Wednesday, May 6, 2026
Home Blog Page 460

NATIONAL : हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शेयर की होने वाली पत्नी के साथ AI तस्वीर, सोशल मीडिया पर हो रही वायरल

0

हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह 22 सितंबर को चंडीगढ़ में डॉ. अमरीन कौर से शादी करेंगे. सोशल मीडिया पर उन्होंने होने वाली पत्नी व पेट डॉग के साथ AI तस्वीर शेयर की है.हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह जल्द एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. इस साल 22 सितंबर को उनकी शादी होने वाली है. विक्रमादित्य सिंह की दुल्हन बनने वाली हैं चंडीगढ़ की डॉ. अमरीन कौर.

हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद इसी बीच उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी के साथ अपनी पहली तस्वीर शेयर की है. उन्होंने AI-जनरेटेड तस्वीर शेयर करते हुए लोगों का धन्यवाद किया और शादी की तारीख की पुष्टि की.

विक्रमादित्य सिंह ने इंस्टाग्राम पर अमरीन कौर के साथ AI से तैयार की गई एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, “सभी प्रदेशवासियों के प्यार, आशीर्वाद एवं शुभकामनाओं के लिए हार्दिक आभार एवं धन्यवाद. प्रदेश के 75 लाख साथी हमारा परिवार है.” उन्होंने पोस्ट में #22सितंबर और “जय श्री राम” भी लिखा. यह पहली बार है जब उन्होंने शादी की खबरों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी हो.

 

BUSINESS : क्या सच में टिकटॉक की हो रही भारत में वापसी? सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़, सरकार ने दी सफाई

0

डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन (DoT) ने भी सोशल मीडिया यूजर्स के दावे का खंडन करते हुए कहा कि भारत में टिकटॉक की साइट अभी भी सभी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स ने ब्लॉक कर रखा है.सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक यूजर ने दावा कि भारत में लोग अब TikTok की वेबसाइट एक्सेस कर सकते हैं. जबकि गूगल प्ले स्टोर और ऐप्पल ऐप स्टोर दोनों पर यह ऐप अभी भी उपलब्ध नहीं है.

डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन (DoT) ने भी इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि भारत में टिकटॉक की साइट अभी भी सभी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स ने ब्लॉक कर रखा है. ऐसे में यूजर के दावे को लेकर X और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स की बाढ़ आ गई है.

NDTV Profit की रिपोर्ट के मुताबिक, दूरसंचार विभाग ने बताया कि टिकटॉक की वेबसाइट देश में किसी भी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर की तरफ से उपलब्ध नहीं है. इस बीच, टिकटॉक की पेरेंट कंपनी बाइटडांस ने भारत में इस प्लेटफॉर्म की उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. जबकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं. यूजर्स इस फर्जी दावे पर खूब चुटकियां ले रहे हैं.

एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “TikTok वेबसाइट 5 साल बाद भारत में वापस आ गई है, लेकिन ऐप अभी भी उपलब्ध नहीं है. कंटेंट क्रिएटर्स में खुशी की लहर.” एक और यूजर ने लिखा, ”पिछली बार जब टिकटॉक भारत में था, तब हमारे पास सिर्फ फिल्टर थे, अब तो AI का जमाना है.” फिलहाल, #TikTok एक्स पर ट्रेंड कर रहा है. इससे पता चलता है कि लोगों में इसे लेकर कितना उत्साह बना हुआ है.

केंद्र सरकार ने जून 2020 में टिकटॉक, वीचैट, यूसी ब्राउजर जैसे 59 एप्लीकेशंस को नेशनल सिक्योरिटी के लिए खतरा बताते हुए बैन करने का ऐलान किया था. इनमें ज्यादा तर चीनी थे. इसी साल पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ हुई भीषण झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्ते दरक गए थे. इस झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे.

उस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इन ऐप्स पर प्रतिबंध लगाए जाने के फैसले को अपना समर्थन दिया था. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इस प्रतिबंध को चीन के खिलाफ ‘भारत का डिजिटल हमला’ बताया था. यह विदेशी प्रौद्योगिकी कंपनियों के खिलाफ भारत सरकार की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक थी. तब से, TikTok भारत में ऑफिशियली तरीके से बैन है.

