Friday, June 26, 2026
Home Blog Page 59

NATIONAL : 48 घंटे में दो पायलटों की हार्ट अटैक से मौत:एसोसिएशन का DGCA को पत्र- थकान से सुरक्षा को खतरा,

0

दो पायलट्स की हार्ट अटैक से मौत के बाद देश में कॉमर्शियल पायलट्स की थकान और उनके ड्यूटी के घंटों को लेकर विवाद बढ़ गया है।

द एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को पत्र लिखकर फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों को पूरी तरह सख्ती से लागू करने की मांग की है।

एसोसिएशन ने बताया कि पायलट्स का कहना है कि एयरलाइंस को नियमों में बार-बार दी जा रही छूट सुरक्षा और क्रू की सेहत के साथ समझौता है।

दो पायलट्स की मौत ने बढ़ाई चिंता

पायलट्स एसोसिएशन ने DGCA प्रमुख वीर विक्रम यादव और नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा को लिखे लेटर में बताया कि, बाली (इंडोनेशिया) में 29 अप्रैल को रेस्ट पीरियड के दौरान एअर इंडिया के एक पायलट की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्होंने 28 अप्रैल को दिल्ली से बाली की फ्लाइट ऑपरेट की थी।

वहीं, 30 अप्रैल को बेंगलुरु में ट्रेनिंग सेशन के दौरान अकासा एयर के एक पायलट (उम्र 40-45 साल) की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। एसोसिएशन का कहना है कि 45 साल से कम उम्र के पायलट्स की ये मौतें काम के बढ़ते दबाव और थकान की ओर इशारा करती हैं।

पायलट्स को 48 घंटे का वीकली रेस्ट मिलना अनिवार्य

एसोसिएशन के प्रेसिडेंट कैप्टन सैम थॉमस ने पत्र में बताया कि एयरलाइंस को दी जा रही अस्थायी छूट अब ‘नॉर्म’ बन गई है। इससे FDTL नियमों का मूल उद्देश्य ही खत्म हो गया है।

पायलटों ने मांग की है कि इन छूटों को वापस लेने के लिए एक स्पष्ट टाइमलाइन तय की जाए। नियमों के मुताबिक, पायलट्स को 48 घंटे का ‘वीकली रेस्ट’ मिलना अनिवार्य है, लेकिन एयरलाइंस अक्सर ऑपरेशनल दिक्कतों का हवाला देकर इससे बचती हैं।

एअर इंडिया और इंडिगो को मिली है विशेष राहत

हाल ही में एयर इंडिया को लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विशेष छूट दी गई थी। एयरलाइन ने तर्क दिया था कि पाकिस्तान और पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र बंद होने की वजह से विमानों को अमेरिका और यूरोप जाने में ज्यादा समय लग रहा है।

वहीं, दिसंबर 2025 में इंडिगो ने नियमों के चलते भारी संख्या में उड़ानें रद्द की थीं, जिसके बाद उसे 10 फरवरी तक की मोहलत दी गई थी। पायलट्स का कहना है कि ऐसी ‘सिलेक्टिव’ राहत कमर्शियल हितों को बढ़ावा देती है, सुरक्षा को नहीं।

थकान की रिपोर्टिंग पर एयरलाइंस का रवैया सुस्त

एसोसिएशन ने RTI के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि एयरलाइंस द्वारा थकान की रिपोर्ट स्वीकार करने की दर बहुत कम है। पायलट्स का आरोप है कि कंपनियां थकान की रिपोर्टिंग को हतोत्साहित करती हैं।

मांग की गई है कि एयरलाइंस द्वारा जमा किए जाने वाले तिमाही थकान डेटा को सार्वजनिक किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

भारत को 30 हजार पायलट्स की जरूरत, अभी सिर्फ 25 हजार

फरवरी में संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, भारत में 65 साल से कम उम्र के 25,001 लाइसेंस प्राप्त पायलट हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के मुताबिक, एयरबस और बोइंग को दिए गए 1,700 विमानों के ऑर्डर को देखते हुए भारत को जल्द ही 30,000 पायलट्स की जरूरत होगी।

वर्तमान में इंडिगो के पास सबसे ज्यादा 5,455 और एअर इंडिया के पास 3,432 पायलट हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि पायलट्स की कमी की भरपाई मौजूदा स्टाफ से ज्यादा काम कराकर की जा रही है, जो जोखिम भरा है।

