Tuesday, March 31, 2026
Home Blog Page 104

PUNJAB : गंडासे से पत्नी की हत्या, फिर वीडियो बनाकर किया वायरल, तीन बच्चों से उठा मां का साया

0

लहरागागा के गांव खंडेबाद में एक युवक ने अपनी पत्नी की गंडासे से बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी कुलदीप सिंह ने वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. आरोपी खुद थाने पहुंचा और जुर्म कबूल किया. मृतका तीन बच्चों की मां थी.

पंजाब के लहरागागा क्षेत्र के गांव खंडेबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवक ने अपनी पत्नी की गंडासे से बेरहमी से हत्या कर दी. इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह के रूप में हुई है, जो गांव के पूर्व सरपंच का बेटा बताया जा रहा है. आरोपी ने अपनी पत्नी हरकीरत कौर पर गंडासे से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए.

मामले को और भी सनसनीखेज बनाते हुए आरोपी ने हत्या के दौरान और बाद में वीडियो भी रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई. हालांकि इससे पहले ही आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया.डीएसपी लहरागागा रणवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है.

मृतका हरकीरत कौर तीन नाबालिग बच्चों की मां थी. परिवार में दो बेटियां जिनकी उम्र 8 और 10 साल है और एक 6 साल का बेटा शामिल है. इस घटना के बाद तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है.आरोपी के परिवार का कहना है कि उनकी बहू के किसी व्यक्ति के साथ अवैध संबंध थे और इसी बात को लेकर तनाव बना हुआ था. परिवार ने मांग की है कि जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी भी जांच हो. पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : ‘उन्हें निक संग मेरी शादी टूटने का इंतजार…’, बोलीं प्रियंका चोपड़ा, हेटर्स को दिया जवाब

प्रियंका चोपड़ा ने अपनी और निक जोनस की शादी पर बात की है. उनका कहना है कि कई लोगों को इस रिश्ते पर भरोसा नहीं था. एक्ट्रेस के मुताबिक लोग उनकी शादी टूटने का इंतजार करते थे, जिससे उन्हें काफी दुख पहुंचा.

ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपनी इंडियन सिनेमा में कमबैक फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. उनके इंडियन फैन्स उन्हें फिर से बड़े पर्दे पर इंडियन अवतार में देखने के लिए उत्सुक हैं. हाल ही में प्रियंका ने एक इंटरव्यू में अपनी अपकमिंग फिल्म से लेकर पर्सनल लाइफ से जुड़ी कुछ बातें साझा की हैं.

प्रियंका चोपड़ा ने वैराइटी इंडिया से अपनी चर्चित शादी को लेकर बात की है. उन्होंने बताया कि कैसे हॉलीवुड के फेमस सिंगर-एक्टर निक जोनस संग शादी को लेकर कई लोगों को आपत्ति थी. एक्ट्रेस ने साथ ही साथ अपनी शादी टूटने की बातों पर भी रिएक्ट किया. प्रियंका ने कहा, ‘हमारी शादी को अब 8 साल हो गए हैं. अगर लोग अभी भी इंतजार कर रहे हैं कि ये रिश्ता कब टूटेगा या बर्बाद होगा, तो वो उनकी मर्जी.’

‘मैंने तो अब इसके बारे में सोचना ही छोड़ दिया है. पता नहीं हमने ऐसा क्या किया जो लोगों को हमारा रिश्ता इतना खटकता था. शायद इसलिए क्योंकि हम अलग-अलग देशों से हैं, अलग-अलग धर्म के हैं, और उम्र में भी फर्क है. ये सब सुनकर बहुत दुख होता था.’ प्रियंका बताती हैं कि उन्हें अब अपने रिश्ते को लेकर होने वाली चर्चाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता. वो और निक अब एक-दूसरे में खोए रहते हैं, बाहरी दुनिया से खुद को अलग कर चुके हैं.

