Saturday, June 27, 2026
Home Blog Page 661

UP : यूपी में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट, योगी सरकार ने हीटवेव एडवाइजरी जारी की

0

यूपी में इस वर्ष भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं, कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. 16 मई को बांदा में 46.2 डिग्री रिकॉर्ड तापमान दर्ज हुआ, जो पिछले पांच वर्षों का सर्वाधिक है. योगी सरकार ने हीटवेव संबंधी एडवाइजरी जारी कर राहत और स्वास्थ्य विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है. लोग गर्मी से बेहाल हो गए हैं. लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रदेश की योगी सरकार ने हीटवेव को लेकर एडवाइजारी जारी की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत और स्वास्थ्य विभागों को अलर्ट रहने पर कहा और लोगों को हर स्तर पर सतर्क रहने की सलाह दी है.

बढ़ते तापमान को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गाइडलाइंस जारी की है. लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. लोगों से धूप से बचने को कहा गया.
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी है. ताकि शरीर हाइड्रेटेड रहे और लू ना लगे. साथ ही हल्के रंग के कपड़े पहने की सलाह दी गई.

तेज बुखार या किसी और तरह के लक्षण दिखने के बाद लोगों से पास के स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करने को कहा गया.
बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने को कहा गया.

योगी सरकार की गाइडलाइंस

यूपी के अधिकांश जिलों में मई के तीसरे सप्ताह में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जा रहा है. ऐसे में कई लोग लू की चपेट में आ जा रहे हैं. सरकार और स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस से गर्मी से लड़ाई में मदद मिलेगी और साथ ही लोगों को सहायता आसानी से पहुंचाई जा सकेगी.

बांदा ने तोड़ा गर्मी का रिकॉर्ड

16 मई को बांदा जिला देश का सबसे गर्म जगह रहा. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बांदा में पारा 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो देश का सर्वाधिक तापमान रहा. बांदा में गर्मी ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

NATIONAL : आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह, कई विकास परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत

0

आज दोपहर में अमित शाह का अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आगमन होगा. गृहमंत्री अमित शाह 17 और 18 मई के दौरान गांधीनगर, अहमदाबाद, महेसाणा जिले में कई लोकार्पण और शिलान्यास के कार्यक्रमों में मौजूद रहेंगे.

केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह गांधीनगर, अहमदाबाद और महेसाणा जिलों में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा वे सहकारिता महासम्मेलन को भी संबोधित करेंगे.शाह आज दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जिसके बाद उनका कार्यक्रम गांधीनगर में शुरू होगा. 17 मई को शाम 4:30 बजे वे गांधीनगर के वावोल में नवनिर्मित प्राथमिक आरोग्य केंद्र का उद्घाटन करेंगे. 4:45 बजे वे सेक्टर 21-22 के अंडरब्रिज का लोकार्पण करेंगे.

इसके बाद 5 बजे पेथापुर में एक और प्राथमिक आरोग्य केंद्र का उद्घाटन होगा. यहां के बाद वह कोलवडा तालाब का लोकार्पण करेंगे, और 5:30 बजे गांधीनगर महानगर पालिका और डाक विभाग की विविध विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे.18 मई को सुबह 10:30 बजे शाह गुजरात राज्य सहकारी संघ द्वारा आयोजित “विकसित भारत के निर्माण में सहकारिता की भूमिका” विषयक महासम्मेलन में शामिल होंगे. इसके बाद वे 11:45 बजे और दोपहर 1 बजे तक महेसाणा जिले में विविध उद्घाटन कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.

शाम 5:30 बजे शाह अहमदाबाद में एम पल्लव ब्रिज का लोकार्पण करेंगे और इसके साथ ही नगर निगम के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. वे KVIC की ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत आयोजित साधन वितरण समारोह में भी उपस्थित रहेंगे, जहां लाभार्थियों को उपकरण सौंपे जाएंगे.अमित शाह का यह दौरा गुजरात में विकास और सहकारिता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय स्तर पर स्वास्थ्य, अवसंरचना और ग्रामीण उद्योगों को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

BUSINESS : तुर्की के खिलाफ अलीगढ़ के ताला कारोबारियों ने कर दिया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा?

0

भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान पाकिस्तान को सपोर्ट करने पर तुर्की के खिलाफ भारत में लगातार विरोध जारी है. अलीगढ के कारोबारियों ने तुर्की को ताले की सप्लाई बंद करने का ऐलान किया है.

