Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 714

NATIONAL : जब महिला न कहे तो मतलब ‘नहीं’ ही होता है, हाई कोर्ट ने बरकरार रखी गैंगरेप के 3 दोषियों की दोषसिद्धि

0

बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक सहकर्मी से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में तीन पुरुषों की दोषसिद्धि को बरकरार रखा है और कहा है कि महिला की सहमति के बिना यौन संबंध बनाना उसके शरीर पर हमला है.

बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक सहकर्मी से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में तीन पुरुषों की दोषसिद्धि को बरकरार रखा है और कहा कि जब कोई महिला ‘नहीं’ कहती है तो इसका मतलब ‘नहीं’ ही होता है. कोर्ट ने कहा कि उसकी पिछली यौन गतिविधियों के आधार पर सहमति का कोई अनुमान नहीं लगाया जा सकता.

जस्टिस नितिन सूर्यवंशी और जस्टिस एम. डब्ल्यू चांदवानी की पीठ ने छह मई के अपने फैसले में कहा, “नहीं का मतलब नहीं होता है.” पीठ ने दोषियों के पीड़िता की नैतिकता पर सवाल उठाने के प्रयास को स्वीकार करने से इनकार कर दिया. कोर्ट ने कहा कि महिला की सहमति के बिना यौन संबंध बनाना उसके शरीर, मन और निजता पर हमला है. कोर्ट ने रेप को समाज में नैतिक व शारीरिक रूप से सबसे निंदनीय अपराध बताया.

हाई कोर्ट ने कहा, “अगर कोई महिला ‘नहीं’ कहती है तो उसका मतलब ‘नहीं’ होता है. इसमें कोई अस्पष्टता नहीं है और किसी महिला की औरकथित अनैतिक गतिविधियों के आधार पर सहमति का कोई अनुमान नहीं लगाया जा सकता है.”

कोर्ट ने तीनों व्यक्तियों की दोषसिद्धि को रद्द करने से इनकार कर दिया, लेकिन उनकी सजा को आजीवन कारावास से घटाकर 20 साल कर दिया. याचिका में तीनों व्यक्तियों ने दावा किया था कि महिला शुरू में उनमें से एक के साथ संबंध में थी, लेकिन बाद में वह किसी और व्यक्ति के साथ ‘सहजीवन साथी’ के तौर पर रहने लगी. नवंबर 2014 में तीनों ने पीड़िता के घर में घुसकर उसके साथ रहने वाले पुरुष साथी पर हमला किया. दोषी महिला को जबरन पास के एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने उससे रेप किया.

पीठ ने अपने फैसले में कहा कि भले ही एक महिला अलग हो गई हो और अपने पति से तलाक लिए बिना किसी और व्यक्ति के साथ रह रही हो, तो भी कोई व्यक्ति महिला की सहमति के बिना उसे अपने साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर नहीं कर सकता. पीठ ने कहा कि भले ही पीड़िता और दोषियों में से एक के बीच पहले संबंध थे, लेकिन अगर पीड़िता उसके और आरोपियों के साथ संबंध बनाने को तैयार नहीं है तो उसकी सहमति के बिना कोई भी यौन कृत्य रेप माना जाएगा.

कोर्ट ने कहा, “एक महिला जो किसी विशेष अवसर पर किसी पुरुष के साथ यौन गतिविधियों के लिए सहमति देती है, वह हो सकता है कि उसी पुरुष के साथ और सभी अवसरों पर यौन गतिविधियों के लिए सहमति न दे. एक महिला का चरित्र या नैतिकता उसके यौन साझेदारों की संख्या से जुड़े नहीं होते.”

कोर्ट ने कहा, “रेप को सिर्फ यौन अपराध नहीं माना जा सकता, बल्कि इसे आक्रामकता से जुड़े अपराध के तौर पर देखा जाना चाहिए. यह उसकी निजता के अधिकार का उल्लंघन है. रेप समाज में नैतिक और शारीरिक रूप से सबसे निंदनीय अपराध है, क्योंकि यह पीड़ित के शरीर, मन और निजता पर हमला है.”कोर्ट ने पीड़िता के ‘सहजीवन साथी’ पर हमला करने के लिए तीनों की दोषसिद्धि भी बरकरार रखी.

