Sunday, May 3, 2026
Home Blog Page 402

GUJARAT : गुजरात के बोटाद में बड़ा हादसा: खड़ी ट्रक से टकराई पर्यटकों से भरी बस, 3 की मौत और 20 घायल

0

गुजरात के बोटाद में यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए. घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गुजरात के बोटाद जिले में सोमवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया. यहां निजी बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. जबकि 20 अन्य घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है. जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

एक एजेंसी के मुताबिक पुलिस निरीक्षक परबाद वंदा ने बताया कि बस जिले के रानपुर तालुका से पर्यटकों को लेकर आ रही थी. तभी पलियाद कस्बे के पास खड़े ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. अधिकारी ने कहा कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और लगभग 20 लोग घायल हो गए.बस जिले के रानपुर तालुका के एक गांव से पर्यटकों को लेकर आ रही थी. सभी जूनागढ़ गए थे और लौटते समय हादसा हो गया. अधिकारी ने बताया कि घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद बस के अंदर बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई. कुछ लोग बस से निकलने में कामयाब रहे. जबकि कुछ अंदर फंस गए थे. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और फंसे लोगों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचवाया गया.

NATIONAL : ‘मैं फोन का पासवर्ड भूल गया, घबराहट हो रही…’ पुलिस से कुछ ऐसी बात कर रहा लड़कियों को छेड़ने वाला चैतन्यानंद

0

स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की गिरफ्तारी के बाद अब उससे पूछताछ शुरू हो चुकी है. चैतन्यानंद बार-बार पुलिस से कहता रहा कि मैं अपने फोन का पासवर्ड भूल गया, घबराहट हो रही है. फरारी के दौरान वह सस्ते होटलों में छिपता रहा और छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखता रहा था. पुलिस ने उसके पास से तीन फोन, आईपैड और फर्जी दस्तावेज बरामद किए. जांच में उसके सहयोगियों की तलाश भी जारी है.

दिल्ली में श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट की 17 छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोपी बाबा स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की गिरफ्तारी के बाद अब उसके नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं. कभी खुद को आध्यात्मिक गुरु कहने वाला यह बाबा अब पुलिस के सामने घबराया हुआ है. पूछताछ के दौरान वह बार-बार एक ही बात दोहरा रहा है कि मैं अपने फोन का पासवर्ड भूल गया हूं, मुझे घबराहट हो रही है. यह वही फोन हैं जिनसे वह छात्राओं को अश्लील मैसेज भेजता था और उन्हीं पर उसने हॉस्टल व कैंपस की सीसीटीवी फुटेज एक्सेस कर छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखता था.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद से ही चैतन्यानंद बेहद परेशान नजर आ रहा है. कई बार तो उसने पूछताछ के दौरान हाथ जोड़कर कहा कि पासवर्ड याद नहीं आ रहा, मुझे घबराहट हो रही है. दिल्ली पुलिस ने उसके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक आईपैड बरामद किया है, जिन्हें अब फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) जांच के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का मानना है कि इन्हीं डिवाइसों में छात्राओं को भेजे गए मैसेज, कॉल डिटेल और आपत्तिजनक चैट के पूरे सबूत छिपे हैं.

जांच में सामने आया कि चैतन्यानंद ने लगभग 40 दिनों में 13 अलग-अलग होटल बदले. इनमें ज्यादातर होटल वृंदावन, मथुरा और आगरा में थे. खास बात यह रही कि वह हमेशा सस्ते और ऐसे होटल चुनता था जहां सीसीटीवी कैमरे न लगे हों या बहुत ढीले-ढाले तरीके से काम करते हों. होटल की बुकिंग अक्सर उसके चेले ही करवाते थे ताकि पुलिस को सीधे तौर पर उसका नाम न मिले. और जब शक गहराता, तो तुरंत होटल बदल देता. पुलिस का कहना है कि फरारी के दौरान भी वह अपने संस्थान पर नजर रख रहा था. उसके पास से बरामद एक फोन में कैंपस और हॉस्टल की लाइव सीसीटीवी एक्सेस मिली. यानी वह यह देखता था कि छात्राएं कब आती-जाती हैं और कौन उसके खिलाफ सक्रिय हो रहा है.