ताले और तालीम की नगरी के नाम से मशहूर अलीगढ़ ने तालों से की जाने वाली तुर्की की सुरक्षा का जिम्मा ठुकरा दिया है, जिससे अब तुर्की को करोड़ो रुपये का झटका लगा है. एक ओर अपने ताले और हार्डवेयर के लिए दुनियाभर में अलीगढ़ मशहूर है, यहां के कारोबारियों ने तुर्की को हर तरह की सप्लाई बंद करने का ऐलान किया है.

ताला और हार्डवेयर यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा है कि तुर्की ने जिस तरह पाकिस्तान का पक्ष लिया है, वो भारत के स्वाभिमान के खिलाफ है. अलीगढ़ के ताला कारोबारी अब तुर्की से सभी तरह के व्यापारिक संबंध खत्म कर रहे हैं. व्यापारियों का कहना है कि हमारे लिए देश पहले है, कारोबार बाद में है. तुर्की को अब अलीगढ़ से एक भी ताला नहीं भेजा जाएगा. पादाधिकारियों के अनुसार हर साल तुर्की को करोड़ों के ताले और हार्डवेयर आइटम्स भेजे जाते थे. डोर लॉक, सिक्योरिटी सिस्टम, गेट फिटिंग्स जैसे प्रोडक्ट्स की भारी डिमांड थी. अब इस सप्लाई पर पूरी तरह रोक लगाने का फैसला

ऑपरेशन सिंदूर के भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नेस्तानाबूत किया था. भारत की इस कार्रवाई के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान को सपोर्ट किया था. पाकिस्तान का सपोर्ट करने पर भारत ने तुर्की से सभी व्यापारिक संबंध रद्द करने का ऐलान किया था. भारत के इस कदम के बाद लगातार तुर्की का विरोध हो रहा है.

हार्डवेयर व्यापारी के के वार्ष्णेय ने बताया कि जिस तरह से तुर्की ने पाकिस्तान का सहयोग किया है, उससे अब तुर्की को ताले नहीं भेजे जाएंगे. भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान तुर्की ने पाकिस्तान का सहयोग कर भारत को आंख दिखाने का काम किया था, तुर्की के इस कदम पर भारत ने तुर्की के खिलाफ कई सख्त और कड़े फैसले लिए हैं. अलीगढ़ की अगर बात कही जाए तो अलीगढ़ में 210 करोड़ से ज्यादा सालाना का अलीगढ़ से तालों का निर्यात किया जाता है अलीगढ़ में 11 हज़ार से ज्यादा छोटी छोटी इकाई है.

NATIONAL : पानी की बोतल पर ग्राहक से 1 रुपए GST लेना पड़ा भारी, अब रेस्टोरेंट को देने पड़ेंगे ₹8 हजार

0

भोपाल के एक रेस्टोरेंट में ऐश्वर्या ने अपने दोस्तों के साथ खाना खाया था. जब बिल आया, तो उसने देखा कि पानी की बोतल पर एमआरपी 20 रुपए लिखी थी, जबकि बिल में 29 रुपए लिए गए थे. इन 29 रुपए में एक रुपए की जीएसटी भी शामिल थी.

राजधानी भोपाल में उपभोक्ता फोरम ने फैसला सुनाते हुए एक रेस्टोरेंट को ग्राहक से पानी की बोतल पर एक रुपए जीएसटी लेने के मामले में 8000 रुपए चुकाने के आदेश दिए हैं.मामला अक्टूबर 2021 का है. भोपाल के एक रेस्टोरेंट में ऐश्वर्या ने अपने दोस्तों के साथ खाना खाया था. जब बिल आया, तो उसने देखा कि पानी की बोतल पर एमआरपी 20 रुपए लिखी थी, जबकि बिल में 29 रुपए लिए गए थे. इन 29 रुपए में एक रुपए की जीएसटी भी शामिल थी.

जब रेस्टोरेंट के स्टाफ से इसकी शिकायत की गई, तो उन्होंने बताया कि सभी चार्जेस वैध और नियमों के अनुरूप हैं, इसलिए इसमें कोई छूट नहीं दी जा सकती. इसके बाद मामला उपभोक्ता फोरम में पहुंचा, जिस पर 4 साल बाद अब फैसला आया है.ऐश्वर्या के वकील प्रतीक पवार ने ‘आज तक’ से बात करते हुए बताया कि उनके पक्षकार से पानी की बोतल के लिए 29 रुपए वसूले गए, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई थी. उन्हें बताया गया कि इसमें एक रुपये जीएसटी शामिल है.

