Saturday, September 26, 2026
Home Blog Page 240

WORLD : कतर नहीं हैं हम, बुरा अंजाम होगा’, पाकिस्तान ने इजरायल को धमकाया, क्या जंग में उतरेगा मुल्क?

0

अमेरिका-ईरान जंग के बीच पाकिस्तान ने इजरायल को चेतावनी दी है. पाकिस्तान ने कहा कि उसे कतर जैसा समझने की भूल न किया जाए.मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पाकिस्तान ने इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है. पाकिस्तान सरकार से जुड़े एक फोरम ने साफ कहा है कि उसे कतर की तरह कमजोर न समझा जाए. साथ ही यह भी कहा गया कि अगर दुनिया में कहीं भी पाकिस्तानी अधिकारियों या राजनयिकों को नुकसान पहुंचता है तो इसका बहुत बुरा अंजाम होगा. यह बयान उस समय सामने आया, जब अमेरिका और इजरायल ने तेहरान में हवाई हमले किए थे, जो पाकिस्तानी दूतावास के पास हुए थे. हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक, दूतावास और वहां काम करने वाले लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन आसपास की कई इमारतों को नुकसान हुआ है.

इसी बीच IDF ने कहा कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान के बीचों-बीच बड़े हमले किए गए और कई ठिकानों को निशाना बनाया. दूसरी तरफ ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है. खबरों के अनुसार ईरान ने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 की शुरुआत करते हुए ड्रोन के जरिए इजरायल के कई अहम ठिकानों पर हमला किया है, जिसमें हाइफा के ईंधन और नौसेना से जुड़े ठिकाने शामिल थे.

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच पाकिस्तान एक अलग भूमिका निभा रहा है. पाकिस्तान ने कहा है कि वह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिश कर रहा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने बताया कि दोनों देशों के बीच हो रही बातचीत को पाकिस्तान के जरिए पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि तुर्किए और मिस्त्र भी इसका समर्थन कर रहे हैं, ताकि इलाके में शांति बनी रहे. खबरों के मुताबिक, अमेरिका ने 15 बिंदुओं का एक प्रस्ताव ईरान को भेजा है, जिस पर अभी विचार किया जा रहा है.

पाकिस्तान ने यह भी कहा है कि अगर दोनों देश तैयार हों तो इसके आगे की बातचीत इस्लामाबाद में हो सकती है. इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के कहने पर उन्होंने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर होने वाले हमलों को 10 दिनों के लिए रोक दिया है. उन्होंने बताया कि यह पाबंदी 6 अप्रैल तक लागू रहेगी.

BUSINESS : एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की बड़ी कटौती, क्या अब सस्ता होने जा रहा पेट्रोल-डीजल?

सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर करीब 3 रुपये कर दी है, जबकि डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है. आमतौर पर ऐसे फैसलों के बाद खुदरा कीमतों में कमी देखने को मिलती है, लेकिन भारत में ईंधन की कीमतें पूरी तरह सरकार तय नहीं करती.

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और Strait of Hormuz के बाधित होने से पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच भारत सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपये तक एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले से लोगों की उम्मीदें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन सवाल अभी भी बना हुआ है क्या इसका फायदा सीधे आपकी जेब तक पहुंचेगा?

सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर करीब 3 रुपये कर दी है, जबकि डीजल पर इसे शून्य कर दिया गया है. आमतौर पर ऐसे फैसलों के बाद खुदरा कीमतों में कमी देखने को मिलती है, लेकिन भारत में ईंधन की कीमतें पूरी तरह सरकार तय नहीं करती.

दरअसल, पेट्रोल-डीजल के दाम Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum Corporation Limited और Hindustan Petroleum Corporation Limited जैसी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां तय करती हैं. ये कंपनियां कीमत तय करते समय अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल के भाव, डॉलर-रुपया विनिमय दर और अपने मार्जिन को ध्यान में रखती हैं.इसी वजह से जानकार मानते हैं कि एक्साइज ड्यूटी में कटौती का पूरा फायदा तुरंत उपभोक्ताओं तक पहुंचे, यह जरूरी नहीं है, खासतौर पर तब, जब वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बनी हुई हो और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी हो.

