Monday, May 4, 2026
Home Blog Page 412

UP: प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए बिजली टावर पर चढ़ा युवक, रियल लाइफ ‘वीरू’ का ड्रामा कैमरे में कैद

0

मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में अर्जुन नामक युवक अपनी प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर बिजली के टावर पर चढ़ गया. पुलिस और ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन युवक नहीं माना. अंततः प्रेमिका को बुलाकर टावर से सुरक्षित नीचे उतारा गया. पुलिस ने दोनों परिवारों को समझाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की.

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में फिल्म शोले के मशहूर दृश्य की तरह एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां छपार थाना क्षेत्र के कासमपुर गांव में एक युवक प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से नाराज होकर बिजली के ऊंचे टावर पर चढ़ गया. युवक अर्जुन का कहना था कि अगर उसकी शादी उसकी प्रेमिका से नहीं कराई गई तो वह अपनी जान दे देगा.

घटना सोमवार की शाम की है. जैसे ही ग्रामीणों ने अर्जुन को बिजली टावर पर चढ़ते देखा, मौके पर अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए. अर्जुन के परिजन रो-रोकर बदहवास हो गए. वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. आलाधिकारियों और पुलिस टीम ने युवक को नीचे उतरने के लिए काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना.

पुलिस के लाख प्रयास विफल होने पर आखिरकार युवक की प्रेमिका जिसे वह अपनी ‘बसंती’ कहता है उसे मौके पर बुलाना पड़ा. प्रेमिका को देखते ही अर्जुन का गुस्सा शांत हुआ और वह टावर से नीचे उतर आया. इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित थाने ले जाकर मेडिकल कराया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया.

पुलिस के मुताबिक अर्जुन नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता है और गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध में था. अर्जुन का दावा है कि उसने युवती से कोर्ट मैरिज भी कर ली है, जबकि युवती के परिजनों ने उसकी शादी किसी और युवक से तय कर दी थी. जानकारी के मुताबिक युवती की बारात 6 अक्टूबर को आने वाली है. इसी से नाराज होकर अर्जुन ने यह कदम उठाया.

सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया कि 22 सितंबर की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बिजली टावर पर चढ़ गया है और शादी की मांग कर रहा है. तत्काल थाना प्रभारी और फोर्स मौके पर पहुंची. काफी प्रयास और अपील के बाद अंततः प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया. उसके समझाने के बाद अर्जुन सुरक्षित नीचे उतर आया. पुलिस ने दोनों परिवारों को बैठाकर बातचीत कराई और मामले को सुलझाने की सलाह दी है.

ENTERTAINMENT : शाहरुख-रानी मुखर्जी को म‍िला नेशनल अवॉर्ड, मोहनलाल को दादा साहब फाल्के, यहां पढ़ें पूरी ल‍िस्ट

0

नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स कार्यक्रम की भव्य शुरुआत हुई. आज उन सभी सितारों को सम्मानित किया गया. इनमें शाहरुख खान, विक्रांत मैसी और रानी मुखर्जी का नाम शामिल है. दिल्ली के विज्ञान भवन में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ.

71st National Film Awards: जिस पल का सबको इंतजार था, वो घड़ी अब आ चुकी है. शाहरुख खान को उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड दिया जाना है. यह खबर आने के बाद उनके फैन्स और पूरी फिल्म इंडस्ट्री में खुशी की लहर दौड़ गई है. अब बस उस पल का इंतजार खत्म हो गया है जब किंग खान ने अवॉर्ड को अपने हाथ में लया.

फिल्म जवान ने बॉक्स ऑफिस पर कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े और दुनियाभर में शानदार कमाई की थी. इस फिल्म में शाहरुख ने डबल रोल निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया. उनके दमदार अभिनय, एक्शन और इमोशन्स ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ रोमांस किंग ही नहीं, बल्कि हर किरदार में जान डालने वाले सुपरस्टार हैं.

