Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 128

Rajasthan News : अपनी ही सरकार में DM से परेशान राजस्थान के सांसद! अब उठा सकते हैं ये बड़ा कदम, IAS का हो चुका है ट्रांसफर

लोकसभा में भाजपा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने अंजलि राजोरिया पर गंभीर आरोप लगायें हैं. उनका कहना है कि भले ही तबादला हो गया है, लेकिन मुद्दे का समाधान नहीं हुआ है.

उदयपुर से भाजपा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और राजस्थान कैडर की आईएएस अधिकारी डॉ. अंजलि राजोरिया बीच का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा. अब यह विवाद लोकसभा तक पहुंच गया है. भाजपा नेत रावत अब प्रतापगढ़ की पूर्व जिला कलेक्टर अंजलि राजोरिया के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने का विचार कर रहे हैं. इसके लिए उन्होंने विशेषज्ञों के साथ भी चर्चा की. इसके अलावा राजोरिया के पति और तत्कालीन डूंगरपुर ​कलेक्टर अंकित कुमार सिंह के साथ भी भाजपा सांसद का विवाद है. अब लोकसभा में रावत ने अंजलि राजोरिया पर गंभीर आरोप लगायें हैं. उनका कहना है कि भले ही तबादला हो गया है, लेकिन मुद्दे का समाधान नहीं हुआ है. अभी हाल ही में राजस्थान सरकार ने IAS अधिकारियों के तबादलों की लिस्ट जारी की जिसमें इस IAS दंपति अंजलि राजोरिया और अंकित कुमार सिंह भी शामिल हैं.

उन्होंने कहा कि अंजलि ने प्रतापगढ़ कलेक्टर रहते हुए डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) के तहत स्वीकृत कार्यों को जानबूझकर रोककर रखा. रावत ने लोकसभा में कहा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र में चार DMF हैं और चार में से एक प्रतापगढ़ का जो DMF है उसके निर्णय में 54 तरह के काम एक बैठक में स्वीकृत किए गए. राजस्थान सरकार ने इन 54 कामों के लिए वित्तीय स्वीकृति भी दे दी. सरकार ने माना कि इन सभी को सभी धरातल पर उतारा जाए.

भाजपा सांसद ने आगे कहा, “मेरा आग्रह है कि DMF का जो अध्यक्ष है वह लोकसभा के सांसद को बनाया जाए. दूसरा, इस मामले की जांच की जाए. इसके साथ ही साथ जो 54 काम गवर्निंग काउंसिल ने स्वीकृत किए हैं, उन सभी धरातल पर उतारा जाए, जिससे स्कूलों की जर्जर बिल्डिंग ठीक हो सके, पेयजल बस्तियों तक पहुंचे और जो क्षेत्र अधिक प्रभावित हैं वहां के क्षेत्रवासियों को राहत मिले.”

दरअसल, दिसंबर 2025 में डूंगरपुर जिले की दिशा समिति की बैठक हुई थी. इस बैठक की सह-अध्यक्ष भाजपा सांसद रावत कर रहे थे. इस दौरान डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत ने मुद्दे से हटकर बोलना शुरू कर दिया. सांसद रावत का आरोप है कि कलेक्टर ने रोत को न ही रोका और न ही कोई हस्तक्षेप किया. इससे भाजपा सांसद रावत और रोत के बीच बहस हो गई. इसके बाद ही रावत ने मुख्यमंत्री और मुख्यसचिव से अंकित कुमार सिंह की शिकायत की थी.

बता दें कि विवाद बढ़ने के बाद बुधवार (1अप्रैल) को राजस्थान में जारी हुई आईएएस अफसरों की तबादला सूची कर दोनों आईएएस पति-पत्नी का तबादला कर दिया. अंजलि राजोरिया को गृह विभाग में संयुक्त सचिवी पद पर तैनात किया गया है. वहीं अंजलि के पति आईएएस अंकित कुमार को फलोदी कलेक्टर के पोस्ट पर तैनात किया गया है. वहीं, शुभम चौधरी को प्रतापगढ़ का नया कलेक्टर बनाया है.

Chhattisgarh News : घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, बुजुर्ग महिला की मौत, 9 लोग घायल

पेंडरवा गांव में घर में घुसकर बदमाशों ने धारदार हथियार से लोगों पर हमला कर दिया. जिसमें बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

छत्तीसगढ़ के रतनपुर क्षेत्र के पेंडरवा ग्राम पंचायत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर में घुसकर बदमाशों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें बुजुर्ग महिला मुराद बी की मौत हो गई. इस हमले में बच्चे समेत कुल 9 लोग घायल हुए हैं.