इस बीच निर्मला सीतारमण ने इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा है कि सरकार का उद्देश्य महंगाई के दबाव से जनता को राहत देना है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल के बावजूद सरकार आवश्यक आपूर्ति को सुरक्षित रखने और लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.कुल मिलाकर, यह फैसला राहत की दिशा में बड़ा कदम जरूर है, लेकिन पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा या नहीं, यह आने वाले दिनों में वैश्विक हालात और तेल कंपनियों के फैसलों पर निर्भर करेगा.

NATIONAL : अयोध्या में रामलला का ‘सूर्य तिलक’: ललाट पर चमकीं किरणें, PM मोदी ने भी किए लाइव दर्शन

0

रामनगरी अयोध्या में रामनवमी के पावन अवसर पर प्रभु रामलला का भव्य सूर्य तिलक हुआ. आधुनिक विज्ञान और आध्यात्म के संगम से साक्षात सूर्य देव ने रामलला के मस्तक पर तिलक लगाया. करीब 4 मिनट तक चली इस खगोलीय घटना को देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं ने सीधा प्रसारण के जरिए देखा.

रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार दोपहर ठीक 12 बजे अभिजीत मुहूर्त के दौरान प्रभु रामलला का भव्य सूर्य तिलक किया गया. प्राण-प्रतिष्ठा के बाद यह बालक राम का दूसरा सूर्य तिलक है, जिसमें करीब 4 मिनट तक सूर्य की नीली किरणें उनके ललाट पर पड़ती रहीं. इस अलौकिक दृश्य को साकार करने के लिए बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने विशेष उपकरणों का निर्माण किया था, जिनका परीक्षण 24 मार्च को ही पूरा कर लिया गया था. रामनवमी के इस विशेष अवसर पर भगवान को पीले रंग के वस्त्र पहनाए गए और जन्मोत्सव के समय गर्भगृह में 14 विशेष पुजारी मौजूद रहे. सूर्य देव की किरणों को दर्पण और लेंस के जरिए परावर्तित कर सीधे रामलला के मस्तक तक पहुंचाया गया.

बता दें कि PM मोदी ने भी रामलला के दर्शन किए. राम नवमी के अवसर पर उन्होंने भगवान राम की पूजा-अर्चना की और राम मंदिर में ‘सूर्य तिलक’ अनुष्ठान देखा. पीएमओ की ओर से एक तस्वीर जारी की गई है जिसमें प्रधानमंत्री लाइव टीवी पर राम मंदिर में हो रहे अनुष्ठान को देख रहे हैं. वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सूर्यवंश शिरोमणि प्रभु श्री रामलला के दिव्य भाल पर विराजित यह स्वर्णिम ‘सूर्य तिलक’ आस्था, आत्मगौरव और अध्यात्म का आलोक है.

बकौल सीएम योगी- ‘यह तिलक सनातन संस्कृति की शाश्वत चेतना को जागृत करता हुआ, भारत के जन-जन के हृदय में श्रद्धा, शक्ति और स्वाभिमान का संकल्प-सूर्य प्रज्वलित कर रहा है. यह भारत को उसकी मूल आत्मा से पुनः जोड़ रहा है.’

उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम के दिव्य ‘सूर्य तिलक’ का आलोक ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्पों को दिशा दे रहा है. क्योंकि जहां राम हैं, वहीं राह है, और वहीं भारत उजास बनकर जगमगाता है. बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने सूर्य की गति का गहन अध्ययन कर ये खास उपकरण तैयार किए हैं. ट्रस्ट के अनुसार, इन उपकरणों की डिजाइन ऐसी है कि अगले 19 सालों तक सूर्य की गति में होने वाले बदलावों के बावजूद किसी छेड़छाड़ की जरूरत नहीं होगी. दोपहर 12 बजे जैसे ही सूर्य की किरणें मंदिर के ऊपरी हिस्से से टकराईं, वे परावर्तित होकर सीधे रामलला के ललाट पर तिलक के स्वरूप में उभर आईं. इस पूरे नजारे को कैद करने के लिए मंदिर परिसर में 6 विशेष कैमरे लगाए गए थे और दूरदर्शन समेत सोशल मीडिया पर इसका सीधा प्रसारण किया गया.

रामनवमी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन के समय में विस्तार किया गया है. श्रद्धालु सुबह 5 बजे से लेकर रात 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे. हालांकि, सूर्य तिलक के विशेष अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा और गरिमा बनाए रखने के लिए तिलक से आधा घंटा पहले और आधा घंटा बाद तक वीआईपी पास के जरिए प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी. आरती पास धारकों के लिए ट्रस्ट ने एक अलग लाइन की व्यवस्था की है. आम दिनों में दर्शन का समय सुबह 6:30 से रात 9:30 बजे तक रहता है, लेकिन आज यह उत्सव देर रात तक चलेगा.

