Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 696

HARYANA : पानी देने से किया मना, ‘शराबी’ बाप ने 6 साल के मासूम को पटक-पटककर मार डाला

हरियाणा के गुरुग्राम की एक कॉलोनी में नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपने छह साल के बेटे की पानी देने से मना करने पर हत्या कर दी. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि उसने शनिवार को बिहार निवासी सुमन कुमार सिंह को शक्ति नगर इलाके से गिरफ्तार किया है.

इलाज के दौरान लड़के की मौत हो गई

पुलिस को छह मई को सरकारी अस्पताल से सूचना मिली थी कि सत्यम नाम का एक बच्चा घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने बताया कि हालत बिगड़ने पर बच्चे को रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (पीजीआईएमएस) स्थानांतरित कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

बच्चे की मां ने सात मई को सेक्टर 10 थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. पुलिस ने बताया कि शनिवार को जांच के बाद गिरफ्तार किए गए सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान आरोपी सिंह ने बताया कि छह मई को उसे कोई काम नहीं मिला, तो वह घर लौट आया और शराब पीने लगा.’’ सुमन कुमार सिंह मजदूरी करके गुजर बसर करता था.

मां से शिकायत करने की दी धमकी

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया, ‘जब उसने (सिंह) अपने बेटे से पानी मांगा तो सत्यम ने मना कर दिया. इस पर सुमन ने गुस्से में आकर सत्यम को थप्पड़ मार दिया तो बच्चे ने धमकी दी कि वह अपनी मां से इसकी शिकायत करेगा. गुस्से में सुमन ने सत्यम का सिर कई बार दीवार पर पटक दिया, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

SPORTS : शाहिद अफरीदी ने फिर उगला जहर, कहा- ‘PM मोदी को अब..

0

Shahid Afridi: ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान को सबक सिखाया लेकिन फिर भी पाक को अपनी हार हजम नहीं हो रही है. एक बार फिर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी एक के बाद एक भारत के खिलाफ जहर उगलने का काम शुरू कर दिया है. रविवार को पाकिस्तान की सेना की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय आक्रामकता के प्रति यह एक निर्णायक प्रतिक्रिया री. उन्होंने कहा कि नई दिल्ली ने इस्लामाबाद को कम आंका था.

कराची के सी व्यू में आयोजित “यौम-ए-तशकूर” (कृतज्ञता दिवस) रैली में बोलते हुए अफरीदी ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “युद्ध जुनून” ने भारत को एक मुसीबत में धकेल दिया है.” अफरीदी ने कहा, ”PM मोदी को अब एहसास हो गया है कि पाकिस्तान से भिड़ना कितना महंगा है.”

बता दें कि इससे पहले शाहिद अफरीदी के घर का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें घर के ऊपर पाकिस्तान का झण्डा लहरा रहा था. तेज हवाओं के बीच शाहिद अफरीदी अपने घर की छत पर टहलते नजर आए और बोतल से कुछ पीते भी दिखे. उन्होंने कैप्शन में लिखा, “मेरी उम्मीद, मेरा विश्वास, मेरी वीरता, मेरी ताकत और मेरा भविष्य.”

बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत हो गई थी. उसके 15 दिन बाद ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor India) के जरिए भारत ने अपना बदला (Pahalgam Attack Revenge) ले लिया है. भारतीय सेना की कार्यवाई में 90 आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया गया.

पहलगाम में आतंकियों के कायराना हरकत के बाद से ही शाहिद अफरीदी जहर उगल रहे हैं. उन्होंने इस हमले के लिए भारतीय सेना को ही जिम्मेदार ठहरा दिया. जिसके बाद शिखबर धवन समेत कई भारतीय क्रिकेटर्स ने उनकी बोलती बंद कर दी थी.

NATIONAL : दिल्ली में अब ज्यादा आएगा बिजली बिल! 10 फीसदी तक हो सकती है बढ़ोतरी

दिल्ली में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है. बिजली वितरण कंपनियों ने पावर परचेज एडजस्टमेंट कॉस्ट (यानी बिजली खरीद समायोजन शुल्क या PPAC) में बदलाव करने का ऐलान किया है. इसके चलते मई-जून की अवधि में बिजली बिल 7 से 10 फीसदी तक बढ़ जाएंगे.