घायलों में रेहाना बेगम, शहनाज बेगम, शेख सूहान, परी परवीन, अलीशा परवीन, आहिस्ता परवीन, सना परवीन और शेख सब्बीर शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है.

Bihar News : पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण समिति के सदस्य बने हैं, क्या सोचा हैं? अनंत सिंह के जवाब ने चौंकाया

0

अनंत सिंह अपने बयान के चलते सुर्खियों में रहते हैं. इन दिनों वे अपने विधानसभा क्षेत्र में हैं. कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर तैयारी को देख रहे हैं. हाल ही में बिहार विधानसभा की 19 समितियों का गठन किया गया है. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की मंजूरी के बाद समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों की सूची जारी कर दी गई है. इसमें विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सहित 19 विधायक अलग-अलग विभाग के अध्यक्ष बने हैं. इसके अलावा अलग-अलग विभाग के कुल 41 विधायक सदस्य बने हैं. इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक शामिल हैं. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. अनंत सिंह को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बनाया गया है. इस पर उनकी प्रतिक्रिया आई है.

दरअसल अनंत सिंह से पूछा गया कि आप पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति के सदस्य बने हैं. इसके लिए क्या सोचे हैं? इस पर अनंत सिंह ने ऐसा जवाब दिया कि सामने वाला हर कोई चौंक गया. उन्होंने दो टूक में जवाब दिया, “ई सब हम जानबो नहीं करते हैं कौची बने हैं नहीं बने हैं… ई सब नहीं जानते हैं.” अनंत सिंह का ये जवाब ऐसा है कि इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हर कोई शेयर कर रहा है. हालांकि बता दें कि अनंत सिंह अपने इसी तरह के बयान के चलते सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर उन्होंने इस तरह का जवाब देकर सबको हैरान कर दिया है. सवाल भी उठाए जा रहे हैं कि क्या अनंत सिंह को इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है?

बता दें कि अनंत सिंह जेल से आने के बाद अपने क्षेत्र में एक्टिव हैं. आते ही अपने बेटे को आगामी विधानसभा के लिए लॉन्च करने का बयान दे चुके हैं. एक छोटे बेटे के साथ वे मीडिया से बातचीत करते भी दिखे थे. इसमें उन्होंने बताया कि बेटा उनका आईपीएस बनेगा.

दूसरी ओर कल (03 अप्रैल) अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में महादंगल का आयोजन होने जा रहा है. इस दंगल की तैयारी बड़े जोर-शोर से चल रही है. अनंत सिंह ने खुद दावा है कि बिहार में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिता लोगों को देखने के लिए मिलेगा. देश भर से हजारों लोग यहां पहुंच रहे हैं. बिहार केसरी विवेका पहलवान की प्रथम पुण्यतिथि पर ईरान, जॉर्जिया और देश के कई राज्य के चर्चित पहलवान पहुंचने वाले हैं.

Sports : 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में 2 बार क्यों हुआ था टॉस? जानिए; आज ही के दिन भारत बना था चैंपियन

0

आज ही के दिन (2 अप्रैल) 2011 में भारतीय क्रिकेट टीम ने 28 साल बाद अपना दूसरा वनडे वर्ल्ड कप जीता था. कप्तान एमएस धोनी (91*) और गौतम गंभीर (97) ने शानदार पारी खेली थी.

भारतीय क्रिकेट टीम ने 2 वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीते हैं. दूसरा खिताब आज ही के दिन (2 अप्रैल) 2011 में जीता था, जब वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया था. फाइनल में एमएस धोनी (91) और गौतम गंभीर (97) ने शानदार पारी खेली थी, जबकि 275 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वीरेंद्र सहवाग (0) और सचिन तेंदुलकर (18) के रूप में 2 विकेट 31 रन पर गिर गए थे. विराट कोहली ने इस मैच में 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली थी. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि फाइनल के लिए टॉस 2 बार हुआ था. जानिए इतना बड़ा ब्लंडर क्यों हुआ था.

आप हैरान हो रहे होंगे कि आखिर वर्ल्ड कप फाइनल में फैंस की वजह से टॉस क्यों 2 बार हुआ था? टॉस के लिए भारत के कप्तान एमएस धोनी और श्रीलंका के कप्तान कुमार संगाकारा ग्राउंड पर आए. फाइनल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग आए थे, मैदान पूरा खचाखच भरा था. शोर बहुत ज्यादा था, सभी टीम इंडिया को चीयर करने के लिए चिल्ला रहे थे.

