Tuesday, June 30, 2026
Home Blog Page 706

NATIONAL : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बहाने पैसा कमाने की कोश‍िश कर रहे फ‍िल्म मेकर्स? मांगनी पड़ी माफी

0

‘ऑपरेशन सिंदूर पर बन रही फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है. हालांकि इस बीच मेकर्स की इस अनाउंसमेंट से कई यूजर्स खुश नहीं है. जिसके बाद फिल्म के डायरेक्टर उत्तम माहेश्वरी ने माफी मांगी है.

22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत की ओर से लॉन्च किए गए ऑपरेशन सिंदूर ने पूरे पाकिस्तान को हिला कर रख दिया है. भारत सरकार की तरफ से की गई ये जवाबी कार्रवाई की हर कोई तारीफ कर रहा है. वहीं इस ऑपरेशन पर अब फिल्म बनने जा रही है और इसका टाइटल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखा गया है. जिसका पहला पोस्टर भी जारी कर दिया है. इस बीच मेकर्स की इस अनाउंसमेंट से कई यूजर्स खुश नहीं है. जिसके बाद फिल्म के डायरेक्टर उत्तम माहेश्वरी ने माफी मांगी है.

बता दें कि निकी विक्की भगनानी फिल्म्स और द कंटेंट इंजीनियर ने आधिकारिक तौर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम की नई फिल्म की घोषणा की है. जो पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत की कार्रवाई पर बनी है. वहीं इसके बाद से भारत-पाक के बीच चल रहे तनाव के बीच इस पोस्टर के जारी होने से लोग भड़क गए और फिल्म मेकर्स की जमकर आलोचना की है.

इस फिल्म के निर्देशक उत्तम माहेश्वरी ने लोगों की आलोचना के बाद अब सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है. सोशल मीडिया पर उन्होंने अपना बयान जारी किया है. जिसमें उन्होंने क्लियर कहा कि उनका उद्देश्य कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था. उन्होंने आगे लिखा कि हमारे भारतीय सैनिकों के वीरता से प्रेरित आधारित फिल्म ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घोषणा के लिए मैं ईमानदारी से माफी चाहता हूं. इसका उद्देश्य कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या भड़काना नहीं था. उन्होंने कहा मैं हमारे जवानों के साहस, बलिदान और शक्ति से काफी प्रभावित हुआ और बस इस कहानी को सबके सामने लाना चाहता था.

डायरेक्टर ने आगे कहा कि यह प्रोजेक्ट राष्ट्र के लिए सम्मान और प्यार के कारण बनाई गई है न कि फेमस होने और पैसा कमाने. हालांकि ये समय सही नहीं था, इसके लिए मुझे खेद है. उन्होंने कहा, यह केवल एक फिल्म नहीं है, यह पूरे देश की भावना और वैश्विक स्तर पर देश की एक सामाजिक छवि है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के लिए उनको धन्यवाद भी दिया. अंत में उन्होंने कहा कि हमारा प्यार और प्रार्थना हमेशा शहीद परिवारों के साथ रहेगी, जो हमारे लिए दिन और रात सीमा पर लड़ रहे हैं.

हालांकि ऑपरेशन फिल्म सिंदूर के कास्ट का अभी कोई खुलासा नहीं हुआ है. फिल्म का डायरेक्शन उत्तम माहेश्वरी करेंगे. वहीं ये फिल्म का प्रोडक्शन निकी विक्की भगनानी फिल्म्स और द कंटेंट इंजीनियर द्वारा किया जा रहा है. वर्क फ्रंट की बात करें तो विक्की भगनानी ने सोनाक्षी सिन्हा के साथ मिलकर भी एक फिल्म बनाई है, जिसका टाइटल ‘निकिता रॉय’ है. सोनाक्षी की फिल्म 30 मई को रिलीज हो रही है.

NATIONAL : दिल्ली पुलिस ने दो कुख्यात बदमाश को किया गिरफ्तार, दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

0

दिल्ली पुलिस के अनुसार मोती बाग से गिरफ्तार दोनों बदमाशों पर मधु विहार इलाके से दो भाइयों को घर से अगवा कर बंधक बनाने का आरोप है. उसी समय से पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी.

