Wednesday, May 6, 2026
Home Blog Page 458

WORLD : पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच बनने जा रहा ये कॉरिडोर, PAK के विदेश मंत्री इशाक डार का बड़ा ऐलान

0

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच 6 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं. इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तान में बांग्लादेशी अधिकारियों के लिए ट्रेनिंग की व्यवस्था की जाएगी.

बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद से पाकिस्तान लगातार मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के साथ मिलकर नए-नए प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है. पाकिस्तान शिक्षा व्यवस्था खुद चौपट हो चुकी है वह अब बांग्लादेश के छात्रों को शिक्षा मुहैया करना की बात कर रहा है. दोनों देशों ने शिक्षा और बिजनेस के क्षेत्र को मजबूत करने के लिए पाकिस्तान-बांग्लादेश नॉलेज कॉरिडोर की शुरऊआत की है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट ये जानकारी दी.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार इस प्रोजेक्ट के तहत अगल पांच सालों के दौरान पाकिस्तान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बांग्लादेशी छात्रों को 500 स्कॉलरशिप दी जाएगी. इसमें बताया गया कि एक-चौथाई स्कॉलरशिप मेडिकल के क्षेत्र से जुड़े स्टूडेंट्स को दी जाएगी. इसके अलावा अगले पांच सालों के दौरान 100 से बांग्लादेशी प्रशासनिक अधिकारियों के लिए ट्रेनिंग की व्यवस्था करने की बात कही गई है.

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को ढाका पहुंचे. इशाक डार ने कहा, “पाकिस्तान तकनीकी सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत बांग्लादेशी छात्रों को आवंटित होने वाले स्कॉलरशिप की संख्या भी 5 से बढ़ाकर 25 करने का निर्णय लिया गया है.” पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने शुक्रवार (22 अगस्त 2025) को कहा था कि इन बैठकों के दौरान द्विपक्षीय संबंधों, कई क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी.

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के अनुसार बांग्लादेश और उनके देश के बीच 6 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए. इसमें राजनयिक और आधिकारिक पासपोर्ट धारकों के लिए फ्री-वीजा एंट्री, दोनों देशों की विदेश सेवा अकादमी के बीज समझौता ज्ञापन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम शामिल है.

पाकिस्तान जो खुद पैसों के लिए आईएमएफ और दूसरे देशों के आगे हाथ फैलाए खड़ा रहता है वह बांग्लादेश के छात्रों को स्कॉलरशिप देने की बात कर रहा है. हाल ही में आईएमएफ ने पाकिस्तान से केंद्रीय बैंक बोर्ड से वित्त सचिव को हटाने और डिप्टी गवर्नर के पदों को भरने का फरमान सुनाया था. पाकिस्तान आईएमएफ के सात अरब डॉलर के ऋण कार्यक्रम को लागू कर रहा है. उसे मॉनेटरी फंड से करीब एक अरब डॉलर की किस्त तभी मिलती है जब वह निर्धारित शर्तों का पालन करता है.

 

NATIONAL : आंगनवाड़ी में खेल रही मासूम पर DJ का पाइप गिरने से मौत, ऑपरेटर गिरफ्तार

0

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 3 साल की बच्ची की मौत के मामले में डीजे ऑपरेटर रोशन देवांगन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. घटना 14 अगस्त को तब हुई जब आंगनबाड़ी में बच्ची खेल रही थी और वहां रखी लोहे की भारी रॉड उसके सिर पर गिर गई. बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पर लापरवाही से मौत का केस दर्ज हुआ.

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत उस समय हो गई, जब डीजे पार्टी के सामान में इस्तेमाल होने वाला भारी लोहे का पाइप अचानक उसके ऊपर गिर पड़ा. पुलिस ने मामले में लापरवाही बरतने वाले डीजे ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया है.जानकारी के अनुसार, घटना 14 अगस्त को सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा इलाके में स्थित राजीव गांधी शिक्षा मिशन स्कूल परिसर में बने आंगनवाड़ी केंद्र में हुई. मृत बच्ची की पहचान मुस्कान महिलांगे के रूप में हुई है. वह अन्य बच्चों के साथ आंगनवाड़ी में खेल रही थी, तभी डीजे संचालक रोशन देवांगन द्वारा बिना अनुमति रखे गए ‘धुमाल’ (संगीत पार्टी में इस्तेमाल होने वाला लोहे का पाइप) अचानक गिर पड़ा और मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई.

