Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 717

MP : 12वीं का रिजल्ट घोषित के बाद MP में एक ही दिन के भीतर 5 छात्रों ने समाप्त कर ली अपनी जीवनलीला

0

12वीं का परिणाम घोषित होने के बाद मध्य प्रदेश के तमाम हिस्सों में 5 छात्रों ने आत्महत्या कर ली. किसी ने फेल होने पर तो किसी ने रिजल्ट में नंबर कम आने पर अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए खौफनाक कदम उठाए.

12वीं कक्षा की परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद मध्य प्रदेश के तमाम हिस्सों में 5 छात्रों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. किसी ने फेल होने पर तो किसी ने रिजल्ट में नंबर कम आने पर अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए खौफनाक कदम उठाए. दरअसल, मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MPBSE) ने मंगलवार सुबह 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किए थे. कुल 74.48 प्रतिशत छात्र 12वीं कक्षा की परीक्षा में सफल हुए. रिजल्ट घोषित होने के बाद विदिशा जिले में दो और भिंड, सतना और दमोह जिलों में एक-एक छात्र ने खुदकुशी कर ली.

राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के एक अधिकारी ने बताया कि विदिशा में 12वीं कक्षा के छात्र शशांक शर्मा ने सलामतपुर के पास रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या कर ली. उनके पिता ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि शशांक परिणाम घोषित होने के बाद फोटोकॉपी के काम से विदिशा के पूरनपुरा इलाके में स्थित घर से निकला था. उन्होंने बताया कि NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे शशांक को 12वीं में गणित समूह में कम अंक मिले थे.

विदिशा में एक अन्य घटना में 12वीं के छात्र अतुल सेन ने जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर गंज बासौदा में अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. गंज बासौदा कोतवाली थाना प्रभारी योगेंद्र परमार ने कहा कि जांच के बाद इस कदम के पीछे का कारण पता चलेगा. भिंड में छात्रा खुशी नरवरिया अटेर रोड पर श्री कृष्ण नगर इलाके में अपने घर पर फांसी पर लटकी पाई गई. भिंड देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने कहा कि जांच के बाद इस कदम के पीछे का कारण पता चलेगा. उन्होंने कहा कि खुशी के एक विषय में कम अंक आए थे, वह एक अच्छी छात्रा थी और उसने कक्षा 10वीं की परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए थे.

पथरिया थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी ने बताया कि दमोह जिले में 17 वर्षीय छात्रा ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में फेल होने पर झागर गांव में अपने घर पर फांसी लगा ली. पुलिस अधिकारी के अनुसार, किशोरी के परिवार के सदस्य अपने दैनिक कामों में व्यस्त थे, तभी छात्रा अपने परिणाम से परेशान होकर घर की पहली मंजिल पर एक कमरे में गई और फांसी लगा ली. बेगी ने बताया कि साइंस विषय की छात्रा को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

सतना जिले में सुबह परिणाम घोषित होने के आधे घंटे बाद कक्षा 12वीं के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली, रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि जिले के एक गांव के निवासी 18 वर्षीय छात्र ने अपने घर में फांसी लगा ली. उन्होंने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि उसने यह कदम क्यों उठाया, क्योंकि उसके परिवार के सदस्यों को उसके नंबरों के बारे में जानकारी नहीं थी.

 

NATIONAL : डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए लोगों की पहली पसंद बना उत्तराखंड का ये मंदिर, हर महीने हो रही हैं 100 से ज्यादा शादियां

0

उत्तराखंड में स्थित त्रियुगीनारायण मंदिर डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में काफी पसंद किया जा रहा है. सनातन मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह इसी मंदिर में हुआ था.

उत्तराखंड की पावन धरती अब डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कई मंचों से उत्तराखंड को डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में प्रमोट करने का सीधा असर अब त्रियुगीनारायण मंदिर में देखने को मिल रहा है. यह वही स्थान है, जहां सनातन मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था. आज यह स्थान विवाह संस्कार के लिए भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों से आने वाले लोगों का भी पसंदीदा स्थल बन चुका है.

