Tuesday, April 14, 2026
Home Blog Page 204

NATIONAL : प्रेमिका की शादी तय हो गई, प्रेमी को पता चला तो बौखला गया… रात में घर जाकर बेरहमी से कर दी हत्या

0

यह सनसनीखेज घटना यूपी के श्रावस्ती में हुई. यहां प्रेमिका की शादी तय हो जाने प्रेमी बौखला गया. उसने सरिया और लकड़ी से बेरहमी से प्रेमिका की हत्या कर दी. पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मामले का खुलासा कर आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. उसकी निशानदेही पर सरिया व लकड़ी भी बरामद कर ली गई है.

श्रावस्ती के सिरसिया इलाके के बरगदवा गांव में बीते दिनों एक युवती की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. पुलिस का कहना है कि लड़की की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई थी. उसकी शादी दूसरी जगह तय हो गई थी. प्रेमी इस बात से नाराज था. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सरिया और लकड़ी के टुकड़े के साथ एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.

दरअसल, बीती 1-2 जनवरी की रात सिरसिया इलाके के शाहपुर बरगदवा में एक लड़की सुनीता की हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की. जांच-पड़ताल करते हुए आकाश नाम के युवक को पकड़ा. वह जोखवा बाजार का रहने वाला है. पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसके बाद हत्या में इस्तेमाल किया गया सरिया का टुकड़ा और लकड़ी का टुकड़ा बरामद किया.

पूछताछ में आरोपी आकाश ने बताया कि 8 महीने पहले बरगदवा गांव में डीजे बुकिंग के दौरान उसकी पहचान सुनीता से हुई थी. मोबाइल नंबर एक्सचेंज किए और बातचीत होने लगी. धीरे-धीरे प्रेम संबंध हो गए. सुनीता से शादी करना चाहता था, उस पर काफी पैसे भी खर्च किए थे.

कुछ समय बाद आकाश को पता चला कि सुनीता अन्य लड़कों से भी बातचीत कर रही है. उसकी शादी कहीं और तय की जा रही है. इसको लेकर विवाद होने लगा. करीब 20 दिन पहले सुनीता की शादी की जानकारी मिली, इस बात को लेकर आकाश गुस्से से भर गया.वह पुणे से 31 दिसंबर को गांव लौटा और सुनीता से मुलाकात की तो पता चला कि उसके परिजन उसकी इच्छा के विरुद्ध शादी कराना चाहते हैं. इसी दौरान आकाश ने साजिश रच डाली.

1 जनवरी 2026 को आकाश अपने चाचा की लड़की के बर्थडे में था. रात में सुनीता को कई बार फोन किया तो फोन व्यस्त आया. मैसेज भी किए. आकाश को लगा कि सुनीता किसी अन्य युवक से बात कर रही है. इसी को लेकर रात करीब 3:30 से 4 बजे वह मोबाइल घर पर छोड़कर बाइक से सुनीता के गांव बरगदवा पहुंचा. नहर पटरी पर बाइक खड़ी कर दी. इसके बाद पैदल सुनीता के घर गया, जहां सुनीता आंगन में थी. पूछताछ की तो सुनीता ने मोबाइल देने से मना कर दिया और शोर मचाने का प्रयास किया.

गुस्से में आरोपी ने लकड़ी से गला दबाकर और सरिये से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने लकड़ी और सरिया धोकर नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया. पकड़े जाने के डर से सिम तोड़कर फेंक दिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चीजें बरामद कर ली हैं. उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

NATIONAL : कजाकिस्तान में राजस्थान के MBBS छात्र की मौत, घर के इकलौते चिराग के बुझने से टूटा परिवार

0

कजाकिस्तान में एमबीबीएस की पढ़ाई करने गए राजस्थान के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई. छात्र की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि 7 महीने बाद उसकी डिग्री पूरी होने वाली थी.

कजाकिस्तान के अल्माटी शहर के पास हुए एक सड़क हादसे में राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ के स्टूडेंट की मौत हो गई. 4 सितंबर 2025 को ही राहुल यादव घर से कजाकिस्तान गया था. शनिवार दोपहर 3:30 बजे राहुल का शव दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा. जहां से गांव के लिए रवाना हुआ. परिजनों ने बताया कि इसी साल जून में राहुल की डिग्री पूरी होने वाली थी लेकिन पढ़ाई पूरी होने से 7 महीने पहले ही सड़क हादसा हो गया और राहुल की मौत हो गई.

