NATIONAL : BJP का दावा- राहुल की विदेश यात्राओं पर 60 करोड़ खर्च, कांग्रेस बोली- आर्थिक नाकामी से ध्यान भटका रहे

0
67

भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर तीखा हमला बोला। भाजपा का कहना है कि राहुल गांधी ने पिछले 22 वर्षों के दौरान 54 विदेश यात्राएं की और इन पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च हुए। पार्टी ने कहा कि उनकी घोषित आय और विदेश यात्राओं पर स्पष्ट विसंगति नजर आती है। साथ ही, यात्राओं के फंडिंग के स्रोतों की जानकारी भी मांगी।

भाजपा सांसद डॉ. संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में कहा कि 2013-14 से 2022-23 तक राहुल गांधी की कुल घोषित आय 11 करोड़ रुपये रही, जबकि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद से उनके विदेश दौरों पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं.

पात्रा ने बृहस्पतिवार को सवाल उठाया कि इतने बड़े खर्च की फंडिंग किसने की? क्या विदेशी संस्थाओं ने फंडिंग की? अगर हां, तो एफसीआरए की मंजूरी कहां है? उन्होंने आगे कहा अगर खर्च निजी फंड से हुआ, तो टैक्स और विदेशी मुद्रा संबंधी खुलासे कहां हैं? या फिर किसी तीसरे पक्ष ने खर्च उठाया? पात्रा ने कहा, यात्रा का विवरण तो सार्वजनिक है लेकिन पैसे का लेन-देन पूरी तरह गायब है। उन्होंने राहुल गांधी के पद को देखते हुए इन दौरों की पारदर्शिता और राष्ट्रीय सुरक्षा के पहलू पर भी चिंता जताई।

कांग्रेस ने कहा-भाजपा आर्थिक नाकामी से ध्यान भटकाने के लिए राहुल के विदेश दौरों को उठा रही
भाजपा पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने कहा कि सत्तारूढ़ दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक नाकामी से जुड़े विषयों से ध्यान भटकाने के लिए राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर निशाना साध रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने दावा किया कि भाजपा नेता संबित पात्रा ने मंत्री पद पर अपना दावा पेश करने के लिए राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का मामला उठाया है। लेकिन उन्हें मंत्री बनने के लिए बेहतर विषय की तलाश करनी चाहिए। रमेश ने कहा, यह सब भाजपा के संबित पात्रा की ध्यान भटकाने की कोशिश है।

असली मुद्दा अर्थव्यवस्था ध्वस्त होने का है। असली मुद्दे विदेश नीति में असफलताएं हैं। रमेश ने दावा किया कि मोदी समझौता करने वाले प्रधानमंत्री हैं और वह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूरी तरह से बेनकाब हो चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here