NATIONAL : 300 नई ई-बसों से बढ़ेगी दिल्ली की रफ्तार, 7 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री शाह दिखाएंगे हरी झंडी

0
25

दिल्ली में बसों की कमी और लंबे इंतजार की समस्या को कम करने के लिए राजधानी के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इन बसों को 7 जुलाई को आरके पुरम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। नई बसों को प्राथमिकता के आधार पर उन रूटों पर तैनात किया जाएगा, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है और पीक ऑवर में बसों पर सबसे ज्यादा दबाव होता है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई बसों के संचालन से यात्रियों का इंतजार कम होगा और भीड़भाड़ वाली बसों में सफर करने की मजबूरी भी घटेगी। विभाग का कहना है कि अधिक मांग वाले रूटों पर बसों की संख्या बढ़ने से सार्वजनिक परिवहन सेवा पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

नई शामिल की जा रही 300 बसों में अधिकांश 9 मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनका आकार ऐसा है कि ये मुख्य सड़कों के अलावा संकरी गलियों और उन इलाकों में भी आसानी से चल सकेंगी, जहां बड़ी बसों का संचालन कठिन होता है। इससे कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों के बीच लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि इससे अधिक लोगों को सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलेगा।

दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा लगातार बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में राजधानी में 6,100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। 300 नई बसों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, सरकार का लक्ष्य इस वर्ष के अंत तक राजधानी में बसों की कुल संख्या 7,500 तक पहुंचाने का है। इसके साथ ही वर्ष 2029 तक दिल्ली की सड़कों पर 14,000 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है। इसके लिए नई बसों को चरणबद्ध तरीके से विभिन्न डिपो में शामिल किया जाएगा। सरकार का दावा है कि योजना पूरी होने पर राजधानी में बस सेवा की पहुंच, उपलब्धता और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here