Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 1342

कटनी में ATM ब्लास्ट से होटल में लगी भीषण आग, 15 जनवरी को होना था उद्घाटन

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में आने वाले रंगनाथ थाना क्षेत्र में नवनिर्मित होटल में गुरुवार की देर रात को भीषण आग लग गई, आपको बता दें की होटल के नीचे एटीएम में ब्लास्ट हुआ था। जिसके बाद आग पूरे होटल में फैल गई, बताया जा रहा है कि होटल के साथ ओलिव रेस्टोरेंट का भी आधा हिस्सा जलकर राख हो गया है।

PunjabKesari

आग की सूचना पर तत्काल 12 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं और 3 घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है। लेकिन आग किन कारण के चलते लगी इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आपको बता दें कि आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया है।

Haryana: सोनिया अग्रवाल को महिला आयोग के उपाध्यक्ष के पद से हटाया

0

सोनिया अग्रवाल को महिला आयोग के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। यह आदेश महिला एवं बाल विकास विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी. कुमार की ओर से जारी हो गए हैं।

PunjabKesari

बता दें कि 15 दिसंबर को हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष सोनिया अग्रवाल और उनके कार चालक कुलबीर को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार किया था। कुलबीर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

Palwal Accident: दुर्घटनाग्रस्त टैंकर से पिकअप गाड़ी की टक्कर, 1 की मौत, 2 घायल,

0

शहर के चांदहट थाना क्षेत्र में धुंध के कारण पहले से दुर्घटना ग्रस्त खड़े टैंकर से पिकअप गाड़ी टकरा गई। इस टक्कर में पिकअप गाड़ी में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक सहित 3 लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार के लिए अस्पताल में भेजा गया है। उधर, हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार बीती शाम करीब 5 बजे पिकअप गाड़ी में सवार होकर केजीपी के रास्ते सवाई माधोपुर जा रहे थे। तभी पलवल के निकट जब पहुंचे तो इनकी पिकअप गाड़ी धुंध के कारण दुर्घटनाग्रस्त टैंकर से टकरा गई। इस टक्कर से पिकअप चालक इसरार, सवार तालिब और मुजस्सिर घायल हो गए और इरशाद नाम के व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

बता दें पिकअप सवार लोग मूल रूप से सहारनपुर गांव के रहने वाले हैं। घायलों को उपचार के लिए पलवल के जिला अस्पताल लाया गया। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया।

10वीं-12वीं बोर्ड की डेटशीट जारी, यहां देखें किस तारीख को होगा कौन सा पेपर

0

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने कक्षा 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। कक्षा बारहवीं की वार्षिक परीक्षा 27 फरवरी से शुरू हो रही है जबकि कक्षा 10वीं की वार्षिक परीक्षा 28 फरवरी से शुरू होगी तथा 2 अप्रैल तक चलेगी।  परीक्षा का समय दोपहर साढ़े 12 बजे से शाम साढ़े तीन बजे तक रहेगा।

शिक्षा बोर्ड के सचिव ने कहा कि कक्षा 10वीं (शैक्षिक नियमित/ मुक्त विद्यालय/ रि-अपीयर/सीटीपी/ ईआइओपी/ अतिरिक्त व अंक सुधार विषय) की परीक्षाएं 28 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक होंगी, जबकि कक्षा 12वीं (शैक्षिक नियमित/ मुक्त विद्यालय/ सीटीपी/ कम्पार्टमेंट/ रि-अपीयर/ अतिरिक्त व अंक सुधार विषय) की परीक्षाएं होंगी।

10वीं की Datesheet

28 फरवरी: हिंदी
3 मार्च: इंग्लिश
5 मार्च: सामाजिक विज्ञान
7 मार्च: गणित
11 मार्च: विज्ञान
13 मार्च: पंजाबी, आईटी एंड आईटीईएस, संस्कृत व्याकरण
17 मार्च: संस्कृति, उर्दू, कलां, कंप्यूटर विज्ञान, शारीरिक एवं स्वास्थ्य शिक्षा, गृह विज्ञान, म्यूजिक हिंदुस्तानी, एनीमल हस्बैंड्री, नृत्य, संस्कृत साहित्य
19 मार्च: रिटेल, प्राइवेट सिक्योरिटी, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, शारीरिक शिक्षा, एग्रीकल्चर, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, एप्पारेल, मेड-अप्स एंड होम फर्निसिंग, बैंकिंग, फाइनेंसियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस, हेल्थ केयर, पावर, कंस्ट्रक्शन और मीडिया एंड एंटरटेंमेंट।