उपभोक्ता फोरम में रेस्टोरेंट के वकील ने दलील दी कि नियमों के तहत उन्हें सिटिंग, एयरकंडीशनिंग, या ऑन-टेबल सर्विस जैसी सुविधाओं के लिए एमआरपी से अधिक चार्ज करने का अधिकार है. लेकिन उपभोक्ता फोरम ने अपने फैसले में कहा कि पानी की बोतल की एमआरपी में जीएसटी पहले से शामिल होती है, इसलिए अलग से जीएसटी लेना वैध नहीं है और यह सेवा में कमी दर्शाता है.

फैसले में उपभोक्ता फोरम ने रेस्टोरेंट को एक रुपए की जीएसटी राशि ग्राहक को वापस करने के निर्देश दिए. साथ ही, ग्राहक को हुए मानसिक कष्ट और सेवा में कमी के लिए 5000 रुपए और मुकदमे की कानूनी लागत के रूप में 3000 रुपए भी रेस्टोरेंट को चुकाने होंगे. इस तरह, महज एक रुपए के जीएसटी ने रेस्टोरेंट को 8000 रुपए का भुगतान करने पर मजबूर कर दिया.

BIHAR : केरल से ज्यादा बिहार में परेशान हैं राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कहा- बताने में भी शर्म आती है

0

राज्यपाल ने बीएन कॉलेज में हुई बम की घटना में एक छात्र की मौत पर रोआंसी आवाज में कहा कि मेरा दिल रोता है, जब सुनता हूं, जो कुछ भी यूनिवर्सिटी में हो रहा है. यह हैरत की बात है.

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान शनिवार को बिहार राज्य इंडस्ट्रीज एसोसिएशन स्थित विश्व संवाद कार्यक्रम में पहुंचे, जहां अपने संबोधन में उन्होंने देश की रक्षा और सुरक्षा की बात करते हुए देश को 2047 तक दुनिया का सबसे विकसित देश बनाने की बात भी कही, लेकिन अंत में बात करते-करते वह दिल की बात भी बताने लगे. राज्यपाल ने कहा कि मेरा दिल रो रहा है, जब कुछ बातें सुन रहा हूं. 4 महीने में जितना हुआ उतना मुझे 5 साल केरल में भी नहीं हुआ था.

राज्यपाल ने पहले बीएन कॉलेज में हुई बम की घटना में एक छात्र की मौत पर रोआंसी आवाज में कहा कि मेरा दिल रोता है, जब सुनता हूं, जो कुछ भी यूनिवर्सिटी में हो रहा है. यह हैरत की बात है कि यूनिवर्सिटी में बम मार के तीन दिन पहले बच्चे की जान ले ली गई. पिछले साल भी यही हुआ था.

राज भवन में मीटिंग हुई थी. मैने वाइस चांसलर से पूछा क उस मीटिंग में जो फैसले लिए गए थे, उस पर क्या कार्रवाई हुई उसकी रिपोर्ट भी अभी तक नहीं आई है? तो वाइस चांसलर ने हमसे कहा सर रिपोर्ट आ गई है. दस्तखत नहीं हुए हैं और देखिए कि दूसरा बच्चा फिर मर गया. उन्होंने कहा यह क्या है यूनिवर्सिटी सरस्वती का मंदिर है और इसे अराजक तत्वों के हवाले हमने कर दिया है. हमने कहा है कि अब यह मीटिंग राज भवन में नहीं होगी जहां घटना घटित हुई है, वहां पर मैं कल आ रहा हूं उन्होंने कहा कि अभी मैं इस कार्यक्रम के बाद वही जा रहा हूं.

उन्होंने कहा कि मैं हाथ जोड़कर कह रहा हूं हमारा देश ज्ञान की संस्कृति है. अगर ज्ञान के मंदिर में बम चलेंगे या ऐसी घटना होती है, जिससे शर्मिंदा होना पड़े. यह तो मैं कह भी नहीं सकता हूं. फिर उन्होंने केरल की बात दोहराते हुए कहा कि मैं साढ़े 5 साल तक केरल में राज्यपाल रहा, लेकिन वहां पर लड़ाई इस बात पर सीमित थी कि उच्च शिक्षा में राजनीति हस्तक्षेप न हो, वहां यह लड़ाई थी की पार्टी लेवल के स्तर पर वाइस चांसलर अपॉइंटमेंट हो, जिसका हम विरोध कर रहे थे और हमने सभी 15 यूनिवर्सिटी में ऐसा होने नहीं दिया था.

