Sunday, May 3, 2026
Home Blog Page 400

ENTERTAINMENT : बिग बॉस 19 में गौहर खान के जाने के बाद आवेज दरबार का हुआ एविक्शन, भड़के एल्विश यादव बोले- अनफेयर

0

कॉन्ट्रोवर्शियल रियलिटी शो बिग बॉस 19 चर्चा में बना है. शो में खूब हंगामा देखने को मिल रहा है. वीकेंड का वार भी मजेदार रहा. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आवेज दरबार का शो से एविक्शन हो गया है. आवेज के एविक्शन से फैंस अपसेट हैं. वहीं यूट्यूबर एल्विश यादव भी काफी नाराज हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है.

एल्विश ने कहा, ‘मुझे अभी पता चला कि आवेज शो से बाहर हो गए हैं. ये बिल्कुल अनफेयर है. उन्होंने गौहर खान को बुलाया ताकि वो आवेज को उनके गेम के बारे में समझा सके. तो फिर आवेज को बाहर क्यों किया? ये अनफेयर है. मुझे अच्छा नहीं लगा. उन्हें आवेज को लंबे समय के लिए रहने देा चाहिए था.’

बता दें कि बिग बॉस के मेकर्स ने वीकेंड के वार में गौहर खान को बुलाया था. गौहर खान आवेज के भाई की पत्नी हैं. गौहर बिग बॉस की विनर भी रह चुकी हैं. वो शो में आवेज को सपोर्ट करने पहुंची थीं. गौहर ने अमाल और बशीर पर भी गुस्सा जाहिर किया था. उन्होंने अमाल का डबल फेस दिखाया था. इसके अलावा उन्होंने आवेज को कहा था कि उन्हें अपने लिए आवाज उठानी चाहिए. लेकिन आवेज तो अब शो से बाहर हो गए हैं.

आवेज ने शो में गर्लफ्रेंड नगमा के साथ एंट्री ली थी. शो में आवेज और नगमा का गेम काफी वीक था. नगमा काफी पहले ही शो से बाहर हो गई थीं. नगमा के जाने के बाद आवेज का गेम थोड़ा सा अपलिफ्ट हुआ लेकिन, फैंस को खास पसंद नहीं आया.

बिग बॉस 19 की बात करें तो शो में खूब हंगामा देखने को मिल रहा है. शो का नया प्रोमो सामने आया है, इसमें नेहल और बशीर के पीछे हलवे को लेकर लड़ाई हो रही है. नेहल और बशीर की लड़ाई हाथापाई तक पहुंच जाएगी.

UP : ‘आई लव मोहम्मद’ कैंपेन ने CM योगी को थमाया बड़ा सियासी हथियार! विवाद जितना बढ़ेगा, सपा को नुकसान करेगा?

0

“आई लव मोहम्मद” कैंपेन को लेकर सपा नेताओं के बयानों से माहौल गरमा गया है. वहीं, सीएम योगी को इससे और ताकत मिल रही है. वो मुखर होकर इसपर बयान दे रहे हैं. जबकि, अखिलेश यादव इस मामले पर फिलहाल चुप हैं. मगर उनके कुछ मुस्लिम नेताओं और प्रवक्ताओं ने मामले को हवा देकर बीजेपी को कहीं न कहीं फायदा पहुंचाने का काम कर रहे हैं.

क्या यूपी की सियासत में अखिलेश यादव के PDA का काट बीजेपी को “आई लव मोहम्मद कैंपेन” के तौर पर मिल गया है. दरअसल, पिछले कुछ दिनों में “आई लव मोहम्मद कैंपेन” को एक लोकल मुद्दे के बजाय एक ट्रेंड बना दिया गया है और ट्रेंड भी ऐसा जिसने यूपी की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अचानक ही वह मुद्दा थमा दिया, जिसने योगी को ‘एंग्री योगी’ बना दिया और मुख्यमंत्री खुलकर अब हिंदुत्व की पिच पर उतर आए हैं.

सियासी जानकार भी कहते हैं कि अगर यह मुद्दा चल निकला तो PDA की हवा निकल जाएगी, क्योंकि नवरात्र के समय “आई लव मोहम्मद कैंपेन” का कैंपेन कम से कम मुख्यमंत्री के लिए तो सियासी तौर पर सबसे मुफीद बन गया है.