 

WORLD : 2035 तक तैयार होगा इंडियन स्पेस स्टेशन, PM मोदी बोले- ‘हम चंद्रमा और मंगल तक पहुंच गए और अब…’

0

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) का मॉडल शुक्रवार (22 अगस्त 2025) को पहली बार दुनिया के सामने पेश किया. भारत का लक्ष्य साल 2028 तक BAS-01 मॉड्यूल लॉन्च करने का और 2035 तक पूरा स्टेशन तैयार करने का है. यह पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित होगा.

राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2025 पर इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के आधार पर हम चंद्रयान-4 और शुक्र ऑर्बिटर मिशन शुरू करने जा रहे हैं. 2028 तक हम बीएएस का पहला मॉड्यूल लॉन्च कर देंगे, जो 2035 तक पूरी तरह से चालू हो जाएगा.” उन्होंने आगे कहा कि नेक्स्ट जेनरेशन लॉन्चर (एनजीएल) पर काम को भी मंजूरी मिल गई है. उन्होंने आगे कहा, “2040 तक भारत न केवल चांद पर उतरेगा, बल्कि नमूने भी सुरक्षित रूप से वापस लाएगा. उस समय हमारा अंतरिक्ष कार्यक्रम दुनिया की किसी भी अग्रणी अंतरिक्ष एजेंसी के बराबर होगा.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (23 अगस्त 2025) को अंतरिक्ष वैज्ञानिकों से मानवता के भविष्य को उज्ज्वल बनाने वाले रहस्यों को उजागर करने के लिए एक गहन अंतरिक्ष अन्वेषण मिशन की तैयारी करने का आह्वान किया. राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर एक वीडियो संबोधन में पीएम मोदी ने घोषणा की है कि भारत भविष्य के मिशनों के लिए अंतरिक्ष यात्रियों का एक ग्रुप बनाने की तैयारी कर रहा है. उन्होंने युवाओं से इस समूह का हिस्सा बनने का आग्रह किया.

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘हम चांद और मंगल तक पहुंच गए हैं. अब हमें अंतरिक्ष को और गहराई से निरीक्षण करना है. यहां ऐसे अनेक रहस्य छिपे हैं जो मानवता के भविष्य के लिए लाभकारी हैं. अनंत ब्रह्मांड हमें बताता है कि कोई भी सीमा अंतिम सीमा नहीं है और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी नीतिगत स्तर पर कोई अंतिम सीमा नहीं होनी चाहिए.”

 

ENTERTAINMENT : शहनाज ने तोड़ा था एंटरटेनमेंट का रिकॉर्ड, बिग बॉस में बहन के नक्शे कदम पर चलेंगे शहबाज, मिलेगा सलमान का सपोर्ट?

0

बिग बॉस का 19वां सीजन जल्द शुरू होने वाला है जिसमें शहनाज गिल के भाई शहबाज बदेशा और मृदुल तिवारी के बीच एक कंटेस्टेंट चुनने के लिए वोटिंग होगी. उनकी बहन शहनाज गिल ने बिग बॉस 13 में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी. देखना होगा कि क्या वे अपनी बहन की तरह शो में धमाल मचा पाएंगे या अपनी अलग पहचान बनाएंगे.

बिग बॉस का 19वां सीजन टीवी पर दस्तक देने वाला है. शो के कंटेस्टेंट्स को लेकर काफी बज बना हुआ. दर्शक शो में अपने फेवरेट कंटेस्टेंट्स को देखने के लिए बेताब हैं. शो शुरू होने से पहले मेकर्स बड़ा ट्विस्ट लेकर आए हैं. उन्होंने शहनाज गिल के भाई शहबाज बदेशा और मृदुल तिवारी में से किसी एक को चुनने का मौका दिया है. शो के प्रीमियर पर दोनों को लेकर वोटिंग की जाएगी. शहनाज के भाई को शो के लिए कंफर्म माना जा रहा है.

शहबाज, सोशल मीडिया क्वीन और एक्ट्रेस शहनाज गिल के छोटे भाई हैं. शहबाज का जन्म अमृतसर में हुआ था. वो बिग बॉस 13 अपनी बहन शहनाज को सपोर्ट करने पहुंचे थे. शो में उनका मजाकिया अंदाज शो के होस्ट सलमान खान और दर्शकों को खूब पसंद आया. इसके बाद से वो अचानक चर्चा में आ गए.

