Friday, May 1, 2026
Home Blog Page 347

NATIONAL : ऋषिकेश में इंफ्लुएंसर तनु रावत के डांस वीडियो पर बवाल, हिंदू संगठन ने बताया ‘गरिमा के खिलाफ’

0

संगठन के सदस्यों ने इस मामले में आश्रम प्रशासन को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है.वहीं, तनु रावत और हिंदूवादी संगठन से हुई बहस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

उत्तराखंड के तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर तनु रावत के डांस वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन ने श्री जयराम योग आश्रम के एक फ्लैट में शूट किए गए इस वीडियो का विरोध किया है. संगठन ने इसे तीर्थनगरी की गरिमा के खिलाफ बताया और आश्रम प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है. संगठन का कहना है कि ऋषिकेश धार्मिक और योग नगरी है, ऐसे में इस तरह के वीडियो यहां की संस्कृति और परंपरा के अनुरूप नहीं हैं.

संगठन के सदस्यों ने इस मामले में आश्रम प्रशासन को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है. वहीं, इस घटना से संबंधित तनु रावत और हिंदूवादी संगठन से जुड़े कुछ व्यक्तियों के बीच हुई बहस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें दोनों पक्ष अपने-अपने तर्क रखते नजर आ रहे हैं.

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब ऋषिकेश में इस तरह का विवाद सामने आया हो. इससे पहले “मिस ऋषिकेश” ऑडिशन के दौरान भी हिंदू संगठनों ने वेस्टर्न कपड़ों पर आपत्ति जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया था और ऑडिशन रोकने की कोशिश की थी. इसके बाद काफी हंगामा हुआ था , जिसके बाद पुलिस ने हिन्दू संगठन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था.

तनु रावत उत्तराखंड की जानी-मानी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, जिनके इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर लाखों फॉलोवर्स हैं. उनके वीडियो अक्सर प्रदेश की पारंपरिक और आधुनिक शैली के मिश्रण के कारण चर्चा में रहते हैं. वर्तमान विवाद के बाद स्थानीय स्तर पर दो राय बन गई है. कुछ लोग धार्मिक मर्यादाओं के सम्मान की बात कर रहे हैं, जबकि अन्य का कहना है कि यह व्यक्तिगत अभिव्यक्ति का मामला है.

फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

NATIONAL : नैनीताल के रामनगर में खौफनाक वारदात, नाबालिग छात्रा से सामूहिक रेप, जांच में जुटी पुलिस

0

नाबालिग छात्रा को आरोपियों ने किसी खाद्य पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया था. इसके बाद छात्रा बेहोश हो गई थी. तभी आरोपियों ने बारी-बारी से पीड़िता के साथ रेप किया.

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि आरोपियों ने नशीला पदार्थ खिलाकर नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप किया. साथ ही आरोपियों ने पीड़िता का अश्लील वीडियो भी बनाया था. इस वीडियो के सामने आने के बाद ही इस मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.

जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता रामनगर के ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली है. नाबालिग छात्रा को आरोपियों ने किसी खाद्य पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया था. इसके बाद छात्रा बेहोश हो गई थी. तभी आरोपियों ने बारी-बारी से पीड़िता के साथ रेप किया. पीड़िता के साथ घटी इस दरिंदगी का आरोपियों ने वीडियो भी बनाया.

इस मामले के सामने आने के बाद पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी ने भी प्रेस वार्ता की. उन्होंने कहा कि रामनगर का शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की साजिश की जा रही है. यह मामला उनके संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी.

मदन जोशी ने आरोपियों पर सख्त से सख्त की मांग की है. मदन जोशी ने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो, वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे. रामनगर के शांत वातावरण को अब किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा.

