Saturday, September 26, 2026
Home Blog Page 250

NATIONAL : मथुरा में अफवाहों से भड़का बवाल… फरसा वाले बाबा के बाद ड्राइवर की भी मौत, 13 गिरफ्तार, कई रडार पर

0

मथुराक के कोसी कला इलाके में एक ट्रक से दूसरे ट्रक में हुई टक्कर में गौरक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसे वाले बाबा की मौत हो गई थी. इस मामले में घायल ट्रक चालक की भी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है. पुलिस का कहना है कि इस मामले को गौतस्करी कहकर अफवाह फैलाई गई और हाइवे जाम करने के साथ पथराव किया गया. इस पूरे मामले को लेकर केस दर्ज कर 13 लोगों को अरेस्ट किया गया है.

मथुरा में कल सड़क हादसे में गौरक्षक फरसा वाले बाबा की मौत हो गई थी. इस दौरान घायल ट्रक चालक ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया है. कोसीकला थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात ये घटना हुई. पुलिस का कहना है कि घने कोहरे के बीच दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें गौ रक्षक चंद्रशेखर उर्फ फरसे वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस हादसे के बाद फैली अफवाहों ने माहौल तनावपूर्ण कर दिया था. अफवाह फैलाने को लेकर पुलिस ने 13 गिरफ्तारियां की हैं.

पुलिस के मुताबिक, यह घटना पूरी तरह से एक सड़क दुर्घटना थी, जो कोहरे के कारण हुई. लेकिन हादसे के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने इसे गौतस्करी से जोड़कर अफवाह फैलानी शुरू कर दी. देखते ही देखते यह मामला तूल पकड़ गया और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

अफवाहों के चलते कुछ लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस पर पथराव भी किया. हालात बिगड़ते देख पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी. इस मामले में थाना छाता क्षेत्र में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है और अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि अन्य उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होंगी.

जांच में यह भी सामने आया कि मथुरा के बाहर का रहने वाला दक्ष चौधरी अपने तीन साथियों के साथ फरसा बाबा के आश्रम पहुंचा था और वहां पर अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दक्ष चौधरी और उसके तीन साथियों के खिलाफ भी केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है.

मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक के साथी की तहरीर पर एक्सीडेंट का केस दर्ज किया गया है और कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रक चालक भी इस हादसे में घायल हुआ था और बाद में उसकी भी मृत्यु हो गई. इस पूरे मामले को लेकर फैलाई गई अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं.

एसएसपी ने बताया कि अफवाहों के कारण ही छाता क्षेत्र में जाम और पथराव जैसी घटनाएं हुईं, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया. बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में सेक्टर स्कीम लागू कर दी गई है, जिसके तहत पुलिस और मजिस्ट्रेट लगातार गश्त कर रहे हैं.

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से बिना पुष्टि किए कोई भी खबर शेयर न करें. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

NATIONAL : प्यार में पति बना रोड़ा तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, हापुड़ में खौफनाक हत्याकांड

0

हापुड़ में एक व्यक्ति की उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी. हत्याकांड को उस समय अंजाम दिया गया, जब व्यक्ति रात में गहरी नींद में सो रहा था. फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस ने आदर्श नगर में हुए राजपाल हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद कर ली गई है.

सीओ गढ़ स्तुति सिंह ने बताया कि आरोपियों से हुई पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्ता रजनी और उसके प्रेमी बंटी के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे. जब रजनी के पति राजपाल को इसकी जानकारी हुई, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया. जिसके बाद पत्नी के अवैध प्रेम प्रसंग में बाधक बन रहे राजपाल को रास्ते से हटाने के लिए रजनी और बंटी ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई.

इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया. 17 और 18 मार्च 2026 की देर रात जब राजपाल गहरी नींद में सो रहा था, तभी रजनी व बंटी ने उस पर हमला कर दिया. दोनों ने लाठी से राजपाल के सिर और चेहरे पर कई वार किए. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.सीओ गढ़ स्तुति सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त बन्टी व अभियुक्ता रजनी के मध्य करीब 3 वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. जिसकी जानकारी रजनी के पति राजपाल को हुई तो उसने विरोध किया. इसलिए रजनी व उसके प्रेमी बन्टी ने उसकी हत्या कर दी.

