Monday, February 2, 2026
Home Blog Page 34

PUNJAB : गुरुद्वारा जा रही थी बुजुर्ग महिला, बदमाशों ने कानों से खींची सोने की बालियां, सिर पर किया वार, हुई मौत

0

पंजाब के तरनतारन में गुरुद्वारा जाते समय तीन लुटेरों ने बुजुर्ग अमृतधारी महिला तसबीर कौर पर हमला कर सोने की बालियां छीनीं. गंभीर घायल महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.पंजाब के तरनतारन जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. जिले में लगातार हो रही लूटपाट की वारदातों के बीच एक बुजुर्ग अमृतधारी महिला की लूट के दौरान हत्या कर दी गई. सुबह-सुबह गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने जा रही इस महिला को तीन हथियारबंद लुटेरों ने निशाना बनाया और सोने की बालियां छीनते समय गंभीर रूप से घायल कर दिया.

घटना 12 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे की है. गांव मथरा भागी निवासी 71 साल के कार्य सिंह अपनी पत्नी तसबीर कौर के साथ रोजाना की तरह गुरुद्वारा साहिब जा रहे थे. रास्ते में कुछ दूरी चलते ही तीन लुटेरे अचानक उनके सामने आ गए.इन लुटेरों ने तसबीर कौर के कानों में पहनी सोने की बालियां छीनने की कोशिश की. विरोध करने पर लुटेरों ने तेजधार हथियार से महिला के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी.

घायल तसबीर कौर को तुरंत अमृतसर के निजी अस्पताल ले जाया गया. उनकी हालत बेहद गंभीर थी. डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. इस हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

थाना खालड़ा के एएसआई शिंगारा सिंह ने बताया कि मामले में गांव के ही निवासी वरयाम सिंह पुत्र गुलजार सिंह और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और आरोपियों के जल्द पकड़े जाने की उम्मीद जताई जा रही है. तरनतारन जिले में लगातार बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से रात और सुबह के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.

BUSINESS : 731666404000 रुपये साफ… मुकेश अंबानी 100 अरब डॉलर के क्लब से हुए बाहर, अब Q3 नतीजे पर टिकी नजर

0

रिलायंस के शेयरों में हाल ही में आई गिरावट के चलते कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी 100 बिलियन डॉलर के क्लब से बाहर हो गए हैं. उनकी संपत्ति में 8.12 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है.

भारत और एशिया के सबसे दौलतमंद व्यक्ति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) 100 बिलियन डॉलर (8,00,00,00,000,000 रुपये) के क्लब से बाहर हो गए हैं. ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स में इसका खुलासा हुआ है. उनका नेट वर्थ अब 99.6 बिलियन डॉलर है. आपको जानकर हैरानी होगी कि इस साल रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन की संपत्ति में 8.12 बिलियन डॉलर (लगभग 7.32 लाख करोड़ रुपये) की कमी आई है, जिसकी वजह रिलायंस के शेयरों में हाल ही में आई गिरावट है.

बीते मंगलवार को भी कंपनी के शेयरों में 1 परसेंट से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई, जिससे अंबानी की नेट वर्थ में 2.07 बिलियन डॉलर की कमी आई. हालांकि, बुधवार को शेयरों की स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिला. बुधवार सुबह 11.05 बजे तक रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.86 परसेंट की तेजी के साथ 1464.05 रुपये पर ट्रेड करते नजर आए. फिलहाल कंपनी का मार्केट कैप 19,81,221.66 करोड़ रुपये रह है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों का 52-वीक का हाई लेवल 1,611.20 रुपये और न्यूनतम लिमिट 1,115.55 रुपये है.

नेट वर्थ में गिरावट के मामले में मुकेश अंबानी दूसरे सबसे बड़े लूजर हैं और उनके आगे सिर्फ मेटा प्लेटफॉर्म्स के CEO मार्क जुकरबर्ग हैं. उनकी दौलत में 9.84 बिलियन डॉलर की गिरावट आई है, जिससे उनकी कुल संपत्ति में 223 बिलियन डॉलर हो गई है. इसी के साथ वह दुनियाभर में सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में छठे स्थान पर आ गए हैं.