वहीं मामले में रामनगर कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. साथ ही पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और घटना से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

NATIONAL : लखनऊ में चौकी इंचार्ज ₹2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 50 लाख थी डिमांड, एंटी करप्शन टीम ने यूं बुना जाल

0

लखनऊ की पेपरमिल चौकी में एंटी करप्शन टीम ने दारोगा धनंजय सिंह को ₹2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा. चौकी इंचार्ज ने पीड़ित प्रतीक गुप्ता को गैंगरेप केस से नाम हटाने के लिए 50 लाख रुपये की डिमांड की थी, जो बाद में 2 लाख पर तय हुई. वसूली से तंग आकर प्रतीक ने शिकायत की, जिसके बाद चौकी परिसर में ही चौकी इंचार्ज को गिरफ्तार किया गया.

लखनऊ पुलिस की साख पर फिर बट्टा लगा है. महानगर थाना क्षेत्र की पेपरमिल चौकी में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज धनंजय सिंह को ₹2 लाख की घूस लेते पकड़ा. दारोगा ने एक गैंगरेप केस से नाम हटाने के लिए 50 लाख रुपये की डिमांड की थी, जिससे पीड़ित ने तंग आकर एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया था.

पेपरमिल चौकी के इंचार्ज दारोगा धनंजय सिंह को एंटी करप्शन टीम ने चौकी परिसर में ही ₹2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. इस गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. पीड़ित प्रतीक गुप्ता ने बताया कि उन्हें करीब दो महीने पहले एक गैंगरेप केस में फंसाया गया था. यह मामला तब शुरू हुआ जब एक पूर्व कर्मचारी ने नौकरी छोड़ने के चार महीने बाद डेढ़ साल पुराने रेप का आरोप लगाया और उन्हें जबरन एक अनजान व्यक्ति के साथ जोड़कर गैंगरेप का आरोपी बना दिया गया.

प्रतीक गुप्ता का आरोप है कि पुलिसिया रौब दिखाकर उनसे पहले 50 लाख रुपये की डिमांड की गई थी. केस से बचाने के नाम पर 10 लाख रुपये देने की बात हुई थी, लेकिन दारोगा धनंजय सिंह ने नाम हटाने के लिए ₹2 लाख की रिश्वत मांगी. दारोगा का कहना था कि जब 50 लाख रुपये हो जाएंगे, तब लड़की का बयान बदलवा दिया जाएगा. इस वसूली के खेल से प्रताड़ित होकर प्रतीक ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया, जिसने जाल बिछाकर दारोगा को मौके पर ही दबोच लिया.

जैसे ही पीड़ित प्रतीक गुप्ता रिश्वत की रकम लेकर चौकी पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठी एंटी करप्शन टीम ने तुरंत दबिश दी और दारोगा धनंजय सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. चौकी के भीतर हुई इस कार्रवाई ने लखनऊ पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस हाई प्रोफाइल भ्रष्टाचार के मामले में अब दारोगा के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ENTERTAINMENT : ‘अनुपमा’ में फिर से वापसी करने वाली है काव्या? महीनों बाद मदालसा शर्मा ने बताई शो छोड़ने की वजह

0

स्टार प्लस के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ में इन दिनों एक के बाद एक कई धमाकेदार ट्विस्ट एंड टर्न देखने को मिल रहे हैं. हाल ही में खबर आई थी कि शो में एक बार फिर से काव्या की एंट्री होने वाली है.

‘अनुपमा’ में फिर से वापसी करने वाली है काव्या? महीनों बाद मदालसा शर्मा ने बताई शो छोड़ने की वजह मदासला शर्मा ने वापसी पर कही ये बात रुपाली गांगुली का शो ‘अनुपमा’ इन दिनों टीआरपी लिस्ट में धमाल मचाता हुआ नजर आ रहा है. पिछले कई हफ्तों से ये शो लगातार नंबर वन की कुर्सी पर विराजमान है. आलम ये है कि इस शो ने क्योंकि सास भी कभी बहू थी की भी हालत खराब कर दी है.

हालांकि,पिछले कुछ दिनों से ‘अनुपमा’ की कहानी में कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. बता दें ‘अनुपमा’ सीरियल में कई बार लीप आ चुका है. इसकी वजह से कई सेलेब्स ने शो को छोड़ दिया. इस लिस्ट में एक नाम काव्या उर्फ मदालसा शर्मा का भी है.

कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि शो में काव्या की एंट्री होने वाली है. अब मदालसा शर्मा ने इस पर अपना रिएक्शन दिया है और बताया है कि उन्होंने अचानक शो को अलविदा क्यों कह दिया था.

पिंकविला को दिए इंटरव्यू में मदालसा ने कहा,’ दर्शकों के पास आज के जमाने में बहुत सारे ऑप्शन हैं. अपने फोन पर एक क्लिक कर वीडियोज बदल सकते हैं. अनुपमा ने चार साल तक लोगों का अच्छे से मनोरंजन किया है. अपने आप में ही ये बहुत बड़ी बात है.लंबे वक्त तक जो शोज चलते हैं उसमें तो लीप आते ही रहते हैं. शो ने पहले कुछ-कुछ महीनों का लीप लिया, जिसके बाद सीधा 2 साल का लीप आया.’

मदालसा ने कहा,’ बाद में पता चला कि शो में सीधे 15 साल का लीप आ गया. इस बात को सुन मैंने राजन शाही से बात की. क्योंकि लीप के बाद मेरा किरदार पूरी तरह से बदल जाता. ऐसे में राजन शाही और मैंने मिलकर काव्या के कैरेक्टर को खत्म करना ही ठीक समझा.’ मदालसा ने कहा कि लीप के बाद लगातार काम करने के बजाय उन्होंने नई ऑपरचुनिटीज को तलाशना ठीक समझा.

LIFESTYLE : रोजाना सुबह 3 से 5 के बीच खुल जाती है नींद, जान लें इस वक्त क्या सिग्नल देती है आपकी बॉडी?

सुबह 3 बजे से लेकर 5 बजे तक लोग गहरी नींद में सोते हैं. लेकिन अगर आप बार-बार इसी टाइम जाग जाते हैं, तो आपको सावधान होने की जरूरत है. चलिए आपको बताते हैं क्यों.

कभी-कभी अलार्म बजने से पहले ही नींद खुल जाती है. न कोई आवाज, न कोई हलचल बस दिमाग के अंदर बेचैनी. अगर आप रोजाना तड़के उठ जाते हैं और वजह समझ नहीं आती, तो हो सकता है कि आपका शरीर आपको कोई जरूरी संदेश दे रहा हो. चलिए आपको बताते हैं कि आपको शरीर आपको क्या मैसेज देना चाहता है.

रात के 3:47 बजे अचानक जाग जाना आपको संयोग लग सकता है, लेकिन अक्सर ऐसा होता नहीं है. हमारे शरीर के अंदर एक बेहद सटीक 24 घंटे का चक्र चलता है, जिसे सर्कैडियन रिदम कहते हैं. यह हार्मोन रिलीज से लेकर शरीर के तापमान तक सब कुछ नियंत्रित करता है. सुबह 2 से 5 बजे के बीच यह चक्र बहुत संवेदनशील अवस्था में होता है. इसी समय कोर्टिसोल हार्मोन धीरे-धीरे बढ़ना शुरू करता है ताकि आपको सूर्योदय के आसपास प्राकृतिक रूप से जगाया जा सके. लेकिन जब तनाव अधिक हो, तो यह धीमी आवाज़ में उठाने की बजाय अचानक आपको नींद से झटका देकर बाहर खींच लेता है. ऐसा कुछ कारणाों के चलते होता है.

लगातार तनाव सिर्फ मूड खराब नहीं करता, बल्कि नींद की संरचना को भी बदल देता है. रात भर नींद के अलग-अलग चरणों से सुचारू रूप से गुजरने की बजाय शरीर हाई अलर्ट पर बना रहता है. नतीजा नींद गहरी होने की बजाय बीच में ही टूट जाती है. खासकर REM नींद में दिमाग सबसे ज्यादा सक्रिय होता है. यादें, भावनाएं और अधूरे विचार इसी समय प्रोसेस होते हैं. यही वजह है कि तनावग्रस्त लोग अक्सर सुबह-सुबह REM नींद से जागते हैं और उन्हें यह पल याद भी रहता है.

