Sunday, March 22, 2026
Home Blog Page 41

NATIONAL : ‘मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं…’ तिरंगे में लिपटकर घर आया लाड़ला तो बिलख पड़ी मां, रुला देगी ये कहानी

0

तिरंगे में लिपटे बेटे का पार्थिव शरीर जैसे ही घर पहुंचा, मां बिलख पड़ीं. वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं. असम में सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट हादसे में भारतीय वायुसेना के 28 साल के फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर की जान चली गई थी. उनका पार्थिव शरीर जब नागपुर पहुंचा तो इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. ऑपरेशन सिंदूर में भी हिस्सा ले चुके इस युवा पायलट को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई.

नागपुर की एक गली में शनिवार को ऐसा सन्नाटा पसरा था, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया था. घर के बाहर लोगों की भीड़ थी, आंखों में आंसू थे और हर किसी के चेहरे पर दर्द था. कुछ ही देर में सेना का वाहन उस घर के सामने आकर रुका, जहां हर दिन एक मां अपने बेटे के लौटने का इंतजार करती थी. लेकिन इस बार 28 साल का बेटा फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर तिरंगे में लिपटकर घर लौटा था.

जैसे ही तिरंगे में लिपटे बेटे का पार्थिव शरीर लाया गया, मां ने देखा तो बिलख पड़ीं. पूर्वेश दुरगकर भारतीय वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट के पद पर थे. उनका सपना बचपन से ही आसमान को छूने का था. नागपुर में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें देश की सेवा करनी है और भारतीय वायुसेना में जाना है.

उनके पिता रविंद्र दुरगकर रेलवे से रिटायर्ड हैं. उनका कहना था कि पूर्वेश ने अपने सपने को पूरा करने के लिए जी-जान लगा दी थी. वह हमेशा अपने साथियों, अपनी यूनिट और वायुसेना के बारे में गर्व से बात करता था. लेकिन किसे पता था कि आसमान में उड़ान भरने वाला यह युवा पायलट इतनी जल्दी सबको छोड़कर चला जाएगा.

फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश की मां ने कहा कि यकीन करना मुश्किल है कि मेरा बेटा अब इस दुनिया में नहीं है. नागपुर में अंतिम संस्कार किया गया. पूर्वेश की मां, बहन और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.गुरुवार को असम के करबी आंगलोंग जिले में भारतीय वायुसेना का सुखोई Su-30 MKI फाइटर जेट उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर और स्क्वाड्रन लीडर अनुज की मौत हो गई. यह विमान जोरहाट एयरबेस से उड़ा था. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान रडार से गायब हो गया और बाद में उसके दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई. यह खबर जैसे ही नागपुर में पूर्वेश के घर पहुंची, वहां मातम छा गया.

पूर्वेश के पिता का कहना था कि उन्होंने अपने बेटे से आखिरी बार बुधवार को बात की थी. सब कुछ सामान्य था. लेकिन अगले दिन सुबह फोन की घंटी बजी और दूसरी तरफ से जो खबर मिली, उसने उनकी दुनिया ही बदल दी. पूर्वेश के ग्रुप कैप्टन का फोन था. उन्होंने हादसे की जानकारी दी थी.

पूर्वेश देश के लिए समर्पित एक सच्चे सैनिक थे. उनके पिता का कहना था कि पूर्वेश ने ऑपरेशन सिंदूर में भी हिस्सा लिया था. यह वही ऑपरेशन था जिसे भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए शुरू किया था. पूर्वेश इस मिशन का हिस्सा रहे थे.परिवार के लोगों के अनुसार, पूर्वेश कुछ ही दिन पहले नागपुर आए थे. घर में पारिवारिक मिलन का छोटा सा कार्यक्रम हुआ था. उनकी बहन, जो आईआईटी से पढ़ी हुई हैं और अमेरिका में सेटल हैं, वह भी उस समय घर आई थीं. पूरे परिवार ने साथ समय बिताया. किसी ने भी नहीं सोचा था कि वह मुलाकात आखिरी साबित होगी.