रवि शास्त्री ने टॉस के लिए दोनों कप्तानों को बुलाया, धोनी ने सिक्का उछाला और कुमार संगाकारा ने हेड कॉल किया. हालांकि शोर के कारण मैच रेफरी इसे सुन नहीं पाए. दोनों कप्तानों की रजामंदी से तय हुआ कि टॉस एक बार फिर होगा. संगाकारा ने दूसरी बार भी हेड कॉल किया. टॉस जीतकर संगाकारा ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया.कुमार संगाकार (48) और महेला मयवर्धने (103) ने श्रीलंका के लिए अच्छी पारी खेली थी, टीम ने भारत को जीत के लिए 275 रनों का लक्ष्य दिया था. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब हुई थी, सहवाग (0) और सचिन (18) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे. तीसरे विकेट के लिए विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच 83 रनों की साझेदारी हुई, जिसने भारत के लिए गेम बनाया.

कोहली ने 49 गेंदों में 35 रन बनाए, गौतम गंभीर ने 97 रनों की यादगार पारी खेली. इसके बाद एमएस धोनी ने 91 रन बनाए, जिसके लिए फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. युवराज सिंह को 2011 वर्ल्ड कप का सर्वश्रेष्ठ प्लेयर चुना गया.

Business : ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचा जीएसटी कलेक्शन, पहली बार ₹2 लाख करोड़ के पार, जानें इसके मायने

वैश्विक स्तर पर चल रही अनिश्चितता के बीच भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. मार्च 2026 में देश के गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) कलेक्शन ने रिकार्ड तोड़ दिया है. जानिए इसके क्या मायने हैं. वैश्विक स्तर पर चल रही अनिश्चितता के बीच भारत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. मार्च 2026 में सकल माल एवं सेवा कर (GST) कलेक्शन में 9 फीसदी की शानदार वृद्धि दर्ज की गई है. इस उछाल के साथ ही मासिक राजस्व 2 लाख करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण स्तर को पार कर गया है. वित्त वर्ष 2025-26 में यह तीसरा मौका है, जब कलेक्शन इस स्तर पर पहुंचा है.

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में कुल जीएसटी कलेक्शन ₹2,00,344 करोड़ रहा. इस वृद्धि में सबसे बड़ी भूमिका आयात की रही, जिससे प्राप्त राजस्व 17.8 प्रतिशत बढ़कर 53,861 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, घरेलू मोर्चे पर भी 5.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला.
दिलचस्प बात यह है कि सरकार द्वारा सितंबर 2025 में जीएसटी दरों में बड़े बदलाव किए गए थे. लगभग 375 वस्तुओं पर टैक्स कम कर दिया गया और कर स्लैब को सरल बनाकर मुख्य रूप से 5% और 18% की श्रेणियों में सीमित कर दिया गया. शुरुआत में नवंबर में राजस्व गिरकर 1.70 लाख करोड़ रुपये रह गया था, लेकिन उसके बाद से इसमें लगातार रिकवरी देखी गई है.

वित्त वर्ष 2025-26 भारत के लिए ऐतिहासिक रहा है. पूरे साल का कुल जीएसटी राजस्व 8.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 22.27 लाख करोड़ रुपये के पार निकल गया. अप्रैल 2025 में अब तक का सर्वाधिक ₹2.36 लाख करोड़ का कलेक्शन हुआ था. राज्यों की बात करें तो जीएसटी कलेक्शन में महाराष्ट्र का योगदान सबसे ज्यादा रहा, जहां से करीब 0.13 लाख करोड़ रुपये जमा हुए. इसके अलावा कर्नाटक और गुजरात से भी सरकार को अच्छा कलेक्शन मिला. जिससे कुल जीएसटी आंकड़ों को मजबूती मिली है. मार्च 2026 के दौरान आंध्र प्रदेश में नेट जीएसटी कलेक्शन में 10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

आसान भाषा में बताएं तो रिकॉर्ड जीएसटी कलेक्शन के कई मायने हैं. कर दरों में कटौती और स्लैब को सरल (5% और 18%) करने के बावजूद जीएसटी कलेक्शन का ₹2 लाख करोड़ के पार जाना भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और बेहतर कर अनुपालन को दर्शाता है. आयात में 17.8% की भारी वृद्धि यह बताती है कि देश की औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियां तेज हैं, जबकि घरेलू बिक्री में स्थिरता उपभोक्ताओं के भरोसे का प्रतीक है.
कुल मिलाकर यह वृद्धि सरकार के राजकोष को मजबूती प्रदान करती है, जिससे विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं होगी और यह सिद्ध होता है कि कम टैक्स दरों के बावजूद व्यापार बढ़ने से सरकारी खजाना ज्यादा तेजी से भर सकता है.