अगर आप रोज 3 से 5 बजे के बीच उठ जाते हैं, तो यह आपके क्रोनोटाइप का इशारा हो सकता है. यानी आपकी प्राकृतिक नींद-जागने की घड़ी. कुछ लोग सूरज के साथ उठने के लिए बने हैं, जबकि कुछ देर रात तक जागकर ही सक्रिय होते हैं. आज की 9 से 5 वाली लाइफस्टाइल अक्सर इन जैविक घड़ियों से टकराती है, जिसे “सोशल जेट लैग” कहा जाता है. खासकर नाइट आउल्स (रात को सक्रिय रहने वाले लोग) के लिए जबरन सुबह उठना तनाव और असंतुलन का कारण बन सकता है.

अगर आप लगातार सुबह 3 से 5 बजे के बीच उठ रहे हैं, तो यह सिर्फ नींद का मसला नहीं है. आपका शरीर आपको तनाव, लाइफस्टाइल और रूटीन के बारे में चेतावनी दे रहा है. इन संकेतों को सुनना ही बेहतर नींद और बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी है.

ENTERTAINMENT : नाती अगस्त्य की फिल्म ‘इक्कीस’ का ट्रेलर देख इमोशनल हुए अमिताभ बच्चन, बोले- तुम खास हो…

0

अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा बड़े पर्दे पर पहली बार दिखाई देने वाले हैं. ऐसे में उनके सुपरस्टार नाना ने अपने नाती के लिए दिल छूने वाला नोट लिखा है. अमिताभ ने अगस्त्य को बधाई और आशीर्वाद दिया है.

महानायक अमिताभ बच्चन की तीसरी पीढ़ी जल्द बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है. उनके नाती अगस्त्य नंदा अपनी फिल्म ‘इक्कीस’ लेकर आ रहे हैं, जो जल्द थिएटर्स में रिलीज होगी. बुधवार के दिन इसका ऑफिशियल ट्रेलर भी सामने आया, जिसमें अगस्त्य पूरी तरह से छाए रहे. अब अपने नाती को एक्टिंग करता देख, अमिताभ बच्चन ने एक इमोशनल नोट लिखा है.

अमिताभ बच्चन अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपनी दिल की बातें लोगों के बीच रखते हैं. जब उनके बेटे अभिषेक बच्चन अपनी कोई फिल्म लेकर आते हैं, तब भी बिग बी का स्पेशल पोस्ट नजर आता है. चूंकि अब उनके प्यारे नाती अगस्त्य सिल्वर स्क्रीन पर पहली बार नजर आने वाले हैं, तो इस मौके पर महानायक का दिल भी भर आया है.

उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर अपने नाती की फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद लिखा है, ‘अगस्त्य! तुम्हारे जन्म के तुरंत बाद मैंने तुम्हें अपनी बांहों में लिया था… कुछ महीनों बाद, मैंने तुम्हें फिर से अपनी बांहों में लिया और तुम्हारी कोमल उंगलियां मेरी दाढ़ी से खेलने लगीं…आज तुम दुनियाभर के थिएटरों में खेलते हो…तुम खास हो. मेरी सारी दुआएं और आशीर्वाद तुम्हारे साथ है…तुम हमेशा अपने काम को गौरवान्वित करो और परिवार के लिए सबसे बड़ा गौरव बनो.’

अगस्त्य नंदा के लिए बिग बी का पोस्ट देखकर फैंस का भी दिल भर आया है. वो भी उनके नाती को बधाई दे रहे हैं. फैंस अमिताभ बच्चन के लिए भी खुश हैं, क्योंकि अभिषेक बच्चन के बाद उनकी नई पीढ़ी हिंदी सिनेमा में बच्चन परिवार की लेगेसी को आगे बढ़ाने वाली है. एक यूजर ने लिखा, ‘अपने वंश को इतनी खूबसूरती से विरासत में बदलते देखना दुर्लभ है. ये सिनेमा से कहीं बढ़कर है, ये पीढ़ियों से संजोई गई भावनाएं हैं.’

