Monday, May 4, 2026
Home Blog Page 419

NATIONAL : फ्रेंड रिक्वेस्ट रिजेक्ट किया तो लड़की का चढ़ गया पारा… दोस्तों संग बीटेक स्टूडेंट को अगवा कर जमकर पीटा

0

फरीदाबाद में इंस्टाग्राम पर लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने पर बी.टेक छात्र के अपहरण और पिटाई का मामला सामने आया है. छात्र के पिता के अनुसार, तीन आरोपियों ने बेटे को कॉलेज से लौटते समय अगवा कर पीटा और धमकी दी. पहले पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की, लेकिन डीसीपी से शिकायत के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है.दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. इंस्टाग्राम पर लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने पर पहले एक इंजीनियरिंग के छात्र को अगवा कर लिया गया और फिर कुछ लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मामला डबुआ कॉलोनी का है जहां मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनका बेटा ध्रुव कुमार (बी.टेक प्रथम वर्ष का छात्र) जुलाई में इंस्टाग्राम पर एक लड़की ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी. ध्रुव ने वह रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं की, जिसके बाद लड़की ने उसे गालियां दीं.मनोज कुमार का आरोप है कि उस लड़की से जुड़े तीन लोगों हर्ष भड़ाना, लक्की और अन्य ने उनके बेटे को 12 सितंबर को कॉलेज से लौटते समय नीलम चौक के पास से अगवा कर लिया. शिकायत के अनुसार हर्ष और लक्की ध्रुव को बाइक पर बैठाकर ले गए जबकि लड़की दूसरी बाइक से पीछे-पीछे आई. तीनों ने ध्रुव को पीटा और प्याली चौक पर छोड़ते समय उसे धमकियां दीं.

मनोज कुमार ने कहा कि जब उन्होंने पुलिस से संपर्क किया तो शुरुआत में एफआईआर दर्ज नहीं की गई. कई दिनों तक परेशान रहने के बाद उन्होंने 12 सितंबर को डीसीपी एनआईटी से मुलाकात कर पूरी घटना बताई. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया.

वहीं इस मामले को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्रीभगवान ने बताया कि ध्रुव ने पहले निजी स्तर पर मामला सुलझाने की बात की थी. अब पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस इस मामले में सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है.इस घटना ने युवाओं पर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने में लगी है.

NATIONAL : 22 दिनों बाद माता वैष्णो देवी यात्रा शुरू, हेलीकॉप्टर से जाने वालों को पहले…

0

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते 22 दिनों तक बंद रहने के बाद माता वैष्णो देवी यात्रा गुरुवार सुबह फिर से शुरू हो गई. मौसम सुधरने पर रजिस्ट्रेशन और यात्रा को हरी झंडी मिली. देशभर से आए श्रद्धालु कटरा बेस कैंप में माता के दर्शन के लिए जुट रहे हैं. श्राइन बोर्ड ने मौसम पर नजर रखते हुए यात्रा को सुचारू बनाने के निर्देश दिए हैं.

जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी का द्वार एक बार फिर श्रद्धालुओं के लिए खुल गया है. गुरुवार सुबह से यात्रा फिर शुरू हो गई है. माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (SMVDSB) के अनुसार, बुधवार को मौसम में सुधार आने के बाद यात्रा को हरी झंडी दी गई है.

त्रिकुटा पहाड़ियों के ऊपर स्थित इस मंदिर की यात्रा 22 दिनों तक भूस्खलन और भारी बारिश के कारण स्थगित रही. बुधवार सुबह श्राइन बोर्ड ने मौसम में सुधार देखते हुए यात्रा शुरू कर दी थी, लेकिन शाम को फिर खराब मौसम के चलते इसे रोकना पड़ा, गुरुवार सुबह मौसम में सुधार होते ही रजिस्ट्रेशन और यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक श्राइन बोर्ड ने हेलीकॉप्टर सेवा का उपयोग करने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वो अग्रिम बुकिंग कर लें. यात्रा में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु कटरा बेस कैंप पहुंच रहे हैं.वहीं यात्रा को लेकर असम के तीर्थयात्री त्रिभवन डेका ने कहा, ‘हम बहुत खुश हैं कि लंबे समय के बाद माता के दर्शन का अवसर मिला है, हमने कई दिनों से दर्शन की इच्छा की थी लेकिन परिस्थितियों ने हमें रोके रखा, अब जब यात्रा फिर शुरू हो गई है, हमें विश्वास है कि हम माता के दर्शन कर पाएंगे.’