NATIONAL : छत गिरते ही किरायेदार की मौत, तीन घायल, मालिक गिरफ्तार

0

गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा में जर्जर मकान की छत गिरने से 30 वर्षीय किरायेदार की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए. हादसे में एक दंपती भी घायल हुआ. शिकायत पर लापरवाही का केस दर्ज कर मकान मालिक और केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि मकान की खराब हालत की पहले से सूचना दी गई थी.

गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा गांव में शुक्रवार रात एक जर्जर मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी सतीश माली के रूप में हुई है, जो मकान की दूसरी मंजिल पर किराए पर रह रहा था. उसके साथ उसका दोस्त रवि झा भी उसी कमरे में मौजूद था. दोनों मलबे में दब गए थे.

शिकायत के अनुसार, मकान काफी जर्जर हालत में था और बारिश के दौरान छत से पानी टपकता था. किरायेदारों ने मकान मालिक और केयरटेकर को इस बारे में पहले ही सूचित किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई.

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कमरे की छत अचानक गिर गई, जिससे सतीश और रवि मलबे के नीचे दब गए. इसी दौरान मकान की बालकनी भी सड़क पर गिर गई.बालकनी गिरने से वहां से गुजर रहे बाइक सवार दंपती भी घायल हो गए. उनकी पहचान राहुल और कीर्ति के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.अस्पताल में सतीश माली को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि रवि झा की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. घायल दंपती की हालत स्थिर बताई जा रही है.

उद्योग विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर मकान मालिक ओम प्रकाश और केयरटेकर राकेश को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : ‘धुरंधर 2’ में नजर आए एक्टर आदित्य उप्पल ने की आदित्य धर की तारीफ, संजय दत्त के गाली वाले सीन को लेकर कहा ये

फिल्म ‘धुरंधर 2’ के कलाकार लगातार चर्चा में बने हुए हैं. फिल्म में उमर हैदर का किरदार निभाने वाले आदित्य उप्पल ने हाल ही में आदित्य धर की जमकर तारीफ की है. वहीं संजय दत्त को लेकर भी बात की.फिल्म ‘धुरंधर’ की जबरदस्त सफलता के बाद इसका सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ भी हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म की कहानी, एक्शन और स्टार कास्ट को काफी पसंद किया जा रहा है, वहीं इसमें नजर आए कलाकार भी लगातार चर्चा में बने हुए हैं.

हाल ही में फिल्म में ASP उमर हैदर का किरदार निभाने वाले आदित्य उप्पल ने फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर की जमकर तारीफ की है. इसके साथ ही उन्होंने संजय दत्त के गाली वाले सीन को लेकर भी खुलकर बात की. आइए जानते हैं इस पर उन्होंने क्या कहा.

डायरेक्टर आदित्य धर की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह बहुत शांत और संतुलित स्वभाव के इंसान हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने कई डायरेक्टर्स के साथ काम किया है, लेकिन आदित्य धर का काम करने का तरीका अलग है. वह हर चीज पर अच्छी रिसर्च करते हैं और कलाकारों को काम करने की पूरी आज़ादी देते हैं. यहां तक कि मुश्किल हालात में भी उन्होंने उन्हें कभी गुस्सा करते नहीं देखा.

वहीं, उन्होंने संजय दत्त को लेकर कहा, ‘मैं सेट के पहले दिन उनके नजर नहीं हटा पा रहा था.’ उन्होंने कहा कि उनका स्टाइल चलने का बोलने का सब अलग है. कई बार सेट पर वो गाली देते थे या कोई डायलॉग मिस करते थे मेरी हंसी छूट जाती थी. उन्होंने आगे कहा कि जो वो गाली देते है वो लगता है दिल से दे रहे हैं.

बता दें, फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ हाल ही में 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं. इसके अलावा संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन जैसे कलाकार हैं. इस फिल्म का बजट 225 करोड़ है, फिल्म ने ओपनिंग डे पर 145.55 करोड़ का कलेक्शन किया.

UP : ढाई लाख में नवजात की डील! ग्रेटर नोएडा में बच्ची बेचने का गिरोह बेनकाब, नर्स समेत 3 पकड़े

0

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 10 दिन की नवजात बच्ची को 2.60 लाख रुपये में बेचने की साजिश का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. इस मामले में एक निजी अस्पताल की नर्स सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस अस्पताल की मालकिन की भूमिका की भी जांच कर रही है. यह मामला तब सामने आया जब ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में रहने वाले दंपती ने बच्चा गोद लेने की इच्छा से सोशल मीडिया पर जानकारी जुटानी शुरू की.