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नांगल खोड़िया गांव के रहने वाले राहुल यादव (25) पुत्र दीपचंद साउथ कजाकिस्तान मेडिकल एकेडमी के स्टूडेंट था. वो माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है. पिता दीपचंद ने बताया कि 6 जनवरी को हादसे की सूचना मिली थी. परिवार वालों ने बताया 6 जनवरी को राहुल अपने 4 दोस्तों के साथ घूमने गया था. इस दौरान अल्माटी (कजाकिस्तान) के पास एक गांव में उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया.

हादसे में कार के ड्राइवर समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई. राहुल और उसका दोस्त मंजीत गंभीर घायल हो गए. इलाज के दौरान 9 जनवरी की दोपहर को राहुल की भी मौत हो गई. गांव के लोगों ने बताया कि शनिवार देर शाम तक राहुल का शव गांव पहुंचेगा. इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा. राहुल के पिता दीपचंद गुरुग्राम (हरियाणा) में टैक्सी चलाते हैं.

पड़ोसियों ने बताया कि राहुल पढ़ाई में काफी अच्छा था. साथ ही वह जब घर आता था तो पड़ोसियों से जरूर मिलता है. उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है.

NATIONAL : बार गर्ल्स पर नोट उड़ाते पुलिस कॉन्स्टेबल का वीडियो वायरल, सस्पेंड

0

नवी मुंबई के पुलिस कॉन्स्टेबल अनिल सुखदेव मंडोले को बार में महिला डांसर्स पर पैसे बरसाते वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया. वे आईएचटीपीसी से जुड़े थे, जो मानव तस्करी रोकने का काम करती है. डीसीपी (क्राइम ब्रांच) ने इसे गंभीर कदाचार करार दिया और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.

नवी मुंबई के एक पुलिस कॉन्स्टेबल अनिल सुखदेव मंडोले को निलंबित कर दिया गया है. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे कोपरखैरणे स्थित नटराज लेडीज बार में महिला डांसर्स पर पैसे बरसा रहे थे. मंडोले इमोरल ह्यूमन ट्रैफिकिंग प्रिवेंशन सेल (IHTPC) से जुड़े थे. वीडियो में उन्हें शराब पीते हुए महिलाओं पर नोट्स बरसाते दिखाया गया.

वीडियो वायरल होने के बाद, डीसीपी (क्राइम ब्रांच) सच्चिन गुंजल ने 9 जनवरी को तत्काल प्रभाव से मंडोले को निलंबित कर दिया. आदेश में कहा गया कि यह व्यवहार अनुशासित पुलिस बल के सदस्य के लिए उचित नहीं है और गंभीर कदाचार के अंतर्गत आता है, खासकर उनके जिम्मेदारी क्षेत्र को देखते हुए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में विभागीय जांच भी की जाएगी.

गौरतलब है कि मुंबई और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बार और नाइट क्लब्स पर कई बार कानूनी पाबंदियां और प्रतिबंध लगाई गईं, लेकिन यह पूरे शहर या पूरे समय के लिए स्थायी नहीं रही. महाराष्ट्र में शराब और मनोरंजन गतिविधियों पर Maharashtra Prohibition Act और Bombay Police Act जैसी कानूनी व्यवस्थाएं लागू होती हैं. बार और नाइट क्लबों में काम करने वाली महिलाओं के लिए कुछ सुरक्षा और लाइसेंस नियम बनाए गए हैं.

2013–2015 के आसपास कुछ समय के लिए कम उम्र की महिलाओं, अवैध भड़काऊ प्रदर्शन या सेक्सवर्किंग के आरोप के कारण बार में डांसर्स पर नियम कड़े किए गए. कई बार शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में यह प्रतिबंध अस्थायी रूप से लागू होता था, जैसे रात के समय घंटे तय करना, ड्रिंकिंग लिमिट, और महिलाओं के प्रदर्शन पर लाइसेंस शर्तें.

