Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 123

World : तमिलनाडु चुनाव के लिए BJP की लिस्ट जारी, कई बड़े चेहरों को टिकट, अन्नामलाई का नाम गायब

0

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई का नाम लिस्ट में नहीं है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के लिए अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें राज्य के अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं. भाजपा ने 5 महिलाओं को भी टिकट दिया है. प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल पूर्व राज्यपाल और भाजपा की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन मायलापुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगी.

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को सत्तूर से टिकट दिया गया है. भाजपा की राष्ट्रीय महिला मोर्चा की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन कोयंबटूर उत्तर से चुनाव लड़ेंगी. केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन अविनाशी के आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे. भाजपा तमिलनाडु में मुख्य रूप से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है.

काफी समय से यह कयास लगाए जा रहे थे कि तमिलनाडु BJP के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई को इस बार चुनाव मैदान में उतारा जाएगा, लेकिन जारी की गई लिस्ट में उनका नाम शामिल नहीं किया गया. बताया जा रहा था कि पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई कोयंबटूर (नॉर्थ) सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, जो फिलहाल BJP की मौजूदा विधायक वनथी श्रीनिवासन के पास है.

एनडीए के अन्य घटक दलों में क्षेत्रीय पार्टियां, पट्टाली मक्कल काची (पीएमके), तमिल मनीला कांग्रेस और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (एएमएमके) शामिल हैं. इस बार चुनाव में एनडीए बनाम डीएमके के बीच कड़ी टक्कर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से तमिलनाडु में पार्टी और एनडीए गठबंधन के प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार तेज करेंगे. वे शनिवार को प्रधानमंत्री चेन्नई में लगभग 100 पार्टी पदाधिकारियों, जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और प्रमुख हितधारकों के साथ बैठक भी करेंगे.

गौरतलब है कि 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा. 6 अप्रैल नामांकन का आखिरी तारीख है. 9 अप्रैल तक नामांकन वापस लिया जा सकता है. 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा की जाएगी.मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद तमिलनाडु में इस बार कुल 5,67,74,436 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 12,51,749 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे. राज्य में 85 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या 3,99,668 है. भारतीय निर्वाचन आयोग ने राज्य में चुनाव के लिए कुल 75,032 मतदान केंद्र बनाए हैं.

Sports : IPL 2026 में पहली हार के बाद ऋषभ पंत को डांट रहे थे संजीव गोयनका? LSG ने शेयर किया बताई सच्चाई

0

लखनऊ सुपर जायंट्स दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए IPL 2026 के अपने पहले मैच में हार गई. इसके बाद संजीव गोयनका के साथ उनकी बातचीत का एक क्लिप वायरल हुआ था.

ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की IPL 2026 में शुरुआत अच्छी नहीं रही. LSG अपने घर पर हुए पहले मैच में हार गई, जिसके बाद टीम के मालिक संजीव गोयनका और कप्तान पंत के बीच हुई बातचीत का एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा. ये बातचीत ग्राउंड पर हो रही थी, टीम के कोच भी वहीं थे. फैंस कयास लगाने लगे कि एक बार फिर टीम के मालिका गुस्सा कप्तान पर निकला. अब फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया पेज से इस बातचीत का एक वीडियो शेयर किया गया, जो दूसरे एंगल को दर्शाता है.

ऋषभ पंत और संजीव गोयनका और लखनऊ के कोच के बीच बातचीत का जो क्लिप पहले वायरल हुआ था उसे देखने से लग रहा था कि फ्रेंचाइजी के मालिक इस हार के बाद गुस्से में हैं. पंत कुछ सीरियस होकर समझा रहे थे. लेकिन अब LSG ने जो वीडियो शेयर किया, उससे साफ है कि बातचीत जरूर सीरियस हो रही हो लेकिन टीम के मालिक संजीव गोयनका गुस्से में नहीं थे, बल्कि उन्होंने सबसे पहले पंत को गले लगाया था. 2024 में संजीव गोयनका और केएल राहुल के बीच तीखी बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिक की काफी आलोचना हुई थी. पिछले साल ऋषभ पंत के साथ भी ऐसी ही बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था.