NATIONAL : ट्रैक्टर में 4 बार ड्रम भर-भरकर डाला डीजल, तेल के इंतजार में लोग कतार में खड़े रहे, रातों-रात पेट्रोल पंप सील

0

पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच मैहर जिले के एक पेट्रोल पंप पर छापा मारा गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होन के बाद यह कार्रवाई हुई, जिसमें चार ड्रमों में डीजल भरते हुए देखा गया.

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच प्रशासन ने पहली बड़ी कार्रवाई की है. अमरपाटन क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात छापेमारी की गई. यह कार्रवाई ग्राम ककरा स्थित महादेवा पेट्रोल पंप पर हुई जहां डीजल वितरण में अनियमितता की शिकायत सामने आई थी. दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक ट्रैक्टर में रखे चार ड्रमों में डीजल भरते हुए देखा गया.

वीडियो सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की गई. एसडीएम, एसडीपीओ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप के स्टॉक की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताई गई, जिसके चलते पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया.

बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक ऐसे ग्राहक ने बनाया था, जो लंबे समय से लाइन में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था, लेकिन उसे डीजल नहीं मिल पा रहा था. इसी दौरान उसने देखा कि एक ट्रैक्टर में अलग-अलग चार ड्रम रखकर बड़ी मात्रा में डीजल भरा जा रहा है. इससे नाराज होकर उसने पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से फैल गया और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा.

फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और उस ट्रैक्टर चालक की भी तलाश की जा रही है, जिसने ड्रम में डीजल भरवाया था. अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ENTERTAINMENT : बर्थडे से पहले रामचरण के साथ हुआ हादसा, आंखों के पास पट्टी बांधकर फैंस से की मुलाकात….

फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग के दौरान चोट लगने के बावजूद राम चरण ने हिम्मत नहीं हारी. आंख के ऊपर लगी पट्टी के साथ फैंस से मुलाकात करते उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

साउथ सुपरस्टार राम चरण 27 मार्च को अपना जन्मदिन मनाने वाले है. हालांकि, इससे पहले ही शूटिंग के दौरान उन्हें चोट लग गई है. इसके बावजूद उन्होंने जिस तरह से इस हालात को संभाला, उसने सभी का दिल जीत लिया. उनके जन्मदिन से पहले सामने आई उनकी झलक ने फैंस को थोड़ा चिंता में जरूर डाल दिया, लेकिन साथ ही उनकी हिम्मत की भी खूब तारीफ हो रही है. सोशल मीडिया पर उनका ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा हैं, जहां वह आंख के ऊपर पट्टी लगने के बावजूद मुस्कुराते नजर आए.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राम चरण अपनी आने वाली फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग कर रहे थे, तभी एक एक्शन सीन के समय उन्हें चोट लग गई. चोट इतनी थी कि उन्हें छोटा सा ऑपरेशन करवाना पड़ा और आंख के पास टांके भी लगे. इसके बावजूद उन्होंने शूटिंग से ब्रेक नहीं लिया और दोबारा सेट पर लौट आए. हाल ही में वह फैंस से भी मिले, जहां उनके माथे के ऊपर पट्टी दिखाई दे रही थी. काले कपड़ों और अयप्पा माला में वह अपने खास अंदाज में नजर आए. फैंस उन्हें देखकर खुश हुए और उन्होंने भी मुस्कुराते हुए उनके साथ वीडियो बनाया.

बता दें, ‘पेड्डी’ फिल्म 30 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है, जिसमें रामचरण के साथ जान्हवी कपूर लीड रोल में है. शुरुआत में रामचरण की चोट को लेकर कई तरह की अफवाहें सामने आई थी. कुछ लोगों को लगा कि ये मामला गंभीर है, लेकिन बाद में उनकी टीम ने साफ किया कि यह मामूली चोट थी और आंख को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है. चिरंजीवी ने भी डॉक्टर का धन्यवाद करते हुए बताया कि सही समय पर इलाज होने से चिंता खत्म हो गई. वहीं, उनकी चचेरी बहन निहारिका भी पहले खबर सुनकर घबरा गई थी. हालांकि अब राम चरण पूरी तरह ठीक हो रहे हैं और जल्द ही अपने काम में पर लौट आएंगे.

