Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 724

UP : महोबा बारातियों ने किन्नर से की छेड़छाड़, विरोध करने पीटा और की लूटपाट, आरोपियों की तलाश शुरू

0

महोबा के कोतवाली क्षेत्र में किन्नर से मारपीट और लूटपाट की घटना की सामने आई है. पुलिस इस मामले में सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

उत्तर प्रदेश महोबा शहर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. शहर कोतवाली क्षेत्र के राजकमल पैलेस के पास एक शादी समारोह में आए बारातियों ने लड़की समझकर एक किन्नर माही के साथ पहले छेड़छाड़ की, फिर विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा और सुनसान इलाके में ले जाकर लूटपाट की. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मूल रूप से राजस्थान निवासी माही पिछले एक साल से महोबा के शेखूनगर इलाके में रह रही है. माही राजकमल होटल के पास तिराहे पर हाथ ठेला लगाकर अपना गुजारा करती है.

बीती देर रात वह शादी समारोह के दौरान अपनी दुकान पर खड़ी थी, तभी एक कार में सवार कुछ बाराती वहां पहुंचे. उन्होंने माही को युवती समझकर उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी. जब माही ने इसका विरोध किया, तो दबंग बारातियों ने उसे पकड़कर सड़क पर घसीटा और बेरहमी से पीटते हुए सुनसान इलाके में ले गए. वहां भी उसे लात-घूंसे बेल्ट मारे गए और आरोप है कि उसके पास से रुपये और गहने भी लूट लिए गए, जिनमें गले का नेकलेस शामिल था.

मारपीट की घटना में किन्नर के शरीर में जगह जगह चोट और घाव के निशान है जो उसके साथ घटित बर्बरता को बता रहे है. घायल अवस्था में माही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

इस क्रूरता भरे मामले ने न केवल पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि समाज में व्याप्त संवेदनहीनता को भी उजागर किया है. पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग जोर पकड़ रही है, वहीं पुलिस की कोशिश है कि जल्द से जल्द आरोपियों को हिरासत में लिया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.

 

NATIONAL : बिजली विभाग की लापरवाही से पलामू में बाप-बेटे की दर्दनाक मौत, गांव में आक्रोश”

0

झारखंड के पलामू में बिजली विभाग की लापरवाही ने एक ही परिवार से दो जिंदगियां छीन लीं. जनरेटर में डीजल भरवाने निकले पिता-पुत्र 11 हजार वोल्ट के गिरे तार की चपेट में आकर जिंदा जल गए. ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग को कई बार सूचना दी गई थी, फिर भी कार्रवाई नहीं हुई. गांव में भारी आक्रोश है.

झारखंड के पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

दरअसल, सोमवार सुबह करीब 5 बजे, सिमरसोत गांव के 45 वर्षीय बिंदु मेहता और उनका 12 वर्षीय बेटा बिपिन मेहता 11 हजार वोल्ट के गिरे हुए बिजली तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब बिंदु और बिपिन अपनी भतीजी की शादी के लिए जनरेटर में डीजल भरवाने के लिए बाइक से जा रहे थे.

जैसे ही वे उत्तर कोयल मुख्य नहर के पास पहुंचे, तो गिरे हुए हाई वोल्टेज तार ने उन्हें छू लिया और तेज करंट के चलते बाइक समेत दोनों पूरी तरह जल गए. स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस गिरे हुए तार की जानकारी बिजली विभाग को कई बार दी गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की. हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया है और ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक संजय कुमार सिंह ने इसे विद्युत विभाग की घोर लापरवाही करार दिया और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की. साथ ही, बसपा के प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

MP : Instagram पर हुई दोस्ती, नंबर शेयर किया और होने लगी बात… शादी का झांसा देकर किशोरी से किया रेप