दिल्ली में एक बार फिर बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, लेकिन एक साल पहले दो भाइयों को राष्ट्रीय राजधानी से अगवा कर हरियाणा में बंधक बनाने की साजिश बदमाशों पर 7 मई को भारी पड़ गया. दरअसल, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जान हथेली पर रखकर मोती बाग इलाके से दो ऐसे शातिर अपराधियों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है, जो पिछले एक साल से फरार थे और अपहरण, फिरौती और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे.

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 20 जून 2024 की रात जब दिल्ली अपने रोजमर्रा की हलचल से थककर सोने की तैयारी में थी, तभी पश्चिमी दिल्ली के मधु विहार इलाके में अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था. इस मामले में आरोपी ने आपसी विवाद के चलते एक महिला के दो बेटों को उनके घर से उठाकर सीधे हरियाणा के गांव चुलकाना ले गए और बंधक बना लिया.

पीड़ित महिला ने इस मामले में आरोप लगाया था कि राजिंदर उर्फ डॉक्टर नाम का व्यक्ति जो खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताता था, असल में जमीन कब्जाने वाला एक घाघ अपराधी निकला. उसने अपने दो गुर्गों राहुल और रवि उर्फ कालू के साथ मिलकर 22 और 17 साल के दो भाइयों को अगवा कर लिया. चुलकाना गांव में बंदी बनाकर बैठा दिया. उनकी रिहाई के बदले में बदमाशों ने मोटी रकम और एक बहुमूल्य प्लॉट को खाली करने की मांग रखी. यानी एक तरह से यह अपहरण नहीं बल्कि जमीन हड़पने की सुनियोजित साजिश थी.

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में थाना डाबड़ी में एफआईआर दर्ज होते ही इसकी जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी थी. एनडीआर यूनिट की टीम ने ACP उमेश बर्थवाल की अगुवाई में तगड़ी रणनीति बनाई. एक साल तक खामोशी से जांच की. इस दौरान सूत्र बनाए गए और मोबाइल लोकेशन खंगाले गए.

दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल राम निवास को 7 मई 2025 की सुबह जैसे ही खबर मिली कि दोनों आरोपी मोती बाग में देखे गए हैं, टीम ने बिजली की गति से प्लान बनाया. इंस्पेक्टर योगेश और विनोद यादव के नेतृत्व में टीम ने इलाके में जाल बिछाया और फिल्मी अंदाज में दोनों अपराधियों राहुल और रवि उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी राहुल पानीपत का रहने वाला है और वह पढ़ा-लिखा युवक है. वह पहले प्रॉपर्टी डीलर के रूप में सक्रिय था. दो बार पहले भी मारपीट और धमकी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है. रवि उर्फ कालू महेन्द्रगढ़ से आकर दिल्ली में राजेंद्र के साथ रहकर छोटे-मोटे काम करता था. इसके खिलाफ भी हरियाणा के दादरी में हिंसक झगड़े का केस दर्ज है. दोनों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में कई सनसनीखेज बातें सामने आई हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह गैंग और कितने लोगों को निशाना बना चुका है.

 

WORLD : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में ढेर हुए आतंकियों में मसूद अजहर का भाई, लश्कर इंचार्ज अबू जुंदाल और जैश का हाफिज मोहम्मद भी

0

भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत 7 मई की सुबह करीब 1.30 बजे पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों पर हमला किया था. खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मुदस्सर खादियान खास, हाफिज मुहम्मद जमील, मोहम्मद यूसुफ अजहर, खालिद (अबू अकाशा) और मोहम्मद हसन खान उन पांच आतंकियों में शामिल हैं जो भारतीय हमलों में मारे गए.

पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में भारतीय सेना की एयर स्ट्राइक में मारे गए आतंकियों की लिस्ट सामने आई है. इनमें जैश-ए-मोहम्मद चीफ मसूद अजहर के भाई अब्दुल रऊफ अजहर के अलावा, लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर अबू जुंदाल और जैश के फंडरेजर हाफिज मोहम्मद के नाम भी शामिल हैं. भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत 7 मई की सुबह करीब 1.30 बजे पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी शिविरों पर हमला किया था. खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मुदस्सर खादियान खास, हाफिज मुहम्मद जमील, मोहम्मद यूसुफ अजहर, खालिद (अबू अकाशा) और मोहम्मद हसन खान उन पांच आतंकियों में शामिल हैं जो भारतीय हमलों में मारे गए.

मुहम्मद जमील और यूसुफ अजहर दोनों मौलाना मसूद अजहर के साले थे. मुदस्सर खादियान खास मुरीदके स्थित लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालय मरकज तैयबा का प्रमुख था. यूसुफ अजहर आईसी-814 अपहरण मामले में वांटेड था और हसन खान पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के ऑपरेशनल कमांडर मुफ्ती असगर खान कश्मीरी का बेटा था.

1. मुदस्सर खादियान खास उर्फ अबू जुंदाल

वह आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था. मुरीदके में लश्कर के हेडक्वार्टर मरकजे तैयबा का प्रभारी था. पाकिस्तानी सेना ने उसे गार्ड ऑफ ऑनर दिया. उसके जनाजे की नमाज एक सरकारी स्कूल में पढ़ी गई, जिसका नेतृत्व जेयूडी (एक घोषित वैश्विक आतंकवादी संगठन) के हाफिज अब्दुल रऊफ ने किया. पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर और पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने उसे मिट्टी दी और उसके लिए फातिहा पढ़ा. पाकिस्तानी सेना के एक सेवारत लेफ्टिनेंट जनरल और पंजाब पुलिस के आईजी अबू जुंदाल के नमाज-ए-जनाजा में शामिल हुए.

2. हाफिज मुहम्मद जमील

हाफिज मुहम्मद जमील जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था और मौलाना मसूद अजहर का सबसे बड़ा साला था. वह बहावलपुर में स्थित जैश के हेडक्वार्टर मरकज सुभान अल्लाह का प्रभारी था, जिसे भारतीय सेना ने 7 मई को एयर स्ट्राइक में तबाह कर दिया था. वह युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से परिचित कराता था यानी उनका ब्रेनवॉश करके उन्हें फिदायीन और आतंकी बनाता था. वह जैश-ए-मोहम्मद के लिए धन जुटाने में सक्रिय रूप से शामिल था.

3. मोहम्मद यूसुफ अजहर

मोहम्मद यूसुफ अजहर को उस्ताद जी, मोहम्मद सलीम और घोसी साहब के नाम से भी जाना जाता था. वह भी जैश-ए-मोहम्मद का एक प्रमुख कमांडर था. यूसुफ जैश चीफ मौलाना मसूद अजहर का साला था. वह जैश-ए-मोहम्मद के लिए वेपन ट्रेनिंग का जिम्मा संभालता था यानी आतंकियों को मिलने वाले हथियार प्रशिक्षण की देखरेख करता था. मोहम्मद यूसुफ अजहर जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवादी हमलों में शामिल और आईसी-814 कंधार हाईजैक मामले में भारत को उसकी तलाश थी.

4. खालिद उर्फ अबू अकाशा

खालि उर्फ अबू अकाशा लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था. जम्मू और कश्मीर में कई आतंकवादी हमलों में शामिल था. अफगानिस्तान के रास्ते हथियारों की तस्करी कराने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. उसे फैसलाबाद के एक कब्रिस्तान में दफनाया गया. अबू अकाशा के नमाज-ए-जनाजा में पाकिस्तानी सेना के वरिष्ठ अधिकारी और फैसलाबाद के डिप्टी कमिश्नर शामिल हुए.

5. मोहम्मद हसन खान

मोहम्मद हसन खान जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा था. वह पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के ऑपरेशनल कमांडर मुफ्ती असगर खान कश्मीरी का बेटा था.