ENTERTAINMENT : जय भानुशाली से अलग होने के बाद माही विज ने दोस्त के लिए शेयर की पोस्ट, कहा- आप मेरा परिवार…

टीवी एक्ट्रेस माही विज ने अपने इंस्टाग्राम पर सलमान खान के खास दोस्त नदीम के जन्मदिन पर एक स्पेशल पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने अपने ‘बेस्ट फ्रेंड’ के लिए कई सारी बातें लिखीं. जय भानुशाली से अलग होने के बाद, एक्ट्रेस का ये पोस्ट जमकर वायरल हुआ.

माही विज इन दिनों अपने तलाक की खबर से चर्चाओं में बनी हुई हैं. वो एक्टर जय भानुशाली से अलग हो गई हैं. शादी के करीब 14 साल बाद दोनों ने तलाक का ऐलान कर दिया है. माही इस बीच सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं. उन्होंने शनिवार को एक नया पोस्ट डाला है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ.

माही ने अपनी नई इंस्टाग्राम पोस्ट में सुपरस्टार सलमान खान के खास दोस्त नदीम के साथ अपना एक फोटो शेयर किया, जिसमें वो उन्हें केक खिला रही हैं. एक्ट्रेस ने उन्हें जन्मदिन पर खास तरीके से विश किया. माही ने अपनी पोस्ट में ‘बेस्ट फ्रेंड’ नदीम के लिए कई सारी चीजें लिखीं. एक्ट्रेस ने नदीम को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, ‘आप वो हो जो मेरी बात तब भी सुनते हो जब मैं कुछ बोलती ही नहीं. आप वो हो जो मेरे साथ खड़े रहते हो, मजबूरी में नहीं, बल्कि दिल से. आप मेरे परिवार हो, मेरी सबसे सुरक्षित जगह हो, हमेशा के लिए. आप सिर्फ मेरे बेस्ट फ्रेंड नहीं हो, आप मेरा सुकून हो, मेरी ताकत हो, मेरा घर हो. आपके सामने मैं पूरी तरह खुद बन सकती हूं. टूटी हुई, खुश, भावुक, अधूरी और फिर भी मुझे पूरा कबूल किया हुआ और बहुत प्यार किया हुआ महसूस होता है.’

‘हां, हम कभी-कभी गुस्सा भी करते हैं. हां, हम लड़ते भी हैं. हां, कभी-कभी कई दिनों तक बात नहीं करते. लेकिन चाहे चुप्पी कितनी भी लंबी हो जाए, वो हमेशा उसी जगह खत्म होती है. हम दोनों के पास. क्योंकि दिल के अंदर हम दोनों को पता है कि नदीम और माही एक हैं. हमारी रूहें जुड़ी हुई हैं, ऐसा तरीके से जो शब्द कभी पूरा बता नहीं सकते.’

माही ने आगे लिखा, ‘जिंदगी आसान नहीं रही हमेशा, लेकिन आपके साथ होने से सब हल्का हो जाता है, सब मजबूत हो जाता है, सब बेहतर हो जाता है. जब मैं कमजोर होती हूं, आप मेरी कलाई पकड़ते हो. जब मैं खुद पर भरोसा भूल जाती हूं, आप मुझ पर यकीन करते हो. और आप मुझे ऐसे प्यार करते हो कि मेरे वो हिस्से भी ठीक होने लगते हैं, जिनके टूटे होने का मुझे पता भी नहीं था. मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं नदीम. न सिर्फ आप जो हो उसके लिए, बल्कि आप मुझे जो महसूस करवाते हो. आप मेरे साथ जो खड़े रहते हो. आप मेरे दिल हो, मेरा घर हो, मेरा परिवार हो, इसके लिए. आज और हमेशा.’

बता दें कि नदीम, सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस का कामकाज संभालते हैं. जब टीवी पर कपिल शर्मा शो आता था, तब वही पूरे शो का प्रोडक्शन देखते थे. उन्हें कई बार शो के दौरान और सलमान के साथ भी देखा गया है.

