देश के सामाजिक-राजनीतिक विमर्श में अब खुलकर अपनी बात रख रहे युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए सभी दल दांव चल रहे हैं तो भाजपा ने भी जेन-जी कनेक्ट के राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा पर काम शुरू कर दिया है।
इस विशेष अभियान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विशेष टीम बनाई गई है, जिसकी कमान खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संभालेंगे।
स्मृति ईरानी-विनोद तावड़े को मिली टीम में जगह
समिति में मुखर वक्ता के रूप में राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और अनुभवी संगठनकर्ता के तौर पर राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को भी रखा गया है।
यह टीम कार्य योजना बनाएगी कि किस तरह के कार्यक्रमों से पार्टी का जुड़ाव 14 वर्ष के किशोरों से लेकर 25 वर्ष तक के युवाओं से विशेष तौर पर बढ़ाया जाए।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि शनिवार को राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक के दौरान ही राष्ट्रीय नेतृत्व ने इस टीम के गठन को अंतिम रूप देने का निर्णय किया।
चूंकि, पार्टी ने युवा नेता नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर युवाओं को भी संदेश देने का प्रयास किया है, इसलिए उन्होंने स्वयं इस टीमका निर्णय किया।
वहीं, स्मृति ईरानी राजनेता बनने से पहले अभिनेत्री थीं और उनकी लोकप्रियता हर वर्ग में रही है। साथ ही उनकी संवाद शैली भी प्रभावी है, इसलिए उन्हें जोड़ा है।

तावड़े के पास अनुभव है कि किसी भी कार्यक्रम या गतिविधि को संगठन के माध्यम से धरातल पर कैसे उतारा जाए। वहीं, टीम के दो अन्य प्रमुख सदस्य हैं गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी।इनमें हर्ष सांघवी न सिर्फ उम्र से युवा हैं, बल्कि भाजपा युवा मोर्चा में रहे हैं। खेल व युवाओं से जुड़ी गतिविधियों में हमेशा रुचि लेकर सक्रिय रहे हैं। युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता के कारण उन्हें इस राष्ट्रीय अभियान में शामिल किया है।वहीं, ओपी चौधरी भी युवा नेता हैं। वह भारतीय प्रशासनिक सेवा से एच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर राजनीति में आए हैं। संवाद की कुशलता उनमें है और पार्टी मानती है कि युवाओं के मुद्दों को वह बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।
बताया गया है कि यह टीम ऐसे कार्यक्रम बनाएगी, जिनसे 14 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से संवाद बढ़ाया जा सके। युवा अपनी बात पार्टी को बता सकें और भाजपा की ओर से युवाओं की शंकाओं का भी समाधान किया जा सके।
मोदी के जन्मदिन से चलेगा एक माह का सेवा संकल्प अभियान
भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से हर वर्ष सेवा पखवाड़ा चलाती है। राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि इस वर्ष वह सभी गतिविधियां रहेंगी, इसके साथ ही एक माह का सेवा संकल्प अभियान भी चलाया जाएगा, क्योंकि शासन के मुखिया के तौर पर नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष इस साल सात अक्टूबर को पूरे हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सात अक्टूबर 2001 को शपथ ली थी। इस मासिक अभियान के तहत देशभर में 14 लाख से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर संवाद किया जाएगा।
युवाओं से आव्हान किया जाएगा कि वह सेवा में मेरा योगदान अभियान के तहत कोई सेवा कार्य करते हुए रील बनाएं। प्रदेश स्तर से उसे प्रसारित कराया जाएगा। सेवा सेतु अभियान के तहत ब्लाक स्तर पर शिविर लगवाए जाएंगे।
पीएम मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं के छूटे लाभार्थियों का लाभ संबंधित विभागों से दिलाया जाएगा। वहीं, युवाओं के लिए ही राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज अभियान होगा, जिसमें युवाओं को राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय स्तर की समस्याओं के रचनात्मक समाधान मांगे जाएंगे।
तावड़े ने बताया कि इस संबंध में सभी प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और अभियान के बनाई टीमों को प्रशिक्षण दिया गया है।


