Sunday, May 3, 2026
Home Blog Page 401

UP : बॉयफ्रेंड से फोन पर बात करते पकड़ा तो बौखलाए भाई और पिता ने स्कूली छात्रा को मार दी गोली

0

शामली में ऑनर किलिंग की एक सनसनीखेज वारदात हुई है. अम्बेहटा गांव में 17 साल की छात्रा मुस्कान की हत्या उसके ही पिता और 15 साल के भाई ने कर दी. आरोप है कि परिवार को लड़की का प्रेम-प्रसंग मंजूर नहीं था. गुस्से में पिता और भाई ने घर की ऊपरी मंजिल पर ले जाकर उसे पिस्तौल से गोली मार दी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिया है.

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में अम्बेहटा गांव में रविवार की शाम ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया. 12वीं में पढ़ने वाली छात्रा मुस्कान की हत्या उसके ही पिता जुल्फाम और 15 साल के छोटे भाई ने कर दी. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक एसपी एन. पी. सिंह ने बताया कि मृतका मुस्कान को उसके पिता और नाबालिग भाई ने घर की ऊपरी मंजिल पर ले जाकर पिस्तौल से गोली मार दी. वारदात के बाद लड़की की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता और बेटे को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद कर ली है.

पूछताछ में पिता ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि उसने बेटी को परिवार की इज्जत दागदार करने की वजह से मौत के घाट उतारा. पुलिस ने जुल्फाम और उसके नाबालिग बेटे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुस्कान का गांव के ही एक लड़के से प्रेम संबंध था. परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और अक्सर लड़की पर नज़र रखता था. रविवार की शाम जब पिता ने उसे मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ लिया, तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया. इसी दौरान पिता और भाई ने मिलकर यह खौफनाक कदम उठा लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है.

UP: लखनऊ में धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश, मास्टमाइंड गिरफ्तार

0

राजधानी लखनऊ में धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश किया गया है और मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया है. जानकारी सामने आई है कि आरोपी अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराता था.

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में धर्मांतरण के रैकेट का पर्दाफाश किया गया है और मास्टमाइंड को गिरफ्तार किया गया है. बताया जाता है कि यहां अनुसूचित जाति के लोगों को प्रलोभन और “चमत्कारी उपचार” के दावों के ज़रिए ईसाई धर्म अपनाने के लिए लुभाया जाता था.एक एजेंसी के मुताबिक डीसीपी (दक्षिण) निपुण अग्रवाल ने बताया कि आरोपी, जिसकी पहचान बकतौरी खेड़ा निवासी मलखान (43) के रूप में हुई है. आरोपी को रविवार को हुलासखेड़ा रोड से गिरफ्तार किया गया.

अतिरिक्त डीसीपी रालापल्ली वसंत कुमार और इलाके के एसीपी रजनीश वर्मा के साथ मौजूद अग्रवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से वह फरार था. पुलिस की एक टीम ने उसका पता लगाया और उसे हिरासत में ले लिया.पुलिस के एक बयान के अनुसार मलखान ने अपने खेत पर एक हॉल जैसी संरचना बनाई थी. इस जगह को वह एक अस्थायी चर्च के रूप में इस्तेमाल कर रहा था. हर रविवार और गुरुवार को वह अनुसूचित जाति की महिलाओं और बच्चों को इकट्ठा करता था. साथ ही बीमारियों के इलाज का वादा करता था और प्रलोभन देता था.

इन सभाओं के दौरान प्रतिभागियों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जाता था. पुलिस ने कहा कि मलखान ने खुद ईसाई धर्म अपना लिया था और अपने बच्चों और रिश्तेदारों के नाम बदलकर ईसाई नाम रख लिए थे. बयान में कहा गया है कि वह अनुसूचित जाति के सदस्यों तक पहुंचने के लिए “येशु चंगाई सभा” नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप भी चलाता था.

पुलिस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के दौरान बाइबिल की शिक्षाओं पर आधारित दो किताबें और अन्य प्रचार सामग्री बरामद की गई. उसके वित्तीय स्रोतों की भी जांच की जा रही है और पुलिस उन लोगों से संपर्क कर रही है जिनका धर्म परिवर्तन हुआ हो सकता है.

उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धाराओं के तहत निगोहन थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को डीसीपी दक्षिण ने 25000 रुपये नकद पुरस्कार दिया है.

UP : चबूतरे पर सो रहे युवक पर ईंट से 15 वार कर हत्या, वजह चौंका देगी

0

पवन मजदूर था और परिवार का सहयोगी सदस्य. रविवार देर रात वह अपनी भतीजी के व्रत के लिए पूजा सामग्री और अन्य जरूरी सामान लेने गांव की दुकान पर गया था.जहां मोतीलाल से विवाद हो गया.

उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में रविवार देर रात उस समय सनसनी फ़ैल गयी, जब यहां के सरूरपुर थाना क्षेत्र के भूनी गांव में एक युवक पवन की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पवन की हत्या उस वक्त हुई जब वो भतीजी के लिए व्रत का सामान लेने गया था. वहां गांव का ही मोतीलाल शराब के नशे में आया और ताबड़तोड़ उस पर ईंट से एक दर्जन से अधिक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

पवन की हत्या से पूरे गांव में कोहराम मच गया, फौरन ही पुलिस को सूचना दी गयी. जबकि आरोपी मोतीलाल वहां से फरार हो गया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के मुताबिक मृतक पवन मजदूर था और परिवार का सहयोगी सदस्य. रविवार देर रात वह अपनी भतीजी के व्रत के लिए पूजा सामग्री और अन्य जरूरी सामान लेने गांव की दुकान पर गया था. दुकान पर गांव के ही विकास और उसके भाई मोतीलाल से उसकी कहासुनी हो गई. चूंकि दोनों में पुरानी रंजिश थी इसलिए विवाद ज्यादा बढ़ गया.

रात को शराब के नशे में धुत हत्यारोपी मोतीलाल ने मौका देखा, उस वक्त पवन मोहल्ले के एक चबूतरे पर थकान के कारण सो रहा था. तभी आरोपी वहां पहुंचा और ईंट से लगातार हमला बोल दिया. मौजूद ग्रामीणों के मुताबिक मोतीलाल ने कम से कम 15-16 वार किए, जिससे पवन की सांसें थम गईं. पवन पर हमले की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण जुट गए. और पुलिस को खबर की गयी.

सूचना मिलते ही सरूरपुर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. मृतक के भाई की तहरीर पर मोतीलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. एसपी सिटी रवि कुमार ने बताया कि घटना पुरानी रंजिश का नतीजा लग रही है. आरोपी शराब के नशे में था, जिसने उसे हिंसक बना दिया. हमने कई थानों की फोर्स लगाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गांव में एहतियातन फ़ोर्स तैनात कर दी गयी है.

उधर पवन की मौत से परिजनों का बुरा हाल है, किसी को भी यकीन नहीं हो रहा अचानक उसके साथ इस तरह की वारदात हो जाएगी. परिजनों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है.

MP : ननद के साथ मिली पत्नी की रोमांटिक चैट, पति के पैरों तले खिसक गई जमीन; 7 साल का रिश्ता तोड़ा, 5 साल के बेटे को भी छोड़ा

0

MP के जबलपुर में एक ननद अपनी ही भाभी की खूबसूरती पर फिदा हो गई और दोनों के बीच इश्क परवान चढ़ गया. हालात ये हुए कि ननद और भाभी अपने घर-परिवार को छोड़कर रफूचक्कर हो गईं. शादीशुदा महिला अपने 5 साल के बेटे को भी छोड़ गई.

मध्य प्रदेश के जबलपुर में अपनी खूबसूरत भाभी को भगा ले जाने वाली ननद की कहानी सुर्खियों में है. हैरानी की बात यह है कि अपनी ममेरी बहन पर युवक को कभी शक तक नहीं हुआ. इस घटना के कुछ दिन बाद जब पति ने घर पर रखा पत्नी का मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें ननद के साथ पत्नी की रोमांटिक चैटिंग मिली, जिसे देखकर पति के पैरों तले जमीन खिसक गई.