पूर्वेश के पिता बताते हैं कि उनका बेटा छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा से बेहद प्रभावित था. वह अक्सर उनके साहस और राष्ट्रभक्ति की बातें किया करता था. देश के लिए कुछ करने की भावना उसके भीतर बचपन से ही थी. शुक्रवार को पूर्वेश का पार्थिव शरीर पहले दिल्ली लाया गया, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद नागपुर के सोनगांव एयरफोर्स स्टेशन लाया गया. शनिवार को उनका पार्थिव शरीर उनके घर न्यू सुबेदार लेआउट में परिवार के पास पहुंचा. जैसे ही तिरंगे में लिपटा बेटा घर पहुंचा, वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं.

मां, बहन और पिता अपने बेटे से लिपटकर रोते रहे. यह दृश्य इतना भावुक था कि वहां मौजूद वायुसेना के अधिकारी और पूर्वेश के दोस्त भी अपने आंसू नहीं रोक पाए.पूर्वेश को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे. लोगों ने पूर्वेश अमर रहें और भारत माता की जय के नारे लगाए. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए नागपुर के मानेवाडा घाट ले जाया गया.

मानेवाडा घाट पर फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरगकर को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. भारतीय वायुसेना के जवानों ने उन्हें सलामी दी और परंपरा के अनुसार गन सैल्यूट भी दिया गया. इसके बाद उनके पिता रविंद्र दुरगकर ने अपने बेटे के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी. उस पल वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं.

पूर्वेश अभी 28 साल के थे और अविवाहित थे. उनके सामने पूरी जिंदगी पड़ी थी. लेकिन नियति को शायद कुछ और ही मंजूर था. आज नागपुर का यह युवा पायलट इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसकी कहानी हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी.

ENTERTAINMENT : यूट्यूबर अनुराग ने की सुसाइड की कोशिश, सितारों ने मांगी सलामती की दुआ, मुनव्वर फारूकी बोले- आत्महत्या हल नहीं

यूट्यूबर अनुराग डोबाल एक्सीडेंट के बाद अस्पताल में भर्ती हैं. उनका इलाज चल रहा है. कई सितारे अनुराग के सपोर्ट में आगे आ रहे हैं और उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. मुनव्वर फारूकी और अली गोनी ने अनुराग को ट्रोल करने वालों की भी क्लास लगाई.

UK07 राइडर के नाम से मशहूर और बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट रहे अनुराग डोबाल सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए हैं. इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग की तेज रफ्तार गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई. इंस्टाग्राम लाइव के दौरान अनुराग हजारों फैंस संग बात करते हुए इमोशनल हो गए और तभी उनकी गाड़ी अचानक डिवाइडर से जा भिड़ी. ऐसे में कई लोगों का मानना है कि अनुराग ने आत्महत्या की कोशिश की है. अब कई सितारे अनुराग के सपोर्ट में आगे आ रहे हैं.

अनुराग ने दुर्घटना से पहले कई बार खुद यूट्यूब व्लॉग और इंस्टा पोस्ट के जरिए बताया कि वो डिप्रेशन में हैं. उन्होंने यूट्यूब चैनल पर दो घंटे लंबा एक वीडियो शेयर करके कहा था कि उनके माता-पिता ने उन्हें टॉर्चर कर रहे हैं. भाई भी उन्हें परेशान कर रहे हैं. घरवालों से परेशान होकर उनकी पत्नी घर छोड़कर चली गई हैं. व्लॉग में अनुराग ने आत्महत्या करने के बारे में भी हिंट दिया था. वो रोते-बिलखते दिखे थे.

अनुराग के वीडियो सामने आने के बाद फैंस ने जहां उन्हें सपोर्ट किया था, तो कई लोगों ने अनुराग को ट्रोल करते हुए कहा कि वो व्यूज के लिए नाटक कर रहे हैं. कई यूजर्स ने अनुराग के आंसुओं को झूठा बताकर उन्हें ट्रोल भी किया. ऐसे में अब मुनव्वर फारूकी और एक्टर अली गोनी अनुराग के सपोर्ट में आगे आए हैं. मुनव्वर और अली ने अनुराग के डिप्रेशन का मजाक उड़ाने और उन्हें ट्रोल करने वालों को खरी-खोटी सुनाई है.

मुनव्वर ने अनुराग के सपोर्ट में कहा- हम हमेशा कहते हैं कि मेंटल हेल्थ सीरियस चीज है. कोई परेशान है तो उसके बारे में बात करो. मगर जब कोई इंसान अपनी मेंटल हेल्थ के बारे में बात करता है तो हम लोग उसका मजाक उड़ाते हैं. इंटरनेट को ये क्या बना दिया तुम लोगो ने. कोई परेशानी बता रहा है तो कह रहे हो व्यूज के लिए कर रहा है. कम से कम कंसीडर तो करो. लेकिन अगर व्यूज के लिए कोई नहीं कर रहा तो कौन जिम्मेदार होगा.