चौंकाने वाली बात यह है कि बाबा ने अपनी पहचान को इस कदर उलझा दिया कि असली और नकली का फर्क ही खत्म हो जाए. पुलिस को उससे दो पासपोर्ट मिले है. एक में उसका नाम स्वामी पार्थ सारथी दर्ज था. दूसरे पर नाम स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती लिखा था. केवल नाम ही नहीं, बल्कि माता-पिता और जन्मस्थान भी अलग-अलग थे. एक पासपोर्ट में जन्मस्थान दार्जिलिंग दर्ज था. दूसरे में तमिलनाडु. उसका पैन कार्ड भी विरोधाभासी जानकारी से भरा मिला.

लगातार ठिकाने बदलते चैतन्यानंद तक पहुंचना पुलिस के लिए आसान नहीं था. लेकिन आखिरकार खुफिया इनपुट ने काम किया. सूत्र बताते हैं कि दिल्ली पुलिस की टीम को जानकारी मिली कि वह आगरा के ताजगंज इलाके के एक छोटे से होटल में पार्थ सारथी नाम से ठहरा हुआ है. 27 सितंबर की शाम करीब 4 बजे उसने होटल के कमरा नंबर 101 में चेक-इन किया और पूरी रात वहीं रहा. होटल स्टाफ को यह अजीब लगा कि ग्राहक कमरे से बाहर ही नहीं निकल रहा.

रविवार तड़के करीब 3:30 बजे पुलिस ने होटल में दबिश दी और बाबा को धर दबोचा. गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने उसके पास से तीनों फोन, आईपैड और कई फर्जी विजिटिंग कार्ड बरामद किए. इनमें से एक कार्ड पर वह खुद को संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) का स्थायी राजदूत और ब्रिक्स का विशेष दूत बताता था.

पूरी कहानी की शुरुआत तब हुई जब 6 अगस्त को दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट की 17 छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई. इनमें खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) कोटे की छात्राएं थीं. उन्होंने आरोप लगाया कि चैतन्यानंद उन्हें देर रात अपने कमरे में बुलाता था और आपत्तिजनक मैसेज भेजता था. एफआईआर दर्ज होते ही बाबा समझ गया कि अब गिरफ्तारी तय है. उसी रात उसने दिल्ली छोड़ दी और फरारी का खेल शुरू हुआ. दो महीने तक वह पुलिस को चकमा देता रहा.

दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि फरारी के दौरान बाबा सिर्फ छिप नहीं रहा था, बल्कि रणनीति भी बना रहा था. उसने 50 लाख रुपये से ज्यादा कैश निकाले. अलग-अलग नामों से बैंक खाते संचालित किए. अपने सहयोगियों से छात्राओं पर दबाव बनाने और उनसे आपत्तिजनक मैसेज डिलीट करवाने के लिए कहा. पुलिस को शक है कि बाबा के कई मददगार अब भी फरार हैं. उन्हें खोजने के लिए टीमें लगाई गई हैं.

चैतन्यानंद की गिरफ्तारी ने उन छात्राओं को राहत दी है जो लंबे समय से खौफ और दबाव में जी रही थीं. एक पीड़िता की करीबी मित्र ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि गिरफ्तारी सिर्फ आधी जीत है. न्याय तभी होगा जब उसे कड़ी सजा मिले. उसे उम्रकैद मिलनी चाहिए ताकि कोई और लड़कियों को इस तरह शिकार बनाने की हिम्मत न करे.

फिलहाल चैतन्यानंद को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस चाहती है कि उसे उन तीन महिला सहायिकाओं के आमने-सामने बिठाया जाए, जिन पर आरोप है कि उन्होंने छात्राओं को धमकाकर बाबा की मदद की. इसके अलावा पुलिस उसे जल्द ही संस्थान लेकर जा सकती है ताकि घटनास्थल से और सबूत जुटाए जा सकें.

SPORTS : ‘टीम इंड‍िया की ट्रॉफी होटल के कमरे में ले गए मोहस‍िन नकवी….’, BCCI ने लताड़ा, कहा- भारत आनी चाहिए एश‍िया कप ट्रॉफी

0

एश‍िया कप 2025 फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हरा दिया. लेकिन भारतीय टीम ने इस दौरान ACC और PCB चीफ मोहस‍िन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. अब इस पूरे मामले पर BCCI का र‍िएक्शन भी आया है.

एशिया कप 2025 फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीतने वाली टीम इंडिया को ट्रॉफी भले ही नहीं मिली हो, लेकिन अब इस विवाद ने नया मोड़ ले लिया है.