बता दें कि अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ दिसंबर 2025 में रिलीज होगी. इसे श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया है, जो इससे पहले बदलापुर, अंधाधुन जैसी शानदार थ्रिलर फिल्में बना चुके हैं. वहीं ‘मैडॉक फिल्म्स’ ने इसे प्रोड्यूस किया है. ‘इक्कीस’ में धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे. उनके साथ अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया भी अपना बॉलीवुड डेब्यू करेंगी.

NATIONAL : हरिद्वार में भिड़ीं टीका लगाने वाली दीदियां, एक दूसरे को उठा-उठाकर पटका

0

हरिद्वार की हर की पौड़ी पर महिलाओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि ये महिलाएं टीका लगाने का काम करती हैं और किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गईं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को समझाया और चालान की कार्रवाई की है. घटना के बाद हर की पौड़ी पर सुरक्षा बढ़ाई गई है.

हरिद्वार की विश्व प्रसिद्ध हर की पौड़ी एक बार फिर चर्चा में है. गंगा आरती और स्नान के लिए रोज़ाना यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इसी भीड़ के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने सबको चौंका दिया है. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल इस वीडियो में कुछ महिलाएं एक-दूसरे से भिड़ती और मारपीट करती नजर आ रही हैं. यह वीडियो हर की पौड़ी के पास किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया.

घटना की पुष्टि करते हुए हर की पौड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि दोपहर के समय हरिद्वार की कुछ स्थानीय महिलाएं, जो तीर्थस्थल पर श्रद्धालुओं को टीका लगाने का काम करती हैं, आपस में किसी बात को लेकर विवाद में उलझ गईं.

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. चौकी प्रभारी के अनुसार, ‘दोनों महिलाओं को थाने बुलाकर समझाया गया है, उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई है और आगे इस तरह की हरकत न करने की चेतावनी दी गई है.’

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग धार्मिक स्थल पर इस तरह के व्यवहार की निंदा कर रहे हैं. स्थानीय लोग कह रहे हैं कि हर की पौड़ी की पवित्रता को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.हरिद्वार के हर की पौड़ी क्षेत्र में अक्सर गंगा स्नान या आरती स्थल पर बैठने को लेकर श्रद्धालुओं के बीच बहस या झगड़े की खबरें आती रहती हैं. प्रशासन ने श्रद्धालु और स्थानीय लोगों से धार्मिक स्थल पर अनुशासन और शालीनता बनाए रखने की अपील की है.

BUSINESS : पाकिस्तान की वजह से Air India को 4000 करोड़ का नुकसान, कंपनी के CEO ने किया खुलासा

0

पाकिस्तान का एयर स्पेस बंद होने की वजह से एयर इंडिया के लिए यूरोप और नॉर्थ अमेरिका की ओर जाने वाले उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ रहा है, जिससे सफर में ज्यादा वक्त लग रहा है.एयर इंडिया (Air India) के सीईओ कैंपबेल विल्सन (Campbell Wilson) ने मंगलवार को कहा कि भारतीय एयरलाइनों के लिए पाकिस्तान के अपना एयरस्पेस बंद रखने से एयर इंडिया को अब तक अनुमानित 4,000 करोड़ का नुकसान हुआ है. बीते 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए जा रहे एयर इंडिया के बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 विमान के बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त होने से लोग सदमे में थे. ऊपर से पाकिस्तान का एयर स्पेस बंद होने से कंपनी के सामने चुनौतियां और बढ़ गई हैं. परिचालन में दिक्कतें आ रही हैं, वित्तीय परेशानियां भी बनी हुई हैं.