कुछ संदिग्ध लोगों ने उनसे संपर्क कर बच्चा दिलाने के नाम पर मोटी रकम मांगी. इस दौरान यह सौदा 2.60 लाख में तय हुआ. दंपती ने सतर्कता बरतते हुए इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दी.

सूचना मिलने पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), बाल कल्याण समिति और बिसरख कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई. आरोपियो ने दंपती को बच्ची दिखाने के लिए बिसरख गोलचक्कर के पास बुलाया. शनिवार शाम करीब 4:30 बजे, जब एक महिला 10 दिन की बच्ची को लेकर मौके पर पहुँची, तो सादे कपड़ो में तैनात पुलिस टीमो ने उसे रंगे हाथो पकड़ लिया. हिरासत में ली गई महिला ग्रेनो वेस्ट के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है.

पुलिस के अनुसार, अस्पताल की मालकिन और एक अन्य व्यक्ति की भी इस प्रकरण में संलिप्तता पाई गई है, जिनसे पूछताछ जारी है. पुलिस को संदेह है कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई गिरोह सक्रिय है, जो बच्चा गोद लेने के इच्छुक लोगों को निशाना बनाते हैं.अभी तक बच्ची के असली माता-पिता का पता नहीं चल पाया है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बच्ची को चोरी किया गया था या माता-पिता की सहमति से बेचा जा रहा था. बरामद बच्ची को फिलहाल नोएडा के साई कृपा शेल्टर होम भेज दिया गया है.

ENTERTAINMENT : हनीमून पर पति संग कोजी हुईं रश्मिका मंदाना, फ्लोरल ड्रेस में विजय की बाहों में आईं नजर, फोटो वायरल

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा शादी के बाद से खूब चर्चा में है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है, जिसमें दोनों थाईलैंड में हनीमून मनाने पहुंचे थे.

शादी के बाद से रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा खूब चर्चा में हैं. उदयपुर में शाही अंदाज में शादी करने के बाद इस नवविवाहित जोड़े ने थाईलैंड में अपना हनीमून मनाया था. हाल ही में दोनों की एक बहुत प्यारी और रोमांटिक तस्वीर सामने आई है, जिसने फैंस का दिल जीत लिया है. इस तस्वीर में उनकी केमिस्ट्री और प्यार साफ दिखाई दे रहा है, जो फैंस को बहुत पसंद आ रहा है.

शादी के बाद दोनों थाईलैंड के खूबसूरत द्वीप कोह समुई गए थे, जहां उन्होंने एक प्राइवेट विला में हनीमून मनाया. ये विला समुद्र के किनारे बना हुआ है, जहां हर तरफ हरियाली और शांति का माहौल है. सामने आई तस्वीर में विजय व्हाइट टीशर्ट और ब्लैक पैंट में नजर आ रहे हैं, वहीं रश्मिका पीले रंग की फ्लोरल ड्रेस में बहुत खूबसूरत लग रही हैं. दोनों एक सीढ़ी पर खड़े होकर एक-दूसरे को प्यार से देख रहे हैं और छुट्टी को एंजॉय कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि विजय और रश्मिका ने इस प्राइवेट विला को इसलिए चुना, ताकि वो अपने इस खास समय को सुकून के साथ बिता सकें.

बता दें, रश्मिका और विजय ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शाही अंदाज में शादी की थी, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. इसके बाद दोनों ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के लिए 4 मार्च को ग्रैंड रिसेप्शन रखा, जिसकी तस्वीरें और वीडियो ने सभी का दिल जीत लिया. दोनों ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को छुपाकर रखा था और अचानक शादी की खबर से फैंस को सरप्राइज दे दिया था. वर्कफ्रंट की बात करें, तो रश्मिका ने शादी के बाद अपनी आने वाली फिल्म ‘मायसा’ की शूटिंग शुरू कर चुकी हैं. इसके अलावा विजय और रश्मिका जल्द ही फिल्म ‘रणबाली’ में साथ नजर आएंगे. इससे पहले भी ये जोड़ी ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है, जिनमे उनकी केमिस्ट्री को बहुत प्यार मिला.