0

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ रेप का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 27 वर्षीय विवाहित व्यक्ति ने किशोरी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती की थी. उसने किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और फिर रेप किया. किशोरी ने सोमवार को पुलिस स्टेशन जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसी दिन उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी 27 वर्षीय विवाहित व्यक्ति है, जिसने इंस्टाग्राम पर पीड़िता से दोस्ती की, फिर नंबर शेयर कर बात करने लगा. आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया. इसके बाद उसके साथ रेप किया. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

एजेंसी के अनुसार, अनूपपुर जिले में एक 27 वर्षीय विवाहित व्यक्ति ने किशोरी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती की थी. कोतवाली पुलिस स्टेशन के प्रभारी अरविंद जैन ने बताया कि आरोपी ने किशोरी को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और उसके साथ रेप किया. आरोपी शहडोल जिले के अमलाई का रहने वाला है.

आरोपी ने किशोरी से इंस्टाग्राम पर संपर्क किया था. दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह फोन कॉल तक पहुंच गई. आरोपी ने किशोरी का विश्वास जीतने के लिए शादी का वादा किया और उसे अपने साथ मिलने के लिए राजी किया. इस झांसे में आकर किशोरी आरोपी के साथ चली गई, जहां उसके साथ यह जघन्य अपराध हुआ.

घटना के बाद किशोरी ने पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसी दिन उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है.

RAJASTHAN : ठेला लगाने वाले युवक ने कर्ज लेकर रचाई शादी, 14 दिन बाद सवा लाख के जेवरात, कैश और मोबाइल लेकर दुल्हन फरार

0

शादी से पहले दुल्हन अनुराधा ने बताया कि वह खंडवा की रहने वाली है, उसके पिता का देहांत हो चुका है, एक बहन रेणु की शादी हो चुकी है और भाई करण अविवाहित है. शादी के बाद अनुराधा 14 दिन तक ससुराल में हंसी-खुशी रही और किसी को शक नहीं हुआ कि वह फरार हो सकती है.

राजस्थान के सवाई माधोपुर में एक लुटेरी दुल्हन ने ठेले वाले युवक को शादी के 14 दिन बाद ही ठग लिया. उसने ससुराल वालों को नशीला पदार्थ खिलाकर सवा लाख रुपए के जेवरात, 30 हजार रुपए नकदी और एक मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गई. पीड़ित पति ने मानटाउन थाने में दुल्हन और उसके सहयोगियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

मानटाउन थाना इलाके की आईएचएस कॉलोनी निवासी विष्णु शर्मा पुत्र बनवारी लाल शर्मा के साथ यह धोखधड़ी हुई. विष्णु ने 20 अप्रैल को शीतला माता मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से अनुराधा पुत्री इंद्रजीत यादव निवासी खंडवा (मध्य प्रदेश) के साथ शादी की थी. यह शादी दलाल पप्पू मीणा निवासी जीनापुर ने 2 लाख रुपए लेकर करवाई थी.

शादी से पहले 19 अप्रैल को दलाल ने अनुराधा, उसकी कथित मौसी सुनीता यादव और मौसा श्याम राजपूत निवासी डग (झालावाड़) को कलेक्ट्रेट में विष्णु से मिलवाया. दोनों पक्षों की सहमति से वकील ने विवाह सहमति पत्र तैयार किया, जिसमें अनुराधा ने प्रेम विवाह की सहमति दी.विष्णु के अनुसार, अनुराधा ने बताया कि वह खंडवा की रहने वाली है, उसके पिता का देहांत हो चुका है, एक बहन रेणु की शादी हो चुकी है और भाई करण अविवाहित है. शादी के बाद अनुराधा 14 दिन तक ससुराल में हंसी-खुशी रही और किसी को शक नहीं हुआ कि वह फरार हो सकती है.

3 मई 2025 की रात को अनुराधा ने ससुराल वालों के लिए खाने में नशीला पदार्थ मिलाया. विष्णु और परिवार के अन्य सदस्यों ने खाना खाया और बेहोश हो गए. रात करीब 2 बजे अनुराधा ने घर से 30 हजार रुपए नकदी, 30 हजार रुपए की सोने की अंगूठी, 50 हजार रुपए का सोने का मंगलसूत्र, 20 हजार रुपए का सोने का टिकला, 25 हजार रुपउ की 250 ग्राम चांदी की पायल और 30 हजार रुपए का मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गई. सुबह जब परिवार वालों को होश आया, तो वे स्तब्ध रह गए.