ऋषभ पंत पहले मैच बुरी किस्मत के चलते रन आउट हो गए थे, वह सिर्फ 7 रन बना पाए थे. पहले मैच में लखनऊ के बल्लेबाजों ने निराश किया था. अब टीम का दूसरा मैच रविवार, 5 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है. वो मैच भी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा.

Bihar News : बांका में फर्जी हाजिरी का खेल, जिले से बाहर रहकर दर्ज कराई उपस्थिति, 19 शिक्षकों के वेतन पर रोक

0

बांका में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी हाजिरी का खेल उजागर हुआ है. मामले में 19 शिक्षकों पर गाज गिर गई है. शिक्षा विभाग ने सभी का वेतन रोक दिया है. बांका में शिक्षा विभाग ने तकनीक का सहारा लेकर ड्यूटी से गायब रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) संजय कुमार यादव द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार जिले के सात अलग-अलग प्रखंडों के कुल 19 शिक्षकों ने बगैर विद्यालय में उपस्थित हुए ही ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज की है.

विभाग की समीक्षा में पाया गया कि इन शिक्षकों ने बांका जिले की भौगोलिक सीमा से बाहर रहकर पोर्टल पर हाजिरी बनाई, जिसे शिक्षा विभाग ने पूरी तरह से फर्जी तरीका और गंभीर अनियमितता माना है. ​विभागीय जांच में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि कुछ शिक्षक बार-बार इस तरह की गड़बड़ी कर रहे हैं. शंभूगंज प्रखंड अंतर्गत बालिका उच्च विद्यालय कादराचक की शिक्षिका कुमुद कुमारी का नाम तीन अलग-अलग आदेशों में शामिल है.

उन्हें 25, 28 और 30 मार्च 2026 को जिले की सीमा से बाहर पाया गया है. इसी तरह धोरैया प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुर्मा की शिक्षिका सरिता कुमारी भी 26 और 30 मार्च को सीमा से बाहर उपस्थित दर्ज करने के मामले में दो बार चिन्हित की गई हैं.
​डीपीओ स्थापना ने सभी चिन्हित शिक्षकों को पत्र प्राप्ति के 7 दिनों के अंदर साक्ष्य सहित जवाब देने का निर्देश दिया है. जिन शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है उनमें ​शंभूगंज प्रखंड के कादराचक बालिका उच्च विद्यालय से कुमुद कुमारी, एस. एस. एस. के. उच्च विद्यालय कुर्माडीह से संतोष कुमार, उच्च माध्यमिक विद्यालय छात्रहार से कृष्णा कुमार हांसदा के खिलाफ एक्शन हुआ है.

इनके अलावा अयोध्या कमला उच्च विद्यालय परारिया से सौरव कुमार, बुनियादी विद्यालय गढ़ी कुर्मा से गुलशन गुलाब, यूएमएस लाखा से मो. रजी अहमद और यूएमएस भिट्ठी से रजत आनंद के वेतन पर रोक लगाई गई है. ​धोरैया प्रखंड में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुर्मा से सरिता कुमारी, उत्क्रमित उच्च विद्यालय अमजोरा से मुकेश कुमार, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताहिरपुर से श्यामाकांत शर्मा, त्रिभुवन एकेडमी लाहोरिया-पैर से गौरव कुमार गौतम, प्राथमिक विद्यालय चकमथुरा देवराज इंद्र का नाम शामिल है.

