Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 699

NATIONAL : देहरादून में आपातकालीन अलर्ट के लिए लगेंगे इलेक्ट्रॉनिक सायरन, 16 किमी तक सुनाई देगी आवाज

0

देहरादून में लोगों को आपातकालीन परिस्थिति में सतर्क करने के लिए शहर में 15 जगहों पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सायरनों की व्यवस्था की जाएगी. शहर में पुराने सायरनों की हालत बेहद खराब है.

देहरादून शहर में अब किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में नागरिकों को सतर्क करने के लिए आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सायरनों की व्यवस्था की जाएगी. वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान लगाए गए पुराने सायरनों की कार्यक्षमता अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है. हाल ही में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान यह सामने आया कि पुराने सायरन मुश्किल से एक किमी क्षेत्र तक ही सुनाई दे रहे हैं, जबकि इनकी आवाज आठ से दस किमी तक जानी चाहिए थी.

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार और सिविल डिफेंस विभाग ने शहर में 15 नए इलेक्ट्रॉनिक सायरन लगाने की मंजूरी दी है. सिविल डिफेंस के डिप्टी कंट्रोलर श्यामेंद्र साहू ने बताया कि इन सायरनों में से 10 की आवाज आठ किमी तक और पांच सायरनों की आवाज 16 किमी तक सुनी जा सकेगी. इन्हें देहरादून के विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों पर लगाया जाएगा और सभी सायरन सीधे कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़े जाएंगे. यह सायरन एक साथ बजेंगे जिससे पूरे शहर को त्वरित चेतावनी दी जा सकेगी.

देहरादून भूकंप के लिहाज से जोन-4 में आता है और यहां मानसून सहित अन्य समय में भी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बना रहता है. ऐसे में प्रभावशाली चेतावनी प्रणाली की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी. डीएम सविन बंसल ने बताया कि पुराने सायरन सिस्टम को उच्चीकृत कर आपातकालीन चेतावनी प्रणाली को आधुनिक रूप दिया जाएगा. इस कार्य के लिए बजट भी जारी कर दिया गया है.

गौरतलब है कि सात मई को हुई मॉक ड्रिल के दौरान सायरनों की आवाज की सीमा बेहद सीमित पाई गई थी. यह मामला उत्तराखंड शासन से लेकर दिल्ली तक पहुंचा, जिसके बाद सिविल डिफेंस महानिदेशक के समक्ष भी यह मुद्दा रखा गया. आखिर में 15 नए सायरन लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली. अधिकारियों का कहना है कि नई प्रणाली से किसी भी विषम परिस्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सकेगी और लोगों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा.

 

NATIONAL : ब्लैकमेलिंग से परेशान नाबालिग छात्रा छत से कूदी, पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

0

गाजियाबाद में एक नाबालिग छात्रा ने छत से कूदकर जान देने की कोशिश की. छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीड़िता के पिता ने थाने में 4 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा ने जान देने की कोशिश की है. इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गई है. छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़िता के पिता की तहरीर पर थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.

आरोप है की स्कूल जाते समय छात्रा के फोटो खींचे गए और उसके बाद AI से उनको एडिट करके विशेष समुदाय का लड़का छात्रा से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम लगाई गई है.

गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी बेटी की उम्र 17 वर्ष है और वह कुछ दिनों से बेहद डरी और सहमी थी. लगातार पूछताछ पर भी लड़की कुछ बता नहीं रही थी. इसी दौरान एक दिन पीड़िता ने अपने भाई को बताया कि विशेष समुदाय के एक लड़के ने गली में आते-जाते उसके फोटो खींच लिए हैं. उसके बाद AI के माध्यम से उन फोटो को एडिट कर लिया है.

