Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 698

NATIONAL : झज्जर में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर राहुल धांधलानिया के घर फायरिंग, हमलावरों ने दी ये धमकी

0
Firing 

सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर राहुल धांधलानिया के झज्जर स्थित घर पर 2 बदमाशों ने फायरिंग कर दी और धमकी देकर फरार हो गए. हमले के वक्त राहुल घर पर नहीं थे, दोनों आरोपी अब पुलिस गिरफ्त में हैं.हरियाणा के झज्जर जिले में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर राहुल धांधलानिया के घर पर फायरिंग से सनसनी फैल गई है. सोशल मीडिया पर राहुल अपने देसी अंदाज और चर्चित डायलॉग “बाबे की दया तै” के लिए मशहूर हैं. यह घटना उस समय हुई जब राहुल घर पर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

मिली जानकारी के अनुसार, 2 युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर राहुल के घर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी के बाद आरोपियों ने वहां मौजूद लोगों को धमकाते हुए कहा, “राहुल सोशल मीडिया पर हमारे बारे में बोलता है, अब देख लेंगे उसको.” इस धमकी से राहुल और उनके परिवार की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं.

गनीमत रही कि घटना के समय राहुल घर पर मौजूद नहीं थे. हमले के तुरंत बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से एक हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी उस वक्त वहां से फरार हो गया. पुलिस ने छानबीन तेज करते हुए कुछ ही घंटों में दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया.

राहुल धांधलानिया सोशल मीडिया पर अपनी देसी शैली और नॉनस्टॉप संवाद अदायगी के लिए जाने जाते हैं. rahul_dhandlaniya नाम से उनका इंस्टाग्राम अकाउंट है जिसे 1.3 Million लोग फॉलो करते हैं. इंस्टाग्राम के अलावा यूट्यूब और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर उनकी लाखों की संख्या में फॉलोइंग है.

राहुल के प्रशंसकों ने इस हमले की सोशल मीडिया पर कड़ी निंदा की है और उन्हें सुरक्षा देने की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी छानबीन की जा रही है.

 

PUNJAB : ‘हम अपनी सेना का समर्थन…’ भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव पर पंजाब के युवाओं का जोश हाई

0

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौते के बाद पंजाब के गुरदासपुर में जीवन सामान्य नजर आया है. यहां के बेहरामपुर गांव के युवा सीजफायर से खुश नजर आए और कहा कि वह अब स्कूल-कॉलेज जा सकेंगे और अपना काम कर सकेंगे. साथ ही युवाओं ने कहा कि हम अपनी सेना का समर्थन करने के लिए मौजूद हैं.

भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सीजफायर समझौते के चंद घंटों बाद ही एक बार फिर सीमा पर गोलियों की गूंज सुनाई दी. जम्मू-कश्मीर से लेकर पंजाब तक पाकिस्तान ने उकसावे की कार्रवाई की. जिससे सीमावर्ती इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और सेना को अभी भी अलर्ट पर रखा गया है. हालांकि, सीमावर्ती राज्यों में स्थिति अब सामान्य होने लगी है. इसी बीच पंजाब के गुरदासपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बेहरामपुर गांव के युवाओं के एक समूह के साथ चौपाल की.

सीजफायर के बाद यहां पर युवा वॉलीबॉल खेलते नजर आए. सीजफायर को लेकर युवाओं का कहना है कि वे युद्ध विराम की घोषणा से खुश हैं.युवाओं का कहना है कि अब जीवन सामान्य हो सकता है और हम स्कूल और कॉलेज जा सकते हैं. पंजाब में बहादुरी की एक महान विरासत है और हम अपनी सेना का समर्थन करने के लिए वहां मौजूद हैं.

युवाओं ने कहा कि हमारे दादा हम लोगों को 1971 और 1999 युद्ध को लेकर बताते थे कि युद्ध में कैसी स्थिति होती है. भारत-पाक के बीच जंग जैसे हालात बन गए थे. हम लोगों ने पहली बार इस तरह की स्थिति का सामना किया. युद्ध में बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इस दौरान मौजूद एक युवा ने कहा कि मैं एनडीए में जाने के लिए अकादमी में ट्रेनिंग ले रहा हूं. मुझे ट्रेनिंग में सिखाया जाता है कि कैसे दुश्मनों का मुकाबला करना है. अगर युद्ध होता है तो मैं देश सेवा के लिए हमेशा तैयार रहूंगा.

