Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 715

NATIONAL : ऑपरेशन सिंदूर पर अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दीनशीन सलमान चिश्ती का बड़ा बयान, ‘…उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा’

0

ऑपरेशन सिंदूर पर अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दीनशीन हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने कहा कि यह आतंकवाद के खिलाफ भारत का सख्त संदेश है. हम अधर्म और आतंक के आगे कभी नहीं झुकेंगे.

भारतीय सेना की ओर से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही है. अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दीनशीन और चिश्ती फाउंडेशन के अध्यक्ष हाजी सैयद सलमान चिश्ती (Haji Syed Salman Chishty) ने भी इस पर भारतीय सेना को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि ‘सबसे पहले मैं हमारे देश की सशस्त्र सेनाओं को बधाई देता हूं, जिन्होंने सभी आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया और आतंकवादियों को पूरी तरह खत्म कर दिया. यह कार्रवाई 22 अप्रैल को हुए उस शर्मनाक आतंकी हमले के जवाब में की गई है, जिसमें निर्दोष और निहत्थे भारतीयों को निशाना बनाया गया था और उनकी जान ले ली गई. आज भारत ने एक करारा जवाब दिया है.’

हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने कहा कि यह कार्रवाई भारत की ओर से पूरी दुनिया को एक स्पष्ट संदेश देती है कि जो भी आतंकवाद को बढ़ावा देगा, उसे इसी तरह मिट्टी में मिला दिया जाएगा. उन्होंने कहा, “हम 140 करोड़ देशवासी पूरी दुनिया को यह बताना चाहते हैं कि आतंकवाद की इस दुनिया में कोई जगह नहीं है, जो भी आतंकवाद को पनाह देगा, उसे मिटा दिया जाएगा.”

उन्होंने अपने X पर पोस्ट कर लिखा, “भारत अडिग खड़ा है, निडर, न्यायप्रिय और धर्मनिष्ठ. 140 करोड़ भारतीयों के एकजुट हृदयों के साथ, हमारे महान राष्ट्र ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हम अधर्म और आतंक के आगे कभी नहीं झुकेंगे, बल्कि सच्चाई, सम्मान और संकल्प के साथ उठ खड़े होंगे. यह संदेश अब स्पष्ट है, जो आतंक का पोषण करेंगे, उन्हें एक शांतिप्रिय और संप्रभु राष्ट्र के दृढ़ प्रतिकार का सामना करना होगा.”

हम भारत की वीर सेनाओं और हमारे राष्ट्र की निर्णायक नेतृत्व शक्ति को “ऑपरेशन सिंदूर” की साहसी और सटीक सफलता पर दिल से बधाई और गहरी कृतज्ञता अर्पित करते हैं। यह अभियान 22 अप्रैल को पहलगाम, कश्मीर में निर्दोष भारतीय नागरिकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले के खिलाफ एक प्रचंड और… pic.twitter.com/PvsFOKE4j5

उन्होंने आगे लिखा, ‘आज जरूरत है कि दुनिया के सभी लोग धर्मगुरु, नागरिक, और देश एक साथ आएं और इस आतंकवाद नामक पाप का समूल नाश करें ताकि जीवन की पवित्रता और हमारे साझा विश्व में शांति बनी रहे.”उन्होंने विश्व के नेताओं से अपील की कि वे भारत के साथ मिलकर आतंकवाद, कट्टरपंथ और उग्रवाद के इस अभिशाप को जड़ से मिटाने के प्रयासों में शामिल हों. हाजी चिश्ती ने कहा, “यह संदेश पूरी दुनिया के लिए है, अब वक्त आ गया है कि मिलकर इस वैश्विक खतरे का अंत किया जाए.”

 

RAJASTHAN : ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ जयपुर के सवाई माधोपुर स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, कुछ नहीं मिला संदिग्ध

0

ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ सवाई माधोपुर स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी जयपुर के क्रीड़ा परिषद को मिली है. धमकी के बाद प्रशासन ने स्टेडियम को खाली करा लिया है.

