Wednesday, May 6, 2026
Home Blog Page 455

NATIONAL : भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाकर बोले डोनाल्ड ट्रंप- ‘पीएम मोदी शानदार व्यक्ति’, आखिर क्यों कर रहे तारीफ?

0

अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ बुधवार (27 अगस्त) से लागू कर दिया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ लागू करने से पहले वक्त दिया था, लेकिन अब इसकी डेडलाइन खत्म हो गई है. टैरिफ को लेकर चल रहे तनाव के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी शानदार व्यक्ति हैं. हालांकि इस दौरान ट्रंप भारत-पाक संघर्ष का जिक्र करने से नहीं चूके.

दरअसल ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को परमाणु युद्ध में बदलने से रोक दिया था और उन्हें यह धमकी दी थी कि अगर दोनों पड़ोसी देश संघर्ष विराम पर सहमत नहीं हुए तो वह कोई व्यापार समझौता नहीं करेंगे तथा उन पर शुल्क (टैरिफ) लगाएंगे.

ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर क्या कहा

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने मंगलवार (26 अगस्त) को ‘व्हाइट हाउस’ में एक कैबिनेट बैठक के दौरान यह टिप्पणी की. अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की थी. उन्होंने कहा, ”मैंने एक बहुत ही शानदार इंसान, नरेन्द्र मोदी से बात की. मैंने पूछा, आपके और पाकिस्तान के बीच क्या चल रहा है? नफरत बहुत ज्यादा बढ़ गई थी.”

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ”मैंने कहा, मैं आपके साथ कोई व्यापारिक समझौता नहीं करना चाहता. तुम लोग परमाणु युद्ध में उलझ जाओगे. मैंने कहा, कल मुझे फिर फोन करना लेकिन हम आपके साथ कोई समझौता नहीं करेंगे या हम आप पर ऐसे शुल्क लगाएंगे जो इतने ऊंचे होंगे कि आपका सिर चकरा जाएगा.”

ट्रंप ने युद्ध रुकवाने को लेकर किया बड़ा दावा

इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने विश्वभर में सात युद्ध रुकवाए हैं, जिनमें भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ युद्ध भी शामिल है. उन्होंने कहा कि इनमें से चार युद्ध उन्होंने शुल्क और व्यापार के जरिये रोके. ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर भारत और पाकिस्तान के वॉशिंगटन की मध्यस्थता के बाद तत्काल संघर्ष विराम पर सहमत होने की घोषणा की थी.

MAHARASHTRA : शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने के नाम पर किसान से ठगी, लगाया 1.44 करोड़ का चूना

0

महाराष्ट्र के नासिक में 29 साल के किसान से शराब की दुकान का लाइसेंस दिलाने के नाम पर 1.44 करोड़ रुपये की ठगी हुई. आरोपी ने रकम लेकर 61 लाख मालिक को दिए, शेष 83 लाख गबन कर लिए. पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच जारी है.

महाराष्ट्र के नासिक में एक 29 साल के एक किसान से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर 1.44 करोड़ रुपये की ठगी की है. आरोपी ने किसान को नवी मुंबई में शराब की दुकान का लाइसेंस दिलाने का वादा किया था. पुलिस ने मंगलवार को ये जानकारी दी है. आरोपी ने पीड़ित को यह भरोसा दिलाया था कि वह नवी मुंबई के पनवेल स्थित एक शराब की दुकान का लाइसेंस उसके मालिक से उसके नाम पर ट्रांसफर करवा सकता है.

 

ऐसे में निफाड़ निवासी पीड़ित ने उस पर भरोसा करके अपने भाई के साथ मिलकर जुलाई 2024 से इस साल जनवरी के बीच कई किश्तों में उसे 1.44 करोड़ रुपये का भुगतान किया. एमएफसी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने ये जानकारी दी.उन्होंने बताया कि रकम वसूलने के बाद, आरोपी ने शराब की दुकान के मालिक को कथित तौर पर 61 लाख रुपये का भुगतान किया था. वहीं उसने बाकी के 83 लाख रुपये का गबन कर लिया. आखिरकार पीड़ित को लाइसेंस हासिल नहीं हुआ.