NATIONAL : सीवान के डायल 112 के दारोगा और चालक सस्पेंड, नर्तकी के अर्धनग्न डांस का उठा रहे थे लुत्फ

0

यह वीडियो पचरुखी थाना के नारायणपुर गांव का है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद एसपी अमितेश कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दारोगा विनोद कुमार और चालक निलंबित कर दिया है.

सीवान जिले के जीरादेई थाना के 112 नंबर डायल के दारोगा विनोद कुमार और चालक रूपेश कुमार का एक वीडियो शनिवार से ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि दारोगा विनोद कुमार और चालक के सामने भोजपुरी अश्लील गानों पर ओर्केस्ट्रा की नर्तकी अर्धनग्न डांस कर रही है. इसका लुत्फ दारोगा और चालक जमकर उठा रहे है.

सबसे बड़ी बात यह है कि दारोगा वर्दी में है और उन्हें इस बात का डर भी नहीं है कि हमारे उच्च अधिकारियों तक ये वीडियो चला गया तो फिर क्या होगा? अब वर्दीधारी दारोगा और चालक का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो पचरुखी थाना के नारायणपुर गांव का है. इस वीडियो के वायरल होने के बाद एसपी अमितेश कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दारोगा विनोद कुमार और चालक निलंबित कर दिया है.

दरअसल जीरादेई थाना के 112 नम्बर गाड़ी के दारोगा ASI विनोद कुमार अपने सरकारी चालक रूपेश कुमार के साथ वर्दी में अपने इलाके के थाने में नहीं बल्कि पचरुखी थाना इलाके के किसी गांव में शादी के दौरान पहुंचे थे. वहां पर पहले से ओर्केस्ट्रा की बार बालाओं के जरिए भोजपुरी गाने पर अर्धनग्न डांस चल रहा था. दारोगा के पास अर्धनग्न अवस्था मे डांसर चली आई, जहां दारोगा ने जमकर डांसर के अश्लील डांस का मजा लिया. यही नहीं वर्दी में चालक रूपेश कुमार ने नर्तकी को रुपये भी दिए.

इस पूरे मामले का वीडियो वहां के कुछ लोगों ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले के संज्ञान में आने के बाद जिले के एसपी अमितेश कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दारोगा विनोद कुमार और चालक रूपेश कुमार को निलंबित कर दिया है.

 

NATIONAL : ‘फौज में जाकर पापा की शहादत का लूंगी बदला’, बोली उधमपुर में शहीद जवान सुरेंद्र की 11 वर्षीय बेटी

0

सीमापार से पाकिस्तान द्वारा की गई गोलाबारी में राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सुरेंद्र मोगा शहीद हो गए. उनकी 11 वर्षीय बेटी वर्तिका ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे अपने पिता पर गर्व है. मैं सेना में जाकर पापा के शहादत का बदला लूंगी.

सीमापार से पाकिस्तान द्वारा की गई गोलबारी से राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सुरेंद्र मोगा शहीद हो गए. उनकी 11 वर्षीय बेटी वर्तिका ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे अपने पिता पर गर्व है. मेरे पापा बहुत अच्छे थे. दुश्मनों का खात्मा करके वह खुद शहीद हो गए. मेरे पापा ने देश की रक्षा की है. पापा से मेरी बात आखिरी बार 9 बजे रात हुई थी. मैंने पापा को बताया कि यहां पर ड्रोन उड़ रहे हैं, लेकिन हमले नहीं हो रहे हैं. हम सब लोग सेफ हैं.