राजस्थान के जयपुर के सवाई माधोपुर स्टेडियम को गुरुवार (8 मई) को बम से उड़ने की धमकी मिली है. यह मामला सामने आने के बाद ​जयपुर में हड़कंप की स्थिति है. इस बारे में जयपुर के क्रीड़ा परिषद को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है.

जयपुर के क्रीड़ा परिषद को मिले धमकी भरे ईमेल में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी के बाद उसे खाली करा ली गई. साथ ही जांच एजेंसियां स्टेडियम की तलाशी में जुटी है.

हालांकि, अभी तक की तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. बता दें कि इसी स्टेडियम में हफ्ते भर बाद आईपीएल का मैच होना है.

 

 

BUSINESS : गूगल में फिर से छंटनी- कंपनी ने 200 कर्मचारियों को दिखाया बाहर का रास्ता; आखिर क्यों काम से निकाले जा रहे लोग?

0

पिछले महीने सैकड़ों कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखाने के बाद गूगल ने एक बार फिर से 200 कर्मचारियों की छंटनी की है. कई दूसरी कंपनियां भी कर्मचारियों को काम से निकाल रहे हैं.

बताया जा रहा है कि बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां आजकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और इंफ्रास्ट्रक्चर पर अधिक फोकस कर रही हैं. एक बड़े पैमाने पर इंडस्ट्री में बदलाव हो रहा है और शायद इसी वजह से कर्मचारियों की भी छंटनी हो रही है.

गूगल के इस कदम की जानकारी द इन्फॉर्मेशन ने अपनी रिपोर्ट में दी है. बताया जा रहा है कि कंपनियां डेटा सेंटर और एआई डेवलपमेंट पर खर्च कर रही हैं. इसके चलते कई पुराने सेगमेंट्स खत्म हो रहे हैं या वहां कर्मचारियों की संख्या कम की जा रही है. रॉयटर्स को दिए एक बयान में गूगल ने इन बदलावों को ‘स्मॉल एडजस्टमेंट’ बताया. इनका मकसद सहयोग को अधिक बढ़ावा देना और ग्राहकों को कितनी जल्दी सेवाएं दी जा रही हैं, इसमें सुधार करना है.

बता दें कि गूगल ने पिछले महीने ही प्लेटफॉर्म और डिवाइस डिवीजन से सैकड़ों कर्मचारियों को निकाल दिया था, जिसमें एंड्रॉइड, पिक्सेल और क्रोम शामिल थे. गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने 2023 की शुरुआत में 12,000 कर्मचारियों की छाटनी किए जाने के अपने प्लान का ऐलान किया था, जो कंपनी के टोटल वर्कफोर्स का लगभग 6 परसेंट है. दिसंबर 2024 तक गूगल में कर्मचारियों की संख्या 183,000 से अधिक थी.

गूगल में इस बड़े पैमाने पर हो रही छंटनी टेक सेक्टर के एक नई दिशा में रुख करने की ओर इशारा करती है. इस साल की शुरुआत में ही मेटा ने खराब परफॉर्मेंस करने वाले 5 परसेंट कर्मचारियों की छंटनी की थी. माइक्रोसॉफ्ट ने अपने एक्सबॉक्स डिवीजन में कटौती की, अमेजन ने कई यूनिट्स में लोग कम किए और एप्पल ने अपनी डिजिटल सर्विस विंग में कर्मचारियों की संख्या में कटौती की.

 

RAJASTHAN : शादी की रस्मों में जमकर नाचा और खाना खाकर सो गया दूल्हा… अचानक तबियत बिगड़ी और हो गई मौत

0

बूंदी में एक शादी वाले घर में अचानक मातम पसर गया. दरअसल, यहां एक रस्म के बाद देर रात एकाएक दूल्हे की मौत हो गई. युवक शादी के एक रस्म में जमकर नाचा और खाना खाकर सो गया था. इसके बाद उसकी तबियत बिगड़ी और जान चली गई.