घटना के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची के परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए. इसके आधार पर आरोपी रोशन देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 3(5) (लापरवाही से मौत का कारण बनने) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया.

पुलिस अधिकारियों ने आरोपों को खारिज किया कि मामले को दबाने या कार्रवाई में देरी की गई. उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के दिन ही केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था. साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को पूरे मामले की जानकारी भेज दी गई है. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की जांच जारी है.

NATIONAL : 1 साल पहले हुए थी लव मैरिज, कहासुनी के बाद पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट

0

गुरुग्राम के नाहरपुर गांव में कहासुनी के बाद एक शख्स ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर फरार हो गया था. मूल रूप से दोनों उत्तराखंड के रहने वाले थे.गुरुग्राम के नाहरपुर गांव में पत्नी की हत्या करने के मामले में आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पति और पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी. इसके बाद पति ने गुस्से में पत्नी के सिर पर चोट मारकर जख्मी कर दिया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी थी. अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शख्स फरार हो गया था.

जानकारी के मुताबिक आरोपी शख्स अपनी पत्नी के साथ मानेसर थाना एरिया के नाहरपुर गांव में किराए के घर में रहता था. एक साल पहले ही दोनों ने लव मैरिज की थी. दोनों उत्तराखंड के रहने वाले थे. पुलिस द्वारा आरोपी से कड़ाई से पूछताछ में हत्या का खुलासा हुआ. पुलिस ने मृतक महिला के मामा के बयान पर मामला दर्ज किया. मृतक महिला का पोस्टमार्टम किया जा रहा है. आरोपी को जिला अदालत में पेश किया जाएगा.

 

NATIONAL : क्रिकेट बैट चोरी करने पहुंचा था नाबालिग लड़का, पकड़ा गया तो बच्ची की कर दी हत्या

0

18 अगस्त 2025 की शाम को बच्ची की मां ने कुकटपल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. उनकी बेटी अपने घर में मृत मिली थी, जिस पर कई चोटों के निशान थे. परिवार और इलाके के लोग यह समझ ही नहीं पा रहे थे कि आखिर किसने इतनी मासूम बच्ची को मौत के घाट उतार दिया.

हैदराबाद की साइबराबाद पुलिस ने कुकटपल्ली इलाके में हुए एक सनसनीखेज़ हत्या कांड का पर्दाफाश किया है. इस मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या महज़ एक क्रिकेट बैट चोरी की कोशिश के दौरान हो गई. जांच में सामने आया है कि अपराध को अंजाम देने वाला एक नाबालिग लड़का है.

दरअसल, 18 अगस्त 2025 की शाम को बच्ची की मां ने कुकटपल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. उनकी बेटी अपने घर में मृत मिली थी, जिस पर कई चोटों के निशान थे. परिवार और इलाके के लोग यह समझ ही नहीं पा रहे थे कि आखिर किसने इतनी मासूम बच्ची को मौत के घाट उतार दिया.पुलिस ने तुरंत FIR संख्या 1102/2025 दर्ज की और मौके पर जांच शुरू की. शुरुआती साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि बच्ची पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है.

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाके में बच्चों और किशोरों से पूछताछ की तो हैरान करने वाला सच सामने आया. पड़ोस का ही एक नाबालिग लड़का इस वारदात के पीछे निकला. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बच्ची के छोटे भाई का क्रिकेट बैट चुराने की योजना बनाई थी. इसके लिए वह छत के रास्ते घर में घुसा.लेकिन जैसे ही उसने बैट उठाया, घर में मौजूद 10 वर्षीय बच्ची ने उसे देख लिया और शोर मचाने लगी. तभी आरोपी घबरा गया और अपनी चोरी छुपाने के लिए चाकू से बच्ची पर कई बार वार किया. गंभीर चोटों के कारण बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार यह अपराध अचानक नहीं हुआ बल्कि आरोपी ने पहले से चोरी की योजना बना रखी थी. यही नहीं, पुलिस को आरोपी के पास से एक नोट मिला है जिसमें उसने साफ तौर पर लिखा था कि वह क्रिकेट बैट चुराने जा रहा है. वारदात के बाद आरोपी ने बड़ी चतुराई से खुद को बचाने की कोशिश की. उसने चाकू धोया, खून से सने कपड़े बदले और ऐसे दिखाने की कोशिश की जैसे उसे इस घटना के बारे में कुछ पता ही न हो.

