NATIONAL : CEC विवाद के बीच राहुल गांधी का सामने आया नया बयान, बोले- जब लहरें तेज हों, मुझे तब समुद्र में तैरना पसंद

0
14

CEC Row: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी पोस्ट में कहा कि उन्हें समुद्र की उफनती लहरों में तैरना पसंद है, क्योंकि यह आपको सिखाता है कि उथल-पुथल भी एक अलग तरह की शांति ही है।

‘उथल-पुथल भी शांति का ही एक रूप’
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बिना कोई संदर्भ या विवरण दिए हुए लिखा, “मुझे समुद्र में तब तैरना पसंद है, जब लहरें तेज हों। इससे यह सीख मिलती है कि उथल-पुथल भी शांति का ही एक रूप है।”

क्या है पूरा मामला?
राहुल गांधी का पोस्ट ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में 23 सितंबर को छपी उस खबर को लेकर मचे सियासी हंगामे के बीच आया है, जिसमें कहा गया है कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों पर बार-बार सवाल उठाए थे।

एसआईआर के देशव्यापी कार्यान्वयन का काम तीन-सदस्यीय निर्वाचन आयोग की निगरानी में हो रहा है। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर में कहा गया है कि संधू और जोशी ने पिछले 10 महीने में एसआईआर को लेकर 14 बार उन फैसलों और आदेशों पर औपचारिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई थी, जिनके बारे में उनका कहना है कि ये उनकी जानकारी या सिफारिश के बिना लिये या जारी किए गए थे।

इससे पहले, राहुल गांधी ने एक खबर का हवाला देते हुए दावा किया था कि केरल के पूर्व मुख्य सचिव जीजी थॉमसन का कहना है कि ज्ञानेश कुमार ने उनसे संपर्क कर उन्हें भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए कहा था और मंत्री पद दिलाने की पेशकश भी की थी। सनद रहे कि राहुल गांधी ने पिछले साल ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया था और चुनावों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा है कि मीडिया रिपोर्ट ने इन आरोपों की पुष्टि कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here