Sunday, February 1, 2026
Home Blog Page 23

NATIONAL : अंदर चल रहे थे फेरे, बाहर हो गई किडनैपिंग…, बहन की शादी से भाई को उठा ले गए बदमाश

0

फरीदाबाद में शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज घटना सामने आई. चावला कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे के बाहर दुल्हन के 21 वर्षीय भाई को कुछ लोगों ने जबरन फॉर्च्यूनर गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया. घटना के वक्त गुरुद्वारे के अंदर शादी के फेरे चल रहे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है.

हरियाणा में फरीदाबाद की चावला कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शादी समारोह के दौरान दुल्हन के भाई को कुछ लोग जबरन उठाकर फॉर्च्यूनर गाड़ी में डालकर फरार हो गए. घटना के वक्त गुरुद्वारे के अंदर शादी के फेरे चल रहे थे. परिवार ने इसे अपहरण की वारदात बताया है, जबकि स्थानीय पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है.

परिजन प्रवीण ने बताया कि आज उनकी भतीजी की शादी थी. दोपहर करीब 3 बजे गुरुद्वारे के अंदर फेरे चल रहे थे और परिवार के सभी सदस्य वहीं मौजूद थे. इसी दौरान 21 साल के यश को एक जानकार यह कहकर बाहर बुलाकर ले गया कि कुछ लोग उससे मिलने आए हैं.

जैसे ही यश गुरुद्वारे के बाहर पहुंचा, वहां मौजूद 4 से 5 लोगों ने उसे गर्दन से पकड़ लिया और जबरन एक फॉर्च्यूनर कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए.

परिवार के अनुसार, आरोपी दो कारों में सवार होकर आए थे. इनमें से एक फॉर्च्यूनर कार में यश को अगवा कर ले जाया गया. परिजनों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि युवक को कौन लोग और किस मकसद से उठाकर ले गए हैं.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शहर थाना प्रभारी शमशेर ने बताया कि युवक को लेकर जाने की सूचना मिली है और मामले की जांच की जा रही है. हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है और परिवार गहरे सदमे में है.

MP : क्रिकेट ग्राउंड में सरकारी क्लर्क की बल्ले से पीटकर हत्या, पत्नी के कहने पर गए थे बीच-बचाव करने

0

बैतूल में पदस्थ मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारी मोहित गोहे की जान सिर्फ इसलिए चली गई क्योंकि वे दो गुटों के बीच हो रहे पथराव और झगड़े को रोकने की कोशिश कर रहे थे.मध्य प्रदेश के बैतूल में क्रिकेट खेलने के विवाद में बीच बचाव करने गए युवक की क्रिकेट के बल्ले से पिटाई के कारण मौत हो गई. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी. मृतक हाउसिंग बोर्ड में क्लर्क के पद पर पदस्थ था.

बैतूल के गंज थाना के कत्तलढाना इलाके मेंक्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. बच्चों के क्रिकेट खेल के दौरान बड़े ग्राउंड में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पथराव शुरू हो गया. इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे 27 वर्षीय मोहित गोहे पर बेरहमी से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मोहल्ले के बड़े ग्राउंड में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे. खेल के दौरान विवाद बढ़ा और पथराव होने लगा. छोटे ग्राउंड में खेल रहे बच्चों को खतरा देख मोहित की पत्नी ने उन्हें समझाने जाने को कहा. मोहित वहां पहुंचे और हालात शांत कराने की कोशिश की, तभी दो युवक उनके साथ मारपीट करने लगे. जब मोहित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर बैट और डंडों से हमला कर दिया. हमले में मोहित के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ.

घटना के बाद परिजन घायल मोहित को तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया. भोपाल में इलाज के दौरान मोहित ने दम तोड़ दिया. मोहित की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी. उनकी पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है, जो खुद को इस बात के लिए कोस रही हैं कि उन्होंने ही अपने पति को बीच-बचाव के लिए भेजा था. मोहित अपने पीछे एक मासूम बेटा और बूढ़े माता-पिता छोड़ गए हैं.

घटना को लेकर बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन का कहना है कि झगड़े में शामिल दीपक धुर्वे और पुनीत कहारे नाम के युवक आपस में भिड़े थे. मोहित बीच-बचाव करने गए तो उन पर बैट और डंडों से हमला कर दिया गया. दीपक पहले भी हत्या के प्रयास का आरोपी रह चुका है, जबकि पुनीत पर भी कई अपराध दर्ज हैं. दोनों आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं.