डेलॉयट इंडिया के एम. एस. मणि के अनुसार, ये आंकड़े मजबूत उपभोक्ता मांग को दर्शाते हैं. हालांकि, ईवाई इंडिया के सौरभ अग्रवाल ने आगाह किया है कि वैश्विक चुनौतियों और महंगाई के कारण भविष्य में मांग पर असर पड़ सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि राज्यों में महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे बड़े राज्य वृद्धि की अगुवाई कर रहे हैं, जिससे देश की राजकोषीय स्थिति और मजबूत होगी.

Delhi News : CM रेखा ने कोरोना योद्धाओं को दी श्रद्धांजलि, परिवारों को मिली ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोरोना में जान गंवाने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स के छह परिवारों को ₹1 करोड़ आर्थिक सहायता दी और उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोरोना काल में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले फ्रंटलाइन वर्कर्स के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री ने छह परिवारों को वर्षों से लंबित एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और आश्वस्त किया कि सरकार सम्मान, संवेदना और संकल्प के साथ हर परिस्थिति में उनके साथ दृढ़ता से खड़ी है.

इस अवसर पर दिल्ली पुलिस ट्रैफिक यूनिट के एएसआई राधे श्याम के परिजनों को भी ₹1 करोड़ की सहायता राशि दी गई, जिन्होंने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहायता उस अपूरणीय क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन यह सरकार के उस अटूट संकल्प का प्रतीक है कि इन कर्मयोगियों का बलिदान सदैव स्मरण में रहेगा और दिल्ली उनके प्रति हमेशा खड़ी रहेगी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने इन परिवारों को अतीत में हुई मुश्किलों, खासकर पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई देरी का भी संज्ञान लिया. कई लोगों को प्रक्रियागत देरी और मुआवज़े के देर से मिलने के कारण लंबे समय तक इंतज़ार करना पड़ा था. उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाया कि अब ऐसे मामलों को सबसे ज़्यादा प्राथमिकता दी जा रही है, और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं कि किसी भी पात्र परिवार को सहायता मिलने में अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े. उनके शब्दों से वहां मौजूद लोगों को साफ तौर पर राहत और तसल्ली मिली.

ये छह लाभार्थी MCD, DTC, दिल्ली जल बोर्ड, इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर, NDMC और मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज जैसे विभिन्न सरकारी निकायों से जुड़े थे. पैरामेडिकल स्टाफ ने अस्पतालों और टेस्टिंग सेंटरों में काम करते हुए अपनी जान जोखिम में डाली, जबकि अन्य विभागों के कर्मचारियों ने लॉकडाउन के दौरान पानी की सप्लाई, सफाई और ट्रांसपोर्ट जैसी जरूरी सेवाओं की बिना किसी रुकावट के डिलीवरी सुनिश्चित की.

Uttar Pradesh News : कस्टडी से भागे आरोपी का पीछा कर रहे थे GRP जवान, ट्रेन की चपेट में आने से कटे दोनों पैर

गोंडा में जीरआरपी कस्टडी से भागे युवक का पीछा करने के दौरान एक सिपाही ट्रेन की चपेट में आ गया. ट्रेन की चपेट में आने से सिपाही का पैर कट गया.उत्तर प्रदेश के गोंडा में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सिपाही का ट्रेन की चपेट में आने से पैर कट गया, यह हादसा जीआरपी अभिरक्षा से भागे आरोपी के पीछा करने के दौरान हुआ है. घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) में भर्ती कराया गया है.

दरअसल, यह पूरा मामला गोंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक से सामने आया है, यहां प्लेटफार्म पर एक आरोपी का पीछा करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आकर सिपाही आकाश सिंह का पैर कट गया. बताया गया कि जिले के उमरी बेगम गंज के रहने वाले आरोपी सुनील कुमार को पूछताछ के लिए जीआरपी पुलिस ले जा रही थी. इसी दौरान आरोपी सिपाही से हाथ छुड़ाकर भाग गया. आरोपी का पीछा के दौरान सिपाही ट्रेन के नीचे आ गया.