बरेली में “आई लव मोहम्मद” प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता और मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने कहा कि अब लखनऊ में “आई लव मोहम्मद ” की भीड़ का सैलाब आएगा, पुलिसवालों अपनी गोलियां तैयार रखना. इसके बाद समाजवादी पार्टी हरकत में आई और उसने सुमैया राणा से मामले की सफाई देने को कहा.

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरीके से इस मुद्दे पर मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ खुलकर अपनी भड़ास निकाली है, साथ ही मौलाना की गिरफ्तारी और उनके करीबियों पर जबरदस्त जैसी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई चल रही है, उसने प्रदेश में योगी के एक नए तेवर को सामने रख दिया है. योगी ने मौलाना को सबक सिखाने और डेंट पेंट करने की बात कही है, इसके बाद से पूरा माहौल ही गरमा गया है.

यह मौका भी ऐसा है जब नवरात्रि चल रही है. दूसरी तरफ “आई लव मोहम्मद” का कैंपेन मुस्लिम इलाकों में जोर पकड़ रहा है. मौलाना बाहर निकाल कर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रशासन और पुलिस के खिलाफ सड़कों पर उतर रहे हैं, तो इस बीच योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे को हिंदुत्व बनाम मुस्लिम कट्टरपंथ बना दिया, जिसे लोग हिंदू बना मुस्लिम के बजाय हिंदुत्व बनाम पीडीए का नाम दे रहे हैं.

मुख्यमंत्री के बयानों ने एक तरीके से विपक्ष समेत मुस्लिम नेताओं और मौलानाओं को सख्त संदेश भेज दिया है. जिस तरीके से मुख्यमंत्री योगी ने “आई लव मोहम्मद” का कैंपेन चलाने वालों को चंड- मुंड करार दिया, जिस तरीके से यह कह दिया कि हिंदुओं के पवित्र दिनों में जो कोई जबरन माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा, ये सब सियासी तौर पर बड़ा संदेश दे रहा है.

समाजवादी पार्टी के लिए दुविधा की स्थिति यह बनी हुई है कि “आई लव मोहम्मद” के कैंपेन पर तो वह अपनी बात रख ले रही है, लेकिन उन्हें भी मालूम है कि यह मामला अगर ज्यादा तूल पकड़ गया तो ये हिंदू बनाम मुस्लिम हो सकता है. खासकर जब समय नवरात्र का हो. ऐसे में एक छोटी सियासी गलती भी उन्हें भारी पड़ सकती है.

विपक्षी पार्टी को यह भी मालूम है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाति के नाम पर तो घेरा जा सकता है लेकिन अगर मुद्दा हिंदुत्व या धर्म के पिच पर आ गया सपा नहीं टिक पाएगी. फिलहाल, मुख्यमंत्री योगी के तेवर से तो साफ लग रहा है कि वह इस मुद्दे को तब तक बनाए रखेंगे जब कि ये तक पूरी तरीके से हावी ना हो जाए. और अखिलेश यादव चाहेंगे कि ये “आई लव मोहम्मद” का मामला जल्द से जल्द शांत हो जाए.

LIFESTYLE : घर में ही चेक कर सकते हैं अपने दिल की सेहत, ये 3 टेस्ट करेंगे आपकी मदद

दिल हमारी जिंदगी का वह इंजन है, जो हर पल शरीर को ऊर्जा देता है. लेकिन भागदौड़ भरी जिंदगी के कारण हृदय रोगों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है. अक्सर लोग सोचते हैं कि दिल की जांच सिर्फ़ अस्पताल में जाकर ही संभव है, लेकिन अब ऐसा नहीं है. विशेषज्ञ मानते हैं कि कुछ आसान टेस्ट घर पर ही किए जा सकते हैं, जो आपके दिल की सेहत का अंदाजा देने में मददगार साबित होंगे. इसी कड़ी में डॉ. महेश वाधवान बताते हैं कि इन टेस्ट के जरिए आप समय रहते खतरे की पहचान कर सकते हैं.

पल्स रेट टेस्ट

दिल की धड़कन का सीधा संबंध उसकी सेहत से है. सामान्य स्थिति में 60 से 100 बीट प्रति मिनट को सामान्य माना जाता है. अगर आपकी धड़कन बहुत तेज या बहुत धीमी है, तो यह हृदय रोग का संकेत हो सकता है. रोजाना सुबह उठते ही 1 मिनट तक अपनी नाड़ी गिनकर आप दिल की स्थिति समझ सकते हैं.