चांदन प्रखंड

. कुमारी मणिमाला – उच्च माध्यमिक विद्यालय, कटसकरा
. मोहन कुमार यादव – एनपीएस आका
. ऋचाधर शुक्ला – S.S.B.S.M.G उच्च विद्यालय सुईया घुठिया
. नीरज कुमार – यूएमएस बेहरवारी (भैरोडीह)

​बांका प्रखंड

. मो. सद्दाम हुसैन – उत्क्रमित मध्य विद्यालय भोरा
. मो. इमरान – उत्क्रमित मध्य विद्यालय चक्काडीह

रजौन प्रखंड

. लाल बहादुर प्रजापति – एनपीएस चकपरासी
. रश्मि रानी – उत्क्रमित उच्च विद्यालय बाभनकोरामा

​बाराहाट प्रखंड

. रानी कुमारी – एनपीएस चिहर ऊपर टोला

बेलहर प्रखंड

. दिगंबर कुमार सिंह – प्राथमिक विद्यालय आमगढ़वा

स्थापना ​डीपीओ संजय कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि जब तक स्पष्टीकरण की समीक्षा पूरी नहीं होती, तब तक संबंधित तिथि का वेतन स्थगित रहेगा. यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो विभागीय नियमावली के तहत वेतन कटौती और अन्य दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. इस सख्त कार्रवाई से जिले के शिक्षकों में हड़कंप मच गया है.

Business : इंक्रीमेंट पर रोक, एम्पलॉई स्टॉक ऑप्शंस भी कैंसिल; HDFC बैंक ने 12 अधिकारियों के खिलाफ लिया तगड़ा एक्शन

बैंक ने कम से कम 12 सीनियर और मिड-लेवल एग्जीक्यूटिव पर कार्रवाई करते हुए इनके इंक्रीमेंट रोक दिए और एम्प्लॉई स्टॉक ऑप्शन (ESOPs) रद्द कर दिया. पूर्व चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के एकाएक इस्तीफे के बाद अब एक बार फिर से HDFC Bank सुर्खियों में है. दरअसल, बैंक ने अपने 12 अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है. इन पर Credit Suisse के एडिश्नल टियर-1 (AT1) बॉन्ड की गलत बिक्री के आरोप है.

इसके चलते बैंक ने कम से कम 12 सीनियर और मिड-लेवल एग्जीक्यूटिव पर कार्रवाई करते हुए इनके इंक्रीमेंट रोक दिए और एम्प्लॉई स्टॉक ऑप्शन (ESOPs) रद्द कर दिया. जिन लोगों पर कार्रवाई हो रही है, उनमें आशीष पार्थसारथी भी शामिल हैं, जो ब्रांच बैंकिंग, पेमेंट्स, ट्रेजरी, लायबिलिटी प्रोडक्ट्स और मार्केटिंग के ग्रुप हेड हैं. यह ताजा कार्रवाई AT1 बॉन्ड विवाद के सिलसिले में बैंक द्वारा की गई जवाबदेही संबंधी कार्रवाइयों की एक कड़ी है.

HDFC बैंक के कुछ अफसरों ने मिलकर दुबई और बहरीन में अपनी शाखाओं के जरिए NRIs (विदेश में रहने वाले भारतीयों) को Credit Suisse नाम के एक विदेशी बैंक के AT1 बॉन्ड्स बेचे थे. मामला साल 2023 का है. अधिकारियों ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि यह बॉन्ड्स सुरक्षित हैं और इसमें FD की तरह पैसा तय समय पर वापस मिल जाएगा. जबकि हकीकत कुछ और ही था.

असल में ये बॉन्ड्स काफी रिस्की होते हैं और अगर किसी वजह से बैंक डूबने लगे, तो बॉन्ड्स की वैन्यू भी जीरो हो जाएगी और उस पर उनका लगाया गया सारा पैसा भी डूब जाएगा. हुआ भी कुछ ऐसा. मार्च 2023 में स्विस अधिकारियों ने UBS द्वारा Credit Suisse के आपातकालीन अधिग्रहण के हिस्से के तौर पर Credit Suisse के AT1 बॉन्ड का मूल्य घटाकर शून्य कर दिया था. इससे बॉन्ड पर लगाए गए ग्राहकों के लाखों-करोड़ों रुपये डूब गए. ग्राहकों ने बैंक के अधिकारियों पर उन्हें धोखे में रखकर रिस्की इंवेस्टमेंट बेचने का आरोप लगाया.