NATIONAL : 38 साल की महिला ने 9 बेटियों के बाद जन्मा बेटा, इंतजार में छोटी बेटियों के नाम रखे थे काफी और माफी

0

10 बेटियों के बाद बेटे के जन्म ने हरियाणा के जींद में खुशी की लहर दौड़ा दी है. यहां उचाना कलां निवासी सुरेंद्र के परिवार में शादी के 24 साल और 9 बेटियों के बाद बेटे का जन्म हुआ है. परिवार ने उसका नाम दिलखुश रखा है.कुछ दिन पहले हरियाणा के जींद में 10 बेटियों के बाद बेटे के जन्म की खबर सामने आई थी और अब एक बार फिर ऐसा ही मामला जिले के उचाना कलां से आया है. यह खबर सिर्फ एक परिवार की खुशी नहीं, बल्कि उस सोच को भी उजागर करती है, जहां आज भी बेटे के जन्म को त्योहार और बेटियों को बेटे का इंतजार समझा जाता है

उचाना कलां निवासी सुरेंद्र के परिवार में शादी के 24 साल और 9 बेटियों के बाद बेटे का जन्म हुआ है. जैसे ही नागरिक अस्पताल में बेटे के जन्म की सूचना मिली, परिवार और रिश्तेदारों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. अस्पताल परिसर में मिठाइयां बांटी गईं और जश्न मनाया गया.सुरेंद्र की पत्नी रीतू ने 9 बेटियों के बाद 10वें बच्चे के रूप में बेटे को जन्म दिया. परिजनों का कहना है कि सभी भगवान से दुआ कर रहे थे कि इस बार बेटा हो, ताकि बेटियों को भाई मिल सके. यही नहीं, परिवार के दूसरे भाई की भी तीन बेटियां हैं, ऐसे में कुल 12 बहनों को एक भाई मिला है. दो लड़कियों की शादी बीते साल नवंबर में हुई थी. सबसे छोटी बेटी की उम्र 3 साल की है. सबसे बड़ी बेटी की उम्र 21 साल की है. बेटियों के नाम कल्पना, आरती, भारती, खुशी, मानसू, रजनी, रजीव, काफी, माफी हैं.

परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार इसे ईश्वर की कृपा बता रहे हैं. बुआ ने बेटे का नाम ‘दिलखुश’ रखने की घोषणा करते हुए कहा कि ‘भगवान ने सबका दिल खुश कर दिया.’ नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार 38 वर्षीय रीतू की डिलिवरी सामान्य रही और मां-बेटा दोनों स्वस्थ हैं. डॉक्टरों ने बताया कि पहले 9 डिलिवरी हो चुकी होने के कारण महिला को विशेष निगरानी में रखा गया था.

हालांकि यह खुशी भरा माहौल एक सवाल भी छोड़ जाता है- क्या आज भी समाज में बेटी का जन्म स्वीकार्य नहीं है? जहां एक ओर सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर बेटे की चाह में एक महिला को 10 बार मां बनना पड़ रहा है. महिला की 10 की 10 डिलीवरी नॉर्मल थीं. यह खबर साफ दिखाती है कि आधुनिक दौर में भी बेटा-बेटी के बीच फर्क करने वाली मानसिकता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.

PUNJAB : पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर कार लूटने की कोशिश, कर्मचारियों की सतर्कता से टली वारदात

0

पंजाब में एक पेट्रोल पंप पर पिस्टल दिखाकर कार लूटने की कोशिश का मामला सामने आया है. बताया जाता है पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को देखकर कार मालिक ने शोर मचा दिया. जिससे बदमाश भाग गए.

पंजाब के डेराबस्सी स्थित एवरग्रीन पेट्रोल पंप पर सोमवार तड़के करीब 5 बजे पिस्टल दिखाकर कार लूटने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक्टिवा पर सवार तीन लुटेरों ने पेट्रोल भरवाने आए एक कार चालक को निशाना बनाया, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मचारियों की सतर्कता के चलते वारदात टल गई. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कार चालक पेट्रोल भरवाने के लिए एवरग्रीन पेट्रोल पंप पर रुका था. उसी दौरान उसके पीछे एक्टिवा पर सवार तीन युवक भी पहुंचे और तेल भरवाने लगे. कार में तेल भरवाने के बाद जैसे ही चालक गाड़ी में बैठने लगा, तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और पिस्टल दिखाकर कार की चाबी छीनने का प्रयास किया.