12वीं की Datesheet

27 फरवरी: इंग्लिश
1 मार्च: हिंदी
4 मार्च: भौतिक विज्ञान व इकोनॉमिक्स
6 मार्च: फाइन आर्ट
10 मार्च: इतिहास एवं जीव विज्ञान
12 मार्च: रसायन विज्ञान, अकाउंटेंसी व पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन
15 मार्च: पॉलिटिकल साइंस
18 मार्च: गणित
20 मार्च: समाज शास्त्र व एंट्रोप्रेन्योर
21 मार्च: गृह विज्ञान
22 मार्च: मिलिट्री साइंस व डांस, साइकॉलजी, संस्कृत व्याकरण
24 मार्च: भूगोल
25 मार्च: म्यूजिक हिंदुस्तानी वोकल, म्यूजिक हिंदुस्तानी इंस्ट्रक्शन मेलोडी, बिजनेस स्टडी
26 मार्च: संस्कृत, उर्दू व बायो- टेक्नोलॉजी
27 मार्च: कंप्यूटर विज्ञान, आईटी एंड आईटीईएस
28 मार्च: एग्रीकल्चर व फिलोसफी
29 मार्च: पंजाबी, संस्कृत साहित्य
1 अप्रैल: शारीरिक शिक्षा
2 अप्रैल: रिटेल, ऑटोमोटिव, प्राइवेट सिक्योरिटी, आई-आईटीईएस, हेल्थ केयर, फिजिकल एजुकेशन, ब्यूटी एंड वेलनेस, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी, एग्रीकल्चर, मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, बैंकिंग, फाइनेंसियल सर्विसेज एवं इंश्योरेंस, एप्पारेल, मेड-अप्स एंड होम फर्निशिंग, ऑफिस सेक्रेटरीशिप एंड स्टेनोग्राफी हिंदी व अंग्रेजी, संस्कृत व्याकरण। 

हरियाणा के इस जिले में गरीबों के लिए खुशखबरी, 782 परिवारों को मिलेगा ये लाभ

0

हरियाणा सरकार (Haryana Govt.) ने गरीब और बेसहारा लोगों के लिए खुद के घर का सपना पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की शुरुआत की है। इसके तहत ऐसे जरूरतमंद जिनके पास खुद का घर नहीं है, उनको 100- 100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे। डीसी विश्राम कुमार मीणा ने जिलास्तरीय पात्रता जांच कमेटी की समीक्षात्मक बैठक ली।

डीसी ने बताया कि इस योजना के तहत प्रथम चरण में नूंह के 5 गांवों शिकरावा, जलालपुर नूंह, टाई, टरकपुर और अड़बर से 782 नागरिकों को चिह्नित कर उनकी पात्रता की जांच कर ली गई है। इन गांवों से 782 लोगों ने 100-100 गज के प्लॉट के लिए आवेदन किए हैं।

वहीं जिला उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा का मूल निवासी ही इस योजना के तहत पात्र होगा और उसकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रूपए से कम होनी चाहिए। आवेदनकर्ता ने पहले किसी सरकारी योजना का लाभ न लिया हो। जो परिवार पहले प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य आवासीय योजना का लाभ उठा चुके हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

Una : तेंदुए का आतंक, नंगल जरियालां में पालतू जानवरों को बना रहा शिकार

0

नंगल जरियालां गांव में तेंदुए के आतंक से लोग परेशान हैं। तेंदुआ घरों की चारदीवारी के अंदर घुसकर पालतू जानवरों को अपना शिकार बना रहा है परन्तु वन विभाग द्वारा कारगर कार्रवाई नहीं की जा रही है जिससे आम जनता में रोष है।

वार्ड नंबर 5 मुहल्ला झरेड़ा निवासी विद्यासागर ने बताया कि वीरवार रात्रि तेंदुआ उनके घर के गेट के पास दिखा। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी तेंदुआ उनके घर की चारदीवारी के अंदर घुसकर उनकी छत पर जा पहुंचा था। इसकी फुटेज सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने बताया कि तेंदुए ने उनके पालतू कुत्ते को भी अपना शिकार बना डाला है। गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले भी इसी वार्ड के चरणदास एवं नारायण प्रकाश के पालतू कुत्तों को भी तेंदुए ने अपना शिकार बनाया था।

