Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 725

BIHAR : शादी में भोज का खाना खाने के बाद 20 से ज्यादा लोग बीमार, पटना से आरा गई थी बारात

0

आरा के कड़ारी गांव में शादी थी. समय रहते बीमार हुए लोगों को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं कुछ का इलाज निजी अस्पताल में भी चल रहा है.

आरा में कड़ारी गांव में सोमवार (05 मई, 2025) की रात एक शादी समारोह में भोज खाने के बाद 20 से ज्यादा बारातियों की तबीयत खराब हो गई. पुलाव-दाल, मटर-पनीर, परवल आदि की सब्जी खाने के तुरंत बाद कुछ लोगों को उल्टी शुरू हो गई. समय रहते बीमार हुए लोगों को आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं कुछ का इलाज निजी अस्पताल में भी चल रहा है.

बताया जाता है कि बारात पटना जिले के पुनाईचक सेवथी गांव से आरा गई थी. लड़के का नाम सतीश कुमार है. शादी में पहुंचे लोगों ने जैसे ही भोजन किया, एक-एक कर कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत आम रही. सभी लोग डॉक्टर्स की निगरानी में हैं.

बीमार होने वालों में ब्यूटीशियन प्रतीक्षा कुमारी समेत पटना, बेगूसराय, आरा और अन्य जिलों के लोग शामिल हैं. प्रतीक्षा कुमारी के अलावा पटना जिले के करवा गांव निवासी जगदीश भगत, सेवथी गांव निवासी महेश भगत, कौशल कुमार, सुदर्शन पाल, सोना कुमार पांडेय, लेवाद गांव निवासी राधा कुमारी की भी तबीयत बिगड़ी है.

इनके अलावा धीरज कुमार, अभियांश कुमार, सिपरा गांव निवासी राम लखन प्रसाद, सुमित कुमार, भगवानगंज निवासी कन्हैया प्रसाद, श्रीनगर गांव निवासी नरेश प्रसाद, बाजार समिति निवासी धर्मेंद्र कुमार, कुरा गांव निवासी रामप्रीत प्रसाद, अपूरा गांव निवासी अखिलेश भगत एवं बेगूसराय जिले के दरियापुर गांव निवासी विकास कुमार समेत अन्य लोग भी बीमार हुए हैं.

बता दें कि कई बार शादियों के सीजन के बीच ऐसी खबरें सामने आती हैं. प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मौसम में भी उतार-चढ़ाव हो रहा है. कई जिलों में बारिश हो रही है तो कहीं धूप और गर्मी से लोग परेशान हैं. खाने में गड़बड़ी के कारण अक्सर फूड प्वाइजनिंग के लोग शिकार हो जाते हैं.

 

DELHI : मॉक ड्रिल को लेकर दिल्ली पुलिस की तैयारी तेज, पालिका बाजार, जनपथ, खान मार्केट में सघन चेकिंग

0

दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली में मॉक ड्रिल की तैयारियां तेज कर दी हैं. संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाकर बम निरोधक दस्तों को भी सतर्क रखा गया है.

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के मद्देनज़र दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है. गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद दिल्ली पुलिस ने राजधानी में मॉक ड्रिल की तैयारी शुरू कर दी है. इस सिलसिले में वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी जिलों के डीसीपी को विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार करने का निर्देश दिया है.

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस के उपायुक्त (DSP) लगातार अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं. पीटीआई के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कर गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों की पहचान कर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

एक वरिष्ठ पुलिस सूत्र ने बताया, “हमने दिन और रात की गश्त को तेज कर दिया है. हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर भी पुलिसकर्मियों के साथ अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है. दिल्ली के भीतर भी सभी जिलों में सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है. डीसीपी अपने क्षेत्रों में खुद निगरानी कर रहे हैं और ACP व SHO स्तर के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं.”

सूत्रों ने यह भी जानकारी दी कि विशेष रूप से शाम और रात के समय पैदल गश्त बढ़ाई गई है ताकि चौबीसों घंटे सतर्कता बनी रहे. राजधानी के प्रमुख सार्वजनिक स्थल जैसे कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, जनपथ, यशवंत पैलेस और गोल मार्केट पर विशेष गश्ती इकाइयों की तैनाती की गई है.