शहीद सुरेंद्र मोगा की बेटी ने कहा कि पाकिस्तान का नाम भी खत्म होना चाहिए. पाकिस्तान का खात्मा होना चाहिए. मैं भी बड़ी होकर फौजी बनूंगी, पापा की मौत का बदला लूंगी. चुन-चुनकर आतंकियों को मारूंगी. आपको बता दें कि रविवार को शहीद सुरेंद्र मोगा की पार्थिव देह झुंझुनूं के मंडावा पहुंची. मंडावा कस्बे के बिसाऊ चौराहे से उनके शव को मेहरादासी गांव लाया जा रहा है. इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं. कस्बे से गांव तक 10 किलोमीटर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी.

शहीद सुरेंद्र मोगा के पिता भी फौज में थे. परिवार में तीन बड़ी बहनों के अलावा सबसे छोटा भाई, 11 वर्षीय बेटी, पत्नी और 7 साल का बेटा है. सुरेंद्र का चयन भारतीय वायु सेना में 1 जनवरी 2010 में हुआ था. उन्होंने राजस्थान पब्लिक स्कूल और जीआर पब्लिक स्कूल झुंझनूं ने स्कूलिंग की थी. इसके बाद उन्होंने मोरारका कॉलेज झुंझुनूं से बीएससी किया. इस समय उनकी तैनाती उधमपुर एयर बेस पर थी और वे पाकिस्तानी हमले में शहीद हो गए.

उनका पार्थिव देह रविवार को सुबह 8 बजे दिल्ली पहुंचा. यहां गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पार्थिव देह उनके पैतृक गांव मेहरादासी लाया जा रहा है. यहां उनका सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा. उनकी शहादत को सीएम भजनलाल शर्मा ने नमन किया है.

 

UP : भारत-पाक तनाव के बीच भदोही में बढ़ाई गई सुरक्षा, होटल और रेलवे स्टेशनों पर पुलिस ने की चेकिंग

0

भारत-पाकिस्तान तनाव के मद्देनजर भदोही में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने होटल, ढाबा और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया. साथ ही लोगों से जागरूक रहने की अपील की.

भारत की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर तहत पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. इसी के मद्देनजर भदोही जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने होटल, ढाबा और रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान संदिग्ध लोगों के सामानों की चेकिंग की गई. पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनाए हुए है.

यूपी में रेड अलर्ट के बाद भदोही जनपद में इसकी बानगी देखी गई है. पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्र में पुलिस में विशेष चेकिंग अभियान चलाये हुये जनता को किसी भी अप्रिय घटना से बचने और आसपास कुछ भी संदिग्ध लगने पर पुलिस को तत्काल सूचना दे.

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर वर्तमान में जो हालात बने हुए हैं उसको लेकर भदोही में भी पुलिस हाई अलर्ट पर है. भदोही जनपद के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पुलिस में पैदल भ्रमण किया है. इस दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, होटलों सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर चेकिंग अभियान भी चलाया.

पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि होटल में रुकने वाले लोग कहां-कहां से आते है, किस काम के लिये आते जाते है, कितने लोग रुके है, जैसे तमाम की जानकारियां एकत्रित की गई है. डिप्टी एसपी का कहना है कि सोशल मीडिया पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है. साथ ही लोगों को निर्देशित किया गया है कि कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट कर माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उस पर कड़ी और बड़ी कार्रवाई की जाएगी.

भदोही डिप्टी एसपी ने बताया कि होटल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर मौजूद लोगों से अपील की गई है कि जागरूकता के साथ साथ सतर्क रहने की भी जरूरत है. कोई भी वस्तु या व्यक्ति संदिग्ध लगे तो इसकी सूचना तत्काल अपने नजदीकी पुलिस को या बड़े अधिकारियों को दे. उन्होंने कहा कि देश के खातिर सभी को नागरिकों एकजुट रहने की आवश्यकता है, तभी हम दुश्मन देशों से जीत सकते है.

 

MEERUT : तंत्र मंत्र नहीं लव अफेयर में किया गया सौरभ का कत्ल, मेरठ हत्याकांड की चार्जशीज ने खोले कई राज

0

पुलिस ने चार्जशीट में ये माना है कि सौरभ की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी मुस्कान और साहिल नीले ड्रम से पहले उसकी लाश को सूटकेस के पैक कर ठिकाने लगाना चाहते थे.

मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड के बाद साहिल और मुस्कान सौरभ की लाश को नीले ड्रम की बजाय सूटकेस में पैक कर ठिकाने लगाने की तैयारी में थे, लेकिन ये सूटकेस छोटा पड़ गया और इसी वजह से सूटकेस में लाश ठिकाने लगाने के प्लान को दोनों ने कैंसिल कर दिया. ये जिक्र सौरभ हत्याकांड की फाइनल हुई चार्जशीट में किया गया है. ये चार्जशीट करीब 1000 पन्नों की बताई जा रही है.

तीन मार्च को मेरठ में हुए सौरभ हत्याकांड की पुलिस ने फाइनल चार्जशीट तैयार कर ली है. पुलिस ने चार्जशीट में ये माना है कि सौरभ की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी मुस्कान और साहिल नीले ड्रम से पहले उसकी लाश को सूटकेस के पैक कर ठिकाने लगाना चाहते थे, जब टुकड़ों में की गई लाश को सूटकेस में रखा गया तो वो छोटा पड़ गया, इसके बाद लाश को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से जमा दिया गया. पुलिस ने सूटकेस से हड्डी का टुकड़ा बरामद किया है. साथ ही सूटकेस में खून भी लगा हुआ था. ये सूटकेस बेड बॉक्स से बरामद किया गया था.

सौरभ हत्याकांड की चार्जशीट में पुलिस ने साहिल और मुस्कान के बयानों के आधार पर दावा किया है सौरभ कि हत्या तंत्र मंत्र के चक्कर में नहीं हुई है. मुस्कान में अपने बयानों में कहा कि आठवीं क्लास तक साहिल और हम साथ पढ़े. सौरभ नौकरी के चक्कर में विदेश चला गया. इसके बाद साहिल और मुस्कान फिर संपर्क में आ गए. दोनों की नजदीकिया इस कदर बढ़ी की सौरभ को रास्ते से हटाने की ठान ली. आखिरकार साहिल और मुस्कान ने सौरभ का बेरहमी से कत्ल कर दिया.

पहले नींद की गोली खिलाई, फिर चाकू से वार कर हत्या और शरीर के कर दिए टुकड़े
ब्रह्मपुरी थाना इलाके में तीन मार्च को की गई सौरभ की हत्या की जो चार्जशीट दाखिल की है उसमें ये जिक्र किया है कि 3 मार्च की रात को मुस्कान ने अपने पति सौरभ को नींद की गोली खिलाकर बेहोश किया और फिर दोनों ने चाकू से उसके सीने पर वार कर मौत के घाट उतार दिया.

इसके बाद बाथरूम में ले जाकर सौरभ की गर्दन और उसकी कलाइयां काटी गई. फिर लाश को सूटकेस में रखा गया. काफी मशक्कत करने के बाद भी जब पूरी लाश सूटकेस में नहीं आई तो फिर उसे नीले ड्रम में भरकर सीमेंट से जमा दिया गया. सौरभ और मुस्कान लाश को सूटकेस में भरकर नाले में फेंकना चाहते थे. चार्जशीट में ये बात शामिल की गई है.

जहां से खरीदे चाकू, उस दुकानदार का नाम भी चार्जशीट में शामिल
मुस्कान और साहिल ने जिस फल काटने के चाकू से सौरभ की हत्या की, वो चाकू ब्रह्मपुरी थाना इलाके के सिंघल बर्तन स्टोर से खरीदा गया था. दुकानदार से जब पूछताछ की गई तो उसने कहा सैकड़ों दुकानदार आते हैं, लेकिन जब मुस्कान का फोटो दिखाया गया तो दुकानदार पहचान गया कि फल काटने वाले चाकू ये महिला लेकर गई थी.

पुलिस ने स्टोर के मालिक के बयान को भी चार्जशीट में शामिल किए हैं. इसी के साथ ही जली कोठी में जिस सैफुद्दीन के यहां से नीला ड्रम खरीदा गया और शारदा रोड की जिस नेशनल सीमेंट से सीमेंट और रेत खरीदा गया उन दुकानदारों ने भी मुस्कान की पहचान की है. पुलिस ने सौरभ हत्याकांड की जो चार्जशीट पुलिस ने तैयार की है वो करीब 1000 पन्नों की है. इस चार्जशीट पर एएसपी अंतरिका जैन ने अपनी मुहर लगा दी है. इस चार्जशीट को मंगलवार को कोर्ट में दाखिल किया जा सकता है.