लगातार सबूत जुटाने और आरोपी के हाव-भाव पर नज़र रखने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद उसे कानून के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड (Juvenile Justice Board) के सामने पेश किया गया.साइबराबाद पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह एक अत्यंत दुखद और विचलित कर देने वाली घटना है. एक मासूम बच्ची की जान महज़ एक क्रिकेट बैट के लिए चली गई. हमारी जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि आरोपी ने चोरी की योजना बनाई और पकड़े जाने पर हत्या को अंजाम दिया.

 

NATIONAL : चमोली में आपदा प्रभावित लोगों को देख CM धामी ने रुकवाया काफिला, हर संभव सहायता का दिया आश्वासन

0

सीएम धामी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रास्ता खुलाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और जैसे ही मार्ग सुरक्षित होगा, वे स्वयं वहां गांव वासियों के साथ जाकर हालात का जायजा लेंगे.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज रविवार (24 अगस्त) को चमोली पहुंचे, जहां आपदा प्रभावित लोगों को देख सीएम धामी ने अपना काफिला रुकवाया. सीएम धामी प्रोटोकॉल तोड़ जनता के बीच पहुंचे. धराली के बाद आज थराली में भी सीएम धामी ने संवेदनशीलता की अनुकरणीय मिसाल पेश की.

सीएम धामी ने थराली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और आपदा प्रभावित लोगों से भी मिले. इस दौरान थराली में आपदा प्रभावित कुछ ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया कि वे ऊपर के गांवों का भी जल्द से जल्द रास्ता खुलवा दें.मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रास्ता खुलाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और जैसे ही मार्ग सुरक्षित होगा, वे स्वयं वहां गांव वासियों के साथ जाकर हालात का जायजा लेंगे. विदित है कि मुख्यमंत्री इसी तरह धराली आपदा के समय लगातार तीन दिन तक प्रभावित क्षेत्र में डटे रहे और हर राहत एवं बचाव कार्य की खुद मॉनिटरिंग की.

मुख्यमंत्री धामी ने साफ संदेश दिया है कि उत्तराखण्ड सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और प्रभावित गांवों तक राहत और सहायता पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

सीएम धामी ने चमोली दौरे को लेकर एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“थराली (चमोली) में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जाना तथा उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. साथ ही क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित जनों तक सहायता समय पर पहुंचे तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो. संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ आपदा प्रभावित भाई-बहनों के साथ खड़ी है. पूरा प्रशासनिक तंत्र ग्राउंड जीरो पर सक्रिय रहकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों को निरंतर गति प्रदान कर रहा है.”

बता दें कि थराली में बादल फटने के बाद हुई तबाही के बाद थराली के तहसील कार्यालय, चेपड़ों बाजार, कोटदीप बाजार तथा आसपास के क्षेत्रों के कई मकानों और दुकानों में एक से दो फुट तक मलबा भर गया. इसके साथ ही इस तबाही में एसडीएम आवास भी क्षतिग्रस्त हो गया और मलबे में कुछ वाहन भी दब गए.

 

 

AHMEDABAD : ‘तीन दिन के अंदर जवाब दें, नहीं तो…’, छात्र की हत्या के मामले में अहमदाबाद के स्कूल को मिला शो कॉज नोटिस

0

अहमदाबाद की सेवंथ डे स्कूल में छात्र द्वारा छात्र की हत्या के सनसनीखेज मामले के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रशासन को कड़ा शो कॉज नोटिस जारी किया है. नोटिस में स्कूल से पूछा गया है कि उसकी मान्यता और NOC तीन दिन के भीतर रद्द क्यों न कर दी जाए.

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में स्थित सेवंथ डे स्कूल में छात्र द्वारा छात्र की हत्या के सनसनीखेज मामले के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रशासन को शो कॉज नोटिस जारी किया है. नोटिस में स्कूल से पूछा गया है कि उसकी मान्यता और NOC तीन दिन के भीतर रद्द क्यों न कर दी जाए, इसे लकेर जवाब दीजिए.

दरअसल, इससे पहले भी जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल को नोटिस भेजा था. उसमें सवाल उठाया गया था कि जब छात्र पर हमला हुआ तो स्कूल प्रशासन और स्टाफ ने उसे तुरंत मदद क्यों नहीं दी. इसके अलावा यह भी पूछा गया था कि इस गंभीर घटना की जानकारी समय पर शिक्षा विभाग को क्यों नहीं दी गई. अब तक स्कूल ने उस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है.