दरअसल, ACC (एश‍ियन क्रिकेट काउंस‍िल) अध्यक्ष और PCB (पाक‍िस्तान क्रिकेट बोर्ड) चेयरमैन मोहसिन नकवी पर आरोप है कि उन्होंने विजेता ट्रॉफी और मेडल अपने होटल के कमरे में ले गए. इस पर बीसीसीआई ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि ट्रॉफी भारत भेजी जानी चाहिए, क्योंकि खिताब जीतने वाली टीम उसका असली हकदार है.

इस मुकाबले में तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी और कुलदीप यादव गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने रविवार को खेले गए एश‍िया कप फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर खिताब जीत लिया. यह उनका टी20 फॉर्मेट का दूसरा और एश‍िया कप की कुल नौवीं फाइनल में जीत रही.

भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को 146 रन पर ऑलआउट कर दिया और फिर 147 रन के लक्ष्य को दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. वर्मा ने 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 22 गेंदों पर तेजतर्रार 33 रन बनाते हुए पांचवें विकेट के लिए 60 रन की अहम साझेदारी की.

इससे पहले कुलदीप यादव ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट झटककर शानदार प्रदर्शन किया. वहीं वरुण चक्रवर्ती (2/30), अक्षर पटेल (2/26) और जसप्रीत बुमराह (2/25) ने भी अहम विकेट हासिल किए. पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही. साहिबजादा फरहान (38 गेंदों में 57) और फखर जमां (35 गेंदों में 46) की जोड़ी ने 10 ओवर से भी कम समय में 84 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी, लेक‍िन इसके बाद 62 रन जोड़कर पूरी टीम ऑलआउट हो गई.

एशिया कप 2025 जीतने के बाद टीम इंडिया ने एसीसी अध्यक्ष और पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. इसे लेकर पूरे रात ड्रामा चला, इस दौरान नकवी स्टेज पर ही इंतजार करते रहे.

मोहस‍िन नकवी से भारतीय टीम ने ट्रॉफी क्यों नहीं ली, इस पर अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया का बयान सामने आया है. नकवी ने कहा- भारत एक ऐसे देश के साथ युद्ध की स्थिति में है और उसी देश के एक नेता को हमें ट्रॉफी सौंपनी थी… हम ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी स्वीकार नहीं कर सकते जो उस देश का प्रतिनिधित्व करता है जो हमारे देश के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए है. इसलिए हमने वह ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया.

सैकिया ने आगे कहा- इसका मतलब यह नहीं है कि वह व्यक्ति हमारी ट्रॉफी और पदक, जो हमारी टीम को मिलने चाहिए, उन्हें अपने होटल के कमरे में ले जाए. यह बिल्कुल अस्वीकार्य है, और हमें उम्मीद है कि उनमें इतनी समझ होगी कि वे जल्द से जल्द वह ट्रॉफी भारत भेज दें. इससे कम से कम नैतिकता का कुछ स्तर तो बहाल होगा। हम आज (एश‍िया कप फाइनल ) के पुरस्कार वितरण समारोह में उस व्यक्ति के व्यवहार के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराने जा रहे हैं.

Shardiya Navratri 2025: शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी कल, जानें क्या रहेगा कन्या पूजन का मुहूर्त

0

शारदीय नवरात्र में अष्टमी और नवमी पूजा का विशेष महत्व है, इन दोनों दिन कन्या पूजन का विधान है. अष्टमी-नवमी को महा अष्टमी, दुर्गाष्टमी और महानवमी पूजा के नाम से जाना है.

वैसे तो शारदीय नवरात्र के पूरे 9 दिन बहुत ही खास और विशेष माने जाते हैं, लेकिन महाअष्टमी और महानवमी नवरात्र के दो सबसे महत्वपूर्ण दिन होते हैं. इस बार महाअष्टमी 30 सितंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी और महानवमी 1 अक्टूबर, बुधवार को मनाई जाएगी. ज्योतिषियों के मुताबिक, इन दोनों दिनों पर शारदीय नवरात्र के पारण के लिए कन्या पूजन किया जाता है. कन्या पूजन पर 9 कन्याओं को मां दुर्गा के रूप में पूजकर, उनको हलवा-पूरी का भोग लगाया जाता है. तो चलिए जानते हैं कि इन दोनों शुभ दिनों पर मां दुर्गा के किन स्वरूपों की पूजा होती है और क्या रहेगा कन्या पूजन का मुहूर्त.

महाअष्टमी के पूर्वी भारत में महा दुर्गाष्टमी के नाम से भी जाना जाता है. महाअष्टमी दुर्गा पूजा का सबसे खास माना जाता है. शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि की शुरुआत इस बार 29 सितंबर को शाम 4 बजकर 31 मिनट से शुरू होगी और तिथि का समापन 30 सितंबर की शाम 6 बजकर 06 मिनट पर होगा.