इसके अलावा गांव के ही मोहल्ला शिवाली, खनटिल्ला, तालाब एवं चौबराली में भी उक्त तेंदुए ने पालतू जानवरों को अपना शिकार बनाया है। गांववासियों बलराम, अनु, सुरिंदर सिंह, वासदेव, अवतार सिंह, मुकेश कुमार, होशियार सिंह व दिलबाग सिंह आदि ने बताया कि तेंदुए की दहशत की वजह से शाम के समय लोग अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं और बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनके मोहल्ले के समीप पिंजरा लगाया जाए और तेंदुए को पकड़ा जाए अन्यथा कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। रेंज ऑफिसर भरवाईं पूर्ण राम ने कहा कि तेंदुए द्वारा पालतू जानवरों को शिकार बनाने का मामला ध्यान में आया है। लोगों को तेंदुए से निजात दिलाने हेतु शीघ्र उक्त स्थान पर पिंजरा लगा दिया जाएगा।

Chamba: सुनारा-कुंडी मार्ग पर 400 मीटर खाई में गिरी कार, चालक की मौके पर मौत

0

चम्बा जिला के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के सुनारा-कुंडी मार्ग पर एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। चालक की पहचान अनु पुत्र सोरमा निवासी गांव अंदरौंद, डाकघर ब्रेही व जिला चम्बा के रूप में हुई है। उक्त हादसा वीरवार देर रात पेश आया है।

हादसे के पता तब चला जब शुक्रवार सुबह खच्चर वाले रोजाना कार्य के लिए घर से बाहर निकले। इस दौरान उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी देखी तथा इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल काॅलेज चम्बा भिजवाया। पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।

कार चालक देर रात अपने भाई की बेटी को मेडिकल काॅलेज चम्बा में दाखिल करवाने के बाद अपने घर अंदरौंद की तरफ जा रहा था। घर से कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे तक उड़ गए। सारी रात चालक खाई में पड़ा रहा और इसकी आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। उधर, एसपी अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।

Shimla: विंटर कार्निवाल में HRTC पर मुनाफे की बर्फबारी, 10 दिन में कर ली इतनी कमाई

0

शिमला विंटर कार्निवाल के दौरान एचआरटीसी पर मुनाफे की बर्फबारी हुई है। विंटर कार्निवाल एचआरटीसी को 10 दिन में करीब 7 लाख रुपए का मुनाफा करवा गया। निगम ने 10 दिनों के बीच 6 लाख 96 हजार 360 रुपए की कमाई की है। यह कमाई निगम को कार्निवाल के दौरान स्पैशल बसें व स्पैशल टैक्सियां चलाने से हुई। यह पहली बार है जब कार्निवाल के दौरान बर्फबारी व शोक के कारण कार्निवाल बंद रहने के बाद भी निगम ने यह कमाई की है।

शिमला शहर में 24 दिसम्बर से कार्निवाल शुरू हुआ था, लेकिन 27 दिसम्बर से 1 जनवरी तक पूर्व प्रधानमंत्री डाॅ. मनमोहन सिंह के देहांत के चलते शोक में कार्निवाल बंद था। 2 जनवरी से लेकर 8 जनवरी तक फिर से विंटर कार्निवाल चला। इस दौरान निगम ने लगातार देर रात तक  उपनगरों से लोगों को शिमला कार्निवाल देखने के लिए पहुंचाया और सेवाएं दीं। ऐसे में निगम ने यह कमाई की है। इससे निगम के राजस्व में बढ़ौतरी हुई है। आरएम शिमला एचआरटीसी अंकुर वर्मा ने कहा कि कार्निवाल के दौरान शिमला शहर व उपनगरों से स्पैशल टैक्सी सेवा चलाई गई थी। इस दौरान निगम को 6 लाख 96 हजार 360 रुपए की कमाई हुई है।

हीरानगर से पहली बार चली स्पैशल सेवा
कार्निवाल के लिए निगम ने पहली बार शिमला ग्रामीण क्षेत्र हीरानगर से भी स्पैशल टैक्सी सेवा चलाई थी, जिससे शिमला ग्रामीण से लोग शिमला कार्निवाल देखने पहुंचे, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि  भविष्य में रिज पर प्रशासन की ओर किसी भी इस तरह के बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाए तो यह स्पैशल सेवा चलाई जाए।