ब्लूमबर्ग की सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में सबसे ऊपर एलन मस्क का नाम है, जिनकी दौलत इस साल 20.9 बिलियन डॉलर बढ़ी है. अभी उनकी कुल संपत्ति 640 बिलियन डॉलर है. बता दें कि 81 बिलियन डॉलर की नेट वर्थ के साथ गौतम अडानी लिस्ट में 21वें नंबर पर हैं.

कंपनी के शेयर और चेयरमैन की नेट वर्थ में गिरावट के साथ अब निवेशकों की नजर इसके तिमाही नतीजे पर टिकी हुई है. ऑयल से टेलीकॉम तक फैली इस कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर तिमाही का नतीजा कल यानी कि शुक्रवार, 16 जनवरी को आने वाला है.

उम्मीद जताई जा रही है कि कंपनी के रेवेन्यू में पिछली तिमाही के मुकाबले 1 परसेंट का इजाफा होगा. EBITDA 4.6 परसेंट बढ़कर 47,997 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है, जबकि पिछली तिमाही में यह 45,885 करोड़ रुपये था. ऑपरेटिंग मार्जिन 18 परसेंट से बढ़कर 18.7 परसेंट होने का अनुमान है, जबकि नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के मुकाबले 6 परसेंट बढ़कर 18,165 करोड़ रुपये से 19,271 करोड़ रुपये होने का अनुमान है.

NATIONAL : इंस्टा स्टेटस में लिखा ‘MISS YOU PAPA’… 21 घंटे बाद हादसे में युवक की मौत, भिलाई में दहला देने वाली घटना

0

छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक भावुक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. दिवंगत पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर ‘MISS YOU PAPA… मुझे भी…’ लिखने वाले युवक की 21 घंटे बाद सड़क हादसे में मौत हो गई. देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई, जिसमें युवक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए.

छत्तीसगढ़ के भिलाई से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने इंस्टाग्राम पर अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए भावुक स्टेटस लगाया. इसके 21 घंटे बाद उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई. यह संयोग नहीं, बल्कि एक ऐसी त्रासदी है, जिसने आसपास के लोगों को स्तब्ध कर दिया.दुर्ग के भिलाई जामुल थाना क्षेत्र में नदनी रोड पर यह सड़क हादसा हुआ. सुपेला के रहने वाले 26 वर्षीय प्रवीण कुमार धृतलहरे अपने तीन दोस्तों को कार से घर छोड़ने जा रहा था. रात के वक्त तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खंभे से टकराने के बाद पलट गई.

खंभे में टक्कर लगते ही कार के एयरबैग खुल गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में प्रवीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके तीन दोस्त दुर्गेश माडले, आकाश केशरवानी और राहुल साहू गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे से कुछ घंटे पहले प्रवीण ने अपने इंस्टाग्राम स्टेटस लगाया था, जिसमें उसने अपने पिता को याद करते हुए लिखा था… ‘MISS YOU PAPA… बहुत याद आ रही है आज आपकी… आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ.’ परिजनों और दोस्तों के मुताबिक, प्रवीण के पिता का करीब तीन महीने पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था. पिता की मौत के बाद से वह मानसिक रूप से काफी टूट चुका था और अक्सर भावुक रहता था. किसी को अंदाजा नहीं था कि यह स्टेटस उसकी जिंदगी का आखिरी मैसेज साबित होगा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद कार सड़क किनारे पलट गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को दुर्ग शासकीय अस्पताल भेजा गया. प्रवीण को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला शासकीय अस्पताल की मॉर्चुरी भेजा गया, जहां औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने फुटेज को जब्त कर लिया है और उसी के आधार पर जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में पुलिस ने हादसे की वजह तेज रफ्तार को माना है.एएसपी (सिटी) सुखनंदन राठौर ने बताया कि नदनी रोड जामुल थाना इलाके में यह हादसा हुआ है. कार में चार युवक सवार थे, जिनमें एक की मौत हो गई है और तीन घायल हैं. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इधर, जैसे ही परिजनों को प्रवीण की मौत की खबर मिली, घर में कोहराम मच गया.