त्रियुगीनारायण मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है और इसकी बनावट केदारनाथ मंदिर से मिलती-जुलती है. मान्यता है कि इसी मंदिर में भगवान शिव और देवी पार्वती का विवाह संपन्न हुआ था और स्वयं भगवान विष्णु ने कन्यादानकर्ता की भूमिका निभाई थी. मंदिर परिसर में स्थित अखंड अग्नि को उसी पवित्र अग्नि का प्रतीक माना जाता है, जिसके समक्ष शिव और पार्वती ने सात फेरे लिए थे. यही कारण है कि यह स्थल वैवाहिक संस्कार के लिए बेहद शुभ और पवित्र माना जाता है.

हर महीने मंदिर में हो रही हैं 100 से ज्यादा शादियां
वर्तमान में यहां हर महीने 100 से अधिक शादियां हो रही हैं. वर्ष 2024 में जहां कुल छह सौ शादियां हुई थीं, वहीं वर्ष 2025 के अप्रैल माह तक ही यह आंकड़ा पांच सौ को पार कर चुका है. यह बढ़ती हुई संख्या दर्शाती है कि त्रियुगीनारायण मंदिर कैसे एक वैश्विक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है. सनातन धर्म का पालन करने वाले लोगों के लिए इस मंदिर का विशेष महत्व है.

स्थानीय वेडिंग प्लानर रंजना रावत के अनुसार, 7 से 9 मई के बीच सिंगापुर में कार्यरत भारतीय मूल की डॉक्टर प्राची यहां विवाह बंधन में बंधने आ रही हैं. उन्होंने जीएमवीएन का टूरिस्ट रेस्ट हाउस पहले से ही बुक कर लिया है. ऐसे उदाहरण अब आम हो चले हैं, जहां विदेशों में बसे भारतीय और यहां तक कि विदेशी नागरिक भी त्रियुगीनारायण में वैदिक परंपराओं के अनुसार विवाह करने आ रहे हैं.

त्रियुगीनारायण मंदिर में कई हस्तियों ने रचाई शादी
अब तक यहां इसरो के एक वैज्ञानिक, टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री चित्रा शुक्ला, कविता कौशिक, निकिता शर्मा, लोकगायक हंसराज रघुवंशी, यूट्यूबर आदर्श सुयाल और गढ़वाली गायक सौरभ मैठाणी जैसी कई हस्तियां विवाह कर चुकी हैं. इन सबने सनातन परंपराओं के अनुसार सात फेरे लेकर इस स्थान की महत्ता को और बढ़ाया है.

मंदिर के पुजारी सच्चिदानंद पंचपुरी बताते हैं कि विवाह संस्कार पूर्ण रूप से वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होता है. इसके लिए पहले से रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होता है और विवाह में माता-पिता या अभिभावकों की उपस्थिति भी आवश्यक होती है. मंदिर परिसर में वेदी बनाई जाती है, जहां सात फेरे लिए जाते हैं. इसके बाद ‘पग फेरा’ की रस्म अखंड अग्नि के समक्ष पूरी की जाती है.

डेस्टिनेशन वेडिंग रोजगार का बड़ा जरिया- सीएम धामी
अन्य सभी आयोजन जैसे बारात स्वागत, भोजन, संगीत और विश्राम की व्यवस्था मंदिर के नजदीकी होटलों और रिजॉर्ट्स में होती है. सीतापुर तक के होटलों में भी वैवाहिक समारोह आयोजित किए जा रहे हैं. इन आयोजनों में स्थानीय पुजारियों, मांगल दलों, ढोल-दमाऊ वादकों, हलवाइयों और होटल व्यवसायियों को रोजगार मिल रहा है. विवाह आयोजनों के लिए दक्षिणा और सेवाओं की दरें भी निर्धारित कर दी गई हैं, जिससे पारदर्शिता बनी रहे.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उत्तराखंड को डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में प्रोत्साहित करने की अपील के बाद से राज्य सरकार ने इस दिशा में ठोस प्रयास शुरू कर दिए हैं. उन्होंने कहा, “प्रदेश में पर्यटन के साथ-साथ अब डेस्टिनेशन वेडिंग भी रोजगार का बड़ा जरिया बनकर उभर रही है. हमारी सरकार इस पहल को हर संभव सहायता दे रही है, जिससे स्थानीय लोगों को स्थायी आय का स्रोत मिल सके.”

धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर उभरा मंदिर
त्रियुगीनारायण में हो रही शादियों का असर अब आसपास के गांवों और कस्बों तक भी दिखने लगा है. युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं. होटल, परिवहन, खानपान, सजावट, संगीत और धार्मिक कर्मकांड से जुड़े लोगों की मांग बढ़ गई है. यह एक ऐसा उदाहरण बनता जा रहा है जहां धार्मिक पर्यटन और पारंपरिक संस्कृति के मेल से आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त हो रहा है.

उत्तराखंड सरकार अब इस मॉडल को अन्य धार्मिक स्थलों पर भी लागू करने की योजना बना रही है, ताकि डेस्टिनेशन वेडिंग के माध्यम से प्रदेश की आर्थिकी को नई उड़ान दी जा सके. त्रियुगीनारायण मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर उभरा है, बल्कि यह आधुनिक भारत में सनातन परंपराओं की वैश्विक प्रस्तुति का केंद्र भी बन रहा है.

UP : 15-20 बाइक, एक फोर व्हीलर, असलहे से लैस… बलिया में अजय तिवारी अपहरणकांड से सनसनी; BJP विधायक बोलीं- किडनैपर्स की छाती पर चलेगा

0

बलिया पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसके हाथ खाली हैं. इस बीच स्थानीय बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने किडनैपर्स की छाती पर बुलडोजर चलाने की बात कही है.

यूपी के बलिया में अजय तिवारी अपहरणकांड के बाद सियासत गरमा गई है. पुलिस मामला दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उसके हाथ खाली हैं. इस बीच स्थानीय बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने किडनैपर्स की छाती पर बुलडोजर चलाने की बात कही है. उन्होंने पुलिस को जल्द से जल्द तिवारी की सकुशल बरामदगी का निर्देश दिया है.

दरअसल, बीते रविवार को सुखपुरा थाना क्षेत्र के घोसवटी में अजय तिवारी को कुछ बदमाशों ने असलहे के बल पर किडनैप कर लिया था. परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी लेकिन अभी तक पुलिस ना तो अपहृत अजय तिवारी को खोज पाई है और ना ही किडनैपर्स तक पहुंच पाई है. ऐसे में परिजनों का धैर्य जवाब दे रहा है.

मीडिया से बात करते हुए अजय तिवारी के बेटे महामृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 15 से 20 मोटरसाइकिल और एक चार पहिया वाहन के साथ कुछ लोग आए थे, जिन्होंने पिता जी को असलहा दिखाकर उठा लिया और फिर अपने साथ लेकर चले गए.

महामृत्युंजय के मुताबिक, कुछ दिन पहले गांव में एक बारात आई थी. उसी में शामिल कुछ लोग घर के सामने टॉयलेट करने लगे. मना करने पर मारने-पीटने लगे. जिसपर हमने मुकदमा दर्ज कराया गया था. उसी मुकदमे को वापस लेने के लिए गांव के दबंग दबाव बना रहे थे. जब हम लोग नहीं माने तो पिता जी को उठा ले गए.

वहीं, इस पूरे मामले में बलिया पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष ने बताया कि कुछ दिन पहले घर के सामने टॉयलेट करने से मना करने पर विवाद हुआ था, उसी को लेकर ये घटना हुई है. फिलहाल, घटना के अनावरण के लिए टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही अपहृत व्यक्ति की बरामदगी कर ली जाएगी. इस बीच इस घटना को लेकर राजनीति गरमा गई है. बांसडीह विधानसभा से बीजेपी की विधायक केतकी सिंह पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंच गईं. उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो यह कह रही हैं कि आरोपियों/किडनैपर्स की छाती पर बुलडोजर चलवाएंगे.