राजस्थान के बूंदी में एक शादी वाले घर में अचानक मातम पसर गया. दरअसल, यहां एक रस्म के बाद देर रात एकाएक दूल्हे की मौत हो गई. परिवार ने मंगलवार रात दूल्हे की बिंदौरी निकाली थी. राजस्थान में शादी से पहले एक परंपरा है, जिसमें दूल्हे या दुल्हन को कुछ दूर तक बारात की तरह ले जाया जाता है. इसे बिंदौरी कहते हैं.

दूल्हे की अपनी पसंद की लड़की से शादी हो रही थी. बिंदौरी में दूल्हे ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ डांस किया था. इसके बाद वह खाना खाकर सो गया था. कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई. 26 साल का दूल्हा राम मेवाड़ा बूंदी जिले के तालेड़ा थाना इलाके के भोपत नोताडा गांव का रहने वाला था. परिजन उसे कोटा के निजी हॉस्पिटल भी लेकर गए, लेकिन उसकी जान बच नहीं पाई. शुरूआती जांच में सामने आया है कि कोई जहरीला पदार्थ खाने की वजह से राम मेवाड़ा की तबीयत बिगड़ी थी.

मृतक के मौसेरे भाई देव ने बताया कि राम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और वह गुलाब की खेती करता था. उसकी कोटा में शादी तय हुई थी. आज कोटा से लड़की वाले शादी के लिए गांव आने वाले थे. मंगलवार रात 11 बजे के करीब राम की बिंदौरी निकाली गई. बिंदौरी में नाते-रिश्तेदारों ने खूब डांस किया था. देव के मुताबिक तड़के 3 बजे बिंदौरी घर पहुंची. दूल्हे ने भी अपने दोस्तों के साथ डांस किया. इसके बाद सभी ने खाना खाया और सोने चले गए. सुबह साढ़े 4 बजे राम की तबीयत बिगड़ गई और कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई.

तालेड़ा थाना एसआई देशराज ने बताया कि मौत का कारण सामने नहीं आया है. कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है. डॉक्टर्स के मुताबिक-अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हुई है. दूल्हे ने इसे गलती से खाया या जानबूझकर, ये जांच का विषय है.

SPORTS : ये कैसा जश्न, विराट कोहली की तस्वीर के सामने फैन्स ने निकाला चाकू और फिर काटा गला? पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार

0

कर्नाटक में तीन आरसीबी प्रशंसकों को स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बड़े पोस्टर के सामने एक बकरे की बलि देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की चेन्नई सुपर किंग्स पर हालिया जीत के बाद एक अजीब घटना सामने आई. टीवी 9 कन्नड़ की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक में तीन आरसीबी प्रशंसकों को स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बड़े पोस्टर के सामने एक बकरे की बलि देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.

सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद बवाल मच गया था. इससे पशु कल्याण समूहों और आम जनता दोनों में आक्रोश फैल गया. 20 सेकंड के इस वीडियो में एक व्यक्ति विराट कोहली के एक बड़े कटआउट के सामने बकरी को पकड़े हुए दिखाई दे रहा है. जब दूसरा व्यक्ति चेन्नई सुपर किंग्स पर आरसीबी की जीत का जश्न मना रहा होता है, तभी बकरी को चाकू से काट दिया जाता है. इसके बाद खून को कोहली के कटआउट और एक बड़े टीम पोस्टर पर चढ़ाया जाता है.

3 लोग गिरफ्तार

तीसरा व्यक्ति रस्सी से जानवर को पकड़ने में मदद करता है. पशु क्रूरता और कट्टरता को बढ़ावा देने के लिए इनकी आलोचना हो रही है. स्थानीय अधिकारियों ने कार्रवाई की है, एक मामला दर्ज किया है और तीनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सना पलैया (22), जयन्ना (23) और टिप्पे स्वामी (28) के रूप में हुई है.