शहबाज सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर वीडियोज बनाकर फैन्स को एंटरटेन करते हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 957 फॉलोअर्स हैं. वहीं यूट्यूब पर 90.6 हजार सब्सक्राइबर हैं. शहबाज इंस्टाग्राम पर ट्रैवल, फिटनेस और वायरल वीडियो बनाने के लिए मशहूर हैं. सोशल मीडिया पर उन्होंने अपना स्ट्रांग फैन बेस बना रखा है.

शहबाज के पिता संतोख सिंह गिल एक पॉलिटिशियन हैं, जबकि उनकी मां परमिंदर कौर हाउसवाइफ हैं. उनकी बहन शहनाज उन्हें हर कदम पर सपोर्ट करती हैं. शहबाज को लगभग हर इवेंट में शहनाज के साथ देखा जाता है. शहनाज की वजह से शहबाज करियर में नई ऊंचाईयों को छू रहे हैं.

शहनाज गिल ने बिग बॉस 13 में एंटरटेनमेंट के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे. उनका मस्तमौला अंदाज दर्शकों और सलमान खान को खूब पसंद आया. शो से वो हर किसी की चहेती बन गईं. बिग बॉस में आने से पहले उन्हें कोई नहीं जानता था. लेकिन बिग बॉस के बाद वो हर किसी की नजरों में आ गईं. शो से उन्होंने कामयाबी की नई कहानी लिखी और आज इंडस्ट्री का जाना-माना नाम बन गईं.

देखना दिलचस्प होगा कि शहनाज के भाई शहबाज की बिग बॉस जर्नी कैसी होती है. क्या उन्हें सलमान का सपोर्ट मिलेगा? क्या वो बहन शहनाज के नक्शे कदम पर चलेंगे? या फिर अपनी खुद की पहचान बनाकर फैन्स का दिल जीतेंगे? बहुत से ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब शो शुरू होने पर मिलेगा.

NATIONAL : 12 करोड़ कैश, 6 करोड़ की ज्वेलरी… ऑनलाइन गेमिंग बिल पास होने के अगले ही दिन कांग्रेस नेता के घर ED की बड़ी छापेमारी

0

संसद में ऑनलाइन गेमिंग बिल पारित होने के ठीक एक दिन बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक कांग्रेस नेता के. सी. वीरेंद्र के ठिकाने पर छापा मारकर 12 करोड़ रुपये नकद बरामद किए. नकदी के साथ-साथ करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी ईडी की टीम ने जब्त किए हैं.

ऑनलाइन गेमिंग बिल संसद में पास होने के सिर्फ एक दिन बाद ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कर्नाटक कांग्रेस नेता के. सी. वीरेंद्र के घर से 12 करोड़ रुपये कैश बरामद किए हैं. कैश के अलावा 6 करोड़ रुपये की ज्वेलरी भी ईडी ने जब्त की है.

ईडी ने चितदुर्गा जिले से कांग्रेस विधायक के. सी. वीरेंद्र और अन्य लोगों के खिलाफ ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी के मामले में केस दर्ज किया था.ईडी ने देशभर में 31 जगहों पर छापेमारी की, जिनमें गंगटोक, चितदुर्गा जिला, बेंगलुरु, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा शामिल हैं, गोवा में पांच कैसिनो- पप्पी’स कैसिनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसिनो, पप्पी’स कैसिनो प्राइड, ओशन 7 कैसिनो और बिग डैडी कैसिनो-पर भी कार्रवाई की गई.

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी कई ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट्स चला रहा था, जिनके नाम King567, Raja567 आदि हैं. इसके अलावा आरोपी का भाई के. सी. थिप्पेस्वामी दुबई से तीन कंपनियां- डायमंड सॉफ्टटेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज-चलाता है. ये कंपनियां कॉल सेंटर सेवाओं और गेमिंग बिजनेस से जुड़ी हुई हैं. वहीं, एक और भाई के.सी. नागराज और उसका बेटा पृथ्वी एन. राज भी इस काम में शामिल बताए जा रहे हैं.