सुपरस्टार मोहनलाल को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया है. यह अवॉर्ड भारतीय फिल्म जगत में आजीवन योगदान के लिए दिया जाता है.मोहनलाल मलयालम सिनेमा के सबसे बड़े अभिनेताओं में से एक हैं. उन्होंने चार दशकों से अधिक समय में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. उनका अभिनय रेंज कॉमेडी से लेकर थ्रिलर और गंभीर किरदारों तक फैला हुआ है. वह न केवल मलयालम फिल्मों में, बल्कि तमिल, तेलुगु और हिंदी फिल्मों में भी अपने अभिनय का जादू दिखा चुके हैं.

फिल्म जवान के लिए शाहरुख को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सम्मानित किया. उनके चेहरे की खुशी देखने लायक थी. शाहरुख को यूं ही नहीं किंग खान कहा जाता. उनके मंच पर आते ही वहां बैठे सभी लोग चियर करते दिखाई दिए. रानी मुखर्जी को बेस्ट एक्ट्रेस के 71वें नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें ये सम्मान दिया. रानी ने ‘मिसेज चैटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ में दमदार भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्हें ये सम्मान दिया गया.

रानी-शाहरुख के अलावा एक्टर विक्रांत मैसी को भी बेस्ट एक्टर के सम्मान से नवाजा गया. 12वीं फेल के लिए उन्होंने जी तोड़ मेहनत की थी, जिसका उन्हें फल भी मिला. इसी फिल्म के लिए विधु विनोद चोपड़ा को भी सम्मानित किया गया. एक्टर्स को अवॉर्ड मिलता देख हर कोई उत्साहित हो उठा, पूरा विज्ञान भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

इवेंट में शाहरुख खान और रानी मुखर्जी साथ बैठे दिखाई दिए. शाहरुख जहां ऑल ब्लैक लुक में नजर आए, वहीं रानी मुखर्जी ने ब्राउन रंग की साड़ी में शाइन किया. शाहरुख को जवान के ‘जवान’ फिल्म के लिए तो वहीं रानी को ‘मिसेज चैटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ के लिए सम्मानित किया जाएगा.

शाहरुख-रानी के ही साथ विक्रांत मैसी भी बैठे दिखे, ऑफ व्हाइट सूट में उनका डैशिंग अंदाज भी फैंस का दिल जीत गया. इन्हें फिल्म 12वीं फेल के लिए चुना गया है.

गुजराती फिल्म वश के लिए जानकी बोड़ीवाला को राष्ट्रीय पुरुस्कार से नवाजा गया. उन्होंने इसके हिंदी रीमेक शैतान में भी अजय देवगन की बेटी का किरदार निभाया था.

नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स 2025 विजेताओं की सूची कुछ इस तरह हैं. इनका ऐलान 1 अगस्त को कर दिया गया था.

मेन कैटेरगरी

बेस्ट हिंदी फिल्म – कटहल: ए जैकफ्रूट मिस्ट्री

सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म – 12वीं फेल

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता – शाहरुख खान (जवान) और विक्रांत मैसी (12वीं फेल)

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री – रानी मुखर्जी (मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे)

दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड – मोहनलाल

सर्वश्रेष्ठ निर्देशन – द केरला स्टोरी (सुदीप्तो सेन)

सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म – रॉकी और रानी की प्रेम कहानी

क्षेत्रीय भाषाओं की सर्वश्रेष्ठ फिल्में

बेस्ट तेलुगु फिल्म – भगवंत केशरी

बेस्ट गुजराती फिल्म – वश

बेस्ट तमिल फिल्म – पार्किंग

बेस्ट कन्नड़ फिल्म – द रे ऑफ होप

तकनीकी और अन्य कैटेगरीज

सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका – शिल्पा राव (चलेया- जवान)

सर्वश्रेष्ठ पुरुष गायक – प्रेमिष्ठुन्ना (बेबी, तेलुगु)

सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी – द केरल स्टोरी

सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी – रॉकी और रानी की प्रेम कहानी (ढिंढोरा बाजे रे)

Advertisement
सर्वश्रेष्ठ मेकअप और कॉस्ट्यूम डिजाइन – सैम बहादुर

विशेष उल्लेख – एनिमल (री-रिकॉर्डिंग मिक्सर – एम.आर. राधाकृष्णन)

सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन – एनिमल (हिंदी)

सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक – उत्पल दत्ता (असम)

सर्वश्रेष्ठ एक्शन निर्देशन – हनुमान (तेलुगु)