पीड़िता ने आगे बताया, घर से निकलते ही विशेष समुदाय का लड़का लड़की को धमकी देता था कि वह उसकी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर देगा. इसके लिए वह ब्लैकमेल करके होटल ले जाकर शारीरिक संबंध बनाने पर जोर दे रहा था. अपने भाई को यह बात बताने के बाद छात्रा ने तुरंत छत से कूद कर जान देने की कोशिश की. इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई.

छात्रा को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वही पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है की आरोपी युवक का पिता कोसम अस्पताल आया और उसने धमकी दी कि अगर इस घटना की जानकारी पुलिस या किसी और को भी दी तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे.एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में युवक उसके पिता और उसके भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. सभी लोग अभी फरार हैं. आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.

 

UP : भोजन कर ढाबे से निकले सेना के जवान, लोग करने लगे पुष्पवर्षा… ‘भारत माता की जय’ के लगाए नारे

0

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से देशप्रेम से ओतप्रोत एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया है. यहां सेना के जवानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया. यहां एक ढाबे पर भोजन करने पहुंचे सैनिक जैसे ही रवाना हुए, वहां मौजूद लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच फूल बरसाए. जवानों ने कहा कि वे बॉर्डर पर जा रहे हैं. इस पूरे दृश्य का वीडियो सामने आया है. लोग इन वीर सपूतों को सलाम कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक भावुक करने वाला नजारा देखने को मिला. यहां भारतीय सेना के जवानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया. ये जवान यहां एक ढाबे पर भोजन करके निकले थे, उसी दौरान लोगों ने उन पर फूल बरसाए. जवानों ने बताया कि वे बॉर्डर पर जा रहे हैं. इस दौरान लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए. इस दौरान का वीडियो सोशल भी सामने आया है.

देशभक्ति से ओतप्रोत यह वीडियो हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के एक ढाबे का है. यहां कुछ लोग भोजन कर रहे थे, तभी भारतीय सेना के जवानों का एक दल ढाबे पर पहुंचा और सभी ने मिलकर भोजन किया. जवान जैसे ही भोजन कर ढाबे से निकलने लगे, वहां मौजूद लोगों ने उन्हें देख ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने शुरू कर दिए और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया.

इस भावुक क्षण में न केवल जवानों का मनोबल ऊंचा हुआ, बल्कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखों में गर्व और सम्मान की चमक दिखाई दी. जवानों ने लोगों को बताया कि वे ड्यूटी पर जा रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि आम लोग अपने सैनिकों का सम्मान कर रहे हैं. भारतीय सेना के त्याग और समर्पण को दिल से नमन कर रहे हैं. यह वीडियो वायरल हो रहा है, और लोग इन भावुक कर देने वाले पलों को देख गर्व प्रकट कर रहे हैं.

PUNJAB : सीएम भगवंत मान ने राजस्थान को अतिरिक्त पानी देने का किया ऐलान, कहा- ‘पंजाब देश हित में खून भी दे सकता है’

0

हरियाणा को अतिरिक्त 4500 क्यूसेक पानी देने के मसले पर पंजाब सरकार का कहना है कि वह अपने कोटे का पानी ले चुका है. भगवंत मान के इस रुख के खिलाफ BBMB ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है.

पंजाब का हरियाणा और राजस्थान के साथ पानी विवाद के बीच रविवार (10 मई) को सीएम भगवंत मान ने बड़ा दिल दिखाते हुए राजस्थान के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ने का ऐलान किया. ताकि राजस्थान में सेना की जरूरतें पूरी की जा सकें.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के हवाले से जारी बयान में कहा गया कि राजस्थान सरकार ने पंजाब के कोटे से अधिक पानी मांगा है, ‘‘क्योंकि राजस्थान सीमा पर तैनात सेना को अतिरिक्त पानी की आवश्यकता है.’’