NATIONAL : ‘पहले ही कहा था गाड़ी धीरे चलाना…’ फतेहपुर सड़क हादसे में घर की 7 महिलाओं की मौत पर फफक पड़े परिजन

0

फतेहपुर शेखावाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार की सात महिलाओं की मौत हो गई. अंतिम संस्कार से लौटते समय परिवार ने ड्राइवर को गाड़ी धीरे चलाने की हिदायत दी थी, लेकिन उसने अनसुना कर दिया. तेज रफ्तार में ओवरटेक के दौरान कार पिकअप और ट्रक से टकरा गई. हादसे से पूरा गांव शोक में डूबा है.

राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया. रघुनाथपुरा गांव के एक ही परिवार की सात महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब परिवार अंतिम संस्कार में शामिल होकर लक्ष्मणगढ़ से अपने गांव लौट रहा था.सबसे पीड़ादायक पहलू यह रहा कि रवाना होने से पहले परिजनों ने ड्राइवर को गाड़ी धीरे चलाने की सख्त हिदायत दी थी, लेकिन उसने इस चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया.

फतेहपुर सदर थाना के सीआई सुरेंद्र सिंह देगड़ा के अनुसार, रघुनाथपुरा गांव निवासी मोहनीदेवी की ननद कैलाशदेवी का निधन हो गया था. अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार लक्ष्मणगढ़ गया था. शाम करीब चार बजे चार गाड़ियों में सवार होकर सभी गांव लौट रहे थे. एक कार में महिलाएं बैठी थीं, जबकि अन्य तीन वाहनों में पुरुष सवार थे. हरसावा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने की कोशिश की. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पहले एक पिकअप से टकराया और फिर सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसा. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार महिलाएं व चालक अंदर ही फंस गए.

हादसे में सास 80 साल की मोहनीदेवी , सगी बहुएं 55 साल की चंदादेवी, 45 साल की तुलसीदेवी , 35 साल की बरखा देवी , 60 साल की बेटी इंदिरा , चचेरी बहुएं 60 साल की आशादेवी और 45 साल की संतोषदेवी की मौत हो गई. इनमें से तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, तीन ने धानुका अस्पताल में दम तोड़ा, जबकि बरखा देवी ने जयपुर ले जाते समय अंतिम सांस ली. दुर्घटना में 35 साल की सोनू और 25 साल की चालक वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लक्ष्मणगढ़ से रवाना होने से पहले परिवार के लोगों ने चालक वसीम से साफ कहा था कि महिलाओं को लेकर जा रहा है, इसलिए गाड़ी धीरे चलाए. बावजूद इसके उसने तेज रफ्तार में ओवरटेक करने की कोशिश की, जो इस भयावह हादसे की वजह बनी.

घटना की सूचना मिलते ही विधायक हाकम अली, भाजपा नेता श्रवण चौधरी, एडीएम रतनलाल स्वामी, एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे. राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. एक ही परिवार की सात महिलाओं की मौत से रघुनाथपुरा गांव में मातम पसरा है, जहां उस रात किसी घर में चूल्हा नहीं जला.

एक ही परिवार की सात महिलाओं की मौत की खबर जैसे ही रघुनाथपुरा गांव में फैली, पूरे गांव में मातम छा गया. हर घर में खामोशी पसर गई और गली-मोहल्लों में सन्नाटा दिखाई दिया. इस दुखद घटना के बाद उस रात गांव के किसी भी घर में चूल्हा नहीं जला. मोहिनी देवी के पति का निधन पहले ही हो चुका था और परिवार की जिम्मेदारी महिलाओं के कंधों पर ही थी.

संतोष देवी के पति सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और उनके दो बेटे तथा एक बेटी हैं. वहीं तुलसी देवी के पति विदेश में मजदूरी करते हैं और छुट्टी पर गांव आए हुए थे. आशा देवी के पति गैस एजेंसी में नौकरी करते हैं. एक साथ इतनी महिलाओं की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

NATIONAL : चॉकलेट का लालच देकर 5 साल की मासूम से रेप, आरोपी भी नाबालिग

0

मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चॉकलेट का लालच देकर एक नाबालिग किशोर ने 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद इलाके में आक्रोश है. पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

उत्तर प्रदेश के मथुरा से आई यह खबर इंसानियत को शर्मसार करने वाली है. खेल-कूद और मासूम मुस्कान की उम्र में एक पांच साल की बच्ची को हैवानियत का शिकार बना दिया गया. चॉकलेट का लालच देकर भरोसे को तोड़ा गया और बचपन की दुनिया को हमेशा के लिए दहला दिया गया. फरह थाना क्षेत्र में हुई यह वारदात न सिर्फ कानून-व्यवस्था, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गहरे सवाल खड़े करती है.

