल नंबर ब्लॉक
- कई बैंक खाते फ्रीज
- 22 संदिग्ध वेबसाइट्स को डोमेन रजिस्ट्रार को रिपोर्ट कर बंद कराने की प्रक्रिया जारी
ऐसे फंसाते हैं साइबर ठग
- “VIP / LimitedSeats” या “अर्जेंटबुकिंग” का लालच
- बहुत सस्ते हेलीकॉप्टर टिकट और होटल पैकेज का ऑफर
- फर्जी वेबसाइट, फेसबुक/इंस्टाग्रामऐड्स और व्हाट्सएप मैसेज
- पैसे लेने के बाद फर्जी टिकट या कन्फर्मेशन भेजकर गायब
- खुद को सरकारी अधिकारी या IRCTC एजेंट बताना
- सावधानी
- कोई भी “100%गारंटीड” या “तुरंत बुकिंग” वाला ऑफर मिले तो तुरंत संदेह करें।
- केवल आधिकारिक वेबसाइट से बुकिंग करें: https://heliyatra.irctc.co.in
- थर्ड-पार्टी वेबसाइट, एजेंट या सोशल मीडिया लिंक पर भरोसा न करें
- पैसे भेजने से पहले दोबारा जांच करें
- ठगी होने पर तुरंत 1930 डायल करें या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें
- हेलीकॉप्टर टिकट केवल IRCTC की आधिकारिक HeliYatra वेबसाइट से बुक करें।
- बहुत सस्ता या “तुरंत बुकिंग” वाला ऑफर मिले तो संदेह करें।
- किसी अज्ञात लिंक या QR कोड पर पैसे न भेजें।
- ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 (साइबर हेल्पलाइन) डायल करें या http://cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।