वहीं, महाअष्टमी के दिन कन्या पूजन का पहला मुहूर्त सुबह 5 बजकर 01 मिनट से लेकर सुबह 6 बजकर 13 मिनट तक रहेगा. दूसरा मुहूर्त सुबह 10 बजकर 41 मिनट दोपहर 12 बजकर 11 मिनट रहेगा. साथ ही, अभिजीत मुहूर्त भी कन्या पूजन जैसे कार्यों के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है, जो कि सुबह 11 बजकर 47 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 35 मिनट तक रहेगा. इन तीनों मुहूर्तों में आप कन्या पूजन कर सकते हैं.

शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की उपासना की जाती है. माता महागौरी को उज्ज्वलता और पवित्रता की देवी माना गया है. मान्यता है कि मां महागौरी की उपासना से भक्त के जीवन से सभी दुख और कठिनाइयां दूर होती हैं और उसे नई ऊर्जा और सुख-समृद्धि प्राप्त होती है.

इस बार शारदीय नवरात्र की महानवमी 1 अक्टूबर को मनाई जाएगी. इस दिन का पारण भी कन्या पूजन से किया जाता है. पंचांग के मुताबिक, महानवमी के दिन कन्या पूजन का मुहूर्त 1 अक्टूबर को सुबह 5 बजकर 01 मिनट से सुबह 6 बजकर 14 मिनट तक रहेगा. दूसरा मुहूर्त, दोपहर 2 बजकर 09 मिनट से लेकर 2 बजकर 57 मिनट तक रहेगा.

महानवमी के दिन मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है. ये मां दुर्गा का अंतिम स्वरूप है. जैसा की इनके नाम से ही स्पष्ट हो रहा है कि मां सिद्धिदात्री अपने भक्तों को सभी प्रकार की सिद्धियां और मनचाही इच्छाएं प्रदान करती हैं.

नवरात्र की अष्टमी तिथि पर कन्याओं को आमंत्रित करें और उनका पूरे विधि-विधान के साथ स्वागत करें. कन्याओं को बिठाकर उनके पैरों को दूध से धोएं और उनके माथे पर कुमकुम लगाएं. मां भगवती का ध्यान करके कन्याओं को भोजन कराएं और उन्हें दक्षिणा और उपहार दें. अंत में कन्याओं के पैर छूकर आशीर्वाद लें.

ENTERTAINMENT : फिल्म इंडस्ट्री में नहीं कोई गॉडफादर, तृप्ति डिमरी का छलका दर्द, बोलीं- बहुत चप्पलें घिसी हैं…

0

‘एनिमल’ फिल्म के बाद से तो तृप्ति डिमरी ने दर्शकों के बीच अपनी जगह बना ली. रातोरात ये इतनी पॉपुलर हो गईं कि हर कोई इनका दीवाना होता नजर आया. पर आपको बता दें कि तृप्ति का फिल्म इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर नहीं रहा. उन्होंने जो किया, अपने दम पर किया.

तृप्ति डिमरी पिछले काफी समय से अपने काम को लेकर चर्चाओं में आई हुई हैं. जिस तरह की फिल्में और किरदार इन्होंने अदा किए हैं, हर जगह इनकी बातें हो रही हैं. पर तृप्ति ने फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच अपने काम से खुद की जगह खुद ही बनाई है. उनका इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर नहीं रहा है, जिसने उनकी कोई मदद की हो.हाल ही में एक इंटरव्यू में तृप्ति ने बताया कि बतौर आउटसाइडर उन्हीं के लिए ही नहीं, बल्कि हर किसी के लिए फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाए रखना मुश्किल होता है.

फिल्मफेयर संग बातचीत में तृप्ति ने कहा- बहुत अलग तरह की मुश्किलों से आप जूझते हो जब आप यहां ऑडिशन देने के लिए आते हो. कई बार आपको एक ही दिन में 3-4 ऑडिशन्स देने पड़ते हैं. मेरे लिए ये सब करीब डेढ़ साल तक चलता रहा. ऑडिशन देने में मुझे ज्यादा गबराहट होती है, जबकि मैं कैमरा अच्छे से फेस कर लेती हूं.