RAJASTHAN : 1 हजार नुकीली कीलों पर 160 किलोमीटर की दंडवत यात्रा, खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकला ये अनोखा भक्त

0

राजस्थान के अलवर निवासी नितेश इन दिनों अपनी अनोखी भक्ति के कारण चर्चा में हैं. वह 1000 नुकीली कीलों वाले लकड़ी के फट्टे पर लेटकर 160 किलोमीटर की दंडवत यात्रा कर खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले हैं. यह उनकी दूसरी ऐसी यात्रा है, जिसे वह करीब डेढ़ महीने में पूरा करेंगे. उनके साथ परिवार और दोस्त भी पैदल चल रहे हैं. नितेश का कहना है कि यह उनकी आस्था है और उन्हें इस कठिन यात्रा में कोई तकलीफ महसूस नहीं होती.

वैसे तो आपने बाबा श्याम के कई अनोखे भक्त देखे होंगे, लेकिन राजस्थान के अलवर के एक युवा भक्त की इन दिनों पूरे देश में चर्चा हो रही है. अलवर का रहने वाला नितेश 160 किलोमीटर की दंडवत यात्रा के लिए अलवर से रवाना हो चुका है. 1000 लोहे की नुकीली कीलों से बने लकड़ी के फट्टे पर लेटकर नितेश अलवर से खाटू श्याम जी तक अपनी दंडवत यात्रा करीब डेढ़ महीने में पूरी करेंगे. इस दौरान उनके साथ उनके दोस्त और परिवार के करीब 15 लोग भी रहेंगे.

नितेश दूसरी बार अलवर से खाटू श्याम जी तक लोहे की कीलों पर लेटकर दंडवत यात्रा कर रहे हैं. पिछले साल उन्होंने 501 लोहे की नुकीली कीलों का फट्टा तैयार करवाया था, जबकि इस बार कीलों की संख्या बढ़कर 1000 हो गई है.

अलवर के अशोक टॉकीज क्षेत्र के रहने वाले नितेश ने बीते गुरुवार को शिवाजी पार्क स्थित खाटू श्याम मंदिर से 160 किलोमीटर की अपनी दंडवत यात्रा शुरू की है. इस दौरान वह करीब 1000 लोहे की कीलों से बने नुकीले फट्टे पर लेटकर आगे बढ़ रहे हैं. नितेश ने बताया कि 5 साल पहले वह बाबा श्याम को नहीं जानते थे, लेकिन एक दिन परेशानी में उन्होंने दोस्तों के साथ रिंगस से पैदल यात्रा करते हुए निशान लेकर बाबा श्याम के मंदिर में दर्शन किए. इसके बाद से उनकी आस्था और मजबूत हो गई.

नितेश कैटरिंग का काम करते हैं. पिछले साल उन्होंने 501 कीलों वाले फट्टे पर यह यात्रा पूरी की थी, जबकि इस बार उन्होंने 1000 कीलों वाला करीब 3 फुट चौड़ा लकड़ी का फट्टा तैयार करवाया है. शुरुआत में परिवार ने इस तरह की यात्रा का विरोध किया था, लेकिन उनकी जिद के आगे सभी मान गए और अब परिवार भी इस यात्रा में उनका साथ दे रहा है.

नितेश का कहना है कि वह 160 किलोमीटर का यह सफर करीब डेढ़ महीने में पूरा करेंगे. उन्होंने कहा कि यह उनकी आस्था है और दंडवत यात्रा के दौरान उन्हें किसी तरह की तकलीफ महसूस नहीं होती. उनके मुताबिक, बाबा श्याम की कृपा से उन्हें दर्द का एहसास भी नहीं होता.

इस यात्रा में उनके साथ दोस्त और परिवार के 15 लोग भी पैदल चल रहे हैं. रास्ते में रुकने और खाने-पीने की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन इसके बावजूद वे यात्रा जारी रखे हुए हैं. नितेश किसी से मदद नहीं लेते, हालांकि अगर कोई स्वेच्छा से सहायता करता है तो उसे स्वीकार कर लेते हैं. सभी खर्च वह खुद ही उठाते हैं.

NATIONAL : ऑर्केस्ट्रा की आड़ में गंदा खेल! 10 नाबालिग लड़कियों को कराया गया मुक्त, 3 आरोपी गिरफ्तार

0

गोपालगंज के बैकुंठपुर में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे अनैतिक धंधे का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस और एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई में 10 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. ये लड़कियां अलग-अलग राज्यों की हैं. सभी को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

बिहार के गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे अश्लील डांस और अनैतिक कार्यों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर पुलिस और एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन, पटना तथा नारायणी सेवा संस्थान (NGO) गोपालगंज की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर इस अवैध गतिविधि का भंडाफोड़ किया.