बैंक के CEO शशिधरन जगदीशन ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि यह कोई फ्रॉड नहीं है, बल्कि नियमों को समझने में हुई तकनीकि गलती है. दरअसल, बैंक इस कार्रवाई के जरिए यह संदेश देना चाहता है कि अगर आप ग्राहकों को गलत जानकारी देकर निवेश बेचेंगे, तो बैंक आपको नहीं छोड़ेगा. इस कार्रवाई के मद्देनजर बैंक के दुबई वाले ब्रांच में नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगा दी है. 12 अधिकारियों की सैलरी हाइक रोक दी गई है और उनसे उनके स्टॉक ऑप्शंस भी वापस ले लिए गए हैं.

Rajasthan News : जयपुर में बदबूदार पानी पर फूटा जनता का गुस्सा, BJP विधायक को घेरा और हाथ में थमा दिया ग्लास

जयपुर के सिविल लाइंस में कई दिनों से नलों में गंदा बदबूदार पानी आ रहा है. लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नाराज महिलाओं ने समस्या को लेकर विधायक के सामने विरोध दर्ज कराया.

राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर के सबसे पॉश इलाके सिविल लाइंस क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया. पिछले कई दिनों से लोग सीवरेज का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं. लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है. इलाके की महिलाओं ने स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा को गंदा पानी सप्लाई होने के मुद्दे पर घेर लिया और जोरदार विरोध जताया. इतना ही नहीं बीजेपी विधायक को गंदा और बदबूदार पानी पीने के लिए दिया गया, जिसे उन्होंने पीने से मना कर दिया.

इसके बाद जमकर हंगामा कटा. परेशान महिलाओं द्वारा बीजेपी विधायक को बदबूदार पानी पीने के लिए दिए जाने और विधायक द्वारा इनकार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. यह घटना जयपुर के सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में स्थित सुशीलपुरा वार्ड 45 इलाके की है. सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र वो इलाका है जहां गवर्नर, मुख्यमंत्री, ज्यादातर मंत्री और तकरीबन सभी बड़े ब्यूरोक्रेटस रहते हैं. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कई दिनों से नलों में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नाराज महिलाओं ने इसी समस्या को लेकर विधायक के सामने विरोध दर्ज कराया. महिलाओं ने उन्हें वही गंदा पानी पीने के लिए दिया, ताकि वे खुद स्थिति की गंभीरता समझ सकें.

विधायक ने गिलास लिया, पानी सूंघा, लेकिन उसे मना कर दिया, जिसके बाद महिलाओं का गुस्सा और बढ़ गया. इस दौरान वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई और लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है. गंदे पानी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ रही है.

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं का विरोध और विधायक के साथ उनकी तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है. वीडियो सामने आने के बाद जलदाय विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके.

वायरल वीडियो पर जब विधायक से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान सीवर और पानी की पाइपलाइन आपस में मिलने से सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है. बहरहाल इस वायरल वीडियो ने जहां एक तरफ विधायक गोपाल शर्मा की कार्यप्रणाली की पोल खोल कर रख दी है, वहीं उनकी सरकार के कामकाज पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं.

World : ट्रंप की किसने कर दी ईसा मसीह से तुलना? खुद भी बोले- ‘कुछ लोग मुझे.’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईस्टर कार्यक्रम के दौरान अजीबों-गरीब बयान दिया है. इसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (2 अप्रैल 2026) को व्हाइट हाउस में आयोजित ईस्टर लंच कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा बयान दिया, जिस पर लोगों का ध्यान गया और कुछ जगहों पर हंसी भी सुनाई दी. इस कार्यक्रम में ट्रंप ने पाम संडे का जिक्र करते हुए कहा कि उस दिन यीशु मसीह का स्वागत लोगों ने राजा के रूप में किया था. इसके बाद ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘अब लोग मुझे भी किंग कहते हैं, क्या आप यकीन कर सकते हैं?’