 

NATIONAL : पाकिस्तान से तनाव के बीच गुरदासपुर प्रशासन का बड़ा फैसला, ब्लैकआउट का आदेश

0

गुरदासपुर डिप्टी कमिश्नर के आदेश के अनुसार, रक्षा अधिनियम, 1968 के तहत आज रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूरे जिले में पूर्ण रूप से ब्लैकआउट का आदेश दिया जारी किया है जो अगले आदेश तक जारी रहेगा. इस ब्लैकआउट से अस्पताल और सेंट्रल जेल को बाहर रखा गया है, लेकिन उन्हें इस दौरान ये सुनिश्चित करना होगा कि खिड़कियां और दरवाजे बंद रहें. ताकि लाइन की कोई रोशनी बाहर न आ सके.

ऑपरेशन सिंदूर के तहत मिसाइल हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इसी मद्देनजर सीमावर्ती राज्य पंजाब को हाई अलर्ट पर रखा है. इसी बीच अब गुरदासपुर प्रशासन ने आज रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूरे जिले में ब्लैकआउट का आदेश जारी किया है जो अगले आदेश तक जारी रहेगा. इस संबंध में गुरदासपुर के डिप्टी कमिश्नर ने गुरुवार को एक आदेश जारी किया है.

डिप्टी कमिश्नर के आदेश के अनुसार, रक्षा अधिनियम, 1968 के तहत आज रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक पूरे जिले में पूर्ण रूप से ब्लैकआउट का आदेश दिया जारी किया है जो अगले आदेश तक जारी रहेगा. डिप्टी कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस ब्लैकआउट से अस्पताल और सेंट्रल जेल को बाहर रखा गया है, लेकिन उन्हें इस दौरान ये सुनिश्चित करना होगा कि खिड़कियां और दरवाजे बंद रहें. ताकि लाइन की कोई रोशनी बाहर न आ सके.

इससे पहले पंजाब DGP कार्यालय ने एक आदेश जारी कर राज्य के सभी पुलिसकर्मी और अधिकारियों की तत्काल प्रभाव से छुट्टियां रद्द कर दी.
पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक कारणों के मद्देनजर पंजाब पुलिस के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों की छुट्टियां 7 मई से रद्द कर दी गई हैं. आदेश में कहा गया कि छुट्टियां केवल विशेष परिस्थितियों में ही सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से दी जानी चाहिए.

पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा ने बुधवार को कहा, ‘पंजाब पाकिस्तान के साथ 532 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है. इसलिए किसी-भी सैन्य तनाव के दौरान पंजाब सरकार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है. सीमा के पास के सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सरकार ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए सभी सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए हैं.’

WORLD : बौखलाए पाकिस्तान की करतूत! जम्मू-कश्मीर में मिसाइल-ड्रोन से हमले की कोशिश, यहां था टारगेट

0

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भा पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. आतंकी ठिकानों पर हुई कार्रवाई के बाद एक बार फिर पाक ने अपने नापाक इरादों को अंजाम देने की कोशिश की.

आतंकियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान पूरी तरह बौखला गया है. ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पहले ही ये साफ कर दिया गया था कि ये कार्रवाई पाकिस्तान की सेना के खिलाफ नहीं बल्कि आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए की गई थी. आतंकियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान इस कार्रवाई के बाद इतना हिल गया है कि अब उसने भारत में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की हिमाकत कर दी. भारत ने भी इसका माकूल जवाब दिया है.

7-8 मई की रात पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के अवंतिपुरा, जम्मू और श्रीनगर में सैन्य ठिकानों ड्रोन और मिसाइल के जरिए टारगेट करने की कोशिश की. हालांकि पड़ोसी मुल्क की ये कोशिश नाकाम साबित हुई और उनके ड्रोन और मिसाइल को नष्ट कर दिया गया. इंटीग्रेटेड काउंटर यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम के आगे पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल टिक नहीं पाए.

जो ड्रोन और मिसाइल भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने के इरादे से आए थे अब वो मिट्टी में मिल चुके हैं. उनके मलबे अलग-अलग जगहों से इकट्ठे किए गए हैं.

पाकिस्तान की बौखलाहट का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने एलओसी पर भारी गोलीबारी की है. कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, उरी, मेंढर और राजौरी सेक्टर वो इलाके हैं जहां पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर मोर्टार दाते हैं. पाकिस्तान की इस गोलीबारी में 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है. पाक की तरफ से की गई फायरिंग में जान गंवाने वाले 16 लोगों में तीन महिलाएं और पांच बच्चे भी शामिल हैं. यहां भी पाकिस्तानी फायरिंग को भारत की तरफ से माकूल जवाब दिया गया है.