कार चालक ने स्थिति भांपते ही शोर मचा दिया. शोर सुनते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद करीब पांच कर्मचारी तुरंत एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए. कर्मचारियों को अपनी ओर आते देख लुटेरे घबरा गए और वारदात को अंजाम दिए बिना ही एक्टिवा पर सवार होकर डेराबस्सी की ओर फरार हो गए. इसी दौरान अंदर सो रहे अन्य कर्मचारी भी जाग गए, जिससे लुटेरों को भागने पर मजबूर होना पड़ा.

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बताया कि लुटेरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और उनमें से एक के हाथ में पिस्टल थी. लुटेरों की एक्टिवा की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी, ताकि पहचान न हो सके. बताया गया कि कार चालक ने टंकी फुल करवाई थी, जबकि लुटेरों ने एक्टिवा में मात्र 100 रुपये का पेट्रोल डलवाया था. घटना की जानकारी पेट्रोल पंप मालिकों ने तुरंत पुलिस को दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है.

RAJASTHAN : कोटा में रीट परीक्षा देकर लौट रही छात्रा का चाइनीज मांझे से कटा गला, स्कूटी से गिरी

0

राजस्थान के कोटा में मकर संक्रांति के बाद भी चाइनीज मांझे का कहर जारी है. रविवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा देने लौट रही सवाई माधोपुर निवासी जया चौधरी स्कूटी पर बोरखेड़ा पुलिया से गुजरते समय मांझे में उलझ गई. गले, आंख और उंगली में गंभीर चोटें आईं और स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई. आसपास से गुजर रहे डॉक्टर ने मदद की. जया की आंख में पांच टांके लगे. इससे पहले भी मांझे से बच्चे और कई लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके इस्तेमाल पर रोक नहीं लग पाई है.

राजस्थान के कोटा में मकर संक्रांति के बाद भी चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को बोरखेड़ा पुलिया पर शिक्षक भर्ती परीक्षा देकर लौट रही एक छात्रा चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई. अचानक गले में मांझा उलझने से छात्रा के गले, आंख और हाथ की उंगली में गहरे कट लग गए. हादसे में स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे छात्रा के साथ मौजूद युवती भी चोटिल हो गई.

घायल छात्रा की पहचान सवाई माधोपुर निवासी जया चौधरी के रूप में हुई है. जया ने बताया कि वह रीट परीक्षा देने के लिए कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र में अपनी मौसी के यहां आई थी. रविवार को बसंत विहार स्थित परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर वह मौसी की बेटी प्रिया के साथ स्कूटी से लौट रही थी. इसी दौरान बोरखेड़ा पुलिया पर उड़ती पतंग का चाइनीज मांझा अचानक उसके गले में लिपट गया.

मांझा हटाने की कोशिश में जया की उंगली कट गई और आंख में भी गंभीर चोट आई. संतुलन बिगड़ने से स्कूटी गिर गई, जिससे दोनों युवतियां सड़क पर गिर पड़ीं. संयोग से उसी समय वहां से गुजर रहे एक डॉक्टर ने तुरंत मदद की और घायल छात्रा को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में जया की आंख में पांच टांके लगाए गए हैं, जबकि गले और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं. फिलहाल उसका इलाज जारी है.

गौरतलब है कि चाइनीज मांझा पहले भी जानलेवा साबित हो चुका है. 14 जनवरी को इसी मांझे से एक 5 साल के बच्चे के गले में गंभीर चोट आई थी, जिसकी 15 जनवरी को मौत हो गई थी. इसके अलावा शहर में अब तक कई लोग घायल हो चुके हैं, वहीं पशु-पक्षियों के घायल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. बावजूद इसके, चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाई है, जिससे हर दिन राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में बनी हुई है.

NATIONAL : ‘मुझसे एक गलती हो गई…’, पत्नी का कुबूलनामा, कांस्टेबल पति ने रिकॉर्ड कर पुलिस को सौंपा; प्रेमी संग देख लेने पर छत से फेंक दिया था बेटा

0

ग्वालियर में अपने 5 साल के बेटे को छत से फेंककर मारने वाली मां ज्योति राठौर को उम्रकैद की सजा हुई है. पुलिस कांस्टेबल पति ने पत्नी का जुर्म रिकॉर्ड कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया.