छापेमारी के दौरान ईडी को करीब 12 करोड़ रुपये नकद, जिसमें 1 करोड़ रुपये विदेशी मुद्रा भी शामिल है, लगभग 6 करोड़ रुपये का सोना, 10 किलो चांदी और चार लग्जरी गाड़ियां मिलीं. इसके अलावा 17 बैंक खाते और 2 लॉकर भी फ्रीज कर दिए गए हैं. ईडी को छापों के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूत भी मिले हैं, जिनसे यह साफ हुआ है कि अवैध कमाई को अलग-अलग लेयरिंग के जरिए सफेद दिखाने की कोशिश की जा रही थी.

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में वीरेंद्र अपने साथियों के साथ गंगटोक भी गए थे, जहां वो एक लैंड कैसिनो लीज पर लेने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान ईडी ने उन्हें गंगटोक से गिरफ्तार किया. शनिवार को उन्हें स्थानीय कोर्ट में पेश कर ईडी ने बेंगलुरु कोर्ट ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल कर ली.

NATIONAL :टीवी-फिल्मों में काम का झांसा, एक्ट्रेस बनाने का वादा और ठग लिए 24 लाख… दिल्ली में फर्जी प्रोड्यूसर गैंग का भंडाफोड़

फिल्मों और टीवी सीरियल्स में काम दिलाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये हड़पने वाले ठगों का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस गैंग की महिला सदस्य समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक छात्रा को प्रोड्यूसर और डायरेक्टर बनकर 24 लाख रुपये तक चूना लगाया.

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली और लखनऊ से दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो फिल्म और टीवी सीरियल्स में काम दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठते थे. गिरफ्तार आरोपियों में तरुण शेखर शर्मा और भावना उर्फ आशा सिंह शामिल हैं. ये दोनों खुद को कभी टीवी प्रोड्यूसर, कभी डायरेक्टर और कभी एचआर डायरेक्टर बताकर एक्टिंग के शौकीन लड़के-लड़कियों को जाल में फंसाते थे.

दरअसल, यह मामला डाबड़ी इलाके की एक महिला की शिकायत के बाद सामने आया. शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बेटी एक्टिंग और मॉडलिंग का कोर्स कर रही थी और काम की तलाश में सोशल मीडिया पर एक्टिव थी, तभी उसे एक पेज पर बड़े टीवी चैनल के मशहूर सीरियल में नए कलाकारों की आवश्यकता का विज्ञापन दिखा. जब उसने लिंक पर क्लिक किया तो वह वॉट्सऐप चैट पर पहुंच गई.

वहां एक शख्स ने खुद को डायरेक्टर पीयूष शर्मा बताया, यह भी कहा कि वह एक फेमस टीवी शो में रह चुका है. इसी के साथ लड़की से उसने पोर्टफोलियो मंगवाया. इसके बाद उसने लड़की को एक कथित बड़े प्रोड्यूसर से मिलवाया, जिसने उसका पोर्टफोलियो देखने के बाद एचआर डायरेक्टर का नंबर दिया. इसके बाद पीड़िता से अलग-अलग बहानों से बड़ी रकम मांगी गई. भरोसा इतना गहरा किया गया कि पीड़िता ने करीब 24 लाख रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन जैसे ही पैसे मिल गए, ठगों ने उसे ब्लॉक कर दिया.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने इस मामले की तफ्तीश शुरू की. जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने मनी ट्रेल और टेक्निकल फुटप्रिंट को फॉलो किया तो पुलिस को पता चला कि आरोपी बातचीत करने के लिए सिर्फ वॉट्सएप कॉल करते हैं. कभी मध्यप्रदेश, कभी गुजरात, कभी कर्नाटक तो कभी केरल के प्रीमियम होटलों से बातचीत करते थे, ताकि उनकी असली लोकेशन ट्रेस न हो सके. लगातार कोशिशों के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और लखनऊ व दिल्ली में एक साथ छापा मारकर दोनों को दबोच लिया. पुलिस ने इनके पास से 7 स्मार्टफोन, 10 सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड और 15 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक-पासबुक बरामद किए हैं.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी तरुण और भावना ने यूट्यूब वीडियोज देखकर सीखा था कि लोगों से किस तरह बात करनी है और भरोसा जमाना है. वे एक्टिंग की दुनिया में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवाओं को बड़े प्रोजेक्ट्स और बड़े बैनर का नाम लेकर फंसाते थे. ठगी से मिले पैसों से दोनों देशभर के महंगे होटलों में ठहरते और रईसों जैसी जिंदगी जीते थे. पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में कर ठगी के चार मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन आशंका है कि इन दोनों बंटी बबली ने मिलकर अब तक कई लोगों को सपने दिखाकर ठग चुके हैं.