प्रियंका ने आगे अपने पति निक जोनस के बारे में भी बात की और उनकी तारीफ में भी कुछ बातें कहीं. उन्होंने कहा, ‘हमारी शादी बहुत जल्दी हो गई थी, मिलने के सिर्फ छह महीने में. जब मैंने निक से शादी की, तो मुझे भी लग रहा था कि ये सच में हो रहा है या नहीं. उनका ये वाला हिस्सा… मतलब मुझे लगा कि ये सब नकली है, ये दिखावा है, ये पागलपन है. लेकिन निक में सच्चाई है, पूरी ईमानदारी है. ये बात मुझे हर रोज इंस्पायर करती है.’

‘मेरे प्रोफेशन में तो हर बार कुछ ना कुछ बनना पड़ता है, रोल बदलना पड़ता है, जो दिखाना हो वो दिखाना पड़ता है. लेकिन निक दिन भर जो भी बात करते हैं, जिससे भी बात करते हैं, वो हमेशा बिल्कुल सच्चे रहते हैं. वो बहुत छोटी उम्र से काम करने लगे थे. उनके मम्मी-पापा बहुत अच्छे, समझदार और सच्चे इंसान हैं, संत जैसे. तो मुझे पता चल गया कि ये गुण कहां से आए. ये उनकी ऐसी खूबी है जो सबको हैरान कर देती है, कोई बचाव नहीं कर पाता.’

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी साल 2018 में हुई थी. दोनों के बीच लगभग 10 साल का अंतर है, जिसपर कई लोगों ने सवाल खड़े किए थे. मगर कपल ने हमेशा उन सभी सवालों का अपनी दमदार केमिस्ट्री से मुंह तोड़ जवाब दिया. अब दोनों एक बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस के पेरेंट्स भी हैं, जिनका जन्म साल 2022 में हुआ था.

NATIONAL : ‘गर्लफ्रेंड, बॉयफ्रेंड और वो’… प्यार, जलन और हत्या की खौफनाक कहानी

0

मुंबई के शिवाजी नगर में 19 वर्षीय शिफा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना फुरकानिया इलाके में हुई. पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक 25 वर्षीय महिला और उसके 23 वर्षीय साथी को गिरफ्तार किया. शुरुआती जांच में मामला लव ट्रायंगल और निजी विवाद से जुड़ा पाया गया. डीसीपी समीर शेख ने प्रेम संबंध विवाद को वजह बताया. हत्या में इस्तेमाल हथियार और संभावित तीसरे व्यक्ति की भूमिका की जांच जारी है.

मुंबई के शिवाजी नगर इलाके में मंगलवार दोपहर एक 19 साल की लड़की शिफा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना फुरकानिया इलाके में हुई, जहां दिन के समय चली गोली से आसपास के लोग दहशत में आ गए. शिफा को नजदीक से गोली मारी गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई. खून से सनी सड़क और खुलेआम हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए.

घटना के बाद शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन की टीम ने तुरंत जांच शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की मदद ली. इसके बाद 12 घंटे के भीतर दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया. इनमें 25 साल की एक महिला, जिसे मुख्य आरोपी माना जा रहा है, और उसका 23 साल का पुरुष साथी शामिल है.

शुरुआती पूछताछ में पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे लव ट्रायंगल और निजी विवाद की वजह सामने आई है. अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता और आरोपियों के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था. जोनल डीसीपी समीर शेख ने पुष्टि की कि यह हत्या आपसी रिश्तों और प्रेम संबंध से जुड़े विवाद का नतीजा है. आरोप है कि महिला ने अपने पुरुष साथी के साथ मिलकर शूटिंग की साजिश रची.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की हत्या से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और क्या इसमें कोई तीसरा व्यक्ति भी शामिल था.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतका का संबंध पुरुष आरोपी से था, जो एक दूसरी महिला के साथ भी रिश्ते में था. तीनों के बीच पहले हुए झगड़े साजिश में बदले और शिफा की हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आगे पूछताछ के बाद ही और आधिकारिक जानकारी सामने आएगी.

NATIONAL : दामाद संग भागने वाली सास अब 10 महीने बाद जीजा के साथ भागी, दो लाख कैश भी ले गई

0

अलीगढ़ में चर्चित ‘सास-दामाद’ वाले केस ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है. बेटी की शादी से पहले होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार हुई सास करीब दस महीने तक बिहार में उसके साथ रही, लेकिन अब वह उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ भाग गई. राहुल का दावा है कि वह दो लाख रुपये कैश और जेवर साथ ले गई. शिकायत लेकर अलीगढ़ पहुंचे राहुल को पुलिस ने घटनास्थल बिहार का बताकर लौटा दिया.