बिजली कंपनियों के अधिकारियों ने रविवार (11 मई) को ही यह जानकारी दे दी थी. बिजली खरीद समायोजन शुल्क (PPAC) तब बढ़ाया जाता है जब कोयला और गैस जैसे ईंधन की लागत में बढ़ोतरी हो जाती है. बढ़े हुए ये दाम बिजली वितरण कंपनियां उपभोक्ताओं से वसूलती हैं.

प्रति यूनिट पर परसेंटेज के हिसाब से होती है बढ़त
इसे बिजली बिल के निर्धारित शुल्क और ऊर्जा शुल्क (कितनी यूनिट बिजली उपयोग की गई) के हिसाब से प्रतिशत के रूप में जोड़ा जाता है. दिल्ली बिजली नियामक आयोग (DERC) ने तीनों बिजली वितरण कंपनियों को अक्टूबर से दिसंबर 2024 के बीच आई बिजली खरीद समायोजन शुल्क (PPAC)  को मई-जून 2025 में उपभोक्ताओं से वसूलने की अनुमति दी थी.

इतने फीसदी बढ़ोतरी तय
पीपीएसी की दरें बीआरपीएल के लिए 7.25 प्रतिशत, बीवाईपीएल के लिए 8.11 प्रतिशत और टीपीडीडीएल के लिए 10.47 फीसदी तय की गई हैं. डीईआरसी द्वारा मंजूर की गई इस बढ़ोतरी पर बिजली वितरण कंपनियों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

बिजली के बढ़ते दाम का विरोध
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने बिजली कंपनियों के इस कदम का विरोध किया है और बढ़ाए गए दाम के फैसले को मनमाना करार दिया है. यूनाइटेड रेजिडेंट्स ऑफ दिल्ली का कहना है कि डीईआरसी ने दिल्ली के लोगों पर जिस प्रक्रिया के तहत पीपीएसी शुल्क लगाया है, वह कानून रूप से गलत है. हालांकि, कंपनियों का कहना है कि पीपीएसी की वसूली बिजली खरीद लागत को समय पर उपभोक्ता तक पहुंचाने के लिए की जाती है, जो कोयले और गैस की कीमतों पर निर्भर करती है. पीपीएसी के बिना डिस्कॉम पर दबाव बनेगा.

NATIONAL : क्या आपके आधार कार्ड का हो रहा गलत इस्तेमाल? ऐसे फटाफाट कर सकते हैं चेक

0

डिजिटल दौर में जहां पहचान की चोरी तेजी से बढ़ रही है, वहां जरूरी हो जाता है कि हम समय-समय पर यह जांचते रहें कि हमारा आधार नंबर कहीं किसी गलत काम में तो नहीं इस्तेमाल हो रहा. आधार कार्ड देश के सबसे अहम दस्तावेजों में से एक है. यह बैंक अकाउंट, सिम कार्ड और सरकारी योजनाओं से जुड़ा होता है. अच्छी बात यह है कि UIDAI ने कुछ ऐसे टूल्स उपलब्ध करवाए हैं जिनकी मदद से आप यह देख सकते हैं कि आपके आधार का इस्तेमाल कब, कहां और कैसे हो रहा है.

UIDAI की वेबसाइट से कर सकते हैं पता

जानकारी के मुताबिक, सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://uidai.gov.in पर जाएं. यह आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए एकमात्र सुरक्षित पोर्टल है. किसी भी थर्ड पार्टी या अनजान वेबसाइट का इस्तेमाल न करें इससे आपके डेटा की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है.

“Aadhaar Authentication History” टूल का इस्तेमाल करें

वेबसाइट के होमपेज पर “My Aadhaar” सेक्शन में जाएं और वहां से “Aadhaar Authentication History” का विकल्प चुनें. इसके बाद अपना 12 अंकों का आधार नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा सिक्योरिटी कोड दर्ज करें.

