Thursday, June 25, 2026
Home Blog Page 639

NATIONAL : संभल हिंसा के 180 दिन: बदल गया जिले का नक्शा, मंदिर खुले, प्रतिमाएं लगीं और बनीं नई चौकियां

0

संभल स्थित जामा मस्जिद में पिछले साल 24 नवंबर 2024 को सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी. हालांकि हिंसा के 180 दिन बाद स्थिति अब पहले से समान्य हो चुकी है.

संभल में बीते 180 दिन पहले जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर शुरू हुई हिंसा के बाद अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. जहां कभी तनाव का माहौल था, अब वहां विकास और धार्मिक गतिविधियों की चहलकदमी दिखने लगी है. इन छह महीनों में जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं, वहीं मंदिरों के कपाट भी खुले हैं और कई ऐतिहासिक मूर्तियों की स्थापना की योजना पर काम तेज़ी से चल रहा है.

14 दिसंबर 2024 को, हिंसा के 22 दिन बाद, शहर से लगभग एक किलोमीटर दूर प्राचीन श्री कार्तिकेय महादेव मंदिर के कपाट जनता के लिए खोल दिए गए. यह मंदिर लंबे समय से बंद था और एक चारदीवारी से घिरा हुआ था, जिसे अब हटाया जा चुका है. मंदिर की साफ-सफाई खुद जिले के एएसपी श्रीश्चंद्र और सीओ अनुज चौधरी ने की थी. इसके बाद यहां शिवरात्रि, होली और नवरात्रि जैसे पर्वों पर पूजा और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ. मंदिर को भगवा रंग में रंगा गया है और सुरक्षा के लिहाज़ से पीएसी व पुलिस बल के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर धार्मिक गतिविधियों को बल मिला है.

इसके साथ ही, संभल के चंदौसी चौराहे पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगाने के लिए चौड़ीकरण का काम शुरू हो चुका है. शंकर कॉलेज चौराहे पर भगवान परशुराम की और मनोकामना मंदिर स्थित सद्भावना पार्क में माता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियां लगाने की योजना है. वहीं, नखासा-हिंदूपुरा खेड़ा में भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और ठेर मोहल्ला के अटल बाल उद्यान पार्क में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी.

इन स्थानों की दूरी जामा मस्जिद से अधिकतम ढाई किलोमीटर के दायरे में है. यानी शहर के भीतर ही एक नया धार्मिक-सांस्कृतिक नक्शा तैयार किया जा रहा है. सुरक्षा के लिहाज से सत्यव्रत पुलिस चौकी को दो मंजिला बनाकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. चौकी में हर वक्त पुलिस तैनात रहती है.

इस दौरान पुलिस अधिकारियों में तबादले भी हुए. ‘52 जुम्मे होली एक बार’ वाले बयान को लेकर चर्चा में आए सीओ अनुज चौधरी का कार्यक्षेत्र बदला गया और उन्हें चंदौसी भेजा गया. इस बयान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी समर्थन मिला था. वहीं, एएसपी श्रीश्चंद्र, जिन्होंने मंदिर की सफाई की थी, उन्हें अब इटावा देहात भेज दिया गया है.

संभल जिले में पिछले कुछ वर्षों से सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील माहौल रहा है. नवंबर 2024 में जामा मस्जिद परिसर के सर्वे के दौरान हुए विरोध-प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया था. इसी के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा के इंतज़ाम बढ़ा दिए और धार्मिक स्थलों को लेकर कड़े फैसले लिए. सरकार की नीति रही है कि सभी धर्मों को स्वतंत्र रूप से अपनी आस्था का पालन करने का अधिकार है, लेकिन शांति व्यवस्था सर्वोपरि है. अब संभल में धार्मिक सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ-साथ शहर को ऐतिहासिक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं.