जब पीड़ित ने आरोपी से लाइसेंस की स्थिति और किए गए भुगतान के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने सबूत तौर पर कुछ चेक जारी कर दिए. अधिकारी ने कहा, ‘उसके दिए सभी चेक बाउंस हो गए, जिससे संदेह और बढ़ गया. आरोपी ने न तो रकम वापस की और न ही पीड़ित के नाम पर लाइसेंस का ट्रांसफर सुनिश्चित किया.’

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर 23 अगस्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है.

ENTERTAINMENT : ‘भाई साहब को कौन समझाए…’, अमाल की ‘बिग बॉस’ में एंट्री, अरमान ने किया रिएक्ट

0

रियलिटी शो बिग बॉस 19 में अमाल मलिक के शामिल होने पर उनके भाई सिंगर अरमान मलिक ने चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने बकायदा एक पोस्ट कर रिएक्शन दिया है. जानिए उन्होंने क्या कहा….

टीवी के फेमस रियलिटी शो बिग बॉस 19 शुरू हो चुका है. एंटरटनेमेंट की अलग-अलग फील्ड से 16 कंटेस्टेंट्स शामिल हुए हैं. जिसमें एक नाम सिंगर और कंपोजर अमाल मलिक का भी हैं. अब बिग बॉस में शामिल होने के उनके फैसले को लेकर उनके भाई अरमान मलिक का रिएक्शन आया है. इसके साथ ही उन्होंने ये बताया कि क्या वो उनके भाई के इस फैसले का सपोर्ट करते हैं या नहीं? अरमान ने ट्विटर यानी X पोस्ट के जरिए अपना रिएक्शन शेयर किया.

दरअसल एक यूजर ने अरमान मलिक के X अकाउंट पर पूछा कि अमाल के बिग बॉस में शामिल होने पर उनका क्या रिएक्शन था? इस पर अरमान ने जवाब देते हुए लिखा, ‘ये शो उनके लिए नहीं था, लेकिन अमाल भाई साहब को कौन समझाए? चलिए बोर्डिंग स्कूल समझकर कुछ मस्ती करके वापस आ जाएंगे. अभी बहुत गाने पेंडिंग हैं.’

एक यूजर ने लिखा, ‘अमाल का खर्राटा झेलने के लिए अरमान आप पर गर्व है.’ इस पर जवाब देते हुए अरमान ने लिखा, ‘
‘इसीलिए मैंने दूसरों को बेस्ट ऑफ लक कहा’. वहीं जब एक यूजर ने अरमान से पूछा कि क्या वो बिग बॉस 19 देख रहे हैं तो उन्होंने जवाब दिया, ‘सिर्फ ये देखने के लिए कि अमाल क्या मस्ती कर रहा है.’

बिग बॉस के फैन पेज पर एक घर का वीडियो शेयर किया गया है. इसमें अमाल मलिक गहरी नींद में सोते हुए दिख रहे हैं और जोर से खर्राटे ले रहे हैं. उनके खर्राटों की आवाज से घर के बाकी कंटेंस्टेंट सो नहीं पाए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.आगे देखना होगा कि बिग बॉस के घर में अमाल की जर्नी कैसी रहती है. घरवाले उनके खर्राटों का शोर बर्दाशत कर पाएंगे या नहीं.

 

 

 

NATIONAL : प्रेमी के साथ पकड़ी गई विवाहिता तो परिजनों ने पिटाई के बाद कुएं में फेंका, दोनों की मौत

0

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक महिला और उसके प्रेमी की परिजनों ने पिटाई की, फिर कुएं में फेंक दिया. जिससे दोनों की मौत हो गई. फिलहाल हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला के पिता, दादा और चाचा को गिरफ्तार कर लिया है.

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक विवाहित महिला के परिवार के सदस्यों ने प्रेमी के साथ पकड़ लिया. जिसके बाद परिजनों ने दोनों की पिटाई की और फिर कुएं में फेंक दिया. जिससे दोनों की मौत हो गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. जिसके मुताबिक घटना सोमवार दोपहर की है. महिला का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि प्रेमी की तलाश जारी है.

पुलिस ने बताया कि महिला के पिता, दादा और चाचा को हिरासत में लिया गया है और पीड़ितों की उम्र का पता लगाया जा रहा है. महिला की शादी लगभग एक साल पहले हुई थी. बोरजुन्नी गांव में रहने वाला उसका प्रेमी सोमवार को गोलेगांव गांव में उससे मिलने गया था.