उधर, अपहृत अजय तिवारी की पत्नी ने सपा के एक नेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा है कि सभी पार्टियों के नेता उनसे मिलने आए, लेकिन वो एक बार नहीं आए. उल्टा हमारे बेटे पर ही दोष मढ़ रहे हैं, जबकि वो कई महीने से दुबई में है.

ENTERTAINMENT : ऑपरेशन सिंदूर का राजकुमार की फ‍िल्म भूल चूक माफ पर असर! सुरक्षा की खात‍िर बदली रिलीज डेट

राजकुमार राव, वामिका गब्बी स्टारर फिल्म भूल चूक माफ को देखने के लिए अब आपको एक हफ्ते का इंतजार करना पड़ेगा. साथ ही इसके लिए आपको थियेटर जाने की भी जरूरत नहीं है. मेकर्स ने रिलीज के एक दिन पहले ये बड़ा फैसला लिया है.

पहलगाम आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई में किए ऑपरेशन सिंदूर के असर से देश में हलचल है. इसका असर बॉलीवुड पर भी पड़ता दिख रहा है. इस वजह से राजकुमार राव और वामिका गब्बी स्टारर फिल्म ‘भूल चूक माफ’ की रिलीज भी टाल दी गई है. लेकिन फैंस को इस फिल्म को देखने के लिए लंबा इंतजार करने की जरूरत नहीं है.

फिल्म ‘भूल चूक माफ’ का इंतजार कर रहे दर्शकों को बस थोड़ा-सा इंतजार करना होगा. रिलीज के महज एक दिन पहले ही फिल्म की रिलीज को टाल दिया गया है. इसे अब 9 मई की जगह 16 मई को रिलीज किया जाएगा. साथ ही इसे अब थियेटर में रिलीज न करके ओटीटी पर स्ट्रीम किया सकेगा. ऐन मौके पर लिया मेकर्स का ये बड़ा फैसला चौंका देने वाला जरूर है, लेकिन इसकी वजह भी उतनी ही गंभीर है. दरअसल ये फैसला देशभर में चल रहे ऑपरेशन सिंदूर और उससे जुड़ी सुरक्षा संबंधी मॉक ड्रिल्स की वजह से लिया गया है.

Maddock Films के ऑफिशियल पेज पर इसकी अनाउंसमेंट की गई. पोस्ट शेयर कर बताया गया कि देश की भावनाओं और सुरक्षा की गंभीरता को वो समझते हैं. मौजूदा माहौल को देखते हुए उन्होंने फिल्म की रिलीज को टालने का फैसला लिया है. उनका मानना है कि इस समय फिल्म रिलीज करने से लोगों का ध्यान असली मुद्दों से हट सकता है, जो वे नहीं चाहते.

पोस्ट में लिखा- हाल ही में देशभर में हुई घटनाओं और सुरक्षा अभ्यास (मॉक ड्रिल) को देखते हुए, Maddock Films और Amazon MGM Studios ने फैसला लिया है कि उनकी फैमिली एंटरटेनर फिल्म ‘भूल चूक माफ’ अब सिनेमाघरों की जगह सीधे आपके घरों में रिलीज की जाएगी. ये फिल्म अब 16 मई को सिर्फ Prime Video पर, पूरी दुनिया में देखी जा सकेगी. हम भी चाहते थे कि आप सभी के साथ मिलकर थिएटर में ये फिल्म देखें, लेकिन इस समय देश की सुरक्षा और भावना सबसे पहले है. जय हिंद!

‘भूल चूक माफ’ एक सोशल ड्रामा फिल्म है जिसमें रिश्तों, गलतियों और माफ करने की ताकत को दिखाया गया है. एक गलती की वजह से राजकुमार अपनी हल्दी के दिन में ही घूम फिरकर अटक जाते हैं. फिल्म में राजकुमार राव के साथ वामिका गब्बी, संजय मिश्रा, सीमा पाहवा अहम रोल में होंगे. मेकर्स के इस फैसले की दर्शक भी सराहना कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर फिल्म के मेकर्स के साथ खड़े नजर आ रहे हैं.