ऑडिशन में अचानक आपको किरदार में उतरना पड़ता है. बहुत कम आपको बताया जाता है और उसमें आपको जान डालनी होती है. पैटर्न ब्रेक करते हो आप, और एक अलग ही फेज में चले जाते हो. मैं सिर्फ यही कहना चाहती हूं कि इस पूरी जर्नी में मैंने बहुत कुछ सीखा है. फिर जब काम मिल जाता है. तब आपको हमेशा काम में फ्रेशनेस लानी होती है. जिससे आपकी ऑडियन्स आपसे बोर न हो. आपकी परफॉर्मेंस से बोर न हो.

मेरे लिए ये नया चैलेंज है. काम को फ्रेश रखना काफी एक्साइटिंग है. मैं इसको एक ब्लेसिंग की तरह देखती हूं. क्योंकि बहुत सारे लोग हैं जो मेरे से भी ज्यादा टैलेंटेड होंगे और उन्हें मेरी तरह शायद चांस न मिला हो.

वर्कफ्रंट की बात करें तो तृप्ति डिमरी ने संदीप वांगा रेड्डी से पहली बार किसी फिल्म के लिए हाथ मिलाया है. इनकी आने वाली फिल्मों में ‘स्पीरिट’ शामिल है जो ये प्रभास के साथ करती दिखेंगी.

इसके अलावा तृप्ति जल्द ही स्पेन के लिए रवाना होंगी. वहां वो ‘रोमियो’ की शूटिंग के लिए जाएंगी, जिसके लिए वो काफी एक्साइटेड हैं. आखिरी बार तृप्ति को ‘धड़क 2’ में देखा गया था जिसमें उन्होंने सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ स्क्रीन शेयर किया था. नेटफ्लिक्स पर आप इसे देख सकते हैं.

NATIONAL : बेटे ने खाने में मांग लिया चिकन, गुस्साई मां ने बेलन से पीट-पीट कर ले ली 7 साल के मासूम की जान

0

पालघर के धनसार गांव में एक मां ने ही गुस्से में 7 साल के मासूम की जान ले ली. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. बेटे के चिकन मांगने पर गुस्साई मां ने बेलन से उसकी पिटाई कर दी जिससे गंभीर चोट लगने पर बच्चे की मौत हो गई. महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी.

महाराष्ट्र के पालघर में घोड़िला कॉम्प्लेक्स से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गुस्से में एक मां ने अपने 7 साल के बेटे को बेलन से इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, मासूम ने खाने में चिकन की मांग की थी और इसी बात पर मां बुरी तरह भड़क गई.आरोपी महिला ने गुस्से में रोटी बेलने वाले बेलन से बेटे की पिटाई शुरू कर दी. सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से बच्चे की हालत बिगड़ गई. हैरानी की बात यह रही कि गंभीर चोटों के बावजूद मां ने बेटे को इलाज के लिए अस्पताल नहीं पहुंचाया. देर रात बच्चे ने घर पर ही दम तोड़ दिया.

घटना का पता तब चला जब स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल बेलन को भी पुलिस ने सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है.

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला पति से अलग रह रही थी. वह अपने दो बच्चों और दो बहनों के साथ घोड़िला कॉम्प्लेक्स में रहती थी. मृतक बच्चे की 10 साल की बहन बेहद डरी और सहमी हुई मिली. पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित रखने के लिए एक आश्रम भेज दिया है.

फिलहाल आरोपी मां ने बेटे की मौत की जिम्मेदारी स्वीकार कर ली है. हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि घटना के पीछे कोई और वजह भी हो सकती है. इस मामले की सच्चाई अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी.

SPORTS : ना चलेंगे पटाखे और ना… भारत-पाक‍िस्तान एश‍िया कप फाइनल पर दुबई में सख्ती, बनाए गए ये न‍ियम, ये चीजें बैन

0

एशिया कप 2025 का फाइनल भारत- पाकिस्तान के बीच दुबई में रव‍िवार (28 स‍ितंबर) को है. इसके लिए वहां की पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. वहीं दुबई पुल‍िस ने इसे लेकर सख्त न‍िर्देश भी जारी किए हैं. दरअसल, दुबई पुल‍िस इस बात के लिए अभी से तैयार है कि मैच के बाद या मैच से पहले दोनों देशों के फैन्स के बीच किसी तरह का कोई विवाद ना हो.

बस कुछ घंटे और उसके बाद रात 8 बजे से भारत और पाक‍िस्तान के बीच एशिया कप 2025 फाइनल शुरू हो जाएगा. दोनों देशों के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में यह महामुकाबला खेला जाएगा. इस बड़े मुकाबले से पहले दुबई इवेंट्स सिक्योरिटी कमेटी ने सख्त सुरक्षा इंतजामों की घोषणा की है. दुबई पुल‍िस भी सख्त है.