NATIONAL : सिलिंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस आक्रामक: कहा- फिर चला महंगाई का चाबुक; राहुल बोले- अगला वार पेट्रोल-डीजल पर

0

व्यवसायिक सिलिंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने व्यवसायिक सिलिंडर की कीमतों में उछाल के मुद्दे पर सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा, ‘महंगाई मैन मोदी’ का चाबुक फिर चला। आज कमर्शियल सिलिंडर 993 रुपए महंगा हुआ। मोदी ने पिछले 4 महीने में कमर्शियल सिलिंडर के दाम इस तरह बढ़ाए।’कांग्रेस ने कहा, ‘कमर्शियल सिलिंडर सिर्फ 4 महीने में 1,518 रुपए महंगा हो गया। अभी साल के 8 महीने बाकी हैं। मोदी की वसूली जारी है…। मोदी सरकार सिर्फ वसूली करना जानती है। अब 5 किलो वाला छोटू सिलिंडर भी महंगा कर दिया। पहले आधार कार्ड पर सिलिंडर बांटे, फिर उसका दाम बढ़ा दिया। ये बड़े चालबाज लोग हैं।’

राहुल गांधी बोले- आपकी थाली पर भी पड़ेगा असर
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कमर्शियल सिलिंडर के दाम बढ़ने पर सरकार को आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में लिखा, ‘कह दिया था- चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। आज कमर्शियल गैस सिलिंडर 993 रुपये महंगा। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है। फरवरी से अब तक 1380 रुपये की बढ़ोतरी हुई और सिर्फ 3 महीनों में 81 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। चायवाला, ढाबा, होटल और बेकरी, हलवाई- हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीजल पर।’

घरेलू गैस की कीमतों में नहीं हुआ कोई बदलाव
कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में एक मई से बड़ा इजाफा हुआ है। अब दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर की कीमत 993 रुपये बढ़कर 3071.50 रुपये हो गई है। हालांकि घरेलू सिलिंडर की कीमतों में कोई इजाफा नहीं हुआ है और घरेलू गैस का 14.2 किलो का सिलिंडर दिल्ली में 913 रुपये का ही मिल रहा है। 

ऑयल मार्केटिंग कंपनियां आमतौर पर हर महीने की शुरुआत में एलपीजी की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पश्चिम एशिया संकट के चलते मई से एलपीजी की कीमतों में वृद्धि की आशंका थी। होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी होने के चलते दुनियाभर में 20 प्रतिशत तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका असर तेल और गैस की कीमतों पर पड़ रहा है। बीते महीने घरेलू गैस के सिलिंडर पर भी 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। साथ ही कमर्शियल सिलिंडर पर भी 196 रुपये बढ़े थे। वहीं मार्च में भी 114 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। 

अलग-अलग महानगरों में कितने का मिलेगा कमर्शियल सिलिंडर?
शहरवार कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों की बात करें तो दिल्ली में इसकी कीमत 3071 रुपये हो गई है, जो पहले 2078 रुपये थे। कोलकाता में अब कमर्शियल सिलिंडर 3202 रुपये का मिलेगा, जो पहले 2208 रुपये का मिलता था। देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में अब 19 किलो का कमर्शियल सिलिंडर 3024 रुपये का मिलेगा और चेन्नई में 3237 रुपये का। 

NATIONAL : कमर्शियल के बाद अब घरेलू रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल के बढ़ सकते हैं दाम, जानें क्या है वजह

0

कमर्शियल सिलिंडर 993 रुपये महंगा हो गया। लेकिन, रसोई गैस सिलिंडर और पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े। पहली नजर में यह राहत लगती है, लेकिन असली कहानी रोके हुए दबाव की है। बाजार में पेट्रोलियम उत्पादों की लागत बढ़ चुकी है और तेल कंपनियों पर नुकसान का बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार के सामने बड़ी चुनौती है कि आम उपभोक्ता को कब तक बचाया जा सकता है?