टॉप 2 में आरसीबी, ऑरेंज कैप की दौड़ में कोहली

आरसीबी ने 3 मई को खेले मुकाबले में सीएसके को 2 रनों से हराया था. इस जीत के बाद टीम के 16 अंक हो गए थे और वह टॉप पर आ गई थी, हालाँकि गुजरात की मुंबई पर जीत के बाद आरसीबी दूसरे स्थान पर खिसक गई है. आरसीबी ने 11 मैचों में 8 में जीत दर्ज की है. टीम का अगला मैच शुक्रवार 9 मई को लखनऊ के खिलाफ होगा.

विराट कोहली भी ऑरेंज कैप की दौड़ में शामिल हैं, वह 505 रनों के साथ लिस्ट में चौथे नंबर पर है. हालांकि वह टॉप पर काबिज सूर्यकुमार यादव से सिर्फ 5 रन ही दूर हैं, यानी इस बार ऑरेंज कैप की लड़ाई काफी रोमांचक है.

 

ENTERTAINMENT : इच्छाधारी सांप बनेंगे कार्तिक आर्यन, नाग-नागिन पर बनी इन दो फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर मचा दिया था तहलका

कार्तिक आर्यन इंडस्ट्री के टॉप एक्टर्स में काउंट होते हैं. उनकी फिल्में धमाल मचाती हैं. अब वो करण जौहर की नागजिला में नजर आने वाले हैं. फिल्म में कार्तिक इच्छाधारी नाग के रोल में दिखेंगे. फिल्म 14 अगस्त 2026 को रिलीज होगी. अब खबरें हैं कि फिल्म में अनिल कपूर या बॉबी देओल में से कोई एक विलेन का रोल प्ले कर सकता है. हालांकि, अभी तक इन खबरों को लेकर ऑफिशियल कंफर्मेशन नहीं है. फिल्म को कैसा रिस्पॉन्स मिलेगा इसे लेकर भी फैंस एक्साइटेड हैं.

नगीना: ये फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है. फिल्म ने कमाई के मामले में इतिहास रच दिया था. श्रीदेवी, ऋषि कपूर और अमरीश पुरी जैसे स्टार्स फिल्म में नजर आए थे.1986 में आई इस फिल्म ने 4.75 करोड़ का कलेक्शन किया था.

निगाहें: नगिना पार्ट 2: ये नगिना का सीक्वल थी. फिल्म 1989 में रिलीज हुई थी. फिल्म में श्रीदेवी, सनी देओल, अनुपम खेर जैसे स्टार्स थे. ये फिल्म फ्लॉप हो गई थी.

नागिन: ये फिल्म 1976 में रिलीज हुई थी. फिल्म में 11 स्टार्स थे ये 1 करोड़ 40 लाख के बजट में बनी थी. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान ला दिया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म ने 7 करोड़ का कलेक्शन किया था. इस फिल्म में सुनील दत्त, फिरोज खान, संजय खान, रेखा, मुमताज, विनोद मेहरा, योगिता बाली, कबीर बेदी, अनिल धवन और जीतेंद्र, रीना रॉय जैसे स्टार्स नजर आए.

जानी दुश्मन: जानी दुश्मन ने 10.73 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन किया था. ये फिल्म हिट रही थी. फिल्म 2002 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में सनी देओल, अक्षय कुमार, मनीषा कोइराला, अरमान कोहली, सोनू निगम, सुनील शेट्टी, आफताब शिवदासानी, अरशद वारसी जैसे स्टार्स नजर आए थे.

BIHAR : बिहार के इस जिले में जाति-धर्म पूछकर पीटने का आरोप, 4 आरोपी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

0

दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र का मामला है. पिटाई से 11 लोग घायल हुए हैं. मामले में 21 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

बिहार के दरभंगा से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. मामला जाले थाना क्षेत्र का है. बीते मंगलवार (06 मई, 2025) की शाम जाले के बहेड़ा पोखर के पास कुछ हथियार से लैस बदमाशों ने राहगीरों की पिटाई कर दी. बदमाशों पर जाति-धर्म पूछकर पीटने का आरोप लगा है. इस मामले में जाले थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. इस घटना में 11 लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद डीएमसीएच रेफर कर दिया गया.