हाल ही में पहलगाम (कश्मीर) में हुए आतंकी हमलों और उसके बाद भारत की ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई जवाबी कार्रवाई के चलते दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था. इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां कोई भी चूक नहीं करना चाहतीं और यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि मैच पूरी तरह सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के संपन्न हो.

इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच दो मुकाबले (14 स‍ितंबर और 21 स‍ितंबर) पहले ही देख चुके हैं, जिनमें मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह जबरदस्त रोमांच और एग्रेसन देखने को मिला था. दोनों देशों के बीच मैदान में खूब रोमांच देखने को मिला था. रविवार (28 स‍ितंबर) को होने वाले फाइनल मैच की अहमियत को देखते हुए दुबई के प्रशासन ने दर्शकों, खिलाड़ियों और स्टेडियम की सुविधाओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सावधानियां बरतने का फैसला किया है.

अगर कोई दर्शक इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. टूर्नामेंट के आयोजकों ने साफ कहा है कि सभी की सुरक्षा के लिए टिकट होल्डर्स का सहयोग बेहद जरूरी है. अधिकारियों ने फैन्स से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेडियम पहुंचें, सुरक्षा जांच में सहयोग करें और सभी नियमों का पालन करें ताकि किसी भी तरह की देरी से बचा जा सके. यानी संदेश एकदम क्ल‍ियर है कि क्रिकेट को इंजॉय करें, लेकिन सुरक्षा और अनुशासन को प्राथमिकता दें.

भारत अब तक इस टूर्नामेंट में अजेय रहा है और हर मैच जीता है. हालांकि, लगातार जीत के बावजूद कुछ कमजोरियां भी नजर आई हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान का प्रदर्शन भारत से कमजोर रहा है, लेकिन फाइनल में वह अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाने की कोशिश करेगा.

टिकटहोल्डर्स के लिए जरूरी निर्देश:

मैच शुरू होने से कम से कम 3 घंटे पहले स्टेडियम पहुंचना होगा.
हर वैध टिकट पर केवल एक बार ही प्रवेश मिलेगा, दोबारा प्रवेश नहीं होगा.
स्टाफ के निर्देशों और सभी नोटिसों का दर्शकों का पालन करना होगा.
केवल तय की गई जगहों पर ही पार्किंग करें, सड़कों पर वाहन खड़ा न करें.
प्रतिबंधित सामानों को स्टेडियम में ना लाएं .

ENTERTAINMENT : सलमान की फिल्म देखने के लिए थिएटर खरीदेंगी तान्या? उड़ा मजाक, हंस-हंसकर लोटपोट हुए दबंग खान

0

Bigg Boss 19: शो में सबसे ज्यादा चर्चा इस हफ्ते तान्या मित्तल की हुई. तान्या अपने खास अंदाज से सभी को खूब एंटरटेन कर रही हैं. वो बिग बॉस 19 की एंटरटेनमेंट क्वीन बन चुकी हैं.बिग बॉस 19 का वीकेंड का वार इस हफ्ते काफी धांसू रहा. सलमान खान ने अमाल मलिक और बसीर को शो में गालियां देने और बदतमीजी करने पर जमकर लताड़ लगाई. वहीं, गौहर खान ने शो में आकर जेठ आवेज दरबार को आईना दिखाया. अब रविवार के एपिसोड में दर्शकों को एंटरटेनमेंट का डबल डोज मिलने वाला है.

शो के अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो सामने आ चुका है. इस हफ्ते बिग बॉस में कई सितारे गेस्ट के तौर पर नजर आने वाले हैं. वीकेंड का वार में वरुण धवन और जाह्नवी कपूर अपनी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ को प्रमोट करते दिखेंगे. दोनों फिल्म की पूरी कास्ट के साथ शो में पहुंचे. सभी सलमान खान और कंटेस्टेंट्स संग मस्ती मजाक करते दिखेंगे.

एक्टर मनीष पॉल बिग बॉस 19 की सबसे चर्चित कंटेस्टेंट तान्या मित्तल का मजाक उड़ाते दिखे. मनीष पॉल ने तान्या से पूछा- जब आपको कोई फिल्म देखनी होती है तो क्या पूरा थिएटर बुक कराती हैं या फिर अकेली चली जाती हैं? इस सवाल पर एक्टर रोहित सराफ बीच में बोलते हैं कि तान्या थिएटर खरीद ही लेती हैं. तान्या ये सुनकर कहती हैं कि बिग बॉस के बाद उनका यही प्लान है.