मुनव्वर आगे बोले- किसी भी मर्द की जिंदगी में उसके परिवार की प्रॉब्लम से बढ़कर कुछ नहीं होता. प्लीज किसी को ट्रोल मत करो. जोक मारने के लिए कई चीजें मिल जाएंगी. इंटरनेट को ऐसा मत बनाओ कि किसी के दुख को देख ही नहीं पाओ. मुनव्वर ने आगे लोगों को समझाते हुए कहा- सुसाइड किसी चीज का हल नहीं है. अगर परेशान हो कोई भी प्रॉब्लम हो तो सुसाइड करने की कोशिश कभी मत करना.

अली गोनी ने वीडियो शेयर कर कहा- एक यूट्यूबर है अनुराग. उस लड़के ने वीडियो शेयर करके बताया कि उसकी लाइफ में क्या चल रहा है. लेकिन लोगों ने बदले में उसे क्या दिया? उसका मजाक उड़ाया, उसे ट्रोल किया. अब पता चला है कि उसने चलती हुई गाड़ी में सुसाइड करने की कोशिश की है. अनुराग को ट्रोल करने वालों को शर्म आनी चाहिए. आप सभी को ऊपरवाला देख रहा है.

रजत दलाल ने भी वीडियो शेयर कर अनुराग को मैसेज देते हुए कहा कि परेशानी हर किसी जिंदगी में होती है. लेकिन सुसाइड करना किसी परेशान का हल नहीं है.

अनुराग के मैनेजर रोहित पांडे ने यूट्यूबर को लेकर अपडेट दिया है. उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर करके बताया है कि अनुराग इस समय ICU में हैं. अनुराग के मैनेजर ने बताया- उन्हें दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है. फिलहाल वो ICU में हैं. उनके लिए प्रार्थना करें.

‘हम डॉक्टर्स और बाकी लोगों के टच में हैं. हमें सपोर्ट करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद, खासकर उन फैंस का धन्यवाद जिन्होंने मुझे उनका पता लगाने और उनकी मदद करने में सहायता की. यही कमाया है UK भाई ने. आप नहीं होते तो क्या होता. जितना आप फैंस को थैंक्यू कहूं कम है. कुछ नहीं होने देंगे भाई को.’

बताया जा रहा है कि लाइव स्ट्रीम के दौरान अनुराग की गाड़ी 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दौड़ रही थी. उनकी हाई-स्पीड कार ने मेरठ एक्सप्रेसवे पर बैलेंस खो दिया और सीधे डिवाइडर से जा टकराई.

NATIONAL : दिल्ली की फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा, जांच में जुटी पुलिस

0

दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां अचार फैक्ट्री में बने कुएं में दम घुटने से फैक्ट्री मालिक और उनके बेटे की मौत हो गई. दोनों एक मजदूर को बचाने के लिए करीब 10 फीट गहरे कुएं में उतरे थे, लेकिन ऑक्सीजन की कमी के कारण बेहोश हो गए. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके की एक अचार फैक्ट्री में शनिवार शाम ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिससे दो परिवारों में मातम पसर गया. मजदूर को बचाने के लिए अचार के लिए बने गहरे कुएं में उतरे फैक्ट्री मालिक और उनके बेटे की दम घुटने से मौत हो गई.

एजेंसी के अनुसार, यह घटना नांगलोई के राव विहार इलाके में स्थित अचार निर्माण यूनिट की है. यह फैक्ट्री एक रिहायशी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर चलती थी, जबकि 60 वर्षीय फैक्ट्री मालिक अनिल अपने परिवार के साथ उसी इमारत की पहली मंजिल पर रहते थे. शनिवार की शाम फैक्ट्री में रोज की तरह काम चल रहा था और मजदूर अचार तैयार करने और उसे स्टोर करने में लगे हुए थे.

फैक्ट्री के अंदर गहरे कुएं बने हुए थे, जिनकी गहराई करीब 10 फीट बताई जा रही है. इन्हीं कुओं में अचार को प्रोसेस किया जाता था और बाद में वहीं स्टोर भी किया जाता था. दिन ढलने के समय एक मजदूर काम के सिलसिले में इनमें से एक कुएं में नीचे उतरा.