मॉक ड्रिल के दौरान बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और श्वान दस्तों को भी तैयार रखा जाएगा. ये टीमें पालिका बाजार, जनपथ, खान मार्केट और सरकारी भवनों के आस-पास के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लगातार विध्वंस-रोधी जांच करेंगी.

दिल्ली पुलिस स्थानीय निवासियों और संस्थानों को भी इस सुरक्षा कवच में शामिल कर रही है. रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), बाजार कल्याण संघों (एमडब्ल्यूए), नागरिक सुरक्षा समितियों और निजी सुरक्षा गार्डों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं. उन्हें किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए कहा गया है. राजधानी की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यह मॉक ड्रिल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से कुशलता से निपटा जा सके.

 

MAHARASHTRA : बोरीवली में तेज रफ्तार ने छीनी जान, युवक ने 2 दिन पहले ही ज्वॉइन की थी नौकरी

0

मुंबई के बोरीवली इलाके में एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान अक्षत सिंह के रूप में हुई है, जो मलाड ईस्ट के एक टैटू पार्लर में हाल ही में मैनेजर के रूप में कार्यरत हुआ था. हादसा उस वक्त हुआ जब अक्षत अपने काम से लौटकर मीरा रोड स्थित घर जा रहा था.

यह हादसा वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (WEH) पर एमके बेकरी के पास घटित हुआ. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने अक्षत की बाइक को पीछे से टक्कर मारी और चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अक्षत सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं. राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल अक्षत को नजदीकी शताब्दी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचित किया. हालांकि इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और देर शाम उसकी मौत हो गई.

इस हादसे से सिर्फ अक्षत का परिवार ही नहीं, बल्कि वह समाज भी सदमे में है जहां सड़क सुरक्षा अब भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक, अक्षत ने महज दो दिन पहले ही अपनी नई नौकरी की शुरुआत की थी और जीवन में आगे बढ़ने के लिए आशान्वित था.

कस्तूरबा मार्ग पुलिस थाने ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (गंभीर लापरवाही से मृत्यु) और 281 (तेज रफ्तार वाहन चलाना जिससे जनजीवन को खतरा हो) के तहत मामला दर्ज किया है. इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं को भी शामिल किया गया है.

फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि फरार आरोपी की पहचान की जा सके. मुंबई जैसे महानगर में जहां ट्रैफिक और सड़कें हर समय व्यस्त रहती हैं, वहां इस तरह की घटनाएं न केवल चिंता का विषय हैं बल्कि सख्त निगरानी और कानून के प्रभावी पालन की मांग करती हैं.

 

ENTERTAINMENT : Met Gala 2025 में Isha Ambani का दिखा रॉयल लुक, गले में पहना मां का शाही हार, जानें खासियत

मेट गाला से कई सेलेब्स की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चे अब मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी के हो रहे हैं.

मेट गाला 2025 से शाहरुख खान, दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी के अलावा मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी का लुक भी खासा वायरल हो रहा है. अंबानी परिवार की लाडली बेटी ने इस इवेंट में प्रिंसेस बनकर एंट्री ली. लेकिन अब लुक से ज्यादा चर्चे उनके शाही हार के हो रहे हैं. जिसकी कीमत करोड़ों रुपए की बताई जा रही है.

ईशा अंबानी ने इस बार मेट गाला में “Tailored for U” थीम पर बेस्ड लुक कैरी किया था. इस लुक में ईशा एकदम प्रिंसेस लग रही हैं. ये ड्रेस अनामिका खन्ना ने डिजाइन की है. ईशा ने मेट गाला के लिए ब्लैक बेलबॉटम पैंट के साथ हॉल्टर स्टाइल टॉप पहना था. इस लुक को उन्होंने लॉन्ग श्रग जैकेट के साथ पूरा किया.

लेकिन सोशल मीडिया अब ईशा के लुक से ज्यादा उनका डायमंड नेकलेस फैंस का ध्यान खींच रहा है. ईशा ने अपने लुक को खास और स्टाइलिश बनाने के लिए अपनी मां नीता अंबानी का शाही हार पहना था. उनका नेकलेस सॉलिटेयर हार मशहूर Cartier Toussaint Necklace से इंस्पायर्ड है. खास बात ये है कि ये नेकलेस 136 कैरेट का है. इसे Queen of Holland कहा जाता है. जानकारी के अनुसार इस हार को राजा नवनगर ने बनवाया था.