UP : नहर में कूदी लड़की को बचाने के चक्कर में पुलिसकर्मी की डूबने से मौत, अब उठ रहे ये सवाल

0

यूपी गाजियाबाद में नहर में कूदी लड़की को बचाने के लिए 2 पुलिसकर्मी भी नहर में कूदे, लेकिन 2 पुलिसकर्मी में से एक ही की जान बच पाई. दूसरे पुलिसकर्मी की डूबने से मौत हो गई.

गाजियाबाद में तांत्रिक के कहने पर एक सास ने अपनी बहू को जेवर चुराने का आरोप लगाया. बहू इससे इतनी आहत हुई कि वह नहर में कूद गई. महिला को नहर में कूदते देख ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक कर्मी भी नहर में कूद गए. इस दौरान महिला और एक ट्रैफिक कर्मी को तो सकुशल बच गए. परंतु रेस्क्यू के बाद जब दूसरा ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बाहर निकल गया तो उसकी अस्पताल में मौत हो गई.

ऐसे में मृतक पुलिसकर्मी के पिता को जब इस घटना के बारे में पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. जवान बेटे को अर्थी देने का दुख दुनिया का सबसे बड़ा दुख है. बेटे की बहादुरी ने दुनिया के सामने मिसाल कायम कर पिता का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है.

महिला को बचाने की कोशिश में पुलिसकर्मी अंकित तोमर वैशाली में ट्रैफिक ड्यूटी कर रहा था. इस दौरान आरती नाम की एक महिला नहर में कूद गई. अंकित तोमर अपने साथी ट्रैफिक कर्मी के साथ महिला को बचाने के लिए नहर में कूद गया. लेकिन किस्मत देखिए जो महिला मरने के लिए नहर में कूदी थी वह तो सकुशल बाहर निकल आई, दूसरा ट्रैफिक कर्मी भी निकल आया लेकिन करीब 1 घंटे बाद अंकित तोमर जब बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया तो तबतक अंकित की मौत हो चुकी थी.

हम आपको वह कहानी बताते हैं आखिर अंकित की जान क्यों और कैसे गई. आरती नाम की महिला के मुताबिक उसने कुछ दिन पहले लव मैरिज की थी. आरती के ससुराल से लगातार जेवर चोरी हो रहे थे. आरती के मुताबिक उसकी सास ने किसी तांत्रिक को दिखाया तो तांत्रिक ने बताया कि घर का ही कोई व्यक्ति जेवर चोरी कर रहा है. सास ने इसका आरोप आरती पर लगाया. आरती इससे आहत होकर जान देने के लिए नहर में कूद गई.

चश्मदीदों के मुताबिक जैसे ही आरती ने छलांग लगाई वैसे ही वहां ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक के दोनों पुलिसकर्मी उसकी जान बचाने के लिए कूद गए. चश्मदीदों का दावा है कि दोनों को तैरना नहीं आता था लेकिन जैसे तैसे एक ट्रैफिक कर्मी तो बच गया, वहीं दूसरे को बचाया नहीं जा सका. हालांकि किसी की भी मौत होना दुखद होता है. लेकिन जिस तरीके से ट्रैफिक पुलिसकर्मी को एंबुलेंस नहीं मिली. यह गाजियाबाद पुलिस और अन्य एजेंसियों पर सवाल उठाने के लिए काफी है.

डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि, आज थाना कौशांबी में करीब 1 बजे के आसपास सूचना प्राप्त हुई. जिसमें ये बताया गया कि एक महिला नहर में कूद गई थी, जिसको बचाने के ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने प्रयास किया, इस दौरान महिला को बचाया गया लेकिन एक ट्रैफिक कॉन्सटेबल जिनका नाम अंकित तोमर है, महिला को बचाने के प्रयास के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी है. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर जाकर बचाव कार्य शुरू किया. उनकी बॉडी रिकवर करके अस्पताल में लाया गया, जहां उनको मृत्यु घोषित कर दिया. इसी क्रम में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

 

WORLD : पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अलग-थलग करने की तैयारी में भारत, क्या बोले दिलीप जायसवाल?

0

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि 40 सांसदों की टीम विभिन्न देशों का दौरा कर पाकिस्तान का पर्दाफाश करेगी. उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में कांग्रेस की सराहना की.

