Tuesday, September 29, 2026
Home Blog Page 320

NATIONAL : सितंबर की मुलाकात, फरवरी में वारदात… बांग्ला में मां को बताई लिव इन पार्टनर की हैवानियत की कहानी

0

गुरुग्राम में ऑनलाइन एप से शुरू हुई दोस्ती लिव-इन रिश्ते में बदली और फिर शक ने हिंसक रूप ले लिया. त्रिपुरा की 19 वर्षीय बायोटेक छात्रा ने बांग्ला में मां को फोन कर बंगाली में जान बचाने की गुहार लगाई. दरअसल आरोपी को बंगाली भाषा नहीं आती थी, इसलिए उसने इसी भाषा में मां को अपनी आपबीती और मारपीट की जानकारी दी. फोन कटते ही मां ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

गुरुग्राम के एक पीजी में उस रात जो कुछ हुआ, उसने दोस्ती के चेहरे से परतें हटा दीं. यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी लग सकती है, लेकिन इसके किरदार असली हैं. एक 19 साल की छात्रा, उसका लिव-इन पार्टनर और एक मां, जिसे हजारों किलोमीटर दूर त्रिपुरा में बैठकर फोन पर बेटी की चीख सुननी पड़ी.

बताया जा रहा है कि सितंबर 2025 में एक ऑनलाइन एप पर दोनों की बातचीत शुरू हुई. शुरुआत में साधारण ‘हाय-हैलो’, फिर लंबी चैट, देर रात कॉल और धीरे-धीरे भरोसे का रिश्ता. लड़की नॉर्थ ईस्ट के त्रिपुरा से थी और गुरुग्राम के नामी यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी. लड़का दिल्ली के नरेला का रहने वाला उम्र महज 19 साल. दोस्ती जल्द ही नजदीकियों में बदली. मुलाकातें बढ़ीं और फिर दोनों ने सेक्टर-69 स्थित एक पीजी में साथ रहना शुरू कर दिया. परिवारों तक बात पहुंची तो शादी की चर्चा भी होने लगी. सब कुछ सामान्य दिख रहा था. लेकिन रिश्तों की सतह के नीचे शक की एक महीन दरार पड़ चुकी थी.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के चरित्र पर शक करने लगा था. छोटे-छोटे सवाल, फोन चेक करना, दोस्तों पर टिप्पणी रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा. 19 फरवरी की रात बहस हुई. बहस ने हिंसा का रूप ले लिया. आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपना आपा खो दिया. पीड़िता की मां का कहना है कि तीन दिनों तक उसे कमरे में बंद रखा गया. मारपीट, गाली-गलौज और कथित तौर पर अमानवीय बर्ताव. आरोप इतने गंभीर हैं कि सुनने वाला सिहर उठे सैनिटाइज़र से प्राइवेट पार्ट को जलाना, निर्वस्त्र वीडियो बनाना, पेशाब पीने के लिए मजबूर करना और चाकू से हमला करना. पुलिस इन आरोपों की तफ्तीश कर रही है. मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच अहम साक्ष्य माने जा रहे हैं.

मां कहना है कि 18 फरवरी की रात लगभग 10 बजे मेरा फोन बजा. दूसरी तरफ बेटी थी. मां, समय नहीं है… वो मुझे मार देगा… बेटी बांग्ला में बोल रही थी. आवाज कांप रही थी. मां खुद पुलिस अधिकारी हैं. उन्हें अंदाजा हो गया कि मामला सामान्य नहीं है. बेटी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से वह मारपीट सह रही है. आरोपी को बंगाली भाषा नहीं आती थी, इसलिए उसने इसी भाषा में मां को अपनी आपबीती और मारपीट की जानकारी दी. फोन कटते ही मां ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया.

बादशाहपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत सेक्टर-69 स्थित ग्रेट पीजी पहुंची. कमरे का दरवाजा खुला तो अंदर घायल लड़की मिली. शरीर पर चोटों के निशान थे. आरोपी को मौके से हिरासत में लिया गया. युवती को पहले गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली के एम्स रेफर किया गया. बाद में उसे सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे. हालत अब स्थिर बताई जा रही है. दक्षिण गुरुग्राम के डीसीपी हितेश यादव ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. दुष्कर्म और मारपीट की धाराएं जोड़ी गई हैं. इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले से हिंसक प्रवृत्ति का था. चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और वीडियो की फोरेंसिक जांच की जा रही है.