ओटीपी प्राप्त करें

“Send OTP” पर क्लिक करें. इसके बाद आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक वन-टाइम पासवर्ड (OTP) आएगा. उस OTP को दर्ज कर आगे बढ़ें.

अपनी ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री जांचें

अब आप यह देख पाएंगे कि आपके आधार नंबर का उपयोग किन-किन सेवाओं और जगहों पर किया गया है. इसमें बायोमेट्रिक, ओटीपी और डेमोग्राफिक ऑथेंटिकेशन शामिल होंगे. अगर कोई ऐसा इस्तेमाल दिखे जो आपने नहीं किया, तो सावधान हो जाएं.

गलत इस्तेमाल दिखे तो क्या करें?

अगर आपको लगता है कि आपके आधार का कहीं अनधिकृत या संदिग्ध तरीके से उपयोग हुआ है, तो तुरंत UIDAI से संपर्क करें. आप टोल-फ्री नंबर 1947 पर कॉल कर सकते हैं या help@uidai.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं. साथ ही, आप UIDAI पोर्टल से अपने आधार नंबर को अस्थायी रूप से लॉक भी कर सकते हैं जब तक मामला सुलझ न जाए.

NATIONAL : जानिए आखिर क्यों पाकिस्तान के 8000 X अकाउंट्स कर दिए बंद

0

भारत और पाकिस्तान का तनाव अब केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अब देश की सुरक्षा के लिए डिजिटल दुनिया में भी बड़ा कदम उठाया गया है. दरअसल भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान सोशल मीडिया पर जमकर अफवाहें फैलाई जा रही है. इन अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) ने भारत सरकार के निर्देश पर ऐसे 8,000 से ज्यादा अकाउंट्स को ब्लॉक करना शुरू कर दिया है, जो देश में डर और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे थे. ये अकाउंट्स पाकिस्तान या उसके समर्थन से जुड़े बताए जा रहे हैं. कई अकाउंट्ल तो ऐसे हैं जो झूठे वीडियो, पुरानी तस्वीरें और भड़काऊ सामग्री फैलाकर माहौल बिगाड़ने में जुटे थे.

देश की सुरक्षा पहले

सूत्रों की मानें तो ये कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हो रही भारत की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें सिर्फ जमीनी सीमा पर ही नहीं, बल्कि साइबर स्पेस में भी दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है. X की गवर्नमेंट अफेयर्स टीम ने पुष्टि की है कि जिन अकाउंट्स को ब्लॉक किया गया है, वो अब भारत में नहीं दिखाई देंगे.

क्यों किया गया अकाउंट बैन

पिछले कुछ दिनों में देखा गया कि सोशल मीडिया पर Indo-Pak तनाव को लेकर कई भ्रामक पोस्ट वायरल हो रहे थे. इनमें से कुछ पोस्ट्स में फर्जी युद्ध के वीडियो, झूठे दावे और पुरानी घटनाओं को तोड़-मरोड़ कर दिखाया जा रहा था. इससे आम लोगों में डर और गुस्सा फैलने लगा था.

सरकार की सख्ती रंग लाई

भारत सरकार ने समय रहते सख्ती दिखाई और X को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन फर्जी और भड़काऊ अकाउंट्स पर तत्काल कार्रवाई की जाए. इसके बाद कंपनी ने बिना देर किए ये कदम उठाया. इस पहल का मकसद है कि देश की डिजिटल सीमाओं को भी सुरक्षित रखा जा सके.

जनता से भी सहयोग की अपील

सरकार और X दोनों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सूचना को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता जांचें. अनजाने लिंक, भड़काऊ पोस्ट या किसी संदिग्ध वीडियो को आगे बढ़ाने से बचें. अगर कोई पोस्ट संदिग्ध लगे, तो उसे रिपोर्ट करें और दूसरों को भी सतर्क करें. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने साफ कर दिया है कि अब लड़ाई सिर्फ मैदान में नहीं, मोबाइल स्क्रीन पर भी लड़ी जा रही है. देश की अखंडता और सुरक्षा के लिए उठाया गया यह कदम उन सभी के लिए एक चेतावनी है, जो अफवाह फैलाकर भारत की शांति भंग करना चाहते हैं. अब जो भी देश की सुरक्षा से खेलेगा, उसे डिजिटल सजा भी मिलेगी.