Ganesh Chaturthi 2025 Date: कब है गणेश चतुर्थी और क्या है गणपति स्थापना का मुहूर्त? नोट करें टाइमिंग

0

इस साल गणेश उत्सव का महापर्व बुधवार, 27 अगस्त से शुरू हो रहा है. गणपति जी स्थापना के लिए मध्याह्न काल को अत्यंत शुभ माना जाता है, इसलिए 27 अगस्त को सुबह 11 बजकर 05 मिनट से लेकर दोपहर 01 बजकर 40 मिनट तक गणपति जी की स्थापना होगी.

इस महापर्व की शुरुआत भादो शुक्ल चतुर्थी को होती है और चतुर्दशी तिथि को गणेश विसर्जन के साथ इसका समापन हो जाता है. यह त्योहार भगवान गणेश को समर्पित है. ऐसा माना जाता है कि इस पवित्र घड़ी में भगवान गणेश धरती पर उतरते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं. इस साल ये पर्व 27 अगस्त से 6 सितंबर तक मनाया जाएगा.

हिंदू पंचांग के अनुसार, भादो शुक्ल चतुर्थी 26 अगस्त को दोपहर 01.54 बजे 27 अगस्त को दोपहर 03.44 बजे तक रहेगी. उदिया तिथि के चलते गणेश चतुर्थी 27 अगस्त को मनाई जाएगी और इसी दिन गणपति जी की स्थापना होगी. चूंकि गणपति स्थापना मध्याह्न काल में शुभ होती है, इसलिए 27 अगस्त को सुबह 11 बजकर 05 मिनट से लेकर दोपहर 01 बजकर 40 मिनट तक गणपति जी की स्थापना होगी.

भगवान गणेश की अलग-अलग मूर्तियां अलग परिणाम देती हैं. पीले और लाल रंग की मूर्ति की उपासना शुभ होती है. नीले रंग के गणेश “उच्छिष्ट गणपति” कहलाते हैं. इनकी उपासना विशेष दशाओं में ही की जाती है. हल्दी से बनी मूर्ति “हरिद्रा गणपति” कहलाती है. यह कुछ विशेष मनोकामनाओं के लिए शुभ मानी जाती है. एकदंत गणपति , श्यामवर्ण के होते हैं. इनकी उपासना से अद्भुत पराक्रम मिलता है. सफेद गणपति को ऋणमोचन कहते हैं. इनकी पूजा से आदमी कर्ज मुक्त होता है.

 

ENTERTAINMENT : 82 साल के अमिताभ बच्चन को हो रही परेशानी, डॉक्टर ने बताई ये एक्सरसाइज

0

अमिताभ बच्चन ने अपने हालिया ब्लॉग में बढ़ती उम्र के साथ आने वाली चुनौतियों और स्वास्थ्य संबंधी अनुभवों को साझा किया है. उन्होंने बताया कि उम्र के साथ शरीर का बैलेंस खोना आम बात है और इसे संभालने के लिए योग, ब्रीदिंग एक्सरसाइज करनी जरूरी हैं. अब उन्हें रोजमर्रा के कामों में ज्यादा सतर्कता बरतनी पड़ती है.

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपने ब्लॉग में लाइफ से जुड़ी बातों को शेयर करते हैं. अपने हालिया व्लॉग में 82 साल के बिग बी ने उम्र संबंधी दिक्कतों और उसकी रियलिटी के बारे में बात की. उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ उन्हें और सतर्क रहना पड़ रहा है.जो काम पहले आसानी से हो जाया करते थे, अब उन्हें करने में ज्यादा मेहनत लगती है. उन्होंने कबूला कि घर में उन्हें अपना बैलेंस बनाए रखने के लिए सहारे (हैंडल बार्स) की जरूरत पड़ती है.

17 अगस्त के ब्लॉग में फैंस संग संडे की मुलाकात खत्म करने के बाद अमिताभ ने बताया कैसे उनका डेली शेड्यूल काम के साथ-साथ दवाइयों और स्वास्थ्य से जुड़े रूटीन पर आधारित हो गया है. वो लिखते हैं- शरीर धीरे-धीरे अपना बैलेंस खो रहा है. उस पर नजर रखने और संभालने की जरूरत पड़ती है. अमिताभ ने योग, ब्रीदिंग एक्सरसाइज के अलावा बॉडी को फ्लेक्सिबल रखने वाली एक्सरसाइज करने पर जोर दिया.