ब्लड प्रेशर टेस्ट

ब्लड प्रेशर दिल की मजबूती और रक्त प्रवाह का आईना है. सामान्य BP स्तर 120/80 mmHg होता है. हाई ब्लड प्रेशर दिल पर अतिरिक्त दबाव डालता है और स्ट्रोक या हार्ट अटैक का कारण बन सकता है. आजकल डिजिटल BP मशीन आसानी से घर पर मिल जाती है, जिससे आप नियमित जांच कर सकते हैं.

ऑक्सीजन लेवल टेस्ट

ऑक्सीजन लेवल से पता चलता है कि आपका दिल और फेफड़े कितनी अच्छी तरह काम कर रहे हैं. सामान्य ऑक्सीजन लेवल 95% से 100% के बीच होना चाहिए. पल्स ऑक्सीमीटर की मदद से आप घर पर ही आसानी से ऑक्सीजन और हार्ट रेट दोनों जांच सकते हैं. यदि लेवल लगातार कम दिखाई दे तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें.

क्यों जरूरी है ये घरेलू टेस्ट?

समय पर पहचान – बीमारी बढ़ने से पहले चेतावनी मिल जाती है
सुविधाजनक – घर बैठे आसान और किफायती जांच
नियमित मॉनिटरिंग – लगातार निगरानी से आप जीवनशैली में सुधार कर सकते हैं
डॉक्टर को सही जानकारी – जांच के आंकड़े डॉक्टर को बीमारी की स्थिति समझने में मदद करते हैं
दिल की देखभाल सिर्फ अस्पताल जाने से ही नहीं होती, बल्कि रोजमर्रा की छोटी आदतें और घरेलू जांच भी इसमें बड़ी भूमिका निभाती हैं. पल्स रेट टेस्ट, ब्लड प्रेशर टेस्ट और ऑक्सीजन लेवल टेस्ट ऐसे तीन आसान तरीके हैं, जिनसे आप घर पर ही अपने दिल की स्थिति का अंदाजा लगा सकते हैं.

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

RAJASTHAN : राजस्थान में पिता की बर्बरता… 2 साल के बच्चे की दीवार से पटककर की हत्या, फिर खुद को मारी कुल्हाड़ी

0

राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां रामनगर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने 2 साल के बेटे की दीवार में पटककर हत्या कर दी. वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने खुद पर कुल्हाड़ी से हमला किया. इस सनसनीखेज घटना के बाद आसपास सनसनी फैल गई.

राजस्थान में खैरथल के रामनगर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात हो गई. यहां एक व्यक्ति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. उसने अपने दो साल के बेटे की दीवार में पटक-पटककर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद को भी कुल्हाड़ी से गंभीर रूप से घायल कर लिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जायजा लिया. इसी के साथ एफएसएल टीम ने भी जांच की.

जेरोली थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि रामनगर गांव में रहने वाले साजिद ने अपने 2 साल के बेटे अरहान की हत्या कर दी. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि साजिद ने अपने बेटे को एक कमरे में बंद कर लिया और उसके सिर को दीवार से बार-बार पटका. इसके बाद उसने कुल्हाड़ी से अपने ऊपर वार कर खुद भी आत्महत्या करने का प्रयास किया.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रेफर किया गया है. पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है. साजिद के हालात सामान्य होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी. पुलिस जांच में सामने आया है कि साजिद ने कुछ समय पहले मामूली कहासुनी पर एक व्यक्ति को बुरी तरह से घायल कर दिया था.

तिजारा के डीएसपी शिवराज सिंह ने बताया कि परिवादी इस्माइल पुत्र मुंशी खां ने शिकायत की है कि 25 सितंबर को रात करीब 11 बजे साजि ने अपने लड़के को मार दिया. उसके बाद खुद सिर में कुल्हाडी से हमला कर घायल कर लिया. बच्चे को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने कहा कि रात को कमरे का गेट अंदर से बंद था. गेट को तोड़ा गया, उस समय साजिद की पत्नी और सास दोनों कमरे के बाहर रो रही थीं.