अलीगढ़ की वह सास, जो पिछले साल अपने होने वाले दामाद के साथ भाग गई थी, एक बार फिर चर्चा में है. करीब दस महीने तक दामाद राहुल के साथ बिहार में पति-पत्नी की तरह रहने के बाद अब उसने उसे भी अलविदा कह दिया है. इस बार वह अपने जीजा के साथ भाग गई और जाते-जाते दो लाख रुपये नकद व जेवर भी साथ ले गई. परेशान राहुल शिकायत लेकर अलीगढ़ पहुंचा, लेकिन पुलिस ने यह कहकर लौटा दिया कि मामला बिहार का है. रिश्तों की यह उलझी कहानी अब एक नए मोड़ पर खड़ी है.

यह पूरा घटनाक्रम अप्रैल 2025 से शुरू होता है. 16 अप्रैल को महिला की बेटी की शादी तय थी. घर में रंगाई-पुताई, रिश्तेदारों की आवाजाही और शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. लेकिन शादी से महज 12 दिन पहले ऐसा हुआ जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. जिस युवक राहुल से बेटी की शादी होने वाली थी, उसी के साथ सास घर से चली गई. आरोप लगा कि वह घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हुई. परिवार ने तब दावा किया था कि करीब पांच लाख रुपये के जेवर और साढ़े तीन लाख रुपये कैश गायब थे. बेटी ने मीडिया के सामने कहा था, मां घर में दस रुपये भी नहीं छोड़कर गईं.

परिवार के मुताबिक, महिला ने राहुल को एक स्मार्टफोन दिलवाया था. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी. पहले शादी की तैयारियों के नाम पर बात होती थी, फिर घंटों-घंटों फोन कॉल चलने लगे. महिला के पति जितेंद्र ने तब आरोप लगाया था कि जब वह शादी की तैयारी के सिलसिले में घर आए तो पता चला कि पत्नी और राहुल के बीच 15-20 घंटे तक फोन पर बातचीत हो रही है. पहले उन्होंने इसे सामान्य माना, लेकिन बाद में शक गहराता गया.

जब मामला सुर्खियों में आया और पुलिस सक्रिय हुई, तब पता चला कि दोनों अलीगढ़ से कासगंज, फिर बरेली होते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंचे थे. कुछ दिन वहीं रुके. यहां तक कि नेपाल बॉर्डर जाने की भी योजना बनाई गई थी. राहुल ने बाद में बताया था कि जब उन्होंने मोबाइल चलाया तो देखा कि दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं. हर तरफ चर्चा थी. तब दोनों ने खुद लौटने का फैसला किया. मुजफ्फरपुर से बस पकड़कर वे उत्तर प्रदेश लौटे और अंततः थाना दादों पहुंचकर सरेंडर कर दिया.

थाने में पूछताछ के दौरान सास ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था. उसने कहा कि उसका पति शराब पीकर मारपीट करता था, अपमानित करता था और अक्सर घर से निकाल देने की धमकी देता था. सास का कहना था कि जब राहुल फोन करता था तो कभी बेटी बात करती थी, कभी वह खुद. इसी बात को लेकर घर में विवाद बढ़ता गया. पति ताने मारते थे अब तो राहुल के साथ ही भाग जाओ. उसने पुलिस के सामने कहा था कि जब हालात असहनीय हो गए तो उसने वही किया जो उसे उस समय ठीक लगा. राहुल ने भी बयान दिया था कि वह महिला को पहले से जानता था और उसके कहने पर ही साथ गया. वह रोती थी, कहती थी कि अब जीने का मन नहीं करता. मुझे लगा कि उसे अकेला छोड़ना ठीक नहीं होगा. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर महिला को राहुल के साथ जाने की अनुमति दे दी थी.