बच्ची के साथ एक नाबालिग किशोर द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है. बताया जाता है एक 5 वर्षीय मासूम बालिका को गांव के ही किशोर ने चॉकलेट के बहाने बहला फुसलाकर उसके साथ गलत काम किया.

बच्ची के परिजनों को इसके भनक लगते ही उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. इस बारे में सी ओ रिफाइनरी अनिल कुमार का कहना है कि आरोपी को हिरासत पुलिस लिया गया है. उसको नियमानुसार माननीय किशोर न्यायालय मथुरा के समक्ष पेश किया गया.

पीड़ित पक्ष ने लिखित तहरीर दी कि वादी की नाबालिग पुत्री के साथ गांव के ही किशोर द्वारा चॉकलेट देने के बहाने बहला फुसलाकर अपने खाली प्लाट पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया है . इसके आधार पर त्वरित कार्यवाही करते हुये थाना फरह परपोक्सो एक्ट पंजीकृत किया गया और आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया गया.

ENTERTAINMENT : ‘धुरंधर’ के जलवे में ‘राहू केतु’ की कॉमेडी करेगी कमाल! अनोखा एक्सपेरिमेंट है वरुण-पुलकित की फिल्म

कॉमेडी फिल्मों को तरसते थिएटर्स में ‘राहू केतु’ एक नया एक्सपेरिमेंट लेकर आई है. माइथोलॉजी, लोककथाएं और सिचुएशनल ह्यूमर के मेल से बनी ये फिल्म ‘धुरंधर’ के जोरदार असर के बीच दर्शकों को कॉमेडी का सालिड डोज दे सकती है. लेकिन शर्त एक ही है— ये ‘धुरंधर’ का सामना कर ले.

‘फुकरे’ से पॉपुलर हुई पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा की जोड़ी अब एक नई फिल्म ‘राहू केतु’ लेकर आ रही है. कुछ दिन पहले आए इसके ट्रेलर को जनता से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला. वरुण शर्मा को कॉमिक किरदारों में काफी पसंद किया जाता है. ‘फुकरे’ फ्रेंचाइज़ी के पॉपुलर होने की एक बड़ी वजह उनका किरदार है. उनके साथ पुलकित सम्राट की जुगलबंदी मजेदार रहती है. ‘राहू केतु’ में कॉमेडी के साथ एक एक्सपेरिमेंट है. लेकिन इसके सामने एक बड़ा चैलेंज भी है. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का क्रेज अभी भी बना हुआ है. मगर एक चीज ऐसी है जो ‘राहू केतु’ को बॉक्स ऑफिस सक्सेस दिला सकती है.

वरुण और पुलकित की फिल्म एक रेगुलर कॉमेडी फिल्म नहीं है. ये माइथोलॉजी और लोक कथाओं के एलिमेंट्स को कॉमेडी में लेकर आ रही है. राहू-केतु की चर्चा ज्योतिष में बहुत होती है. किसी भी व्यक्ति की दिशा-दशा तय करने में इन दोनों का बहुत बड़ा रोल होता है. लेकिन फिल्म इन्हें दो रियल किरदारों की तरह पेश करती है. कहानी की थीम ये है कि राहू-केतु, क्रिमिनल्स से ही भ्रष्टाचार खत्म करवाने वाले हैं. साथ में सिचुएशनल कॉमेडी और चटपटे ह्यूमर का तड़का है. ये अपने आप में एक दिलचस्प एक्सपेरिमेंट है और इससे पहले बहुत फिल्मों ने ऐसा कुछ अटेम्प्ट नहीं किया है.