बताया गया कि गोंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 पर डिब्रूगढ़ चंडीगढ़ एक्सप्रेस से हादसा हुआ है. सिपाही आकाश सिंह का लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर में सिपाही का इलाज चल रहा है. यह भी बताया गया है कि रेलवे स्टेशन पर रात करीब 12:00 बजे एक व्यक्ति द्वारा स्टेशन पर यात्रियों से झगड़ा करने की सूचना पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची थी.

आरोपी युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आया गया, यहां आरोपी सिपाही अशीष सिंह से हाथ छुड़ाकर भाग गया. आरोपी का पीछा करने के दौरान जीआरपी सिपाही आकाश सिंह का पैर फिसलने की वजह से ट्रेन की चपेट में आ गया. ट्रेन की चपेट में आने की वजह से सिपाही का पैर कट गया. वहीं, घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया है. साथ ही आरोपी व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. घायल सिपाही 2018 बैच का है और मऊ जनपद का रहने वाला है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

इस बाबत जीआरपी अधिकारी ने बताया कि जीरआरपी को सूचना मिली की एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म-1 पर अन्य यात्रियों को परेशान कर रहा है. जिसके बाद जीआरपी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लाया, इसी दौरान आरोपी थाने से भागने लगा. पीछा करने के दौरान सिपाही आकाश सिंह का ट्रेन की चपेट में आने से पैर कट गया. उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया गया है.

Sports : मोहम्मद शमी ने पारी की पहली गेंद पर लिया विकेट, केएल राहुल को किया आउट फिर गुस्से में कर दिया ये काम

0

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के के लिए खेल रहे दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार शुरुआत दिलाई थी. शमी ने अपनी पहली ही गेंद पर केएल राहुल को आउट किया था.

आईपीएल 2026 के पांचवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपने घर में दिल्ली कैपिटल्स का सामना कर रही है. टॉस हारकर इस मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की पूरी टीम स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 141 रन लगा पाई. लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली के तगड़े बल्लेबाजी लाइन अप के सामने ये स्कोर काफी छोटा लग रहा था. हालांकि, मोहम्मद शमी ने दिल्ली की पारी की पहली ही गेंद पर कुछ ऐसा किया, जिसका किसी को अंदाजा नहीं था.

लखनऊ सुपर जायंट्स द्वारा दिए गए 142 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को पहली ही गेंद पर केएल राहुल के रूप में बड़ा झटका लगा, जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. लखनऊ के लिए अपना पहला मैच खेल रहे दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपनी पहली ही गेंद पर दिल्ली के स्टार ओपनर राहुल को पवेलियन का रास्ता दिखाया. राहुल जैसे दिग्गज बल्लेबाज का बिना खाता खोले आउट होना दिल्ली के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था.

मोहम्मद शमी ने जब एक बेहतरीन आउटस्विंगर फेंकी, तब केएल राहुल अपने बल्ले को नियंत्रण में नहीं रख पाए. गेंद को हवा में थोड़ा धीमा और बाहर की तरफ निकलता देख राहुल के मन में लालच आया और उन्होंने जोर से शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद ने उनके बल्ले का मोटा बाहरी किनारा लिया और सीधे थर्ड मैन पर खड़े मोहसिन खान के हाथों में चली गई. शमी ने अपनी पहली ही गेंद पर वो करिश्मा कर दिखाया, जिसकी जरूरत लखनऊ की टीम को इस छोटे स्कोर को बचाने के लिए थी.

Business : युद्ध के साये में सोने-चांदी की चमक हुई फीकी, सोना 3200 रुपये टूटा; चांदी ₹11,900 लुढ़की

घरेलू फ्यूचर मार्केट में 2 अप्रैल को सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है. MCX पर गोल्ड फ्यूचर वायदा करीब 3,200 रुपये की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था. घरेलू फ्यूचर मार्केट में गुरुवार, 2 अप्रैल को सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है. सोने-चांदी दोनों के दाम टूट गए हैं. खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 5 जून, 2026 का एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर वायदा करीब 3,200 रुपये की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा था.

एमसीएक्स पर गोल्ड वायदा 1,52,490 रुपये (प्रति 10 ग्राम) पर ओपन हुआ. इसके आखिरी कारोबारी दिन एमसीएक्स पर सोना 1,53,708 रुपये पर ट्रेड करते हुए बंद हुआ था. सुबह करीब 9:55 बजे, गोल्ड वायदा 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,50,495 रुपये पर ट्रेड कर रहा था. गोल्ड फ्यूचर वायदा शुरुआती कारोबार में 1,52,490 रुपये के हाई लेवल पर पहुंचा था. आइए जानते हैं आज आपको इन बहुमूल्य धातुओं को खरीदने के लिए कितना पैसा खर्च करना होगा.