करीब दस महीने तक दोनों बिहार में साथ रहे. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वे पति-पत्नी की तरह रह रहे थे. लेकिन हाल ही में राहुल ने आरोप लगाया कि महिला उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ चली गई है. राहुल का कहना है कि जाते समय वह दो लाख रुपये नकद और कुछ जेवर भी साथ ले गई. राहुल ने कहा कि मैंने उसके लिए अपना घर छोड़ा, समाज की बातें सुनीं. अब वह मुझे ही छोड़कर चली गई.

राहुल अलीगढ़ पहुंचा और थाना दादों में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की. लेकिन पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देते हुए कहा कि कथित घटना बिहार में हुई है, इसलिए वहीं की पुलिस कार्रवाई करेगी. अब राहुल बिहार जाकर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में है.

NATIONAL : चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी… अकेले सफर कर रही महिला ने दिया बच्ची को जन्म, रेलवे स्टाफ ने की मदद

0

साउथ बिहार एक्सप्रेस के कोच में सफर के दौरान प्रसव पीड़ा होने पर महिला ने चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया. झाझा स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत तुरंत मेडिकल हेल्प और एंबुलेंस की व्यवस्था कर मां और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया.

चलती साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन में उस वक्त भावुक पल सामने आया, जब सफर के दौरान एक महिला को प्रसव पीड़ा उठी और कोच में ही बच्ची का जन्म हो गया. बिहार के झाझा स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने तुरंत ‘ऑपरेशन सेवा’ के तहत मोर्चा संभाला, डॉक्टर और एंबुलेंस की व्यवस्था कर मां और नवजात को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया.

बुधवार का दिन था. गाड़ी संख्या 13287 अप साउथ बिहार एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर दौड़ रही थी. कोच एस-1 में सफर कर रही खुशबू नाम की महिला यात्री रायपुर से पटना जा रही थीं. सफर लंबा था और वह अपने दो बच्चों के साथ अकेले यात्रा कर रही थीं. इसी दौरान ट्रेन में अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. पहले तो सहयात्रियों को लगा कि सामान्य तबीयत खराब हुई है, लेकिन कुछ ही मिनटों में स्थिति गंभीर हो गई.

कोच में मौजूद यात्रियों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया. तुरंत रेलवे स्टाफ को सूचना दी गई. ट्रेन झाझा स्टेशन के करीब पहुंच रही थी और सूचना जीआरपी स्कॉर्ट पार्टी तक पहुंच चुकी थी. ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर रुकी, रेलवे सुरक्षा बल झाझा के एसआईपीएफ अशोक कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत कोच में पहुंचे. बिना एक पल गंवाए कोच को अटेंड किया गया. तब तक महिला ने कोच में बच्ची को जन्म दे दिया.

सूचना मिलते ही रेलवे के डॉक्टर भी मौके पर पहुंच गए. कोच के अंदर ही मां और नवजात को प्राथमिक उपचार दिया गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद सलाह दी कि बेहतर देखभाल के लिए तुरंत अस्पताल ले जाना जरूरी है. रेलवे प्रशासन ने फुर्ती दिखाते हुए तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कराई. प्रसूता और नवजात को सुरक्षित झाझा रेफरल अस्पताल भेजा गया. सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीआरपी की एक महिला आरक्षी को भी उनके साथ भेजा गया.

झाझा रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मो. शादाब ने बताया कि जीआरपी से सूचना मिलते ही मेडिकल टीम तैयार कर ली गई थी. स्टेशन पहुंचते ही महिला को मेडिकल हेल्प दी गई. अस्पताल लाने के बाद मां और बच्ची दोनों की जांच की गई और दोनों को स्वस्थ पाया गया. डॉक्टर ने बताया कि महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेले सफर कर रही थी और साथ में कोई पुरुष सदस्य नहीं था. इस पूरे घटनाक्रम में आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतरीन तालमेल, त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता से महिला की मदद की गई.

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर पूजा के बाद घर लें आएं ये एक चीज, खूब बढ़ेगा पैसा!

0

महाशिवरात्रि पर छोटे, लेकिन बेहद असरदार उपायों से जीवन में न केवल धन-संपत्ति और आर्थिक स्थिरता आती है, बल्कि दांपत्य जीवन में प्रेम और सौहार्द बढ़ता है.महाशिवरात्रि एक पवित्र त्योहार है, जो हर साल फाल्गुन मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाता है. यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती की भक्ति और आराधना के लिए विशेष माना जाता है. इस साल महाशिवरात्रि 15 फरवरी 2026 को होगी.