उमरी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि महिला के ससुराल वालों ने उन्हें घर पर एक साथ पाकर उसके मायके वालों को बुलाया और दोनों को उनके हवाले कर दिया. जिसके बाद महिला और उसके प्रेमी की बोरजुन्नी जाते समय रास्ते में कथित तौर पर पिटाई की गई और सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे उमरी थाना क्षेत्र के ककराला इलाके में एक कुएं में फेंक दिया गया.अधिकारी ने बताया कि महिला के पिता, चाचा और दादा कथित तौर पर हत्याओं में शामिल थे. बाद में महिला के पिता उमरी पुलिस थाने पहुंचे और दावा किया कि उन्होंने ही दोनों की हत्या की है. लेकिन जांच में पता चला कि महिला के चाचा और दादा भी कथित तौर पर अपराध में शामिल थे.

 

ENTERTAINMENT : 12वीं पास हैं तान्या मित्तल, 500 रुपये से शुरू किया बिजनेस, करोड़ों की हैं मालकिन

0

महाकुंभ से वायरल हुईं मॉडल और सोशल मीडिया की फेमस इंफ्लुएंसर तान्या मित्तल अब बिग बॉस 19 के घर में बंद हैं. वो अभी सिर्फ 25 साल की हैं और सबसे कम उम्र की अमीर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कही जाती हैं. आपको बता दें कि तान्या ने सिर्फ 500 रुपये से अपने करियर की शुरुआत की थी और आज वो सिर्फ इंफ्लुएंसर नहीं बल्कि सक्सेफुल बिजनेस वुमन भी हैं.

बता दें कि बिग बॉस 19 में पहुंचीं तान्या मित्तल इंटरप्रेन्योर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. तान्या मिस एशिया टूरिज्म यूनिवर्स 2018 रह चुकी हैं. वो अपने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए यूपी और एमपी टूरिज्म का प्रचार करती हैं. तान्या मित्तल का जन्म 27 सितंबर 1998 को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुआ था. उनकी शुरुआती एजुकेशन भी ग्वालियर से हुई. उन्होंने सिर्फ 12वीं तक पढ़ाई की है. इसके बाद अंग्रेजी सीखने पर पूरा जोर दिया. उनका मानना है कि आज के वक्त में अंग्रेजी सीखना जरूरी है.

एक इंटरव्यू में तान्या ने बताया कि दिल्ली के सदर बाजार से सामान खरीदा करतीं थी. खरीदे गए सामान की फोटो अपने अकाउंट पर पोस्ट करके उन्हें बेचा करती थीं. तान्या ने हैंड क्राफ्ट का बिजनेस अपनाया और हैंडमेड लव नाम से बिजनेस शुरू किया. जहां फोटो फ्रेम, गिफ्ट कार्ड, की रिंग जैसे हैंडमेड चीजें बनाती थीं. हालांकि शुरुआत में कस्टमर नहीं मिले. फिर सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने अपने बिजनेस को बढ़ाया और ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू करने के बाद भी बीच में छोड़ दी.

तान्या ने साल 2017 में खुद का बिजनेस शुरू किया था, वहीं साल 2018 में फैशन इंडस्ट्री में कदम रखते हुए मिस टूरिज्नम एशिया का खिताब जीता था, और लेबनान में 12 दिनों तक चले इस मुकाबले में 16 राउंड पार कर तान्या ने 31 देशों की मॉडल्स को पछाड़ा था. तान्या ने बताया कि उन्हें अंग्रजी नहीं आती थी लेकिन अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए तान्या ने यूट्यूब की मदद से अंग्रेजी सीखी. इसके बाद अपने बिजनेस को बढ़ाने के लिए तान्या धार्मिक स्थलों को बढ़ाने के लिए वीडियो बनाने शुरू किए.

बता दें कि तान्या ने 200 से ज्यादा लड़कियों को गोद लिया है और उनकी एजुकेशन की जिम्मेदारी वह उठा रही हैं. अपनी फैक्ट्री के जरिए भी वो कई लोगों को रोजगार दे रही हैं.तान्या मित्तल के इंस्टाग्राम पर 3 मिलियन फॉलोअर्स हैं. वहीं उनके यूट्यूब चैनल पर 68.7 हजार सब्सक्राइबर हैं. जहां वो पॉडकास्ट से लेकर धार्मिक स्थलों के वीडियो बनाती हैं.