विष्णु ने तुरंत मानटाउन थाने में अनुराधा, दलाल पप्पू मीना, सुनिता यादव (पत्नी सोनू यादव, खंडवा), और श्याम राजपूत (डग, झालावाड़) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. मामले की जांच एएसआई मीठालाल को सौंपी गई है.

ठेला चलाकर गुजारा करने वाले विष्णु ने बताया कि उसने कर्ज लेकर शादी की थी. मोबाइल भी दोस्त से खरीदा था, जो दुल्हन ले गई. रिश्ते न मिलने के कारण वह वधू की तलाश में था. दलाल पप्पू मीणा ने महावीर पार्क में उससे मुलाकात की और 2 लाख रुपए में शादी करवाने का वादा किया. पप्पू ने कई लड़कियों की तस्वीरें दिखाईं और अंत में अनुराधा को पसंद करने पर शादी तय की. विष्णु ने कहा, “पप्पू ने दुल्हन की पूरी गारंटी दी थी, लेकिन उसने मुझे धोखा दिया.”

पुलिस ने बताया कि अनुराधा और उसके सहयोगियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच में पता चला कि अनुराधा ने अपने परिवार के बारे में झूठी जानकारी दी थी.पुलिस को संदेह है कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो शादी के नाम पर ठगी करता है. दलाल पप्पू मीना और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.

मानटाउन थाने के एएसआई मीठा लाल ने कहा, “हम सभी आरोपियों की तलाश कर रहे हैं. दुल्हन के खंडवा और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

NATIONAL : जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गहरी खाई में जा गिरी बस, दो की मौत, 44 लोग घायल, राहत कार्य में जुटी टीम

0

जम्मू और कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बस गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 44 अन्य घायल हो गए, जिनमें से नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब बस Mendhar से घनी गांव की ओर जा रही थी और ड्राइवर ने अचानक नियंत्रण खो दिया। स्थानीय लोगों, पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिससे घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सका.

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 44 अन्य लोग घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ, जब यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी. यह हादसा Mendhar इलाके में सुबह करीब 9:20 बजे हुआ.

एजेंसी के अनुसार, बस पुंछ जिले के घनी गांव से मेंधर की ओर जा रही थी. इसी दौरान ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरा. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. थोड़ी देर में पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद मजीद निवासी घनी गांव और 60 वर्षीय नूर हुसैन निवासी कसबलेरी के रूप में हुई है. इसी के साथ 44 घायलों में से 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है.

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. अशफाक चौधरी के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद जम्मू स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल रेफर किया गया है. उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सभी 15 एंबुलेंस को मौके पर भेजा और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

इस दुर्घटना के बाद प्रशासन, सेना, पुलिस, CRPF और आम नागरिकों की संयुक्त कोशिशों से तेजी से राहत-बचाव कार्य संपन्न किया गया. कई घायलों को खाई से निकालने के लिए रस्सियों और स्ट्रेचर्स का इस्तेमाल किया गया.

Met Gala 2025: सिर पर पगड़ी, हाथ में तलवार, पंजाब का प्रिंस बन दिलजीत दोसांझ ने मेट गाला में ली एंट्री, मूछों को ताव देते हुए खूब क्लिक कराई तस्वीरें

दिलजीत दोसांझ ना केवल जबरदस्त एक्टर हैं बल्कि कमाल के सिंगर भी हैं. वे अपनी आवाज से फैंस के दिलों पर राज करते हैं. उनके गानों से देश में ही नहीं विदेशों में भी खूब फैन हैं. इस बीच दिलजीत दोसांझ ने बॉलीवुड के कई सेलेब्स के साथ साल के सबड़े बड़े फैशन इवेंट मेल गाला 2025 में डेब्यू किया है. दिलजीत के शानदार लुक की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं. वे पंजाब के राजकुमार बनकर मेल गाला के रेड कार्पेट पर उतरे थे.

एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ ने रॉयल महाराजा-इंस्पायर्ड लुक से मेल गाला में पूरी महफिल लूट ली. उन्होंने अपने इस लुत से पटियाला के महाराजा भूपिंदर सिंह को श्रद्धांजलि दी थी.

पंजाबी म्यूजिक सेंसेशन ने मेट गाला के लिए व्हाइट कलर का ट्रेडिशनल आउटफिट पहना था जिसमें पगड़ी और तलवार भी शामिल थे. नेपाली-अमेरिकी डिज़ाइनर प्रबल गुरुंग द्वारा स्टाइल किए गए इस आउटफिट ने उनकी कल्चरल रूट्स को सबसे स्टाइलिश तरीके से श्रद्धांजलि दी. दिलजीत दोसांझ ने अपनी संस्कृति को गर्व के साथ पहना था. उनके आउटफिट के हर डिटेल को सोच-समझकर चुना गया था.

दिलजीत दोसांझ की केप भी अलग दिख रही थी, जिसके पीछे एम्ब्राइडरी के साथ पंजाबी शब्द लिखे गए थे. केप पर गुरुमुखी मूल मंत्र जैसे इक ओंकार, सतनाम कर्ता पुरख, निरभाऊ, निरवैर, अकाल मूरत, अजूनी, सैभंग, गुरुप्रसाद लिखा गया था.

बता दें कि दिलजीत दोसांझ ने मेट गाला लुक के रेड कार्पेट पर खूब तस्वीरें क्लिक कराईं. इस दौरान सिंगर-एक्टर अपनी मूंछों को ताव देते हुए भी नजर आए. वहीं दिलजीत की तस्वीरों पर फैंस फिदा हो रहे है और उन्हे प्रिंस ऑफ पंजाब कह रहे हैं.

बता दें कि दिलजीत दोसांझ के अलावा, इस इवेंट में शामिल होने वाले अन्य बॉलीवुड सितारों में शाहरुख खान, कियारा आडवाणी और प्रियंका चोपड़ा हैं, न्यूयॉर्क शहर के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित इस साल के चैरिटी कार्यक्रम की थीम “टेलर्ड फॉर यू” है. दिलचस्प बात ये है कि 20 सालों में यह पहली बार है जब लुक मेन्सवियर पर फोकस्ड था.

 

NATIONAL : अंधविश्वास के चक्कर में गई 18 साल की कविता की जान, दरगाह में झाड़-फूंक के नाम पर ठगी का खेल

0

17 साल की कविता तेज बुखार से पीड़ित थी. कई दिनों तक इलाज के बावजूद जब उसका बुखार नहीं उतरा, तो परिवार ने दरगाह का रुख किया.उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के धर्मपुरवा में स्थित हजरत गुप्ती शहीद शाह र.उ. सेवा समिति दरगाह पिछले सात सालों से अंधविश्वास का अड्डा बनी हुई है. यहां झाड़-फूंक के नाम पर गंभीर बीमारियों को ठीक करने का दावा किया जाता है, लेकिन इसी अंधविश्वास ने 18 वर्षीय किशोरी कविता की जान ले ली. कविता की मौत ने दरगाह की सच्चाई को उजागर कर दिया है, जहां कमेटी के अध्यक्ष एखलाख अहमद, राजू और एक अन्य व्यक्ति द्वारा झाड़-फूंक के बहाने लोगों को ठगा जा रहा है.

दरगाह पर कमेटी के लोग बुखार, कैंसर, पेट दर्द, सीने में दर्द, सिर दर्द से लेकर बच्चा पैदा होने जैसी समस्याओं को ठीक करने का दावा करते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां आने वाले मरीजों की आर्थिक स्थिति देखकर 50 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक के ताबीज बेचे जाते हैं. यह ताबीज कथित तौर पर बीमारियों को जड़ से खत्म करने का वादा करते हैं, लेकिन हकीकत में यह महज ठगी का जरिया है.

