राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को तिरपाल लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद दिल्ली पुलिस प्रदर्शन स्थल पर तिरपाल लगाने की अनुमति नहीं दे रही है। उनका कहना है कि इससे अनशन पर बैठे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में अभिजीत दीपके पुलिस अधिकारी से तिरपाल लगाने की अनुमति देने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह अधिकारी के सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर घुटनों के बल बैठकर उनके पैर पकड़ लेते हैं। कुछ अन्य प्रदर्शनकारी भी पुलिस अधिकारियों से अनुमति देने की अपील करते नजर आते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दीपके ने दावा किया कि पिछले तीन दिनों से पुलिस से टेंट और तिरपाल लगाने की मंजूरी मांगी जा रही है, लेकिन अब तक अनुमति नहीं मिली। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण अनशन पर बैठे लोगों का सामान भीग गया है और उन्हें रातभर खुले आसमान के नीचे रहना पड़ा।
बारिश की वजह से प्रदर्शन स्थल पर समर्थकों की संख्या भी कम हो गई है। गुरुवार को जंतर-मंतर पर अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। हालांकि तिरपाल लगाने को लेकर हुए विवाद के कारण वहां काफी देर तक हलचल बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बारिश से बचने के लिए उन्हें पॉलिथीन और अन्य अस्थायी साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। फिलहाल, इस मामले पर दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