NATIONAL : ‘गजनी से औरंगजेब तक इतिहास में दफन ​हो गए, सोमनाथ वहीं खड़ा है’, शिव साधना कर बोले PM मोदी

0

पीएम मोदी ने सोमनाथ में आयोजित शौर्य सभा को संबोधित करते हुए सोमनाथ मंदिर पर हुए विदेशी आक्रांताओं के हमलों, उनके विरुद्ध संघर्ष करने वाले वीरों के बलिदान और सरदार वल्लभभाई पटेल द्वारा मंदिर के पुनर्निर्माण की नींव रखे जाने के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख किया.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सोमनाथ मंदिर स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए. उन्होंने यहां 108 अश्वों के साथ निकाली गई शौर्य यात्रा में शिरकत की. यह शोभा यात्रा सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अनगिनत वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से निकाली गई थी, जो शौर्य, साहस और बलिदान का प्रतीक माना जाता है. इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और एक जनसभा को संबोधित किया.

पीएम मोदी ने शौर्य सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अपना बहुत बड़ा सौभाग्य मानता हूं कि सोमनाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में मुझे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में सक्रिय सेवा का अवसर मिला है. आज देश के कोने-कोने से लाखों लोग हमारे साथ जुड़े हैं, उन सबको मेरी तरफ से जय सोमनाथ. ये समय अद्भुत है, ये वातावरण अद्भुत है, ये उत्सव अद्भुत है. एक ओर देवाधिदेव महादेव, दूसरी ओर समुद्र की लहरें, सूर्य की किरणें, मंत्रों की ये गूंज, आस्था का ये उफान और इस दिव्य वातावरण में भगवान सोमनाथ के भक्तों की उपस्थिति… इस अवसर को भव्य और दिव्य बना रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को लेकर कहा कि इस आयोजन में गर्व है, गरिमा है, गौरव है और इसमें गरिमा का ज्ञान भी है. इसमें वैभव की विरासत है, इसमें अध्यात्म की अनुभूति है, अनुभूति है, आनंद है, आत्मीयता है और देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद है. पीएम मोदी ने कहा, ’72 घंटों तक अनवरत ओंकार नाद, 72 घंटों का अनवरत मंत्रोच्चार. मैंने देखा, कल रात 1000 ड्रोन द्वारा, वैदिक गुरुकुलों के 1000 विद्यार्थियों की उपस्थिति, सोमनाथ के 1000 वर्षों की गाथा का प्रदर्शन… और आज 108 अश्वों के साथ मंदिर तक शौर्य यात्रा, मंत्रों और भजनों की अद्भुत प्रस्तुति… सब कुछ मंत्र-मुग्ध कर देने वाला है. इस अनुभूति को शब्दों में अभिव्यक्त नहीं किया जा सकता, इसे केवल समय ही संकलित कर सकता है.’

NATIONAL : पति के धोती-कुर्ता पहनने और पंडिताई करने से SI पत्नी को हो रही शर्मिंदगी, मांगा तलाक

0

भोपाल से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है. जहां पंडिताई करके व्यक्ति ने अपनी पत्नी को पढ़ाया-लिखाया. लेकिन जब उसकी पत्नी सब-इंस्पेक्टर बन गई तो उसे पति से शर्मिंदगी होने लगी. क्योंकि उसका पति पंडिताई करता है और चोटी रखता है.मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पति और पत्नी का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है. यहां पति ने दिन रात पंडिताई करके पत्नी को सब इंस्पेक्टर बनाया. मगर सब इंस्पेक्टर बनते ही पत्नी को अपने पति से शर्मिंदगी होने लगी. क्योंकि उसका पति पंडिताई करता है. ऐसे में पत्नी ने फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए आवेदन किया है.

पत्नी ने फैमिली कोर्ट में बताया है कि मेरे पति धोती- कुर्ता पहनते हैं. जो मुझे पसंद नहीं है. साथ ही मेरे पति चोटी भी रखते हैं, जो मुझे अच्छा नहीं लगता है. मेरे कई बार कहने के बावजूद भी पति अपनी पंडिताई नहीं छोड़ रहे हैं और पूजा-पूठा कराने जाते रहते हैं. जिसको लेकर मैं परेशान हो गई हूं और अब मैं तलाक लेना चाहती हूं.

वहीं अब जब महिला सब इंस्पेक्टर बन गई तो पति से ही उसे शर्मिंदगी होने लगी है. मामला फिलहाल कोर्ट में है और पति-पत्नी की कई बार काउंसलिंग भी हो गई है. मगर पत्नी तलाक लेने की जिद पर अड़ी हुई है. अब देखना होगा कि जिला न्यायालय के न्यायाधीश तलाक की याचिका पर क्या विचार करते हैं?