बिग बी ने आगे बताया कैसे जो रूटीन पहले आसान लगते थे, अब बिल्कुल भी आसान नहीं रहे. वो लिखते हैं- मुझे हैरानी होती है जो काम पहले बिना सोचे-समझे किए जाते थे, अब उन्हें करने से पहले दिमाग लगाना पड़ता है. जैसे कि ट्राउजर पहनना. डॉक्टर ने सलाह देते हुए कहा कि प्लीज मिस्टर बच्चन, पहले बैठो, फिर ट्राउजर पहनो. बिल्कुल भी खड़े होकर इसे पहनने की कोशिश ना करें. ऐसा करने से आपका बैलेंस बिगड़ सकता है और आप गिर सकते हैं.

अमिताभ ने ब्लॉग में ये भी बताया कि बढ़ती उम्र की वजह से उन्हें अपनी आदतों में क्या बदलाव करने पड़े हैं. एक्टर ने लिखा- आपको हैंडल बार्स की हर जगह जरूरत पड़ती है ताकि किसी भी फिजीकल काम को करने से पहले आप इसे होल्ड कर बॉडी का बैलेंस बना सकें. इसमें सबसे सिंपल काम है नीचे झुककर गिरे हुए पेपर को उठाना. आपकी हिम्मत तो कहती है आप ये कर लोगे, लेकिन सच्चाई में ये इतना आसान नहीं है. इन छोटे-छोटे कामों को करने की रफ्तार भी अब धीमी हो चुकी है.

अमिताभ ने अपने फैंस को बताया कि भले ही अभी उनका ब्लॉग पढ़कर लोग मुस्कुरा रहे होंगे, सोच रहे होंगे कि वो कैसी बातें करे रहे हैं, लेकिन ऐसा एक दिन हम सभी के साथ होगा. वो दुआ करते हैं ऐसा ना हो, लेकिन बढ़ती उम्र में लोग ऐसी दिक्कतों को झेलते हैं. उनके मुताबिक, यही जिंदगी की हकीकत है. यंग डेज में लोग आसानी और कॉन्फिडेंस के साथ चुनौतियों का सामना करते हैं. लेकिन उम्र बढ़ते ही गाड़ी पर अचानक स्पीड ब्रेकर लग जाता है.

ब्लॉग को खत्म करते हुए बिग बी ने बताया कि इंसान को आगे आने वाली परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार रखना चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि उनके मन में आए ये गंभीर विचार कुछ हद तक उनकी बेटी श्वेता द्वारा सुनाए गए दिव्य मंत्रों से इंस्पायर हैं.

प्रोफेशनल फ्रंट पर अमिताभ की अगली फिल्म सेक्शन 84 है. वो कल्कि 2898 AD के सेकंड पार्ट में भी दिखेंगे. इसके अलावा वो इन दिनों कौन बनेगा करोड़पति 17 को होस्ट कर रहे हैं.

NATIONAL : इस फ्लाईओवर के नीचे 50 हजार पौधे, बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और पार्क… 23 अगस्त को नितिन गडकरी करेंगे ओपनिंग

0

1052 करोड़ रुपये की लागत से बना 6.855 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर है. इसमें रेल मार्ग के ऊपर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज खास है.केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव 23 अगस्त को जबलपुर में मध्य प्रदेश के सबसे बड़े और आधुनिक फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे. यह फ्लाईओवर जबलपुर को बेहतर यातायात व्यवस्था और महानगरीय पहचान देगा. मदनमहल से दमोह नाका तक बना यह फ्लाईओवर शहर के विकास में महत्वपूर्ण कदम होगा.

1052 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 6.855 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर है. इसमें रेल मार्ग के ऊपर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज खास आकर्षण है.इसके अलावा, तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज भी बनाए गए हैं, जिनमें दो रानीताल और एक बलदेवबाग में हैं. ये सभी पुल स्टील से बने हैं और प्रत्येक की लंबाई लगभग 70 मीटर है. यह संरचना आधुनिक इंजीनियरिंग का शानदार नमूना है. फ्लाईओवर के निर्माण में पर्यावरण का विशेष ध्यान रखा गया है. इसके नीचे 50 हजार पौधे लगाए गए हैं, जो शहर को हरा-भरा बनाएंगे और प्रदूषण कम करेंगे.