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन शिव और पार्वती का दिव्य मिलन हुआ था. इसी दिन भगवान शिव ने पहली बार शिवलिंग रूप में प्रकट हुए थे. इसलिए इस दिन शिवलिंग का अभिषेक करना बहुत शुभ माना जाता है. विश्वास है कि इस दिन मन और श्रद्धा से की गई पूजा से जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं, ग्रहों के दोष शांत होते हैं. घर में सुख-समृद्धि आती है.

सबसे पहले शिवलिंग पर पानी डालें. माना जाता है कि केवल जल से ही भोलेनाथ प्रसन्न हो जाते हैं . इसके बाद थोड़ी मात्रा में दूध चढ़ाएं. इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होती है.दही चढ़ाने से मानसिक शांति मिलती है , रुके हुए कार्य पूरे होने लगते हैं. शहद से अभिषेक करने से वैवाहिक जीवन में मिठास आती है. स्वास्थ्य भी बेहतर होता है. जिनको संतान सुख की कामना हो, वे शिवलिंग पर घी चढ़ाएं. इससे नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है . तांत्रिक बाधाओं से मुक्ति मिलती है. अंत में माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा करें.

बेलपत्र – अभिषेक के बाद शिवलिंग पर चढ़ाए गए बेलपत्र को घर लाना बेहद शुभ माना जाता है. इसे तिजोरी, पर्स या पूजा स्थल में रखें. इससे घर में धन-संपत्ति बनी रहती है .

माता पार्वती को अर्पित सामग्री – इस दिन माता पार्वती को चढ़ाई गई चूड़ियां, सिंदूर, मेहंदी या अन्य सामग्री घर लाकर धारण करें. ऐसा करने से सौभाग्य सुधरता है, साथ ही दांपत्य जीवन में प्रेम और समझ बढ़ती है.

अभिषेक का जल – शिवलिंग पर डाला गया जल घर लाकर कलश या छोटे पात्र में रखें. इसे घर के चारों कोनों और बीमार व्यक्ति पर छिड़कें. इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है, स्वास्थ्य लाभ मिलता है. सोमवार को ये जल छिड़कने से ज्यादा फायदा होता है.

अभिषेक के बाद बचा हुआ चंदन या कुमकुम घर में रखें. इससे सकारात्मक वाइब्स बढ़ती हैं. शिवलिंग पर चढ़ाए गए धतूरा या फूल को घर के पूजा स्थल में रखें, यह नकारात्मक प्रभाव कम करता है.

PUNJAB : होटल ले जाकर काट दिया गर्लफ्रेंड का गला, फिर बहाना बनाकर हुआ फरार, खून से लथपथ मिली लाश

0

पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में एक होटल के कमरे से 18 साल की लड़की का खून से लथपथ शव मिला, जिसकी गर्दन तेज धार वाले हथियार से काटी गई थी. वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ होटल आई थी.पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर शहर में मलोट रोड स्थित ट्रक यूनियन के पास एक होटल में लड़की की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. लड़की का शव होटल के कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला. उसकी गर्दन तेज धार वाले हथियार से काटी गई थी.

लड़की का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला और उसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी. होटल स्टाफ के मुताबिक, लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ होटल में आई थी. युवक करीब आधे घंटे बाद खाना मंगवाने का बहाना बनाकर बाहर गया और फिर वापस नहीं लौटा.

होटल कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 5 बजे लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ होटल पहुंची थी. शाम 5:30 बजे युवक ने जोमैटो से खाना मंगवाने की बात कहकर होटल से बाहर जाने की अनुमति ली, लेकिन इसके बाद वह लौटकर नहीं आया. करीब शाम 7 बजे तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल स्टाफ को शक हुआ. जब उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया.

कमरा खोलते ही स्टाफ के होश उड़ गए. लड़की का शव फर्श पर पड़ा था और चारों ओर खून फैला हुआ था. उसकी गर्दन किसी तेज धारदार हथियार से काटी गई थी. उसकी आंखों पर पट्टी बंधी थी और शरीर पर कपड़े बहुत कम थे. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई.