 

NATIONAL : 227 लोगों की जान खतरे में थी, लेकिन पाकिस्तान ने… DGCA ने बताया टर्बुलेंस में फंसे इंडिगो प्लेन के साथ क्या-क्या हुआ था

0

नई दिल्ली से श्रीनगर जा रही इस फ्लाइट ने 21 मई की शाम 6.30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग की. हालांकि विमान का अगला हिस्सा (रेडोम) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. इस विमान में क्रू मेम्बर्स सहित कुल 227 लोग सवार थे, जिनमें तृणमूल कांग्रेस के 5 सांसद भी शामिल थे.

दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट 21 मई को ओलावृष्टि के कारण भीषण टर्बुलेंस (हवा में झटकों) की चपेट में आ गई थी. पायलट ने पहले भारतीय वायु सेना के अधीन आने वाले नॉर्दर्न एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और प्लेन को ओलावृष्टि और तूफान से बचाने के लिए अपना मार्ग बदलकर पाकिस्तान की ओर जाने की अनुमति मांगी. इसके बाद पायलट ने लाहौर एटीसी से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की परमिशन मांगी थी. डीजीसीए के एक बयान के अनुसार, इंडिगो फ्लाइट के पायलट के दोनों अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया गया, जिसके कारण तूफान और ओलावृष्टि के बीच ही विमान (6ई-2142) की श्रीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी.

नई दिल्ली से श्रीनगर जा रही इस फ्लाइट ने 21 मई की शाम 6.30 बजे श्रीनगर एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग की. हालांकि विमान का अगला हिस्सा (रेडोम) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. इस विमान में क्रू मेम्बर्स सहित कुल 227 लोग सवार थे, जिनमें तृणमूल कांग्रेस के 5 सांसद भी शामिल थे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ए321 नियो विमान को तूफान के बीच झटके खाते हुए देखा जा सकता है. बता दें कि 21 मई की शाम उत्तर भारत में मौसम अचानक खराब हो गया था और 70 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से आंधी चली, ओले गिरे और बारिश हुई. इस तूफान से संबंधित घटनाओं में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और कई पेड़ उखड़ गए. प्लेन में बैठे यात्रियों के डर से चीखने-चिल्लाने के वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे.

डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने कहा कि विमान पंजाब के पठानकोट के निकट लगभग 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी आंधी और ओलावृष्टि की चपेट में आ गया. विमान में बहुत ज्यादा उथल-पुथल होने पर क्रू ने पहले नॉर्दर्न एटीसी से अनुरोध किया कि विमान को अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर मोड़ दिया जाए, जहां हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच भीषण संघर्ष देखने को मिला था. यह एयर ट्रैफिक कंट्रोल भारतीय वायु सेना के अधीन काम करता है. हालांकि, पायलट के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया. इसके बाद पायलट ने लाहौर एटीसी से तूफान से बचने के लिए कुछ समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में जाने की अनुमति मांगी, लेकिन पाकिस्तान ने मना कर दिया. सीमित विकल्प होने के कारण पायलट ने शुरू में दिल्ली लौटने पर विचार किया.

हालांकि, घने बादलों के साथ तूफान विमान के बहुत करीब था, इसलिए वापस लौटना एक असुरक्षित विकल्प था. इसके बाद पायलट ने तूफान के बीच से होते हुए श्रीनगर की ओर आगे बढ़ने का फैसला किया, जो उसके लिए सबसे छोटा रास्ता था. तूफान से बचते समय विमान को हवा के तेज झोंके का सामना करना पड़ा, जिससे ऊपर और नीचे की तेज झटकों का सामना करना पड़ा, जिसके कारण ऑटोपायलट मोड बंद हो गया और विमान की गति में उतार-चढ़ाव होने लगा. डीजीसीए ने बयान में कहा, ‘तूफानी बादल के बीच से गुजरने के दौरान, विमान के एंगल ऑफ अटैक फॉल्ट में खराबी आ गई, अल्टरनेट लॉ प्रोटेक्शन नष्ट हो गया. विमान से एयरस्पीड इंडीकेशन अलर्ट प्राप्त होने लगा.’