इसी तरह उत्तराखंड से आई सावित्री देवी ने कहा, ‘यह माता का बुलावा था, कई वर्षों से हम दर्शन करना चाहते थे, लेकिन नहीं कर पाए. जब मौसम खराब था तब भी हम यहां आए –यह माता का आदेश है.’

श्राइन बोर्ड के अनुसार, बुधवार को दिनभर में 2,500 से अधिक श्रद्धालुओं ने यात्रा की. यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से चल रही है, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क है. इस बार सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज यात्रा के लिए लगातार घोषणाएं की जा रही हैं.

KERALA : 8 साल की बच्ची के गले में फंसी च्युइंग गम, घुटने लगा दम….

0

वायरल सीसीटीवी फुटेज में मासूम बच्ची को साइकिल चलाते और च्युइंग गम चबाते देखा गया. इसके बाद बेचैनी होने पर वह सड़क पार कर युवकों के पास पहुंची. युवकों ने फौरन हालात को भांपकर बच्ची की पीठ पर दबाव डाला, जिससे च्युइंग गम बाहर निकल आई.

केरल के कन्नूर में एक बच्ची की जान कुछ युवकों की सतर्कता से बच गई. बच्ची साइकिल चलाते हुए च्युइंग गम चबा रही थी, तभी गम गले में फंस गया और उसका दम घुटने लगा. घबराई बच्ची सड़क के पास सब्जी खरीद रहे युवकों के पास पहुंची. एक युवक ने तुरंत स्थिति समझकर बच्ची की पीठ पर दबाव डाला, जिससे च्युइंग गम बाहर निकल गया और बच्ची की सांसें सामान्य हो गईं.

वायरल हो रहे सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि साइकिल चला रही बच्ची ने च्युइंग गम मुंह में डाला हुआ था. इसके बाद बेचैनी महसूस होने पर बच्ची सड़क के दूसरी तरफ खड़े युवकों के पास मदद के लिए पहुंचती है. मामले को तुरंत समझते हुए युवक अपनी सूझबूझ से मासूम की च्युइंग गम बाहर निकलवा देते हैं.

स्थानीय लोग अब मुसीबत में फंसी बच्ची की सूझबूझ की तारीफ कर रहे हैं, जिसने आस-पास के लोगों से मदद मांग और उस युवक की भी जिसने इस मामले को संभाला. केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने फेसबुक पर इन युवकों की तारीफ करते हुए लिखा, “कन्नूर के पल्लिक्करा में युवाओं ने च्युइंग गम से दम घुट रही बच्ची की जान बचाई, सभी का आभार.”

SURAT : ‘हम दोस्त बन गए और लिव-इन में…’ 19 साल की मॉडल ने क्यों कर ली खुदकुशी? बैग में मिली चिट्ठी से खुला राज

0

सूरत की 19 साल की मॉडल सुखप्रीत कौर सुसाइड केस में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने चार महीने बाद उसके लिव-इन पार्टनर और पेशे से फोटोग्राफर महेंद्र राजपूत को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि लिव इन पार्टनर ने मॉडल को शारीरिक और मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि वह खुदकुशी करने पर मजबूर हो गई.

गुजरात में सूरत के सारोली इलाके के कुंभारिया में स्थित सारथी रेजीडेंसी में चार महीने पहले मॉडल सुखप्रीत कौर ने सुसाइड कर लिया था. अब इस केस में सूरत पुलिस ने सुखप्रीत के लिव-इन पार्टनर को अरेस्ट किया है, जो पेशे से फोटोग्राफर है. मृतक मॉडल के बैग से पुलिस को संबोधित एक लेटर मिला था, जिससे खुलासा हुआ कि मॉडल अपने लिव-इन पार्टनर महेंद्र राजपूत की अमानवीय यातनाओं और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर सुसाइड करने पर मजबूर हुई थी.

