दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर कुंडीय यज्ञ में शामिल हुईं. इस बीच सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने तीखा हमला बोला है.
राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित 108वें कुंडीय यज्ञ में शामिल हुईं. इस आयोजन को लेकर अब सियासत शुरू हो गई है. इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने सीएम द्वारा इस कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर तीखा हमला बोला है.
सीजेपी नेता सौरव दास ने ‘एक्स’ पोस्ट में निशाना साधते हुए लिखा, “हम लोगों ने इन्हें ये ड्रामा करने के लिए चुना है? क्या हमने इन मुख्यमंत्री को पीएम मोदी के जन्मदिन पर किसी अहंकारी की तरह हवन करने के लिए चुना है?” उन्होंने पूछा, “किस दूसरे देश में ऐसे दृश्य देखने को मिलते हैं?”
सत्य निकेतन हादसे पर सीएम को घेरा
सत्य निकेतन हादसे को लेकर सीएम रेखा गुप्ता को घेरते हुए सौरव दास ने कहा, “सत्य निकेतन की घटना अभी भी लोगों के मन में ताजा है. क्या सीएम रेखा ने उन छात्रों के परिवारों के लिए शांति हवन किया है? हमारे सपनों के विकसित भारत के निर्माण के मामले में ये लोग पूरी तरह विफल हैं.”
बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर त्यागराज स्टेडियम में विशाल रक्तदान शिविर व खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ के आयोजन में भाग लिया. साथ ही श्रमिकों के लिए ‘नमो श्रमिक सेवा केंद्र’ की शुरुआत भी की.

सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी को दी बधाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उनके नेतृत्व में राजधानी नई गति, नए सामर्थ्य और नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी, मां भारती की सेवा के प्रति आपका समर्पण और राष्ट्र को निरंतर आगे ले जाने का आपका संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणा है.”
सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री के लिए बाबा काशी विश्वनाथ के आशीर्वाद की कामना करते हुए समस्त दिल्लीवासियों की ओर से उन्हें जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर भाजपा और दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री मोदी के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर 25 साल पूरे करने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी.