NATIONAL : सीजफायर के बाद खोले गए 32 एयरपोर्ट, पाकिस्तान से तनाव के बीच किए गए थे बंद

0

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बंद किए गए 32 एयरपोर्ट को फिर से खोला जाएगा. इस बात की जानकारी एयरपोर्ट अथॉरिटी ने प्रेस रिलीज जारी करके सोमवार (12 मई, 2025) को दी गई. एएआई ने देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में 32 हवाई अड्डों को खोलने के लिए एयरमेन को नोटिस (नोटम) जारी किया है.

इन हवाई अड्डों में अधमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुर, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलाई शामिल थे. यहां ये जान लेना भी जरूरी है कि 200 से ज्यादा उड़ानें रद्द और प्रभावित हुई हैं. भारत में अलग-अलग प्रमुख एयरलाइनों ने यात्रा संबंधी सलाह जारी की है कि वे जांच कर लें और उसके मुताबिक यात्रा करें.

एएआई ने जारी की प्रेस रिलीज

10 मई को भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा और रविवार (11 मई, 2025) को एलओसी पर काफी हद तक शांतिपूर्ण स्थिति के बाद एएआई और भारत के अन्य विमानन प्राधिकरणों ने 32 हवाई अड्डों को फिर से खोलने के संबंध में एक नोटिस जारी किया है. एएआई ने कहा, “यह सूचित किया जाता है कि ये हवाई अड्डे अब तत्काल प्रभाव से नागरिक विमान परिचालन के लिए उपलब्ध हैं. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरलाइनों से सीधे उड़ान की स्थिति की जांच करें और नियमित अपडेट के लिए एयरलाइन की वेबसाइटों की निगरानी करें.”

7 मई को कर दिया गया था बंद

7 मई की सुबह भारत ने इन हवाई अड्डों को 10 मई की सुबह 5.29 बजे तक के लिए बंद कर दिया था. बाद में इसे 15 मई की सुबह 5.29 बजे तक के लिए बढ़ा दिया गया. 7 मई से सोमवार सुबह तक इन 32 हवाई अड्डों से करीब 1,500 उड़ानें संचालित होनी थीं. बंद होने की वजह से इन उड़ानों को रद्द करना पड़ा.

BOLLYWOOD : पैसों के लिए मर्दों के साथ सोई एक्ट्रेस, पिता ने स्कूल में गलत हरकत करते पकड़ा था

सनी लियोनी ने बॉलीवुड में खूब नेम-फेम पाया है. उन्होंने जिस्म 2 से बॉलीवुड में शुरुआत की थी. हालांकि, बॉलीवुड में आने से पहले सनी लियोनी एडल्ट स्टार थीं. एडल्ट इंडस्ट्री में जाने से पहले सनी लियोनी का नाम करण जीत कौर वोहरा था. वो इंडियन सिख फैमिली से आती हैं. सनी लियोनी कनाडा में रहती थीं. लेकिन फिर उन्होंने फैमिली के खिलाफ जाकर एडल्ट इंडस्ट्री ज्वॉइन करने का फैसला लिया.

सनी लियोनी ने बताया कि वो एक एक्टर के तौर पर एडल्ट फिल्म करना चाहती थीं इसीलिए उन्होंने ये प्रोफेशन चुना था. उन्हें किसी ने फोर्स या इंफ्लुएंस नहीं किया था. सनी ने ये भी कहा कि उन्हें कोई पछतावा नहीं है. जब सनी लियोनी ने एडल्ट इंडस्ट्री में एंट्री ली थी तब वो 18 साल की थीं.