बता दें कि इस साल मेट गाला में बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान, कियारा आडवाणी और दिलजीत दोसांझ ने अपना डेब्यू किया. तीन इस दौरान शानदार लुक में नजर आए. उनकी फोटोज भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. बता दें कि कियारा रेड कार्पेट पर अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती हुई नजर आई थी.

 

RAJASTHAN : प्रेमिका ने किया नजरअंदाज तो भड़के प्रेमी ने मारी गोली, दूसरी युवती घायल

0

भीलवाड़ा बस स्टैंड पर प्रेमिका को मारने आए युवक ने गलती से एक अन्य युवती को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. आरोपी ने लड़की का भेष धारण कर वारदात को अंजाम दिया.

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में सोमवार (5 मई) को केंद्रीय रोडवेज बस स्टैंड पर दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया. प्रेमिका द्वारा नजरअंदाज किए जाने से खफा एक युवक ने लड़की का भेष धरकर गोलीबारी की, जिसमें गलती से एक निर्दोष युवती को गोली लग गई. घायल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे इलाज के लिए अजमेर के JLN अस्पताल रेफर किया गया है.

कोटा निवासी 22 वर्षीय रूमाना अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की शोकसभा में शामिल होने के बाद कोटा लौटने के लिए बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रही थी. जैसे ही बस आई और वह उसमें चढ़ने लगी, तभी एक युवक ने पीछे से फायरिंग कर दी. गोली उसके पेट और कमर के बीच लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ी. लोगों के अनुसार युवक ने पहले खुद को गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन पिस्तौल मिसफायर हो गई. इसके बाद भीड़ ने आरोपी को पकड़ लिया और जमकर पीटा.

आरोपी की पहचान लोकेश शर्मा के रूप में हुई है, जो लड़की के भेस में, विग पहनकर बस स्टैंड पर पहुंचा था. पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अपनी प्रेमिका रानी को मारने आया था, लेकिन शक्ल के मिलते-जुलते होने के कारण गलती से रूमाना को निशाना बना बैठा. DSP श्यामसुंदर ने बताया कि आरोपी करीब एक घंटे तक बस स्टैंड पर युवती की निगरानी करता रहा और फिर पीछे से 2 राउंड फायर किए. एक गोली चली और रूमाना को जा लगी.

पूछताछ में लोकेश ने बताया कि वह मांडल क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता था. दोनों की मुलाकात जयपुर में एग्रीकल्चर ट्रेनिंग के दौरान हुई थी. प्रेम संबंधों के दौरान उसने युवती की आर्थिक मदद भी की थी. लेकिन दिसंबर 2024 में युवती को नौकरी मिलने के बाद वह दूरी बनाने लगी. युवती द्वारा शादी से इनकार करने और बातचीत बंद कर देने से खफा होकर लोकेश ने बदला लेने की योजना बनाई. उसने गंगापुर सिटी से पिस्टल खरीदी और जयपुर से बाइक पर निकल कर भीलवाड़ा पहुंचा.

घटना के दिन जब वह युवती के पीछे-पीछे बस स्टैंड तक आया, तब उसने हमला कर दिया. दुर्भाग्यवश, उसकी गोली रानी के बजाय रूमाना को जा लगी. वारदात के बाद भीड़ ने लोकेश को बुरी तरह पीटा और पुलिस को सौंप दिया. गोलीबारी की सूचना पर सुभाषनगर थाना पुलिस, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, एएसपी पारस जैन और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. चिकित्सालय में सुरक्षा बढ़ा दी गई और घायलों की निगरानी की जा रही है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

NATIONAL : गुमसुम, डरी हुई, सिर्फ बोल रही थी आंखें! दिल्ली से गुम हुई मासूम 8 महीने बाद ग्वालियर से बरामद

0

पूछताछ में सामने आया कि लड़की अब दो महीने की गर्भवती है. अनीस ने उसे किसी से बात नहीं करने दी, मोबाइल से सिम तक निकाल ली थी. वो सिर्फ उसके इशारों पर जी रही थी एक कैदी की तरह.