कुएं के अंदर जाते ही अचानक मजदूर का दम घुटने लगा. कुछ ही पलों में वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ा. ऊपर खड़े लोगों ने जब उसे गिरते देखा तो अफरा-तफरी मच गई.मजदूर को बेहोश देखकर फैक्ट्री मालिक अनिल तुरंत नीचे उतर गए. उनके साथ उनके दोनों बेटे 32 वर्षीय नीरज और 28 वर्षीय संदीप भी मजदूर को बचाने के लिए कुएं में उतर गए. उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि कुएं के अंदर ऑक्सीजन बेहद कम है.

जैसे ही वे नीचे पहुंचे, कुछ ही मिनटों में उनका भी दम घुटने लगा. देखते-देखते तीनों बेहोश होकर कुएं के अंदर गिर पड़े. इस दौरान फैक्ट्री के अंदर चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग और फैक्ट्री मालिक के भाई सुभाष मौके पर पहुंच गए. लोगों ने तुरंत रस्सियों और अन्य साधनों की मदद से चारों को कुएं से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की.

काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया. बाहर आने के बाद मजदूर और संदीप ने धीरे-धीरे होश संभाल लिया, लेकिन अनिल और उनका बड़ा बेटा नीरज बिल्कुल भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे. उनकी हालत देखकर परिवार और स्थानीय लोगों के होश उड़ गए.दोनों को तुरंत नजदीकी संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अनिल और नीरज को मृत घोषित कर दिया. यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया.

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुएं के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ.पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं. ऐसे कुओं में काम करने के दौरान आमतौर पर गैस और ऑक्सीजन की जांच के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जाता है. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है.

ENTERTAINMENT : बिकिनी में छाईं शिखर धवन की नई दुल्हन, हनीमून पर बिखेरा जलवा….

न्यूलीमैरिड कपल शिखर धवन और सोफी शाइन ग्रैंड वेडिंग के बाद अब हनीमून एन्जॉय कर रहे हैं. दोनों हनीमून से वीडियोज-फोटोज पोस्ट करके फैंस को भी ट्रीट दे रहे हैं. अब शिखर की दुल्हन की नई पोस्ट वायरल हो रही है.

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी शिखर धवन ने हाल ही में अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन संग दूसरी शादी करके घर बसाया है. शादी के बाद शिखर धवन की खुशी का ठिकाना नहीं है. इन दिनों वो अपनी नई नवेली दुल्हन संग हनीमून एन्जॉय कर रहे हैं. कपल अपने हनीमून की झलक भी फैंस को लगातार दिखा रहा है.

शिखर धवन की दुल्हनिया सोफी शाइन ने अब हनीमून से अपनी कुछ सिजलिंग तस्वीरें शेयर की हैं. सोफी अपने वॉटर विला में मल्टी कलर की बिकिनी पहने सुपर गॉर्जियस लग रही हैं. ग्लोइंग सटल मेकअप, ओपन कर्ली हेयर में सोफी के स्टनिंग लुक से नजरें हटाना भी मुश्किल है. बिकिनी बॉटम संग सोफी ने व्हाइट नेट की सी-थ्रू ट्राउजर भी कैरी की. इस लुक में उन्होंने किलर पोज दिए. उनके पीछे समंदर का खूबसूरत नजारा देखकर किसी का भी दिल खुश हो सकता है.

सोफी ने एक मिरर सेल्फी भी शेयर की है. वो टशन में पोज देती नजर आईं. उनका स्वैग देखते ही बनता है. सोफी अपना टोंड फिगर भी फ्लॉन्ट करती नजर आईं. फैंस उनकी खूबसूरती पर दिल हार रहे हैं. सोफी और शिखर धवन ने पूल में फ्लोटिंग ब्रेकफास्ट भी एन्जॉय किया. शिखर धवन की दुल्हनिया ने अपने ब्रेकफास्ट का वीडियो शेयर किया है. कपल के फ्लोटिंग ब्रेकफास्ट का मेन्यू भी काफी अमेजिंग है. कई टेस्टी खाने की चीजें देखकर आपके मुंह में भी पानी आ जाएगा.