बॉलीवुड से एक प्योर कॉमेडी फिल्म आए, अच्छा-खासा लंबा समय हो चुका है. अक्टूबर में आई ‘थामा’ में कॉमेडी पर हॉरर यूनिवर्स के एलिमेंट्स भारी पड़ते दिखे थे. और नवंबर में आई ‘दे दे प्यार दे 2’ की कॉमेडी सोशल मैसेज में फंसी हुई थी. ‘मस्ती 4’ और कपिल शर्मा की ‘किस किसको प्यार करूं 2’ दर्शकों को लुभाने में फेल साबित हुईं. दिसंबर से थिएटर्स में ‘धुरंधर’ ही छाई हुई है, जो काफी सीरियस फिल्म है. ऐसे में एक अच्छी कॉमेडी फिल्म के लिए माहौल तैयार है. अगर ‘राहू केतु’ की कॉमेडी असरदार रही और वर्ड ऑफ माउथ पॉजिटिव रहा, तो ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी कामयाब हो सकती है.

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी और तभी से बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है. करीब 40 दिनों बाद भी ये थिएटर्स पहुंच रहे दर्शकों की पहली पसंद है. लेकिन अब ये फिल्म काफी दर्शक देख चुकी है और ‘धुरंधर’ की चर्चाओं को भी विराम मिलने लगा है. कोई नई फिल्म अगर उम्मीद जगाती है, तो अब थिएटर्स भी उसे स्क्रीन देने में आनाकानी नहीं करेंगे. ऐसे में ‘राहू केतु’ के लिए मैदान खुला है. लोगों को फिल्म पसंद आई, तो 23 जनवरी को ‘बॉर्डर 2’ के आने तक इसके पास टिके रहने का अच्छा मौका है. यहां देखें ‘राहू केतु’ का ट्रेलर:

‘राहू केतु’ बॉलीवुड स्टैंडर्ड के हिसाब से लो बजट फिल्म है. कुछ रिपोर्ट्स इसका बजट 20–25 करोड़ बताती हैं. अनुमान है कि ये 1000 से कम स्क्रीन्स पर लिमिटेड रिलीज होगी. ऐसे में अगर पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के साथ ‘राहू केतु’ का ओपनिंग कलेक्शन 2–3 करोड़ तक भी होता है, तो इसे भरोसेमंद शुरुआत कहा जाएगा. अब देखना है कि शुक्रवार को ‘राहू केतु’ थिएटर्स में क्या माहौल बनाती है.

BIHAR : जिस मां और 3 बच्चों की थी तलाश, नदी में मिली उनकी लाश, दुपट्टे से बंधे थे हाथ

0

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में लापता महिला और उसके तीन बच्चों के शव नदी से बरामद होने से सनसनी फैल गई है. मृतक महिला 10 जनवरी से बच्चों के साथ गायब थी. शव दुपट्टे से बंधे मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने एफएसएल जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जिस मां की तलाश में परिवार दर-दर भटक रहा था, उसी मां और उसके तीन मासूम बच्चों के शव नदी में एक साथ मिलने से पूरे इलाके में मातम पसर गया. अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा पुल के पास गुरुवार को नदी से एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव बरामद किए गए, जिसके बाद सनसनी फैल गई.

स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरते देख पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों शवों को बाहर निकलवाया और शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू की. मृतका की पहचान ममता कुमारी के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक कृष्ण मोहन की पत्नी थी. ममता अपने तीन बच्चों के साथ 10 तारीख से लापता थी. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 12 तारीख को पति ने अहियापुर थाना में आवेदन देकर पत्नी और बच्चों की बरामदगी की गुहार लगाई थी, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू की.

गुरुवार को चारों के शव एक साथ मिलने की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. रोते-बिलखते परिजनों ने अपहरण कर हत्या की आशंका जताई है. परिवार का आरोप है कि एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था, जिसमें बताया गया कि महिला उनके पास है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस कॉल की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि महिला और बच्चों के शव दुपट्टे से बंधे हुए पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है.घटना को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सफल उद्भेदन के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पूरा इलाका सदमे में है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक मां और उसके तीन मासूम बच्चों के साथ इतनी बेरहमी क्यों हुई. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है.