MEERUT : ऑपरेशन सिंदूर के बीच पाकिस्तान का समर्थन, इंस्टाग्राम पर किया ऐसा पोस्ट, गिरफ्तार हो गया युवक

0

मेरठ के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान ज़ैद नाम के युवक के रूप में हुई है, जो सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक मयूर नाम के सैलून में कार्यरत है.

उत्तर प्रदेश में मेरठ के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान ज़ैद नाम के युवक के रूप में हुई है, जो थाना कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है और सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक मयूर नाम के सैलून में कार्यरत है. इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय सभासद को इंस्टाग्राम पर एक ऐसी पोस्ट की जानकारी मिली जिसमें ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’,’पाकिस्तान सही है’ जैसे भड़काऊ नारे और पाकिस्तान के पक्ष में टिप्पणियां की गई थीं.

सभासद का कहना है कि यह पोस्ट जैद नाम के युवक द्वारा इंस्टाग्राम पर की गई थी.आरोपी के पाकिस्तान समर्थित कमेंट्स के बाद उस पोस्ट पर पाकिस्तान से भी कई समर्थन में प्रतिक्रियाएं आईं. स्थानीय हिंदू समुदाय में इस पोस्ट को लेकर गहरी नाराजगी देखी गई. सभासद ने कुछ स्थानीय लोगों के साथ मिलकर थाना सिविल लाइंस पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया.सीओ सिविल लाइंस अभिषेक तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के सोशल मीडिया अकाउंट से की गई आपत्तिजनक पोस्ट की जांच की जा रही है.उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में हुई भारत की कार्रवाई के बाद से लगातार सोशल मीडिया अकाउंट्स की मॉनिटरिंग की जा रही है, जहां भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली गई हैं.

पुलिस और शासन द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे केवल आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी को ही आगे साझा करें.अनावश्यक अफवाहें और आपत्तिजनक सामग्री से दूरी बनाए रखें. इस मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है.

 

NATIONAL : हैदराबाद के डंपयार्ड में गिरी कंस्ट्रक्शन लिफ्ट, 3 मजदूरों की मौके पर मौत

0

हैदराबाद में जवाहरनगर डंपयार्ड में एक निर्माण लिफ्ट गिरने से उत्तर प्रदेश के तीन मजदूरों की मौत हो गई. यह घटना डंपयार्ड में बिजली परियोजना (नगरपालिका ठोस अपशिष्ट से ऊर्जा संयंत्र) के दूसरे चरण के लिए चिमनी के निर्माण के दौरान हुई. पुलिस ने बुधवार को ये जानकारी दी है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लिफ्ट दुर्घटनावश डिटैच हो गई अलग हो गए और वो करीब 40 फीट की ऊंचाई से गिर गए, जिससे वे घायल हो गए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई. मृतकों की उम्र 21 से 28 वर्ष के बीच थी. मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.

निर्माणधीन इमारतों में अकसर ऐसे कई हादसे देखने को मिलते हैं.दो माह पहले छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विशाल नगर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में सेंट्रिंग ढांचा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य घायल हो गए थे. यह हादसा वीआईपी रोड पर हुआ, जहां एक प्राइवेट रियल एस्टेट कंपनी का निर्माण कार्य चल रहा था.

रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3:30 बजे हुई . यहां इमारत की आठवीं मंजिल पर स्लैब डालने का काम चल रहा था. इस दौरान सेंट्रिंग का ढांचा अचानक टूटकर नीचे गिर गया. हादसे के समय आठ मजदूर लोहे की छड़ों और निर्माण सामग्री के मलबे में दब गए. सभी को तत्काल बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

UP : तेज आंधी-तूफान में बड़ा हादसा… सुल्तानपुर में चलती कार पर गिरा पेड़, दो लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत

0

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में बुधवार रात आए तेज आंधी तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया. यहां लखनऊ-बलिया हाइवे पर रामपुर क्षेत्र में एक चलती कार पर भारी पेड़ गिर गया, जिससे कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने बुलडोजर मंगवाकर पेड़ को हटवाया.