शिखर धवन और सोफी ने इससे पहले साइकिलिंग एन्जॉय करते हुए भी कई तस्वीरें शेयर की थीं. न्यूली मैरिड कपल शिखर और सोफी तस्वीरों में एक दूसरे संग क्वालिटी टाइम स्पेंड करते हुए दिखाई दिए. दोनों की केमिस्ट्री शानदार है. कपल का रोमांटिक अंदाज फैंस को कपल गोल्स दे रहा है. बता दें कि शिखर धवन की सोफी से ये दूसरी शादी है. उनकी पहली शादी ऑस्ट्रेलिया की आयशा मुखर्जी से साल 2012 में हुई थी. मगर बाद में दोनों का तलाक हो गया था. इस शादी से उनका एक बेटा भी है, जो अपनी मां के साथ रहता है. तलाक के बाद शिखर धवन ने अब दूसरी बार शादी करके घर बसा लिया है.

NATIONAL : ज्वेलरी कारोबारी ने चांदी खरीदने के लिए दिए थे 54 लाख, कर्मचारी कैश लेकर फरार… अब पुलिस के हत्थे चढ़ा

0

दिल्ली के चांदनी चौक में ज्वेलरी कारोबारी के 54 लाख रुपये लेकर फरार हुए उसके ही कर्मचारी समेत तीन लोगों को पुलिस ने अरेस्ट किया है. आरोपी कर्मचारी को यह रकम बाजार में चांदी खरीदने के लिए दी गई थी, लेकिन उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पैसे लेकर भागने की साजिश रच ली.दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक में 54 लाख की ठगी के मामले में ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी कर्मचारी को यह रकम बाजार में एक कारोबारी को देने के लिए दी गई थी, लेकिन वह कैश लेकर फरार हो गया.

एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय रूपेश कुमार, 24 वर्षीय सचिन उर्फ विकास और 21 वर्षीय पवन कुमार के रूप में हुई है. तीनों उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके के रहने वाले हैं.पुलिस के मुताबिक, यह मामला 6 फरवरी को दर्ज किया गया था. चांदनी चौक के एक बुलियन ट्रेडर ने शिकायत दी थी कि उसका कर्मचारी रूपेश 5 फरवरी को 54 लाख रुपये लेकर बाजार में भुगतान करने गया था, लेकिन वह रकम लेकर गायब हो गया.

पूछताछ में रूपेश ने बताया कि वह ज्वेलरी कारोबारी के यहां काम करता था और बाजार में पैसे लेने-देने का काम संभालता था. इसी दौरान उसने देखा कि कारोबारी के पास अक्सर बड़ी रकम का लेन-देन होता है. इसके बाद उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पैसे लेकर फरार होने की योजना बना ली.पुलिस का कहना है कि 5 फरवरी को जब उसे एक अन्य कारोबारी से चांदी खरीदने के लिए 54 लाख रुपये दिए गए, तो वह रकम लेकर अपने साथियों के साथ फरार हो गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 31.5 लाख रुपये कैश, करीब 8 लाख रुपये की जमा रसीदें और एक कार बरामद की है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की बाकी रकम कहां खर्च की गई.

LIFESTYLE : रंक को भी राजा बना देगी घर के दरवाजे पर रखी ये एक चीज, होगा धन लाभ

घर में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का आगमन मुख्य द्वार से होता है. यदि मुख्य द्वार सही स्थिति में न हो तो व्यक्ति की समस्याएं बढ़ सकती हैं. इसलिए इसे शुभ बनाए रखने के लिए कुछ खास वस्तुएं रखना लाभकारी माना जाता है.

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का मुख्य द्वार सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक होता है. यही वह स्थान है जहां से घर में खुशहाली और संपन्नता घर में प्रवेश करती है. घर में रहने वाले लोगों के भाग्य और प्रगति का संबंध भी मुख्य द्वार से जोड़ा जाता है. यदि मुख्य द्वार की दशा-दिशा सही न हो तो घर में सुख-शांति बनाए रखना बहुत मुश्किल होता है. वास्तु के जानकारों का कहना है कि घर के मुख्य द्वारा को शुभ और सकारात्मक बनाए रखने के लिए उसके पास कुछ खास चीजों का रखना उत्तम होता है.

सनातन परंपरा में कलश को सुख-समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है. इसे शुक्र और चंद्र ग्रह से जुड़ा हुआ माना जाता है. कलश की स्थापना मुख्य रूप से पूजन स्थल या घर की दहलीज पर दाईं तरफ की जाती है. यदि कलश मुख्य द्वार पर रखा जा रहा है तो उसका मुंह चौड़ा और खुला होना चाहिए. इसमें स्वच्छ जल भरें और उसमें फूलों की कुछ पंखुड़ियां डालें. मुख्य द्वार के पास जल से भरा कलश रखने से नकारात्मक शक्तियां का नाश होता है.