NATIONAL : ‘मैं सीता नहीं हूं…’ ग्लैमर वर्ल्ड में वापसी करेंगी महाकुंभ वाली हर्षा रिछारिया… जानें किस वजह से लिया फैसला

0

महाकुंभ के दौरान चर्चा में रहीं मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से लगातार विरोध, तिरस्कार और मानसिक दबाव के चलते वह आहत हैं. हर्षा ने अब खुले तौर पर सनातन धर्म के प्रचार से दूरी बनाते हुए मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में गंगा स्नान के बाद ग्लैमर की दुनिया में वापसी का ऐलान किया है.

महाकुंभ से पहचान बनाने वाली साध्वी हर्षा रिछारिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं. जबलपुर पहुंचीं हर्षा ने कहा कि बीते डेढ़ साल में उन्हें जिस तरह लगातार विरोध, तिरस्कार और मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा, उसने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया है. इसी पीड़ा और हताशा के चलते उन्होंने अब धर्म प्रचार से दूरी बनाते हुए ग्लैमर की दुनिया में वापसी का ऐलान कर दिया है.

हर्षा रिछारिया ने स्पष्ट किया कि उनका सनातन धर्म से मोहभंग नहीं हुआ है, बल्कि उन्होंने धर्म के खुले प्रचार-प्रसार से खुद को अलग करने का फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि सनातन धर्म कोई तब तक नहीं अपना सकता, जब तक सनातन धर्म उस व्यक्ति को न अपनाए. मैंने धर्म को नहीं अपनाया, धर्म ने मुझे अपनाया है. मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मेरा जन्म इस धर्म में हुआ. मैं अपना धर्म कभी नहीं छोड़ सकती, क्योंकि मुझे गर्व है कि मैं इस धर्म में पैदा हुई.

हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक-डेढ़ साल से जिस तरह वह सनातन धर्म का प्रचार कर रही थीं, अब उस पर वह विराम लगा रही हैं. इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि जिन धर्म गुरुओं के दर्शन और आशीर्वाद को लोग सौभाग्य मानते हैं, वही अगर किसी एक लड़की के विरोध में लगातार एक साल तक खड़े हो जाएं, तो एक अकेली लड़की आखिर कब तक लड़े.

हर्षा रिछारिया ने भावुक होते हुए कहा कि धर्म की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जब धर्म की बात आती है, तो गैर-धर्मों से पहले अपने ही धर्म के लोगों से संघर्ष करना पड़ता है. हमें पहले अपने ही धर्म के लोगों के सवालों का जवाब देना पड़ता है, उनके शक दूर करने पड़ते हैं. ऐसे में दूसरों को क्या समझाएं, जब हमारे अपने ही एकजुट नहीं हैं.

उन्होंने समाज की सोच पर भी सवाल उठाए. हर्षा ने कहा कि यह देश आज भी पुरुष प्रधान सोच से ग्रसित है, जहां एक स्त्री का आगे बढ़ना बहुतों को चुभता है. यहां इतना क्लेश है कि कोई लड़की आगे कैसे बढ़ रही है, उसे कैसे रोका जाए, उसे कैसे नीचे गिराया जाए. हर्षा ने कहा कि यह सोच पौराणिक काल से चली आ रही है. अगर किसी स्त्री का मनोबल नहीं तोड़ पा रहे, तो उसके चरित्र पर सवाल उठाना शुरू कर दीजिए. तब वह स्त्री टूट ही जाती है. यह तब भी होता था, आज भी हो रहा है और पता नहीं कब तक होता रहेगा.

उन्होंने बताया कि बीते एक साल में उन्होंने खुद को साबित करने के लिए बहुत सी परीक्षाएं दीं. मैं सीता माता नहीं हूं कि बार-बार परीक्षाएं देती रहूं. एक साल में जितनी परीक्षाएं देनी थीं, मैंने दे दीं. मैंने सबको प्रणाम किया, सबको साथ लेकर चलने की कोशिश की, सबको एक करने का प्रयास किया, लेकिन अब मैं इन परीक्षाओं को यहीं विराम देती हूं.