घटना की जानकारी मिलने के बाद थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल मौके पर पहुंचे. चार नामजद आरोपी रिजवान दर्जी, उसके दो पुत्र मो. रेयाज दर्जी व मेराज दर्जी के अलावा मुख्य आरोपित नन्हे कुरैशी के पुत्र अमन उर्फ अरमान कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस पूरे मामले में एसडीपीओ सदर-2 ज्योति कुमारी ने कहा कि घटना में शामिल सभी दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

आवेदन में लिखा गया है कि राहगीरों से जाति-धर्म पूछा गया और पिटाई की गई. इसमें 11 लोग घायल हुए हैं. आवेदन में सबके नाम लिखे गए हैं. कहा गया कि हमलावरों के पास हथियार थे. लाठी-डंडे थे. तलवार-रॉड आदि भी थे. आवेदन में कुल 21 नामजद आरोपी बनाए गए हैं. मोनू कुमार और सोनू कुमार के आरोप पर जाले थाने में ये शिकायत दर्ज हुई है. घटना में घायल एक बुजुर्ग ने कहा कि सड़क पर झगड़ा हो रहा था तो वह रोकने के लिए गए थे तो उनके ऊपर लाठी चला दी. उन्होंने जाति को लेकर मारना शुरू कर दिया.

इस पूरे मामले में पुलिस शांति-व्यवस्था ना बिगड़े इसको देखते हुए कार्रवाई कर रही है. बीते बुधवार (07 मई, 2025) को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक भी हुई थी. पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद कांड संख्या 94/25 दर्ज किया है. इस पूरे मामले में जाले थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

 

NATIONAL : राजस्थान के बीकानेर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 9 की मौत, 4 घायल

0

राजस्थान के बीकानेर जिले से गुरुवार को दर्दनाक हादसा सामने आया है. दरअसल, गैस सिलेंडर फटने की घटना में मरने वालों की संख्या 9 तक पहुंच गई है. इस हादसे में चार लोग घायल भी हुए हैं. घायलों की हालत गंभीर है.

इस हादसे के विरोध में बीकानेर स्वर्णकार समाज के लोग बैठे धरने पर बैठ गए हैं. लोगों का कहना है कि हादसे की आशंका की शिकायत 8 महीने पहले लोगों ने की थी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इस पर गौर नहीं फरमाया.

 

NATIONAL : देहरादून में सत्यापन अभियान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 451 चालान के साथ 115 संदिग्धों से पूछताछ

0

ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही उत्तराखंड के जिलों में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जिन लोगों का सत्यापन नहीं हुआ है, उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.

उत्तराखंड के कई जिलों में ऑपरेशन सिंदूर के बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है. इसी क्रम में देहरादून में शहर से लेकर गांव तक व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस ने 2117 लोगों का सत्यापन किया. इस दौरान 451 लोगों के खिलाफ किराएदार, नौकरों और मजदूरों का सत्यापन न कराने पर चालान किया गया. वहीं, 115 संदिग्धों को थाने और चौकी लाकर पूछताछ की गई.

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद सरकार की ओर से सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए थे. इसी के तहत जिलेभर में पुलिस बल को सक्रिय किया गया और अर्धसैनिक बलों की मदद से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त भी की गई. सत्यापन अभियान के दौरान जिन लोगों ने नियमों का पालन नहीं किया, उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई.

पुलिस ने अभियान के दौरान 83 पुलिस एक्ट के तहत 316 चालान कर 31 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. वहीं, 81 पुलिस एक्ट में 135 चालान कर 33,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया. इस सघन अभियान का मकसद संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना था.