किसी भी शुभ अवसर या मांगलिक कार्य से पहले घर के मुख्य द्वार पर वंदनवार लगाने की परंपरा है. बाजार में कई प्रकार के वंदनवार उपलब्ध होते हैं, लेकिन आम के पत्तों से बना वंदनवार सबसे शुभ माना जाता है. इसे किसी भी दिन लगाया जा सकता है. लेकिन मंगलवार को इसे लगाना विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है. मान्यता है कि आम के पत्तों से बना वंदनवार मन को शांत रखता है और दुख-दरिद्रता को घर में नहीं आने देता.

स्वस्तिक चार भुजाओं से बनी एक पवित्र आकृति है, जिसे शुभता और ऊर्जा संतुलन का प्रतीक माना जाता है. इसका उपयोग अक्सर किसी स्थान की सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाने और संतुलित करने के लिए किया जाता है. स्वस्तिक का सही उपयोग व्यक्ति को कई समस्याओं से बचा सकता है. जबकि गलत तरीके से लगाने पर इसका प्रभाव उल्टा भी हो सकता है. लाल और नीले रंग का स्वस्तिक विशेष रूप से प्रभावशाली माना जाता है.

घर में शुभता और समृद्धि लाने के लिए लोग अक्सर मुख्य द्वार पर भगवान गणेश की तस्वीर या मूर्ति लगाते हैं. हालांकि इसे लगाने के लिए कुछ नियमों का ध्यान रखना आवश्यक माना जाता है. भगवान गणेश के पेट की दिशा समृद्धि का प्रतीक होती है, जबकि पीठ की ओर दरिद्रता का संकेत माना जाता है. इसलिए गणपति को मुख्य द्वार से अंदर की तरफ रखें. बाहर न रखें. इससे घर में धन की आवक बढ़ेगी. सुख-संपन्नता में वृद्धि होगी.

Bihar : गिरफ्तार प्रेमी की रिहाई करवाने के लिए टावर पर चढ़ी लड़की, उतरवाने के लिए बॉयफ्रेंड को लेकर आई पुलिस

0

बिहार के गोपालगंज में एक लड़की ने अपने प्रेमी की गिरफ्तारी के विरोध में मोबाइल टावर पर चढ़कर उसकी रिहाई की मांग की, जिससे इलाके में हंगामा मच गया. जानें पूरा मामला क्या है. बिहार के गोपालगंज (Gopalganj) जिले में भोरे थाने के अंतर्गत बनकाटा गांव में एक अजीबोगरीब नाटकीय घटना घटी. अपने प्रेमी के गिरफ्तार होने के बाद, एक लड़की ने प्रेमी की रिहाई की मांग करते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घटना ने इलाके में हंगामा मचा दिया है और आसपास भारी भीड़ जमा हो गई.

स्थानीय लोगों के अनुसार, लड़की के प्रेमी को पुलिस ने एक पुराने मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी की खबर मिलते ही लड़की मानसिक रूप से टूट गई और उसने गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर उसने जनता के सामने घोषणा कर दी कि जब तक उसके प्रेमी को रिहा नहीं किया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी. यह नजारा किसी फिल्मी दृश्य से काम नहीं था, मानो क्लासिक फिल्म ‘शोले’ का वीरू हो. लड़की के इस कारनामे को देखने और रिकॉर्ड लरने के लिए आसपास के लोग जुटने लगे.

घटनास्थल पर मौजूद लोग लड़की को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश करने लगे. कई लोगों ने उसे शांत करने की कोशिश की, जबकि कुछ ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते यह खबर आग की तरह फैल गई. इसके बाद भोरे थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित उतारने की कई कोशिशें की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही.

कई घंटों की प्रयासों के बाद, पुलिस (Police) ने अब एक महत्वपूर्ण चाल चली. स्थिति को शांत करने और लड़की को मोबाइल टावर से उतारने के लिए पुलिस ने गिरफ्तार युवक को घटनास्थल पर लाकर लड़की के सामने पेश किया. इसके बावजूद युवती ने टावर से उतरने से इंकार कर दिया. पुलिस, परिवार और ग्रामीणों का मुख्य लक्ष्य इस समय केवल लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करना था.