आरोप है कि रिश्ता तोड़ने पर लिव इन पार्टनर महेंद्र राजपूत ने मॉडल सुखप्रीत को उसके घर में न सिर्फ पीटा था, बल्कि उसके हाथ पर ब्लेड से वार किया और पैर पर दाग दिया था. यह लेटर मिलने के बाद सूरत की सारोली पुलिस ने मॉडल के लिव-इन पार्टनर महेंद्र राजपूत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था.

अब चार महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका है. पुलिस का कहना है कि महेंद्र राजपूत पेशे से फोटोग्राफर है. वह 19 साल की मॉडल सुखप्रीत कौर को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था.

मूल रूप से मध्य प्रदेश के शिवपुरी की रहने वाली 19 साल की सुखप्रीत कौर एक साल पहले मॉडलिंग के लिए सूरत आई थी. यहां पर वह सारोली कुंभारिया गांव के पास सारथी रेजीडेंसी में रह रही थी. इसी बीच 2 मई 2025 की रात सुखप्रीत ने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. सुखप्रीत के माता-पिता के आ जाने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया था.

सुखप्रीत के पिता लखविंदर सिंह बलवंतसिंह ने अपनी बेटी के शव और उसके सामान को फ्लैट से अंतिम संस्कार के लिए उसके पैतृक निवास मध्य प्रदेश ले गए थे, जहां अंतिम संस्कार पूरा होने के बाद उसके सामान की जांच की गई थी. उसी दौरान बैग से सुखप्रीत कौर द्वारा हिंदी में लिखा लेटर मिला था.पुलिस अधिकारियों को संबोधित कर लिखे गए उस पत्र में अपने लिव इन पार्टनर महेंद्र राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए गए थे. जिसमें महेंद्र ने घर में मॉडल के साथ मारपीट करने के अलावा उसके हाथ-पैरों पर ब्लेड से वार भी किए जाने की बात कही गई थी. साथ ही ब्लैकमेलिंग का भी जिक्र था.

मृतक मॉडल के पिता लखविंदर सिंह ने यह पत्र सूरत के सारोली पुलिस को सौंप दिया था. इसके बाद पुलिस को पता चला कि मॉडल सुखप्रीत कौर ने लिव-इन में रहने वाले महेंद्र राजपूत की मानसिक और शारीरिक यातना और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या की थी.

सारोली पुलिस ने सुखप्रीत कौर के पिता की शिकायत के आधार पर सूरत के डिंडोली इलाके में रहने वाले महेंद्र राजपूत के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया. जब पुलिस महेंद्र के घर पहुंची तो वह ताला लगाकर फरार था.

”मैं सुखप्रीत संधू हूं, मैं सूरत की एक बड़ी मॉडलिंग एजेंसी में मॉडल के रूप में काम करती थी, जहां 6 अगस्त को मेरी मुलाकात महेंद्र राजपूत नाम के लड़के से हुई. हम अच्छे दोस्त बन गए और लिव-इन में रहने लगे. करीब एक महीने बाद उसने मुझे परेशान करना शुरू कर दिया. मैं उससे नाराज होकर उसे छोड़ आई, लेकिन वह मुझे ब्लैकमेल करता रहा कि वह मेरी निजी तस्वीरें इंटरनेट पर अपलोड कर देगा.

सुखप्रीत ने आगे लिखा- वह (महेंद्र) मुझे जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज से ब्लैकमेल करता रहा. इसी बहाने उसने फ्लैट में बुलाया और एक दिन बंद रखा और मेरे हाथ-पैरों पर ब्लेड से वार किया. उसने पैरों पर पट्टी बांध दी. मैं वहां से भागकर अपने घर आ गई. इसके बाद वह मुझे धमकी देने लगा कि अगर मैंने इस बारे में किसी को बताया तो वह जान से मार देगा और निजी तस्वीरें इंटरनेट पर अपलोड कर देगा. उसने मुझे आत्महत्या के लिए भी उकसाया.”