15 साल की मासूम नाबालिग लड़की जब 18 सितंबर 2024 की सुबह अचानक अपने घर से गायब हुई, तो परिवार के लिए जैसे दुनिया थम गई. दिल्ली के गीता कॉलोनी की गलियों में दिन-रात उसकी तलाश होती रही, लेकिन न उसका कोई सुराग मिला, न उसकी परछाईं. परिवार का दिल रोज़ डूबता रहा, लेकिन AHTU की टीम ने हार नहीं मानी.

इंस्पेक्टर बलबीर सिंह की अगुवाई में बनाई गई एक छोटी सी टीम महिला एसआई शिल्पी गुप्ता, एएसआई शीशपाल और महिला हेड कांस्टेबल संगीता , इस केस के पीछे ऐसी लगन से जुटी कि हर झूठ की परत खुलने लगी. जल्द ही शक की सुई एक नाम पर आकर टिक गई अनीस खान, एक स्थानीय फेरीवाला, जो समोसे और पट्टियां बेचा करता था. जांच में पता चला कि जिस दिन लड़की लापता हुई, उसी दिन अनीस भी गायब हो गया और हैरानी की बात यह कि अनीस पहले से शादीशुदा था, एक बच्चा था और उसकी पत्नी गर्भवती थी.

कभी बंद मोबाइल नंबरों के पीछे भागती पुलिस, कभी इंस्टाग्राम के फर्जी आईडी से मिले लोकेशन डाटा को जोड़ती टीम. कभी ट्रेनों में हॉटस्पॉट शेयर करने वालों की तलाश, तो कभी अनजान चेहरों की पहचान. आठ महीने तक पुलिस ने न थकने की कसम खा ली थी. अंततः सोशल मीडिया अकाउंट की लोकेशन ने इशारा किया, ग्वालियर के मलगढ़ा चौक की ओर, एक गुप्त सूचना ने आग में घी का काम किया और आरोपी को उस इलाके में देखा गया था.

एक बंद घर का दरवाज़ा खटखटाया गया और जब दरवाज़ा खुला, तो सामने थी वो मासूम बच्ची थकी हुई, गुमसुम, डरी हुई. उसकी आंखें बहुत कुछ कह रही थीं, मगर जुबां चुप थी. पुलिस को देखकर उसकी आंखों में डर की जगह पहली बार सुकून दिखा. साथ ही पकड़ा गया अनीस खान, जो आठ महीने तक उसे छिपाकर रखे हुए था.
पूछताछ में सामने आया कि लड़की अब दो महीने की गर्भवती है. अनीस ने उसे किसी से बात नहीं करने दी, मोबाइल से सिम तक निकाल ली थी. वो सिर्फ उसके इशारों पर जी रही थी एक कैदी की तरह.

लड़की को मेडिकल जांच के बाद परिवार को सौंपा गया. आरोपी पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई शुरू हो चुकी है.पुलिस इस मामले में अभी जांच कर रही है कि आरोपी के साथ कौन लोग इस काम मे उसके साथ थे.

 

ENTERTAINMENT : भक्ति में लीन दिव्यांका त्रिपाठी ने की सत्यनारायण की पूजा, दोस्त, परिवार और फैंस के लिए मांगी दुआ

टीवी एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी अपने अलग-अलग अंदाज से फैंस से जुड़ी रहती हैं. हाल ही में एक्ट्रेस को सत्यनारायण की पूजा करते हुए देखा गया है.दिव्यांका त्रिपाठी टीवी की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं. वह सोशल मीडिया पर फैंस से जुड़ी रहती हैं. एक्ट्रेस अपनी जिंदगी से जुड़े सभी पलों को फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं. इस कड़ी में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें वे सत्यनारायण की पूजा करती हुई नजर आ रही हैं.

इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में दिव्यांका अपने पति विवेक दहिया के साथ घर में सत्यनारायण की पूजा करती नजर आ रही हैं. उनके सामने हवन कुंड की अग्नि जल रही है. दोनों हाथ जोड़कर भगवान का ध्यान कर रहे हैं. अन्य तस्वीरों में भगवान सत्यनारायण की तस्वीर, पूजा सामग्री और प्रसाद भी देखा जा सकता है.