पिता ने किस करते हुए पकड़ा
सनी लियोनी पर ‘करनजीत कौर – द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ सनी लियोनी’ नाम से सीरीज बनी है. इसमें सनी लियोनी ने खुद अपना रोल प्ले किया है. सनी लियोनी ने बताया कि एक बार उनके पिता ने उन्हें किस करते हुए पकड़ लिया था. ये सनी लियोनी का पहला किस था. सनी लियोनी स्कूल में अपने बॉयफ्रेंड को किस कर रही थीं तब उनके पिता ने उन्हें पकड़ लिया था. इसके बाद उनके घर में बहुत ड्रामा हुआ था.

अब सनी लियोनी को एडल्ट इंडस्ट्री छोड़े कई साल हो चुके हैं. सनी लियोनी 2011 में इंडिया आई थीं. उन्होंने बिग बॉस में हिस्सा लिया था. इसके बाद से सनी लियोनी बहुत चर्चा में रहीं. सनी लियोनी को बिग बॉस के घर में ही फिल्म जिस्म 2 मिल गई थी, महेश भट्ट ने उन्हें बिग बॉस के अंदर ही फिल्म ऑफर की थी.

इसके बाद सनी लियोनी जैकपॉट, शूटआउट एट वडाला, रागिनी एमएमएस 2, हेट स्टोरी 2, एक पहेली लीला, सिंह इज ब्लिंग, वन नाइट स्टैंड जैसी फिल्मों में दिखीं. उन्होंने कई पॉपुलर आइटम सॉन्ग भी किए हैं.

ENTERTAINMENT : मां श्वेता तिवारी से लगातार तुलना किए जाने पर बोलीं पलक तिवारी

0

टीवी की मोस्ट पॉपुलर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी पलक तिवारी भी काफी फेमस हैं. पलक ने कई म्यूजिक एल्बम के बाद सलमान खान स्टारर किसी का भाई किसी की जान से बॉलीवुड में एंट्री की थी. फिल्म में पलक की एक्टिंग की काफी तारीफ हुई थी. वे सोशल मीडिया पर भी काफी पॉपुलर हैं. वहीं अब पलक तिवारी ने हाल ही में अपनी मां श्वेता तिवारी से लगातार तुलना किए जाने के बारे में बात की है.

मां श्वेता से तुलना किए जाने पर क्या बोलीं पलक तिवारी? 
आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में  पलक ने अपनी माँ श्वेता से लगातार तुलना किए जाने पर बात की और कहा कि उन्हें लगता है कि उनकी मां के दशकों लंबे करियर और सफलता को देखते हुए उनके साथ तुलना करना अनफेयर है. पलक ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. अगर कुछ है तो वह यह कि मेरी मां को ही प्रतिक्रिया देनी चाहिए. उन्होंने जो कुछ भी हासिल किया है, उसके बाद उनकी तुलना उनकी आधी उम्र के किसी से की जाए – यह फेयर नहीं है. मैं रियलिटी में बहुत खुश हूं. मुझे नहीं लगता है कि मैं उनकी तरह दिखती हूं, लेकिन मेरा सपना है कि एक दिन मैं खुद को उनके जैसा बना सकूं. अगर मैं लोगों से थोड़ा भी जुड़ पाई, जितना उन्होंने किया, तो मैं खुद को सफल मानूंगी.

रोमियो एस 3 को लेकर पलक ने क्या कहा? 
पलक ने गुड्डू धनोआ द्वारा निर्देशित अपने लेटेस्ट प्रोजेक्ट रोमियो एस 3 के बारे में भी बात की. एक्शन ड्रामा को शूटिंग के दौरान उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, इस बारे में पूछे जाने पर पलक ने बताया, “मुझे लगता है कि यह काफी क्लियर है, यह मेरे लिए एक बड़ा मोमेंट था. यह मेरी पहली फिल्म थी, कैमरे के सामने मेरा पहला अभिनय था. मैं हर चीज के लिए बिल्कुल नई थी. गुड्डू सर ने मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनने का जो मौका दिया, वह बहुत मायने रखता है. ऐसा लगा कि मुझे इसे अपना सब कुछ देना है. उन्होंने इतने बड़े सितारों के साथ काम किया है और एक निर्देशक के रूप में उनका बहुत सम्मान है. उनके साथ जुड़ना ही एक रिस्पेर्ट की बात थी और एक्शन फिल्में हमेशा मजेदार होती हैं. लोग उन्हें पसंद करते हैं. यह मेरे लिए एक एक्साइटिंग लॉन्च था.”