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से एक दुखद घटना सामने आई है. यहां बुधवार रात आए तेज आंधी-तूफान में एक बड़ा पेड़ सड़क पर चलती कार पर गिर गया. इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया. भारी पेड़ को हटाने के लिए बुलडोजर मंगवाया गया और मार्ग को कुछ घंटों में साफ किया गया. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

एजेंसी के अनुसार, यह घटना लखनऊ-बलिया हाईवे पर रामपुर क्षेत्र में एक ढाबे के पास हुई. यहां अचानक तेज हवाओं की वजह से सड़क किनारे खड़ा पेड़ उखड़कर कार पर गिर गया. पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 42 वर्षीय जितेन्द्र वर्मा और 45 वर्षीय ओम प्रकाश वर्मा के रूप में हुई है.कार चला रहे जितेन्द्र वर्मा और उनके साथी ओम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि दोनों को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका. दोनों व्यक्ति किसी निजी कार्य से सफर कर रहे थे, जब यह हादसा हुआ.

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इलाका अक्सर तेज आंधी-तूफान की चपेट में आता है, लेकिन सड़क किनारे खड़े कमजोर और पुराने पेड़ों की समय रहते छंटाई न होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. लोगों का कहना है कि आखिर ऐसी जानलेवा लापरवाहियों को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और शासन-प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों की समय पर जांच और कटाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

 

UP : ड्राई फ्रूट लेने जंगल में गया कपल, झगड़ा हुआ तो कर दिया पत्नी का कत्ल, फिर उसी की साड़ी से खुद लगाई फांसी

0

सोनभद्र के सीतारखंड क्षेत्र के जंगल में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है.

उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के सीतारखंड क्षेत्र के जंगल में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को ये जानकारी दी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) कालू सिंह ने बताया कि रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के पलपल गांव निवासी 38 साल के राजेंद्र गुर्जर अपनी 35 साल की पत्नी रीता के साथ सीतारखंड के जंगल में चिरौंजी लेने गया था. वहां कथित तौर पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद राजेंद्र ने गुस्से में आकर रीता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया.

हमले में रीता की गर्दन पर जानलेवा वार हो गया और उसकी मौत के बाद उसने उसकी साड़ी का इस्तेमाल कर पास के पेड़ से फांसी लगा ली. एएसपी ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, लेकिन घटनास्थल दूर होने के कारण पुलिस को शाम करीब 4 बजे सूचना दी गई. उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

बता दें कि दो सप्ताह पहले ही सोनभद्र से ही हत्या का एक अन्य मामला सामने आया था. यहां जिले में एक युवक को अपने दोस्त की बहन के साथ छेड़छाड़ करना महंगा पड़ गया. युवक के दोस्त ने बहन को परेशान करने की वजह से उसे चाकू घोंपकर मार डाला.

सोनभद्र जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पीड़ित से नाराज था क्योंकि वह बार-बार चेतावनी देने के बावजूद लंबे समय से उसकी बहन को परेशान कर रहा था. पीड़ित ने कई बार चेतावनी देने के बाद भी अपना व्यवहार नहीं बदला था, जिससे आरोपी नाराज हो गया था.

NATIONAL : ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक एयर स्ट्राइक नहीं, पूरी दुनिया को भारत के 10 बड़े संदेश दिए हैं

0

ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान के खिलाफ महज एयर स्ट्राइक भर नहीं है – दरअसल, ये आतंक की दुनिया को भारत की तरफ से भेजा वो पैकेज है, जिसमें कदम कदम पर, और सभी के लिए संदेश है.

ऑपरेशन सिंदूर. अव्वल तो ये नाम ही काफी है. अपनेआप में परिपूर्ण. इमोशन से भरपूर. आतंकवादियों के साथ साथ पाकिस्तान और पूरी दुनिया को भारत की तरफ से बेहद सख्त संदेश भी है.

पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत के पूर्व आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे ने अपनी पोस्ट में लिखा है, ‘पिक्चर अभी बाकी है…’

मतलब, कोई भी मुगालते में न रहे. ये सिर्फ आगाज है. पाकिस्तान को भी मैसेज है, और चीन जैसे मुल्कों को भी.

पहलगाम हमले के बाद बिहार के मधुबनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, ‘पहलगाम के दोषियों को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है… आतंकियों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलकर रहेगी… उनकी बची खुची जमीन भी मिट्टी में मिला देंगे.