 

NATIONAL : गुरुग्राम में एयर रेड जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों की बैठक, सायरन लगाने के निर्देश

0

भारत-पाकिस्तान में जारी टेंशन के बीच गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार ने रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के साथ एक बड़ी मीटिंग की है. प्रशासन ने सभी SDM और BDPO कार्यालयों में पांच किलोमीटर की रेंज वाले सायरन लगाने का कार्य शुरू कर दिया है. वहीं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर एक से दो किलोमीटर की रेंज वाले सायरन लगाए जाएंगे.

भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव और संभावित आपात स्थितियों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार ने मिनी सचिवालय में जिले की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs) के 60 से अधिक प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की.

बैठक का मकसद एयर रेड वॉर्निंग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए सामुदायिक स्तर पर प्रभावी तैयारियों को सुनिश्चित करना था. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि, यह बैठक हाल ही में जिले में आयोजित नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल और ब्लैकआउट अभ्यास के बाद आयोजित की गई.

प्रशासन ने सभी SDM और BDPO कार्यालयों में पांच किलोमीटर की रेंज वाले सायरन लगाने का कार्य शुरू कर दिया है. वहीं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर एक से दो किलोमीटर की रेंज वाले सायरन लगाए जाएंगे.डीसी अजय कुमार ने RWAs को निर्देश दिए कि वो केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार बेसमेंट शेल्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करें. साथ ही, नागरिकों को सायरन संकेतों, चेतावनी अलर्ट और आपातकालीन प्रोटोकॉल के बारे में जागरूक किया जाए.

उन्होंने कहा कि अलर्ट के दौरान सभी घरों में रोशनी बंद कर पूर्ण ब्लैकआउट सुनिश्चित किया जाए, पावर बैकअप का उपयोग न करें और खिड़की-दरवाजों से दूर रहें. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें.डीसी ने बताया कि आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स (X, इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब) पर प्रामाणिक जानकारी साझा की जाएगी. किसी भी संदेहास्पद या अपुष्ट मैसेज को फॉरवर्ड करने से पहले उसकी सच्चाई की पुष्टि करें. आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं.

 

NATIONAL : उधम सिंह नगर में 5 साल की बच्ची से दरिंदगी, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

0

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 5 साल की बच्ची से दरिंदगी की गई. आरोपी ने मासूम का रेप करने के बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया.

देवभूमि में उत्तराखंड में दुष्कर्म की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं हैं. नैनीताल में 12 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला अभी थमा नहीं था. अब उधम सिंह नगर जिले की रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में पांच साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है, आरोपी ने दुष्कर्म के बाद बच्ची का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया. पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तारी कर लिया. वहीं पीड़िता का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है.

पीड़िता के परिवार की तरफ से दी तहरीर में बताया कि वो और संभल यूपी का रहने वाले नीरज यादव एक ही मकान में किराए पर रहता है और ठेले पर सब्जी बेचने का काम करता है. गुरुवार की रात वह अपनी पत्नी के साथ घर की छत पर था, जबकि दोनों बेटियां कमरे में सोई हुई थी. इसी दौरान नीरज अपने कमरे में घुस गया और वहां सो रही पांच वर्षीय बेटी को उठाकर अपने कमरे में ले गया. आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और गला दबाकर हत्या का प्रयास किया.

उन्होंने बताया कि जब बेटी ने दर्द से चिल्ला रही थी, उसकी आवाज सुनकर जब हम कमरे में पहुंचे तो आरोपी नीरज मौके से फरार हो गया. बेटी ने रोते रोते घटना की जानकारी दीं. इस दौरान मामले की जानकारी पुलिस की दी गई, पुलिस ने पहुंचकर बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा हैं. पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

रुद्रपुर सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अभी तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है. पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया. आरोपी को प्रीत विहार से गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं इस घटना के जिला बाल कल्याण समिति की पूर्व अध्यक्ष रजनीश बत्रा ने बच्ची का हाल जानकर परिजनों को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.

