पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के लिए ममता बनर्जी के प्रस्तावित दिल्ली दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ‘एक हाथ में जमात और दूसरे में दिमागी नक्सल’ को लेकर आगे बढ़ रही हैं. बंगाल के चीफ मिनिस्टर ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली जाकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेताओं के मिलकर साथ ‘नयी साजिश’ रचने वाली हैं.
‘दिल्ली पुलिस और आईबी ममता बनर्जी पर रखे नजर’
शुभेंदु अधिकारी ने दिल्ली पुलिस और खुफिया ब्यूरो से ममता बनर्जी की गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया. अधिकारी का यह बयान निर्वाचन आयोग को लेकर विपक्षी दलों के बीच बढ़ते समन्वय के बीच आया है, जिनमें तृणमूल कांग्रेस और माकपा शामिल है.
टीएमसी-सीपीएम ने तेज कर दिया है चुनाव आयुक्त पर हमला
तृणमूल कांग्रेस और माकपा समेत विपक्षी दलों ने निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है. ममता बनर्जी ने माकपा महासचिव एमए बेबी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत की है.

‘इंडिया’ की बैठक के लिए दिल्ली जा रहीं ममता
ममता बनर्जी बुधवार (30 सितंबर) को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में शामिल हो सकती हैं, जिसमें विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होगी.
‘नयी साजिश’ रचने के लिए ममता का दिल्ली दौरा
वाम दलों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री के संपर्क को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि उनका दिल्ली दौरा माकपा नेताओं के साथ मिलकर ‘नयी साजिश’ रचने के उद्देश्य से है. शुभेंदु अधिकारी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम से इतर कहा कि लोग पहले भी दिल्ली गये हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी कथित तौर पर ‘देशविरोधी ताकतों’ के साथ जुड़ रही हैं.
बंगाल के सीएम ने कहा- आप (ममता) तथाकथित दिमागी नक्सलियों के साथ योजना बनाने जा रही हैं. हर कोई जानता है कि ‘आजादी’ के नारे लगाने वाला व्यक्ति क्या कर सकता है. मैं दिल्ली पुलिस और आईबी से अनुरोध करूंगा कि वे कड़ी नजर रखें, उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखें और सुनिश्चित करें कि किसी देशविरोधी ताकत के साथ कोई बैठक न हो.