परिवार के अनुसार, लड़की पढ़ाई में तेज थी. बायोटेक्नोलॉजी जैसे विषय में करियर बनाने का सपना लेकर वह गुरुग्राम आई थी. ऑनलाइन दोस्ती ने उसकी जिंदगी की दिशा बदल दी. मां का कहना है, हमने उसे पढ़ने भेजा था. भरोसा किया था. अगर उसने फोन न किया होता, तो शायद हम उसे खो देते. फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है. पुलिस चार्जशीट की तैयारी कर रही है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कई तथ्य साफ होंगे.

पीड़िता की मां का सफदरजंग अस्पताल में रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने पुलिस से मांग की है कि आरोपी शिवम पर रेप और हत्या की कोशिश की धाराएं भी लगाई जाएं. उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनकी बेटी शिवम के साथ रह रही थी, उन्हें लगा वह पीजी में है. गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.

ENTERTAINMENT : रॉयल वेडिंग के लिए उदयपुर पहुंचे रश्मिका- विजय, सामने आई पहली तस्वीरें, पैंट सूट में स्टाइलिश लुक में दिखीं होने वाली दुल्हनियां

रश्मिका और विजय ने बीते दिन अपनी पोस्ट कर अनाउंस कर दिया कि वे शादी के बंधन में बंध रहे हैं. वहीं इस कपल को आज उदयपुर एयरपोर्ट पर स्टाइलिश लुक में स्पॉट किया गया.विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अपनी शादी की रस्मों के लिए उदयपुर पहुंच गए हैं. शादी को ऑफिशियली अनाउंस करने के बाद कपल पहली बार पब्लिकली स्पॉट हुआ है. वहीं एयरपोर्ट पर रश्मिका और विजय काफी खुश नजर आए. उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

वायरल हो रही लेटेस्ट तस्वीरों में रश्मिका और विजय उदयपुर एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए दिख रहे हैं.रश्मिका इस दौरान व्हाइट शर्ट के साथ चारकोल ग्रे पैंटसूट में बहुत खूबसूरत लग रही थींं.एक्ट्रेस ने अपने बालों को ओपन छोड़ा था और मिनिमल मेकअप किया हुआ था। एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए होने वाली दुल्हनिया रश्मिका ने मुस्कुराते हुए और हाथ जोड़कर पैप्स को ग्रीट किया.इस दौरान विजय व्हाइट शर्ट, ब्लैक ब्लेज़र और मैचिंग ट्राउज़र में काफी हैंडसम लगे. उन्होंने सनग्लासेस लगाए हुए थे.जैसे ही वह एयरपोर्ट से बाहर निकले और कार की तरफ़ बढ़े, उन्होंने मुस्कुराते हुए पैपराज़ी को हाथ हिलाया.

रविवार को, रश्मिका और विजय ने अपने फैंस के लिए एक पर्सनल नोट शेयर किया था, जिसमें बताया कि उनकी शादी को ऑफिशियली ‘द वेडिंग ऑफ विरोश’ के नाम से जाना जाएगा. यह नाम उन्हें उनके फैंस ने प्यार से दिया है. अब, 26 फरवरी को अपनी शादी से पहले, यह कपल जश्न शुरू करने के लिए उदयपुर पहुंच गया है.

कपल ने सेरेमनी को पूरी तरह प्राइवेट रखने का फैसला किया है, जिसमें सिर्फ़ करीबी परिवार और दोस्त ही शामिल होंगे. उदयपुर में शादी के बाद, कपल 4 मार्च, 2026 को हैदराबाद में एक शानदार रिसेप्शन होस्ट कर सकता है. खबर है कि यह सेलिब्रेशन ताज कृष्णा में होगा, जिसमें कई टॉलीवुड और बॉलीवुड स्टार्स के शामिल होने की उम्मीद है. तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के भी इस इवेंट में शामिल होने की उम्मीद है.

रश्मिका और विजय पहली बार गीता गोविंदम (2018) के सेट पर मिले थे और बाद में डियर कॉमरेड (2019) के लिए फिर से साथ आए. फिल्म के सेट पर ही ये जोड़ी एक दूसरे से दिल लगा बैठे थे और अब ये अपने प्यार को शादी का नाम देने जा रहे हैं.