सूरत शहर पुलिस के एसीपी वीरभद्र सिंह जाड़ेजा ने कहा कि इस मामले में मॉडल के पिता ने मामला दर्ज करवाया था. आरोपी अभी तक भागता फिर रहा था. टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर सूचना मिलते ही डिंडोली बस स्टैंड के पास से उसे गिरफ्तार किया है. आरोपी फोटोग्राफी का काम कर रहा था और मॉडल साड़ियों के लिए बनने वाले पोस्टर के लिए मॉडलिंग कर रही थी. यह दोनों एक साल से एक दूसरे को पहचानते थे और लिव इन रिलेशनशिप में डिंडोली इलाके में रह रहे थे. मॉडल को एक दो बार हाथ पर मारा है और उसे जलाया भी है, ऐसा जांच में पता चला है.

NAGPUR : बालकनी में फ्लाईओवर या फ्लाईओवर में बालकनी? नागपुर में एक घर को छूकर निकल गया पुल

0

नागपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें फ्लाईओवर का रोटरी बीम एक रिहायशी इमारत की बालकनी के बेहद करीब से गुजरता दिख रहा है. एनएचएआई ने बालकनी को अतिक्रमण बताया है और इसे हटाने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा है, जबकि मकान मालिक ने फ्लाईओवर से किसी खतरे से इनकार किया है.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नागपुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर एक रिहायशी इमारत की बालकनी को काटता हुआ दिखाई दे रहा है. इस फुटेज ने शहर की अर्बन प्लानिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर डिजाइन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह फ्लाईओवर अशोक नगर इलाके में बन रहे इंदोरा-डिघोरी कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) बना रहा है.

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एनएचएआई के एक अधिकारी ने मंगलवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि संबंधित बालकनी अतिक्रमण वाले हिस्से में आती है. अधिकारी ने कहा, ‘हमारा फ्लाईओवर बालकनी के बाहरी हिस्से के अंदर नहीं है. यह बालकनी अतिक्रमण का हिस्सा है और इसे हटाने के लिए हमने नागपुर नगर निगम (NMC) को पहले ही पत्र लिखा है.’ उन्होंने यह भी कहा कि अतिक्रमण जल्द ही हटाया जाएगा.

हालांकि, घर के मालिक ने इस दावे को खारिज कर दिया. उनका कहना है कि फ्लाईओवर का रोटरी बीम बालकनी के हिस्से से होकर गुजरता जरूर है, लेकिन यह इमारत को छूता नहीं है. मालिक ने कहा, ‘यह बालकनी का वो हिस्सा है, जिसका कोई उपयोग नहीं होता, इसे ‘नो मैन लैंड’ कहा जा सकता है. फ्लाईओवर 14-15 फीट ऊपर है, इसलिए किसी तरह का खतरा नहीं है.’

इस घटना के वीडियो, जो ऑनलाइन तेजी से वायरल रहे हैं, दिखाते हैं कि फ्लाईओवर का बीम इमारत के बेहद करीब है. इसी वजह से निर्माण मानकों और रिहायशी इलाकों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

नगर निगम (NMC) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि यह इमारत पहले मकान मालिक को लीज पर दी गई थी. फिलहाल लीज की शर्तों की समीक्षा की जा रही है. अधिकारी ने कहा, ‘जैसे ही लीज की स्थिति स्पष्ट होगी, नियमानुसार कार्रवाई करते हुए परिसर खाली कराया जाएगा.’ इस घटना ने घनी आबादी वाले शहरी इलाकों में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के एलाइनमेंट और साफ-सुथरी भूमि उपयोग नीति तथा प्लानिंग निगरानी की सख्त जरूरत पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है.