हर्षा रिछारिया ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ जो विरोध हो रहा है, वह कुछ लोगों द्वारा संगठित तरीके से किया जा रहा है. मेरे विरोध में अगर दस लोग खड़े हैं, तो कम से कम इतना तो मानते हैं कि मैं अकेली उन दस के बराबर खड़ी हूं. कैमरे के सामने या मीडिया में भले ही कुछ लोग चुप रहते हों, लेकिन बिना कैमरे के बहुत से लोग उनका समर्थन करते हैं और उनके साथ खड़े हैं.

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह क्यों नहीं देखा जाता कि बैक कैमरा कितने लोग उनका सहयोग कर रहे हैं. मेरे पीठ पीछे बातें होती हैं कि कोई मेरा साथ न दे, कुछ लोग आपस में मिलकर यह तय करते हैं कि कोई मेरे साथ न खड़ा हो, कोई मेरा सहयोग न करे. मैंने किया क्या है? सिर्फ इतनी गलती कि मैं एक लड़की हूं और महादेव ने मुझे नाम दे दिया. बस यही बात कुछ लोगों को पच नहीं रही.

उन्होंने संत समाज से भी सवाल किया कि वे मेरे साथ क्यों नहीं खड़े हैं, वे मेरा सहयोग क्यों नहीं कर रहे, वे मुझे अपना क्यों नहीं मानते. अगर इन सवालों के जवाब मांगे जाएं, तो शायद सारे मुद्दे अपने आप खत्म हो जाएं.ग्लैमर की दुनिया में वापसी के फैसले को लेकर हर्षा रिछारिया ने साफ किया कि यह कोई भावनात्मक या जल्दबाजी में लिया गया निर्णय नहीं है. अब मुझे लगने लगा है कि जिस पुराने काम को मैं करती थी, उसी में शांति है. वहां विरोध नहीं था, वहां आप शांति से जी सकते थे.

उन्होंने घोषणा की कि 18 तारीख को मौनी अमावस्या के दिन माघ मेला प्रयागराज में गंगा स्नान करने के बाद वह औपचारिक रूप से ग्लैमर वर्ल्ड में वापसी करेंगी. उसके बाद मैं इस अध्याय को विराम दूंगी. अब पुनर्विचार का कोई विकल्प नहीं है.हर्षा रिछारिया ने यह भी कहा कि बीते एक साल में उन्होंने जितना रोया, जितनी मानसिक पीड़ा से गुजरीं, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. मेरी आत्मा जितनी दुखी है, उतनी शायद ही कोई समझ पाए. लेकिन अब मैंने फैसला कर लिया है. मैं अपने पुराने काम को पूरी ईमानदारी और सुकून के साथ आगे बढ़ाऊंगी.

गौरतलब है कि महाकुंभ और माघ मेले के दौरान हर्षा रिछारिया अपनी साध्वी वाली छवि को लेकर काफी चर्चा में रही थीं. उनके इस फैसले और बयानों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आज भी समाज और धर्म के भीतर स्त्री के लिए बराबरी और सम्मान का रास्ता इतना कठिन है.

NATIONAL : कार में बच्चे को लॉक कर शापिंग को निकले मां- बाप, भीड़ ने शीशा तोड़कर निकाला

0

छिंदवाड़ा के फव्वारा चौक पर माता-पिता की लापरवाही से मासूम की जान खतरे में पड़ गई. बच्चे को बंद कार में छोड़कर शॉपिंग करने गए दंपती की गैरमौजूदगी में लोगों ने शीशा तोड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला. पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया.

भीड़-भाड़, चकाचौंध और खरीदारी की जल्दबाजी में कभी-कभी इंसान सबसे बड़ी जिम्मेदारी भूल जाता है. मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला दृश्य सामने आया, जब एक मासूम को उसके ही माता-पिता बंद कार में छोड़कर चले गए और उसकी सांसें राहगीरों की सूझबूझ के सहारे सुरक्षित रह सकीं.

दरअसल, सोमवार देर शाम शहर के व्यस्त फव्वारा चौक इलाके में एक पति-पत्नी अपने छोटे बच्चे को कार में अकेला छोड़कर शॉपिंग करने चले गए. कुछ ही देर में कार के अंदर बंद बच्चे की हालत देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा कार के अंदर अकेला था. बाहर भीड़ जमा होने लगी और लोगों को आशंका हुई कि लंबे समय तक बंद कार में रहने से बच्चे की तबीयत बिगड़ सकती है. गर्मी और ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए लोगों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकालने का फैसला लिया.