यह मामला अमरपाटन इलाके का है. आशुतोष नाम के युवक ने करीब 7 साल पहले संध्या से लव मैरिज की थी. उनकी शादीशुदा जिंदगी सामान्य थी और उनका 5 साल का एक बेटा भी है. इसी बीच आशुतोष बच्चे की पढ़ाई के लिए यह परिवार जबलपुर शिफ्ट हो गया था.

जबलपुर में आशुतोष की ममेरी बहन यानी पत्नी की ननद मानसी का घर पर आना-जाना लगा रहता था. ननद-भाभी में खूब बातचीत होती थी, और वे अक्सर साथ में बाज़ार भी जाती थीं. क्योंकि यह एक पारिवारिक रिश्ता था, आशुतोष को कभी शक तक नहीं हुआ कि ननद-भाभी का रिश्ता महज़ पारिवारिक नहीं है.सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक 12 अगस्त को आशुतोष की पत्नी संध्या लापता हो गईं. अगले दिन वह जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मिलीं और कुछ समय पति और बेटे के साथ रहीं. लेकिन 22 अगस्त को वह अपना मोबाइल घर पर छोड़कर बाहर गईं और अब तक वापस नहीं लौटी हैं.

लापता पत्नी के लिए परेशान पति को जब कोई उम्मीद नहीं बची, तो उसने घर पर रखे पत्नी के पुराने फोन को खंगाला. फोन में ननद मानसी के साथ पत्नी की रोमांटिक चैटिंग मिली, जिसे देखकर आशुतोष के पैरों तले जमीन खिसक गई. उसे तब समझ आया कि उसकी पत्नी और बहन के बीच एक प्रेम संबंध था, और वे दोनों भाग गई हैं.

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पीड़ित पति की ओर से जबलपुर ग्रामीण के घमापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है. चूंकि पत्नी मोबाइल साथ नहीं ले गई है, लोकेशन ट्रेस करने में परेशानी आ रही है. हालांकि, पुलिस को कुछ तकनीकी साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर लापता पत्नी की तलाश की जा रही है.

BIHAR : रोहतास में ऑटो-ट्रक की टक्कर, तीन की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

0

बिहार के रोहतास जिले में रविवार (28 सितंबर) को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया. डेहरी स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलौथू इलाके के पेट्रोल पंप के पास एक ऑटो और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

मृतकों की पहचान मगह निवासी 20 वर्षीय चितरंजन कुमार उर्फ अंशु, 8 वर्षीय एक लड़के और 10 वर्षीय एक लड़की के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि चितरंजन अपनी बहन और भांजे-भांजी को लेकर ऑटो चला रहा था. तभी अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. लोगों ने तुरंत पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय सुनीता कुमारी को पहले डेहरी के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया और बेहतर इलाज के लिए सासाराम रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने हादसे की पूरी जांच शुरू कर दी है. ट्रक और उसके चालक को मौके से तुरंत हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने कहा कि चालक की स्थिति और वाहन की जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा. अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी इस तरह के हादसों के मुख्य कारण बने हैं.

स्थानीय लोग और मृतक परिवार हादसे से गहरे सदमे में हैं. चितरंजन के घर पर मातम का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने सड़क पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. प्रशासन ने भी कहा है कि इस दुर्घटना के बाद इलाके में वाहनों की गति नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के उपाय किए जाएंगे.

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नियमों का पालन करने की आवश्यकता को उजागर किया है. राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहन और नियमों की अनदेखी से कई परिवारों की खुशियों पर काल बन जाता है. अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि सड़क पर हमेशा सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह के दुखद हादसों को रोका जा सके.