शिवनगर-टुटू टैक्सी सेवा का समय बढ़ाने की मांग
कार्निवाल के बाद शिवनगर-टुटू के स्थानीय लोगों ने शिवनगर-टुटू सीटीओ टैक्सी सेवा के समय को शाम 7 या 7.20 पर सीटीओ से चलाने की मांग की है। मौजूदा समय में 5.30 बजे सीटीओ से टैक्सी चलने का अंतिम समय है, लेकिन कार्निवाल के दौरान यह टैक्सी शाम 7.15 बजे और रात 10 बजे तक चलती रही। ऐसे में लोगों ने मांग की है कि इस सेवा को सीटीओ से शाम 7 बजे के करीब किया जाए, ताकि लोगोंं को सुविधा मिल सके।

Kangra: हिमालयी क्षेत्र की पहली पंजीकृत नस्ल बना गद्दी श्वान, मिली मान्यता

0

हिमालयी क्षेत्र की पहचान गद्दी श्वान को बड़ी पहचान प्राप्त हुई है। गद्दी श्वान हिमालयी क्षेत्र की पहली पंजीकृत नस्ल बन गया है। हिमाचली गद्दी श्वान को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के तहत राष्ट्रीय आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो आईसीएआर-एनबीएजीआर करनाल द्वारा आधिकारिक तौर पर एक स्वदेशी कुत्ते की नस्ल के रूप में मान्यता दी गई है। यह मान्यता विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के परिश्रमी प्रयासों के बाद मिली है, जिन्होंने नस्ल की अनूठी स्थिति का समर्थन करने के लिए वैज्ञानिक प्रमाण प्रदान किए।

भारत की चौथी पंजीकृत स्वदेशी नस्ल
गद्दी कुत्ता अब भारत में आधिकारिक रूप से पंजीकृत होने वाली चौथी स्वदेशी कुत्ते की नस्ल है और हिमालयी क्षेत्र की पहली ऐसी नस्ल है। नस्ल का नाम गद्दी जनजाति के नाम पर रखा गया है, जो पारंपरिक रूप से भेड़ और बकरियों को चराने के काम के लिए जानी जाती है। ये कुत्ते पशुओं और मनुष्यों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं, चरवाहों की सहायता करते हैं, पशुओं की रक्षा करते हैं और चरवाहों के साथ एक अनोखा बंधन स्थापित करते हैं।

कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों की टीम की भूमिका अहम
कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. नवीन कुमार ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने में वैज्ञानिकों की टीम और पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डाॅ. रविन्द्र कुमार को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी। उन्होंने गद्दी कुत्ते की नस्ल को मान्यता देने में उनके बहुमूल्य योगदान को सराहा। कुलपति ने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय ने पशु चिकित्सा महाविद्यालय में गद्दी कुत्तों के लिए एक बाहरी संरक्षण इकाई की स्थापना की है। यह इकाई पशुपालन विभाग और हिमाचल प्रदेश विज्ञान प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद से वित्तीय सहायता के साथ स्थानीय चरवाहों और पालतू पशु प्रेमियों को गद्दी कुत्ते के पिल्ले प्रदान करती है।

प्रधानमंत्री कर चुके हैं मन की बात कार्यक्रम में उल्लेख
कृषि विश्वविद्यालय के वैटर्नरी काॅलेज में इस प्रजाति के कुत्ते के फेनोटाइपिक तथा मॉलीक्यूलर विशेषताओं पर अध्ययन किया गया और इन विशेषताओं को चिन्हित किया गया। तेंदुआ जैसे वन्य प्राणी से लड़ने की क्षमता रखने के कारण ही इसे इंडियन पैंथर हाऊंड के नाम से भी जाना जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मन की बात कार्यक्रम में इस प्रजाति का उल्लेख कर स्वदेशी प्रजाति के श्वानों को प्रमुखता से पालने की बात कह चुके हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार इनकी ऊंचाई 20 से 27 सैंटीमीटर और वजन 35 से 45 किलो होता है। हिमालय क्षेत्र में नेपाली शीप डॉग, नेपाली हिल डॉग दोनों नेपाल में पाए जाते हैं, वहीं हिमालयन गार्ड डॉग, इंडियन लैपर्ड हाऊंड हिमाचली श्वान तथा कश्मीर शीप डॉग हिमालय क्षेत्र में पाए जाते हैं।