सूचना मिलते ही सिटी थाना-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और होटल को सील कर दिया गया. पुलिस ने होटल का रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत कब्जे में ले लिए हैं. एसएचओ हरविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पुलिस के मुताबिक, मृतका का नाम आरती बताया जा रहा है और उसकी उम्र करीब 18 साल है. हालांकि पुलिस उसकी उम्र की पुष्टि कर रही है. एसएचओ ने कहा कि अगर लड़की नाबालिग पाई जाती है तो होटल प्रबंधन के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

ENTERTAINMENT : सोनम कपूर ने वीडियो शेयर कर दिखाई बेबी शॉवर की झलक, बताया ‘सीमन्तोन्नयन’ का महत्व

एक्ट्रेस सोनम कपूर जल्द ही दूसरी बार मां बनने वाली हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने बेबी शॉवर की वीडियो शेयर की. साथ ही उन्होंने सीमन्तोन्नयन जिसे गोद भराई भी कहते है, रस्म का महत्व बताया.

बॉलीवुड की फैशन आइकन सोनम कपूर जल्द ही अपने घर नन्हे मेहमान का वेलकम करने वाली हैं. एक्ट्रेस दूसरी बार मां बनने जा रही हैं और इस खास फेज को वो अपने पूरे परिवार के साथ खुशी-खुशी एंजॉय कर रही हैं. हाल ही में उनके लिए गोदभराई की रस्म रखी गई, जिसमें कपूर परिवार और उनके करीबी दोस्त शामिल हुए. इस खूबसूरत मौके की झलक अब सोनम ने खुद सोशल मीडिया पर शेयर की है.

सोनम कपूर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर गोदभराई की प्यारी सी वीडियो पोस्ट की है. वीडियो में परिवार के सभी सदस्य मुस्कुराते हुए सोनम को आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं. इस मौके पर उन्होंने सनातन धर्म की पुरानी परंपरा ‘सीमन्तोन्नयन’ को निभाया और वीडियो शेयर कर उसका उसका महत्व भी बताया है.

सोनम ने कैप्शन में लिखा, ‘सीमन्तोन्नयन’ हिंदू धर्म के सोलह पवित्र गर्भ संस्कारों में से तीसरा संस्कार है, जो मां और उसके गर्भ में पल रहे जीवन का सम्मान करता है. भारत के अलग-अलग हिस्सों में इसे गोदभराई, श्रीमंत, दोहले जेवन, शाद, सीमांतम, वलाइकाप्पु, सीमांत, पुलिक्कुडी और सदाबक्शन जैसे नामों से जाना जाता है. नाम भले अलग हों, लेकिन इसका मतलब मां और आने वाले बच्चे के लिए प्यार, सुरक्षा और आशीर्वाद देना ही होताहै.

सोनम ने आगे लिखा कि ये रस्म उनके लिए और खास इसलिए बन गई क्योंकि उनके सबसे अच्छे दोस्त और पूरा परिवार इस खुशी के मौके पर मौजूद था. उन्होंने अपनी मां, सास और बहन का धन्यवाद किया, जिन्होंने सब कुछ अच्छे से मैनेज किया और उन्हें बहुत प्यार और सम्मान का एहसास कराया. सोनम ने कहा कि ये दिन वह कभी नहीं भूलेंगी.

बता दें कि सोनम कपूर ने बिजनेसमैन आनंद आहूजा से 8 मई 2018 को शादी की थी. अगस्त 2022 में, वो एक बेटे की मां बनीं, जिसका नाम वायु कपूर आहूजा है. वहीं सोनम ने अपने पहले बच्चे के टाइम नॉर्मल डिलिवरी करवाई थी.

GUJARAT : शेरों के झुंड ने बछड़े का किया शिकार, आखिरी समय तक अपने बच्चे को प्यार करती रही गाय, भावुक कर देगा वीडियो

गुजरात के गिर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. गिर सोमनाथ जिले के सिंधाज गांव में शेरों के झुंड ने एक बछड़े का उसकी मां के सामने शिकार कर लिया. वीडियो में गाय अपने बच्चे को आखिरी बार प्यार करती दिख रही है. घटना 7 फरवरी रात की बताई जा रही है.