ENTERTAINMENT : दिल्ली की लव कुश रामलीला में दशहरे के दिन राम बनेंगे बॉबी देओल, रावण का करेंगे दहन

0

दिल्ली की भव्य रामलीला इस दशहरे पर और भी ज़्यादा ग्रैंड होने वाली है. दरअसल बॉलीवुड स्टार बॉबी देओल इस समारोह में शामिल होंगे. बॉबी देओल राम बनकर रावण का दहन करते नजर आएंगें. यानी बॉबी बुराई पर अच्छाई की जीत का परचम लहराएंगे. इस खबर की पुष्टि खुद एक्टर ने की है.

बता दें कि बॉबी देओल को लव कुश रामलीला समिति ने 2 अक्टूबर को ऐतिहासिक लाल किला मैदान में रावण के पुतले का प्रतीकात्मक दहन करने के लिए आमंत्रित किया है. आयोजकों के साथ शेयर किए गए एक वीडियो में, बॉबी ने इस वार्षिक परंपरा का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जताई है. इस दौरान बॉबी ने कहा, “दिल्ली की रामलीला में इस बार मैं आ रहा हूं… तो मिलते हैं दशहरे पर.” उनकी उपस्थिति से भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है, क्योंकि आमतौर पर इस आइकॉनिक इवेंट में लाखों लोग पहुंचते हैं.

लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि बॉबी की भागीदारी से उत्सव में स्टार पावर का तड़का लगेगा. उन्होंने कहा, “बॉबी देओल की भागीदारी से यह दशहरा और भी शानदार और यादगार बन जाएगा.”

लाल किले में लव कुश रामलीला देश की सबसे आइकॉनिक रामलीलाओं में से एक है, जिसमें पौराणिक कथाओं और आधुनिक तमाशे का मिश्रण होता है और इसे देखने के लिए दिल्ली और उसके बाहर से दर्शकों भारी संख्या में पहुंचते गैं. इस साल बॉबी देओल के चीफ गेस्ट होने के कारण, आयोजकों का मानना ​​है कि रावण के प्रतीकात्मक वध में सिनेमाई आकर्षण का एक एडिशनल तड़का होगा.

पूनम पांडे दिल्ली के लाल किले में आयोजित प्रतिष्ठित लव कुश रामलीला में रावण की पत्नी मंदोदरी की भूमिका निभाने के बाद से चर्चा में हैं. उनके चयन पर विवाद छिड़ गया है, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित राजनीतिक और धार्मिक समूहों ने आपत्ति जताई है. आलोचनाओं के बावजूद, रामलीला के आयोजकों ने पुष्टि की है कि पांडे को बदला नहीं जाएगा और वे नाटक में अभिनय करती रहेंगी.

वासे लव कुश रामलीला समिति का मुंबई के फिल्म अभिनेताओं को प्रमुख भूमिकाओं में लेने का लंबा इतिहास रहा है, और हिंदी और पंजाबी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं पूनम पांडे ने इस भूमिका के लिए खुद समिति से संपर्क किया था. वह आर्य बब्बर के साथ मंच शेयर करेंगी.

NATIONAL : बद्रीनाथ धाम के कपाट कब होंगे बंद? इस विशेष दिन तय होगी तारीख, मंदिर में होंगे धार्मिक अनुष्ठान

0

बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद कब किए जाएंगे इसकी तिथि दशहरा के दिन एक बड़े धार्मिक कार्यक्रम के दौरान तय की जाएगी. हर साल विजयदशमी पर ही कपाट बंद करने की तिथि तय होती है.

बद्रीनाथ धाम के कपाट कब बंद होंगे इसकी तिथि विजयदशमी यानी 2 अक्टूबर को तय की जाएगी. इस दिन मंदिर परिसर में दोपहर को एक भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा. जिसमें बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि निर्धारित होगी. बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने रविवार को इसकी जानकारी दी है.

हर साल बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद करने की तिथि विजयदशमी के दिन ही तय की जाती है. बीकेटीसी ने बताया कि दशहरा के दिन दोपहर में कपाट बंद होने की तिथि निर्धारित करने के लिए एक भव्य धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा.