इसी कार्यक्रम में व्हाइट हाउस की आध्यात्मिक सलाहकार पाउला व्हाइट-कैन ने भी ट्रंप को लेकर बयान दिया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया. उन्होंने ट्रंप के जीवन की तुलना यीशु मसीह के जीवन से करते हुए कहा कि जैसे यीशु ने बलिदान और कठिनाइयों का सामना किया, वैसे ही ट्रंप ने भी मुश्किल दौर देखा है. उन्होंने 2024 में ट्रंप पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें धोखा दिया गया, उन पर आरोप लगे और उनकी जान को खतरा हुआ. पाउला व्हाइट-कैन ने आगे कहा कि जैसे यीशु अंत में विजयी हुए, वैसे ही ट्रंप भी विजयी होंगे और भगवान उनके साथ है.

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर काफी आलोचना शुरू हो गई. कई लोगों ने इन टिप्पणियों को गलत और धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताया. कुछ धार्मिक नेताओं और राजनीतिक लोगों ने भी इसकी आलोचना की. रेवरेंड बेंजामिन केरेमर ने इसे ईश्वर के नाम का गलत इस्तेमाल बताया. डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता मैल्कम केन्याटा ने बाइबिल की पंक्तियां साझा करते हुए कहा कि किसी और को भगवान के समान नहीं माना जाना चाहिए. कई अन्य लोगों ने भी कहा कि इस तरह की तुलना ठीक नहीं है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं. कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि कार्यक्रम में मौजूद धार्मिक नेताओं ने इस पर प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी.

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिका में धार्मिक बातों को लेकर पहले भी बहस होती रही है. हाल ही में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के एक बयान पर भी विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने युद्ध को लेकर धार्मिक शब्दों का इस्तेमाल किया था. इसी बीच कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप लियो 14वें ने भी शांति की बात करते हुए कहा कि भगवान युद्ध का समर्थन नहीं करते और हिंसा के लिए की गई प्रार्थनाएं स्वीकार नहीं होतीं.

World : आर्टेमिस 2 की महिला एस्ट्रोनॉट क्रिस्टीना कोच ने खुद को बताया ‘स्पेस प्लंबर’, जानें स्पेस में कैसे काम करता है टॉयलेट

वैज्ञानिक बताते हैं कि अंतरिक्ष में ग्रेविटी न होने की वजह से कचरा नीचे नहीं गिरता है इसलिए स्पेस एजेंसी का वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम हवा के बहाव का इस्तेमाल करता है. अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए मजेदार जानकारी दी. वीडियो में आर्टेमिस 2 मिशन की एस्ट्रोनॉट क्रिस्टीना हैमक कोच ने एक दिलचस्प खुलासा किया है. उन्होंने खुद को ‘स्पेस प्लंबर’ कहकर पुकारा और बताया कि स्पेसक्राफ्ट के टॉयलेट में आई खराबी को उन्होंने ही ठीक किया.

नासा ने वीडियो में क्रिस्टीना को यह कहते हुए दिखाया कि ‘मैं ही स्पेस प्लंबर हूं और मुझे इस पर गर्व है.’ आर्टेमिस 2 मिशन में चार एस्ट्रोनॉट्स चांद की यात्रा पर गए हैं. इस दौरान स्पेसक्राफ्ट के टॉयलेट में थोड़ी समस्या आई. क्रिस्टीना ने बताया, “शुरू में हमें लगा कि मोटर में कुछ फंस गया है, लेकिन बाद में पता चला कि यह ‘प्राइमिंग’ की छोटी-सी दिक्कत थी. अब सब ठीक है और हम आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.”