सलमान खान भी इस पर तान्या से मस्ती में पूछते हैं- क्या उसमें सिर्फ मेरी पिक्चर्स लगेंगी? तान्या संग हुई सितारों की मस्ती को सभी घरवाले भी खूब एन्जॉय करते नजर आए. शो में इस हफ्ते बिग बॉस ओटीटी-2 के कंटेस्टेंट अभिषेक मल्हान और स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्टर हर्ष गुजराल भी शिरकत करेंगे. हर्ष और अभिषेक साथ मिलकर तान्या की अमीरी का मजाक उड़ाते दिखेंगे. हर्ष गुजराल ने कहा- मैं कितना भी फेंक लूं लेकिन तान्या से ज्यादा नहीं फेंक सकता.

कुल-मिलाकर रविवार के एपिसोड में सबसे ज्यादा लाइमलाइट तान्या मित्तल को मिलने वाली है. प्रोमो वीडियो में भी तान्या की सबसे ज्यादा चर्चा होती दिखाई दे रही है. प्रोमो वीडियो फैंस को भी काफी एंटरटेनिंग लग रहे हैं. फैंस अब एपिसोड का इंतजार नहीं कर पा रहे हैं. वैसे आपका क्या कहना है?

NATIONAL : आगरा के होटल में किस पहचान से रुका था यौन शोषण का आरोपी चैतन्यानंद? रजिस्टर में लिखा था ये नाम

0

यौन शोषण के आरोपी बाबा चैतन्यानंद की गिरफ्तारी आगरा के एक होटल से हुई है. शनिवार की रात साढ़े तीन बजे होटल ‘द फर्स्ट’ के रूम नंबर 101 से बाबा को पुलिस ने पकड़ा. होटल कर्मी का कहना है कि रात में दिल्ली पुलिस आई और सोते समय जगाया. उन्होंने रूम नंबर 101 के बारे में पूछा. रूम बताया, वहां से पुलिस ने बाबा को लेकर चली गई.

दिल्ली पुलिस ने विवादित बाबा चैतन्यानंद को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी का यह ऑपरेशन फिल्मी अंदाज में हुआ. दरअसल, दिल्ली पुलिस बाबा के बारे में सुराग मिलने के बाद आगरा पहुंची थी. यहां एक होटल में रात साढ़े तीन बजे पहुंचकर बाबा को अरेस्ट कर लिया. होटल कर्मी का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई करीब 30 मिनट तक चली. इस होटल में बाबा ने अपना नाम चैतन्यानंद की जगह कुछ और बताया था.

शनिवार की शाम करीब 4 बजे चैतन्यानंद आगरा के होटल द फर्स्ट में पहुंचा. होटल कर्मी का कहना है कि बाबा ने यहां आईडी दी, औपचारिकताएं पूरी करने के बाद होटल का रूम नंबर 101 दिया, जिसमें बाबा को भेज दिया. बाबा ने होटल के रजिस्टर में जो नाम लिखा, वो चैतन्यानंद नहीं, बल्कि ‘स्वामी पार्थसारथी’ लिखा था. होटल के रजिस्टर में 27 सितंबर की शाम 4 बजकर दो मिनट का समय दर्ज है.

रात साढ़े तीन बजे होटल के रिसेप्शन पर दो लोग पहुंचे. उन्होंने खुद को दिल्ली पुलिस का बताया और रिसेप्शनिस्ट भारत से कमरा नंबर 101 की जानकारी मांगी. भारत ने कमरे की लोकेशन बताई. दोनों लोगों ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और चुपचाप बाबा को अपने साथ ले गए. दिल्ली पुलिस कई दिन से चैतन्यानंद की तलाश में थी. आगरा से बाबा की गिरफ्तारी की यह पूरी प्रक्रिया करीब 30 मिनट चली.

बता दें कि दिल्ली के पॉश इलाके में चैतन्यानंद की एक आलीशान कोठी है. वह खुद को आध्यात्मिक गुरु, शिक्षाविद और थिंकर के रूप में पेश करता था. उसका संस्थान श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट (SRISIIM) मैनेजमेंट और भारतीय परंपरा के मेल का पाठ पढ़ाने के नाम पर चलता था. लेकिन आरोप है कि इसी संस्थान को उसने ‘डर्टी गेम्स की पाठशाला’ बना दिया. अब उस पर बेहद संगीन आरोप लगे हैं.