विल्सन ने एक कार्यक्रम में कहा, पाकिस्तान का एयर स्पेस बंद होने की वजह से एयर इंडिया के लिए यूरोप और नॉर्थ अमेरिका की ओर जाने वाले उड़ानों का रास्ता बदलना पड़ रहा है, जिससे ईंधन की भी ज्यादा खपत हो रही है, खर्च भी ज्यादा बैठ रहा है और सफर में समय भी ज्यादा लग रहा है. इससे एयर इंडिया को 4,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए अपना एयरस्पेस पाकिस्तानी एयरलाइंस के लिए बंद कर दिया. इसके बाद पाकिस्तान ने भी ऐसा ही किया. बाद में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने से पाकिस्तान ने इस बैन को और आगे बढ़ा दिया. इसके तहत, दोनों देशों के किसी भी नागरिक या सैन्य विमान को एक-दूसरे के एयरस्पेस में एंट्री नहीं मिलेगी. इस बैन का सबसे ज्यादा असर भारत को यूरोप और अमेरिका से जोड़ने वाले रूट पर पड़ा है. यह एयर इंडिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले रूट्स में से एक है. इससे अब सफर में पहले के मुकाबले औसतन 60-90 मिनट का वक्त एक्स्ट्रा लग रहा है.

GUJARAT : 3 साल की लड़की पर नाबालिग ने चढ़ा दी कार, खुद बाहर निकली बच्ची, अहमदाबाद का वीडियो वायरल

0

गुजरात के अहमदाबाद के नोबलनगर में तीन साल की बच्ची को नाबालिग लड़के ने कार से कुचल दिया, जिससे बच्ची घायल हो गई. घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.गुजरात के अहमदाबाद के नोबलनगर इलाके में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में सनसनी पैदा कर दी. जानकारी के अनुसार, एक तीन साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक कार ने उसे टक्कर मार दी. कार चला रहा लड़का नाबालिग था. हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका नहीं मिला.

वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़का कार को गली में मुड़ा रहा था और उसने बच्ची को देखा ही नहीं. अचानक गाड़ी सीधी बच्ची के ऊपर चढ़ गई. टक्कर लगते ही बच्ची बुरी तरह घायल हो गई और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. जैसे ही लड़के को एहसास हुआ कि कार की टक्कर किसी चीज से हो गई है. उसमें तुरंत गाड़ी रोकी और उसे देखने के लिए उतरा. लड़का गाड़ी के पीछे आया, तभी बच्ची खुद से बाहर निकलती दिखाई दी.

मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत बच्ची को उठा लिया और देखने लगे कि ज्यादा चोटें तो नहीं आई हैं. लड़के को पकड़कर लोगों ने जमकर पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि बच्ची की मां ने भी गुस्से में आकर नाबालिग लड़के को कई थप्पड़ मारे. लोगों का कहना है कि कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी, जिससे शक और बढ़ गया है कि कार किसी परिचित की थी और बिना लाइसेंस चलाई जा रही थी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया. पुलिस ने नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कार किसकी थी और उसे ड्राइव करने की अनुमति किसने दी थी.

IND vs AUS: बार‍िश से धुला भारत-ऑस्ट्रेल‍िया वर्ल्डकप सेमीफाइनल तो क्या होगा? र‍िजर्व डे का भी है रूल… 4 पॉइंट्स में समझें सब कुछ

0

भारत और ऑस्ट्रेल‍िया के बीच गुरुवार (30 अक्टूबर) को वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल नवी मुंबई में हैं, क्या इस मैच में बार‍िश खलल डालेगी, इस बात की आशंका जताई जा रही है. ऐसे में यह मैच धुला तो क्या होगा, आइए समझ लेते हैं. वैसे तो इस मैच के लिए र‍िजर्व डे का भी प्रावधान है, लेकिन र‍िजर्व डे में भी बार‍िश ने अड़ंगा डाला तो क्या होगा?I

आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल पर बारिश के बादल मंडरा रहे हैं. इस बात की पूरी आशंका है, नवी मुंबई में गुरुवार (29 अक्टूबर) को होने वाले इस मुकाबले में इंद्रदेव खलल डालेंगे. दूसरे सेमीफाइल में भारत का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा. ध्यान रहे भारत का पिछला ग्रुप बांग्लादेश से नवी मुंबई में था, जो प्रभाव‍ित हुआ था. अब डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में होने वाले इस अहम सेमीफाइनल में भी बारिश अहम भूमिका निभा सकती है.

गुरुवार सुबह बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद पूरे दिन आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं. पिछले हफ्ते की तरह इस बार भी बारिश रुक-रुक कर मैच में बाधा डाल सकती है.