RAJASTHAN : स्पीड ब्रेकर पर उछली बाइक, सिर के बल गिरी महिला की मौत, 5 बच्चों से छिना मां का साया

0

राजस्थान के अलवर में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक महिला बाइक से सिर के बल सड़क पर गिर गई. जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां अलवर-दिल्ली हाईवे पर बालोत नगर के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने से महिला सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी, जिससे उसकी मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. मृतका हसीना अपने भतीजे अरसद खान के साथ बाइक पर बैठकर नंगली सहजपुर अपनी बहन से मिलने जा रही थी.

बताया गया है कि उसकी बहन के पति का हाल ही में निधन हो गया था. ऐसे में उसकी बहन इद्दत पर बैठी हुई थी, जिससे मिलने के लिए हसीना घर से निकली थी. परिजनों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी. हसीना ने रास्ते में भतीजे से कई बार बाइक धीरे चलाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना. इसी बीच बालोत नगर हाईवे पर स्पीड ब्रेकर पार करते समय बाइक उछल गई और वो नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई.

परिजन तुरंत उसे रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए अलवर रेफर कर दिया. लेकिन अलवर ले जाते समय रास्ते में हीं हसीना ने दम तोड़ दिया. रात में पुलिस ने शव को रामगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वहीं रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मृतका के पति सुबेदीन निवासी बीजवा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हसीना अपने पीछे 5 मासूम बच्चों को छोड़ गई. पांच बच्चों में दो बेटियां और तीन बेटे हैं. बड़ा बेटा आमिर 15 साल का है, जबकि सबसे छोटी बेटी आलिया महज 3 साल की है. सुबेदीन अलवर बुर्जा के पास एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. मां की अचानक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

ENTERTAINMENT : शादी के 32 साल बाद भी सूनी है गोद, बच्चा नहीं चाहती 60 साल की एक्ट्रेस, बोली- मैंने IVF…

सुधा चंद्रन टीवी की मशहूर एक्ट्रेस में से एक हैं. करियर में वो काफी अच्छा कर रही हैं. मगर उन्होंने पर्सनल लाइफ में कई चुनौतियों का सामना किया है. अब उन्होंने शादी के सालों बाद भी मां न बनने की वजह बताई है.

सुधा चंद्रन टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं. उन्होंने कई सुपरहिट शोज में काम किया है. हालांकि, उन्हें पहचान हीरोइन के रोल से नहीं, बल्कि निगेटिव किरदार प्ले करके मिली है. वर्क लाइफ में तो एक्ट्रेस काफी अच्छा कर रही हैं. मगर पर्सनल लाइफ में उन्होंने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं. अब उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई बातें साझा की हैं.

सुधा चंद्रन ने साल 1994 में पंजाबी असिस्टेंट डायरेक्टर रवि डांग संग शादी रचाई थी. उनकी शादी को 32 साल हो गए हैं. मगर उनकी कोई औलाद नहीं है. दरअसल, कपल ने बच्चा न करने का फैसला लिया है. अब इस बारे में उन्होंने बात की है.

सुधा चंद्रन ने बताया कि उन्होंने बच्चे का ट्राई किया था, लेकिन नहीं हुआ तो नहीं हुआ. वो इस बात की टेंशन नहीं लेती हैं. एक्ट्रेस बोलीं- मुझे नहीं लगता कि इसमें इतना सोचने वाली बात है कि क्यों नहीं हुआ. कैसे नहीं हुआ. मैं डिप्रेशन में रहूं, ऐसा कुछ नहीं हुआ. मेरा हमेशा से यही मानना है कि जो होता है वो ऊपर वाला तय करता है. नहीं आना है, तो नहीं आना है.

सुधा से आगे पूछा गया कि वो IVF तो कर सकती थीं. इसपर उन्होंने कहा- मुझे नहीं करना था. उस वक्त मुझे IVF के बारे में पता भी नहीं था. मुझे लगता है कि जो नॉर्मल होता है, उसे नॉर्मल होने दो. अगर नहीं हो रहा है तो इसके पीछे भी ऊपरवाले का कोई कारण होगा ना. सुधा चंद्रन ने अपनी शादी पर भी बात की. उन्होंने बताया कि वो ब्राह्मण परिवार से हैं, जबकि उनके पति पंजाब से हैं. जब उन्होंने अपनी मां को पति रवि डांग से शादी करने के बारे में बताया था तो उनकी मां डर गई थीं. सुधा बोलीं- मेरी मां हैरान थी. उन्होंने कहा था कि तू इस लड़के से शादी करेगी, जिसमें कोई कल्चर ही नहीं है. तब मेरे पति ने कहा था कल्चर भले ना हो, पंजाब से हैं एग्रीकल्चर बहुत है.