भारत वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान की नापाक करतूतों को उजागर करेगा. केंद्र सरकार सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को विभिन्न देशों में भेजेगी. प्रतिनिधिमंडल में 40 सांसद शामिल हैं. 40 सांसदों की टीम अलग-अलग देशों में जाकर पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों को वैश्विक मंच से उठाएगी.

केंद्र सरकार के कदम का बिहार बीजेपी ने स्वागत किया है. प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया, “40 सांसद अलग-अलग देशों में जा रहे हैं. पाकिस्तान में आतंकियों का अड्डा बना हुआ है. प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों को दुनिया के सामने रखेगा.” उन्होंने केंद्र सरकार को कांग्रेस की तरफ से दिए गए समर्थन की सराहना की. दिलीप जायसवाल ने कहा कि ये एक अच्छा संदेश है. देश की सुरक्षा के मामले में सभी पार्टियों को एकजुट रहना चाहिए. सभी राजनीतिक दल देश की सुरक्षा के मामले में एक हैं. उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों की एकता जनता को भी पसंद आएगी.

केंद्र सरकार ने कहा है कि सात दलों का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेगा. सेना ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया था. ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया. आतंक के खिलाफ कार्रवाई की देशभर में सराहना की गई. देश की सुरक्षा के मामले में विपक्षी पार्टियों ने भी राजनीतिक हितों को परे रख केंद्र सरकार को समर्थन देने का ऐलान किया.

अब केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को अलग थलग करने की तैयारी कर ली है. सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल सांसद पाकिस्तान की गतिविधियों को दुनिया के सामने रखेंगे. 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी. पहलगाम हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था.

MP: बीजेपी नेताओं को बोलने की मिलेगी ट्रेनिंग, जून में लगेगा प्रशिक्षण शिविर

0

जून महीने में यह ट्रेनिंग कैंप भोपाल से बाहर किसी शांत जगह पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी मंत्रियों, विधायकों और अन्य नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर बयान देने और किन मुद्दों पर नहीं बोलना है, इस बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा.

पिछले कुछ समय से मध्य प्रदेश बीजेपी के नेताओं के बयानों और कृत्यों से परेशान बीजेपी अब जल्द ही अपने नेताओं को बोलने की ट्रेनिंग देने वाली है. इसमें उन्हें बीजेपी की रीति-नीति के बारे में बताया जाएगा, साथ ही यह भी सिखाया जाएगा कि उन्हें कब, क्या और कैसे बोलना है ताकि वे विवादित बयान देने से बच सकें.

जून महीने में यह ट्रेनिंग कैंप भोपाल से बाहर किसी शांत जगह पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी मंत्रियों, विधायकों और अन्य नेताओं को सार्वजनिक मंचों पर बयान देने और किन मुद्दों पर नहीं बोलना है, इस बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा. इस प्रशिक्षण शिविर में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया व कम्युनिकेशन विशेषज्ञ अलग-अलग सत्रों में नेताओं का मार्गदर्शन करेंगे. वे उन्हें पार्टी अनुशासन में रहने और पार्टी व उनकी छवि पर नकारात्मक प्रभाव से बचने के तरीके बताएंगे.

बीजेपी मीडिया विभाग के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने aajtak को बताया कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा प्रशिक्षण दिया जा रहा है. समय-समय पर बीजेपी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करती है और इस साल भी यह ट्रेनिंग कैंप आयोजित होने वाला है.

बता दें कि हाल ही में बीजेपी नेताओं के कृत्यों और बयानों से पार्टी की काफी किरकिरी हुई है. हाल ही में कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित टिप्पणी की थी. इसके बाद उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने जबलपुर में विवादित बयान दिया और फिर सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया.

करीब तीन सप्ताह पहले ग्वालियर में स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल भी एक होटल छापे के दौरान विवादों में घिर गए थे. इसके अलावा, पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर हो या सागर जिले में बीजेपी नेताओं की आपसी बयानबाजी का मामला, इन सब से न केवल पार्टी की छवि को नुकसान हुआ है, बल्कि विपक्षी दलों को भी बीजेपी पर हमला करने का मौका मिला है.

NATIONAL : रोहतास में नहाने के दौरान सोन नदी में डूबे 3 लोग, एक शव बरामद, दो की तलाश जारी

0

सोन नदी में तीन लोग नहाने के दौरान डूब गए. गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. सोन नदी से एक शव बरामद करने के बाद दो अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है.