सर्वश्रेष्ठ गीतकार – बलगम (द ग्रुप) (तेलुगु)

नॉन-फीचर फिल्म कैटेगरी

सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक – उत्पल दत्ता

सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री – गॉड, वल्चर एंड ह्यूमन

सर्वश्रेष्ठ पटकथा – सनफ्लावर वर द फर्स्ट वन टू नो (कन्नड़)

सर्वश्रेष्ठ फिल्म – नेकल: क्रॉनिकल ऑफ द पैडी मैन (मलयालम), द सी एंड सेवन विलेजेस (ओड़िया)

सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन – द फर्स्ट फिल्म (हिंदी)

सर्वश्रेष्ठ संपादन – मूवी फोकस (अंग्रेजी)

PUNJAB : ACP की Thar ने युवक को कुचला, परिजनों का आरोपी की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार

0

फरीदाबाद में एसीपी राजेश लोहान की थार से एक युवक मनोज की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि थार एसीपी का बेटा चला रहा था. पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया है. शव का पोस्टमार्टम होने के बाद भी परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. एसीपी राजेश लोहान की थार जीप से कुचले जाने के बाद युवक मनोज की मौत हो गई. इस घटना के बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है.

मृतक मनोज के दोस्तों के मुताबिक, मनोज 21/22 सितंबर की देर रात वृंदावन से दोस्तों के साथ लौटा था. रात करीब डेढ़ बजे उसके दो दोस्त खाना लेने सेक्टर 12 गए थे. वहां उनकी थार में बैठे लोगों से कहासुनी हो गई. दोस्तों ने मनोज को इसकी जानकारी दी. मनोज और उसके दोस्त अपनी स्कॉर्पियो में मौके पर पहुंचे और थार के सामने गाड़ी लगाई.

आरोप है कि स्कॉर्पियो देखकर थार चालक घबरा गया. जैसे ही मनोज गाड़ी से उतरा, थार चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी और मनोज को टक्कर मार दी. इसके बाद थार ने मनोज को कुचलते हुए वहां से भागने की कोशिश की. गंभीर हालत में मनोज को निजी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में हुआ. परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया. देर शाम उन्हें पता चला कि थार एसीपी राजेश लोहान के नाम पर रजिस्टर्ड है. डीसीपी सेंट्रल उषा कुंडू ने प्रेस वार्ता कर बताया कि थार चालक समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और थार को कब्जे में कर लिया गया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.

NATIONAL : प्लास्टिक की थैली में बंद मिला 21 साल की महिला का शव, दहशत में लोग

0

देहरादून में 21 वर्षीय महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया. महिला का शव प्लास्टिक की थैली में था. प्रथम दृष्टया जांच में मामला हत्या का लग रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला के परिवार वालों से भी पूछताछ कर रही है.

उत्तराखंड के देहरादून में एक महिला का प्लास्टिक की थैली में शव मिला. जिससे हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान विशाखा के रूप में हुई है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.पुलिस ने बताया कि सोमवार को यहां एक चाय बागान में प्लास्टिक की थैली में 21 वर्षीय एक महिला का शव मिला. शव पर कोई गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं हैं और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

महिला की पहचान शहर के प्रेम नगर इलाके की रहने वाली विशाखा के रूप में हुई है. पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.शव की जानकारी मिलते ही वसंत विहार इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने कहा कि महिला के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. कुमार ने कहा, “मामला संवेदनशील है, इसलिए हम इस समय ज्यादा कुछ नहीं बता सकते.”

NATIONAL : 23 महीनों बाद जेल से बाहर आए आजम खान, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत, सीधा जाएंगे रामपुर

0

सपा नेता आजम खान 23 महीने बाद सीतापुर जेल से बाहर आ गए हैं. उनकी रिहाई को लेकर उनके समर्थकों में जश्न का माहौल है. सपा नेता के बड़े बेटे अदीब आज़म उन्हें लेने जेल पहुंचे थे.

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान 23 सितंबर 2025 मंगलवार को 23 महीने बाद सीतापुर जेल से बाहर आ गए हैं. उनकी रिहाई को लेकर समर्थकों में जश्न का माहौल हैं. जेल से बाहर आते ही उन्होंने फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया. इस दौरान उनके साथ दोनों बेटे- अब्दुल्ला आजम और अदीब आजम मौजूद रहे. आजम यहां से सीधे अपने घर रामपुर जाएंगे. वहां भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं.

