NATIONAL : धर्मशाला का मैदान मारने वाली टीम को मिलेगी सीधे फाइनल में एंट्री, गुजरात के सामने होगी बड़ी मुसीबत

0
22

धर्मशाला में आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 में आरसीबी और गुजरात टाइटंस मंगलवार शाम आमने-सामने होंगी, जिसमें विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।

नीरज व्यास, जागरण धर्मशाला। धौलाधार की गोद में स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 को लेकर रोमांच चरम पर है। जब मंगलवार शाम 7:30 बजे आरसीबी और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी तब पूरे देश के क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें खूबसूरत एचपीसीए स्टेडियम पर लगी होंगी। दोनों ही टीमों में से जीतने वाली टीम आइपीएल-2026 के फाइनल में प्रवेश कर जाएगी।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास धर्मशाला में खेलने का अच्छा अनुभव है। इसी मैदान पर हाल ही में आरसीबी ने पंजाब किंग्स को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान पक्का कर लिया था। जाहिर है इस टीम के खिलाड़ियों को यहां के हालात की अच्छी जानकारी है। वहीं, दूसरी ओर गुजरात टाइटंस पहली बार एचपीसीए स्टेडियम में आइपीएल मुकाबला खेलेगी।

आईपीएल 2026 के इस बड़े मुकाबले में जो टीम दबाव को बेहतर तरीके से झेलेगी वही बाजी मारेगी, यह तय है। गुजरात टाइटंस की ओर से इस सत्र में युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल अच्छा खेल रहे हैं, जो आरसीबी के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होंगे। दूसरी ओर, धर्मशाला की इस तेज और उछाल भरी पिच पर आरसीबी के विराट कोहली का अनुभव बेंगलुरु के लिए प्लस पाइंट साबित होने वाला है।

मौजूदा आईपीएल में गुजरात के लिए गेंदबाजी बड़ी ताकत रही है। सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष 10 गेंदबाजों में गुजरात के तीन नाम है रबाडा, राशिद और सिराज। आरसीबी के लिए भुवनेश्वर के 24 विकेट हैं लेकिन उसके बाद शीर्ष-10 में टीम का कोई गेंदबाज नहीं है लेकिन धर्मशाला में पंजाब किंग्स के विरुद्ध पिछले मुकाबले में भुवनेश्वर को शुरू के ओवर में पिच से मदद मिली थी और उन्होंने पंजाब के दोनों प्रारंभिक बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन भेज आरसीबी को जीत के ट्रैक पर डाल दिया था। इसलिए गुजरात को इस गेंदबाज से बच के रहना होगा।

आरसीबी की बल्लेबाजी में गहराई
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी उसके तीन बल्लेबाज शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर निर्भर है। वहीं, आरसीबी की बात करें तो टीम के पास बल्लेबाजों की कमी नहीं। फिल सॉल्ट फिट होकर आ चुके हैं। विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, जितेश शर्मा, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड के अलावा क्रुणाल पांड्या बल्लेबाजी को गहराई देते हैं।

टॉस पर होगा अहम
धर्मशाला की पिच आईपीएल के इस सत्र में पूरी तरह से बल्लेबाजी के अनुकूल साबित हुई है। आईपीएल 2026 सत्र के दौरान यहां हुए तीनों मैचों की पांच पारियों में 200 से ऊपर रन बने हैं। यहां अकसर टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है ताकि बाद में रनों का पीछा किया जा सके, जो इस मैदान पर आसान रहा है। तेज गेंदबाजों को अकसर यहां अतिरिक्त उछाल मिलती है।

इस प्रकार हैं दोनों टीमें
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत (विकेटकीपर), अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर (विकेटकीपर), कानर एस्टरहुइजन, गुरनूर बरार, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड और जयंत यादव।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप सॉल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान और सात्विक देसवाल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here