 

RAJASTHAN : जैसलमेर में जिंदा बम मिलने से मची सनसनी, इलाका सील, ‘पर्ची’ से बढ़ा सस्पेंस

0

जैसलमेर पुलिस का हैंड ग्रेनेड और चार कारतूस मिलने को लेकर कहना है कि जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि युद्ध के हालात के बीच रिहायशी बस्ती में हथियार मिलने की सच्चाई क्या है?

भारत पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम के एक दिन बाद राजस्थान के बॉर्डर से सटे जैसलमेर जिले में मिले हथियार ने सनसनी फैला दी है. दरअसल, जैसलमेर में एक हैंड ग्रेनेड और चार कारतूस मिलने के बाद हड़कंप की स्थिति है. ये हथियार जैसलमेर शहर से बॉर्डर की तरफ तकरीबन 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोहड़ा गांव में मिले हैं.

जैसलमेर के पोहड़ा गांव के रहने वाले फौजियों के मुताबिक हैंड ग्रेनेड में पिन लगी हुई है और वह जिंदा है. मौके पर मिले कारतूसों में तीन जिंदा हैं और एक खोखा है.

जैसलमेर के पोहड़ा गांव एंट्री पॉइंट पर मिला हैंड ग्रेनेड HE 36 है. जबकि सभी बुलेट SLR राइफल की हैं. गांव के लोगों ने यह हथियार आज सुबह देखे हैं. इस घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हथियार वाली जगह घेराबंदी कर दी है. सभी हथियारों को कपड़े में बांध कर लोगों को वहां से दूर हटा दिया गया है.

भारतीय सेना को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है. सेना की टीम कुछ देर में मौके पर पहुंचकर हैंड ग्रेनेड को डिफ्यूज करेगी. हालांकि, हैंड ग्रेनेड काफी पुराना लग रहा है. जैसलमेर में जिस जगह हथियार मिले हैं, वहां एक पर्ची भी रखी हुई मिली है. पर्ची पर भूसेन खान पुत्र सुल्तान खान की तरफ से पोहड़ा गांव को सप्रेम भेंट लिखा हुआ है. मौके से मिला पर्ची पूरे मामले को संदिग्ध बना रही है.

पर्ची मिलने के बाद इस बात की आशंका है कि किसी ने शरारत करते हुए हथियारों को रात के अंधेरे में गांव में रख दिया है. हालांकि, सवाल यह उठता है कि यह हथियार कहां से आए? इस बात का जवाब ढूंढना जरूरी है, क्योंकि मौके से मिली पर्ची ने हथियारों को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है.

जैसलमेर पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच के बाद ही यह पूरी तरह साफ हो सकेगा कि युद्ध के हालात के बीच रिहायशी बस्ती में हथियार मिलने की सच्चाई क्या है. हालांकि, जिंदा हैंड ग्रेनेड और कारतूस मिलने के बाद दहशत का माहौल है. गांव के लोग डरे हुए हैं और वह इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

 

ENTERTAINMENT : ‘तू न थमेगा- तू न मुड़ेगा’, पहलगाम हमले के 19 दिन बाद Amitabh Bachchan की पोस्ट, ऑपरेशन सिंदूर पर कह दिया ये

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकी हमला हुआ था. आतकवादियों ने 26 मासूम लोगों की जान ले ली थी. उन्होंने लोगों का धर्म पूछकर मार डाला था. इसके 15 दिन बाद भारत सरकार और सेना ने 7 मई को पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया. उसके बाद से पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव चल रहा है.

इस पूरे मामले में बॉलीवुड से तमाम सेलेब्स ने रिएक्ट किया. हालांकि, मेगास्टार अमिताभ बच्चन चुप रहे. वो लगातार X पर ब्लैंक पोस्ट करते रहे. उनकी ब्लैंक पोस्ट यूजर्स को पसंद नहीं आई. अब अमिताभ बच्चन ने इस पूरे मामले पर रिएक्ट किया है. उन्होंने पहले फेसबुक पर फिर X पर पोस्ट किया.