लंबे समय से सवाल रहा है कि अंतरिक्ष में टॉयलेट कैसे काम करता है? वैज्ञानिक बताते हैं कि पृथ्वी पर गुरुत्वाकर्षण की वजह से कचरा नीचे गिर जाता है, लेकिन अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण न होने से यह संभव नहीं है. इसलिए स्पेस एजेंसी का यूनिवर्सल वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम (UWMS) हवा के बहाव का इस्तेमाल करता है. हवा का तेज प्रवाह पेशाब और मल को शरीर से दूर खींचकर सही जगह पर जमा कर देता है.

यूडब्ल्यूएमएस को आर्टेमिस के लिए और बेहतर बनाया गया है. इसमें ढक्कन उठाते ही हवा का बहाव अपने आप शुरू हो जाता है, जिससे बदबू नहीं फैलती. यह सिस्टम पहले तैयार टॉयलेट से 65 प्रतिशत छोटा और 40 प्रतिशत हल्का है. आर्टेमिस 2 जैसे छोटे मिशनों में कचरे को केमिकल से ट्रीट नहीं किया जाता, बल्कि उसे बाद में ठिकाने लगाने के लिए जमा कर लिया जाता है.

टॉयलेट का डिजाइन महिला एस्ट्रोनॉट्स के सुझावों को ध्यान में रखकर बनाया गया है. इसमें एक खास आकार का फनल और नली का इस्तेमाल पेशाब के लिए किया जाता है, जबकि मल त्याग के लिए सीट का इस्तेमाल होता है. दोनों को एक साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है. सीट छोटी और नुकीली लगती है, लेकिन कम गुरुत्वाकर्षण में यह शरीर से पूरी तरह सटकर बैठती है, जिससे सब कुछ सही जगह पर जाता है.

नासा स्पेस स्टेशन पर पानी के लगभग 90 प्रतिशत लिक्विड को रीसायकल करता है, जिसमें यूरिन और पसीना भी शामिल है. यूडब्ल्यूएमएस इस रीसाइक्लिंग सिस्टम के साथ बेहतर तरीके से जुड़ता है, जिससे ज्यादा पानी दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है.

Panjab News : ‘राघव चड्ढा बीजेपी के साथ.’ राज्यसभा सांसद के मुद्दे पर बोले पंजाब के सीएम भगवंत मान

0

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के मामले पर टिप्पणी की है. उन्होंने कहा है कि राघव चड्ढा, भारतीय जनता पार्टी के साथ कंप्रोमाइज्ड हैं. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है. पंजाब के सीएम ने आरोप लगाया है कि चड्ढा, बीजेपी के साथ कंप्रोमाइज्ड हैं.

मान ने शुक्रवार, 3 अप्रैल को कहा कि राघव चड्ढा बीजेपी के साथ compromised हैं. उन्होंने कहा कि अगर पार्टी कोई मुद्दे तय करती है कि इन मुद्दों पर राज्यसभा में बोलना है . मगर नेता कैंटीन में समोसों के दाम पर बोलता है तो लगता है कि नेता किसी और स्टेशन से बोल रहा है. ऐसी स्थिति में पार्टी नेता पर कार्रवाई करती है.

बता दें आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर चड्ढा को सदन में पार्टी के उपनेता पद से हटाने का आग्रह किया और उनके स्थान पर पंजाब के सांसद अशोक मित्तल का नाम प्रस्तावित किया. सूत्रों के अनुसार, पत्र में कहा गया है कि चड्ढा को सदन में बोलने के लिए ‘आप’ के निर्धारित कोटे से समय आवंटित नहीं किया जाना चाहिए. चड्ढा पंजाब से राज्यसभा सदस्य हैं.चड्ढा एक समय में ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल के करीबी विश्वासपात्र माने जाते थे.

इन सबके बीच आप के दिल्ली इकाई के मुखिया सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले?उन्होंने आगे लिखा, पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है. सदन में सीईसी के खिलाफ प्रस्ताव आया तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया. पार्टी ने सदन से वॉकआउट किया तो सरकार की हाजिरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं. पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव. सरकार के खिलाफ बोलने से घबराते हो. देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो.