एसएसपी ने बताया कि पुलिस की टीमों ने शहर के विभिन्न मोहल्लों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और देहात क्षेत्र में घर-घर जाकर सत्यापन किया. जिन मकान मालिकों ने किराएदारों या काम पर रखे गए मजदूरों का पुलिस के पास सत्यापन नहीं कराया था, उन्हें नोटिस देकर कार्रवाई की गई. साथ ही, सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे सुरक्षा के लिहाज से किराएदारों, नौकरों और मजदूरों का समय पर सत्यापन जरूर कराएं.

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और सतर्कता बनाए रखने के लिए समय-समय पर इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस हर समय अलर्ट मोड पर है. राज्य में रहने वाले सभी लोगों का सत्यापन किया जा रहा है. जिस किसी ने भी सत्यापन नहीं कराया है, उसके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.

 

ENTERTAINMENT : भयानक कार एक्सीडेंट के बाद पवनदीप राजन को आया होश, आईसीयू से पहली तस्वीर आई सामने, दर्द में भी मुस्कुराते दिखे सिंगर

इंडियन आइडल 12 के विनर पवनदीप राजन का कार एक्सीडेंट के बाद दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं सिंगर की आईसीयू से पहली तस्वीर सामने आई है.

इंडियन आइडल सीजन 12 के विनर पवनदीप राजन का हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के पास एक भयानक कार एक्सीडेंट हो गया था. उनकी कार सड़क पर खड़े एक कैंटर ट्रक से जा भिड़ी थी. इस दुर्घटना में सिंगर की कार के परखच्चे उड़ गए थे और उन्हें काफी चोटें आई थीं फिलहाल वे अस्पताल में भर्ती हैं और आईसीयू में हैं. वहीं पवनदीप राजन के फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं. इन सबके बीच अब इंडियन आइडल 12 विनर की हेल्थ को लेकर बड़ा अपड़ेट आया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवनदीप को होश आ गया है और वह पूरी तरह खतरे से बाहर हैं. आईसीयू से उनकी पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वहीं अपने आइडल को होश में देखकर फैंस को भी राहत की सांस जरूर मिलेगी. वायरल हो रही तस्वीर में पवनदीप अस्पताल के बिस्तर पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं उनके चेहरे पर चोटों का दर्द नजर आ रहा है लेकिन वे इस दौरान भी मुस्कुराते दिख रहे है।

इन सबके बीत मंगलवार को उनकी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनकी टीम ने सिंगर का हेल्थ अपडेट दिया था. जिसमें बताया गया था कि पवनदीप फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में आईसीयू में हैं. स्टेटमेंट में लिखा गया था, , “सभी को हाई, जैसा कि आप सभी जानते हैं कि पवनदीप राजन 5 मई की सुबह मुरादाबाद, यूपी के पास एक दुखद सड़क दुर्घटना में घायल हो गए, जब वह एक कार्यक्रम के लिए अहमदाबाद की फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली जा रहे थे. शुरुआत में, उनका पास के एक अस्पताल में ऑपरेशन किया गया, लेकिन बाद में उन्हें दिल्ली एनसीआर के एक बेहतर अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया. उन्हें कई बड़े फ्रैक्चर और कुछ छोटी चोटें आई हैं.”

नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ने भी एक बयान जारी कर कहा कि पवनदीप को ऑर्थोपेडिक्स टीम की देखरेख में अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके कई अंग फ्रैक्चर हो गए हैं।.पवनदीप का एक्सीडेंट सुबह करीब 2.30 बजे गजरौला में चौपला चौराहा ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे-9 पर हुआ था पुलिस ने बताया कि कथित तौर पर उनकी एसयूवी सड़क किनारे खराब पड़े एक कैंटर ट्रक से टकरा गई थी. कार चालक राहुल सिंह और साथी अजय मेहरा भी दुर्घटना में घायल हो गए थे.

- Advertisement -