दिक्कत यह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार और घरेलू कीमतों के बीच का अंतर अब बड़ा हो गया है। रेटिंग एजेंसी इक्रा के मुताबिक, अगर कच्चा तेल 120-125 डॉलर प्रति बैरल के दायरे में रहता है, तो पेट्रोल पर तेल कंपनियों का मार्केटिंग मार्जिन करीब 14 रुपये और डीजल पर 18 रुपये प्रति लीटर निगेटिव है। घरेलू एलपीजी पर भी दबाव तेज है। एजेंसी का अनुमान है कि मौजूदा अंडर-रिकवरी बनी रही, तो वित्त वर्ष 2026-27 में घरेलू एलपीजी पर तेल कंपनियों की अंडर-रिकवरी 80,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

यही आंकड़ा सरकार की मुश्किल बताता है। 2026-27 के बजट में एलपीजी सब्सिडी के लिए 11,085 करोड़ का प्रावधान है। इसमें गरीब परिवारों के एलपीजी कनेक्शन के लिए 9,200 करोड़ और पहल के तहत डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के लिए 1,500 करोड़ रुपये शामिल हैं। अगर एलपीजी अंडर-रिकवरी 80,000 करोड़ के आसपास जाती है, तो यह मौजूदा बजट प्रावधान से कई गुना बड़ा बोझ होगा।

सरकार ने पहले भी की है भरपाई: यह पहली बार नहीं है, जब ग्राहकों को बचाने की कीमत तेल कंपनियों ने चुकाई है। अगस्त, 2025 में कैबिनेट ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को घरेलू एलपीजी पर नुकसान की भरपाई के लिए 30,000 करोड़ की क्षतिपूर्ति मंजूर की थी।

दबाव सिर्फ कंपनियों तक सीमित नहीं: दबाव सिर्फ तेल कंपनियों तक सीमित नहीं है। इक्रा ने 2026-27 में उर्वरक सब्सिडी 2.05 से 2.25 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान लगाया है, जबकि बजट में 1.71 लाख करोड़ का प्रावधान है। यानी महंगी ऊर्जा का असर सरकारी खर्च, कंपनी मार्जिन और जनता की जेब…तीनों पर पड़ रहा है।

सरकार के पास तीन रास्ते
पेट्रोल-डीजल में भी कहानी ऐसी ही है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, निकट भविष्य में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। खुदरा कीमतें अप्रैल, 2022 से लगभग स्थिर हैं। इस बीच, कच्चा तेल इस सप्ताह 126 डॉलर प्रति बैरल तक गया और नरमी के बाद भी 110 डॉलर से ऊपर रहा। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये लीटर और डीजल 87.67 रुपये लीटर पर है। सरकार के पास अब तीन रास्ते हैं-
पहला : तेल कंपनियों को नुकसान उठाने दिया जाए।
दूसरा : बजट से फिर क्षतिपूर्ति दी जाए।
तीसरा : कीमतें धीरे-धीरे बढ़ाई जाएं।

पहले रास्ते से तेल विपणन कंपनियों की बैलेंसशीट कमजोर होगी। दूसरे से राजकोषीय बोझ बढ़ेगा और तीसरे से आम आदमी पर महंगाई का असर पड़ेगा।

SPORTS : IPL का बदला गणित, चौथी जीत के बाद दिल्ली 6 नंबर पर आई, चेन्नई-मुंबई प्लेऑफ रेस में बने रहने के लिए खेलेंगी

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स ने लगातार तीन हार के बाद शानदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने 226 रन का बड़ा लक्ष्य 19.1 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 225 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरते हुए मैच को पूरी तरह अपने कब्जे में कर लिया। टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो केएल राहुल रहे, जिन्होंने 40 गेंदों में 75 रन की विस्फोटक पारी खेली। राहुल की इस पारी में कई शानदार चौके और छक्के शामिल रहे। लगातार हार से परेशान दिल्ली के लिए यह जीत काफी राहत देने वाली मानी जा रही है और इससे टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

केएल राहुल ने छीनी ऑरेंज कैप, दिल्ली को मिला बड़ा फायदा

केएल राहुल की शानदार बल्लेबाजी का असर अब ऑरेंज कैप की रेस में भी दिखाई दिया है। राहुल 9 मैचों में 433 रन बनाकर इस सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसी के साथ उन्होंने ऑरेंज कैप पर कब्जा जमा लिया। दूसरी तरफ राजस्थान के वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए और टॉप-3 बल्लेबाजों की सूची से बाहर हो गए। इस जीत से दिल्ली कैपिटल्स को पॉइंट्स टेबल में एक स्थान का फायदा मिला है। टीम अब 8 अंकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गई है। दिल्ली ने अब तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 4 जीत और 5 हार मिली है। वहीं राजस्थान रॉयल्स को हार के बावजूद ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। टीम 10 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ 12 अंकों पर चौथे स्थान पर बनी हुई है।