UP : अश्लील मैसेज और सड़कों पर पीछा…युवक की हरकतों से तंग आकर छात्रा ने दे दी जान

0

भदोही में 21 साल की छात्रा ने अश्लील मैसेज और पीछा करने से परेशान होकर 11 जुलाई को आत्महत्या कर ली. आरोपी गांव का युवक विपुल दुबे है, जिस पर धारा 108 और 351(3) के तहत केस दर्ज हुआ है. छात्रा की मां ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया. आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक 21 साल की एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. मालूम हुआ कि एक व्यक्तिने उसे अश्लील मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. शनिवार को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, कथित उत्पीड़न और उसका पीछा किए जाने के चलते लड़की ने स्कूल तक जाना बंद कर दिया था और आखिरकार 11 जुलाई को उसने आत्महत्या कर ली.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के ही गांव के निवासी 25 साल के विपुल दुबे पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के आदेश पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 351(3) (जान से मारने की धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है.औराई थाना प्रभारी राम सरीख गौतम ने कहा कि आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.

पीड़िता की मां की शिकायत के अनुसार, दुबे ने कथित तौर पर छात्रा का पीछा किया, कई फ़ोन नंबरों से अश्लील मैसेज भेजे और यौन प्रलोभन देने के लिए उसके घर में भी घुस गया. विरोध करने पर उसने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लगातार उत्पीड़न से तंग आकर उसकी बेटी ने इसी साल 11 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी.

उसने दावा किया कि 13 जुलाई को स्थानीय पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. शनिवार को उसने एसपी से संपर्क किया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया.

BIHAR : बिहार को 7 नई ट्रेनों की सौगात, देश में अमृत भारत एक्सप्रेस की संख्या हुई 15, देखें पूरी लिस्ट

0

बिहार को रेल कनेक्टिविटी की एक ओर बड़ी सौगात मिल गई है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज, 29 सितंबर 2025 को सात नई ट्रेनों को रवाना किया. इन सात ट्रेनों में 3 अमृत भारत एक्सप्रेस और 4 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं.

बिहार को रेल नेटवर्क में नई रफ्तार देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और चार पैसेंजर ट्रेनों को हरी झंडी दिखा दी है. बताया जा रहा है कि बिहार में ये सात ट्रेनों का संचालन कनेक्टिविटी को मजबूत करने में मदद करेगा और पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर देने में भी सहायक होगा.

मुजफ्फरपुर–चर्लपल्ली एक्सप्रेस
मदार–दरभंगा एक्सप्रेस
छपरा–आनंद विहार एक्सप्रेस

इसके अलावा बिहार को चार नई पैसेंजर ट्रेनों की भी सौगात मिली है. इनमें पटना–बक्सर, झाझा–दानापुर, नवादा–पटना और पटना–इसलामपुर पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं. अब तक भारत में कुल 12 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही थीं, जिनमें से 10 का परिचालन बिहार से होता है. बिहार से तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत होने के बाद अब अमृत भारत ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 15 हो गई हैं.

ये हैं 15 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें:

  1. दरभंगा–आनन्द विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस
  2. सहरसा–लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस
  3. राजेन्द्रनगर टर्मिनल–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
  4. बापूधाम मोतिहारी–आनन्द विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस
  5. दरभंगा–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस
  6. मालदा टाउन–गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस
  7. सीतामढ़ी–दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
  8. गया–दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
  9. जोगबनी–ईरोड–जोगबनी अमृत भारत एक्सप्रेस
  10. सहरसा–छैहरटा (अमृतसर)–सहरसा अमृत भारत एक्सप्रेस
  11. मालदा टाउन–सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस
  12. ब्रह्मपुर–उधना (सूरत) अमृत भारत एक्सप्रेस
  13. मुज़फ्फरपुर–चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
  14. छपरा–दिल्ली (आनन्द विहार टर्मिनल) अमृत भारत एक्सप्रेस
  15. दरभंगा–मदार (अजमेर) अमृत भारत एक्सप्रेस

बिहार को तीन नई अमृत भारत ट्रेनों की सौगात, देखें रूट्स

अमृत भारत एक्सप्रेस एक आधुनिक और किफायती ट्रेन है, जो यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ सफर का नया अनुभव देती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी स्मार्ट डिजाइन और एडवांस टेक्नोलॉजी है, जो इसे बाकी ट्रेनों से अलग बनाती है. यह स्वदेशी ट्रेन आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूती देती है.