सीएम भगवंत मान ने कहा कि जब भी राष्ट्रीय हितों की बात आती है तो पंजाब कभी पीछे नहीं रहता. उन्होंने कहा, ‘‘न केवल पानी बल्कि पंजाब राष्ट्रीय हितों के लिए अपना खून भी बहा सकता है.’’ पंजाब के सीएम ने आगे कहा, “सेना के जवानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए मैंने राजस्थान को अतिरिक्त पानी तुरंत देने का निर्देश दिया है.”

दूसरी तरफ हरियाणा सरकार ने गर्मी को देखते हुए 4,500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी की मांग की थी. इस पर पंजाब सरकार ने बताया था कि हरियाणा अपने कोटे का पानी ले चुका है.पंजाब सरकार ने हरियाणा को एक बूंद भी अतिरिक्त पानी देने से इनकार कर दिया था.

इस विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि भाखड़ा नंगल पर पंजाब पुलिस की तैनाती कर दी गई. हालांकि, केंद्र सरकार द्वारा दखल देने के बाद भाखड़ा नांगल बोर्ड की कुछ दिनों पहले बैठक हुई थी. बोर्ड की बैठक में हरियाणा को पंजाब सरकार की अनिच्छा के बावजूद 4500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने का निर्णय लिया गया.

बीबीएमबी ने हरियाणा को अतिरिक्त पानी मुहैया कराने का अधिकारियों को आदेश भी दिया था, लेकिन पंजाब सरकार के अड़ियल रुख की वजह से भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने पंजाब एंड हारियाणा हाईकोर्ट में इसको लेकर एक अवमानना याचिका दायर की है. बीबीएमबी ने अदालत से कहा कि पंजाब सरकार हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद पानी छोड़ने को तैयार नहीं है.

NATIONAL : ‘ऑपरेशन अभी भी जारी है’ पाकिस्तान के साथ सीजफायर के बीच भारतीय वायुसेना का बड़ा बयान

0

पाकिस्तान के साथ सीजफायर के बीच इंडियन एयरफोर्स ने कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है. आने वाले वक्त में इसको लेकर जानकारी दी जाएगी. साथ ही वायुसेना ने सभी अटकलें लगाने और अनवेरीफाइड जानकारी प्रसारित करने से बचने की अपील की.

पाकिस्तान के साथ सीजफायर के बीच भारतीय वायुसेना का बड़ा बयान सामने आया है. इंडियन एयरफोर्स का कहना है कि ऑपरेशन अभी भी जारी है. आने वाले वक्त में इसको लेकर जानकारी दी जाएगी. वायुसेना ने ये जानकारी सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर दी है.

इंडियन एयरफोर्स ने एक्स पर ऑपरेशन जारी रखने की जानकारी देते हुए लिखा, ‘भारतीय वायुसेना (IAF) ने ऑपरेशन सिंदूर में अपने निर्धारित कार्यों को सटीकता और व्यावसायिकता के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया है. ऑपरेशन राष्ट्रीय उद्देश्यों के अनुरूप सोच-समझकर और विवेकपूर्ण तरीके से संचालित किए गए. क्योंकि ऑपरेशन अभी भी जारी है, इसलिए सही वक्त पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी.’

दरअसल, 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था. इस ऑपरेशन के तहत तीनों सेना ने मिलकर पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में स्थापित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था. इसके जवाब में बौखलाए पाकिस्तान में एलओसी पर भीषण गोलीबारी की और ड्रोन अटैक किया. हालांकि, भारत के एयर डिफेंस सिस्टम में सभी पाकिस्तानी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया था. इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान पर कई हमले किए, जिनमें पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ है.

वहीं, भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए कई देशों की मदद सीजफायर पर सहमति बनी, लेकिन कुछ घंटों बाद ही पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए, भारत पर ड्रोन से अटैक किया और गोलीबारी की.इधर, राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर हाई लेवल मीटिंग हुई. दो घंटे से अधिक चली इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, NSA अजीत डोभाल, CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख के साथ पीएम नरेंद्र मोदी शामिल हुए.

