NATIONAL : SIR पर INDIA ब्लॉक की बैठक आज, AAP-DMK ने बनाई दूरी, अखिलेश भी नहीं होंगे शामिल

0
20

30 सितंबर यानी आज इंडिया ब्लॉक की अहम बैठक होने वाली है, जो एक अलग वजह से चर्चा में है. जब साल 2023 में बिहार की राजधानी पटना में इसकी पहली बैठक हुई थी, तब कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) यानी JDU समेत देश की कई विपक्षी पार्टियां शामिल हुईं थीं, लेकिन इस बार की बैठक में इसमें से कई पार्टियां ऐसी हैं, जो शामिल नहीं होंगी. आम आदमी पार्टी भी उन्हीं में से एक है. सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी खुद को इंडिया ब्लॉक से अलग कर चुकी है, क्योंकि कांग्रेस उसे बीजेपी की B-टीम बता चुकी है, इसलिए AAP को न्योता ही नहीं दिया गया.

वहीं, डीएमके और बीजेपी की दूरी देखते हुए कांग्रेस उसपर मेहरबान हुई और उसको वोट चोरी के मसले पर इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने का न्योता दिया, लेकिन डीएमके ने ये कहकर आने से मना कर दिया कि जब कांग्रेस ने तमिलनाडु में डीएमके को छोड़ विजय के साथ जाने का फैसला किया, तभी डीएमके ने इंडिया ब्लॉक से नाता तोड़ लिया. साथ ही संसद के दोनों सदनों में भी इंडिया ब्लॉक अलग बैठने की मांग रख दी.

DMK प्रवक्ता ने क्या कहा?
डीएमके के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि कांग्रेस से मतभेदों के कारण कई पार्टियां बैठक में शामिल होने से हिचकिचा रही थीं. हालांकि उन्होंने कहा कि पार्टी वैचारिक रूप से एकजुट है और भारतीय जनता पार्टी का विरोध करने के उद्देश्य को साझा करती है.

अखिलेश क्यों नहीं होंगे बैठक में शामिल?
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि पार्टी ने लखनऊ में राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन बुलाया है. इसके अलावा वह राज्यसभा चुनाव नामांकन मे भी मौजूद रहेंगे.उनके बदले पार्टी की ओर से बैठक में सांसद हरेंद्र मलिक और रामपुर से सपा सांसद मौलाना मुहिबिल्लाह नदवी शामिल होंगे. सपा के ये दोनों सांसद बैठक में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे.

हालांकि सूत्रों का कहना है कि इसका कारण आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों का बंटवारा हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में सीटों के बंटवारे को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए समाजवादी पार्टी पर दबाव डाल रही है.

कांग्रेस ने यह भी कहा है कि वह एक सम्मानजनक समझौता चाहती है और बातचीत विफल होने पर अकेले चुनाव लड़ने का संकेत भी दिया है. वहीं, दूसरी ओर सपा ने संकेत दिया कि वह कठोर सौदेबाजी करने का इरादा रखता है और किसी भी प्रकार की दबाव की रणनीति के आगे नहीं झुकेगा.

बैठक में कौन शामिल होगा?
इंडिया (I.N.D.I.A.) ब्लॉक की यह बैठक SIR और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई है. इस बैठक में कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी के भी इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद है.

आरजेडी की ओर से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी भी बैठक में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here