सपा नेता आज़म खान 23 महीने बाद बाद जेल से बाहर आएं हैं. उनके बड़े बेटे अदीब आज़म उन्हें साथ लेने सीतापुर पहले ही पहुंच गए थे. उनके स्वागत के लिए सुबह तड़के से ही समर्थक जेल के बाहर इकट्ठा होने शुरु हो गए थे. हालांकि उनकी रिहाई में कानूनी अड़चन की वजह से थोड़ी देरी हो गई.

आजम खान की रिहाई सुबह सात बजे ही होनी थी लेकिन कुछ कानूनी अड़चन आने की वजह से उसमें देरी हो गई. सपा नेता को दो बॉन्ड भरने बचे हुए थे, जो कोर्ट खुलने के बाद ही भरे जा सकते थे. कोर्ट दस बजे खुलती हैं. कोर्ट खुलने के बाद उनके वकीलों ने दोनों बॉन्ड भरे जिसके बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ और अब वो जेल से बाहर आ गए हैं.

इससे आजम खान के बेटे अदीब ने कहा कि आजम खान बाहर आ रहे हैं, बहुत खुशी का दिन है. पूरे प्रदेश के लिए बहुत खुशी का दिन है. आज के हीरो आज़म खान हैं, अब जो बोलना होगा वो वहीं कहेंगे. आजम खान की जेल से रिहाई के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है.

बता दें कि सपा नेता आजम खान जमीन कब्जा करने समेत कई आपराधिक मामलों में सीतापुर जेल में बंद हैं. इनमें से कुछ मामलों में उन्हें हाईकोर्ट से ज़मानत मिल चुकी है लेकिन कुछ मामले ऐसे हैं जिनमें अभी कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई हैं.

ENTERTAINMENT : ब्रेकअप के बाद अर्जुन कपूर-मलाइका अरोड़ा का हुआ आमना-सामना, इस तरह किया हग…..

0

अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा बॉलीवुड के क्यूट कपल्स में से एक हुआ करते थे. दोनों एक-दूसरे से कभी प्यार करते थे और अब दोनों के रास्ते अलग हो चुके हैं. कई सालों तक डेट करने के बाद अर्जुन और मलाइका के रास्ते अलग हो गए थे. अब ब्रेकअप के लंबे समय के बाद दोनों मिले और इस तरह से गले लगाया कि उन्हें देखकर कोई कहेगा नहीं की इनका ब्रेकअप हो चुका है.

अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा फिल्म होमबाउंड की स्क्रीनिंग में पहुंचे थे. इस स्क्रीनिंग में कई बड़े सितारे पहुंचे थे. जहां पर अर्जुन और मलाइका का आमना-सामना हुआ. होमबाउंड में जाह्रवी कपूर, ईशान खट्टर और विशाल जेठवा लीड रोल में नजर आए हैं. फिल्म की स्क्रीनिंग का ही अर्जुन और मलाइका का वीडियो वायरल हो रहा है.

वायरल हो रहे वीडियो में अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा जब आमने-सामने आते हैं तो बहुत ही प्यार से हग करते हैं जैसे कि दोनों के बीच कभी ब्रेकअप ही न हुआ हो. दोनों को इस तरह देखने के बाद फैंस के बीच फिर चर्चा में बन गए हैं. फैंस इस वीडियो पर ढेर सारे कमेंट कर रहे हैं.

इस वीडियो पर लोग ढेर सारे कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- मुझे लगता है ये दोनों एक-दूसरे को मिस करते हैं. वहीं दूसरे ने लिखा- यार ये दोनों साथ ही अच्छे लगते हैं. एक ने लिखा- जब आप एक दूसरे से सच्चा प्यार करते हैं, तो समझ होती है, प्यार में नफरत नहीं होती.बता दें मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर साल 2024 में अलग हो गए थे. दोनों ने कई साल डेट किया था. मगर मुश्किल समय में भी अर्जुन मलाइका के साथ खड़े रहे. जब मलाइका के पिता का निधन हुआ था तब अर्जुन उनके साथ ही नजर आए थे. उस समय तक ये कपल अलग हो चुका था.