पर्पल कैप की रेस भी हुई दिलचस्प, आज चेन्नई-मुंबई की टक्कर

राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने इस मुकाबले में एक विकेट हासिल किया। इसके साथ ही उनके इस सीजन में 15 विकेट हो गए हैं और वे पर्पल कैप की रेस में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने हैदराबाद के ईशान मलिंगा को पीछे छोड़ दिया। अब शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मुकाबले पर सभी की नजरें टिकी हैं। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। चेन्नई ने अब तक 8 में से सिर्फ 3 मुकाबले जीते हैं, जबकि मुंबई 8 मैचों में केवल 2 जीत दर्ज कर सकी है। ऐसे में प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए दोनों टीमों को हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। एक और हार दोनों टीमों की राह मुश्किल कर सकती है और उन्हें दूसरे नतीजों पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

NATIONAL : बेंगलुरु में जनगणना के लिए पहुंची महिला कर्मचारी से बदसलूकी:जरूरी जानकारी देने से भी इनकार किया, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

0

बेंगलुरु में नेशनल जनगणना के काम के दौरान एक महिला अधिकारी के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसने महिला कर्मचारी को गाली दी और काम करने से रोका।

पुलिस ने बताया कि घटना 30 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे की है। महिला एन्यूमरेटर जनगणना के काम के लिए टी दसरहल्ली इलाके के मल्लासंद्रा में एक घर पर गई थीं। उसी दौरान आरोपी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

कर्मचारी से गाली-गलौज की

शिकायत जनगणना सुपरवाइजरी ऑफिसर योगेश ओ जी ने दर्ज कराई है। उनके मुताबिक आनंद मुनियप्पा नाम के व्यक्ति ने जनगणना का काम रोकने की कोशिश की और महिला कर्मचारी से गाली-गलौज की। FIR में कहा गया है कि उसने जरूरी जानकारी देने से भी इनकार कर दिया।

इसी के साथ आरोपी ने महिला अधिकारी को उनकी ड्यूटी करने से भी रोका। पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और जनगणना अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

बागलगुंटे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, बेंगलुरु नॉर्थ सिटी कॉर्पोरेशन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना के काम में सहयोग करें, ताकि यह प्रक्रिया सही तरीके से पूरी हो सके।

जनगणना 2027 का पहला फेज आज (1 अप्रैल) से शुरू हो गया है। यह 30 सितंबर 2026 तक चलेगा।

NATIONAL : देश को जल्द मिलेंगी हाइपरसोनिक मिसाइलें:सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइलों से दोगुनी होगी रफ्तार; कोई डिफेंस सिस्टम नहीं रोक पाएगा

0

भारत ने युद्धों की बदलती रणनीति को देखते हुए अत्याधुनिक ‘हाइपरसोनिक’ मिसाइल तकनीक पर काम तेज कर दिया है। डीआरडीओ प्रमुख समीर वी. कामत ने एक कार्यक्रम में बताया है कि देश जल्द ‘हाइपरसोनिक ग्लाइड मिसाइल’ और ‘हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइल’ से लैस होगा।

इनकी रफ्तार सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल से दोगुनी होगी। इसकी खासियतों की वजह से दुनिया का कोई डिफेंस सिस्टम इन्हें रोक नहीं पाएगा। डीआरडीओ प्रमुख के अनुसार, ग्लाइड मिसाइल का पहला परीक्षण जल्द संभव है।

स्क्रैमजेट इंजन पर आधारित क्रूज मिसाइल को लेकर भी बड़ी कामयाबी मिली है। हाल ही में स्क्रैमजेट प्रोपल्शन का 1,000 सेकंड से ज्यादा समय तक परीक्षण सफल रहा है। औपचारिक मंजूरी मिलने के 5 साल में इस मिसाइल प्रणाली को सेना के बेड़े में शामिल करने का लक्ष्य है। भारत एंटी-शिप मिसाइल भी विकसित कर रहा है। यह मिसाइल ब्रह्मोस की तुलना में और ज्यादा तेज होगी। इसके तीसरे चरण का परीक्षण इसी महीने किया जाना है।