Tulsi Vivah 2025: 2 या 3 नवंबर कब है तुलसी विवाह? जानें सही तिथि, शुभ मुहूर्त और महत्व

0

तुलसी विवाह देवी तुलसी और भगवान शालिग्राम को समर्पित है. इस साल यह पर्व 2 नवंबर को मनाया जाएगा. हिंदू धर्म में तुलसी विवाह को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का खास महत्व है. यह उत्सव हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि के दिन मनाया जाता है. इसे देवउठनी एकादशी के अगले दिन मनाते हैं. मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार महीनों की योगनिद्रा से जागते हैं और संसार में शुभ कार्यों की शुरुआत होती है. इसी वजह से तुलसी विवाह का पर्व हिंदू परिवारों में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है.

द्रिक पंचांग के अनुसार, 2025 में कार्तिक शुक्ल द्वादशी की शुरुआत 2 नवंबर को सुबह 07 बजकर 31 मिनट से होगी और इसका समापन 3 नवंबर को सुबह 05 बजकर 07 मिनट पर होगा. ऐसे में इस साल तुलसी विवाह 2 नवंबर, रविवार को किया जाएगा. इस दिन घर-घर में विशेष पूजन, व्रत और विवाह की रस्में की जाती हैं.

तुलसी विवाह का मूल भाव देवी तुलसी और भगवान शालिग्राम के दिव्य मिलन का उत्सव है. विवाह की सभी पारंपरिक रस्में जैसे मंडप सजाना, कन्यादान करना और सात फेरे लेना वास्तविक विवाह की तरह पूरे विधि-विधान से की जाती हैं.देवउठनी एकादशी के बाद जब भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं, तभी से सभी मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश आदि की शुरुआत मानी जाती है. तुलसी विवाह इन मांगलिक कार्यों के शुभारंभ का संकेत है.

मान्यता है कि तुलसी विवाह करने वाले परिवार में सुख-समृद्धि और सौभाग्य का वास होता है. ऐसा माना जाता है कि इस व्रत और विवाह के आयोजन से संतान सुख की प्राप्ति होती है.

तुलसी विवाह करने से व्यक्ति के सारे पाप नष्ट होते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इससे मोक्ष की प्राप्ति होती है और आत्मा को शांति मिलती है.

इस दिन घर की साफ-सफाई करने के बाद तुलसी के पौधे को पवित्र स्थान पर रखें. फिर तुलसी माता का श्रृंगार करें. तुलसी को लाल कपड़ें पहनाएं, कुमकुम लगाएं और फूल,हल्दी-चूड़ा आदि चढ़ाएं. साथ ही तुलसी के बाएं ओर शालीग्राम जी रखें. तुलसी में जल चढ़ाकर सिंदूर, हल्दी, पुष्प और मिठाइयां अर्पित करें. पूजा में तुलसी को 16 श्रृंगार चढ़ाएं. इसके बाद आरती करें और पूजा के अंत में प्रसाद ग्रहण करें.

SPORTS : बचकाना और बदतमीज़… भारतीय पूर्व दिग्गज का पाकिस्तान पर तीखा हमला, बोले- 450 करोड़ का नुकसान देख वापस ली मांग

0

एशिया कप में यूएई के खिलाफ मैच टालने की पाकिस्तान की हरकत को भारतीय पूर्व क्रिकेटर मुरली कार्तिक ने बचकाना और बदतमीज़ करार दिया है। साथ ही बताया कि उसने 1.6 करोड़ डॉलर (करीब 450 करोड़ पाकिस्‍तानी रुपये) का नुकसान होने केे डर से अपनी मांग वापस ले ली।
भारत

यूएई के खिलाफ एशिया कप मैच की शुरुआत में देरी के लिए पाकिस्तान की कड़ी आलोचना हो रही है। हाथ मिलाने के विवाद और यूएई के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने की धमकी के बाद एंडी पाइक्रॉफ्ट को मैच रेफरी के पद से हटाने के लिए आईसीसी पर दबाव बनाने की कोशिश में, सलमान अली आगा और उनकी टीम ने मैच की शुरुआत कम से कम एक घंटे के लिए टाल दी। इस पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुरली कार्तिक ने पाकिस्तान की हरकतों पर तीखा हमला करते हुए इसे बचकाना और बदतमीज़ करार दिया है।