Bollywood : थलपति विजय और तृषा कृष्णन की फोटोज वायरल होने के बाद पत्नी संगीता ने लिया बड़ा फैसला, कोर्ट से की खास मांग

तेलुगु सुपरस्टार थलपति विजय पिछले कुछ दिनों से तलाक की खबरों को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. अब ताजा खबरों के मुताबित एक्टर की पत्नी संगीता ने अंतरिम रेसिडेंट की मांग की है.थलपति विजय और संगीता सोरनालिंगम शादी के करीब 27 साल बाद अलग होन जा रहे हैं. संगीता ने कुछ ही दिन पहले तलाक की अर्जी कोर्ट में दाखिल की है. इन खबरों के बाद विजय और तृषा एक शादी समारोह में साथ में नजर आए. दोनों के एक्स्ट्रा मैरियल अफेयर की खबरों से भी सोशल मीडिया भरा पड़ा है. इसी बीच अब विजय की पत्नी ने चेन्नई हाईकोर्ट में उसी घर में रहने दिए जाने के लिए अर्जी दी है.

कोर्ट डॉक्यूमेंट्स से पता चलता है कि संगीता ने 2026 की शुरुआत में चेंगलपट्टू जिला न्यायालय में तलाक और अंतरिम आवासीय अधिकार की मांग करते हुए कानूनी कार्यवाही शुरू की थी. साफ भाषा में कहा जाए तो संगीता फिलहाल उसी घर में रहना चाहती हैं जिसमें वो हमेशा से रहती आई हैं. इसी को लेकर उन्होंने कोर्ट से मांग की है.इस मामले में दायर की गई पीटीशन और एफिडेविट के मुताबिक, संगीता विजय (संगीता सोरनालिंगम) पीटीशनर के रूप में लिस्टेड हैं जबकि जोसेफ विजय चंद्रशेखर, जो तमिल फिल्म इंडसिट्री में थलपति विजय के नाम से पहचाने जाते हैं, रिस्पॉन्डेंट हैं. ये मामला 2026 की एस.एम.ओ.पी. कार्यवाही में एक अंतरिम आवेदन (आई.ए.) के रूप में दर्ज किया गया है.

बता दें कि थलपति विजय और संगीता ने 27 साल पहले शादी की थी. उनके दो बच्चे भी हैं. शादी के करीब 27 साल बाद संगीता ने एक्टर पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया है. जिसके चलते उन्होंने तलाक की मांग की है. वहीं खबरों की मानें तो तलाक के बाद विजय पत्नी स्गीता को 250 करोड़ रुपये एलिमनी के रूप में देंगे. हालांकि इस खबर की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है.

वहीं तलाक की खबरों के बीच एक्टर विजय को हाल ही में तृषा कृष्णन के साथ एक शादी समारोह में देखा गया. ये दोनों इस समारोह में एक साथ पहुंचे थे और मीडिया को पोज भी दिए. जिसके बाद से ही इन दोनों के अफेयर की खबरें सामने आने लगी हैं.

Bollywood : प्रभास स्टारर फिल्म ‘फौजी’ में नजर आएंगे अनुपम खेर, मेकर्स ने खास अंदाज में दी जन्मदिन की बधाई

प्रभास की अपकमिंग फिल्म फौजी को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है. ये एक पीरियड एपिक फिल्म होने वाली है. इस फिल्म को लेकर दर्शकों में ज्यादा क्रेज स्टारकास्ट की वजह से हैप्रभास की मच-अवेटेड फिल्म ‘फौजी’ के मेकर्स ने दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर को उनके जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं, जो इस फिल्म की स्टार कास्ट का हिस्सा हैं. टीम ने एक दिल छू लेने वाला मैसेज शेयर करते हुए इस लेजेंडरी एक्टर और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान की तारीफ की है.

​सोशल मीडिया पर ‘फौजी’ के मेकर्स, माइथ्री मूवी मेकर्स ने पोस्ट किया, “शानदार AnupamPKher जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई. #Fauzi बटालियन का हिस्सा बनने के लिए आपका होना हमारे लिए सम्मान की बात है. हम आपके सुखी और स्वस्थ साल की कामना करते हैं.”अनुपम खेर की फौजी में एंट्री से बढ़ी एक्साइटमेंटअपनी बेमिसाल वर्सेटिलिटी और सिनेमा में दशकों लंबे योगदान के लिए मशहूर, अनुपम खेर आज भी इंडस्ट्री के सबसे सम्मानित एक्टर्स में से एक बने हुए हैं. ‘फौजी’ में उनकी मौजूदगी फिल्म की पहले से ही दमदार कास्ट में और गहराई जोड़ती है.