अब सवाल है कि कि अगर गुरुवार को बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता तो क्या भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा? वर्ल्ड कप का फाइनल फ‍िर भारत या ऑस्ट्रेल‍िया में से कौन खेलेगा. साउथ अफ्रीकी टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है. इसका जवाब है, ब‍िल्कुल नहीं. ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंस‍िल) ने वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों में बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए हर मैच के लिए रिजर्व डे (Reserve Day) रखा है.

अगर 30 अक्टूबर को मैच नहीं हो पाता है, तो यह मुकाबला 31 अक्टूबर को खेला जाएगा. लेकिन अगर उस दिन भी बारिश के कारण मैच नहीं हो पाता, तो ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंचेगा, क्योंकि वह ग्रुप स्टेज में पॉइंट्स टेबल में टीम इंड‍िया से ऊपर था.

रिजर्व डे का रूल कैसे काम करता है?

नियम 1: मैच को निर्धारित दिन ही पूरा कराने की पूरी कोशिश की जाएगी. जरूरत पड़ने पर ओवरों की संख्या घटाई जा सकती है.
नियम 2: अगर सेमीफाइनल के दिन बारिश के कारण 50 ओवर का मैच घटाकर कम ओवरों का हो जाता है और आगे खेल नहीं हो पाता, तो रिजर्व डे पर मैच दोबारा शुरू होने पर इसे फिर से 50 ओवर का माना जाएगा.
नियम 3: अगर बारिश के बाद खेल दोबारा शुरू होता है और फिर दोबारा रुक जाता है, तो जो ओवर घटाए गए थे, वही गिनती रिजर्व डे पर भी जारी रहेगी. किसी नतीजे के लिए कम से कम 20 ओवर प्रति टीम का खेल जरूरी है.
नियम 4: अगर रिजर्व डे पर भी बारिश से मैच रद्द हो जाता है, तो जो टीम ग्रुप स्टेज में अंक तालिका में ऊपर रही होगी, वह फाइनल में पहुंचेगी.
ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया यही चाहेगी कि गुरुवार को बारिश का खेल पर असर न पड़े. भारतीय गेंदबाजों के पास बादलों की मदद से फायदा उठाने का अच्छा मौका रहेगा, और घरेलू हालात में टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है. वहीं ऑस्ट्रेलिया को अपनी कप्तान एलिसा हीली के बिना उतरना पड़ सकता है, जो भारत के लिए एक बड़ा फायदा साबित हो सकता है. वहीं भारतीय टीम में प्रतीका रावल की जगह इस मैच में शेफाली वर्मा, स्मृत‍ि मंधाना के सा‍थ ओपन‍िंंग करती द‍िखेंगी.

गुरुवार सुबह मुंबई में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, और सुबह करीब 7 बजे तक बिजली के साथ गरज-बरस होने की संभावना है_ AccuWeather के मुताबिक सुबह कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश होगी, लेकिन उसके बाद आसमान साफ होने लगेगा. दिन की शुरुआत में बारिश की संभावना 55% तक है, लेकिन दोपहर तक मौसम साफ होने से खिलाड़ियों और फैन्स दोनों को राहत मिलेगी.
Mumbai weather

दोपहर 3 बजे जब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच शुरू होना है, तब मौसम क्रिकेट के लिए काफी अनुकूल रहेगा. हल्की धूप, 33°C तापमान, और सिर्फ 20% बारिश की संभावना रहेगी. शाम 7 बजे तक बारिश का खतरा घटकर 4% रह जाएगा, जिससे यह लगभग तय है कि मैच बिना किसी बड़ी बाधा के खेला जा सकेगा.

डीवाई पाटिल स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. फ्लडलाइट की रोशनी में शुरुआत में गेंद थोड़ा स्विंग करती है, लेकिन जैसे-जैसे गेंद की चमक खत्म होती है, स्विंग भी कम हो जाती है. नवी मुंबई में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे शुरुआती 10 ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है.

- Advertisement -

News of the Day