PUNJAB : फिर सुलग रहे पंजाब के खेत! पराली जलाने के 90 मामले, जुर्माने के साथ शुरू हुआ अभियान

0

पराली जलाने के 90 मामले सामने आए हैं, जिनमें 49 FIR दर्ज और 2,25,000 रुपये जुर्माना लगाया गया. सरकार ने किसानों व ग्रामीणों को टिकाऊ कृषि के लिए जागरूक अभियान शुरू किया.

पंजाब में खेत एक बार फिर सुलगने लगे हैं. धान की पराली जलाने के 90 मामले पिछले कल (28 सितंबर) तक सामने आए हैं. इनमें 49 FIR दर्ज की गई हैं जबकि 32 किसानों के रेवेन्यू रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है. अब तक 2,25,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 1,75,000 रुपये वसूल किए जा चुके हैं.

सबसे ज्यादा 51 पराली जलाने के मामले अमृतसर जिले में दर्ज किए गए हैं, जो राज्य में पराली जलाने की गंभीरता को दर्शाते हैं. यह मामला दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते वायु प्रदूषण की समस्या से सीधे जुड़ा हुआ है.

पंजाब सरकार ने पराली जलाने के दुष्प्रभावों और फसल अवशेष प्रबंधन (Crop Residue Management) के लाभों से लोगों को अवगत कराने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है. इसके तहत नुक्कड़ नाटक, दीवार पर चित्रकारी और अन्य गतिविधियों को शामिल किया गया है. अधिकारियों के अनुसार यह अभियान किसानों और ग्रामीण समुदायों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और टिकाऊ कृषि प्रथाओं को अपनाने पर केंद्रित है.

कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां ने बताया कि राज्य सरकार ने पराली जलाने को लेकर बढ़ती चिंता को दूर करने के लिए फसल अवशेष प्रबंधन के लिए एक महत्वाकांक्षी सूचना, शिक्षा और संचार (IEC) योजना का अनावरण किया है. अक्टूबर और नवंबर में धान की कटाई के बाद अक्सर दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ने का मुख्य कारण पंजाब और हरियाणा में पराली जलाना होता है. उन्होंने कहा कि कटाई और गेहूं की बुवाई के बीच समय कम होने के कारण कुछ किसान जल्दी से फसल अवशेष साफ करने के लिए खेतों में आग लगा देते हैं.

खुडियां ने बताया कि इस व्यापक IEC अभियान का उद्देश्य किसानों, छात्रों और समुदायों को पर्यावरण-अनुकूल प्रथाओं की ओर प्रेरित करना है. इस अभियान में अधिकतम प्रभाव और पहुंच के लिए 50 प्रचार वैन तैनात की जाएंगी, जो ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता संदेश प्रसारित करेंगी. पीटीआई के अनुसार, इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक माध्यम से संदेश संप्रेषित करने के लिए 444 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे.

NATIONAL : वाराणसी में सितंबर के आखिरी सप्ताह खूब सताएगी गर्मी, तापमान 35 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान

0

आईएमडी के अनुसार, सितंबर के अंतिम सप्ताह में गर्मी ने पूर्वांचल को बेहाल कर दिया है. 29 सितंबर को वाराणसी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान है, वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहेगा.

सितंबर के अंतिम सप्ताह में वाराणसी सहित पूर्वांचल के मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया है. जहां आमतौर पर इस सीजन में रात और सुबह के समय लोगों को ठंड का एहसास होता है, वहीं इस बार चिलचिलाती धूप के अलावा गर्मी से लोग बेहाल नजर आ रहे हैं. सितंबर के अंतिम सप्ताह में पूर्वांचल में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के करीब पहुंच चुका है.

IMD रिपोर्ट की तरफ से एबीपी न्यूज़ को मिली जानकारी के अनुसार, सितंबर के अंतिम सप्ताह में गर्मी ने पूर्वांचल को बेहाल कर दिया है. 29 सितंबर को वाराणसी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री से ऊपर रहने का अनुमान है, वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहेगा.

इसके अलावा सितंबर माह तक तापमान में कुछ खास गिरावट नहीं होगी. दोपहर के बाद सड़कों पर चलते लोग चिलचिलाती धूप और प्रचंड गर्मी से जूझते नजर आ रहे हैं. मौसम एक्सपर्ट्स की माने तो आम तौर पर सितंबर के महीने में रात और सुबह के समय में इस प्रकार की गर्मी नहीं देखी जाती है. अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री के ऊपर ही रहने का अनुमान है.