इस धार्मिक समारोह में धर्माधिकारी और वैदिक विद्वान, बीकेटीसी के पदाधिकारियों की उपस्थिति में, पंचांग गणना के आधार पर धाम के कपाट को बंद करने की अंतिम तिथि और समय तय करेंगे. इसके बाद बीकेटीसी के तमाम पदाधिकारियों की उपस्थिति में बद्रीनाथ धाम के रावल मंदिर के कपाट बंद होने की औपचारिक घोषणा करेंगे.

इस बारे में जानकारी देते हुए बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ ने बताया है कि इसी दिन कपाट बंद होने से पहले होने वाली पंज पूजाओं का कार्यक्रम, उद्धव और कुबेर जी के पांडुकेश्वर प्रस्थान और आदि गुरू शंकराचार्य की गद्दी व भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ जी के नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मय गद्दी स्थल के लिए प्रस्थान का मुहुर्त और कार्यक्रम भी तय होगा.

इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान ही अगले साल होने वाले यात्रा 2026 में भंडार सेवा के लिए परंपरागत पगड़ी भी भेंट की जाएगी. हरीश गौड़ ने बताया कि विजयदशमी के दिन ही ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में द्वितीय केदार मद्महेश्वर और मर्कटेश्वर मंदिर मक्कूमठ में तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथियां भी निर्धारित की जाएंगी.

बता दें कि बद्रीनाथ धाम उत्तराखंड के चार धामों से में एक हैं. हर साल देशभर से लाखों की संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं और भगवान बद्री विशाल के दर्शन करते हैं.

NATIONAL : यूपी के इस गांव में महिलाओं ने बंद कर दिया था चूड़ी पहनना, सिंदूर-बिंदी लगाना, लेकिन क्यों?

0

उत्तर प्रदेश में लखनऊ पुलिस ने धर्मान्तरण गिरोह का पर्दाफाश किया है. जिसमें पुलिस को निगोहां थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति की मीटिंग के दौरान कई गांवों की महिलओं के पहनावे पर शक हुआ. जिसके बाद पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों के जरिये गिरफ्तारी की तो खुलासा हुआ कि प्रार्थना सभा और आर्थिक लालच के जरिए ग्रामीणों का ब्रेनवाश किया जा रहा था.

गिरोह का सरगना मलखान और मैथ्यू गिरफ्तार है. ग्रामीणों ने रुद्राक्ष माला छोड़ क्रॉस पहनना शुरू कर दिया था. महिलाओं ने भी सिन्दूर, बिंदी, बिछुआ पहना छोड़ दिया था. लेकिन अब फिर से अपनी परम्परा में वापस लौट आए हैं.

एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत कुछ दिनों पहले पुलिस ने निगोहां के वक्तौरी खेड़ा, खरगपुर समेत कई गांवों में महिला चौपालें लगाई थीं. इन चौपालों में सैकड़ों ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं. लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि अधिकांश हिंदू महिलाओं ने सिंदूर, बिंदी या मंगलसूत्र नहीं पहना था. इस पर पुलिस को शक हुआ और चुपचाप जांच शुरू करवाई.

एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि चौपाल के दौरान महिलाओं के पहनावे पर शक हुआ. जिस पर ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों को जांच सौंपी. समिति से धर्मांतरण के इनपुट मिले, जिसके बाद हमने गिरोह के सदस्यों को हिरासत में लेकर सख्त पूछताछ शुरू की. मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस उपायुक्त निपुण अग्रवाल और उच्चाधिकारियों को लगातार अपडेट रखा गया. पुलिस ने फूंक-फूंक कर कदम उठाए, ताकि गिरोह पूरी तरह बेनकाब हो सके.