इस कार्रवाई के दौरान अलग-अलग राज्यों से लाई गई 10 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया. ये लड़कियां पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के सिवान व जहानाबाद जिलों की रहने वाली हैं. पुलिस ने मौके से दो महिला संचालकों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली, रेवतीथ बाजार और लक्ष्मी बाजार में संचालित ऑर्केस्ट्रा के आवासीय परिसरों में छापेमारी कर इन लड़कियों को मुक्त कराया गया.

पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई सभी नाबालिग लड़कियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जहां उनकी देखभाल और काउंसलिंग की जाएगी. मामले में शामिल फरार ऑर्केस्ट्रा संचालकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि रेवतीथ बाजार और लक्ष्मीगंज बाजार में नाबालिग लड़कियों से डांस कराने वाले ऑर्केस्ट्रा संचालकों खिलाफका है. इस मामले में तीन संचालकों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.पुलिस और एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. ऑर्केस्ट्रा संचालकों के बीच दहशत का माहौल है और कई संचालक फरार बताए जा रहे हैं.अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

NATIONAL : मंडी में लैंडस्लाइड, भराकर गिरा पहाड़… कई घरों को कराया गया खाली

0

हिमाचल के मंडी जिले में लैंडस्लाइड हो गई और पहाड़ भरभराकर गिर गया. जिससे कई घरों पर खतरा मंडराने लगा है. प्रशासन ने एहतियातन कई घरों को खाली भी करा लिया है.

हिमाचल प्रदेश के मंडी में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. लगातार खराब मौसम के चलते बारिश के बाद कोटली में पहाड़ भरभराकर गिर गया. इस लैंडस्लाइड़ का डाराने वाला वीडियो भी सामने आया है. घटना कोटली के तहत आने वाली सुराडी पंचायत के रोपडू गांव की बताई जा रही है. फिलहाल खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 9 मकान खाली करा लिए हैं.

दरअसल मंडी जिले के कोटली उपमंडल में तीन दिन की बारिश के बाद भरभरा कर पहाड़ी गिरने से रोपडू गांव पर खतरा मंडराने लगा है. इस भीषण लैंडस्लाइड का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें कुछ लोगों की चिल्लाने की आवाजें सुनायी पड़ रही हैं. इस भीषण लैंडस्लाइड की चपेट में आने से एक गौशाला पूरी तरह जमींदोज हो गयी है.

बताया जा रहा है कि गांव के ठीक ऊपर हाईवे निर्माणाधीन कंपनी द्वारा पहाड़ी की कटिंग की जा रही है. ऐसे में दावा किया जा रहा है कि यह लैंडस्लाइड इसी कटिंग के जरिए हुई है. घटना के बाद एसडीएसम कोटली और स्थानीय पूर्व प्रधान मौके पर पहुंचे और खतरे को भांपते हुए 9 घरों को खाली कराया गया है. क्योंकि पहाड़ी पर अभी भी बड़ी-बड़ी चट्टानें व मलबा अटका पड़ा है, जो लगातार खतरे की घंटी बजा रहा है.

जानकारी के अनुसार इस साइट पर हाईवे निर्माणाधीन गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कटिंग की जा रही है. पूर्व में भी इस स्थान पर लैंडस्लाइड हुआ था. जिसके बाद कंपनी ने इस कार्य को बंद कर दिया था. फिलहाल कंपनी द्वारा इस साइट के आगे पीछे कटिंग की जा रही थी. जबकि क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश से यह पहाड़ी नरम पड़ गई, जिसके चलते भारी लैंडस्लाइड हो गया. मौके पर पहुंची सुराड़ी ग्राम पंचायत की पूर्व प्रधान पूजा देवी ने बताया कि पंचायत घर में प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की गई है.

वहीं एसडीएसम कोटली जगदीश चंद्र ने बताया जिन 9 घरों पर खतरा मंडरा रहा था, उन्हे तुंरत प्रभाव से खाली करवा दिया गया है. सड़क पर जो बड़े-बड़े बोल्डर गिरे हैं, उन्हें पोकलेन मशीनों की मदद से हटाया जाएगा.