Himachal: बीपीएल परिवार चयन के लिए सरकार ने बदले मापदंड

0

सरकार ने 2.82 लाख बीपीएल परिवार चयन प्रक्रिया के लिए नए मापदंड निर्धारित किए हैं। इसके तहत 18 से 59 वर्ष की आयु वर्ग के बिना वयस्क सदस्य वाले परिवार, महिला मुखिया वाले परिवार, 50 फीसदी दिव्यांगता रखने वाले परिवार के मुखिया, पिछले वित्त वर्ष में मनरेगा के तहत कम से कम 100 दिन काम करने वाले और कैंसर, अल्जाइमर, पार्किंसंस, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी और थैलेसीमिया जैसी बीमारी से ग्रस्त परिवार चलाने वाले व्यक्ति (स्थायी दिव्यांग) को तरजीह दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में बीपीएल सर्वेक्षण को अप्रैल माह में नए सिरे से करवाने का निर्णय लिया गया। केंद्र सरकार की तरफ से हिमाचल प्रदेश को 2.82 लाख का बीपीएल कोटा चुनने की अनुमति दी है। इसके लिए आय सीमा को डेढ़ लाख रुपए प्रतिवर्ष निर्धारित किया गया है।

पेड़ों के कटान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय
मंत्रिमंडल ने प्रदेश में पेड़ों के कटान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इसके तहत प्रदेश में सिर्फ सफेदा, पापुलर और बांस तथा बिक्री के लिए 10 वर्षीय कार्यक्रम के अनुसार खैर की कटाई को ही अनुमति मिलेगी। प्रदेश में इसके अतिरिक्त अन्य पेड़ों की कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि पेड़ कटान को लेकर लगाए गए इस प्रतिबंध का कुछ लोगों ने विरोध भी किया है। उनका तर्क है कि प्रदेश में पेड़ों का संरक्षण करने वाले लोगों को इससे घरों में चूल्हे में आवश्यकता के अनुसार लकड़ी जुटाने में परेशानी आएगी। मंत्रिमंडल ने भारतीय स्टाम्प अधिनियम, 1899 की अनुसूची-1 ए में संशोधन करने के लिए अध्यादेश जारी करने को मंजूरी दी है। इस संशोधन से राज्य सरकार की पूर्व मंजूरी से हिमाचल प्रदेश काश्तकारी और भूमि सुधार अधिनियम, 1972 की धारा 118(2)(एच) के तहत सुरक्षित हस्तांतरण और पट्टा लेन-देन पर 12 फीसदी की एक समान स्टाम्प ड्यूटी दर लगाई जा सकेगी। यानी प्रदेश में धारा-118 के तहत मकान बनाने और उद्योग सहित अन्य कार्य के लिए जमीन लेने वालों पर यह नियम लागू होंगे।

नशीली दवा दुरुपयोग रोकने को बनेगी स्पैशल टास्क फोर्स
मंत्रिमंडल ने विस्तृत और बहुआयामी योजना के अंतर्गत प्रदेश में नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटने और नशीली दवाओं की तस्करी तथा संगठित अपराध नैटवर्क को खत्म करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का निर्णय लिया है। इसके लिए एक स्पैशल टास्क फोर्स की स्थापना की जाएगी। यह टास्क फोर्स नशीली दवाओं की तस्करी के कारोबार से जुड़े लोगों पर नकेल कसेगी।

तारादेवी मंदिर के आसपास का क्षेत्र हरित क्षेत्र घोषित
शिमला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारादेवी मंदिर के आसपास के क्षेत्र को हरित क्षेत्र के दायरे में लाने का निर्णय लिया गया है। इसके हरित क्षेत्र के दायरे में आने से लोगों का दखल कम होगा, जिससे पर्यावरण को संरक्षण मिलेगा। उल्लेखनीय है कि तारादेवी मंदिर के आसपास का क्षेत्र हरे पेड़ों से आच्छादित है, जिसका पूरी तरह से संरक्षण करने का सरकार ने निर्णय लिया है।

- Advertisement -

News of the Day