PUNJAB : अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर से सटे गांवों ने कसी कमर! युवा-बुजुर्गों को दी जा रही है ट्रेनिंग

0

पाकिस्तान से बढ़ते तनाव के बीच गुरदासपुर से कई गांव वालों ने अपने-अपने स्तर पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी मद्देनजर गांव के युवाओं और बुजुर्गों को ट्रेनिंग दी जा रही है. गांव में रहने वाले लोगों का कहना है कि पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है.

पाकिस्तान ने पंजाब के कई शहरों को अपने निशाना पर ले लिया है, जिसमें गुरदासपुर भी शामिल है. हालांकि, पाकिस्तान के सभी हमलों को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया है और PAK को मुंहतोड़ जवाब दिया है. इसी बीच, सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं, जहां युवाओं और बुजुर्गों को ट्रेनिंग दी जा रही है. साथ ही इलाके की सरपंच ने गांव के लोगों को जरूरी सामान स्टोर करने की सलाह दी है. आइए जानतें इस रिपोर्ट से ग्राउंड जीरो पर कैसे हैं हालात.

दरअसल, शनिवार सुबह तड़के गुरदासपुर के एक गांव में पाकिस्तानी धमाकों से लोगों की नंदी टूटी. धमाका इतना भीषण था कि खेत में 30 फीट चौड़ा और 15 फीट गहरा गड्ढा हो गया. इस धमाके से आसपास के घरों के शीशे और बिजली के तार टूट गए. इसके के मद्देनजर ग्रामीणों ने अपने-अपने स्तर पर युद्ध में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं.

जानकारी के अनुसार, इस इलाके में मौजूद ज्यादातर घरों ने बीते दशकों में युद्ध को करीब से देखा है या इन घरों का कोई न कोई सदस्य आर्मी में है. यही वजह है कि गुरदासपुर के कई गांव वालों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं.

गांव की सरपंच निर्माला देवी न सिर्फ खुद बल्कि अपने आस पड़ोस में सभी को राशन, पानी और जरूरत का सामान घर में पहले से ही स्टोर करने को कहा है. जबकि गांव में रहने वाले पूर्व सैनिकों ने बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्गों को युद्ध में बचाव की ट्रेनिंग दे रहे हैं, क्योंकि अगर गांव पर कोई हमला होता है तो किस तरह अपना और अपने परिवार का बचाव करें.

गांव में रहने वाले लोगों का कहना है कि पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है और युद्ध होता है तो वो लोग अपने गांव में ही रहेंगे, गांव छोड़ के कहीं नहीं जाएंगे.

UP: पाकिस्तान तनाव के बीच 1882 लोगों ने रद्द की चंडीगढ़ और कश्मीर की टिकटें, 4 उड़ाने भी कैंसल

0

भारत पाकिस्तान तनाव के बीच लखनऊ से चंडीगढ़ और जम्मू कश्मीर जाने वाले यात्री अपनी टिकट रद्द कर रहे हैं. 1882 लोगों ने ट्रेन की टिकट रद्द कर दी है. इस दौरान हवाई यात्रा भी रद्द की जा रही है.

भारत पाकिस्तान तनाव के चलते लोग लखनऊ से चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर की यात्रा निरस्त कर रहे हैं. अबतक 1882 यात्रियों ने अपनी-अपनी टिकट रद्द कर दी हैं. दूसरी तरफ अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं काफी उत्साहित हैं. बीते गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया गया, जिसका भारतीय सेना ने बखूबी जवाब दिया. भारत पाकिस्तान तनाव के बीच लोग गर्मियों की छुट्टियों में पर्यटन, निजी व अन्य कामों से जम्मू-कश्मीर, पंजाब आदि स्थानों पर जाने वाले लोग अपनी यात्रा निरस्त कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश रेलवे अधिकारियों के मुताबिक जम्मू कश्मीर के लिए लखनऊ से अमरनाथ एक्सप्रेस, कोलकाता जम्मू तवी, बेगमपुरा, माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस ट्रेन अलग-अलग दिनों पर चलती हैं. ऐसे ही लखनऊ से चंडीगढ़ के लिए लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस, लखनऊ जंक्शन चंडीगढ़ एक्सप्रेस आदि ट्रेनें चलती हैं.