उधर, अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल के आचार्य, सिक्योरिटी गार्ड और एडमिनिस्ट्रेशन स्टाफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 211(b) और 239 के तहत केस दर्ज किया है. आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी में गंभीर चूक की, जिससे यह दर्दनाक घटना घटी.

जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने ताजा नोटिस में साफ किया है कि यदि स्कूल तीन दिन के भीतर उचित जवाब नहीं देता है तो यह माना जाएगा कि स्कूल इस मामले में कुछ भी कहना नहीं चाहता. ऐसी स्थिति में विभाग एकतरफा कार्रवाई करते हुए स्कूल की मान्यता और अन्य अनुमतियां रद्द कर सकता है.यह घटना न सिर्फ अहमदाबाद बल्कि पूरे राज्य में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. अब सभी की निगाहें स्कूल प्रशासन के जवाब और जिला शिक्षा विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.

ENTERTAINMENT : पाकिस्तानी गाने की कॉपी है ‘परम सुंदरी’ फिल्म का गाना ‘डेंजर’? हो रही ऐसी चर्चा

0

जाह्नवी कपूर-सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म परम सुंदरी का सॉन्‍ग ‘डेंजर’ पर एक बड़ा आरोप लग रहा है. लोग इसे एक पाकिस्‍तानी गाने से मिलता-जुलता बता रहे हैं. सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक पोस्ट भी वायरल हो रही है.पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ भारत की नोक-झोंक के बारे में तो सभी जानते ही हैं. दोनों देशों के बीच तनाव भरे रिश्ते रहे हैं. हालांकि इन सब के बीच पाकिस्तानी गाने भारत में और बॉलीवुड के गाने पाकिस्तान में चाव से सुने जाते हैं. कई बार बॉलीवुड गानों को कॉपीड बताया गया है. हाल ही में ऐसा ही हुआ है जाह्नवी कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘परम सुंदरी’ के साथ.

दरअसल, सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर की मचअवेटेड फिल्म ‘परम सुंदरी’ का नया गाना ‘डेंजर’ 21 अगस्त को रिलीज किया गया था. इस गाने को काफी पसंद किया गया, मगर रिलीज होते ही इस गाने पर चोरी के आरोप लग गए हैं.

सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि ‘डेंजर’ गाना पाकिस्तानी गाने ‘लाल सूट’ से काफी मिलता-जुलता है. यह गाना 2023 में आई पाकिस्तानी ड्रामा ‘मन्नत मुराद’ में दिखाया गया था. सोशल मीडिया पर लोग पाकिस्तानी गाने को खूब शेयर कर रहे हैं और खूब रिएक्शन दे रहे हैं. इस वजह से फिल्म ‘परम सुंदरी’ की टीम को ट्रोल किया जा रहा है. हालांकि मेकर्स ने अभी तक इन दावों पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है.

बता दें कि परम सुंदरी का गाना ‘डेंजर’ सचिन-जिगर की जोड़ी ने कंपोज किया है. जबकि विशाल ददलानी, पार्वती मीनाक्षी और सचिन-जिगर ने इस गाने में अपनी आवाज दी है. इस गाने को अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है.

वहीं इससे पहले परम सुंदरी का परदेसिया गाना भी पिछली बॉलीवुड फिल्म से मिलता-जुलता होने के कारण विवादों में रहा. सोशल मीडिया यूजर्स ने बताया कि यह गाना मणिरत्नम की 1995 की क्लासिक फिल्म ‘बॉम्बे’ का ‘कहना ही क्या’ और ‘ये हसीन वादियां’ से मिलता-जुलता है. जिसमें ए.आर. रहमान ने म्यूजिक दिया था. दिनेश विजान के मैडॉक प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘परम सुंदरी’ 29 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर स्टारर ये फिल्म एक उत्तर भारतीय लड़के और एक दक्षिण भारतीय लड़की की लव स्टोरी पर बनी है.