ये कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि अनुपम खेर ने अब तक जितनी भी फिल्मों में काम किया है, उसमें अपनी बेहतरीन एक्टिंग के जरिए जान डाल दी है. फिल्म इंडस्ट्री में अनुपम खेर का बहुत ही बड़ा योगदान रहा है.बाहुबली’ के बाद ‘फौजी’ के जरिए प्रभास एक बड़े पीरियड ड्रामा एपिक में वापसी कर रहे हैं, जो एक इमोशनल और विजुअली शानदार सिनेमाई अनुभव का वादा करती है. माइथ्री मूवी मेकर्स की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म मानी जा रही इस फिल्म में एक असाधारण टीम साथ आई है.

प्रभास x माइथ्री (पुष्पा के मेकर्स) x हनु (सीता रामम के डायरेक्टर)। इस कोलैबोरेशन को भारतीय सिनेमा में “पीढ़ियों का मिलन” कहा जा रहा है. उम्मीद है कि यह फिल्म इसी साल कई भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

NATIONAL : होली स्नेह मिलन में बड़ा फैसला: अखिल भारत हिन्दू क्रांति सेना का प्रदेश महिला मोर्चा भंग, जल्द होगा पुनर्गठन

0

नाथद्वारा (राजसमंद)। अखिल भारत हिन्दू क्रांति सेना की ओर से गुंजोल स्थित नाइटिंगल्स रिसोर्ट में शनिवार को होली स्नेह मिलन एवं एक दिवसीय संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा संगठन को मजबूत बनाने और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेश पालीवाल, राष्ट्रीय महासचिव पवन माकन, रामदेव दीक्षित शास्त्री, हरीहर जी महाराज (कोटा), प्रदेश अध्यक्ष सौरभ सिंह पृथ्वीपुरा, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हेमंत जोशी, प्रदेश प्रभारी मनीष पालीवाल सहित कई पदाधिकारी मंचासीन रहे।


संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी ने कहा कि अखिल भारत हिन्दू क्रांति सेना का उद्देश्य सनातन संस्कृति की रक्षा, समाज में जागरूकता और राष्ट्रहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाना है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करे और संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाए।राष्ट्रीय महासचिव पवन माकन ने कहा कि संगठन लगातार विस्तार की दिशा में कार्य कर रहा है तथा प्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठन को सक्रिय बनाने के लिए रणनीति तैयार की जा रही है। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेश पालीवाल ने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


सर्वसम्मति से महिला मोर्चा भंग कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक चर्चा के बाद एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अखिल भारत हिन्दू क्रांति सेना के प्रदेश महिला मोर्चा को सर्वसम्मति से तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद सोनी, राष्ट्रीय महासचिव पवन माकन और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेश पालीवाल ने बताया कि संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से महिला मोर्चा का पुनर्गठन किया जाएगा और शीघ्र ही नई कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी।


इस अवसर पर उदयपुर संभाग उपाध्यक्ष राजेंद्र टांक, उदयपुर संभाग प्रभारी नरेश कुमार भाट, प्रदेश मंत्री सोनल पारीक, प्रदेश प्रवक्ता गोविंद जी (अलवर), सवाई माधोपुर जिलाध्यक्ष सुधांशु रवि कुमार, उदयपुर जिलाध्यक्ष नाहरसिंह चूंडावत,सलूम्बर जिला अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी, राजसमंद जिलाध्यक्ष पवन टांक, जिला प्रभारी प्रहलाद सिंह राठौड़, जिला महामंत्री मुकेश कुमार भाट सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में विष्णु बागाना, डूंगर देवड़ा, ललित कुमावत, श्याम गुर्जर, वीरेंद्र सिंह, हरी वल्लभ, करण सिंह, तरुण, जीनू, हीरालाल, सुरेश देवड़ा, देवीलाल कुमावत, पवन राणा, सुमनलता व्यास, कल्पना शर्मा, विमला सेन, शोभा राजपुरोहित, अंजना सालवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता विष्णु बागाना ने किया। अंत में सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

- Advertisement -

News of the Day