चीन-रूस इस तकनीक में आगे

रूस के पास ‘जिरकॉन’ और ‘किंजल’ हाइपरसोनिक मिसाइलें हैं। चीन के पास ‘डीएफ-जेडएफ’ है, जो तैनात की जा चुकी हैं। वहीं, अमेरिका इस तकनीक में थोड़ा पीछ रह गया है। अमेरिका के पास टॉमहॉक तकनीक की ‘सुपरसोनिक’ मिसाइलें हैं। लेकिन हाल के सालों में हाइपरसोनिक प्रोजेक्ट्स जैसे एजीएम-183 एआरआरडब्ल्यू असफल रहे हैं।

अग्नि-6: सरकार की हरी झंडी मिलते ही काम शुरू

डीआरडीओ प्रमुख ने स्पष्ट किया कि अग्नि-6 मिसाइल कार्यक्रम के लिए तकनीकी रूप से टीम पूरी तरह तैयार है। जैसे ही सरकार से हरी झंडी मिलेगी, हम इस पर काम शुरू कर देंगे।

यह अग्नि सीरीज की सबसे आधुनिक ‘इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल’ होगी। माना जा रहा है कि इसकी मारक क्षमता 10,000 से 12,000 किलोमीटर तक हो सकती है। यह मिसाइल एक साथ कई परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम होगी, जिससे यह एक साथ कई लक्ष्यों को निशाना बना सकेगी।

NATIONAL : बीजेपी विधायक से मारपीट मामले में आया बड़ा अपडेट, तीनों आरोपियों को कोर्ट से मिली जमानत

0

श्रीगंगानगर। विधायक जयदीप बिहाणी पर कथित हमले के बाद शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किए गए तीनों अधिकारियों को शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट से जमानत मिल गई। अदालत ने प्रत्येक आरोपी को 30-30 हजार रुपए के बंधपत्र और समान राशि के मुचलके पर रिहा करने के आदेश दिए।

जवाहरनगर सीआई देवेन्द्र सिंह के अनुसार, घटना के दौरान आरयूआईडीपी के सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा, ठेका कंपनी एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज हुसैन और इंजीनियर सोहम परमार को गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपियों को शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत प्रदान की गई।

कोर्ट में रो पड़ीं इंजीनियर की पत्नी

अदालत ने सुनवाई के दौरान तीनों आरोपियों के मेडिकल परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। इस बीच एईएन जगनलाल बैरवा के परिजन सवाई माधोपुर से श्रीगंगानगर पहुंचे और जमानत की प्रक्रिया पूरी की। कोर्ट परिसर में उस समय भावुक माहौल देखने को मिला, जब बैरवा की पत्नी अपने पति की स्थिति देखकर रो पड़ीं। वहां मौजूद परिजनों और परिचितों ने उन्हें संभाला।एलएंडटी के खिलाफ लामबंद हुए पुराने ठेकेदार

इधर, एलएंडटी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अब पुराने सब ठेकेदार लामबंद हो गए हैं। इन ठेकेदारों ने विधायक बिहाणी को पिछले तीन सालों में पाइप लाइन बिछाने के दौरान हुई धांधली के बारे में फीडबैक दिया है। इन ठेकेदारों का कहना था कि एलएंडटी के जिम्मेदार अधिकारियों ने अपने रिश्तेदारों को यहां बुलाकर सब ठेकेदार बनाकर निर्माण सामग्री के सप्लायर के रूप में काम दिया। इसके एवज में मोटी रकम कंपनी से वसूल कर ली।

एईएन के बयान पर बिहाणी का कटाक्ष

आरयूआईडीपी के एईएन बैरवा के बयान पर बिहाणी ने कटाक्ष किया। बिहाणी का कहना था बैरवा को जब पुलिस विधायक सेवा केन्द्र से लेने आई तब खुद जूते पहनकर जीप में बैठे, तब अंगूठे पर चोट नहीं थी। उस समय शरीर पर कपड़े भी फटे नहीं थे, लेकिन जमानत मिलते ही यह नौटंकी किस आधार पर की जा रही है। बिहाणी के मुताबिक जब तीनों अफसर एक साथ थे लेकिन बयानबाजी में अकेले एईएन ही सार्वजनिक क्यों हुए, बाकी कहां गए।

RASHIFAL : आज का राशिफल

मेष
आज का दिन आपके लिए सकारात्मक ऊर्जा लेकर आएगा। कार्यक्षेत्र में आपके प्रयास सफल होंगे और वरिष्ठों का सहयोग मिलेगा। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च से बचें। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

वृषभ
आज आपको आर्थिक लाभ के अच्छे संकेत मिल रहे हैं। नौकरी और व्यापार में प्रगति होगी। किसी पुराने मित्र या रिश्तेदार से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी। निवेश के लिए दिन अनुकूल है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा।