गौरतलब है कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया. 22 अप्रैल को पहलगा में हुए आतंकी हमले का बदला लेते हुए इस ऑपरेशन में कई आतंकी मारे गए हैं.

NATIONAL : ‘ये विकसित भारत है, मांद में घुसकर मारता है…’ पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर पर बोले सीएम योगी

0

पाकिस्तान की सरजमीं से संचालित आतंकी हमलों का करारा जवाब देते हुए भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई भारत की संप्रभुता में सेंध लगाने की कोशिश करता है तो उसे उसकी मांद में घुसकर करारा जवाब दिया जाता है। योगी ने इस कार्रवाई को विकसित भारत की ताकत बताया और देशवासियों से नागरिक कर्तव्यों के निर्वहन की अपील की.

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकियों पर भारत की एयर स्ट्राइक पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यह नया भारत है, जो किसी को बेवजह नहीं छेड़ता, लेकिन अगर कोई उसकी संप्रभुता को चुनौती देता है तो वह उसकी मांद में घुसकर करारा जवाब देता है. देश का आत्मविश्वास और सैन्य ताकत अब वैश्विक स्तर पर विकसित भारत की छवि को मजबूती दे रहा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भारत की सशक्त प्रतिक्रिया पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि विकसित भारत कैसा होता है, इसकी झलक कल दुनिया ने देखी. नया भारत किसी को बेवजह नहीं छेड़ता, लेकिन अगर कोई हमारे नागरिकों की सुरक्षा में सेंध लगाता है या हमारे आंतरिक मामलों में दखल देता है, तो यह भारत उसे छोड़ता नहीं. उसकी मांद में घुसकर जवाब देता है.

बता दें कि यह बयान उस समय आया है जब भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक की है. सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई पूरी तरह इंटेलिजेंस-बेस्ड और टारगेटेड थी, जिसमें कई आतंकी मारे गए हैं. इस ऑपरेशन को लेकर पूरे देश में देशभक्ति और उत्साह का माहौल है.

सीएम योगी ने इस मौके पर यह भी कहा कि ऐसे समय में हर नागरिक का दायित्व बनता है कि वह देश की रक्षा, सुरक्षा और गरिमा के लिए खड़ा रहे. भारत अब केवल सहिष्णु नहीं, बल्कि सशक्त और निर्णायक राष्ट्र के रूप में विश्वपटल पर उभर चुका है.

ENTERTAINMENT : Operation Sindoor पाने की रेस में दौड़ा बॉलीवुड, 15 मेकर्स ने नाम रजिस्टर कराने के ल‍िए भेजा आवेदन, किसे म‍िलेगा टाइटल

बॉलीवुड में ऑपरेशन सिंदूर टाइटल को रजिस्टर कराने की होड़ लग गई है. FWICE को इसके लिए 15 फिल्म मेकर्स ने अप्रोच किया है. हालांकि अभी ये फैसला नहीं लिया गया है कि टाइटल फाइनली किसे मिलेगा. पर ये देखना तो दिलचस्प होगा कि इस एयर स्ट्राइक पर कौन फिल्म बना पाता है.

भारत की ओर से हाल ही में चलाए ऑपरेशन सिंदूर के बाद, फिल्म इंडस्ट्री में इस टाइटल को लेकर होड़ मच गई है. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉई (FWICE) के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने इंडिया टुडे/आजतक से बातचीत में इसका खुलासा किया. उन्होंने बताया कि अब तक करीब 15 फिल्म मेकर्स और स्टूडियो ने इस टाइटल को रजिस्टर कराने के लिए आवेदन दिया है. ये रजिस्ट्रेशन इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स असोसिएशन (IMPPA) के माध्यम से किया जा रहा है.

सोर्स की मानें तो फिल्म इंडस्ट्री में ये चलन नया नहीं है. जब भी कोई बड़ा राष्ट्रीय मुद्दा या घटना सामने आती है, फिल्म मेकर्स तुरंत उससे जुड़ा टाइटल रजिस्टर कराने की कोशिश करते हैं. भले ही उस पर फिल्म बने या न बने, लेकिन टाइटल सुरक्षित रखना जरूरी होता है. ‘उरी’, ‘वॉर’ और ‘फाइटर’ जैसी फिल्मों की सफलता के बाद से ये देखा गया है कि वॉर या देशभक्ति पर बेस्ड कहानियां दर्शकों के बीच बेहद पॉपुलर हैं.