17 साल की कविता तेज बुखार से पीड़ित थी. कई दिनों तक इलाज के बावजूद जब उसका बुखार नहीं उतरा, तो परिवार ने दरगाह का रुख किया. परिजनों के अनुसार, कविता को तीन दिनों तक दरगाह पर झाड़-फूंक के लिए रखा गया, लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई. और उसने वहीँ दम तोड़ दिया.कविता की मौत के बाद वहां हड़कम्प मच गया और दरगाह के कर्ताधर्ता फरार हो गए, और पुलिस ने कविता के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

कविता की मौत के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि मामला दर्ज कर दरगाह के संचालकों की तलाश शुरू कर दी है. और जो भी आरोपी हैं उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

गोंडा जैसे क्षेत्रों में, जहां चिकित्सा सुविधाएं सीमित हैं, लोग झाड़-फूंक और ताबीज जैसे आसान रास्तों पर भरोसा कर लेते हैं, जिसका खामियाजा कई बार जान देकर चुकाना पड़ता है.

 

ENTERTAINMENT : ‘रेड 2’ ने 6 दिन में बजट का 280% निकालकर बना डाले 13 रिकॉर्ड, पिछड़ गई ‘केसरी 2’ अब ‘जाट’ की बारी

अजय देवगन की रेड 2 सिर्फ 6 दिन में बॉलीवुड की सिर्फ 4 फिल्मों को छोड़कर बाकी सभी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं. यहां जानिए फिल्म का टोटल कलेक्शन

अजय देवगन की फिल्म रेड 2 को 1 मई को तब रिलीज किया गया जब सिनेमाहॉल में जाट और केसरी 2 जैसी बड़ी फिल्में पहले से ही दर्शक बटोर रही थीं. फिल्म को साउथ की दो बड़ी फिल्मों सूर्या की रेट्रो और नानी की हिट द थर्ड केस से भी बराबर की टक्कर मिली क्योंकि इसी दिन ये दोनों बड़ी फिल्में भी साथ में रिलीज हुईं. इसके बावजूद अजय देवगन की रेड 2 की स्पीड में कोई खास फर्क नहीं पड़ा. यानी फिल्म की कमाई की स्पीड बरकार रही और फिल्म अब नया माइलस्टोन सेट करने के करीब पहुंचने वाली है.

फिल्म को रिलीज हुए 6 दिन पूरे हो चुके हैं तो चलिए जानते हैं कि फिल्म ने अभी तक कितनी कमाई कर ली है और साथ ही साल 2025 में रिलीज हुई अब तक रिलीज हुई कितनी बॉलीवुड फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़े हैं.

अजय देवगन और रितेश देशमुख की फिल्म ने ऑफिशियल आंकड़ों के मुताबिक, ओपनिंग डे पर 19.71 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके बाद, दूसरे दिन औऱ तीसरे दिन 13.05 करोड़ और 18.55 करोड़ रुपये कमाए. चौथे दिन फिल्म की कमाई सबसे ज्यादा रही. फिल्म ने इस दिन 22.52 करोड़ और पांचवें दिन 7.47 करोड़ रुपये कमाते हुए टोटल 81.30 करोड़ रुपये कलेक्ट किए.

सैक्निल्क पर उपलब्ध आज के 2:30 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने अभी तक 1.06 करोड़ रुपये कमा लिए हैं और फिल्म का टोटल कलेक्शन 82.36 करोड़ रुपये हो चुका है. बता दें कि आज के आंकड़े फाइनल नहीं हैं. इनमें बदलाव हो सकता है.

सैक्निल्क के मुताबिक, अक्षय कुमार की केसरी 2 ने करीब 82 करोड़ रुपये की कमाई की है. फिल्म अभी भी बड़े पर्दे पर है लेकिन फिल्म की कमाई लाखों में सिमट चुकी है. अजय देवगन की फिल्म ने आज केसरी 2 का रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया है.