नागरिकों के लिए फ्लाईओवर के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और बच्चों का पार्क बनाया गया है. यह न केवल यातायात सुविधा देगा, बल्कि सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र भी बनेगा. साथ ही, 10 स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे आवागमन आसान होगा.यह फ्लाईओवर यातायात में बड़ा बदलाव लाएगा. पहले मदनमहल से दमोह नाका तक 40-45 मिनट लगते थे, अब यह दूरी 6-8 मिनट में तय होगी. इससे समय और ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और व्यापार को रफ्तार मिलेगी.

ENTERTAINMENT : ‘डोगेश भाई आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’, आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, रवीना ने कहा ये

0

सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है, जिसमें केवल बीमार और आक्रामक कुत्तों को शेल्टर होम में रखने का निर्देश दिया गया है. इस फैसले का समर्थन बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम और रवीना टंडन ने किया है.

आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने नए फैसले में 11 अगस्त के उस निर्देश में संशोधन किया है, जिसमें दिल्ली के आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें शेल्टर होम में रखने की बात कही गई थी. कोर्ट ने आज, 22 अगस्त को अपने फैसले में कहा कि केवल बीमार और आक्रामक कुत्तों को ही शेल्टर होम में रखा जाएगा.

कोर्ट ने कहा है कि सभी आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में नहीं रखा जाएगा. यहां तक कि जिन कुत्तों को शेल्टर होम में भेजा गया है, उन्हें तुरंत छोड़ा जाएगा. इन कुत्तों को नसबंदी और टीकाकरण के बाद छोड़ दिया जाएगा. जस्टिस विक्रम नाथ की अगुवाई में तीन जजों की पीठ ने ये फैसला सुनाया. इसके साथ ही कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नोटिस भी जारी कर दिया है. कोर्ट ने ये भी कहा कि हर कम्युनिसिपल ब्लॉक में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने के लिए अलग से स्पेस खोले जाएंगे. सिर्फ निर्धारित जगह पर ही कुत्तों को खाना दिया जाएगा. सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों को खाना नहीं खिलाया जाएगा. ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई होगी.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर रवीना टंडन का रिएक्शन सामने आ गया है. उन्होंने खबर को शेयर करते हुए लिखा, ‘डोगेश भाई तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं. सद्बुद्धि की जीत हुई. शुक्रिया सुप्रीम कोर्ट और सीजेआई. अब कृपया ध्यान दें कि नसबंदी और टीकाकरण की प्रक्रिया ठीक से पूरी हो.’

सुप्रीम कोर्ट के नए फैसले से डॉग लवर्स सहित बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम ने राहत की सांस ली है. जॉन ने कोर्ट के फैसले का स्वागत किया. जॉन अब्राहम ने कहा, ‘सद्बुद्धि की जीत हुई है… सही दिशा में पहला कदम. आने वाले महीनों में इस मामले पर सुनवाई होनी बाकी है. इसलिए बस उम्मीद ही की जा सकती है. हालांकि कुत्तों को खाना खिलाना बहुत जरूरी है. बेशक जिम्मेदारी से.’

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कुत्तों को जहां से उठाया गया है, उन्हें उसी जगह रिलोकेट किया जाएगा. हर वॉर्ड में कुत्तों को खाना खिलाने के लिए फीडिंग जोन बनाए जाएंगे. इसके लिए एनजीओ को 25000 रुपये की धनराशि दी जाएगी.सार्वजनिक जगहों पर कुत्तों को खाना खिलाने पर मनाही है. यूं ही किसी भी जगह कुत्तों को खाना खिलाने से समस्या होती है. ऐसे में इन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के लिए हेल्पलाइन शुरू की जाएगी. इसके साथ ही कोर्ट ने ये भी कहा कि एनिमल लवर्स आवारा कुत्तों को अडॉप्ट करने के लिए एप्लिकेशन डाल सकते हैं. ये जिम्मेदारी उनकी होगी कि एक बार गोद लिए गए कुत्ते को दोबारा सड़कों पर न छोड़ा जाए.

- Advertisement -