फिल्म मेकर अशोक पंडित ने इस बारे में बात की और माना कि उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम को रजिस्टर कराने के लिए आवेदन दिया है. उन्होंने कहा कि ‘फिल्म बनेगी या नहीं, ये अभी कहना मुश्किल है, लेकिन जब कोई बड़ा और देश से जुड़ा मुद्दा सामने आता है, तो बतौर निर्माता हमारा पहला कदम होता है टाइटल रजिस्टर कराना. बिना टाइटल के फिल्म की प्लानिंग भी शुरू नहीं की जा सकती.’

अशोक पंडित ने ये भी कहा कि वो इस टॉपिक से भावनात्मक रूप से जुड़ाव महसूस करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि ‘मैं जानता हूं कि ये देश किन परिस्थितियों से गुजरा है. पाकिस्तान से हमने 30–35 साल से जो कुछ झेला है, वो किसी से छुपा नहीं है, मैं खुद उस दर्द को महसूस करता हूं, क्योंकि मेरी कम्युनिटी ने इस आतंक से सीधा नुकसान झेला है.’

बता दें, जम्मू कश्मीर में हुए पहलगाम आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान गई थी. जिसकी जवाबी कार्रवाई में भारत की ओर से ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया. इसके तहत पाकिस्तान में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया. वहीं फिल्म की बात करें, तो बॉलीवुड में पहले भी रियल वॉर इंसीडेंट से रिलेटेड कई फिल्में बन चुकी हैं, जिनमें- उरी, बॉर्डर, कारगिल जैसी फिल्में शामिल हैं.

ENTERTAINMENT : अचानक क्यों रूकी ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ की शूटिंग? रोहित पुरोहित ने पोस्ट शेयर कर बताई वजह

रोहित पुरोहित और समृद्धि शुक्ला के पॉपुलर शो ये रिश्ता क्या कहलाता है कि शूटिंग रूक गई है. एक्टर ने खुद पोस्ट कर ये बात कंफर्म की है और वजह भी बताई है.

‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ टीवी के मोस्ट पॉपुलर शो में से एक है और यह सबसे लंबे समय तक चलने वाला ड्रामा भी है जो सभी का ध्यान खींचने में कामयाब रहा हैं. वहीं मेकर्स भी अपने इस शो में हमेशा ट्विस्ट और टर्न जोड़ने में लगे रहते हैं ताकि दर्शकों इससे बंधे रहे हैं. इन सबके बीच फैंस नए एपिसोड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं लेकिन लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ का प्रोडक्शन रोक दिया गया है. शो के लीड एक्टर रोहित पुरोहित ने खुद एक वीडियो शेयर कर बताया कि कि सीरियल की शूटिंग रोक दी गई है साथ ही एक्टर ने इसकी वजह भी बताई है.

बता दें कि दर्शकों का फेवरेट सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ अचानक हुई बारिश से प्रभावित हुआ है. जब भारी बारिश हुई उस दौरान टीम एक आउटडोर सीक्वेंस की शूटिंग कर रही थी. बारिश के बावजूद टीम शेड्यूल पर बने रहने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है. वही रोहित पुरोहित ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया है कि शो की शूटिंग रूक गई है उन्होंने इसकी वजह भी बताई.

रोहित द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि ये रिश्ता क्या कहलाता है की पूरी टीम बारिश से बचने के लिए कही शेल्टर तलाशती हुई नजर आ रही है. रोहित ने इस वीडियो को पोस्ट करने के साथ ही कैप्शन में लिखा है, “शूटिंग रुक गई है मुंबई का तूफान.”

दरअसस 6 मई की आधी रात को मुंबई में अचानक आए तूफान के कारण शूटिंग कुछ समय के लिए रुकी हुई थी. उन्होंने एक और इंस्टाग्राम पोस्ट भी शेयर की जिसमें वे बारिश को एंजॉय करते नजर आए. उन्होंने वीडियो को कैप्शन दिया, “सीजन की पहली बारिश का रोम

बता दें कि रोहित पुरोहित जल्द ही पापा भी बनने वाले हैं. रोहित और उनकी पत्नी शीना बजाज ने कुछ दिन पहले प्रेग्नेंसी फोटोशूट की तस्वीरें पोस्ट कर अनाउंस किया था कि उनका घर नन्हा मेहमान आने वाला है. ये जोड़ी शादी के 6 साल बाद पेरेंट्स बन रही है.