क्रिकबज़ पर बात करते हुए मुरली कार्तिक ने पीसीबी पर अपनी बात पर अड़े रहने और कोई ठोस फैसला न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अगर पाकिस्तान ने मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया होता तो उसे 1.6 करोड़ डॉलर (करीब 450 करोड़ पाकिस्‍तानी रुपये) का आर्थिक नुकसान हो सकता है। इसी डर से उसने अपनी मांग वापस ले ली।

कार्तिक ने कहा कि इस समय मेरे दिमाग में बस एक ही शब्द आ रहा है, बिल्कुल बचकाना और बदतमीज़। क्योंकि जब आप देखते हैं तो इसका आर्थिक नुकसान हो सकता है, जो कि हाथ मिलाने की घटना या ऐसी ही किसी बात पर सचमुच 16 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर है। मुझे कुछ भी समझ नहीं आ रहा। मुझे लगता है कि आजकल किंडरगार्टन के बच्चे भी इस तरह का व्यवहार नहीं करते।

बता दें कि पाकिस्तान ने आईसीसी को कम से कम दो पत्र लिखकर एंडी पाइक्रॉफ्ट को मैच रेफरी के पद से हटाने और उनके कथित कदाचार की जांच की मांग की थी। क्रिकबज़ के अनुसार, आईसीसी ने पीसीबी को जवाब देते हुए कहा कि उनकी अपनी जांच में पाइक्रॉफ्ट को निर्दोष पाया गया है। जय शाह के नेतृत्व वाली आईसीसी ने निष्कर्ष निकाला कि पाइक्रॉफ्ट किसी भी गलत काम के दोषी नहीं थे। इसके अलावा हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि पीसीबी को शिकायत करने का पूरा अधिकार है, लेकिन उनके पक्ष में फैसला एक खतरनाक मिसाल कायम करेगा।

पीसीबी ने एक बयान में कहा कि विवादास्पद आईसीसी मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मैनेजर और कप्तान से माफ़ी मांगी है। पाइक्रॉफ्ट ने 14 सितंबर की घटना के लिए माफ़ी मांगते हुए इसे गलतफहमी बताया है।

Cervical Pain Treatment : लैपटॉप और मोबाइल के कारण गर्दन में दर्द? सर्वाइकल पेन से बचने के 5 तरीके

0

Cervical Pain Treatment : बदलती लाइफ स्टाइल में सर्वाइकल पेन की समस्याएं भी बढ़ रही हैं। इसमें गर्दन या कंधे के आसपास के हिस्से में दर्द होता है। कई बार समस्या इतनी गंभीर हो जाती है कि गर्दन मोड़ने, सिर उठाने या अन्य शारीरिक क्रियाओं में भी परेशानी होती है। समय पर ध्यान न देने से समस्या काफी गंभीर रूप ले लेती है। आइए जानते हैं न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन, डॉ. सुरेश कुमावत से सर्वाइकल पेन क्या है और कैसे इससे राहत पा सकते हैं…

सर्वाइकल पेन के कारण (Causes of Cervical Pain)

  • मांसपेशियों में खिंचाव, डिस्क प्रॉब्लम, स्क्रीन टाइम
  • गलत सोने का तरीका
  • अचानक झटका लगना या वजन उठाना
  • हड्डियों में घिसावट, डिस्क का पतला होना
  • खराब पॉश्चर जैसे झुककर पढ़ना/बैठना, कुर्सी -तकिया सही न होना आदि

ये हैं बचाव एवं उपचार (Cervical Pain Treatment)