Vastu Tips: क्या आपके घर में भी हैं ये चीजें? होली से पहले इन्हें हटाना है बेहद जरूरी

आप चाहते हैं कि होली 2026 पर आपके घर में भी सकारात्मक ऊर्जा आए? इसके लिए घर की वास्तु के अनुसार सफाई करनी जरूरी होती है. कुछ ऐसी चीजें हैं जिन्हें हटाना बहुत जरूरी है. जानतें हैं वो चीजें कौन सी हैं.

होली 2026 की तैयारियों में घर की साफ-सफाई सबसे अहम हिस्सा है. पंचांग के मुताबिक 4 मार्च 2026 को रंगों का त्योहार मनाया जाएगा. वास्तु शास्त्र की मानें तो होली केवल रंग खेलने का दिन नहीं है, बल्कि यह समय अपने जीवन और घर से नकारात्मक ऊर्जा को बाहर निकालने का समय भी होता है. अगर आप चाहते हैं कि इस बार होली पर लक्ष्मी जी का आगमन हो और घर में खुशहाली आए, तो होली की साफ-सफाई के दौरान कुछ चीजों को घर से जरूर बाहर करें.

हम अक्सर घर के किसी कोने या सीढ़ियों के नीचे पुराना कबाड़, अखबार की रद्दी या पुराने लोहे के सामान को जमा कर देते हैं. वास्तु में इसे बहुत बड़ा दोष माना गया है. यह घर के सदस्यों के मन में उलझन पैदा करता है. इससे काम में बाधा डालता है. होली की सफाई के दौरान इस कबाड़ को घर से निकालें या बेच दें. खाली जगह होने से घर में हवा और रोशनी का संचार बढ़ेगा.

दीवार पर टंगी बंद घड़ी वास्तु के अनुसार ‘ठहरे हुए समय’ का प्रतीक है. यह आपकी तरक्की और सौभाग्य को रोक सकती है. वास्तु के मुताबिक बंद घड़ी से घर के लोग आलसी होने लगते हैं, ऐसे में लोग अच्छे अवसर हाथ से गवा देते हैं. अगर घड़ी ठीक हो सकती है तो सेल बदलें, वरना उसे घर से हटा दें. ध्यान रखें कि घड़ी हमेशा उत्तर या पूर्व की दीवार पर ही हो.

ज्यादातर लोग घर के अंदर तो साफ-सफाई कर लेते हैं, लेकिन छत पर फालतू सामान और कचरा छोड़ देते हैं. वास्तु शास्त्र के अनुसार, गंदी छत घर के मुखिया के मान-सम्मान और करियर पर बुरा असर डालती है. होली की पूजा (होलिका दहन) से पहले अपनी छत और बालकनी को पूरी तरह साफ करें. वहां टूटे हुए गमले या पुरानी लकड़ियां न रहने दें.

अगर आपके किचन या बाथरूम का कोई नल लगातार टपक रहा है, तो यह केवल पानी की बर्बादी नहीं, बल्कि धन की बर्बादी भी है.वास्तु में पानी का बहना ‘पैसे के बहने’ के समान माना जाता है. इससे बेवजह के खर्चे बढ़ते हैं. होली से पहले प्लम्बर को बुलाकर सारे लीकेज ठीक करवा लें. वास्तु के मुताबिक इससे घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है.

अलमारी में रखे वो कपड़े जो सालों से नहीं पहने गए या फट चुके हैं, वे नकारात्मकता का केंद्र होते हैं. ये पुराने कपड़े आपके मन में पुरानी कड़वी यादों को बनाए रखते हैं और नई शुरुआत नहीं करने देते. ऐसे कपड़ों को साफ करके किसी जरूरतमंद को दान कर दें. इससे आपको दुआएं भी मिलेंगी और घर में जगह भी बनेगी.

NATIONAL : हेलीकॉप्टर से आई दुल्हन, देखने के लिए उमड़ी भीड़; दूल्हा बोला- पिता की इच्छा हुई पूरी

0

हरियाणा के नूंह जिले के तावडू में रविवार को एक अनोखी शादी चर्चा में रही, जहां दुल्हन स्वाती की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई. दूल्हे रोहित डागर ने बताया कि यह उनके पिता की पुरानी इच्छा थी, जिसे उन्होंने पूरा किया. हेलीकॉप्टर अनाज मंडी में उतरा, जहां भारी भीड़ जुटी और पुलिस-फायर ब्रिगेड तैनात रही. दुल्हन ने खुद को भाग्यशाली बताया. जिले में हेलीकॉप्टर से बारात और विदाई का चलन तेजी से बढ़ रहा है और लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है.