ENTERTAINMENT : सलमान खान ने भारत-पाक सीजफायर पर किया ट्वीट, फिर चंद मिनटों में ही कर दिया डिलीट, जानें वजह

0

सलमान खान इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं. दरअसल एक्टर ने भारत-पाक सीजफायर को लेकर ट्वीट किया था और फिर उसे डिलीट भी कर दिया.

भारत और पाकिस्तान के बीच बीती शाम सीजफायर की घोषणा हुई थी. जिसके बाद आम लोगों के साथ कई सेलेब्स ने भी राहत की सांस ली थी और सोशल मीडिया पर खुशी भी जाहिर की थी. सलमान खान ने इसपर एक ट्वीट किया था. लेकिन फिर कुछ ही मिनटों में एक्टर ने उसे डिलीट भी कर दिया. इसके यूजर्स ने उन पर तीखा हमला किया है.

दरअसल अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट करते हुए सलमान खान ने लिखा था कि,‘सीजफायर के लिए शुक्र है.” एक्टर का ये ट्वीट सामने आते ही यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया. फैंस इस बात से नाराज थे कि उन्होनें ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कुछ नहीं लिखा और सीजफायर पर तुरंत ट्वीट कर दिया. लोगों का गुस्सा देखते हुए एक्टर ने अपना ट्वीट कुछ ही देर में डिलीट कर दिया.

सलमान खान के ट्वीट डिलीट करने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा और भी तेज हो गई. एक यूजर ने ट्वीट किया, “ ये सीजफायर तो ही उतनी देर चला जितनी सलमान खान की फिल्म थिएटर में चलती है.” दूसरे ने लिखा, ‘15 साल से सलमान का फैन था, लेकिन आज से मैं उनसे नफरत करने लगा हूं. तनाव के वक्त वो कुछ नहीं बोले और जब उन्हें पता चला कि युद्ध खत्म हो गया है, तो उन्होंने ट्वीट किया.’

वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान आखिरी बार फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आए थे. फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना की जोड़ी देखने को मिली थी. लेकिन पर्दे पर इस बार एक्टर अपना जादू नहीं चला पाए, फिल्म में खास कलेक्शन नहीं किया. इन दिनों वो कई बड़े प्रोजेक्ट्स में बिजी है. जिसमें शाहरुख खान के साथ ‘टाइगर वर्सेस पठान’ भी शामिल है.

NATIONAL : फिरोजाबाद में बिजली कर्मचारियों पर महिला को टॉर्चर करने का आरोप, FIR की दी थी धमकी, डरी हुई महिला की मौत

0

फिरोजाबाद में कथित तौर पर बिजली विभाग के कर्मचारियों की धमकी देने की वजह से एक महिला की मौत हो गई. अधिकारियों ने इस मामले में जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है.

फिरोजाबाद में चूड़ी जुड़ाई मजदूरी कर अपना गुजारा करने वाली महिला की सदमे से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला पर विद्युत विभाग का 1100 रुपये का बिल बकाया था. आरोप है कि इस बिल को लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने महिला को एफआईआर का भय दिखाकर बुरी तरह टॉर्चर किया. एफआईआर और जेल जाने का नाम सुनते ही महिला गिर पड़ी. उसे आनन फानन में उसके पड़ोसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

फिरोजाबाद के थाना उत्तर इलाके के नगला करन सिंह की रहने वाली प्रेमलता के पति की मौत काफी दिन पहले ही हो चुकी है, उनके घर पर बिजली के कनेक्शन का 1100 रुपये का बिल बकाया था. बिजली विभाग की टीम बिल की बकाया रकम की रिकवरी करने के लिए महिला के घर पहुंची थी. बिजली विभाग की टीम ने मृतका प्रेमलता को धमकाते हुए बिल जमा करने की बात कही और टीम ने मीटर उतार लिया.