  1. पॉश्चर सुधारें: मोबाइल -लैपटॉप आंखों के लेवल पर रखें, ज्यादा झुके नहीं।
  2. सोने की आदत: बहुत ऊंचा या नीचा तकिया न लगाएं। पीठ या करवट लेकर सोना ठीक है।
  3. फिजिकल एक्टिविटी जरूरी: गर्दन एवं कंधों के हल्के स्ट्रेच एवं मजबूती बढ़ाने वाली एक्सरसाइज रोज करें। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने से बचें। हर ३०-४० मिनट बाद हल्का मूवमेंट करें।
  4. मांसपेशियों का तनाव: योग, प्राणायाम, ध्यान से मसल्स का तनाव दूर करें। भारी वजन न उठाएं।

FAQ on Cervical Pain (सर्वाइकल पेन)

Q1. सर्वाइकल पेन क्या है?
सर्वाइकल पेन गर्दन और कंधे के आसपास होने वाला दर्द है, जो गलत बैठने की आदत, लगातार मोबाइल/कंप्यूटर इस्तेमाल और स्पाइनल डिस्क की समस्या के कारण होता है।

Q2. सर्वाइकल पेन के मुख्य लक्षण क्या हैं?

  • गर्दन में जकड़न और दर्द
  • कंधे व हाथ तक झनझनाहट
  • सिरदर्द और चक्कर आना
  • गर्दन घुमाने में कठिनाई

Q3. सर्वाइकल पेन से बचाव कैसे करें?

  • लंबे समय तक एक ही पोज़िशन में न बैठें
  • कंप्यूटर/मोबाइल का सही उपयोग करें
  • हल्की स्ट्रेचिंग और योगासन करें
  • सही तकिया और गद्दे का इस्तेमाल करें

Q4. क्या सर्वाइकल पेन का इलाज संभव है?
हाँ, शुरुआती अवस्था में दवाई, फिजियोथेरेपी और व्यायाम से आराम मिलता है। गंभीर मामलों में डॉक्टर द्वारा बताए गए उपचार ज़रूरी होते हैं।

Q5. सर्वाइकल पेन में कौन-से योगासन फायदेमंद हैं?

  • भुजंगासन
  • ताड़ासन
  • मरजारासन (कैट-काउ पोज़)
  • मकरासन

यदि दवा और फिजियोथैरेपी से भी आराम न मिले, हाथ-पैर में कमजोरी, चलने-फिरने में परेशानी है तो गंभीर स्थिति में सर्जरी की जाती है।

ENTERTAINMENT : Kalki 2898 AD Sequel से दीपिका पादुकोण को प्रोड्यूसर्स ने किया बाहर, बताया बड़ा कारण

0

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण के फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सुपरहिट फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल से दीपिका को बाहर कर दिया गया है और इसका असली कारण भी बताया है।

प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ साल 2024 की ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी। इसके पहले पार्ट के बाद से ही फैंस दूसरे पार्ट का इंतजार करने लगे थे। इस फिल्म में बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने भी अहम भूमिका निभाई थी लोगों को उनकी एक्टिंग भी शानदार लगी थी, दर्शक उन्हें फिल्म के सीक्वल में भी देखना चाहते थे लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। फिल्म से प्रोड्यूसर्स ने दीपिका को बाहर कर दिया है। साथ ही इसका कारण भी बताया है।

फिल्म के मेकर्स ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “ये ऑफिशियल तौर पर अनाउंसमेंट की जाती है कि दीपिका पादुकोण Kalki 2898 AD के अपकमिंग सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। काफी विचार-विमर्श के बाद, हमने अलग होने का फैसला किया है। पहली फिल्म बनाने के लंबे सफर के बावजूद, हम साझेदारी नहीं कर पाए और Kalki 2898 AD जैसी फिल्म ज्यादा कमिटमेंट की हकदार है। हम उनके भविष्य के काम के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”

दीपिका पादुकोण के हाथ से लगातार दो फिल्में निकल गई हैं। पहले स्पिरिट में भी वो प्रभास के साथ नजर आने वाली थी और अब कल्कि 2898 एडी के सीक्वल से भी उन्हें बाहर कर दिया दिया है। वहीं, पिछले कुछ समय पहले संदीप रेड्डी वांगा ने दीपिका पर अपनी फिल्म की स्क्रिप्ट लीक करने के आरोप लगाया था।