हरियाणा के नूह जिले के तावडू नगर में रविवार को एक अनोखी और यादगार शादी का नजारा देखने को मिला. यहां एक बेटी अपनी ससुराल के लिए हेलीकॉप्टर से विदा हुई, जिसे देखने के लिए अनाज मंडी परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई.

दरअसल, गुरुग्राम के कादरपुर निवासी दूल्हा रोहित डागर की बारात तावडू के जटवाड़ा मोहल्ले में पहुंची थी. यहां उनकी शादी देवेंद्र की पुत्री स्वाती से हुई. रविवार दोपहर करीब 11 बजे दुल्हन अपनी ससुराल के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुई. हेलीकॉप्टर तावडू अनाज मंडी परिसर में उतरा, जहां पूरी पुलिस व्यवस्था के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी तैनात रही.

दूल्हे रोहित डागर ने बताया कि उनके पिता की लंबे समय से तमन्ना थी कि बहू हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचे. इस सपने को पूरा करते हुए उन्होंने अपनी जीवनसंगिनी को हेलीकॉप्टर से लेने का फैसला किया. उनके साथ चाचा और जीजा भी मौजूद रहे. रोहित ने खुशी जताते हुए कहा कि वे इस पल से बहुत खुश हैं.

दुल्हन स्वाती ने भी खुशी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानती हैं, जिन्हें ऐसी ससुराल मिली है जो उन्हें हेलीकॉप्टर से विदा कर रही है. पूरा परिवार इस अनुभव से अभिभूत है और वे आगे भी सुखी जीवन की कामना करते हैं.इस मौके पर हेलीकॉप्टर को देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग जमा हो गए. कई लोगों ने हेलीकॉप्टर के साथ फोटो खिंचवाई और इस अनोखे नजारे को कैद किया.

बता दें कि नूंह जिले में हेलीकॉप्टर से बारात आने या दुल्हन की विदाई का यह सिलसिला तेजी से बढ़ रहा है. इससे पहले भी तावडू में नट समाज की एक बेटी की हेलीकॉप्टर विदाई चर्चा में रही थी. जिले में बीते कुछ समय में कई ऐसी शादियां हो चुकी हैं, जहां उड़न खटोले का इस्तेमाल किया गया है. यह ट्रेंड अब सामाजिक स्तर पर एक नया चलन बनता जा रहा है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है.

RAJASTHAN : राजस्थान पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मंत्रियों ने किया भव्य स्वागत, पुष्कर में पहली हनुमंत कथा

0

पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का किशनगढ़ एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ. श्रद्धालुओं के अभिवादन के बाद वे पुष्कर रवाना हुए. भक्ति उत्साह और जयकारों के बीच यात्रा संपन्न हुई.बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री शुक्रवार को राजस्थान की मार्बल सिटी किशनगढ़ पहुंचे. जैसे ही उनका विमान किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरा, वहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ आचार्य धीरेंद्र शास्त्री का भव्य स्वागत किया गया.

जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया. लोगों ने ‘जय बालाजी सरकार’ की जय हो की. जिससे एयरपोर्ट गूंज उठा.मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट पर बागेश्वर धाम से जुड़े भक्तों के साथ-साथ पुष्कर, अजमेर और किशनगढ़ के आसपास के इलाकों से आए श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में मौजूद थे. लोगों ने फूल बरसाकर, तिलक लगाकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया. कई भक्तों ने उनसे आशीर्वाद लिया और कुछ देर उनके दर्शन करने के लिए एयरपोर्ट पर ही रुक गए.

कुछ समय तक किशनगढ़ एयरपोर्ट पर रुकने के बाद आचार्य धीरेंद्र शास्त्री पुष्कर के लिए रवाना हुए. उनके काफिले के निकलते ही सड़क के दोनों ओर श्रद्धालुओं की लाइन लग गई. लोग हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते नजर आए. पूरे रास्ते भक्ति गीत और जयकारों का माहौल बना रहा. जैसे ही आचार्य धीरेंद्र शास्त्री पुष्कर पहुंचे. वहां भी प्रवेश द्वार पर उनका भव्य स्वागत किया गया. पुष्कर में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं, बैंड-बाजों और पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया.