मिथुन
आज का दिन थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है। काम में ध्यान और धैर्य बनाए रखें। किसी बात को लेकर मानसिक तनाव हो सकता है। किसी पर आंख बंद करके भरोसा न करें। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

कर्क
आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा और कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। सेहत भी अच्छी रहेगी।

सिंह
आज आपको अपने कार्यों में सफलता मिलेगी। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। नई जिम्मेदारियाँ मिल सकती हैं, जिन्हें आप अच्छे से निभाएंगे। परिवार का सहयोग मिलेगा। धन लाभ के योग बन रहे हैं।

कन्या
आज का दिन आपके लिए लाभदायक रहेगा। व्यापार में वृद्धि होगी और नौकरी में तरक्की के अवसर मिल सकते हैं। यात्रा के योग बन रहे हैं। परिवार के साथ समय अच्छा बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

तुला
आज आपको संतुलन बनाकर चलने की आवश्यकता है। रिश्तों में मधुरता बनाए रखें। खर्चों में वृद्धि हो सकती है, इसलिए सोच-समझकर खर्च करें। कार्यक्षेत्र में सावधानी बरतें।

वृश्चिक
आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे और सफलता मिलेगी। धन लाभ के अच्छे योग हैं। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा।

धनु
आज आप नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। परिवार का सहयोग मिलेगा। यात्रा के योग बन सकते हैं। आत्मविश्वास बढ़ेगा।

मकर
आज का दिन थोड़ा सावधानी भरा रह सकता है। किसी भी कार्य में जल्दबाजी न करें। कार्यक्षेत्र में चुनौतियाँ आ सकती हैं, लेकिन धैर्य से काम लें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

कुंभ
आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। मित्रों और परिवार का सहयोग मिलेगा। मन प्रसन्न रहेगा। कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

मीन
आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यों में मेहनत अधिक करनी पड़ेगी। धैर्य और संयम बनाए रखें। परिवार का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

BUSINESS : कैमरा और सेंसर से ऑटोमेटिक कटेगा टोल, शुरू हुआ भारत का पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो टोल

टोल पर लगने वाले जाम से जल्द ही आपको निजात मिलने वाली है. भारत में पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो टोल सिस्टम शुरू कर दिया गया है. इस टोल पर वाहनों को रुकने की जरूरत नहीं होगी. बल्कि यहां लगे कैमरा और सेंसर ऑटोमेटिक आपके फास्टैग से टोल को काट लेंगे. आइए जानते हैं ये पूरी प्रक्रिया किस तरह से काम करेगी.

भारत ने मॉडर्न हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बढ़ते हुए एक बड़ा कदम उठाया है. देश का पहला मल्टीलेन फ्री फ्लो (MLFF) बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम लॉन्च कर दिया गया है. इसकी जानकारी रोड ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके दी है. उन्होंने लिखा, ‘देश के लिए ये ऐलान करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि भारत का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) बैरियर-लेस टोलिंग सिस्टम आज गुजरात में NH-48 के सूरत–भरूच सेक्शन पर स्थित चोरयासी टोल प्लाजा पर शुरू किया गया है.’

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ये एडवांस सिस्टम वाहनों को बिना रुके टोल भुगतान की सुविधा प्रदान करती है. इसमें ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) और FASTag जैसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है.

चोरयासी टोल प्लाजा पर शुरू हुआ ये MLFF सिस्टम ऑटोमेटिक काम करेगा. ये सिस्टम वाहनों को पहचानने और उनका टोल चार्ज वसूलने का काम रियलटाइम में करेगा. यहां पारंपरिक टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है और टोल धीरे-धीरे कटता है. वहीं मल्टीलेन फ्री फ्लो बैरियर लेस टोलिंग सिस्टम एडवांस सेंसर और कैमरा की मदद से प्रक्रिया को पूरी करता है.

ये स्ट्रक्चर वाहनों को स्कैन करके उनके टोल की वसूली करता है. ये पूरा सिस्टम रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) और ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन का मिला हुआ रूप है. इस सिस्टम में लगे सेंसर गुजरने वाली गाड़ियों के फास्टैग स्टिकर को स्कैन करते हैं और उस फास्टैग से लिंक्ड अकाउंट से टोल का राशि काट ली जाएगी.