गुजरात के गिर इलाके से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में शेरों के झुंड ने एक बछड़े का उसकी मां के सामने शिकार किया. घटना इतनी मार्मिक है कि इसे देखकर लोग भावुक हो रहे हैं. यह वीडियो गिर सोमनाथ जिले के कोडिनार तहसील के सिंधाज गांव का बताया जा रहा है. गांव में अक्सर शेरों का आना-जाना लगा रहता है. कभी खेतों में तो कभी गांव के अंदर शेरों का घूमना यहां आम बात बन चुकी है.

दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं. पहला वीडियो गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे का है, जिसमें 7 फरवरी की रात सात से आठ शेर गांव में घूमते नजर आए. उसी रात का दूसरा वीडियो और भी ज्यादा दिल दहलाने वाला बताया जा रहा है. गांव वालों के अनुसार, 7 फरवरी की रात शेरों ने गांव के पास एक डेढ़ साल के बछड़े पर हमला कर दिया. शेरों के झुंड ने बछड़े को मां गाय के सामने जमीन पर गिरा दिया और फिर उसका शिकार करना शुरू कर दिया.

वीडियो में देखा जा सकता है कि शेर बछड़े को नोच रहे हैं, जबकि मां गाय लाचार होकर अपने बच्चे को आखिरी बार प्यार करती नजर आ रही है. वह शेरों से लड़ नहीं पाई, लेकिन अपने बच्चे को छोड़ने को भी तैयार नहीं थी.इस वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए फॉरेस्ट विभाग से संपर्क किया गया. जामवाल फॉरेस्ट दमानिया ने कहा कि अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो किस गांव का है, हालांकि सिंधाज गांव से शिकार की सूचना जरूर मिली है. गांव के युवाओं ने भी इसे 7 फरवरी की घटना बताया है.

UP : बदन पर पुलिस की वर्दी, कंधे पर थ्री स्टार, लेकिन पैरों में स्पोर्ट्स शूज… गोरखपुर में पकड़ा गया फर्जी इंस्पेक्टर

0

गोरखपुर के सिकरीगंज में पुलिस ने खुद को इंस्पेक्टर बताने वाले दिग्विजय नाथ को गिरफ्तार किया है. आरोपी वर्दी पहनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और वसूली करता था. थ्री-स्टार वर्दी के साथ स्पोर्ट्स शूज पहनने के कारण वह शक के घेरे में आया. पुलिस ने वर्दी और फर्जी आईकार्ड बरामद किया है.

यूपी के गोरखपुर में एक फर्जी इंस्पेक्टर गिरफ्तार हुआ है. आरोपी दिग्विजय खुद को पुलिस अधिकारी बताता था. वह लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठने का काम करता था. फोटो में देखा जा सकता है कि आरोपी थ्री स्टार लगी पुलिस की वर्दी में खड़ा है. पहली नजर में कोई भी धोखा खा सकता है. लेकिन उसने वर्दी में स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे. इसी से उसकी पोल खुल गई.

मंगलवार को पुलिस ने उस पर शिकंजा कसते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से पुलिस की वर्दी, कूटरचित पहचान पत्र, स्टार, बैज सहित कई सामान बरामद किए गए हैं. अधिकारी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिग्विजय नाथ पुत्र स्वर्गीय रामलाल के रूप में हुई है. दिग्विजय लखवापाकड़, थाना बेलघाट का रहने वाला है. पुलिस ने उसे चेकिंग के दौरान हिरासत में लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक पुलिस यूनिफार्म, नेम प्लेट व बैज, पीकैप, पुलिस विभाग का कूटरचित आईकार्ड, बैरट कैप, बेल्ट बक्कल, सफेद व पीली धातु के स्टार, विभिन्न प्रकार के पुलिस बैज, मोनोग्राम, सोल्डर, खाकी वर्दी, पेनड्राइव, मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन बरामद हुआ है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र का है. आरोपी वर्दी पहनकर खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का इंस्पेक्टर बताता था और लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता था. पकड़ा गया ये आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के साथ ही सड़क पर चेकिंग के बहाने वसूली भी करता था. फिलहाल, गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है.

- Advertisement -

News of the Day