श्रद्धालुओं में उनके आगमन को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. लोगों का कहना था कि आचार्य धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन और आशीर्वाद से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. इस यात्रा ने किशनगढ़ से लेकर पुष्कर तक पूरे इलाके को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग दिया.

BUSINESS : IDFC FIRST Bank में 590 करोड़ का बड़ा फ्रॉड! हरियाणा सरकार के खातों से उड़ाए करोड़ों; 4 अधिकारी सस्पेंड

0

IDFC FIRST Bank: IDFC FIRST Bank ने शुरुआती जांच में पाया कि हरियाणा सरकार से जुड़े कुछ अकाउंट्स में बिना अनुमति के संदिग्ध लेनदेन पाए गए. इस सिलसिले में कईअधिकारी सस्पेंड हुए हैं.

IDFC First Bank में धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले का बड़ा खुलासा हुआ है. IDFC फर्स्ट बैंक ने शनिवार को एक अहम खुलासा करते हुए बताया कि उसे अपनी चंडीगढ़ ब्रांच में लगभग 590 करोड़ रुपये के एक संदिग्ध फ्रॉड का पता चला है, जो हरियाणा सरकार के कुछ अकाउंट्स से जुड़ा है. 21 फरवरी को स्टॉक एक्सचेंज में एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बैंक ने कहा कि हरियाणा सरकार के एक विभाग से मिली जानकारी के बाद बैंक ने एक शुरुआती आंतरिक जांच की थी.

बैंक ने कहा कि सबसे पहले गड़बड़िया तब सामने आईं, जब उसे हरियाणा सरकार के एक डिपार्टमेंट से अपना अकाउंट बंद करने और दूसरे बैंक में फंड ट्रांसफर करने की रिक्वेस्ट मिली थी. इस प्रक्रिया में बैंक ने खाते में दिखाए गए बैलेंस और अकाउंट में असल बैलेंस के बीच अंतर देखा. यहीं से जांच शुरू हुई और आगे चलकर कई खामियां सामने आईं. 18 फरवरी 2026 से हरियाणा सरकार की कुछ और संस्थाएं भी अपने अकाउंट्स को लेकर बैंक के संपर्क में थीं. उसमें भी सिस्टम में रिकॉर्ड किए गए बैलेंस और संबंधित सरकारी एंटिटीज द्वारा बताए गए बैलेंस के बीच और अंतर देखा गया.

शुरुआती जांच के आधार पर बैंक ने पाया कि यह मामला हरियाणा सरकार से जुड़े कुछ खास अकाउंट्स तक ही सीमित है, जिन्हें चंडीगढ़ ब्रांच के ज़रिए ऑपरेट किया जा रहा था. बैंक ने यह भी साफ किया कि यह मामला चंडीगढ़ ब्रांच के दूसरे कस्टमर्स से संबंधित नहीं है.

बैंक ने अपनी फाइलिंग में कहा, जांच के दौरान जिन खातों में गड़बड़ियां सामने आईं उनमें लगभग 590 करोड़ की रकम रिकंसिलिएशन के दायरे में आई. बैंक ने कहा, “इसका असर आगे की जानकारी मिलने, क्लेम के वैलिडेशन, किसी भी तरह की रिकवरी के आधार पर तय किया जा सकता है. कानूी कार्रवाई भी इसी पर निर्भर करेगा.”

मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक ने कई कदम उठाए हैं. फ्रॉड के मामलों की मॉनिटरिंग और फॉलो-अप के लिए 20 फरवरी को बोर्ड की स्पेशल कमिटी की बैठक बुलाई गई थी. ऑडिट कमिटी और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को भी 21 फरवरी को इसकी जानकारी दी गई. चार संदिग्ध अधिकारियों को जांच पूरी होने तक बर्खास्त कर दिया गया है. इसके अलावा बैंक फोरेंसिक ऑडिट करने के लिए एक इंडिपेंडेंट बाहरी एजेंसी को अपॉइंट करने के भी प्रोसेस में है. पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई है.