मृतका प्रेमलता के पड़ोसी राजपाल ने बताया कि मीटर उतारने के बाद विद्युत विभाग की टीम ने बिल जमाना करने पर मुकदमा दर्ज करने और जेल भेजने की धमकी दे डाली. एफआईआर और जेल जाने का नाम सुनते ही प्रेमलता की तबीयत बिगड़ गई. महिला को पड़ोसियों ने अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पड़ोसियों के मुताबिक प्रेमलता के घर पहुंचे विद्युत कर्मचारियों ने ₹1100 का बिल तत्काल जवान करने का दबाव उन पर बनाया और बिल न जमा करने की सूरत में उन पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दे डाली. वहीं महिला की मौत के बाद स्थानीय लोग बिजली विभाग के खिलाफ धरने पर बैठ गए, मामले की जानकारी लगने पर सदर विधायक मनीष असीजा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी रमेश रंजन से बात कर दोषी विद्युत कर्मियों पर करवाई करने की बात कही.

इस मामले में विद्युत विभाग के अधिकारी नागेंद्र कुमार का कहना है कि महिला की तबीयत पहले से ही खराब थी, लेकिन फिर भी इस मामले की पूरी जांच गंभीरता के साथ की जाएगी. अगर विद्युत विभाग के कर्मचारी इसमें दोषी पाए जाते हैं तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी.

NATIONAL : ‘भारत का आखिरी युद्ध’, देश के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला 20 साल का लड़का गिरफ्तार

0

भारत और भारतीय सेना के खिलाफ आपत्तिजनक और शर्मनाक टिप्पणी करने वाले दो अलग-अलग मामलों में मुंबई पुलिस को शिकायत मिली है. दोनों आरोपियों पर पुलिस एक्शन ले रही है.

 


पाकिस्तान से तनाव के बीच एक ओर जहां हर भारतीय अपने सैनिकों और मासूम देशवासियों की सलामती की दुआ कर रहा है, तो वहीं महाराष्ट्र के मुंबई का रहने वाला एक 20 साल के लड़के ने देश के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट कर दिया. साहिल जहरुद्दीन नाम का यह लड़का मुंबई के कुरला इलाके में रहता है.

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, हाल ही में उसने व्हॉट्सएप पर लिखा- ‘अगर भारत और पाकिस्तान के बीच में युद्ध हुआ तो यह भारत का आखिरी युद्ध होगा.’ इस शर्मनाक और आपत्तिजनक पोस्ट की शिकायत कुछ लोगों ने पुलिस में की, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

40 साल की महिला के खिलाफ भी केस
एक दूसरा मामला मुंबई के मालवणी इलाके से सामने आया, जहां एक 40 साल की महिला ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की आलोचना करते हुए अपशब्द पोस्ट कर दिए. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कथित आलोचना करने के खिलाफ मुंबई के मालवणी पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है.

ब्यूटी पार्लर चलाती है आरोपी महिला
इस महिला का नाम सलमा रफीक खान बताया जा रहा है, शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर पुलिस ने इस महिला को नोटिस भेजा है. सलमा रफीक खान मुंबई के मलाड, मालवणी की रहने वाली है और वहां एक ब्यूटी पार्लर चलाती हैं. आरोप है कि महिला ने अपने व्हॉट्सएप स्टेटस पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से संबंधित विवादित पोस्ट की थी.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में की थी अश्लील टिप्पणी
महिला ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा था, “जब सरकारें बिना सोचे-समझे फैसले लेती हैं, तो दोनों तरफ के निर्दोष लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है. सत्ता में बैठे लोगों को नहीं.” पोस्ट में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में एक अश्लील शब्द भी शामिल था. शिकायत मिलने पर मालवणी पुलिस ने महिला के खिलाफ BNS की धारा 353 और IT एक्ट के तहत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया.