 

RAJASTHAN : जयपुर के SMS अस्पताल में प्रेग्नेंट महिला को चढ़ाया गया गलत खून! तबीयत बिगड़ने के बाद मौत

0

जयपुर के SMS अस्पताल में एक गर्भवती महिला की गलत खून चढ़ाने से मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि A पॉजिटिव ब्लड ग्रुप बताकर B पॉजिटिव महिला को गलत खून चढ़ाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई.

राजस्थान के जयपुर से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जयपुर के सवई मान सिंह अस्पताल में एक 23 साल की प्रेग्नेंट महिला की मौत हो गई है. आरोप है कि टोंक जिले की रहने वाली महिला मरीज को गलत खून चढ़ा दिया गया. महिला के परिवार वालों ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया है, जिसके बाद से सनसनी फैल गई है.

चैना नाम की 23 वर्षीय महिला को 12 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसे गंभीर रूप से कम हीमोग्लोबिन लेवल, माइलरी ट्यूबरकुलोसिस और अन्य कई शिकायतें थीं. इसके बाद 19 मई को टेस्ट सैंपल के आधार पर अस्पताल के ब्लड बैंक में अप्लाई किया गया. इस सैंपल में कथित तौर पर महिला का ब्लड ग्रुप A पॉजिटिव था. अगले दिन उसे खून चढ़ाया गया.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, बाद में नए सैंपल की जांच में पता चला कि महिला का ब्लड ग्रुप असल में B पॉजिटिव था, जिसके बाद हड़कंप मच गया. ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद रिएक्शन रिपोर्ट में पता चला कि महिला को बुखार हो रहा है. उसमें ठंड लगने, हीमेटूरिया और तीव्र हृदयगति के लक्षणों मिले.

ट्रांसफ्यूजन प्रक्रिया में किसी भी तरह की चूक से इनकार करते हुए, इलाज करने वाली डॉक्टर स्वाति श्रीवास्तव ने कहा, “मैं उस समय छुट्टी पर थी. पूछताछ करने पर मुझे बताया गया कि मरीज ने ट्रांसफ्यूजन के दौरान रिएक्शन दिया था. वह पहले से ही माइलरी टीबी के कारण गंभीर रूप से बीमार थी और भ्रूण की मृत्यु के बाद उसे कई समस्याएं थीं.”

मृतक महिला के जीजा प्रेम प्रकाश ने कहा कि परिवार को गलत खून चढ़ाए जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी. अस्पताल प्रशासन ने भी किसी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई या जांच के संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.

 

BUSINESS : रिलायंस पावर के शेयर ने लगाई 19 परसेंट की लंबी छलांग, क्या निवेश के लिए आपका फैसला कराएगा प्रॉफिट?

0

Reliance Power Limited Share: अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर के शेयर में 18.66 परसेंट तक का उछाल देखने को मिला. कंपनी के शेयर की कीमत आज 52.90 रुपये है.

अनिल अंबानी के रिलायंस पावर लिमिटेड के शेयर में शुक्रवार को जबरदस्त उछाल आया. 18.66 परसेंट की लंबी छलांग मारते हुए कंपनी के शेयर की कीमत 52.90 रुपये के हाई लेवल पर पहुंच गई. पिछली बार 17.70 परसेंट की बढ़त के साथ 52.47 रुपये पर पहुंचे थे. एक साल में यह 16.39 परसेंट चढ़ा है.

रिलायंस पावर ने हाल ही में भूटान की ड्रक होल्डिंग एंड इन्वेस्टमेंट्स (DHI) के साथ मिलकर भूटान में सबसे बड़ा सोलर प्लांट बनाने का फैसला लिया है. लगभग 2000 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में दोनों के बीच 50-50 परसेंट की पार्टनरशिप है. 500 मेगावाट (MW) की इस परियोजना का विकास बिल्ड-ओन-ऑपरेट (BOO) मॉडल के जरिए दो कंपनियां मिलकर करेंगी.