अब फिल्म का अगला निशाना सनी देओल की जाट है जिसने करीब 89 करोड़ रुपये कमाए हैं. सिर्फ जाट, छावा, सिकंदर और स्काई फोर्स के लाइफटाइम कलेक्शन के रिकॉर्ड्स छोड़ दें, तो फिल्म ने इस साल अभी तक रिलीज हुई सभी बॉलीवुड फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे कर दिया है.

आजाद, इमरजेंसी, मेरे हसबैंड की बीवी, क्रेजी, सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव, द डिप्लोमैट, लवयापा, बैडऐस रविकुमार, द भूतनी, देवा, फतेह और फुले के बाद अब केसरी 2 को मिलाकर 13 फिल्में शामिल हैं जिनका लाइफटाइम कलेक्शन रेड 2 ने पार कर लिया है.रेड 2 को ‘बॉलीवुडशादीज’ के मुताबिक, करीब 40 करोड़ रुपये में तैयार किया गया है. फिल्म ने 5 दिनों में सैक्निल्क के मुताबिक, 108.65 करोड़ रुपये की इनकम कर ली है. आज के घरेलू कलेक्शन को जोड़कर देखें तो फिल्म ने अपने बजट का करीब 282 प्रतिशत निकाल लिया है और फिल्म ऑफिशियली हिट हो चुकी है.

रेड 2 को राजकुमार गुप्ता ने डायरेक्ट किया है. जिसमें अजय देवगन और रितेश देशमुख के अलावा अमित स्याल, सौरभ शुक्ला जैसे दमदार एक्टर्स ने अपनी एक्टिंग से फिल्म को बेहतरीन बना दिया है. फिल्म में वाणी कपूर भी अहम रोल में दिखी हैं.

 

NATIONAL : पटना में BPSC TRE-3 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज, बेहोश हुई महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, ये हैं मांग

0

BPSC TRE-3 Protest: पटना में बीपीएससी प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री आवास के पास रोकने की कोशिश में पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं थे. स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा, जिससे कई अभ्यर्थी घायल हो गए.

BPSC TRE-3 Protest: पटना में एक बार फिर बीपीएससी अभ्यर्थी सड़क पर हैं. मंगलवार को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तृतीय शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-3) के अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों की मांग थी कि TRE-3 का सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी किया जाए और चयनित अभ्यर्थियों की जॉइनिंग जल्द से जल्द कराई जाए. शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुआ यह प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया. इस दौरान कई अभ्यर्थी घायल हुए और एक महिला अभ्यर्थी बेहोश हो गई.

सैकड़ों की संख्या में BPSC TRE-3 के अभ्यर्थी मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के पास पहुंचे. अभ्यर्थियों ने सप्लीमेंट्री रिजल्ट और जॉइनिंग की मांग को लेकर नारेबाजी की और सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की. इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.

प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास के पास रोकने की कोशिश में पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं थे. स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ा, जिससे कई अभ्यर्थी घायल हो गए. इस लाठीचार्ज के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

लाठीचार्ज के बीच एक महिला अभ्यर्थी प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गई. पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस घटना ने प्रदर्शनकारियों के गुस्से को और भड़का दिया. अभ्यर्थियों ने पुलिस की कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए सरकार पर उनकी मांगों को अनसुना करने का आरोप लगाया.

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि BPSC TRE-3 के तहत चयनित शिक्षकों की जॉइनिंग में देरी हो रही है और सप्लीमेंट्री रिजल्ट भी जारी नहीं किया गया है. एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “हमें कई महीनों से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, लेकिन अभी तक जॉइनिंग नहीं दी गई है. अब हम कहां जाएं?” अभ्यर्थियों ने यह भी मांग की कि जिन उम्मीदवारों का एक से अधिक स्थानों पर रिजल्ट आया है, उनकी खाली सीटों को भरने के लिए सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी किया जाए.