आईएमडी रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में वाराणसी सहित पूर्वांचल के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है. तेज हवाओं के चलने की वजह से मौसम में परिवर्तन देखा जा सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. फिलहाल देखना होगा कि पूर्वांचल में ठंड की दस्तक कब तक होती है.

मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, आज यूपी के मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा और चित्रकूट में आज एक या दो जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई हैं.

UP : बॉयफ्रेंड से फोन पर बात करते पकड़ा तो बौखलाए भाई और पिता ने स्कूली छात्रा को मार दी गोली

0

शामली में ऑनर किलिंग की एक सनसनीखेज वारदात हुई है. अम्बेहटा गांव में 17 साल की छात्रा मुस्कान की हत्या उसके ही पिता और 15 साल के भाई ने कर दी. आरोप है कि परिवार को लड़की का प्रेम-प्रसंग मंजूर नहीं था. गुस्से में पिता और भाई ने घर की ऊपरी मंजिल पर ले जाकर उसे पिस्तौल से गोली मार दी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है.

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अम्बेहटा गांव में रविवार की शाम ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया. 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा मुस्कान की हत्या उसके ही पिता जुल्फाम और 15 साल के छोटे भाई ने कर दी. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एसपी एन. पी. सिंह ने बताया कि मृतका मुस्कान को उसके पिता और नाबालिग भाई ने घर की ऊपरी मंजिल पर ले जाकर पिस्तौल से गोली मार दी. वारदात के बाद लड़की की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और बेटे को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद कर ली है.

पूछताछ में पिता ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि उसने बेटी को परिवार की इज्जत दागदार करने की वजह से मौत के घाट उतारा. पुलिस ने जुल्फाम और उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुस्कान का गांव के ही एक लड़के से प्रेम संबंध था. परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और अक्सर लड़की पर नज़र रखता था. रविवार की शाम जब पिता ने उसे मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ लिया, तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया. इसी दौरान पिता और भाई ने मिलकर यह खौफनाक कदम उठा लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है.

UP: लखनऊ में धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश, मास्टमाइंड गिरफ्तार

0

राजधानी लखनऊ में धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश किया गया है और मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी सामने आई है कि आरोपी अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराता था.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में धर्मांतरण के रैकेट का पर्दाफाश किया गया है और मास्टमाइंड को गिरफ्तार किया गया है. बताया जाता है कि यहां अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन और “चमत्कारी उपचार” के दावों के ज़रिए ईसाई धर्म अपनाने के लिए लुभाया जाता था.एक एजेंसी के मुताबिक डीसीपी (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी, जिसकी पहचान बकतौरी खेड़ा निवासी मलखान (43) के रूप में हुई है. आरोपी को रविवार को हुलासखेड़ा रोड से गिरफ्तार किया गया.

अतिरिक्त डीसीपी रालापल्ली वसंत कुमार और इलाके के एसीपी रजनीश वर्मा के साथ मौजूद अग्रवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वह फरार था. पुलिस की एक टीम ने उसका पता लगाया और उसे हिरासत में ले लिया.पुलिस के एक बयान के अनुसार मलखान ने अपने खेत पर एक हॉल जैसी संरचना बनाई थी. इस जगह को वह एक अस्थायी चर्च के रूप में इस्तेमाल कर रहा था. हर रविवार और गुरुवार को वह अनुसूचित जाति की महिलाओं और बच्चों को इकट्ठा करता था. साथ ही बीमारियों के इलाज का वादा करता था और प्रलोभन देता था.

इन सभाओं के दौरान प्रतिभागियों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जाता था. पुलिस ने कहा कि मलखान ने खुद ईसाई धर्म अपना लिया था और अपने बच्चों और रिश्तेदारों के नाम बदलकर ईसाई नाम रख लिए थे. बयान में कहा गया है कि वह अनुसूचित जाति के सदस्यों तक पहुंचने के लिए “येशु चंगाई सभा” नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप भी चलाता था.

पुलिस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के दौरान बाइबिल की शिक्षाओं पर आधारित दो किताबें और अन्य प्रचार सामग्री बरामद की गई. उसके वित्तीय स्रोतों की भी जांच की जा रही है और पुलिस उन लोगों से संपर्क कर रही है जिनका धर्म परिवर्तन हुआ हो सकता है.

उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराओं के तहत निगोहन थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी दक्षिण ने 25000 रुपये नकद पुरस्कार दिया है.

- Advertisement -

News of the Day