NATIONAL : वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड, अर्धकुंवारी के पास कई लोगों के घायल होने की आशंका

0

यह हादसा अर्धकुंवारी के पास हुआ, जहां हजारों श्रद्धालु हर रोज मां वैष्णो देवी के दरबार की ओर जाते हैं. हादसे के तुरंत बाद श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया. कई श्रद्धालुओं के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए कटरा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है.जम्मू में भारी बारिश के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर मंगलवार को अचानक भूस्खलन हो गया. यह हादसा अर्धकुंवारी के पास हुआ, जहां हजारों श्रद्धालु हर रोज मां वैष्णो देवी के दरबार की ओर जाते हैं. जोरदार धमाके के साथ पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर ट्रैक पर आ गिरे.

इस दौरान कई श्रद्धालुओं के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए कटरा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है. हादसे के तुरंत बाद श्राइन बोर्ड और सुरक्षा बलों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया. ट्रैक पर मौजूद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर अलर्ट मोड पर है.

भूस्खलन की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें ट्रैक पर फैला मलबा और चट्टानें साफ दिखाई दे रही हैं. बारिश के बीच सुरक्षाकर्मी श्रद्धालुओं को रस्सियों और बैरिकेडिंग की मदद से निकालते दिखे. वहीं जम्मू शहर के सुंजवां इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है.श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए माता वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है. अर्धकुंवारी से भवन तक का मार्ग बंद कर दिया गया है. निचले ट्रैक से भी श्रद्धालुओं की आवाजाही सीमित कर दी गई है. जो श्रद्धालु यात्रा पर हैं, उन्हें सुरक्षित स्थलों पर ठहराया जा रहा है.

बता दें कि पिछले 48 घंटों से जम्मू संभाग और कश्मीर में लगातार भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने अगले पांच घंटे तक जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. कटरा, जम्मू, सांबा, रीासी, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ जिलों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है. लिद्दर (पहलवागाम) में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं.

उधमपुर में तवी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच गया है और यह 2014 की बाढ़ के स्तर को भी पार कर चुका है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में इसका पानी जम्मू शहर में और 7–10 फीट तक बढ़ सकता है.जम्मू के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पूरे जम्मू संभाग में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है. लोगों से अपील है कि वे नदियों और नालों के पास न जाएं और प्रशासन के संपर्क में रहें.

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात की गंभीरता को देखते हुए श्रीनगर से जम्मू जाने का फैसला किया है. उन्होंने सभी जिला उपायुक्तों को अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं.

MP : आईजा महिला विंग का हुआ गठन, प्रदेश अध्यक्ष बनी रूचि चोविश्या जैन5 अक्टूबर को होने जा रहा पत्रकारो का महा सम्मेलन

0

नागदा । ़ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन आईजा के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया की अनुशंसा पर मध्यप्रदेश आईजा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव जैन सैनानी द्वारा मध्य प्रदेश आईजा महिला विंग का गठन किया। इस अवसर पर रूचि चोविश्या जैन इंदौर को महिला विंग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसी के साथ डॉक्टर किरण जैन को आईजा महिला विंग का प्रदेश महासचिव एंव किरण रांका आष्टा को प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ श्रीमति नम्रता जैन सैनानी को आईजा महिला विंग का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया।

उल्लेखनीय है कि पहली बार आईजा द्वारा पत्रकारो की महिला विंग का गठन किया गया है। इस मौके पर महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष रूचि चोविश्या जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश में आईजा महिला विंग का संभाग,जिला स्तर पर शीघ्र गठन किया जाएगा। उन्होने कहा कि आगामी 5 अक्टूबर को गुरूवर जगत पूज्य गुरुवर निर्यापक श्रवण मुनि पुंगव 108 श्री सुधा सागर महाराज के सान्निध्य में म.प्र के अशोकनगर जिले में राष्ट्रीय स्तर का पत्रकारो का महासम्मेलन एंव जैन महिला पत्रकारो का सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। उक्त सम्मेलन में देशभर से वरिष्ठ पत्रकारो के साथ राजनेता व आईजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित होगें।

NATIONAL : भारत ने दिखाई दरियादिली… बाढ़ को लेकर पाकिस्तान को किया अलर्ट, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार हुई बात

0

भारत ने जम्मू-कश्मीर में तवी नदी में बाढ़ को लेकर पाकिस्तान को अलर्ट किया है. यह जानकारी इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के माध्यम से साझा की गई. विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह कदम पूरी तरह मानवीय आधार पर उठाया गया है.