पुलिस के लाठीचार्ज ने प्रदर्शन को और तनावपूर्ण बना दिया. कई अभ्यर्थियों को चोटें आईं, और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई. पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री आवास के आसपास का क्षेत्र प्रतिबंधित है, और प्रदर्शन की अनुमति नहीं थी. इसके बावजूद अभ्यर्थियों के नहीं हटने पर बल प्रयोग करना पड़ा.

यह पहला मौका नहीं है जब BPSC TRE-3 के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया हो. इससे पहले भी अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के आवास और जदयू कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं. हर बार उन्हें आश्वासन तो मिला, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई. अब अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे.

फिलहाल पटना में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, और पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास के आसपास कड़ी निगरानी रखी है. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपनी मांगों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस के लाठीचार्ज ने स्थिति को बिगाड़ दिया. अब सभी की निगाहें सरकार और शिक्षा विभाग पर टिकी हैं कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं.

LUCKNOW : कोई जमीन पर लेटा, कोई कंधे पर सवार… लखनऊ में वॉर मॉकड्रिल का ऐसे हुआ अभ्यास…….

0

भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं. भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) ने 7 मई को देशभर में एक व्यापक मॉक ड्रिल करने का आदेश दिया है. इसी क्रम में लखनऊ में मॉक ड्रिल का अभ्यास किया गया.

भारत पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए केंद्र सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं. भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) ने 7 मई को देशभर में एक व्यापक मॉक ड्रिल करने का आदेश दिया है. इसके तहत उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में मॉकड्रिल किया जाएगा. ताकि जंग जैसी स्थिति में लोगों को खुद की जान बचाने और दूसरों की सहायता करने को लेकर जागरूक किया जा सके. इसी क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मॉकड्रिल का अभ्यास किया गया.

मॉकड्रिल के अभ्यास का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें देखा जा सकता है कि जंग जैसी स्थिति में सायरन बजने पर खुद को बचाने के लिए लोग जिस जगह पर हैं, वहीं पर लेट जा रहे हैं. अभ्यास के दौरान यह भी बताया जा रहा है कि अगर कोई घायल होता है तो उसे कैसे कंधे पर बिठाकर या अन्य तरीकों से अस्पताल पहुंचाया जाए. वहीं, अगर युद्ध के दौरान विस्फोटक से आग लगती है तो कैसे आग को बुझाया जाए.

जंग जैसी स्थिति से निपटने के लिए जम्मू-कश्मीर के एक स्कूल से भी मॉकड्रिल के अभ्यास का वीडियो सामने आया है. जिसमें देखा जा सकता है कि बच्चे क्लासरूम में बैठे हुए हैं. जैसे ही सायरन बजता है सभी अपनी सीट के नीचे दुपक जाते हैं. इस दौरान सभी बच्चों ने अपना कान भी बंद किया हुआ है.

मॉक ड्रिल 7 मई को होगी. इस दौरान एयर रेड वार्निंग सायरन बजा कर यह चेक किया जाएगा कि आपातकालीन चेतावनी प्रणाली सही तरीके से काम कर रही है या नहीं. इसके अलावा लोग इसके लिए कितना तैयार हैं यह भी देखा जाएगा. मॉर्क ड्रिल के दौरान आपातकालीन स्थितियों में आत्म-सुरक्षा और प्रतिक्रिया के लिए नागरिकों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा. निगरानी से बचाव के लिए आवश्यकतानुसार ब्लैकआउट की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया जाएगा.

किसी भी स्थिति में सुरक्षित जगह पर जाने की भी प्रैक्टिस होगी. चुने गए जिले में मॉक ड्रिल का समय और स्थान स्थानीय प्रशासन द्वारा निर्धारित किया जाएगा. इस अभ्यास में सिविल डिफेंस, पुलिस, अग्निशमन सेवाएं, आपदा प्रतिक्रिया बल, होम गार्ड्स, राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), और स्कूल-कॉलेज के छात्र भाग लेंगे.

- Advertisement -

News of the Day