पुलिस की जांच में चौंकाने वाली चीजें सामने आयीं. इस गिरोह ने अपने प्रभाव में लेकर ग्रामीणों को उनकी परम्परा से दूर कर दिया था. जो ग्रामीण अब तक रुद्राक्ष मामला पहनते थे वो अब क्रॉस पहन रहे थे, यही नहीं गाड़ी और घरों मेंयीशु की तस्वीरें आ गयीं थीं. धर्मसभा के नाम पर गांव में प्रार्थना सभा या चंगाई सभा हो रही थी, जिसमें ग्रामीणों से निम्न बातें कहकर बरगलाया जाता था:

पुलिस ने खुलासा किया कि सरगना मलखान ने यीशू चंगाई सभा नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था. इसमें ग्रामीणों को जोड़कर रोजाना मैसेज भेजे जाते थे. मैसेजों में लिखा होता: ‘गॉड ने आप सबको नेक काम के लिए दुनिया में भेजा है. ज्यादा से ज्यादा लोगों को प्रार्थना में लाओ. जितने लोगों को धर्म से जोड़ोगे, गॉड तुम्हें ब्लेसिंग देगा. तुम्हारे घर में खुशियां बरसेंगी. यीशु ने अपना बलिदान देकर हमें सत्य का रास्ता दिखाया है. लोगों को जोड़कर अपने समाज को मजबूत करें.’

मलखान की गिरफ्तारी के बाद गांव के लोग अपनी परम्परा फिर से मानने लगे हैं. महिलाओं ने भी बिंदी और सिन्दूर का प्रयोग शुरू कर दिया है. उनके मुताबिक उन्हें धोखे में रखा जा रहा था.

ENTERTAINMANT : बिग बॉस में बवाल, मर्यादा भूले बसीर-नेहल, की धक्का-मुक्की? देखकर चौंके फैंस

0

बिग बॉस 19 में एक बार फिर हंगामा मच गया है. बसीर अली और नेहल दोस्त से दुश्मन बन गए हैं. दोनों के बीच हलवे को लेकर जबरदस्त लड़ाई हो गई. लड़ाई में दोनों एक दूसरे पर गुस्से से चार्ज करते दिखे और फिर…

बिग बॉस 19 में वीकेंड का वार एपिसोड के बाद घर का माहौल काफी ज्यादा बिगड़ गया है. नेहल और बसीर अली के बीच हाईवोल्टेज लड़ाई हो गई है. दोनों एक दूसरे संग धक्का-मुक्की पर उतर आए. आखिर नेहल और बसीर के बीच किस बात को लेकर इतना जबरदस्त झगड़ा हुआ? आइए जानते हैं…

अगर आप बिग बॉस के फैन हैं तो ये जानते होंगे कि शो में कंटेस्टेंट्स खाने और किचन ड्यूटीज को लेकर सबसे ज्यादा आपस में भिड़ते नजर आते हैं. अब ऐसा ही कुछ नेहल और बसीर के बीच भी हुआ. दोनों की हाईवोल्टेज लड़ाई हलवे को लेकर हुई.

शो के प्रोमो वीडियो में देख सकते हैं कि बसीर अपने लिए एक कटोरी भरकर हलवा फ्रिज में छुपा देते हैं. नेहल और कुनिका हलवा देखकर शॉक्ड हो जाती हैं. नेहल फिर घर की कैप्टन फरहाना से कहती हैं कि जितना हलवा तान्या के लिए बना है उतना बसीर ने रखा है अपने लिए. नेहल की इस बात पर बसीर गुस्से से कहते हैं- मैं निकालकर अभी देता हूं. इसमें कोई मरने वाली बात तो नहीं है. बसीर की ये बात नेहल को पसंद नहीं आती. वो फिर बसीर पर चिल्लाते हुए कहती हैं- क्या मतलब है तुम्हारा कि मर रही है? तू मर.

नेहल की इस बात पर बसीर भी गुस्से से आगबबूला हो जाते हैं. वो नेहल पर चिल्लाते हुए कहते हैं- बकवास मत कर, चुप कर. जवाब में नेहल फिर बसीर पर गुस्सा करते हुए कहती हैं- तू चोर है.

बसीर और नेहल दोनों ही गुस्से में अपना कंट्रोल खो देते हैं. दोनों एक दूसरे पर चार्ज करने लगते हैं. नौबत धक्का-मुक्की पर पहुंच जाती है. ऐसे में बाकी घरवालों को बीच में आकर नेहल और बसीर को रोकना पड़ा. बसीर और नेहल को लड़ाई के दौरान अपना आपा खोते देख फैंस भी हैरान हो गए हैं. फैंस अब एपिसोड का इंतजार नहीं कर पा रहे हैं. बता दें कि जबसे नेहल सीक्रेट रूम से लौटी हैं वो लगातार बसीर को टारगेट कर रही हैं. वैसे नेहल और बसीर की लड़ाई में आप किसके साथ हैं?