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कार के चारों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े हैं. कई लोग दरवाजा खोलने की कोशिश करते हैं, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं निकलता तो एक शख्स पत्थर से कार का शीशा तोड़ देता है. शीशा टूटते ही दरवाजा खोला जाता है और आखिरकार बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाता है. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. हैरानी की बात यह रही कि वीडियो में पूरे घटनाक्रम के दौरान बच्चे के माता-पिता कहीं नजर नहीं आए. बताया जा रहा है कि वे शॉपिंग में व्यस्त थे और उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनकी लापरवाही बच्चे की जान पर भारी पड़ सकती है.

SPORTS : कौन हैं आयुषी सोनी? जिन्हें जबरन किया गया रिटायर्ड आउट, WPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

0

आयुषी सोनी WPL इतिहास की पहली बल्लेबाज बन गईं, जिन्हें रिटायर्ड आउट किया गया. मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में वह 11 रन बनाकर आउट नहीं हुईं, बल्कि रणनीति के तहत रिटायर्ड आउट की गईं. इसके बाद भारती फुलमाली की तेज पारी ने गुजरात जायंट्स को 192 रन तक पहुंचाया.

आयुषी सोनी ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) के इतिहास में एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह WPL इतिहास की पहली बल्लेबाज बन गई हैं, जिन्हें रिटायर्ड आउट किया गया. यह घटना WPL 2026 में गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई. यह मैच मंगलवार, 13 जनवरी को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेला गया.

आयुषी सोनी को प्लेइंग इलेवन में अनुष्का शर्मा की जगह शामिल किया गया था, जो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में फील्डिंग के दौरान लगी चोट के कारण बाहर हो गई थीं. हालांकि, आयुषी का WPL डेब्यू आसान नहीं रहा.

वह नंबर 6 पर बल्लेबाजी करने उतरीं, जब हेली मैथ्यूज ने कनिका आहूजा को आउट किया. आयुषी रन बनाने के लिए संघर्ष करती नजर आईं और 14 गेंदों पर सिर्फ 11 रन ही बना सकीं. 16वें ओवर के अंत में उन्हें रिटायर्ड आउट कर दिया गया और उनकी जगह भारती फुलमाली क्रीज पर आईं .गुजरात जायंट्स का यह फैसला पूरी तरह सही साबित हुआ. भारती फुलमाली ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और 15 गेंदों पर नाबाद 36 रन ठोक दिए. उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल थे. फुलमाली की इस तेजतर्रार पारी की बदौलत गुजरात जायंट्स ने 5 विकेट पर 192 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.

आयुषी सोनी दिल्ली की ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने की क्षमता रखती हैं. वह दाएं हाथ की बल्लेबाज और दाएं हाथ की मीडियम पेस गेंदबाज हैं. घरेलू क्रिकेट में दिल्ली के लिए उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें पहचान दिलाई.गुजरात जायंट्स ने उन्हें WPL ऑक्शन में 30 लाख रुपये में खरीदा था. वह बेथ मूनी और सोफी डिवाइन जैसी अनुभवी खिलाड़ियों से सजी टीम को गहराई देती हैं. हाल के जोनल टी20 टूर्नामेंट्स में शानदार रन बनाने के चलते उन्हें एक उभरती हुई प्रतिभा माना जा रहा है.

आयुषी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का भी सीमित अनुभव है. उन्होंने 2021 में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान अपना एकमात्र T20 इंटरनेशनल मैच खेला था. उस मैच में दीप्ति शर्मा ने उन्हें भारत की कैप सौंपी थी. वह तीसरे टी20 मुकाबले में खेलीं, लेकिन बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, क्योंकि शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने भारत को 9 विकेट से जीत दिला दी थी. इसके अलावा आयुषी सोनी दिल्ली प्रीमियर लीग में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से भी खेल चुकी हैं.

- Advertisement -

News of the Day