अमिताभ बच्चन ने फेसबुक पर लिखा, ‘FB 4295- छुट्टियां मानते हुए, उस राक्षस ने, निर्दोष पति पत्नी को बाहर खींच कर, पति को नग्न कर, उसके धर्म की पूर्ति करने के बाद, उसे जब गोली मारने लगा. पत्नी ने घुटने पे गिर कर रो-रो अनुरोध करने के बाद भी, कि ‘उसके पति को न मारो’ उसके पति को उस बुजदिल राक्षस ने बेहद बेरहमी से गोली मारकर पत्नी को विधवा बना दिया.’

‘जब पत्नी ने कहा ‘मुझे भी मार दो’, तो राक्षस ने कहा ‘नहीं. तू जाके…. को बता’. बेटी की मनःस्थिति पर पूज्य बाबूजी की एक कविता की पंक्ति याद आयी. मानो वो बेटी ” …. “ के पास गई और कहा, ‘है चिता की राख कर में मांगती सिंदूर दुनिया’ (बाबूजी की पंक्ति ) तो “ …. “ ने दे दिया सिंदूर. OPERATION SINDOOR.’

आगे अमिताभ ने लिखा, ‘जय हिन्द, जय हिन्द की सेना, तू न थमेगा, कभी तू न मुड़ेगा, कभी तू न झुकेगा, कभी कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ. अग्नि पाथ. अग्नि पाथ. अग्नि पाथ.’

NATIONAL : सात फेरे लेने के बाद ससुराल नहीं बल्कि एग्जाम सेंटर पहुंची दुल्हन, पति ने 3 घंटे बाहर किया इंतजार

0

झारखंड के गिरिडीह जिले में एक दुल्हन ने शादी के दिन परीक्षा देने का साहसिक फैसला लिया, जिससे पूरे राज्य में उसकी सराहना हो रही है. इस कदम की पूरे राज्य में तारीफ हो रही है.

झारखंड के गिरिडीह जिले के आरके महिला कॉलेज के परीक्षा भवन में जब शादी के जोड़े में दुल्हन पहुंची तो यहां एक सुंदर और प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला. परीक्षा भवन के अंदर दुल्हन एग्जाम दे रही थी, तो दूल्हा बाहर उसका इंतजार कर रहा था. लोगों ने दूल्हे और उसके पूरे परिवार के इस काम की खूब सराहना की.

दरअसल, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा के रहने वाले राजकुमार यादव की बेटी पूजा कुमारी बीए सेमेस्टर-1 की छात्रा है और उसकी शादी गिरिडीह के धारियाडीह निवासी विकास यादव से 9 मई को तय थी. हालांकि, शादी की अगली सुबह 10 मई को पूजा का एग्जाम था. 9 मई की रात उसकी बारात आई, जिसके बाद रात से 10 मई की सुबह तक वरमाला समेत शादी की अन्य रस्में पूरी की गईं.

इस दौरान पूजा ने दूल्हे विकास यादव से परीक्षा देने की बात कही जिसके बाद सभी ने जल्दी जल्दी विदाई की रस्म पूरी की गई और दूल्हा अपनी नई नवेली ब्राइडल सूट में सजी-धजी दुल्हन को लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचा.

वहीं, पूजा कुमारी ने अपनी शादी के अगले ही दिन, दुल्हन के परिधान में परीक्षा देने का साहसिक फैसला लिया. अपने पति के सहयोग से वह परीक्षा केंद्र पहुंची और परीक्षा पूरी करने के बाद ही ससुराल गई. इस कदम की पूरे राज्य में तारीफ हो रही है.

