लखनऊ में शादी के करीब एक साल बाद एक महिला अपने बचपन के प्रेमी के साथ घर से चली गई. पति ने पले उसे खोजा जब वह प्रेमी के साथ मिली तो महिला ने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ जिंदगी बिताने की जिद पर अड़ गई. इसके बाद पति ने जबरदस्ती करने के बजाय खुद दोनों की मंदिर में शादी करा दी.
शादी के बाद जिंदगी जिस रिश्ते के साथ आगे बढ़नी थी, उसमें पुराना प्यार अचानक फिर सामने आ गया. लखनऊ के मलिहाबाद में एक महिला अपने बचपन के प्रेमी के साथ घर से चली गई. पति ने उसे ढूंढने के लिए थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने तलाश की तो महिला प्रेमी के साथ हरदोई में मिल गई. इसके बाद मामला थाने पहुंचा, जहां परिवार वालों ने उसे समझाने की कोशिश की. लेकिन महिला ने अपना फैसला पहले ही कर लिया था. उसने साफ कह दिया कि वह पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने पुराने प्रेमी के साथ ही जिंदगी बिताएगी. इसके बाद जो हुआ, वह इस पूरे मामले का सबसे अलग पहलू है. पति ने पत्नी पर दबाव डालने या उसे जबरन अपने साथ ले जाने के बजाय खुद उसका हाथ उसके प्रेमी के हाथ में सौंप दिया. दोनों की मंदिर में शादी कराई गई और महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई.

बताया जा रहा है कि सोनाली और उसके प्रेमी की पहचान स्कूल के दिनों से थी. दोनों ने साथ पढ़ाई की थी. लंबे समय तक साथ रहने और बातचीत के दौरान उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. दोनों के बीच रिश्ता आगे बढ़ता गया. परिवार को इसकी जानकारी थी या नहीं, इसे लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, लेकिन करीब एक साल पहले परिवार ने सोनाली की शादी मलिहाबाद के रहने वाले एक पीआरडी जवान विक्की से कर दी. शादी के बाद सोनाली ससुराल पहुंच गई और पति के साथ रहने लगी. लेकिन पुरानी कहानी वहीं खत्म नहीं हुई. बताया जा रहा है कि शादी के बाद भी सोनाली का अपने बचपन के प्रेमी से संपर्क बना रहा. दोनों फोन पर बातचीत करते थे. वक्त बीतता गया, लेकिन पुराने रिश्ते की डोर पूरी तरह नहीं टूटी.
5 सितंबर को सोनाली अचानक ससुराल से गायब हो गई. जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की. रिश्तेदारों से लेकर आसपास के इलाकों तक खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला. पति विक्की ने मलिहाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की. आसपास के जिलों में भी जानकारी भेजी गई. पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान महिला की लोकेशन हरदोई में मिली. इसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की और बुधवार को सोनाली को उसके प्रेमी के साथ हरदोई से बरामद कर लिया.
महिला के बरामद होने के बाद पुलिस उसे लेकर मलिहाबाद थाने पहुंची. वहां दोनों पक्षों को बुलाया गया. इसके बाद शुरू हुई बातचीत. परिवार की तरफ से सोनाली को समझाने की कोशिश की गई. पुलिसकर्मियों ने भी उसे समझाया कि वह अपने पति के साथ वापस जाए और शादीशुदा जिंदगी को आगे बढ़ाए. घंटों तक बातचीत चलती रही. लेकिन सोनाली अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई. उसने साफ शब्दों में कहा कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती. उसका कहना था कि वह अपने प्रेमी के साथ ही जिंदगी बिताना चाहती है. परिवार के लोग उसे समझाते रहे, लेकिन उसकी जिद कायम रही.
थाने में जब सोनाली ने पति के साथ रहने से इनकार किया तो माहौल कुछ देर के लिए शांत हो गया. एक तरफ करीब एक साल पुरानी शादी थी, दूसरी तरफ पत्नी का पुराना प्रेमी. ऐसे में पति के सामने भी बड़ा सवाल था कि वह क्या करे? मामले में सबसे ज्यादा चर्चा अब पति के फैसले की हो रही है. विक्की ने पत्नी की इच्छा के खिलाफ जाने के बजाय कहा कि अगर वह अपने प्रेमी के साथ खुश है तो वह उसके साथ रह सकती है. बताया जा रहा है कि उसने साफ कहा कि रिश्ते में जबरदस्ती की कोई जगह नहीं होनी चाहिए. इसके बाद मामला किसी विवाद या टकराव की तरफ जाने के बजाय आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की गई.
थाने में मौजूद लोगों के मुताबिक, पति ने पत्नी से कहा कि वह जिस व्यक्ति के साथ खुश रहना चाहती है, उसके साथ रहे. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी. जरूरी कानूनी औपचारिकताओं के बाद सोनाली और उसके प्रेमी की शादी कराने का फैसला लिया गया. यह फैसला सुनकर वहां मौजूद लोगों के लिए भी स्थिति कुछ असामान्य थी. जिस महिला को उसका पति कुछ दिन पहले तक तलाश रहा था, उसी पत्नी की शादी अब उसके पुराने प्रेमी के साथ कराने की तैयारी हो रही थी.
इसके बाद स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी कराई गई. हिंदू रीति-रिवाज से शादी की रस्में पूरी हुईं. प्रेमी जोड़े ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया. सबसे अलग दृश्य तब रहा जब महिला का पति भी इस पूरी प्रक्रिया का हिस्सा बना. जिस हाथ को करीब एक साल पहले उसने शादी के बाद थामा था, उसी हाथ को उसने अब उसके पुराने प्रेमी के हाथ में सौंप दिया. इसके बाद सोनाली अपने प्रेमी के साथ चली गई.