BUSINESS : सिर्फ दो दिन में 39800 रुपये महंगा हुआ सोना, जानें आज कितना है 24 से लेकर 18 कैरेट का भाव?

भारत में आज सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है. हफ्ते की शुरुआत में आई गिरावट के बाद अब सोना फिर से पटरी पर लौटता नजर आ रहा है. पिछले दो सेशन में सोने की कीमत में भारी उछाल आया है. इस दौरान 100 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत में लगभग 39800 रुपये और इतने ही ग्राम के 22 कैरेट सोने की कीमत में 36500 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. यह सोने में लोगों की फिर से बढ़ती दिलचस्पी को दिखाता है.

सोने की कीमतों में यह तेजी अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता को लेकर मिल रहे अलग-अलग संकेतों की वजह से हो रही है. एक तरफ अमेरिका ने पाकिस्तान के जरिए ईरान को शांति प्रस्ताव भेजा है. वहीं, दूसरी तरफ ईरान ने बातचीत में शामिल होने की किसी भी इच्छा से इंकार कर दिया है. ऊपर से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strair of Hormuz) पर अपना पूरा अधिकार (संप्रभु नियंत्रण) की शर्त रख दी है. इसने तनाव को फिर से चरम पर पहुंचा दिया है. दुनिया का लगभग 20 परसेंट कच्चा तेल इसी रास्ते से होकर गुजरता है. ऐसे में यहां किसी तरह का नियंत्रण वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए चिंताजनक है.

आज सोने की कीमत

24 कैरेट
आज 24 कैरेट सोने की कीमत प्रति ग्राम 14689 रुपये है, जो कल के 14667 रुपये से 22 रुपये ज्यादा है. वहीं, 176 रुपये के इजाफे के साथ आज 8 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,17,512 रुपये है. 10 ग्राम की कीमत 220 रुपये बढ़कर 1,46,890 रुपये और 100 ग्राम की कीमत 2,200 की बढ़ोतरी के साथ 14,68,900 रुपये हो गई है.

22 कैरेट
22 कैरेट की कैटेगरी में भी सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली. 1 ग्राम की कीमत आज 13,465 है, जो पिछले सेशन से 20 रुपये ज्यादा है. 8 ग्राम के लिए रेट बढ़कर 1,07,720 हो गया, जिसमें कल के मुकाबले 160 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई. 10 ग्राम की कीमत 200 रुपये बढ़कर 1,34,650 रुपये, जबकि 100 ग्राम की कीमत 2,000 रुपये बढ़कर 13,46,500 तक पहुंच गई है.

18 कैरेट
आज 18 कैरेट सेगमेंट में भी सोने की कीमतें बढ़ीं. 1 ग्राम का रेट 11,017 है, जो 16 रुपये ज्यादा है. 8 ग्राम के लिए कीमत बढ़कर 88,136 हो गई, जिसमें 128 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 10 ग्राम का रेट बढ़कर 1,10,170 हो गया, जो 160 रुपये ज्यादा है, जबकि 100 ग्राम की कीमत 11,01,700 है, जिसमें 1,600 की बढ़ोतरी हुई है.

चांदी की कितनी है कीमत?
भारत में आज चांदी की कीमतें 240 रुपये प्रति ग्राम और 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम है. वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश में आज चांदी की कीमत में 10,000 रुपये प्रति किलो तक की बड़ी गिरावट देखी जा रही है.

NATIONAL : 5 साल की बच्ची ने CM योगी को गिफ्ट किया ‘खिलौना बुलडोजर’, हंसने लगे मुख्यमंत्री, वीडियो वायरल

0

गोरखपुर दौरे पर सीएम योगी को कानपुर की 5 वर्षीय यशस्विनी ने ‘खिलौना बुलडोजर’ भेंट किया, जिसे देख मुख्यमंत्री अपनी हंसी नहीं रोक पाए. उन्होंने बच्ची को दुलारा और मन लगाकर पढ़ने की नसीहत दी. साथ ही, सीएम ने ‘जनता दर्शन’ में भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए.

सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर हैं. आज सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान उन्हें कानपुर से आई एक छोटी बच्ची ने ‘खिलौना बुलडोजर’ भेंट किया. ये नजारा देखकर वहां मौजूद सभी हंसने लगे. खुद सीएम योगी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. उन्होंने पहले तो बच्ची को पास बुलाया, फोटो खिंचवाई और फिर उसे खूब मन लगाकर पढ़ाई करने की नसीहत दी. बाद में सीएम ने बच्ची को उसका खिलौना वापस कर दिया और वह हंसते-खेलते वहां से चली गई.

फिलहाल, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. खुद सीएम योगी के ऑफिस की और से इसको शेयर किया गया है. इसमें लिखा है- ‘ यह नन्हा सा उपहार बड़े विश्वास का प्रतीक है, यह भरोसे की मासूम अभिव्यक्ति है…आज सुबह गोरखनाथ मंदिर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री को कानपुर की पांच वर्षीय यशस्विनी ने बुलडोजर खिलौना भेंट किया.’ वीडियो को मिनटों में हजारों लोग देख चुके हैं.

आपको बता दें कि इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राम नवमी की शुभकामनाएंदेते हुए कहा कि भगवान राम भारतीय चेतना के आदर्श का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने X पर कहा कि राम करुणा और कर्तव्य के बीच एक अद्भुत संतुलन का प्रतीक हैं. उन्होंने कहा, “धर्म (सदाचार), सत्य और मर्यादा (औचित्य) के सर्वोच्च प्रतीक भगवान श्री राम की पावन जयंती पर सभी भक्तों और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं.”

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम का जीवन हमें यह याद दिलाता है कि सत्ता की सच्ची सुंदरता मर्यादा का पालन करने और लोगों के कल्याण में निहित है. उन्होंने आगे कहा, “राम नवमी का यह पावन दिन हमें अपने आचरण में सत्य को, अपने व्यवहार में करुणा को और समाज में सौहार्द को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करता है; वास्तव में, यही ‘राम-त्व’ (राम का सार) का सच्चा उत्सव है.”

वहीं, गुरुवार को गोरखपुर में सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अवैध जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और चेतावनी दी कि गरीबों को परेशान करने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा.मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लगभग 200 लोगों से मुलाकात की, उनके आवेदन लिए और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी शिकायतों को दूर करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करेगी.

विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए, आदित्यनाथ ने संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवेदन भेजे, और उन्हें निर्देश दिया कि वे समय पर और संतोषजनक ढंग से उनका निपटारा सुनिश्चित करें.

ENTERTAINMENT : उम्र में छोटे हीरो की बांहों में दिखीं मलाइका, मां के अफेयर पर भड़का 24 साल का बेटा?

मलाइका अरोड़ा और सोरब बेदी के बीच अफेयर की अफवाहें चर्चा में हैं. मलाइका ने इन अफवाहों का सच बताया. एक्ट्रेस ने कहा कि वो अपनी जिंदगी को एक्सप्लोर कर खुश हैं. मलाइका ने बेटे अरहान का इन रूमर्स पर रिएक्शन भी रिवील किया है.

बॉलीवुड ब्यूटी मलाइका अरोड़ा के रिलेशनशिप के अक्सर चर्चे रहते हैं. अर्जुन कपूर संग ब्रेकअप के बाद वो जिस भी मेल फ्रेंड संग दिखीं, उनका नाम जोड़ा गया. बीते दिनों मलाइका को एक्टर सोरब बेदी संग देखा गया था. दोनों एक दूसरे को हग किए हुए थे. साथ में कोजी डांस कर रहे थे. उनकी इंटेंस केमिस्ट्री देखकर लोगों ने फिर से अफेयर की अफवाह उड़ाई. मलाइका ने अब इस पर रिएक्ट किया है.

कर्ली टेल्स संग बातचीत में मलाइका ने कहा- ये अब इरिटेटिंग हो चुका है. मैं इसे बस एक मजाक की तरह लेती हूं. अरहान और मैं इन बातों पर हंसते हैं. मैं ऐसी चीजों को प्लान नहीं कर सकती हूं. ये होना होगा और होकर रहेगा. अभी मेरी लाइफ में जो भी चल रहा है, उसे एक्सपलोर कर मैं काफी खुश हूं. ये मुझे मोटिवेट करता है. जहां तक पार्टनर, कैंपिनियनशिप की बात है ये शानदार है. अगर भविष्य में मुझे किसी के साथ रिश्ते में रहना होगा, तो मैं अपनी शर्तों पर रहूंगी.