जानकारी के मुताबिक अगले हफ्ते के अंदर जिन भी लोगों की जम्मू कश्मीर या चंडीगढ़ के लिए टिकट थी, उनमें से 1882 लोगों ने अपनी टिकट रद्द करवा दी है. इनमें ज्यादातर यात्री ऐसे शामिल हैं, जिन्होंने IRCTC ऐप के माध्यम से अपनी टिकट बनवाई थी. शुक्रवार को चारबाग समेत अन्य स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों से भी टिकट रद्द किए गए.

तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है. लखनऊ में रोजाना 300 से ज्यादा श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं. यही कारण है कि जम्मू जाने वाली बेगमपुरा, कोलकाता जम्मू तवी, अमरनाथ एक्सप्रेस में वेटिंग देखने को मिल रही है. स्लीपर से लेकर एसी कोच में वेटिंग का आंकड़ा 50 से 60 के बीच चल रहा है.

पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को लखनऊ से चंडीगढ़ व किशनगढ़ की 4 उड़ानों को निरस्त कर दिया गया. इसके साथ एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी कर दी गई. लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट 6E 6552 रद्द कर दी गई है. ठीक इसी तरह चंडीगढ़ से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 146 को रद्द कर दिया गया है.

हवाई से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते यात्रियों से उड़ाने से पहले एयरपोर्ट पहुंचने और जांच में सहयोग करने की बात कही है. इसके साथ ही फ्लाइट से जुड़ी सही जानकारी लेने के लिए लखनऊ हवाई अड्डे के सोशल मीडिया प्लेटफार्म और एयरलाइनों से लेने की अपील की है. एयर इंडिया प्रशासन ने यात्रियों को 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है.

 

NATIONAL : 3 बच्चों के साथ कुएं में कूदी मां, तीनों बच्चों की मौत, महिला की हालत गंभीर

0

झारखंड के गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के खसलोडीह लताकी गांव में पति- पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ एक सिंचाई कूप में छलांग लगा दी. जिससे तीनों बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई. जबकि महिला को कुएं से निकालकर बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

झारखंड के गिरिडीह के देवरी थाना क्षेत्र के खसलोडीह लताकी गांव में पति- पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ एक सिंचाई कूप में छलांग लगा दी. जिससे तीनों बच्चों की मौत मौके पर ही हो गई. वहीं महिला को बेहोशी हालत में उपचार के लिए गिरिडीह ले गया. मृतकों में खसलोडीह गांव के सोनू चौधरी के छह वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार, चार वर्षीय पुत्री रानी कुमारी एवं दो वर्षीय फूल कुमारी शामिल हैं.

घटना में बेहोश हुई सोनू की पत्नी आरती देवी को उपचार के लिए गिरिडीह ले जाया गया है. बताया जाता है कि सोनू चौधरी हैदराबाद में मजदूरी कर परिवार चलाता है. करीब एक माह पूर्व वह अपने चचेरे भाई के शादी समारोह में भाग लेने के लिए खसलोडीह स्थित घर आया था. गुरुवार की रात को पति, पत्नी के बीच कथित रूप से कहा सुनी हुई थी. जिसके बाद शुक्रवार की सुबह में सोनू अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में भाग लेने चला गया.

वहीं सोनू के माता-पिता गांव में चल रहे विवाह कार्यक्रम में भाग लेने चले गए, इस दौरान पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे दिन में सोनू चौधरी की पत्नी आरती देवी अपने तीन मासूम बच्चों को लेकर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सड़क के किनारे स्थित सिचाई कूप में छलांग लगा दी. कुछ देर बाद स्कूली बच्चों ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दिया. सूचना के बाद ग्रामीण सिंचाई कूप के पास पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद महिला समेत तीनों बच्चों को बाहर निकाला.

हालांकि, तब तक तीनों मासूम बच्चों की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद परिवार के सदस्यों समेत पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया. इस संबंध में सोनू चौधरी की माता कुसुमा देवी ने बताया कि उसका पुत्र सोनू महीना पूर्व हैदराबाद से अपना घर आया हुआ है. घर परिवार में सब ठीक-ठाक से चल रहा था. किसी से किसी प्रकार की कहासुनी नहीं हुई है.

इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस निरीक्षक पास्कल टोप्पो, देवरी थाना के एसआई रिशु सिन्हा दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए. इसके बाद उन्होंने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रभारी थानेदार रिशु कुमार सिन्हा ने बताया की तीन बच्चों की मौत हुई है. मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.

WORLD : भारत ने खोली PAK के झूठे दावों की पोल, फेक है ननकाना साहिब गुरुद्वारा पर हमले की वीडियो

0

भारत सरकार ने शनिवार को पाकिस्तान के झूटे प्रचार की पोल खोलते हुए बताया कि सोशल मीडिया ननकाना साहिब गुरुद्वारा पर ड्रोन हमले से जुड़ा वीडियो फर्जी है. इस तरह का कंटेंट भारत में सांप्रदायिक नफरत पैदा करने के लिए प्रसारित किया जा रहा है.

पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के बाद भारतीय सरकार ने शनिवार को उन दावों को खारिज कर दिया, जिसमें पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर ड्रोन हमला बातें कही थीं.PIB फैक्ट चेक यूनिट ने कहा, ‘सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भारत ने ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर ड्रोन हमला किया है. ये दावा पूरी तरह से फर्जी है.’

PIB ने कहा कि इस तरह का कंटेंट भारत में सांप्रदायिक नफरत पैदा करने के लिए प्रसारित किया जा रहा है.

सरकार ने कुछ सोशल मीडिया पोस्टों को भी फर्जी बताया है, जिनमें दावा किया गया था कि एक भारतीय पायलट पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में अपने लड़ाकू विमान से उतर गया और एक महिला वायु सेना पायलट को पाकिस्तान में पकड़ लिया गया.

सरकार ने उन दावों को भी खारिज कर दिया कि पाकिस्तान द्वारा किए गए साइबर हमले में भारत का पावर ग्रिड निष्क्रिय हो गया है तथा मुंबई-दिल्ली एयरलाइन मार्ग अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने परिचालन संबंधी कारणों से दिल्ली और मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्रों के अंदर एयर ट्रैफिक सर्विस (ATS) मार्गों के 25 खंडों को अस्थायी रूप से बंद रखने की अवधि बढ़ा दी है.

सरकार ने ये भी कहा कि भारतीय सैनिकों को रोते हुए दिखाने वाला पुराना वीडियो वास्तव में एक निजी रक्षा कोचिंग सेंटर के युवाओं का था जो सेना में अपने चयन का जश्न मना रहे थे.

पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने कहा कि संबंधित वीडियो 27 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था और इसका सेना से कोई संबंध नहीं है.
इसमें कहा गया है, ‘वीडियो में एक निजी रक्षा कोचिंग संस्थान के छात्रों को भारतीय सेना में अपने चयन का जश्न मनाते हुए दिखाया गया है. वीडियो में दिख रहे युवा कथित तौर पर अपनी सफल भर्ती की खबर पाकर खुशी से भावुक हो गए.’

सरकार ने विदेशी मीडिया के एक वर्ग में शुक्रवार को श्रीनगर हवाई अड्डे के आसपास 10 विस्फोटों के बारे में आई खबरों को भी खारिज कर दिया. साथ ही जयपुर एयरपोर्ट के पास विस्फोटों के अलग-अलग दावों को भी खारिज कर दिया.

एक सरकारी अधिकारी ने कहा, ‘ये दावे फर्जी हैं. प्रामाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.’

पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट ने ये भी कहा कि भारतीय सेना की चौकियों को नष्ट करने के बारे में सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे झूठे हैं और इस संबंध में शेयर किया गया वीडियो 2020 का है.

इसमें कहा गया है, ‘ये वीडियो पुराना है और ऑपरेशन सिंदूर के बाद की किसी गतिविधि से संबंधित नहीं है. वीडियो को मूल रूप से 15 नवंबर, 2020 को यूट्यूब पर अपलोड किया गया था.’

- Advertisement -

News of the Day