FIR ने पीड़ित छात्राओं ने आरोप लगाया है कि चैतन्यानंद देर रात कमरे में बुलाता था. आपत्तिजनक मैसेज भेजता था. डीन व स्टाफ के जरिए दबाव डलवाता था. विदेश यात्राओं पर साथ चलने को कहता था. विरोध करने पर धमकी दी जाती थी. फिलहाल चैतन्यानंद से इस पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है.

NATIONAL : पावर कट, संकरी सड़कें और बेतहाशा भीड़… तमिलनाडु भगदड़ के चश्मदीदों की आंखों देखी

0

TVK प्रमुख और एक्टर विजय की करूर में शनिवार शाम हुई रैली एक बड़े हादसे में बदल गई. भगदड़ के बाद घटनास्थल पर जूतों के ढेर, टूटे झंडे, बोतलें और मलबा बिखरा पड़ा था. इस हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई, जिन्होंने अपनों को खोया वे रातभर बिलखते रहे. हादसे के चश्मदीद ने कहा कि रैली में बहुत ज्यादा भीड़ उमड़ गई थी.

तमिलनाडु के करूर में शनिवार को एक्टर विजय की रैली में दर्दनाक हादसा हुआ, भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि 95 लोग घायल हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. चश्मदीदों ने हादसे की भयावहता के बारे में बताया.

एक पीड़िता के देवर विनोद कुमार ने बताया कि हमारा 4 लोगों का परिवार है, हम एक्टर विजय को देखने के लिए देर शाम तक इंतज़ार करते रहे. बहुत देर हो रही थी, लेकिन वे विजय सर को एक बार देखना चाहते थे. शाम 7 बजे से 7:30 बजे तक बिजली गुल रही और उनके आने से ठीक पहले भीड़ उमड़ पड़ी. मेरी भाभी और उनके 11 और 7 साल के दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल पर बड़े बच्चे और छोटे बच्चे को सांस लेने में बहुत तकलीफ हो रही थी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दम घुटने की पुष्टि हुई है.

एक अन्य पीड़ित 45 वर्षीय जयंती अपने 20 वर्षीय बेटे अश्विन कुमारन के साथ रैली में गई थीं, लेकिन भगदड़ में मां की मौत हो गई. अश्विन ने आरोप लगाया कि पुलिस और टीवीके के वॉलंटियर पर्याप्त रूप से रेस्पॉन्स देने में विफल रहे. टीवीके के वॉलंटियर खुद घायल हो गए थे और मदद नहीं कर सके. कोई भी हमें यह नहीं बता रहा था कि एम्बुलेंस कहां हैं. वहां पानी की आपूर्ति नहीं थी और सड़क बहुत संकरी थी.

कार्यक्रम स्थल पर जूतों के ढेर, कुचली हुई पानी की बोतलें, फटे हुए झंडे, टूटे हुए खंभे और बिखरा हुआ मलबा था. भागने की कोशिश में कई लोग सड़क के किनारे सीवरेज में गिर गए. कुछ लोग छप्पर की छत पर चढ़ गए और गिर पड़े, जबकि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया. एक जीवित बचे शख्स ने कहा कि जब फैंस अपने हीरो विजय का नाम बार-बार ले रहे थे, तो कई लोगों को यह एहसास ही नहीं हुआ कि भगदड़ मच गई है.

सुबह-सुबह जब स्थानीय लोग कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचे, तो वे तबाही देखकर स्तब्ध रह गए. करूर सरकारी अस्पताल घायलों से भरा हुआ था, जिन्होंने अपनों को खो दिया, वो बिलख रहे थे और रातभर मोर्चरी में उनकी सिसकियां सुनाई देती रहीं.घटना के बाद एक्टर विजय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि मैं इस वक्त असहनीय दर्द में हूं, जिसे बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने अस्पताल में भर्ती लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन डॉक्टरों और प्रभावित परिवारों से मिलने चेन्नई से करूर पहुंचे और उन्हें सर्वोत्तम देखभाल का भरोसा दिलाया. बाद में रविवार को विजय ने अपने समर्थकों को भावुक संदेश में कहा कि करूर त्रासदी से वह बेहद दुखी हैं. उन्होंने मृतकों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये और घायलों को 2-2 लाख रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की. इस नुकसान को अपूरणीय बताते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी राशि इस दर्द को कम नहीं कर सकती, लेकिन आश्वासन दिया कि तमिलगा वेत्री कझगम पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और हर संभव सहायता प्रदान करेगी.

- Advertisement -

News of the Day