और सफल एयर स्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलकर पूरी जानकारी दी. कैबिनेट साथियों से मुलाकात में मोदी ने कहा, ये तो होना ही था… पूरा देश हमारी ओर देख रहा था… हमें हमारी सेना पर गर्व है – और मोदी के मुंह से ये सुनते ही कैबिनेट के सदस्यों मेजें थपथपाकर एयर स्ट्राइक का स्वागत किया.

1. ऑपरेशन सिंदूर, नाम ही काफी है

बहुत ही सोच समझकर ये बेहद इमोशनल नाम दिया गया. आतंकवादियों ने महिलाओं के सुहाग पर हमला किया था. सिंदूर ही उजाड़ डाला था – और इस लिहाज से एयर स्ट्राइक का इससे बेहतर नाम नहीं हो सकता था.

2. मोर्चे पर महिलाएं, सुहाग का बदला

सुहाग के बदले की कार्रवाई की जानकारी देने के लिए सेना ने महिलाओं को ही मोर्चे पर तैनात कर दिया. मीडिया के सामने ऑपरेशन की ब्रीफिंग में दो चेहरों ने सबका ध्यान खींचा. सेना की दोनो महिला अफसर, असल में, नारी शक्ति की नुमाइंदगी कर रही थीं – और सोशल मीडिया पर उनकी खूब तारीफ हो रही है.

प्रेस ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने सेना की ताकत और पराक्रम को बड़ी संजीदगी के साथ दुनिया के सामने रखा.

3. धर्म पूछने वाले हमलावरों के आका को माकूल जवाब

पहलगाम हमले के दौरान आतंकवाद लोगों से उनका धर्म पूछ रहे थे, कलमा पढ़ने को कह रहे थे, और उसके बाद गोली मार दिये थे.

गुजरात की रहने वाली कर्नल सोफिया कुरैशी ने धर्म पूछकर जान लेने वालों को बता दिया कि उनके मंसूबे कतई कामयाब नहीं होने वाले हैं. सोफिया कुरैशी के पति मेकैनाइज्ड इन्फेंट्री में अफसर हैं, और उनके दादा भी सेना में रह चुके हैं.

4. चुन चुन कर तबाह किये गये आतंकी ठिकाने

ऑपरेशन सिंदूर के लिए सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को टार्गेट किया, और महज आधे घंटे में कार्रवाई पूरी कर डाली – और, पूरे पाकिस्तान में कोहराम मचा दिया. दुनिया तो देख ही रही है.

5. मसूद अजहर को सबसे बड़ा दर्द दिया है

पाकिस्तान के बहावलपुर में हुए एयर स्ट्राइक में आतंकी मसूद अजहर का पूरा परिवार तबाह हो गया. मसूद अजहर के परिवार के 10 लोगों के साथ उसके कुल 14 अपने लोग मारे गये हैं.

कांधार कांड में रिहा किये गये जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मसूद अजहर का कहना है कि वो भी मर जाता तो अच्छा होता. आम लोगों को दर्द देने वाले मसूद अजहर को पहली बार ऐसी पीड़ा महसूस हुई है.

मसूद अजहर की ही तरह हाफिज सईद और सैयद सलाहुद्दीन को भी भारी नुकसान हुआ है. उसके आतंकी संगठन की रीढ़ पर करारी चोट हुई है, और हाफिज सईद का नेटवर्क तबाह हो गया है.

6. पाकिस्तान को कदम पीछे खींचने पड़े

भारत की सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि एयर स्ट्राइक का माकूल जवाब देंगे. लेकिन कुछ देर बाद ही एक टीवी चैनल के साथ इंटरव्यू में कह रहे थे, हम भी कुछ नहीं करेंगे… अगर भारत और कोई कार्रवाई नहीं करता है.

7. मस्जिदों पर हमला प्रचारित करने की कोशिश

पाकिस्तानी फौज के प्रवक्ता की तरफ से कहा जा रहा था कि एयर स्ट्राइक में मस्जिदों पर हमला हुआ है.