लुक की बात करें तो दिव्यांका ने आसमानी रंग का सूट पहना है, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही हैं. वहीं विवेक ने पीच कलर का कुर्ता पहना था

इन तस्वीरों को शेयर करते हुए दिव्यांका ने कैप्शन में लिखा- “मैं अपने दोस्तों, परिवार और तुम्हारे लिए, (जो ये पढ़ रहे हों) दुआ मांग रही हूं. मेरी दुआ है कि हम सबको जीवन में सही राह मिले. हम बेहतर इंसान बनें. हम अपने जीवन और अस्तित्व की अहमियत समझें. जो लोग हमसे प्यार करते हैं, हम उनकी कद्र करें और हम अच्छे कर्मों में विश्वास रखें.”

दिव्यांका त्रिपाठी इन दिनों टीवी से दूर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी किस्मत आजमा रही हैं. एक्ट्रेस सोनी लिव की सीरीज ‘अदृश्यम: द इनविजिबल हीरोज’ में भी काम कर चुकी हैं, जिसमें वह अंडरकवर एजेंट पार्वती सहगल के किरदार में नजर आई थीं. यह सीरीज एजेंसी आईबी47 पर बनी है. दिव्यांका की आखिरी रिलीज वेब सीरीज ‘द मैजिक ऑफ शिरी’ में भी दिखी थीं. वहीं, विवेक दहिया ‘झलक दिखला जा’ के 11वें सीजन में दिखे थे.

रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज’ में भाग लेने के साथ दिव्यांका ने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने ‘बनूं मैं तेरी दुल्हन’ में काम किया था. एक्ट्रेस ‘खाना खजाना’, ‘नचले वे विद सरोज खान’, ‘जोर का झटका: टोटल वाइप आउट’, ‘कॉमेडी सर्कस’, ‘नच बलिए 8’ और ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ जैसे शो में भी भाग ले चुकी हैं.

 

UP : यूपी में इन अधिकारियों और कर्मचारियों का 15 जून तक ट्रांसफर तय, योगी सरकार ने ट्रांसफर पॉलिसी पर लगाई मुहर

0

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट ने नई ताबदला नीति लागू कर दी गई है. वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार ने सरकारी अफसरों और कर्मचारियों की नई स्थानांतरण नीति जारी कर दी है.तय समय सीमा के अनुसार, सभी तबादले 15 जून 2025 तक पूरे कर लिए जाएंगे.जानकारी के अनुसार समूह ‘क’ और ‘ख’ के अधिकारी, जो किसी एक जिले में 23 साल पूरे कर चुके हैं, उन्हें वहां से हटाया जाएगा. वहीं जो कर्मचारी एक ही मंडल में 7 साल पूरे कर चुके हैं, उन्हें दूसरे मंडल भेजा जाएगा.

इसके अलावा मंडलीय कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को तीन साल बाद अनिवार्य रूप से बदला जाएगा. बता दें ग्रुप ‘क’ और ‘ख’ में अधिकतम 20% तथा ग्रुप ‘ग’ और ‘प’ में अधिकतम 10% कर्मचारियों के तबादले ही किए जाएंगे.अनुमोदित प्रस्ताव के अनुसार ग्रुप ‘ग’ कर्मचारियों के तबादले के लिए 13 मई 2022 के शासनादेश का पालन अनिवार्य होगा. जानकारी के अनुसार ग्रुप ‘ख’ और ‘ग’ के कर्मचारियों के तबादले ऑनलाइन मेरिट आधारित प्रणाली से किए जाएंगे.

हालांकि दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को ऐसी जगह तैनाती मिलेगी जहां चिकित्सा और देखभाल की सुविधा हो. वहीं राज्य के 34 जिलों के 100 आकांक्षी विकासखंडों में अफसरों की संतुलित तैनाती सुनिश्चित की जाएगी. उधर, समूह ‘क’ और ‘ख’ के तबादले विभागीय मंत्री के जरिए मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद ही होंगे.

BIHAR : 2025 के बिहार चुनाव में सबक सिखाएंगे शिक्षक अभ्यर्थी? लाठीचार्ज के बाद फूटा गुस्सा

0

बीपीएससी टीआरई-3 के शिक्षक अभ्यर्थियों की मांग है कि सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी किया जाए. कई महीनों से वे पटना के गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ.