पलक तिवारी की रोमियो एस 3 कब होगी रिलीज? 
बता दें कि पलक रोमियो एस 3 में एक जर्नलिस्ट की भूमिका निभाती नजर आएंगी, जिसमें वह ठाकुर अनूप सिंह के साथ स्क्रीन स्पेस साझा करती दिखेंगी. यह फिल्म 16 मई को रिलीज होने वाली है. पलक की आखिरी रिलीज हॉरर कॉमेडी द भूतनी थी, जिसमें संजय दत्त, मौनी रॉय और सनी सिंह भी थे. यह फिल्म 1 मई को रिलीज हुई थी. हालांकि ये बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं कर पाई थी.

BUSINESS : SIP ने तोड़ दिए सारे रिकॉर्ड, एक महीने में 26 हजार करोड़ से ज्यादा रहा इनफ्लो

0

अगर आप भी SIP यानी सिस्टमैटिक इनवेस्टमेंट प्लान में निवेश करते हैं तो ये खबर आपके लिए जरूरी है. दरअसल, अप्रैल 2025 में SIP के जरिए म्यूचुअल फंड्स में निवेश ने एक नया इतिहास रच दिया. Association of Mutual Funds in India (AMFI) की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल में 26,632 करोड़ का इनफ्लो हुआ, जो अब तक का सबसे ज़्यादा है. सबसे बड़ी बात कि इसमें लगभग 8.38 करोड़ निवेशकों ने हिस्सा लिया. यानी लोग अब SIP के जरिए पैसा निवेश करने में दिलचस्पी दिखाने लगे हैं.

इक्विटी फंड्स की हालत कुछ अलग

जहां SIP इनफ्लो में रिकॉर्ड बन रहा है, वहीं इक्विटी फंड्स में लगातार छठे महीने गिरावट देखने को मिली. अप्रैल में इक्विटी स्कीम्स में इनफ्लो गिरकर 24,269 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले 12 महीनों का सबसे कम आंकड़ा है. स्मॉल-कैप स्कीम्स में इनफ्लो 2.3 फीसदी गिरकर 3,999 करोड़ रह गया. इसके अलावा, मिड-कैप स्कीम्स में 3.6 फीसदी गिरावट दिखी, जबकि लार्ज-कैप फंड्स में हल्की सी तेजी देखने को मिली, जिसका इनफ्लो 2,671 करोड़ रहा. वहीं, सेक्टोरल और थीमैटिक फंड्स में निवेश ने जबरदस्त उछाल लिया, जो 2,001 करोड़ रहा. इस बार ये उछाल किसी नए NFO (New Fund Offer) से नहीं, बल्कि खुद निवेशकों की दिलचस्पी से आया है.

हाइब्रिड फंड्स की वापसी

गोल्ड ETF से अप्रैल में हल्का सा आउटफ्लो हुआ, जो 5.82 करोड़ रहा. माना जा रहा है कि निवेशकों ने गोल्ड के ऑल-टाइम हाई पर पहुंचने के बाद मुनाफा बुक कर लिया. वहीं, हाइब्रिड फंड्स, खासकर अरबिट्राज स्कीम्स, में 11,000 करोड़ का इनफ्लो आया है, यानी ये अब ‘पार्किंग स्पेस’ बनते जा रहे हैं, जहां लोग पैसे को अस्थायी तौर पर लगाकर आगे की प्लानिंग कर रहे हैं.

निवेशक अब ‘फंडामेंटल्स’ से चल रहे हैं

AMFI का डेटा साफ दिखाता है कि आज का भारतीय निवेशक सोशल मीडिया या अफवाहों के शोर में नहीं फंसता. वह लंबे समय की सोच के साथ फंडामेंटल्स पर फोकस कर रहा है. भले ही अप्रैल में नेट इनफ्लो में 3.2 फीसदी की गिरावट आई हो, लेकिन इक्विटी AUM (Asset Under Management) में 4 फीसदी और पूरी इंडस्ट्री AUM में 6 फीसदी की ग्रोथ हुई है, अब कुल AUM रिकॉर्ड 69.9 लाख करोड़ पर पहुंच गया है.