जैसे पहलगाम हमले में गोली मारने से पहले धर्म पूछा जा रहा था, पाकिस्तानी फौज ये समझाने की कोशिश कर रही थी कि चूंकि प्रधानमंत्री मोदी हिंदू हैं, इसलिए मस्जिदों को निशाना बनाया जा रहा है – लेकिन सैन्य अफसरों ने बताया कि कैसे सिर्फ आतंकी ठिकानों को ही निशाना बनाया गया.

विदेश सचिव विक्रम मिस्री के मुताबिक, पाकिस्तान और PoK में आज की सैन्य कार्रवाई बेहद नपी-तुली, जिम्मेदारी पूर्ण और उकसावे वाली नहीं थी.

8. पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा का जवाब

जब भारत की तरफ से सिंधु जल संधि रद्द की गई थी तब भी, और अब भी पाकिस्तान की तरफ से एक्ट-ऑफ-वॉर समझाने की कोशिश की गई – लेकिन, एयर स्ट्राइक के जरिये भारत ने पाकिस्तान के साथ साथ पूरी दुनिया को बताने और जताने की कोशिश की है कि पहलगाम जैसे हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों के साथ कैसे पेश आया जाता है – पाकिस्तान के जरिये भारत ने खासतौर पर चीन को भी सख्त संदेश देने की कोशिश की है.

9. सैन्य ताकत का सही प्रदर्शन

ऑपरेशन सिंदूर में सेना ने पाकिस्तान की सरहद से 100 किलोमीटर अंदर तक टार्गेट को तबाह किया है – और ये भारत के सैन्य ताकत का सबूत है.

10. हमलावरों को भविष्य के लिए चेतावनी

प्रेस ब्रीफिंग के बाद जाते जाते विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तान को ये संदेश भी दोहरा दिया कि अगर आगे कोई हरकत की तो इससे भी बुरा अंजाम होगा.

NATIONAL : अवैध शराब के कारोबार को लेकर 3 आबकारी अफसर सस्पेंड, 6 को नोटिस

0

बलौदाबाजार के सर्किल प्रभारी मोतीन बंजारे को निलंबित कर दिया गया है, जबकि जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह और सहायक आबकारी अधिकारी-सह-संभागीय प्रभारी जलेश सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

छत्तीसगढ़ में शराब के अवैध व्यापार, भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सरकार ने तीन सर्किल प्रभारियों को निलंबित कर दिया है और आबकारी विभाग के 6 वरिष्ठ अधिकारियों को नोटिस जारी किया है. उड़नदस्ते के औचक निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की गई है. इस निरीक्षण के दौरान बलौदाबाजार, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों में अवैध शराब की खेप जब्त की गई.

एक अधिकारी के अनुसार, बलौदाबाजार के सर्किल प्रभारी मोतीन बंजारे को निलंबित कर दिया गया है, जबकि जिला आबकारी अधिकारी गजेंद्र सिंह और सहायक आबकारी अधिकारी-सह-संभागीय प्रभारी जलेश सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. पिछले महीने बलौदाबाजार जिले के बनसांकरा गांव में की गई छापेमारी में राज्य स्तरीय उड़नदस्ते ने मध्य प्रदेश की कुल 104 पेटी विदेशी शराब जब्त की थी. इसी तरह 3 मई को महासमुंद जिले के बागबाहरा में 14 पेटी देशी शराब, 14 पेटी ओडिशा की बीयर और 13 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई.

राजनांदगांव जिले के आबकारी सर्किल डोंगरगढ़ स्थित ग्राम करवारी लतमर्रा रोड स्थित एक फार्म हाउस पर पुलिस की ओर से हाल ही में की गई छापेमारी में तमाम ब्रांड की 432 पेटी विदेशी शराब और बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल और 4000 होलोग्राम जब्त किए गए.

उन्होंने बताया कि डोंगरगढ़ सर्किल प्रभारी अनिल कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है, जबकि राजनांदगांव के तत्कालीन सहायक आबकारी आयुक्त यदुनंद राठौर और संभाग प्रभारी संदीप सहारे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

- Advertisement -