इससे पहले सोरब बेदी ने भी मलाइका संग लिंकअप रूमर्स पर रिएक्ट किया था. जूम संग बातचीत में उन्होंने मलाइका को अपनी अच्छी दोस्त बताते हुए कहा था कि वो कॉम फ्रेंड्स के जरिए सालों पहले मिले थे. बीते वक्त में उन दोनों के बीच भी अच्छा बॉन्ड बन गया है. सोरब ने कहा था- हम दोस्त बने. हमारे बीच अफेयर जैसा कुछ नहीं है. लोग हमारे बारे में कई सारी बातें कर रहे हैं. किसी लड़की के बारे में ऐसा सोचने से पहले उन्हें दो बार सोचना चाहिए. ये उसकी मेंटल स्टेट पर असर डाल सकता है.

”ऐसा करना नहीं चाहिए. पहले भी मैंने मलाइका के साथ फोटोज शेयर की थीं, लेकिन लोग मुझे शायद कम जानते थे. अब मैं जाना माना चेहरा हूं तो लोगों ने मुझे नोटिस करना शुरू कर दिया है. दो लोग दोस्त भी हो सकते हैं. हम एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं. लेकिन लोगों ने इसे गलत नजरिए से देखा.”

52 साल की मलाइका फिटनेस फ्रीक हैं. उनकी अरबाज खान संग शादी हुई थी. लेकिन 19 साल बाद ये रिश्ता टूट गया था. इसके बाद वो अर्जुन कपूर को डेट करने लगीं. दोनों का भले ही कुछ वक्त पहले ब्रेकअप हो चुका है, लेकिन वो आज भी अच्छे दोस्त हैं.

NATIONAL : योग सिखाते-सिखाते महिला से बनाने लगा अंतरंग संबंध, फिर पत्नी ने की तीन लाख में डील

0

गुरुग्राम में योग शिक्षक और उसकी पत्नी द्वारा महिला को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी की पत्नी को 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. आरोप है कि योग सिखाने के दौरान संबंध बनाकर आपत्तिजनक वीडियो तैयार किए गए और तीन साल तक ब्लैकमेल किया गया. पहले 3 लाख में समझौता हुआ, फिर 15 लाख की मांग पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की.

योग सिखाने के दौरान बने अंतरंग संबंध को आधार बनाकर ब्लैकमेलिंग करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. गुरुग्राम पुलिस ने योग शिक्षक की पत्नी को एक महिला से 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी पिछले करीब तीन साल से महिला को ब्लैकमेल कर रहे थे.

पुलिस जांच के मुताबिक, पीड़िता की मुलाकात साल 2020 में योग शिक्षक राकेश शर्मा से हुई थी. वह उससे योग सीख रही थी, इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उनके बीच शारीरिक संबंध बन गए. आरोप है कि इसी दौरान योग शिक्षक ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और कुछ फोटो खींच लीं. कुछ समय बाद उसने इन्हीं के जरिए महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. पुलिस के अनुसार, साल 2023 में आरोपी ने पहली बार महिला से बड़ी रकम की मांग की. काफी दबाव और डर के बीच दोनों पक्षों के बीच 3 लाख रुपये में समझौता हुआ. उस समय महिला ने मामला खत्म समझा, लेकिन ब्लैकमेलिंग का सिलसिला यहीं नहीं रुका.

मार्च 2026 में आरोपी ने फिर से महिला से 15 लाख रुपये की मांग की. साथ ही धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर वीडियो और फोटो उसके परिवार और जान-पहचान वालों को भेज दिए जाएंगे. लगातार बढ़ते दबाव के बाद महिला ने 20 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पालम विहार थाने में एफआईआर दर्ज की गई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना बनाई. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दंपति 21 मार्च को पालम विहार स्थित देवी लाल पार्क की पार्किंग में पैसे लेने आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया. योजना के तहत पीड़िता को पैसे लेकर वहां भेजा गया. जैसे ही आरोपी पक्ष ने पैसे लेने की कोशिश की, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए योग शिक्षक की पत्नी नीतू शर्मा (42) को मौके से गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 1 लाख रुपये नकद और कुछ दस्तावेज बरामद किए. पूछताछ में सामने आया कि वह अपने पति के साथ मिलकर महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रही थी. पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया. रिमांड के दौरान पूछताछ में ब्लैकमेलिंग से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए. बाद में उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. वहीं, मुख्य आरोपी योग शिक्षक अभी फरार है. उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में पीड़ितों को डरने की जरूरत नहीं है. शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.