NATIONAL : आरोपी पति का एनकाउंटर, पैर में गोली लगी, पुलिस कस्टडी से भागने की कर रहा था कोशिश

0

ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए पत्नी को जलाकर मारने वाले पति विपिन की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई. बताया जाता है कि आरोपी विपिन पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था.ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए पत्नी निक्की को जलाकर मारने वाले पति विपिन की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ में आरोपी विपिन के पैर में गोली लगी है. बताया जाता है कि वह पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने पीछा किया लेकिन विपिन रुका नहीं. जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई जो विपिन के पैर में लग गई. फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर को पुलिस टीम आरोपी को थिनर की बोटल जहां से खरीदी थी, वो बरामद करने के लिए लेकर जा रही थी. तभी विपिन ने पुलिस की पिस्टल छीन ली और भागने लगा. जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई और गोली उसके पैर में लग गई. एनकाउंटर के बाद निक्की के पिता ने आज तक से बातचीत की. उन्होंने कहा कि पुलिस ने सही किया, जो अपराधी होता है वो भागने की कोशिश करता ही है. विपिन भी अपराधी है. हमारी गुजारिश है कि पुलिस बाकियों को भी पकड़े और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे.

एडीसीपी सुधीर कुमार कहते हैं, “21 अगस्त को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपने परिवार के सदस्यों की मदद से अपनी पत्नी को आग लगाकर मार डाला. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच को आगे बढ़ाते हुए मृतका के पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया. हम यहां ज्वलनशील तरल की बोतलें बरामद करने आए थे, जिन्हें उसने आग लगाने के बाद फेंक दिया था. हमने बोतलें बरामद कर लीं, लेकिन उसी दौरान उसने इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और भागने की कोशिश की. जब पुलिस ने उसे घेर लिया, तो उसने हम पर गोली चलाने की कोशिश की. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई और गोली उसके पैर में लगी. उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है. आगे की जांच जारी है. हमने थिनर की बोतलें बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल निक्की को आग लगाने के लिए किया गया था.”

दहेज की मांग को लेकर अपनी पत्नी निक्की की हत्या के आरोपी विपिन का भी बयान आया है. विपिन ने कहा कि मुझे कोई पछतावा नहीं है. मैंने उसे नहीं मारा है. वह खुद मर गई. पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते रहते हैं, यह बहुत आम बात है. आपको बता दें कि विपिन पर आरोप है कि उसने पहले निक्की का बाल पकड़कर घसीटा और फिर उसकी बहन और बेटे के सामने उसे आग लगा दी. पीड़िता के लगभग छह वर्षीय बेटे ने गुरुवार रात हुई इस घटना को देखा. बेटे ने कहा, “मेरी मां के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको थप्पड़ मारा और लाइटर से आग लगा दी.”

इस भयावह घटना के दो वीडियो इंटरनेट पर भी वायरल हुए थे. एक वीडियो में पीड़िता के साथ मारपीट करते और उसके बाल पकड़कर उसे घर से बाहर घसीटते हुए देख जा सकता है. जबकि दूसरे वीडियो में आग लगने के बाद निक्की लंगड़ाते हुए सीढ़ियों से नीचे उतरती हुई दिखाई दे रही है.
एनकाउंटर के दौरान पुलिस ने सही किया. जो अपराधी होता है, वो भागने की कोशिश करता ही है. विपिन भी अपराधी है.

मुझे कोई पछतावा नहीं है. मैंने उसे नहीं मारा है. वह खुद मर गई. पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते रहते हैं, यह बहुत आम बात है.

 

UP : महिला ने अपने दो बच्चे के साथ खाया जहर, तीनों की हुई मौत

0

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक 28 वर्षीय महिला ने अपने तीन में से दो बच्चों के साथ जहर खा लिया. जिससे तीनों की मौत हो गई. हालांकि, महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसको लेकर जांच की जा रही है.उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में एक 28 वर्षीय महिला ने अपने तीन बच्चों में से दो को जहर देकर आत्महत्या कर ली. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना शनिवार को इटवा दुदैला गांव में हुई.

मृतकों की पहचान ज्योति यादव, एक साल की बुलबुल और तीन साल के चंद्रमा के रूप में हुई है. सिंह ने बताया कि महिला के पांच साल के बेटे दीपचंद्र का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है. चारों को मझगवां अस्पताल ले जाया गया. जहां शनिवार शाम करीब सात बजे बुलबुल की मौत हो गई.

ज्योति और चंद्रमा को सतना के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया. जहां करीब एक घंटे बाद उनकी भी मौत हो गई. फिलहाल अभी आत्महत्या के सही कारण का पता लगाने के लिए पुलिस पति के बयान का इंतजार कर रही है. फिलहाल मामले की जानकारी के लिए पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

- Advertisement -

News of the Day