जिला न्यायालय में फैमिली कोर्ट के वकील परिहार ने बताया कि पति पत्नी के तलाक के ऐसे मामले कई बार कोर्ट में आते हैं. कोर्ट में मामले आने के बाद काउंसलिंग भी की जाती है. कई बार परिवार मान भी जाता है. अगर कोई परिवार नहीं मानता है तो जिला न्यायाधीश द्वारा विचार करके तलाक का फैसला लिया जाता है.

ENTERTAINMENT : शादी के बंधन में बंधे नूपुर सेनन-स्टेबिन बेन, क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से रचाई शादी, सामने आई पहली झलक

नूपुर सेनन और स्टेबिन बेन अब पति-पत्नी बन चुके हैं. कपल ने क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से शादी रचा ली है. शादी की पहली झलक भी सामने आ गई है. नूपुर और स्टेबिन की व्हाइट वेडिंग में पूरा परिवार खुशी से झूमता दिखा.

बधाई हो…! बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की छोटी बहन नूपुर सेनन शादी के बंधन में बंध चुकी हैं. नूपुर सेनन ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड और पॉपुलर सिंगर स्टेबिन बेन संग क्रिश्चिन वेडिंग कर ली है. दोनों के क्रिश्चियन वेडिंग के वीडियोज और फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. फैंस न्यूली मैरिड कपल को ढेरों बधाई और गुड विशेज दे रहे हैं.

क्रिश्चियन वेडिंग में नूपुर सेनन व्हाइट गाउन में दुल्हन बनीं. उनके दूल्हे राजा स्टेबिन बेन व्हाइट और क्रीम कलर के सूट में दिखाई दे रहे हैं. नूपुर और स्टेबिन के साथ पीछे कृति के पेरेंट्स भी देखे जा सकते हैं. सभी के चेहरे की स्माइल उनकी खुशी को जगजाहिर कर रही है

शादी के वायरल वीडियो, फोटोज में स्टेबिन बेन शैपेन खोलते हुए दिखाई दे रहे हैं. कपल के सामने टेबल पर थ्री-टियर केक भी रखा है. बैकग्राउंड में इंग्लिश गाना ‘Congratulations & Celebrations’ भी चल रहा है. दूल्हा-दुल्हन नूपुर और स्टेबिन की बात करें तो व्हाइट वेडिंग में दोनों काफी प्यारे लग रहे हैं. दोनों की शादी किसी फेयरीटेल से कम नहीं लग रही. फैंस भी कपल को शादी की बधाई दे रहे हैं.

UP : माता मंदिर में चोरी, चढ़ाए जेवर चुराने के बाद चोर ने कान पकड़कर मांगी माफी

0

झांसी स्थित एक मंदिर की मूर्ति पर चढ़ाए गए जेवर को चुराने का मामला सामने आया है. इस चोरी का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. जिसमें चोर चोरी के बाद जाते समय माफी मांग रहा है.

उत्तर प्रदेश के झांसी में आस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. जहां एक चोर ने पहले माता के मंदिर में चोरी की और फिर जाते-जाते मातारानी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया. यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे आस्था और अपराध के अजीब मेल के रूप में देख रहे हैं.मामला झांसी के गरौठा क्षेत्र स्थित गरौठा–मढ़ां रोड पर बने बड़ी माता मंदिर का है. जहां शनिवार रात अज्ञात चोर ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोर ने पहले मंदिर का ताला तोड़ा और फिर माता के श्रृंगार में चढ़े कीमती जेवरात चुरा लिए

सुबह जब श्रद्धालु रोजानना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो टूटा हुआ ताला देखकर हड़कंप मच गया. तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. सीसीटीवी फुटेज में एक युवक साफ तौर पर चोरी करता हुआ दिखाई दे रहा है. युवक ने नीले रंग की हुडी पहन रखी है और सिर पर कैप लगाए हुए है.

वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक मंदिर में प्रवेश करने के बाद एक-एक कर सभी मूर्तियों की तलाशी लेता है. इसके बाद वह मूर्तियों पर ढके गर्म कपड़ों को हटाता है, फिर एक मूर्ति से जेवर चुरा लेता है. सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आता है, जब चोरी करने के बाद युवक मंदिर से निकलने लगता है. जाते समय वह दो बार भगवान के सामने हाथ जोड़ता है, मानो प्रार्थना या माफी मांग रहा हो.