भूटान में सोलर एनर्जी के सेगमेंट में अपने इस निवेश से रिलायंस पावर रिन्यूऐबल एनर्जी के पोर्टफोलियो को बढ़ाना चाहती है. साथ ही इससे भारत-भूटान के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूती मिलेगी. कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘रिलायंस पावर की टोटल क्लीन एनर्जी पाइपलाइन सोलर सेगमेंट में 2.5 गीगावाट पीक (GWP) पर है, जो इसे इंटीग्रेटेड सोलर और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) सेगमेंट में भारत की सबसे बड़ी कंपनी बनाती है.

बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, वेल्थमिल्स सिक्योरिटीज में इक्विटी स्ट्रैटेजी के डायरेक्टर क्रांथी बाथिनी का कहना है कि रिलायंस पावर के शेयर को पावर सेक्टर में अनुकूल परिस्थितियों से लाभ मिल सकता है. हालांकि, पहले कंपनी के शेयर में काफी गिरावट देखी जा चुकी है इसलिए यह उन निवेशकों के लिए सही है, जो हाई रिस्क लेना पसंद करते हैं.

आज दोपहर 1:00 बजे तक NSE और BSE दोनों पर जॉएंटली 232.3 लाख शेयरों का लेनदेन हुआ, जो स्टॉक के 54 मिलियन शेयरों के औसत वीकली वॉल्यूम से चार गुना अधिक है. हाल के दिनों में इस स्टॉक पर निवेशकों की नजर है.

20 मई को रिलायंस पावर ने रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और बसेरा होम फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड को 43.89 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर अलॉट किए. एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, कंपनी ने 33 रुपये प्रति शेयर (23 रुपये प्रीमियम सहित) पर कुल 1.33 करोड़ इक्विटी शेयर जारी किए.

डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें.

ENTERTAINMENT : अपने पिता की कार्बन कॉपी लगता है सिद्धू मूसेवाला का छोटा भाई, दिल छू लेगी तस्वीर

0

सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई शुभदीप की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. शुभदीप बिल्कुल अपने पिता जैसे दिखते हैं.दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के भाई शुभदीप की एक नई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसने सभी को भावुक कर दिया है. वायरल तस्वीर में शुभदीप अपने पिता बलकौर सिंह की गोदी में नजर आ रहे हैं. दोनों की तस्वीर देख लोग हैरान हैं क्योंकि सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई शुभदीप बिल्कुल अपने पिता की कार्बन कॉपी लगते हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई शुभदीप व्हाइट कुर्ते पायजामे में बेहद क्यूट लग रहे हैं. वहीं उनके पिता ने भी व्हाइट कुर्ता पहना है और साथ में ग्रे कोट भी पहना हुआ है. बाप बेटे ने एक जैसी पिंक कलर की पगड़ी भी बांधी हुई है. दोनों की साथ में तस्वीर देखकर लोग ये ही कह रहे हैं कि शुभदीप बिल्कुल अपने पिता बलकौर सिंह जैसे दिखते हैं. एक ने लिखा, “बेटा हमेशा अपने पिता का प्रतिबिंब होता है… और वह दोगुना प्यारा है.” एक और ने ने लिखा. “बहुत प्यारा आराध्य.वाहे गुरुजी छोटे को आशीर्वाद दें.”

सिद्धू मूसेवाला के भाई शुभदीप सिंह सिद्धू का जन्म 17 मार्च, 2024 को हुआ था. पंजाबी रैपर सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी. वहीं सिद्धू मूस वाला के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर के घर इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) के जरिए बच्चे का जन्म हुआ था. जन्म के समय चरण कौर की उम्र 58 साल थी, जिससे आईवीएफ तकनीक के इस्तेमाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया था. परिवार तब से नन्हे शुभदीप की तस्वीरें और वीडियो शेयर करता रहता है. न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर बिलबोर्ड पर भी शुभदीप की तस्वीर नजर आई थी.