ऐसे व्हीकल जिन पर फास्टैग नहीं लगा होगा, उनके लिए भी व्यवस्था है. हाई रेज्योलूशन कैमरा उस गाड़ी के नंबर प्लेट को स्कैन करके डिटेल निकाल लेगी और फिर डिजिटल इनवाइज जारी किया जाएगा. इस रकम को बाद में फाइन के जरिए वसूला जा सकता है. इस पूरी प्रक्रिया में सेंसर और कैमरा जो डेटा कैप्चर करेंगे, उसे सेंट्रल प्रॉसेसिंग सिस्टम को भेजा जाएगा. ये सिस्टम व्हीकल की आइडेंटिटी को वेरिफाई करेगा, टोल की गणना करेगा और कुछ ही सेकंड में ट्रांजेक्शन को पूरा करेगा.

नितिन गडकरी ने लिखा, ‘MLFF की शुरुआत टोलिंग सिस्टम के डिजिटलीकरण और राष्ट्रीय राजमार्गों के बुनियादी ढांचे को वैश्विक स्तर तक आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. ये सिस्टम यात्रा समय को कम करेगा, जाम की समस्या को घटाएगा, ईंधन की बचत करेगा, वाहन उत्सर्जन को कम करेगा और टोल संचालन में मानवीय हस्तक्षेप को न्यूनतम बनाएगा.’

‘बैरियर-लेस टोलिंग से नागरिकों के लिए ईज ऑफ लिविंग में सुधार होगा. वहीं माल और लॉजिस्टिक्स की तेज और कुशल आवाजाही के माध्यम से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी मजबूती मिलेगी.’

VASTU : घर के मेन गेट पर टांग दें ये सफेद चीज, पैसा खुद खिंचा चला आएगा!

Vastu Upay: घर के मेन गेट पर फिटकरी टांगने का आसान वास्तु उपाय जानें. जानिए कैसे यह सस्ता उपाय नकारात्मक ऊर्जा दूर कर धन, सुख और समृद्धि को आकर्षित करने में मदद कर सकता है.

वास्तु शास्त्र में घर का मुख्य द्वार सिर्फ एक एंट्री पॉइंट नहीं, बल्कि ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है. यही वह जगह है जहां से सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की ऊर्जा घर में प्रवेश करती है. ऐसे में अगर यहां सही उपाय किए जाएं, तो जीवन में सुख-समृद्धि और तरक्की के रास्ते खुल सकते हैं.

फिटकरी का आसान उपाय
अगर घर में लगातार तनाव, पैसों की कमी या नकारात्मकता महसूस हो रही है, तो एक छोटा सा उपाय आपकी मदद कर सकता है. वास्तु के अनुसार मुख्य द्वार पर फिटकरी टांगना बेहद प्रभावी माना जाता है. यह एक सस्ता और आसान उपाय है, जिसे कोई भी कर सकता है.

कैसे करती है काम?
फिटकरी को वास्तु में एक शक्तिशाली क्लींजर माना गया है. मान्यता है कि यह आसपास की नकारात्मक ऊर्जा को सोख लेती है, यह माहौल को संतुलित और शुद्ध बनाती है. इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है . मानसिक शांति भी मिलती है.

ऐसा माना जाता है कि जब घर का वातावरण सकारात्मक होता है, तो मां लक्ष्मी का वास भी वहीं होता है, मुख्य द्वार पर फिटकरी लगाने से नकारात्मकता दूर होती है, जिससे आर्थिक परेशानियां कम हो सकती हैं. इससे धन-समृद्धि के योग बनते हैं.

सही तरीका?
इस उपाय को करने के लिए फिटकरी का छोटा टुकड़ा लेकर उसे कपड़े में बांध लें, घर के मुख्य द्वार के ऊपर टांग दें. ध्यान रखें कि इसे हर 15–20 दिन में बदलते रहें, क्योंकि समय के साथ यह नकारात्मक ऊर्जा को सोख लेती है. पुरानी फिटकरी को बहते पानी में प्रवाहित करना शुभ माना जाता है.

ध्यान रखें ये बातें
फिटकरी का इस्तेमाल हमेशा सही तरीके से करें, क्योंकि गलत जगह रखने पर इसका असर कम हो सकता है. यह उपाय मान्यताओं पर आधारित है, इसलिए इसे अपनाने से पहले अपनी समझ और जरूरत के अनुसार निर्णय लेना जरूरी है.

- Advertisement -

News of the Day