NATIONAL : भारत और पाकिस्तान सीजफायर के बीच आयी अच्छी खबर, जानकर चीन-पाक को लगेगी मिर्ची

0

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का पाकिस्तान को ऐसा मुंहतोड़ जवाब दिया है कि अब वो आगे फिर इस तरह का दुस्साहस करने से पहले अब सौ बार सोचेगा. इस बार उसे ऐसी मार पड़ी कि भारत की शर्तों पर सीजफायर के लिए मजबूर होना पड़ा. उसी के अनुरोध के बाद भारत ने अपनी हामी भरी है. इस तरह 22 अप्रैल के हमले के बाद भारतयीय सेना ने 7 मई को संयुक्त अभियान चलाकर अब पाकिस्तान का घमंड पूरी तरह से तोड़ दिया है.

पाकिस्तान के खिलाफ सेना के ज्वाइंट ऑपरेशन से पहले खुद पीएम मोदी ने कहा था कि आतंकियों को मिट्टी में मिला देंगे और भारतीय सेना ने बहावलपुर, मुरीदके और मुजफ्फराबाद में बिल्कुल वही किया. इस अभियान में पाकिस्तान के कई आतंकियों को ढेर कर दिया गया.

घरेलू मोर्चे पर अच्छी खबर

इन सबके बीच भारत के लिए घरेलू मोर्चे पर अच्छी खबर है. भारतीय उद्योग परिसंघ यानी सीआईआई का अनुमान है कि भारत की जीडीपी 6.5 फीसदी की दर से आगे बढ़ सकती है. सीआईआई के अध्यक्ष संजीव पुरी का कहना है कि देश की इकोनॉमी भू-राजनीतिक मुद्दों के अल्पकालिक प्रभाव से उबरने के लिए काफी मजबूत है.

समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटव्यू में उन्होंने कहा कि भारत को बढ़ती व्यापार बाधाओं को देखते हुए राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते करने चाहिए. ऊर्जा, परिवहन, धातु, रसायन और आतिथ्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निजी निवेश में वृद्धि के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण निवेश में ‘कुछ सतर्कता’ आ सकती है.

6.5 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी जीडीपी

सीआईआई के अध्यक्ष भारत के जीडीपी ग्रोथ पर कहा कि हम 6.5 प्रतिशत की दर की उम्मीद कर रहे हैं. हमारा मानना ​​है कि ये संख्या मौलिक रूप से हासिल की जा सकती है, क्योंकि तथ्य ये है कि हम एक उचित रूप से अच्छी नींव, मजबूत आर्थिक आधार के साथ शुरुआत कर रहे हैं.”

संजीव पुरी ने कहा कि हाल के दिनों में ब्याज दर में कमी आई है. मुद्रास्फीति नरम होती जा रही है. एक अप्रैल से व्यक्तिगत आयकर में छूट मिल रही है. पिछले वर्ष की दूसरी छमाही में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र में निवेश बढ़ा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं पर प्रस्तावित उच्च शुल्क और वैश्विक स्तर पर बढ़ते संरक्षणवाद की प्रवृत्ति पर, उन्होंने ये माना कि  इस समय व्यापार में अधिक से अधिक बाधाएं आ रही हैं.

उन्होंने सुझाव दिया कि भारत को द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) करने चाहिए जो पारस्परिक रूप से लाभकारी और राष्ट्रीय हित में हों. संजीव पुरी का मानना है कि इसलिए भारत जिन देशों को आगे बढ़ा रहा है और उनमें से बड़े देश अमेरिका और यूरोपीय संघ हैं, वे महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्रीय हित के दृष्टिकोण से जो कुछ भी करना है, वह करना चाहिए, और मुझे लगता है कि सबसे महत्वपूर्ण ये द्विपक्षीय व्यापार समझौते हैं.

- Advertisement -