MP : ‘पिताजी ने दी है या घर से लेके भाग आए…’, बाइक पर फर्राटा भर रहे थे मासूम, विधायक ने रोककर दी समझाइश

0

सड़कों पर मासूम बच्चों को मोटरसाइकिल दौड़ाते देखना कोई अजीब बात नहीं रह गया है. खासकर कुछ नाबालिग बच्चे दो-पहिया और चार-पहिया वाहन तेज रफ्तार में चलाते दिख जाते हैं, जो न केवल उनके लिए बल्कि सड़कों पर हर किसी के लिए खतरा है.

बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने के तमाम मामले रोजाना सामने आते हैं. इसके अलावा नाबालिग भी दो पहिया और चार पहिया वाहनों को दौड़ाते मिल जाते हैं. लेकिन मध्य प्रदेश की सड़कों पर मासूम बच्चे मोटरसाइकिलों पर फर्राटा भरते दिख जाएं तो यह अचंभे की बात नहीं है. साइकिल संभालने की उम्र में बाइक को तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ा रहे बच्चों को देख पुलिसकर्मियों से लेकर विधायक तक अचंभित रह गए.

यह पूरा मामला शाजापुर जिले के कालापीपल इलाके का है. जहां बीजेपी विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने 2 बच्चों को तेज रफ्तार में बाइक चलाते देखा. हैरानी की बात यह है कि इन बच्चों के पैर तो बाइक के जमीन से ठीक से नहीं छू रहे थे, जो उनकी उम्र और अनुभव का पता देता था.विधायक ने बच्चों से मजाकिया अंदाज में पूछा, गाड़ी पिताजी ने दी है या चुपचाप घर से लेके भाग गए. ड्राइविंग लाइसेंस है क्या तुम्हारा? इस पर बच्चे बोले कि वे पोलायकलां से पगरावद के बीच सफर कर रहे थे और स्कूल में किसी कागज पर साइन कराने के लिए निकले थे.

इस मौके पर विधायक ने सलाह दी कि इस उम्र में गाड़ी चलाना सही नहीं है. बिना हेलमेट के बिल्कुल नहीं निकलें. फिर बच्चों को समझाइश देकर घर जाने का बोल दिया. उन्होंने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए अभिभावकों से अपील की है कि मासूमों को वाहन चलाने के लिए न दें. अब सोशल मीडिया यूजर्स विधायक की इस सकारात्मक कदम की सराहना कर रहे हैं.

DELHI : सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन से नीचे सड़क पर गिरी महिला, अस्पताल में भर्ती

0

दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर एक महिला ब्लू लाइन के प्लेटफॉर्म से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई. अभी पता नहीं लग सका है कि यह आत्महत्या का प्रयास था या फिर हादसा.

दिल्ली में ब्लू लाइन पर बने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म से एक महिला बाहर सड़क की ओर गिर गई. इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हुई है. पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला खुद से कूदी है, गलती से गिर गई है या फिर किसी ने उसे धक्का दिया.

फिलहाल, पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर स्थिति समझने की कोशिश कर रही है. वहीं, महिला के बेहतर होने का इंतजार किया जा रहा है ताकि उससे कुछ पूछताछ की जा सके. घायल महिला की हालत को लेकर भी अभी तक अस्पताल से कोई बयान नहीं आया है. उसकी हेल्थ अपडेट का इंतजार किया जा रहा है.

BUSINESS : H1B वीजा फीस बढ़ोतरी और FII सेलिंग से रुपए का निकला दम, डॉलर के मुकाबले टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा

0

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 100 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 50 24,250 पर कारोबार करता दिखा.
एच1बी वीजा फीस में बढ़ोतरी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली के बीच मंगलवार को भारतीय रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन शुरुआती कारोबार में रुपया 25 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.53 पर आ गया.अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (Interbank Forex Market) में डॉलर के मुकाबले रुपया 88.41 पर खुला और फिसलकर 88.53 पर पहुंच गया. यह पिछले बंद भाव (88.28) से 25 पैसे कमजोर है. एक दिन पहले सोमवार को भी रुपया 12 पैसे टूटा था.