सिद्धू मूसेवाला की 29 मई, 2022 को दुखद हत्या कर दी गई थी. मानसा जिले के जवाहरके गांव में हमलावरों ने उनकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी थी. हालांकि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी. उनकी हत्या के बाद, उनके माता-पिता ने भी अपने बेटे के लिए न्याय की मांग को लेकर आंदोलन चलाया. एक म्यूजिक वीडियो भी जारी किया गया जिसमें “सिद्धू मूसेवाला के लिए न्याय” मैसेज के साथ एक फ्लैग दिखाया गया था.

PUNJAB : भ्रष्टाचार के खिलाफ CM मान का बड़ा एक्शन, अपने ही MLA पर की कार्रवाई

0

सूबे की सरकार ने अपने ही विधायक पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में एक्शन लेते हुए छापेमारी करवा दी. जालंधर के MLA रमन अरोड़ा पर भ्रष्टाचार के मामले में रेड हुई है.

पंजाब (Punjab) की भगवंत मान सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. सूबे की सरकार ने अपने ही विधायक पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में एक्शन लेते हुए छापेमारी करवा दी. जालंधर के MLA रमन अरोड़ा पर भ्रष्टाचार के मामले में रेड हुई है. रमन अरोड़ा पर आरोप है कि वे जालंधर नगर निगम के अफसरों के ज़रिए मासूम लोगों को झूठे नोटिस भिजवाते थे. इसके बाद पैसे लेकर उन नोटिसों को रफ़ा दफ़ा करवाने का काम करते थे.

एक अंग्रेज़ी अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले दिनों जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को बिना किसी सुरक्षा घेरे के छोड़ दिया गया था. राज्य सरकार या पुलिस अधिकारियों ने इस कदम के पीछे कोई वजह नहीं बताई. अरोड़ा ने इसका कारण बताने से भी इनकार कर दिया, जिससे राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई गईं कि आखिर किस बात ने पार्टी को नाराज कर दिया, जिसने विधायक को उनकी सुरक्षा पूरी तरह से वापस ले ली.

इससे पहले, अरोड़ा के पास विधायकों के साथ तैनात किए जाने वाले सामान्य सुरक्षाकर्मियों से तीन गुना ज़्यादा सुरक्षाकर्मी थे. हालांकि, जब 13 मई को उनका सुरक्षा कवर वापस ले लिया गया, तो उनके पास एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं बचा. इस दौरान अरोड़ा ने कहा था कि उस दिन उन्हें बताया गया कि ऊपर से आदेश हैं और उन्होंने सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया.

 

NATIONAL : ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, बेसमेंट की खुदाई करते वक्त मिट्टी ढहने से 2 मजदूरों की मौत

0

ओल्ड रेलवे स्टेशन पर बेसमेंट की खुदाई चल रही थी, इसी दौरान हादसा हो गया. मिट्टी ढहने से चार मजदूर नीचे दब गए. इस दौरान दो महिला मजदूरों की मौत हो गई. वहीं, मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

हरियाणा (Haryana) के ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर एक हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों के मौत का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन ओल्ड रेलवे स्टेशन पर बेसमेंट की खुदाई चल रही थी, इसी दौरान हादसा हो गया. मिट्टी ढहने से चार मजदूर नीचे दब गए. इस दौरान दो महिला मजदूरों की मौत हो गई. वहीं, मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

पिछले साल सितंबर महीने में ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे भरे बरसाती पानी में XUV700 के डूबने के चलते उसमें बैठे एचडीएफसी के बैंक मैनेजर और कैशियर की शुक्रवार रात दर्दनाक मौत हो गई थी. मृतकों के साथ बैंक में काम करने वाले बैंक कर्मचारी आदित्य ने बताया था कि गुरुग्राम के सेक्टर-31 में एचडीएफसी की शाखा में विराज द्विवेदी बतौर कैशियर के रूप में काम कर रहे थे और पुण्यश्रेय शर्मा बैंक के मैनेजर थे. वह बैंक यूनियन के अध्यक्ष भी थे.