रोहतास जिले के नौहट्टा में शनिवार (17 मई, 2025) को बड़ा हादसा हो गया. सोन नदी में नहाने गए तीन लोग डूब गए. हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई. मौके पर गोताखोरों को बुलाया गया. तीनों की तलाश शुरू कर दी गई. गोताखोरों ने सोन नदी से एक शव बरामद कर लिया. मृतक की पहचान रितेश शर्मा के रूप में की गई है.

मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए लोगों में पिता पुत्र सहित परिवार का एक अन्य सदस्य शामिल है. 65 वर्षीय नागेश्वर शर्मा 20 वर्षीय बेटे रंजन के साथ सोन नदी में उतरे थे. परिवार का एक अन्य सदस्य रितेश शर्मा भी नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गया. गहराई का अंदाजा नहीं होने से तीनों सोन नदी में डूब गए. सोन नदी में डूबे पिता-पुत्र का अब तक पता चल नहीं पाया है. गोताखोरों की तरफ से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बताया जाता है कि सभी लोग काजीपुर गांव से उदय शर्मा की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने गये थे. उल्ली सोन घाट पर उदय शर्मा की माता का दाह संस्कार किया गया था. दाह संस्कार के बाद कुछ लोग नदी में स्नान करने उतरे. इसी क्रम में तीनों हादसे का शिकार हो गए. स्थानीय लोगों के प्रयास से गोताखोरों ने रितेश शर्मा का शव नदी से बरामद कर लिया है. पिता पुत्र का अब तक पता नहीं चल पाया है. दोनों की खोजबीन में गोताखोर जुटे हुए हैं. प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

हादसे के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. अधेड़ और दो युवकों के डूबने की सूचना पर भीषण गर्मी में भी लोगों की भारी भीड़ जुट गई. दरअसल, सोन नदी में बालू के अवैध खनन से कई घाट खतरनाक हो चुके हैं. जगह-जगह बालू के अत्यधिक कटाव होने से नदी में खतरनाक गड्ढे बन चुके हैं. आए दिन हो रहे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने एडवायजरी जारी की है. एडवायजरी में लोगों को सोन नदी से दूर रहने की सलाह दी गई है. बीते दिनों तुंबा गांव के समीप भी सोन नदी के एक घाट पर हादसा हुआ था. स्नान के दौरान डूबने से सात बच्चों की मौत हो गई थी. हादसे के बावजूद प्रशासन की नसीहत का असर लोगों पर नहीं हो रहा है.

 

UP : नोएडा में तेज आंधी के बाद बारिश, DM चौराहे पर गाड़ी के ऊपर गिरा ट्रैफिक लाइट का खंभा

0

नोएडा में शनिवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है. नोएडा में शनिवार को मौसम में आए बदलाव में सेक्टर 27 डीएम चौराहे पर गाड़ी के सामने ही ट्रैफिक लाइट का खंबा कार पर गिर गया.

उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार को मौसम में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला है. नोएडा में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई है. इस बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है तो वहीं दूसरी ओर आंधी और बारिश की वजह से राहगीरों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा है. नोएडा में शनिवार को मौसम में आए बदलाव में सेक्टर 27 डीएम चौराहे पर गाड़ी के सामने ही ट्रैफिक लाइट का खंबा गिर गया, जिसमे गाड़ी पूरी दब गई. हालांकि इस घटना में अभी तक जनहानि की खबर सामने नहीं आई है.

आपको बता दें कि इन दिनों गर्मी पूरे उत्तर प्रदेश में अपना कहर बरपा रही है, आलम यह है कि लोग बहुत आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते हैं. पिछले कुछ दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. गर्मी ने लोगों को पसीना निकाल दिया है. हालांकि शनिवार को नोएडा में मौसम में आए बदलाव के बाद लोगों को गर्मी से थोड़े राहत मिली है.

गौरतलब है कि आईएमडी ने आज 17 मई 2025 के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा/गरज चमक के साथ बौछारे पड़ने की भविष्यवाणी की थी. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं कहीं वर्षा/ गरज चमक के साथ बौछारे पड़ने की भविष्यवाणी की थी.

इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 48 घंटों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, इसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट की संभावना है. इसके साथ ही अगले पांच दिनों ने न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. गर्मी से बचाव के लिए लोगों से अपील की गई है.

 

- Advertisement -

News of the Day