NATIONAL : 149 दिन बाद आज होंगे भगवान बद्रीविशाल के दर्शन: तीन चाबियों से खुलेंगे कपाट

0
80

चारधाम यात्रा के पांचवें दिन आज चमोली स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट विधिवत रूप से खोले जाएंगे। सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के द्वार खुलते ही भगवान बद्रीविशाल के दर्शन शुरू हो जाएंगे। इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे।

अनुमान है कि पहले दिन करीब 6-7 हजार लोग दर्शन के लिए पहुंचेंगे। कपाट खुलने से पहले सभी धार्मिक प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं। निर्धारित समय पर मंदिर के द्वार तीन चाबियों से खोले जाएंगे। कपाट खुलते ही सबसे पहले रावल गर्भगृह में प्रवेश करेंगे, जहां बीते छह महीनों से जल रही अखंड ज्योति के दर्शन किए जाएंगे। इसके बाद भगवान बद्रीविशाल पर चढ़ा घृत कंबल हटाया जाएगा, जिसकी स्थिति से पूरे साल के फल का आकलन किया जाता है।

रावल करते हैं पहला प्रवेश

बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने की परंपरा बेहद विशेष होती है। मंदिर के द्वार तीन अलग-अलग चाबियों से खोले जाते हैं, जो टिहरी राजपरिवार से जुड़े राजपुरोहित, हकहकूकधारी मेहता और भंडारी समुदाय के पास रहती हैं। तय मुहूर्त पर तीनों चाबियां एक साथ लगाकर कपाट खोले जाते हैं।

कपाट खुलते ही सबसे पहले रावल मंदिर में प्रवेश कर गर्भगृह में पूजा-अर्चना शुरू करते हैं। इसके बाद आगे की धार्मिक प्रक्रियाएं क्रमवार संपन्न होती हैं और फिर श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू किए जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here