चांदी की कीमत

एमसीएक्स पर 5 मई 2026 का एक्सपायरी वाला सिल्वर 4.90 फीसदी या करीब 11,900 रुपये की गिरावट के साथ 2,43,501 रुपये (प्रति किलो) पर ट्रेड कर रहा था. चांदी ने कारोबारी दिन की शुरुआत 2,42,800 रुपये पर की थी. दिन के कारोबार के दौरान चांदी का हाई लेवल 2,42,800 रुपये था.
दिल्ली में 10 ग्राम चांदी आज 2,551 रुपये की दर पर बिक रहा है. वहीं, 100 ग्राम चांदी खरीदने के लिए ग्राहकों को 25,510 रुपये खर्च करने होंगे. चेन्नई में 10 ग्राम चांदी की कीमत 2,550 रुपये चल रही है. मुंबई और कोलकाता में 10 ग्राम चांदी खरीदने के लिए 2,500 रुपये खर्च करने होंगे.

दिल्ली में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,110 रुपए
22 कैरेट – 1,40,360 रुपए
18 कैरेट – 1,14,870 रुपए

मुंबई में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,52,960 रुपए
22 कैरेट – 1,40,210 रुपए
18 कैरेट – 1,14,720 रुपए

चेन्नई में सोने के दाम (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,280 रुपए
22 कैरेट – 1,40,510 रुपए
18 कैरेट – 1,17,110 रुपए

कोलकाता में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,52,960 रुपए
22 कैरेट – 1,40,210 रुपए
18 कैरेट – 1,14,720 रुपए

अहमदाबाद में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,010 रुपए
22 कैरेट – 1,40,260 रुपए
18 कैरेट – 1,14,770 रुपए

लखनऊ में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,110 रुपए
22 कैरेट – 1,40,360 रुपए
18 कैरेट – 1,14,870 रुपए

पटना में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,53,010 रुपए
22 कैरेट – 1,40,260 रुपए
18 कैरेट – 1,14,770 रुपए

हैदराबाद में सोने के दाम  (प्रति 10 ग्राम)

24 कैरेट – 1,51,420 रुपए
22 कैरेट – 1,38,800 रुपए
18 कैरेट – 1,13,570 रुपए

Gujarat News : भारत के इस राज्य में आया भूकंप, सुबह-सुबह हिली धरती, घरों से बाहर भागे लोग

गुजरात के नवसारी जिले में आज (2 अप्रैल) की सुबह भूकंप दर्ज किया गया. गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान ने बताया कि यह भकंपर 3.4 तीव्रता से आया था. दक्षिण गुजरात के नवसारी जिले में गुरुवार (2 अप्रैल) सुबह 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इसकी जानकारी भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने दी. गांधीनगर स्थित इस संस्थान ने बताया कि भूकंप सुबह 5 बजकर 27 मिनट पर आया और इसका केंद्र वांसदा से 22 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में स्थित था.

स्थानीय अधिकारियों ने भी बताया कि भूकंप से संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी के हताहत होने की कोई खबर है. गुजरात भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले 200 सालों में यहां नौ बड़े भूकंप आ चुके हैं.

जीएसडीएमए के अनुसार, 2001 का कच्छ भूकंप पिछली दो शताब्दियों में भारत में आया तीसरा सबसे बड़ा और दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था. गुजरात के कच्छ जिले के भाचाऊ के पास 26 जनवरी 2001 को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसने पूरे राज्य को प्रभावित किया था. इस भूकंप में 13,800 लोगों की जान गई थी और 1.67 लाख लोग घायल हुए थे.

इस हादसे में लाखों घर पूरी तरह से तबाह हो गए थे. वहीं भुज, भाचाऊ, अंजार और गांधीधाम जैसे शहरों में भारी तबाही देखने को मिली, जहां कई इलाकों में 70 से 90 प्रतिशत तक इमारतें गिर गई थीं. नुकसान इतना ज्यादा इसलिए हुआ क्योंकि भूकंप का केंद्र जमीन के काफी करीब था. इस त्रासदी के बाद सरकार ने आपदा प्रबंधन को मजबूत किया और गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जैसी संस्थाओं को सशक्त बनाते हुए भूकंपरोधी निर्माण नियमों को सख्ती से लागू किया, ताकि भविष्य में ऐसी आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके.

- Advertisement -

News of the Day