कुछ दिनों काफी बारिश हुई थी. जैसे ही कार ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडर ब्रिज के पास आई, तो उसके नीचे काफी पानी भरा हुआ था, जहां कोई भी बैरिकेडिंग नहीं लगी हुई थी और कार पानी में समा गई.

विराज गुरुग्राम में रहते थे, जिसके चलते उन्हें यह अनुभव नहीं हुआ कि ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे इतना पानी है कि उनकी गाड़ी पानी के अंदर डूब जाएगी. विराज ने इस पानी से गाड़ी को निकालने की कोशिश की लेकिन गाड़ी पानी अधिक होने के चलते बंद हो गई और लॉक लग गया. गाड़ी में पानी भर गया जिसके चलते उनकी दर्दनाक मौत हो गई. आदित्य ने बताया कि लगभग 11:30 बजे के आसपास बैंक मैनेजर की पत्नी का फोन उनके पास आया था.

UP : पति से हुआ झगड़ा, दो बच्चों को कमर से बांधकर कुएं में कूदी महिला, मासूमों की मौत

0

फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां घरेलू कलह के कारण एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कमर में बांधकर कुएं में छलांग लगा दी. नतीजा ये हुआ कि दोनों बच्चों की मौत हो गई जबकि महिला का हालत गंभीर बनी हुई है.

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां घरेलू कलह के कारण एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को कमर में बांधकर कुएं में छलांग लगा दी. महिला को कुएं में कूदता देख ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन बचा नहीं पाए. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला सहित दोनों मासूम बच्चों को बाहर निकालकर नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों मासूम को मृत घोषित कर दिया. वहीं महिला की हालत नाजुक बनी हुई है.

आपको बता दें कि असोथर थाना क्षेत्र हरनवा के रहने वाले टिर्रा पाल की बेटी रेनू की शादी सात साल पहले राजाराम का डेरा के रहने वाले झल्लर से हुई थी . शादी के बाद उसके दो बेटे हुए. बड़ा बेटा 6 साल का कृष्णा और छोटा बेटा 4 साल का प्रशांत था.

गुरुवार की रात किसी बात को लेकर रेनू का पति से झगड़ा हुआ तो वह दोनों बेटों को लेकर घर से निकल गई. वह दोनों को लेकर पास के कुएं में कूद गई . मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन कोशिश सफल नहीं हो पाई. जिसके बाद तीनों को कुएं से बाहर निकालकर प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों मासूम को मृत घोषित कर दिया. वहीं महिला का इलाज अब भी जारी है.

MUTHRA : हाथ में नारियल लेकर दंडवत परिक्रमा करते हुए अधिकारी के ऑफिस पहुंचा फरियादी……..

0

मथुरा में एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जहां एक फरियादी दंडवत परिक्रमा करते हुए बिजली विभाग की शिकायत करने अधिकारी के ऑफिस पहुंच गया. फरियादी युवक अपने हाथ में नारियल भी लिए हुए था.

यूपी के मथुरा में एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला, जहां एक फरियादी दंडवत परिक्रमा करते हुए बिजली विभाग की शिकायत करने अधिकारी के ऑफिस पहुंच गया. फरियादी युवक अपने हाथ में नारियल भी लिए हुए था. उसका आरोप था कि अधिशासी अभियंता ने मनमाने तरीके से उसके घर के बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ा दिया है. बार-बार कहने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई, इसलिए ये कदम उठाना पड़ा. फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

आपको बता दें कि पूरा मामला मथुरा की मांट तहसील का है, जहां बीते गुरुवार को बिजली विभाग द्वारा मनमाने तरीके से कनेक्शन का लोड बढ़ा देने से परेशान युवक अपने हाथ में नारियल लेकर दंडवत परिक्रमा करते हुए एसडीएम ऑफिस पहुंच गया. उसने एसडीएम से अधिशासी अभियंता के लिपिक पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत बताई.