आपको बता दें कि शनिवार को गिरिडीह के आरके महिला कॉलेज में एक अनोखा और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला. यहां एक दुल्हन, सात फेरे लेने के कुछ ही समय बाद, पूजा अपने पति के साथ सीधे परीक्षा केंद्र पहुंची और दुल्हन के जोड़े में ही अपनी परीक्षा दी, पूजा की शादी गिरिडीह के धरियाडीह निवासी विकास यादव से 9 मई को तय थी. लेकिन शादी के ठीक अगले दिन, यानी 10 मई को सुबह 10 बजे पूजा की परीक्षा भी थी बारात 9 मई की रात को आई और पूजा की शादी की सारी रस्में रात से सुबह तक जल्दी-जल्दी पूरी की गईं.

पूजा ने शादी के बीच ही अपने पति विकास से परीक्षा देने की बात कही. दूल्हा विकास भी इस फैसले में पूजा के साथ खड़ा रहा. शादी की सभी रस्में पूरी करने के बाद, विकास यादव अपनी नई नवेली दुल्हन को अपने घर ले जाने के बजाय सीधे आरके महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र ले गया. वहां पूजा ने दुल्हन के परिधान में ही परीक्षा दी. कॉलेज के बाहर उसका पति परीक्षा समाप्त होने तक उसका इंतज़ार करता रहा, वहीं पूजा ने कहा कि परीक्षा उसके लिए बेहद अहम थी और वह किसी भी हाल में इसे छोड़ना नहीं चाहती थी.

उसने अपने पति से आग्रह किया कि वह पहले परीक्षा देगी, फिर ही ससुराल जाएगी. उसका यह निर्णय उसके आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है. पूजा और विकास के इस कदम की जमकर सराहना हो रही है. सोशल मीडिया पर लोग इसे प्रेरणादायक और साहसी कदम बता रहे हैं. खासकर एक नई नवेली दुल्हन का शादी के बाद इस तरह परीक्षा देना लोगों को हैरान ही नहीं, बल्कि भावुक भी की.

 

ENTERTAINMENT : ‘वो कभी भी बेवकूफ महिला के लिए घर नहीं तोड़ेंगे’, गोविंदा संग शादी टूटने की अफवाह पर बोलीं सुनीता आहूजा

एक्टर गोविंदा पिछले कुछ समय से पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. गोविंदा की शादी सुनीता आहूजा के साथ हुई है. दोनों की शादी 38 साल हो गए हैं. कुछ समय पहले खबरें आई थीं कि गोविंदा और सुनीता अलग हो रहे हैं. ऐसी भी खबरें थीं कि गोविंदा का किसी के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था. हालांकि, सुनीता ने खुद इन खबरों को नकारा. सुनीता ने कहा था कि वो और गोविंदा कभी अलग नहीं होंगे.

टाइम्स नाऊ से बातचीत में अब सुनीता ने एक बार फिर रिएक्ट किया है. सुनीता ने कहा, ‘जिस दिन कंफर्म होगा. या मेके और गोविंदा के मुंह से आप लोग सुनोगे. वो अलग बात है, लेकिन मुझे लगता है कि गोविंदा मेरे बिना नहीं रह सकते हैं और न ही मैं भी गोविंदा के बिना नहीं रह सकते. गोविंदा कभी भी बेवकूफ महिला के लिए अपने परिवार को नहीं छोड़ सकते हैं.’

आगे सुनीता ने कहा, ‘अफवाह, अफवाह, अफवाह…पहले पूछिए क्या सच है. मैं ये कभी भी स्वीकार नहीं करूंगी. अगर किसी में साहस है तो उन्हें मुझसे डायरेक्टली पूछना चाहिए. किसी ने अफवाह उड़ा दी तो आप उससे सहमत नहीं हो जाओगे. ये सही नहीं है. अगर ऐसा कुछ होगा तो मैं खुद आकर सभी को बताऊंगी और मीडिया से बात करूंगी. लेकिन मुझे विश्वास है कि भगवान मेरा घर नहीं तोड़ेंगे.’

बता दें कि 1986 में गोविंदा और सुनीता की शादी हुई थी. उनकी लव मैरिज थी. गोविंदा और सुनीता दो बच्चों के पेरेंट्स हैं. उन्हें एक बेटी टीना और एक बेटा यशवर्धन आहूजा हैं. यशवर्धन आहूजा बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमा के लिए तैयार हैं.

- Advertisement -