 

NATIONAL : LOC पर प्राणों की आहुति देने वाले अग्निवीर मुरली नाइक को दी गई श्रद्धांजलि

0

भारत-पाक तनाव के बीच सीमा पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अग्निवीर मुरली नाइक का पार्थिव शरीर उनके गृहनगर आंध्र प्रदेश के गोरंटला मंडल पहुंचा. इस दौरान उनके कल्लिथंडा गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

भारत-पाक तनाव के बीच सीमा पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अग्निवीर मुरली नाइक का पार्थिव शरीर उनके गृहनगर आंध्र प्रदेश के गोरंटला मंडल पहुंचा. इस दौरान उनके कल्लिथंडा गांव में शोक की लहर दौड़ गई. देश के लिए युवा सैनिक के सर्वोच्च बलिदान पर नेताओं, अधिकारियों और नागरिकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

शिक्षा और आईटी मंत्री नारा लोकेश ने अग्निवीर मुरली नाइक के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. मंत्री ने शहीद जवान के शोकाकुल माता-पिता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि सरकार इस दुखद समय में उनके साथ खड़ी रहेगी.

परिवार से बात करते हुए मंत्री लोकेश ने उनसे दृढ़ रहने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि मुरली नाइक के बलिदान को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद किया जाएगा. उन्होंने कहा, “राज्य मुरली नाइक की बहादुरी के सम्मान में नतमस्तक है. राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.”

इस दौरान मंत्री के साथ कई गणमान्य व्यक्ति भी थे, जिन्होंने शहीद नायक को अंतिम श्रद्धांजलि दी. इनमें उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, मंत्री अनगनी सत्य प्रसाद, वंगालापुडी अनिता और सविता, सांसद बी.के. पार्थसारथी, पूर्व मंत्री पल्ले रघुनाथ रेड्डी और कलावा श्रीनिवासुलु, विधायक पल्ले सिंधुरा रेड्डी, एम.एस. राजू और जे.सी. प्रभाकर रेड्डी के साथ-साथ कई अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे. आंध्र प्रदेश सरकार ने पुष्टि की है कि अग्निवीर मुरली नाइक का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.

UP : कासगंज में तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार मामा-भांजे को मारी टक्कर, तीनों की मौके पर ही मौत

0

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में मामा और 2 भांजे की मौत हो गई. तेज रफ्तार कैंटर ने पीछे से इनकी स्कूटी पर टक्कर मार दी, जिसके बाद तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. घटना बीती रात करीब 12 बजे की है. रामजीत अपने दो भांजो रवेन्द्र और गौरव के साथ स्कूटी नंबर 8857 पर अलीगढ़ से वापस अपने गांव गंगा गढ़ लौट रहे थे. तभी वो सोरों गेट तिराहे पर रुके हुए थे और आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान कैंटर नंबर UP25 ET 2847 ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी.

ये सड़क हादसा कोतवाली कासगंज क्षेत्र के सोरों गेट तिराहे पर हुआ है. मृतकों में रामजीत और उनके दो भांजे रवेन्द्र और गौरव शामिल हैं. वहीं घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

वहीं पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कैंटर को अपने कब्जे में लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस दर्दनाक सड़क हादसे में मारने वालों में 50 वर्षीय मामा रामजीत कासगंज जिले के गांव गंगागड़ का रहने वाला था, जो दिल्ली में रहकर मजदूरी का काम करता था और गांव में रामजीत के परिवार में उसकी पत्नी संगीता और पुत्री सलोनी, पुत्र वीनेश और अरुण हरिओम रहते हैं.

रामजीत की बेटी की गांव में तबियत खराब थी, अपनी बेटी को देखने रामजीत दिल्ली से गंगागड़ गांव जा रहा था और इसी दौरान रामजीत के दो भांजे रवेन्द्र और गौरव स्कूटी से अलीगढ़ से कासगंज आ रहे थे. तभी इसी दौरान सड़क हादसा हो गया, जिसमें रामजीत और उसके दो भांजे की मौत हो गई.

 

- Advertisement -