UP : गोरखपुर में फर्जी IAS दूल्हा… 15 लाख लेकर रचाई शादी, दुल्हन को गोवा ले जाकर बेचने की थी साजिश

0

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताकर शादी रचा ली और दुल्हन के परिवार से 30 लाख रुपये ऐंठ लिए. विदाई के बाद सच्चाई सामने आई तो पता चला कि वह कोई आईएएस नहीं है. इसी के साथ आरोप लगाया गया है कि वह दुल्हन को बेचने की साजिश रच रहा था. इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शादी के नाम पर एक सनसनीखेज ठगी और साजिश की कहानी सामने आई है. यहां एक युवक ने खुद को IAS अधिकारी बताकर एक परिवार को झांसे में लिया और धूमधाम से शादी रचा ली. शादी में उसने 15 लाख रुपये कैश ले लिए. लेकिन विदाई के बाद जैसे ही सच्चाई सामने आई, परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.

पीड़ित परिवार कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर इलाके का रहने वाला है, जो अपनी बेटी के लिए एक अच्छे रिश्ते की तलाश में था. इसी दौरान उनकी मुलाकात एक ग्रुप के जरिए इटावा के रहने वाले प्रीतम से हुई. आरोपी ने अपने बायोडाटा में खुद को IAS अधिकारी बताया और अपनी तैनाती मनिकपुर में होने का दावा किया.

परिवार का भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने कथित इंटरव्यू के वीडियो, ऑफिस की तस्वीरें और कुछ नेताओं के साथ अपनी फोटो भी भेजीं. शुरुआत में उसने बिना दहेज शादी की बात कही, लेकिन बाद में शादी के खर्च के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी. सगाई के दौरान 10 लाख रुपये कैश और तिलक में 5 लाख रुपये दिए गए. कुल मिलाकर लड़की के परिवार ने शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च कर दिए.

जब बेटी की विदाई हो गई तो युवक के फर्जीवाड़े की पोल खुल गई. बेटी ने कॉल किया तो परिवार इटावा पहुंच गया. देखा कि युवक बेटी को एक कमरे में रखे हुए है. दूल्हा और उसकी बहन मौके से फरार हो गए. वापस लौटने के बाद दुल्हन के पिता ने गोरखपुर के कैंट थाने में शिकायत कर कहा कि विदाई के बाद पूरे रास्ते बेटी से छेड़छाड़ भी की गई.

उन्होंने शिकायत में कहा कि हम लोग अगर नहीं पहुंचते तो आरोपी बेटी को कहीं बाहर बेचने की तैयारी में भी था, उसका पूरा परिवार मिलकर ये साजिश रच रहा था. दुल्हन के पिता ने कैंट थाने में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है.

रिश्ते की बात करते समय दुल्हन के परिवार के लोगों ने ज्यादा छानबीन नहीं की, इस डर से कि कहीं कोई रिश्ते में अड़चन न डाल दे. आरोपी ने कहा था कि वह दहेज के बगैर शादी करेगा, लड़की पसंद आनी चाहिए. इसके बाद इंगेजमेंट से उसने शादी में खर्च के नाम पर 15 लाख की मांग कर दी. मजबूरी में सगाई के दिन परिवार ने 10 लाख रुपए कैश दे दिए और लाख रुपये तिलक वाले दिन दे दिए.

युवक ने कहा कि घर गृहस्थी का सारा सामान बाद में दीजिएगा, क्योंकि उसकी पोस्टिंग बाहर रहती है. इसके बाद 11 मार्च 2026 को नंदा नगर स्थित मैरिज लॉन में धूमधाम से शादी हुई. पीड़ित ने करीब 30 लाख रुपए खर्च कर दिए. बारातियों के ठहरने के लिए मोहद्दीपुर स्थित होटल में व्यवस्था की गई.

पीड़ित का आरोप है कि युवक पहले भी दो शादियां कर चुका है. 12 मार्च को विदाई के बाद शादी में आए एक व्यक्ति से पता चला कि युवक IAS नहीं है. इसके बाद परिजन बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां एक छोटे से कमरे में बेटी मिली. आरोपी प्रीतम और उसकी बहन फरार हो गए थे. स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले दो शादियां फर्जी पहचान के आधार पर की हैं.

दुल्हन के पिता का आरोप है कि आरोपी दुल्हन को गोवा ले जाकर बेचने की तैयारी में था. अपने घर लौटने के बाद दुल्हन ने भी यही आरोप लगाया. दुल्हन ने कहा कि वह अभद्र व्यवहार कर रहा था. आरोपी शातिर जालसाज है, जो फर्जी पद और दस्तावेज के जरिए लोगों को ठगता है. वह लड़कियों की तस्करी में भी शामिल हो सकता है. वहीं इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है. परिवार के द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच पुलिस कर रही है. आरोपियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी.

- Advertisement -