ग्वालियर में एक अदालत ने 5 साल के बच्चे की हत्या के मामले में मां को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है. हालांकि सबूतों के अभाव में बच्चे की मां के प्रेमी को दोषमुक्त कर दिया गया है. बच्चे ने अपनी मां को प्रेमी के साथ देख लिया था. इस बात के उजागर होने के डर से मां ने बच्चे को छत से नीचे फेंक दिया था. मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस ने इस घटना का खुलासा महज 15 दिन में कर दिया था. लेकिन शुरुआती जांच में यह मामला सामान्य हादसा लग रहा था.

दअरसल, घटना 28 अप्रैल 2023 थाटीपुर थाना इलाके की है. जहां ज्योति राठौर पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी के साथ छत पर मौजूद थी. इसी दौरान उसका बच्चा छत पर आ गया था और उसने मां को प्रेमी की बांहों में देख लिया था.बेटा यह बात पति को न बता दे, इसलिए ज्योति और प्रेमी ने बच्चे को दो मंजिल नीचे फेंक दिया था. बच्चा सड़क पर तड़पता रहा. जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो मां बच्चे को देखने नहीं पहुंची.

दो मंजिल से गिरने के कारण बच्चे के सिर में गंभीर चोटें आई थीं. उसका एक दिन जयारोग्य अस्पताल में इलाज भी चला. लेकिन अगले दिन 29 अप्रैल को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. घर के लोग और बच्चे के पिता पुलिस कांस्टेबल ध्यान सिंह ने भी यही मानकर चल रहे थे कि असावधानी के चलते उनके बेटे का पैर फिसल जाने के कारण वह नीचे गिर गया होगा.

लेकिन 15 दिन बाद मां को पछतावा हुआ और उसने अपने पति ध्यान सिंह से कहा, ”मुझसे बड़ी गलती हो गई है…” इस बयान से पति को शक हुआ. उसने पत्नी को भरोसे में लेकर पूरी बात पूछी और ज्योति टूट गई और उसने पूरी घटना पति को बता दी. कॉन्स्टेबल पति ने बातचीत की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली और घर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी निकलवाए.

पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद पति सभी साक्ष्यों के साथ थाटीपुर थाना पहुंचाकर पत्नी की शिकायत की. जिसके आधार पर पुलिस ने ज्योति राठौर और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज किया था और जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया गया था. मामले की सुनवाई के दौरान लोक अभियोजक विजय शर्मा ने पुलिस की ओर से पैरवी की और अदालत ने मां को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई, जबकि पर्याप्त साक्ष्य न होने के कारण प्रेमी को दोषमुक्त कर दिया गया.

NATIONAL : लड़कियों ने रातों रात खाली किया हॉस्टल…, पटना में एक छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी

0

पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की रहस्यमयी मौत के बाद हॉस्टल खाली होने लगा है. अन्य छात्राओं के परिजन अपनी बेटियों का सामान लेकर उन्हें घर ले गए. परिजनों ने कहा कि अब वे बेटियों को पटना में हॉस्टल में रखकर पढ़ाई नहीं करवाएंगे.

बिहार के पटना में नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा की रहस्यमयी मौत के बाद शम्भू गर्ल्स हॉस्टल को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. इस घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं और उनके परिजनों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है. बीती शाम बड़ी संख्या में छात्राओं के परिजन शम्भू गर्ल्स हॉस्टल पहुंचे और अपनी-अपनी बेटियों का सामान समेटकर उन्हें वहां से ले गए. इसके बाद यह हॉस्टल लगभग पूरी तरह खाली हो गया है.

परिजनों का कहना है कि इस घटना ने उनके भरोसे को पूरी तरह तोड़ दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब वे अपनी बेटियों को पटना जैसे बड़े शहर में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने के लिए नहीं भेजेंगे. उनका कहना है कि आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब बेटियां घर पर रहकर ही करेंगी.जब परिजनों से शम्भू गर्ल्स हॉस्टल की स्थिति के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने हॉस्टल की व्यवस्थाओं पर भी गंभीर आरोप लगाए. परिजनों ने कहा कि यह हॉस्टल काफी खराब स्थिति में था.