BIHAR : 7 मई की एयरस्ट्राइक के समय बच्ची ने लिया जन्म, घर वालों ने नाम रखा ‘सिंदूर’

0

बिहार के कटिहार से एक सुंदर तस्वीर निकल कर सामने आई है. यहां पाकिस्तान पर भारत की कार्रवाई की सराहना करते हुए एक दंपति ने अपनी नवजात बेटी का नाम ही सिंदूर रख दिया.भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ बहावलपुर और लश्कर-ए-तैयबा का अड्डा मुरीदके शामिल है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों के नरसंहार के दो सप्ताह बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत सैन्य हमले किए गए. आतंकी ठिकानों पर इस हमले से देश ने कई दिन बाद चैन की सांस ली है.

एक सुंदर तस्वीर निकल कर सामने आई है. यहां भारत की कार्रवाई की सराहना करते हुए एक दंपति ने अपनी नवजात बेटी का नाम ही सिंदूर रख दिया. साफ है कि देश के साथ- साथ नवजात के परिजन भी काफी खुश हैं.

गौरतलब है कि पहलगाम के आतंकी हमले में 26 बेगुनाहों की हत्या के बाद भारत ने पलटवार किया. बुधवार तड़के भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर का जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है. इस हमले का कोडनेम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ था.

दरअसल बीते 22 अप्रैल को आतंकियों ने पहलगाम में घूमने पहुंचे लोगों को अपने आतंक का निशाना बनाया था. उन्होंने वहां 26 लोगों की जान ले ली जिसके बाद से पूरा देश क्रोध में था. जिन लोगों ने अपने पति, बेटे को खोया, उन सभी लोगों ने न्याय की मांग की और आज उनकी इस इच्छा को हमारी सेना ने पूरा कर दिया.

MP : MP के जंगल में बर्बर हत्याकांड! एक ने रेता गला तो दूसरे ने बनाया वीडियो… दोस्त के साथ खेला खूनी खेल

0

MP में रीवा के जंगल में तीन दोस्तों के बीच मौत का दर्दनाक खेल खेला गया. जहां एक दोस्त की बड़ी ही बेरहमी से चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. आरोपी ने इसका वीडियो भी बनवाया.

मध्यप्रदेश के रेवा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां तीन दोस्तों के बीच मौत का दर्दनाक खेल खेला गया. जहां एक दोस्त की बड़ी ही बेरहमी से चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. आरोपी ने इसका वीडियो भी बनवाया. बेरहमी की सारी हदें पार कर देने वाले इस वीडियो को देखकर तालिबानी भी सहम जाएं.

रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्या का लाइव वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वीडियो आने के बाद आरोपी फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. यह पूरा मामला रीवा जिले के लालगांव चौकी क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव का है. यहां जंगल में तीन दोस्त शराब पार्टी करने गए थे. इसी दौरान दोस्तों ने खौफनाक खूनी खेल खेला.

अभिषेक त्रिपाठी की उसके साथी रजनीश मिश्रा ने बड़ी ही बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी. गला काटते समय उसने अपने अन्य साथी से घटना का वीडियो भी बनवाया. वायरल वीडियो में एक सिरफिरा युवक जमीन पर खून से सने पड़े युवक का गला धारदार छुरे से कसाई की तरह रेतते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो इतना दर्दनाक है कि देखने वाले की रूह कांप जाए. वीडियो में आरोपी बड़ी ही बेरहमी से गला रेत कर दोस्त की जान लेता नजर आ रहा है.

जंगल में क्षत विक्षत शव मिलने से पुलिस हरकत में आ गई. अभिषेक त्रिपाठी के गायब होने की आशंका में उसकी तलाश की गई लेकिन वह फरार हो चुका था. इसी दौरान हत्या का वीडियो सामने आ गया. पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि हत्या का लाइव वीडियो सामने आया है. अभी घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. मृतक का भाई आरोपी का दोस्त है. पुलिस ने मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश कर रही है.

DELHI : गीता कॉलोनी में 2 दोस्तों के हत्यारे नाबालिग पर बीच बाजार में फायरिंग, जानें पूरा मामला

0

दिल्ली के गीता कॉलोनी में 17 साल के नाबालिग को बीच बाजार गोली मार दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. यह हमला सितंबर 2024 में हुए दोहरे हत्याकांड के बदले में किया गया था.

दिल्ली के शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी में मंगलवार (5 मई) रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब बीच बाजार एक 17 साल के नाबालिग पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी गईं. यह हमला बदले की भावना से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. किशोर के सिर और पेट में दो गोलियां लगीं, जिसमें से एक अब भी उसके सिर में फंसी है. गंभीर रूप से घायल किशोर को लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस ने फुर्ती से कार्रवाई करते हुए इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया.