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी टैरिफ में बढ़ोतरी और एच1बी वीजा फीस में इजाफे जैसी प्रतिकूल नीतियों ने निवेशकों का सेंटिमेंट कमजोर किया है. इस बीच, छह प्रमुख करेंसी के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.03% गिरकर 97.30 पर आ गया.

घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 100 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 50 24,250 पर कारोबार करता दिखा. ऑटो और मारुति के स्टॉक्स में लगभग 2% का उछाल आया, वहीं आईटी कंपनियों के शेयरों पर दबाव देखने को मिला.अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड 0.62% गिरकर 66.16 डॉलर प्रति बैरल पर रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को FII ने शुद्ध रूप से ₹2,910.09 करोड़ के शेयर बेचे.

रुपये की कमजोरी का सीधा असर रोज़मर्रा की जिंदगी और जेब पर पड़ता है. इंपोर्टेड सामान जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन, मशीनरी और तेल महंगे होंगे. भारत कच्चे तेल का सबसे बड़ा आयातक है. रुपया कमजोर होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतें ऊपर जाती हैं. डॉलर महंगा होने से विदेश घूमने का खर्च बढ़ जाएगा. जो छात्र अमेरिका या अन्य देशों में पढ़ाई करने जा रहे हैं, उनकी फीस और रहन-सहन का खर्च काफी बढ़ जाएगा. सोने की कीमत डॉलर पर आधारित होती हैं, रुपया कमजोर होने से इसमें और तेजी आती है.

NATIONAL : मनाली में लगे ‘कंगना गो बैक’ के नारे, बारिश प्रभावित इलाके का दौरा करने गई थीं सांसद

0

हिमाचल प्रदेश के मनाली में आपदा प्रभावित पतलीकुहल क्षेत्र का दौरा करने पहुंचीं भाजपा सांसद कंगना रनौत को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. लोगों ने ‘कंगना वापस जाओ’ के नारे लगाए और काले झंडे दिखाए. भारी बारिश और बाढ़ से कुल्लू-मनाली में बड़े पैमाने पर तबाही हुई है.

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत आज मनाली में बारिश प्रभावित इलाके पतलीकुहल का दौरा करने पहुंची थी. इस दौरान उन्हें लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. स्थानीय निवासियों ने ‘कंगना वापस जाओ’ के नारे लगाए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखा कि स्थानीय लोगों ने कंगना को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कंगना के साथ आए भाजपा नेताओं और अन्य लोगों ने स्थानीय निवासियों को शांत करने की कोशिश की, तो तीखी बहस भी हुई. इसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.बता दें कि 25 और 26 अगस्त को भारी बारिश के कारण कुल्लू और मनाली में कई जगहों पर भूस्खलन और अचानक बाढ़ आ गई थी, इसके चलते ब्यास नदी की तेज़ धारा में एक बहुमंजिला होटल और 4 दुकानें बह गई थीं.

ब्यास नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे और मनाली-लेह हाईवे के कई हिस्से बह गए थे. कुल्लू शहर, बस स्टैंड और बिंदु ढांक को जोड़ने वाली मनाली की राइट बैंक रोड को भी भारी नुकसान पहुंचा है.इतना ही नहीं, कुल्लू के रामशेल क्षेत्र में एक घर क्षतिग्रस्त हो गया था, मनाली में कई घरों में पानी घुस गया और पतलीकुहल में नदी-नालों के उफान पर होने से एक मछली फार्म क्षतिग्रस्त हो गया.

बता दें कि इससे पहले कंगना रनौत ने मनाली के सोलांग और पलचान के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, प्रभावित लोगों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया. उन्हें मनाली से भाजपा नेता और पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर और निवासियों ने बुनियादी ढांचे और अन्य नुकसान के बारे में जानकारी दी.
गोविंद सिंह ने कहा कि खतरे में पड़े 15-16 घरों के परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है. उन्होंने कंगना को बताया कि पूरा सोलांग गांव भूस्खलन के कगार पर है, क्योंकि ब्यास नदी उस पहाड़ को काट रही है जिस पर यह गांव स्थित है. उन्होंने कहा कि पानी को चैनलाइज़ करके नदी के मार्ग को मोड़ना ही इसका उपाय है.

- Advertisement -