JAIPUR : ‘बेइज्जती करके इज्जत देने का बहुत शुक्रिया’, डिग्री लेते हुए राजस्थान के डिप्टी CM के सामने छात्रा का तंज

0

जयपुर की हरिदेव जोशी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में डिग्री वितरण को लेकर विवाद हो गया. सीमित छात्रों को ही मंच पर बुलाए जाने से नाराज छात्रों ने विरोध किया और कार्यक्रम के दौरान हंगामा हुआ. इसी बीच एक छात्रा ने मंच से “बेइज्जती करके इज्जत देने का शुक्रिया” कहकर प्रशासन पर तंज कस दिया, जिसका वीडियो वायरल हो गया.

राजस्थान की राजधानी जयपुर में हरिदेव जोशी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में उस वक्त असहज स्थिति बन गई, जब एक छात्रा ने मंच पर ही उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से डिग्री लेते हुए तंज कस दिया. छात्रा ने भरे मंच से कहा, “बेइज्जती करके इज्जत देने का बहुत-बहुत शुक्रिया.” हालांकि यह टिप्पणी डिप्टी सीएम के लिए नहीं, बल्कि मंच पर मौजूद कुलगुरु के सामने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर कटाक्ष के तौर पर की गई थी. इस बयान ने समारोह में मौजूद सभी लोगों को चौंका दिया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दरअसल, बुधवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह के दौरान पहले से ही माहौल तनावपूर्ण हो गया था. कार्यक्रम में केवल 12 गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को मंच पर बुलाकर डिग्री दी गई, जबकि बाकी छात्र-छात्राओं को मंच पर अवसर नहीं दिया गया. इससे नाराज छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया. हंगामा बढ़ने पर कुछ छात्रों ने कार्यक्रम स्थल पर ही कागजात फाड़ दिए और नारेबाजी की. स्थिति तब और बिगड़ गई, जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के बाहर निकलते समय कई छात्र उनकी गाड़ी के आगे लेट गए.

हंगामा बढ़ते ही पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और तुरंत छात्रों को पकड़ लिया. हालात को संभालने के लिए खुद उपमुख्यमंत्री को दोबारा सभागार में लौटना पड़ा. इसके बाद बाकी छात्रों को भी डिग्री वितरित की गई और प्रशासन ने छात्रों से बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की. इसी दौरान जब डिग्री वितरण दोबारा शुरू हुआ, तो छात्रा सारा इस्माइल ने मंच से ही यूनिवर्सिटी प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी का “बेइज्जती करके इज्जत देने का बहुत-बहुत शुक्रिया.”

उपमुख्यमंत्री और कुलपति के सामने दिए गए इस बयान ने पूरे समारोह को चर्चा का विषय बना दिया. बता दें कि छात्रा सारा इसी यूनिवर्सिटी से छात्रसंघ चुनाव जीतकर उपाध्यक्ष भी रह चुकी है.

घटना को लेकर छात्रा सारा इस्माइल का कहना है कि वे दीक्षांत समारोह में सम्मानपूर्वक डिग्री मिलने की उम्मीद लेकर आई थीं, लेकिन सीमित छात्रों को ही मंच पर बुलाए जाने से उन्हें अपमानित महसूस हुआ. इतना ही नहीं, स्टूडेंट्स के साथ उनके परिजन भी मौजूद थे, जो अपने बच्चों को डिग्री लेते हुए देखना चाहते थे. जब उन्हें भी निराशा हाथ लगी, तो यही नाराजगी बाद में प्रदर्शन और तीखी प्रतिक्रिया के रूप में सामने आई.

छात्रा का कहना है कि बाद में डिग्रियां ऐसे बांटी गईं, जैसे कोई खैरात दी जा रही हो, जबकि इसके लिए उन्होंने तीन साल मेहनत की थी.वहीं यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रतन सिंह शेखावत ने बताया कि घटना बेहद निंदनीय है. छात्रों को ऐसा नहीं करना चाहिए था. जो भी कार्यक्रम रखा गया, वो प्रोटोकॉल के हिसाब से था. यदि कुछ छात्रों को आपत्ति थी तो उन्हें यूनिवर्सिटी प्रशासन से बात करनी चाहिए थी, ऐसे माननीयों के सामने बर्ताव करना गलत है.

- Advertisement -