डीसीपी प्रशांत गौतम के मुताबिक, घटना 6 मई की रात करीब 9:15 बजे की है. 17 साल का नाबालिग स्कूटी से अपनी मौसी से मिलने रानी गार्डन गया था. वापसी के दौरान दो हमलावरों ने उस पर देसी तमंचे से गोलीबारी कर दी. गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन हमलावर मौके से फरार हो गए. किशोर को उसके दोस्त ने तुरंत ऑटो से अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस को घटना की सूचना रात 11 बजे मिली. क्राइम टीम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों में 19 साल का अमान और एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है. दोनों ने कबूला कि उन्होंने यह हमला अपने दोस्तों की हत्या का बदला लेने के लिए किया. पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया. उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

इस सनसनीखेज मामले की जड़ें सितंबर 2024 में हुए एक डबल मर्डर से जुड़ी हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि घायल किशोर ने संपत्ति विवाद में शाहिद और इरशाद नामक दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद वह बाल सुधार गृह भेजा गया था, लेकिन कुछ ही समय में जमानत पर बाहर आ गया. तभी से मृतकों के दोस्त बदला लेने की फिराक में थे और आखिरकार उन्होंने किशोर पर हमला कर दिया.

इस हमले के बाद गीता कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. लोगों में बदले की इस खूनी जंग को लेकर भारी चिंता है. पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. फिलहाल, किशोर की जान बचाने की जद्दोजहद जारी है और पुलिस मामले की हर एंगल से गहन जांच में जुटी है.

 

NATIONAL : भारत में तय वक्त से पहले दस्तक दे सकता है मानसून, बन रहा अनुकूल मौसम

0

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मानसून की बारिश अगले हफ्ते यानी मध्य मई तक शुरू हो सकती है, जबकि मौसम विभाग ने अंडमान निकोबार के हिस्सों में 13 मई तक मानसून की एंट्री का पूर्वानुमान जताया है. इसके बाद केरल में मई के अंतिम हफ्ते के दौरान मानसून की एंट्री के साथ बारिश हो सकती है.

भारत में मानसून की एंट्री को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि इस बार भारत में मानसून बारिश की शुरुआत तय वक्त से पहले हो सकती है. साथ ही आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर हवा के सर्कुलेशन पैटर्न में बदलाव होने की संभावनाएं हैं.

प्रमुख ग्लोबल NWP मॉडलिंग केंद्रों से मिले एडवांस विस्तारित पूर्वानुमान से संकेत मिले हैं कि दक्षिण एशियाई क्षेत्र (जिसमें भारत भी शामिल है) में मानसून जल्दी आ सकता है. आने वाले हफ्ते में बड़े पैमाने पर हवा के सर्कुलेशन पैटर्न में तेजी से बदलाव होने की संभावना हैं, जिसमें उष्णकटिबंधीय हिंद महासागर के ऊपर एशियाई मानसून सर्कुलेशन से जुड़े अर्ध-स्थायी फीचर्स शामिल हैं.

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मानसून की बारिश अगले हफ्ते यानी मध्य मई तक शुरू हो सकती है, जबकि मौसम विभाग ने अंडमान निकोबार के हिस्सों में 13 मई तक मानसून की एंट्री का पूर्वानुमान जताया है. इसके बाद केरल में मई के अंतिम हफ्ते के दौरान मानसून की एंट्री के साथ बारिश हो सकती है.

वहीं, उप-मौसमी स्तर यानी सब सीजनल स्केल पर सर्कुलेशन में विसंगतियों का विश्लेषण करते हुए, एनडब्ल्यूपी आधारित मॉडल के आउटपुट से यह पता चलता है कि भूमध्यरेखीय रॉस्बी तरंगें जैसी आर्द्र इक्वेटोरियल यानी भूमध्ययीय तरंगें, जो या तो आगे बढ़ने होने वाली हो सकती हैं या क्वासी स्टेशनरी हो सकती हैं.

आने वाले दिनों में ये भारत के क्षेत्र में मौसम के पैटर्न को प्रभावित करना शुरू कर सकती हैं, जिससे मानसून के आगमन की रफ्तार को बढ़ाने में सहायता मिल सकती है.एक्सपर्ट का कहना है कि अगले कुछ दिनों में लगातार निगरानी और रियल टाइम विश्लेषण से और अधिक स्पष्टता मिल सकती है. जल्दी मानसून का आगमन कृषि और जल संसाधन प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.

- Advertisement -