यही दृश्य अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या चोर ने अपराध करने के बाद भगवान से माफी मांगी? वहीं जब इस मामले में गरौठा थाना प्रभारी से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है.

लेकिन अभी तक मंदिर प्रबंधन या किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. शिकायत मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोरी कितने मूल्य की हुई है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और तलाश में जुटी हुई है.

AYODHYA : राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ रहा कश्मीरी शख्स डिटेन, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

0

सूत्रों के मुताबिक कश्मीर का शख्स राम मंदिर के एक्जिट गेट के बाहर नमाज पढ़ रहा था. लोगों ने इस बारे में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.

अयोध्या में राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने वाले एक शख्स को हिरासत में लिया गया है. सूत्रों के मुताबिक कश्मीर का शख्स यहां नमाज पढ़ रहा था. जानकारी के मुताबिक राम मंदिर के एक्जिट गेट के बाहर ये युवक नमाज पढ़ रहा था. लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है. वहीं एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जांच जारी है.

एक्जिट गेट के बाहर नमाज पढ़ने की सूचना के बाद वहां पर खलबली मच गई. पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. पकड़े गए कश्मीरी मूल के युवक से पूछताछ जारी है. जानकारी के मुताबिक डिटेन किया गया शख्स शोपियां का रहने वाला है और उसका नाम अबू अहमद शेख है. सूत्रों के मुताबिक मंदिर परिसर में तैनात वाचर ने संदिग्ध के बारे में सूचना दी थी.

बताया ये भी जा रहा है कि सूचना के बाद सुरक्षा कर्मियों की ओर से उसे रोके जाने की कोशिश हुई लेकिन शख्स ने कथित तौर पर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाबलों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया. घटना की सूचना पर खुफिया एजेंसियां, स्थानीय पुलिस और सीनियर प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हैं. फिलहाल उसके इरादे की गहनता से जांच की जा रही है.

युवक पर आरोप है कि वह दक्षिणी परकोटे क्षेत्र में नमाज पढ़ रहा था. फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है. हालांकि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि आरोपी वहां क्यों आया था और उसका इरादा क्या था.

PUNJAB : अमृतसर में निहंग सिंहों के बीच झगड़ा, लंगर के लिए सब्जी लेने जा रहे नौजवान पर किया हमला

0

पंजाब के अमृतसर में निहंग सिंहों के दो गुटों के बीच विवाद की घटना सामने आई है. यहां लंगर के लिए सब्जी लेने जा रहे एक नौजवान पर जानलेवा हमला किया गया. पंजाब के अमृतसर में निहंग सिंहों के दो गुटों के बीच विवाद सामने आया है, जिसने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, निहंग सिंह डेरे की छत पर चढ़कर ईंटें फेंकता और धमकियां दे रहा होता है. यह घटना सिख समुदाय के भीतर आपसी मतभेदों और आरोप-प्रत्यारोपों को उजागर करती है.

दोषी निहंग दीदार सिंह का कहना है कि दोषी अंबी सिंह सिख धर्म के प्रचार में बाधा डालता है और कथित तौर पर भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल है. उन्होंने यह भी दावा किया कि दोषी निहंग सिंह और उसके साथी गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल हैं और पहले भी गंभीर आरोपों का सामना कर चुके हैं.पीड़ित के मुताबिक, उनके बेटे को गुरुद्वारा साहिब में लंगर के लिए सब्जियां खरीदने जाते समय रोका गया और दुर्व्यवहार किया गया. आरोप है कि उस पर तेजधार हथियारों से हमला करने की कोशिश की गई. नौजवान किसी तरह भागने और अपनी जान बचाने में कामयाब हो गया.

बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों ने समय पर दखल दिया और नौजवान की सुरक्षा को सुनिश्चित किया. इस घटना से संबंधित एक और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें दोषी निहंग सिंह अपने डेरे की छत पर चढ़कर ईंटें फेंकता और धमकियां देता दिखाई दे रहा है.पीड़ित निहंग सिंह ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, उनके पास पहले ही सुरक्षा है और वे पुलिस कर्मचारी मौके पर मौजूद थे.

- Advertisement -

News of the Day