परिजनों ने सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे पर भी सवाल उठाए. उनका कहना था कि जब बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो वे उन्हें बाहर भेजकर पढ़ाई कैसे करवा सकते हैं. एक अभिभावक ने कहा, ‘सरकार कहती है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, लेकिन मौजूदा हालात में हम अपनी बेटियों को बाहर कैसे भेजें? अब हम अपनी बेटियों को घर पर ही रखेंगे और पटना किसी भी हाल में नहीं भेजेंगे.’

ENTERTAINMENT : शादी के 5 साल बाद टूट रहा नेहा कक्कड़ का घर? तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मेरे पति…

सिंगर नेहा कक्कड़ ने तलाक की अफवाहों पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने पति रोहनप्रीत सिंह और परिवार को इस विवाद से दूर रखने की अपील की है.

सिंगर नेहा कक्कड़ की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हंगामा मचा दिया है. नेहा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि वो रिश्तों और काम से ब्रेक ले रही हैं. इसके बाद से कयास लगाए जाने लगे कि वो तलाक ले रही हैं. इससे पहले उनकी शादीशुदा जिंदगी पर ज्यादा बातें होतीं, उन्होंने तलाक को लेकर चुप्पी तोड़ी है.

नेहा कक्कड़ ने रोहनप्रीत सिंह संग तलाक की अफवाहों पर रिएक्ट किया है. उन्होंने मामले पर सफाई देते हुए लोगों से गुजारिश की कि उनके पति या फैमिली को इस मामले में मत घसीटो. सिंगर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कृपया मेरे मासूम पति या मेरी सबसे प्यारी फैमिली को इन सबसे दूर रखो. वो सबसे साफ-सुथरे लोग हैं, जो मुझे पता है और जो कुछ भी मैं आज हूं, वो उनके सपोर्ट की वजह से है.

आगे वो कहती हैं कि मुझे कुछ और लोगों और सिस्टम से गुस्सा है. उम्मीद करती हूं कि आप समझ गए होंगे कि मैं किसकी बात कर रही हूं. मेरे पति और फैमिली को इसमें मत शामिल करो. हां, मैं मानती हूं कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करते वक्त इतना इमोशनल नहीं होना चाहिए. क्योंकि मीडिया को पता है कि राई का पहाड़ कैसे बनाया जाता है. खैर सबक मिल गया है. अब से मैं अपनी निजी जिंदगी के बारे में बिल्कुल बात नहीं करने वाली भाईसाहब.

आगे वो लिखती हैं कि बेचारी भावुक नेहू इस दुनिया के लिए कुछ ज्यादा ही भावुक बन गई है. मेरे नेहार्ट्स को सॉरी और धन्यवाद. टेंशन मत लो, मैं बहुत जल्द ही धमाके के साथ वापसी करूंगी. आप लोगों को मेरा ढेर सारा प्यार.

पोस्ट्स डिलीट करने से पहले नेहा ने दो अलग-अलग पोस्ट्स में ब्रेक अनाउंस किया था. एक में लिखा, जिम्मेदारियों, रिश्तों, काम और अभी जो भी सोच रही हूं, सबसे ब्रेक लेने का टाइम. पता नहीं वापस आऊंगी या नहीं. थैंक्यू.

दूसरे पोस्ट में मीडिया और फैंस से प्राइवेसी की रिक्वेस्ट की. उन्होंने पैपराजी से कहा कि विनती है कि मुझे बिल्कुल कैप्चर न करें. उम्मीद है कि आप मेरी प्राइवेसी का सम्मान करेंगे. मुझे इस दुनिया में फ्रीली जीने दो. नो कैमरा प्लीज, ये कम से कम मेरे लिए कर दो.

पर्सनल लाइफ की बात करें तो नेहा कक्कड़ ने अक्टूबर 2020 में सिंगर रोहनप्रीत सिंह से शादी की. कपल अक्सर सोशल मीडिया पर प्यार भरे मोमेंट्स शेयर करता है और एक-दूसरे का सपोर्ट करता रहता है. लेटेस्ट पोस्ट से नेहा ने तलाक की अफवाहों पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया और कहा कि उनके इमोशनल मोमेंट में पति-फैमिली को मत घसीटो.