इससे पहले, राघव चड्ढा ने आरोप लगाए कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा को कहा है कि राघव चड्ढा के बोलने पर रोक लगाई जाए. लेकिन वह आम आदमी के मुद्दों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं.

Bollywood : IMDb रेटिंग के मामले में ‘धुरंधर 2’ को टक्कर देती है 5 साल पुरानी क्राइम थ्रिलर फिल्म, इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर है उपलब्ध

थिएटर से OTT तक ‘धुरंधर’ की चर्चा हो रही है. ऐसे में ऐसी क्राइम थ्रिलर फिल्म के बारे में बता रहे हैं, जो IMDb रेटिंग के मामले में रणवीर सिंह की मूवी को भी टक्कर देती है. ओटीटी पर हर हफ्ते कुछ ना कुछ नया देखने के लिए मिलता है और यहां पर कंटेंट की भरमार रहती है. कई बार तो ये तय कर पाना मुश्किल हो जाता है कि पहले कौन सी फिल्म या सीरीज को देखें. वहीं, पिछले कुछ महीनों से थिएटर से लेकर ओटीटी तक पर आदित्य धर की एक्शन स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर’ और इसके सीक्वल की चर्चा हो रही है. इस बीच अगर आप इससे बोर हो चुके हैं तो आपको एक ऐसी क्राइम थ्रिलर फिल्म के बारे में बता रहे हैं, जो आईएमडीबी रेटिंग के मामले में रणवीर सिंह की फिल्म के दोनों पार्ट को टक्कर देती है.

दरअसल, हम जिस फिल्म के बारे में बात कर रहे हैं वो साउथ की क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसका सस्पेंस और क्लाइमैक्स ऐसा है कि किसी का भी दिमाग चकरा जाएगा. इस फिल्म में एक्टर सूर्या ने लीड रोल प्ले किया है. वह इसमें एक वकील की भूमिका में नजर आए थे, जो गरीबों के मसीहा बनते हैं और उनके लिए हक की लड़ाई लड़ते है. वह एक ऐसे आदिवासी समाज के लिए लड़ाई लड़ते हैं, जिसे सरकारी महकमा अपनी जागीर समझता है.

सूर्या की इस फिल्म का टाइटल ‘जय भीम’ है, जिसे कोविड-19 के दौरान रिलीज किया गया था और इसने ओटीटी पर आते ही तहलका मचा दिया था. फिल्म की कहानी सच्ची घटना से प्रेरित है, जिसकी कहानी काफी पसंद आएगी. ‘जय भीम’ एक तमिल फिल्म है और ये इंडस्ट्री के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी. इस फिल्म में तमिल सुपरस्टार सूर्या की एक्टिंग ने जान ही फूंक दी थी. इसमें उनके साथ जोमोल जोस, मणिकंदन, राजिशा विजयन, जिजॉय राजगोपाल जैसे कलाकार भी अहम रोल में हैं.

तमिल फिल्म ‘जय भीम’ में क्राइम, सस्पेंस, थ्रिल के साथ ही जबरदस्त कोर्ट रूम ड्रामा भी देखने के लिए मिलता है. फिल्म की कहानी इसके सस्पेंस-ट्विस्ट सोचने पर मजबूर कर देते हैं. इस फिल्म की स्टोरी दर्शकों को कुर्सी से शुरू से ही बांधे रखती है. इसके क्लाइमैक्स में जो सस्पेंस देखने के लिए मिलता है वो और भी कमाल का होता है. गौरतलब है कि तमिल सुपरस्टार सूर्या की फिल्म ‘जय भीम’ की जबरदस्त आईएमडीबी रेटिंग भी देखने के लिए मिलती है. यह इस मामले में ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ को भी टक्कर देती है. आदित्य धर की स्पाई एक्शन ड्रामा फिल्म के पहले पार्ट की आईएमडीबी रेटिंग 8.3 है जबकि इसके सीक्वल की रेटिंग 8.6 है. वहीं, सूर्या की फिल्म ‘जय भीम’ की भी IMDb रेटिंग 8.6 है. इस वीकेंड इसे अपनी वॉच लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

अगर बात की जाए कि फिल्म ‘जय भीम’ किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं तो इसे प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है. इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर यह हिंदी समेत पांच भाषाओं तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मल्यालम में देख सकते हैं.