बता दें, मेकर्स के पोस्ट पर लोग कमेंट कर रहे हैं। वह दीपिका को बैक टू बैक दो तेलुगू फिल्मों से निकाले जाने पर परेशान हैं और जवाब मांग रहे हैं। एक फैन ने लिखा, “स्पिरिट के बाद, दीपिका पादुकोण को तेलुगु इंडस्ट्री की एक और बड़े बजट की फिल्म से हटाया गया। इन रिमूवल के पीछे की असली कहानी क्या है?” दूसरे ने लिखा, “अब कौन करेगा उन्हें रिप्लेस?” एक अन्य ने लिखा, “क्या इतना ही रोल था दीपिका का फिल्म में?”

MP : वेज या नॉनवेज खाना? अब रेस्टोरेंट के बाहर ही पहचान पाएंगे लोग, एमपी सरकार ला रही नया नियम

0

मध्य प्रदेश सरकार ने होटल और रेस्टोरेंट के बाहर शाकाहारी और मांसाहारी निशान लगाने और मालिक का नाम लिखना अनिवार्य किया है, ताकि लोगों को खाने की जानकारी पहले से मिल सके.मध्य प्रदेश में खाने-पीने से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव होने वाला है. सरकार चाहती है कि लोग पहले से ही जान सकें कि होटल या रेस्टोरेंट में किस तरह का खाना मिलेगा. इसके लिए जल्द ही होटल और रेस्टोरेंट के बाहर साफ-साफ दिखाना अनिवार्य होगा कि वहां शाकाहारी (वेज) या मांसाहारी (नॉनवेज) खाना परोसा जाता है.

नए नियम के मुताबिक, सिर्फ शाकाहारी भोजन परोसने वाले होटलों के बाहर हरा गोल निशान लगाना अनिवार्य होगा. वहीं, मांसाहारी भोजन देने वाले होटलों पर लाल गोल निशान रखना जरूरी होगा.अगर किसी होटल में वेज और नॉनवेज दोनों ही तरह का खाना परोसा जाता है, तो उसे आधा हरा और आधा लाल गोला बाहर लगाना होगा. इस तरह लोग बाहर से ही पहचान पाएंगे कि होटल किस तरह का भोजन देता है.सरकार सिर्फ खाने की पहचान तक सीमित नहीं रहना चाहती. होटल का लाइसेंस लेने वाले मालिक का नाम भी बाहर लिखा होना जरूरी होगा. यह कदम लोगों को भरोसा दिलाने के लिए है कि वे जिस जगह खाना खाने जा रहे हैं, वह रेस्टोरेंट या होटल पूरी तरह से कानूनी और भरोसेमंद है.

मध्य प्रदेश सरकार फूड डिलीवरी पर भी ध्यान दे रही है. राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बताया कि कोशिश यही होगी कि शाकाहारी खाना केवल शाकाहारी डिलीवरी बॉय ही लेकर जाए. इसका मकसद है कि खाने के दौरान किसी तरह की गलती या मिलावट न हो.इस बदलाव के लिए सरकार एफएसएसएआई एक्ट में संशोधन करने की तैयारी कर रही है. पैकेटबंद खाने पर जैसे लाल और हरे गोले का निशान होता है, उसी तरह अब होटल और रेस्टोरेंट में बाहर से ही यह पहचान संभव होगी.

राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि लोग पहले से ही तय कर सकें कि वे किस होटल में खाना खाने जा रहे हैं. इससे समय की बचत भी होगी और लोगों को सही विकल्प चुनने में आसानी होगी.उनका कहना है कि अगर यह नियम मध्य प्रदेश में सफल होता है, तो इसे पूरे देश में कानून का रूप दिया जा सकता है. यानी आने वाले समय में सिर्फ MP ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में होटल और रेस्टोरेंट के बाहर हरे-लाल निशान लगाना अनिवार्य हो सकता है.

- Advertisement -

News of the Day