NATIONAL : एक कमरा, 5 लाशें, सभी के माथे पर लगी गोली… सहारनपुर में पूरा परिवार खत्म, इलाके में सनसनी

0

सहारनपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया. अशोक, उनकी पत्नी, मां और दो बेटों के माथे पर गोली लगी थी. मौके से तीन तमंचे मिले हैं. पुलिस को शक है कि अशोक ने सबको मारकर आत्महत्या की है. कर्ज या घरेलू तनाव सहित अन्य पहलुओं पर जांच जारी है.

यूपी के सहारनपुर में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. एक कमरे में अशोक, उनकी पत्नी अंजिता, मां विद्यावती और दो बेटे कार्तिक व देव के शव मिले. सभी के माथे पर गोली लगी हुई थी. कमरे से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं. अशोक और उनकी पत्नी के शव फर्श पर, जबकि मां और दोनों बच्चे बेड पर पड़े मिले.पुलिस को शुरुआती जांच में शक है कि अशोक ने पहले अपनी मां, पत्नी और दोनों बेटों को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं परिवार पर कर्ज, नौकरी से जुड़ा तनाव, घरेलू विवाद या मानसिक दबाव तो नहीं था, जिसकी वजह से यह खौफनाक कदम उठाया गया.

सहारनपुर पुलिस इस संभावना को भी खंगाल रही है कि परिवार में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ हो और गुस्से में फायरिंग की गई हो. साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी बाहरी व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम तो नहीं दिया. पुलिस परिवार के किसी से विवाद, लेन-देन या दुश्मनी के बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है.

आपको बता दें कि मृतक अशोक नकुड़ तहसील में अमीन थे और उन्हें अपने पिता की मौत के बाद मृतक आश्रित में नौकरी मिली थी. उनका बेटा देव कस्बे के एक निजी स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि कार्तिक नकुड़ के इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ रहा था. पड़ोसियों के अनुसार, परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई विवाद नहीं था. सूचना मिलते ही पुलिस अफसर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, घर को सील कर सभी मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए गए हैं. मामले की हर एंगल से जांच जारी है.

NATIONAL : ‘पहले Insta पर परेशान किया, फिर हरियाणा से बेंगलुरु पहुंच गया…’,फिटनेस इन्फ्लुएंसर के पीछे पड़ा मनचला

0

बेंगलुरु में एक महिला फिटनेस इन्फ्लुएंसर को सोशल मीडिया के जरिए परेशान करने और पीछा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम से शुरू हुई पहचान के बाद आरोपी ने अश्लील संदेश भेजे और हरियाणा से बेंगलुरु तक पहुंच गया. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और ऑनलाइन उत्पीड़न पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

देश में महिला सुरक्षा को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग के बीच महिलाओं की प्राइवेसी और सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है. ताजा मामला बेंगलुरु से सामने आया है, जहां एक महिला फिटनेस और न्यूट्रिशन इन्फ्लुएंसर को सोशल मीडिया पर संपर्क में आए एक युवक ने न सिर्फ ऑनलाइन परेशान किया, बल्कि उसका पीछा करते हुए हरियाणा से कर्नाटक तक पहुंच गया.

पीड़िता एक जानी-मानी फिटनेस और न्यूट्रिशन इन्फ्लुएंसर है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुधीर कुमार की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए महिला से हुई थी. शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन बाद में आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और फिर उसे इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप पर अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजने लगा. महिला ने बताया कि वह इस कदर पीछे पड़ा कि हरियाणा से बेंगलुरु पहुंच गया.

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला को लगातार मैसेज भेजकर मानसिक रूप से परेशान किया. जब महिला ने बातचीत बंद करने की कोशिश की, तो आरोपी की हरकतें और बढ़ गईं. वह महिला की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखने लगा और उसकी लोकेशन जानने की कोशिश करने लगा.मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया जब आरोपी हरियाणा से बेंगलुरु पहुंच गया. यहां उसने महिला के जिम और ऑफिस के आसपास पूछताछ शुरू कर दी. आरोपी के इस व्यवहार से महिला बेहद डर गई और खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी.

आखिरकार पीड़िता ने साउथ डिवीजन महिला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुधीर कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने पहले भी किसी महिला के साथ इस तरह की हरकत की है या नहीं.

- Advertisement -

News of the Day