आपको बता दें कि सूर्या की फिल्म ‘जय भीम’ को लेकर काफी विवाद रहा था. एक्टर को इसके लिए जान से मारने की धमकी तक मिल गई थी. ये विवाद फिल्म के एक सीन को लेकर खड़ा हुआ था, जिसमें प्रकाश राज का कैरेक्टर फिल्म के दूसरे किरदार को तमाचा मारता है. ये थप्पड़ शख्स को इसलिए मारा जाता है कि वो हिंदी में बोलता है. इसके बाद विवाद काफी गहरा गया था. लेकिन बाद में सूर्या ने इस पर सफाई भी दी थी कि उनका किसी भी व्यक्ति या समुदाय का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था. फिल्म में इरुलर समुदाय जनजाति पर यातनाओं को दिखाया गया है.

Business : साबुन से लेकर तेल तक हो जाएगा महंगा! रेट बढ़ाने की तैयारी में FMCG कंपनियां, जानें कब और कितनी बढ़ेंगी कीमतें?

FMCG कंपनियां वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही से एक बार फिर कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं क्योंकि मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच इनका इनपुट कॉस्ट बढ़ता जा रहा है. ईरान-अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव से आर्थिक दबाव भी बढ़ने लगा है और महंगाई अपना असर दिखाने लगा है. अगर स्थिति यही रही, तो कुछ ही दिनों में साबुन से लेकर सोडा और खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरी चीजें महंगी हो जाएंगी. इससे आम लोगों का गुजारा करना मुश्किल हो जाएगा. फास्ट-मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) कंपनियां वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही से एक बार फिर कीमतें बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं.

नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी और रुपये के कमजोर होने से इनपुट कॉस्ट बढ़ता जा रहा है. इससे अब कीमतें स्थिर रखना कंपनियों के लिए मुश्किल भरा साबिज हो रहा है. ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट का अनुमान है कि अगर कच्चे माल की मौजूदा महंगाई बनी रहती है, तो वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कीमतें कम से कम 3 से 4 परसेंट तक बढ़ जाएंगी.

हालांकि, वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में इसका असर मौजूदा स्टॉक के स्तरों के कारण सीमित रहने की उम्मीद है, लेकिन जैसे-जैसे ये स्टॉक खत्म हो रहे हैं, इंडस्ट्री बदलाव के लिए तैयारी कर रही है. नुवामा की रिपोर्ट में कहा गया है, “हमारी राय में कंपनियाँ आम तौर पर 30-45 दिनों का कच्चा माल और तैयार माल अपने पास रखती हैं इसलिए वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना है.”

आपको बता दें कि लगभग हर FMCG कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स (साबुन, बिस्किट, शैम्पू) की पैकेजिंग प्लास्टिक से करती है, जो तेल से बनता है. अब पैकेजिंग में ज्यादा खर्च आएगा, तो कंपनियां भी अपने उत्पाद महंगे दामों में बेचेंगी. इसके अलावा, क्रूड ऑयल महंगा होने से लॉजिस्टिक्स पर खर्च अधिक आ रहा है. कंटेनरों के किराए से लेकर जहाजों का इंश्योरेंस तक महंगा हो गया है. भारत सिर्फ क्रूड ही नहीं एडिबल ऑयल का भी एक बड़ा हिस्सा समुद्री मार्ग से दूसरे देशों से मंगाता है. सप्लाई चेन टूटेगी, तो खाना पकाने वाला तेल भी अपने आप महंगा हो जाएगा.

- Advertisement -

News of the Day