ENTERTAINMENT : रणबीर कपूर को राहा से मिलीं 43 Kiss, बेटी का प्यार देख हुए इमोशनल, बोले- परफेक्ट बर्थडे

0

रणबीर कपूर ने अपने 43वें जन्मदिन को मां नीतू कपूर, पत्नी आलिया भट्ट और बेटी राहा के साथ खास तरीके से मनाया. एक्टर ने बताया कि वे एक मिनी वेकेशन पर थे और नए घर की शॉपिंग भी की. मुंबई लौटने पर रणबीर ने फैंस के साथ भी जन्मदिन सेलिब्रेट किया.

बॉलीवुड के हैंडसम हंक रणबीर कपूर ने रविवार को अपना 43वां जन्मदिन मनाया. ये खास दिन एक्टर ने फैमिली संग सेलिब्रेट किया. रणबीर के बर्थडे वेकेशन की झलक आलिया भट्ट ने इंस्टा पोस्ट के जरिए दिखाई. इसमें राहा ने अपने लविंग फादर रणबीर पर प्यार लुटाया. एक्टर ने अपने जन्मदिन पर क्या कुछ किया. इसकी जानकारी उन्होंने अपने क्लोदिंग ब्रैंड Arks के इंस्टा लाइव पर शेयर की.

एक्टर ने बताया कि वो वर्क-कम-मिनी वेकेशन पर थे. उनकी मां नीतू कपूर, पत्नी आलिया और बेटी राहा इस ट्रिप पर उनके साथ थे. राहा ने उनका ये दिन काफी स्पेशल बनाया. एक्टर ने कहा- बीती रात शानदार बर्थडे सेलिब्रेशन रहा. पिछले 2 दिन काफी खास थे क्योंकि मैं अपनी मां, आलिया और राहा के साथ था. इससे बेहतर बर्थडे नहीं हो सकता था.

रणबीर ने बताया कि वो फैमिली के साथ नए घर के लिए शॉपिंग करने गए थे. वो कहते हैं- मैं अपने नए घर में शिफ्ट हो रहा हूं. इसलिए हमने घर की शॉपिंग की और फैमिली के साथ 2 दिन के लिए छोटी-सी ट्रिप प्लान की. ये टाइमिंग एकदम परफेक्ट थी क्योंकि सेम टाइम पर मेरा बर्थडे भी था.

रणबीर ने बताया कैसे राहा ने उनका जन्मदिन सेलिब्रेट किया. वो कहते हैं- मैंने पूरा दिन आलिया और राहा के साथ बिताया और कुछ खास नहीं किया. राहा ने मुझसे वादा किया था कि वो मुझे 43 kiss देगी. उसने मुझे ढेर सारी kiss दी. मेरे लिए एक प्यारा सा कार्ड बनाया. ये सब देखकर मैं इमोशनल हो गया था. ये मेरा परफेक्ट बर्थडे था. मुंबई लौटने के बाद रणबीर ने घर के बाहर इंतजार कर रहे फैन्स और पैप्स के साथ भी बर्थडे सेलिब्रेट किया. उन्होंने सबके साथ फोटो खिंचवाई.

इंस्टा लाइव में एक्टर ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘लव एंड वॉर’ पर बात की. इसमें वो संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में काम करेंगे. इसमें आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी हैं. रणबीर ने कंफर्म किया कि ये मूवी अगले साल आएगी. वो संदीप रेड्डी वांगा की मूवी ‘एनिमल पार्क’ भी कर रहे हैं. इसकी शूटिंग अगले साल शुरू होगी. इन दो फिल्मों के अलावा रणबीर डायरेक्टर नितेश तिवारी की रामायण में भी नजर आएंगे.

- Advertisement -

News of the Day