भारत हमेशा अपने पड़ोसियों के लिए दिल बड़ा रखता है, ये बात एक बार फिर से साबित हो गया है. भारत सरकार ने माना है कि जम्मू-कश्मीर में संभावित बाढ़ की आशंका के बीच भारत ने पाकिस्तान को इसे लेकर जानकारी शेयर की और सचेत किया. विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह सूचना पूरी तरह मानवीय आधार पर शेयर किया गया है.

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने अप्रैल 2025 में सिंधु जल समझौता को स्थायी रूप से स्थगित कर दिया था. जिसके तहत अब भारत पाक को जल प्रवाह डेटा और तकनीकी जानकारी देने की बाध्यता नहीं रही. दोनों देशों के बीच 1960 में इसे लेकर समझौता हुआ था और तब से ये चला आ रहा था. लेकिन आतंकी हमले की वजह से भारत ने सख्ती दिखाई और समझौते को स्थगित कर दिया.

ऐसी पहली बार हुआ कि इस तरह के मामले को लेकर संवाद करने के लिए उच्चायोग के माध्यम का इस्तेमाल किया गया. रविवार को इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने रविवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय को इस मामले में सूचित किया. आम तौर पर पहले इस तरह की सूचनाएं सिंधु जल समझौता के तहत शेयर की जाती थी. लेकिन अब ये स्थगित है इसलिए इस चैनल के माध्यम से जानकारी साझा की गई.

भारत ने तवी नदी में संभावित बाढ़ के खतरे को लेकर पाकिस्तान को अलर्ट किया है. बीते कई दिनों से तवी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत से मिली जानकारी के बाद पाकिस्तान ने बाढ़ को लेकर चेतावनी जारी की और लोगों को अलर्ट रहने को कहा है. साथ ही निचले इलाके के लोगों को किसी दूसरे सुरक्षित जगह शिफ्ट भी किया जा रहा है.

22 अप्रैल को पाकिस्तान के आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला किया, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई. इस हमले के तुरंत बाद ही सिंधु जल समझौता को स्थगित कर दिया, जो कि बीते सात दशक से चलता आ रहा था.

इसके बाद 6-7 मई की रात को ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों पर हमला कर उसे ध्वस्त कर दिया. बीते सप्ताह, नई दिल्ली में आयोजित एनडीए की संसदीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने ये समझौता संसद की मंजूरी के बिना किया था और भारत के हितों से समझौता किया गया.

LUCKNOW : मां की डांट से नाराज होकर साइकिल से वृंदावन पहुंचा बच्चा, प्रेमानंद महाराज से मिलना चाहता था

0

लखनऊ में मां की डांट से नाराज सातवीं कक्षा का छात्र घर छोड़कर साइकिल से वृंदावन पहुंच गया. पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच से उसे तीन दिन बाद सुरक्षित बरामद किया. बच्चा प्रेमानंद महाराज से मिलने की ख्वाहिश रखता था.

राजधानी लखनऊ से एक अनोखा मामला सामने आया है. पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके में मां की डांट से नाराज होकर सातवीं कक्षा का छात्र घर से साइकिल लेकर निकल पड़ा और मथुरा के वृंदावन जा पहुंचा. यह मामला 20 अगस्त का है.जानकारी के मुताबिक छात्र ने मां से किताब खरीदने के लिए 100 रुपये मांगे थे. मां ने पढ़ाई न करने की बात कहकर पैसे देने से मना कर दिया और कहा कि पापा आएंगे तब मिलेंगे. नाराज छात्र ने घर से करीब सवा चार बजे रेंजर साइकिल उठाई और निकल गया.

जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की. कोई सुराग न मिलने पर रात आठ बजे पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई. डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी खंगाले. फुटेज में छात्र साइकिल से जाता दिखा. जांच में यह भी पता चला कि उसने मां के फोन पर मथुरा की दूरी गूगल पर सर्च की थी.

फुटेज में छात्र आगरा एक्सप्रेसवे के काकोरी स्थित रेवरी टोल प्लाजा पर भी दिखा. इसके बाद बांगरमऊ कट से उसने एक ट्रक पकड़ लिया और आगरा उतरकर यमुना एक्सप्रेसवे से साइकिल से वृंदावन पहुंच गया.छात्र ने पुलिस को बताया कि वह प्रेमानंद महाराज का भक्त है और उनसे मिलने की ख्वाहिश में घर से निकला था. शनिवार को पुलिस ने उसे वृंदावन के एक आश्रम से सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया.

UP : इंस्टाग्राम पर भेजता था अश्लील रील, लड़की ने बहाने से मिलने बुलाया, फिर बॉयफ्रेंड संग मिलकर जमकर पीटा

0

आरोप है कि पीड़ित युवक लड़की को इंस्टाग्राम पर रील और मैसेज भेजकर तंग कर रहा था. ऐसे में लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड से इसकी शिकायत की. बॉयफ्रेंड ने साथियों संग मिलकर युवक को किडनैप किया, फिर बेरहमी से उसे मारा पीटा. लड़की ने भी युवक की पिटाई की थी.

उत्तर प्रदेश की बिजनौर पुलिस ने अपहरण और मारपीट के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है. इस महिला को अपहृत व्यक्ति इंस्टाग्राम पर अश्लील रील भेजता था, जिससे परेशान होकर उसने बॉयफ्रेंड को पूरी कहानी बताई. फिर बॉयफ्रेंड ने साथियों संग मिलकर पिटाई का प्लान बनाया.

दरअसल, पूरा मामला बागपत के अमित आर्य से जुड़ा है, जिसे इंस्टाग्राम पर मिली एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर अगवा किया और जमकर पीटा. शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई और महिला समेत पांच लोगों को धर दबोचा.

आपको बता दें कि मारपीट की यह घटना बिजनौर में 11 जुलाई को हुई थी. बागपत निवासी अमित आर्य की मुलाकात इंस्टाग्राम पर एक महिला ज्योति से हुई थी. अमित ज्योति को अश्लील फोटो और वीडियो भेजता था. इसी से परेशान होकर ज्योति ने अपने साथी सचिन, यक्षु, शुभम और अनस के साथ मिलकर अमित को बिजनौर बुलाया. इन लोगों ने मिलकर अमित का अपहरण कर उसे जमकर पीटा. अमित तब से लापता है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

अमित को नग्न कर पीटने के दो वीडियो भी वायरल हुए थे. एक वीडियो में ज्योति खुद उसके गले पर पैर रखकर दबाती और डंडे से मारती नजर आ रही है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अमित को बिजनौर के गोल बाग के पास बुलाया, उसका मोबाइल छीन लिया और सिम तोड़कर उसे i20 कार में बिठाकर चांदपुर ले गए. वहां ले जाकर उन्होंने उसे लाठी-डंडों से पीटा और यह वीडियो भी बनाया.

पुलिस के अनुसार, ज्योति चांदपुर क्षेत्र में एक स्कूल में टीचर है और उसके दो साल से सचिन के साथ संबंध हैं. अमित की हरकतों से परेशान होकर ज्योति ने अपने साथी सचिन और कॉलेज मालिक के बेटे यक्षु से बात की, जिसके बाद इन लोगों ने मिलकर अमित को सबक सिखाने की योजना बनाई. पिटाई के बाद मरणासन्न हालत में वे अमित को गांव कुलचाना के पास सड़क किनारे डालकर फरार हो गए थे.

अमित के लापता होने की शिकायत 28 जुलाई को दर्ज हुई थी. पुलिस ने इस मामले में ज्योति सहित सचिन, यक्षु, शुभम और अनस को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हुई i20 कार, एक वेन्यू कार, एक मोटरसाइकिल, अमित के मोजे और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. आरोपियों पर अपहरण और जान से मारने की नीयत से मारपीट करने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

- Advertisement -

News of the Day