बिहार में नीतीश सरकार लाखों नौकरी देने का दावा कर रही है. सरकार रोजगार को बड़ा चुनावी मुद्दा भी बनाने की तैयारी में भी है, लेकिन बीपीएससी टीआरई-3 के अभ्यर्थी नाराज हैं. टीआरई-3 के शिक्षक अभ्यर्थी मंगलवार (06 मई, 2025) को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंच गए. उन्होंने विरोध-प्रदर्शन कर टीआरई-3 के सप्लीमेंट्री रिजल्ट की मांग की. मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बल प्रयोग कर मौके से हटा दिया. हालांकि प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं थे.

प्रतिबंधित क्षेत्र होने की वजह से अभ्यर्थियों को प्रदर्शन करने से रोका गया था. हालांकि इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया. इसके बाद शिक्षक अभ्यर्थी आक्रोशित हो गए. उन्होंने गर्दनीबाग पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया. हाथों में बैनर पोस्टर लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जमकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. नाराज अभ्यर्थियों ने विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने की भी चेतावनी दी.

शिक्षक अभ्यर्थियों ने कहा कि रिजल्ट और नियुक्ति नहीं तो एनडीए को वोट नहीं मिलेगा. प्रदर्शनकारियों में महिला और पुरुष अभ्यर्थी भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि बीपीएससी टीआरई-3 में कक्षा एक से 12 तक के लिए लगभग 66 हजार रिजल्ट जारी किया गया था. 10 से 15 हजार अभ्यर्थियों का दो या तीन जगहों पर रिजल्ट आया है. ऐसे अभ्यर्थी केवल एक स्थान पर जॉइन करेंगे. इसलिए उनकी छोड़ी गई सीटों पर अन्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए. उसके लिए जरूरी है कि शिक्षा मंत्री सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी करें.

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलकर बात रखना चाहते थे. पुलिस ने लाठीचार्ज कर मौके से खदेड़ दिया. उन्होंने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए. शिक्षक अभ्यर्थियों ने कहा कि नौकरी मांगने पर लाठी मिल रही है. विधानसभा चुनाव में सरकार अंजाम भुगतने को तैयार रहे. रिजल्ट और नौकरी नहीं तो वोट भी नहीं मिलेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के मुद्दे पर सरकार वादा खिलाफी कर रही है. बता दें कुछ दिन पहले भी शिक्षक अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया था.

 

NATIONAL : चपरासी की रुकी हुई सैलरी के बदले क्लर्क ले रहा था 10 हजार की रिश्वत, ACB ने रंगे हाथों दबोचा

0

रायगढ़ में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत एम.एफ. फारूकी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने दस हजार रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. आरोपी ने 2 लाख की रुकी हुई सैलरी जारी करने के लिए 20,000 की रिश्वत मांगी थी जिसकी दूसरी किस्त लेते हुए वो पकड़ा गया. स्कूल चपरासी की रुकी हुई सैलरी के बदले क्लर्क ने पैसों की मांग की थी.

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत एक क्लर्क को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को 10,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी क्लर्क पर एक संविदा कर्मचारी का रुका हुआ वेतन जारी करने के बदले में रिश्वत मांगने का आरोप है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक ACB अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी एम.एफ. फारूकी, रायगढ़ जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत है. उसने शिकायतकर्ता से 2 लाख की रुकी हुई सैलरी जारी करने के लिए 20,000 की रिश्वत मांगी थी.

शिकायतकर्ता एक चपरासी है, जो साल 2008 से हालाहुली गांव के एक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत है. अक्टूबर 2014 से अप्रैल 2017 तक का उसका वेतन किसी कारणवश रोक दिया गया था.इसके बाद शिकायतकर्ता ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें कोर्ट ने उसके पक्ष में फैसला दिया और लंबित वेतन जारी करने का आदेश दिया. ACB अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पहले ही फारूकी को 5,000 दे चुका था. शेष 15,000 में से 10,000 की दूसरी किस्त देने के लिए जब वह सोमवार को गया, तो ACB की टीम ने जाल बिछाकर फारूकी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी फारूकी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. ACB की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में कार्यरत अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है.

- Advertisement -

News of the Day