शिकायतकर्ता का नाम रमाकांत पाठक है, जो हाथ में नारियल लेकर दंडवत परिक्रमा करते हुए एसडीएम ऑफिस पहुंचे थे. पाठक ने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए उनके बुजुर्ग पिता मनीराम पिछले 6 महीने से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

फिलहाल, अब पीड़ित रमाकांत पाठक की शिकायत का एसडीएम अभिनव जे. जैन ने संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि देखिए इनका जो मामला है वह बिजली विभाग से जुड़ा हुआ है, हमने एक्सईएन साहब को बोल दिया है, मामले में एक सप्ताह में समाधान करने के लिए निर्देश दिए गए हैं.

BUSINESS : नॉर्थ ईस्ट में निवेश को दोगुना कर 75 हजार करोड़ लगाएगी रिलायंस, मुकेश अंबानी बोले- 25 लाख मिलेंगे नए रोजगार

0

जियो का जिक्र करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो का 5जी नेटवर्क पूर्वोत्तर राज्यों की करीब 90 फीसदी आबादी तक पहुंच गया है. 50 लाख लोग जियो 5जी नेटवर्क से जुड़े हैं और इस वर्ष ये संख्या दोगुनी हो जाएगी.

नॉर्थ ईस्ट में अपने निवेश को रिलायंस इंड्रस्ट्रीज बढ़ाकर दोगुना करने जा रही है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसका ऐलान करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में निवेश को 75 हजार करोड़ करने का लक्ष्य रखा है. अभी कंपनी का इन राज्यों में करीब 30 हजार करोड़ का निवेश है. यानी अगले पांच वर्षों में रिलायंस इन राज्यों में करीब 45 हजार करोड़ रुपये का नया निवेश करने जा रही है.

सशस्त्र बलों की बेजोड़ बहादुरी के वजह से सफल हुए ऑपरेशन सिंदूर पर मुकेश अंबानी ने प्रधानमंत्री मोदी और देश को बधाई देते हुए उन्होंने अपनी बात शुरू की. अंबानी ने बताया कि ये प्रस्तावित निवेश 25 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा करेगा. राज्यों में 350 बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की प्रतिबद्धता भी मुकेश अंबानी ने जताई.

जियो का जिक्र करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो का 5जी नेटवर्क पूर्वोत्तर राज्यों की करीब 90 फीसदी आबादी तक पहुंच गया है. 50 लाख लोग जियो 5जी नेटवर्क से जुड़े हैं और इस वर्ष ये संख्या दोगुनी हो जाएगी.

किसानों की आय बढ़ाने के लिए उनसे सीधी खरीद को रिलायंस रिटेल प्रोत्साहित करेगा। प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि आपके प्रयासों से पूर्वोत्तर हाशिये से निकल कर भारत के विकास के नक्शे पर उभर आया है.

स्वास्थय के क्षेत्र में रिलायंस फाउंडेशन के कामों पर रोशनी डालते हुए उन्होंने कहा कि रिलायंस फाउंडेशन ने मणिपुर में 150 बिस्तरों वाला कैंसर अस्पताल स्थापित किया है. इसके साथ ही फाउंडेशन जीनोमिक डेटा का उपयोग करके स्तन कैंसर की देखभाल के लिए मिजोरम विश्वविद्यालय के साथ सहयोग कर रहा है.

गुवाहाटी में फाउंडेशन ने एक एडवांस म्लीक्यूलर डायग्नोस्टिक और रिसर्च प्रयोगशाला बनाई है. यह भारत में सबसे बड़ी जीनोम सीक्वेंस क्षमताओं से लैस होगी. उत्तर-पूर्व राज्यों में रिलायंस फाउंडेशन सभी आठ राज्यों के साथ मिलकर ओलंपिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगा, जिनसे निकले युवा ओलंपिक में पदक विजेता बन सकेंगे.

 

- Advertisement -