NATIONAL : ‘मेरी मां को पीट रहे हैं…’ 5 साल की बच्ची 200 मीटर दौड़कर पहुंची थाने, पुलिस ने मौके से हमलावरों को पकड़ा

0

हरदोई में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने इंसानियत के साथ-साथ एक मासूम की हिम्मत को नई पहचान दे दी. महज 5 साल की बच्ची ने वह कर दिखाया, जो कई बड़े लोग भी डर के कारण नहीं कर पाते. जब उसकी मां पर घर के अंदर जानलेवा हमला हो रहा था और उस पर खुद पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, तब घायल होने के बावजूद वह भागती हुई सीधे थाने पहुंची और पुलिस को मदद के लिए पुकारा.

उत्तर प्रदेश के हरदोई में पांच साल की मासूम बच्ची की समझदारी से उसकी मां की जान बच गई. दरअसल, संपत्ति विवाद के चलते महिला के ममेरे ससुर और उसके बेटे ने घर में घुसकर हमला कर दिया था. वहीं मासूम बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि घर के अंदर महिला के साथ कुछ भी अनहोनी हो सकती थी. इस दौरान महिला की 5 साल की बेटी ने जो सूझबूझ और साहस दिखाया, वो भावुक कर देने वाला है.

कुत्ते के हमले से घायल होने के बावजूद बच्ची करीब 200 मीटर दौड़ के कोतवाली पहुंची और पुलिस से कहा कि घर में मम्मी को मार रहे हैं. पांच साल की मासूम की गुहार सुन मौके पर मौजूद पुलिस ने तेजी दिखाई और बच्ची को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गई.

नतीजा यह हुआ कि उसकी मां के साथ कोई अनहोनी होने से बच गई. पुलिस ने महिला पर हमला करने वाले उसके ममेरे ससुर और उसके पुत्र को मौके से हिरासत में ले लिया. महिला की तहरीर पर दोनों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.कोतवाली क्षेत्र के नुमाइश पुरवा की रहने वाली महिला का अपने दिवंगत पति के पैतृक मकान को लेकर पति के मामा विनोद श्रीवास्तव से विवाद चल रहा है. दरअसल, महिला के पति, ससुर और सास की मौत हो चुकी है. महिला का आरोप है कि उनकी संपत्ति पर उनके मामा ससुर ने कब्जा कर रखा है. इसी के चलते 1 फरवरी को महिला ने विनोद, उनकी पत्नी संजू और बेटे के खिलाफ मारपीट व धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था.

पीड़ित महिला का आरोप है कि संपत्ति हड़पने के लिए फर्जी बैनामा कराया गया. शनिवार को जब वह अपनी 5 साल की बेटी के साथ घर पहुंचीं तो समझौते का दबाव बनाया गया. विरोध करने पर पहले मासूम बच्ची पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिससे वह घायल हो गई. फिर महिला को घेरकर बेरहमी से पीटा जाने लगा. घर के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

इस दौरान पीड़ित महिला की नन्हीं बच्ची ने हिम्मत दिखाई. सहमी और घायल होने के बावजूद वह सीधे घटनास्थल से करीब दो सौ मीटर दूर भागकर कोतवाली पहुंची और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बताया कि उसकी मां को घर में बंद करके पीटा जा रहा है.

बच्ची की गुहार सुनकर पुलिस कर्मी तुरंत सक्रिय हुए और बच्ची को साथ लेकर बिना देरी किए हुए मौके पर पहुंच गए. पुलिस को मौके पर ही महिला पर हमला करने वाले उसके मामा ससुर विनोद और उनका बेटा मिला, जिन्हें हिरासत में लिया. इसके बाद दोनों के हमले से घायल मां-बेटी से तहरीर लेकर केस दर्ज करके दोनों का मेडिकल कराया गया है. पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम ने कहा कि थाना शहर कोतवाली के अंतर्गत नुमाइश पुरवा का मामला सामने आया है, जिसमें 5 साल की बच्ची थाने आई और उसने बताया कि उसके घर में उसकी मां को कुछ लोग पीट रहे हैं और पालतू कुत्ता भी दौड़ा दिया है.

इस पर तुरंत बच्ची को साथ में लेकर स्थानीय पुलिस पहुंची तो देखा कि बच्ची की बात सही थी. मौके पर दो लोग मारपीट कर रहे थे, उनको हिरासत में लिया. उन पर कार्रवाई की गई. बच्ची और उसकी मां सुरक्षित है. इनका कुछ घरेलू जमीनी विवाद का मामला चल रहा है.

बच्ची की मां ने कहा कि हमारे ससुर, सास और पति का निधन हो चुका है. आधा मकान सास के नाम था, आधा ससुर के नाम था. सास वाला हिस्सा उन्होंने अपनी भाभी के नाम कर दिया और ससुर वाला हिस्सा मेरे पति के नाम था. पति भी नहीं रहे. वह मेरे हिस्से की जमीन है. अब वे लोग फर्जी तरीके से कह रहे हैं कि हमने पूरा बैनामा करा लिया.

पीड़िता ने कहा कि अब आरोपी कह रहे हैं कि छह लाख रुपए ले लो, सुलह कर लो. सामान भरवा लो और यहां से चली जाओ. हमने केस किया था. आज हम बेटी को लेकर घर गए, तो उन्होंने हमें बहुत मारा. डंडे से, चाकू निकाल लिया, बेल्टों से मारा और कहा कि साइन करो और 6 लाख में सुलह कर लो. मेरी बेटी को कुत्ते से कटवा दिया. बेटी बहुत रोई, बेटी को कुछ लोगों ने बचाया. फिर वह थाने चली गई. पुलिस वालों को बुलाकर लाई.

ENTERTAINMENT : दीपिका भूलीं अपनी वेडिंग एनिवर्सरी, पति शोएब-बेटे ने उड़ाया मजाक, बोले- शर्म करो…

दीपिका कक्कड़ जहां अपनी जिंदगी में कई मुश्किलों से गुजर रही हैं. वहीं इसी बीच वो अपने परिवार के साथ हंसी-खुशी के कुछ पल बिताती हुईं दिख रही हैं. वो अपनी वेडिंग एनिवर्सरी भूल गईं, जिसपर उनके परिवार का मजेदार रिएक्शन सामने आया.

‘ससुराल सिमर का’ एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ अब फुल-टाइम यूट्यूब व्लॉगर बन चुकी हैं. वो अपने पति एक्टर शोएब इब्राहिम के साथ यूट्यूब पर हर रोज नए व्लॉग डालती हैं, जिसमें वो अपनी पर्सनल लाइफ की हर चीज डिटेल में शेयर करते हैं. दीपिका इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं. मगर इस बीच उन्हें थोड़ा हंसने-खेलने का भी मौका मिला.

शोएब इब्राहिम के एक हालिया व्लॉग में देखा गया कि दीपिका अपनी वेडिंग एनिवर्सरी भूल गई हैं, जो 22 फरवरी यानी आज के दिन है. उन्हें थोड़ी कंफ्यूजन होती है कि आखिर किस दिन उनकी शादी हुई थी. उनके मुताबिक, शादी की डेट 23 या 24 फरवरी थी. लेकिन शोएब को शादी की तारीख याद थी.

वो लगातार दीपिका की टांग खींचते रहे और आगे बोले कि वो अपने इस खास दिन को कैसे भूल सकती हैं. फिर शोएब ने दीपिका की टांग खींचने के लिए बेटे रूहान को भी इसमें शामिल किया. उन्होंने बेटे से कहा कि वो अपनी मां को कहे कि उन्हें शर्म आनी चाहिए. लेकिन रूहान ने ये ना कहते हुए, ऐसा कहा- शर्म करो दीपिका कक्कड़.

नन्हे बेटे की बात सुनकर दोनों दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम की हंसी छूट गई. वो उनकी मासूमियत पर दिल हार बैठे. दीपिका ने बेटे से नाराजगी दिखाने का नाटक किया, लेकिन वो भी ज्यादा देर तक नाराज नहीं रह पाईं और बेटे को गले लगा लिया. ये मोमेंट फैंस को बेहद प्यारा लगा और उन्हें इमोशनल भी कर गया.

दीपिका पर इन दिनों मुसीबतों का पहाड़ सा टूट पड़ा है. उनके पेट में सिस्ट (गांठ) पड़ गई. वो बेहद दर्द में थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया. हालांकि दीपिका जल्द ठीक भी हो जाएंगी, क्योंकि डॉक्टर्स उनका छोटा सा ट्रीटमेंट कर देंगे, जिससे सिस्ट खत्म हो जाएगी. लिवर कैंसर के बाद दीपिका लगातार हॉस्पिटल के चक्कर काट रही हैं. पति शोएब भी एक्ट्रेस के साथ इस मुश्किल घड़ी में लगातार खड़े हैं. फैंस दीपिका की अच्छी सेहत की दुआ कर रहे हैं. उन्हें उम्मीद है कि भगवान एक्ट्रेस को जल्द से जल्द इन मुश्किलों से मुक्त कर देंगे.

- Advertisement -

News of the Day