Thursday, July 2, 2026
Home Blog Page 731

NATIONAL : चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर, छह दिन में 1.89 लाख ने किए दर्शन

0

तीर्थयात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. 30 अप्रैल 2025 से आरंभ हुई इस यात्रा के तहत अब तक 1,89,212 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं.उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का शुभारंभ होते ही तीर्थयात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. 30 अप्रैल 2025 से आरंभ हुई इस यात्रा के तहत अब तक 1,89,212 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं. तीर्थों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में भगवान के दर्शनों के लिए उत्तराखंड की ओर रुख कर रहे हैं.

अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अब तक सबसे अधिक 79,699 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम में दर्शन किए हैं. यमुनोत्री धाम में 48,194, गंगोत्री में 37,739 और बदरीनाथ धाम में 23,580 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं. यात्रा को लेकर न केवल देशभर से श्रद्धालु उमड़ रहे हैं, बल्कि सरकार और स्थानीय प्रशासन भी इसे सुचारू और सुरक्षित बनाने में जुटा है.

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के चलते स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए तीर्थयात्रियों को चाहिए कि वे यात्रा पर आने से पूर्व डॉक्टर की सलाह लें और आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों के साथ यात्रा करें. साथ ही, उन्होंने कहा कि तीर्थयात्री अपने साथ पहचान पत्र और यात्रा अनुमति जैसे आवश्यक दस्तावेज रखना न भूलें.

मंत्री ने ‘अतिथि देवो भव:’ की परंपरा को निभाने की भी अपील की. उन्होंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार में कोई कमी न छोड़ी जाए. उन्होंने बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के उपलक्ष्य में देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं.

यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में कितनी उत्सुकता है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 24.38 लाख लोगों ने अब तक अपना पंजीकरण करा लिया है. यह संख्या हर दिन तेजी से बढ़ रही है.साथ ही, गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) द्वारा फरवरी 2025 से शुरू की गई ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग के तहत अब तक 11.84 करोड़ रुपये से अधिक की बुकिंग हो चुकी है. इससे यात्रा से जुड़े पर्यटन व्यवसाय को भी काफी बढ़ावा मिल रहा है.

यहां बता दें कि चारधाम यात्रा न केवल श्रद्धा का केंद्र है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक भी है. सरकार की अपील और व्यवस्थाओं के साथ तीर्थयात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने की कोशिशें जारी हैं.

 

ENTERTAINMENT : जब माधुरी दीक्षित को अमिताभ बच्चन के सामने उतारना था अपना ब्लाउज, फिर हुआ था कुछ ऐसा…

माधुरी दीक्षित 90 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस हैं. वो अमिताभ बच्चन के साथ एक फिल्म में काम करने वाली थीं मगर उन्हें शूटिंग के पहले दिन ही बाहर कर दिया गया था.

बॉलीवुड फिल्मों में आज के समय में इंटीमेट सीन्स होना आम हो गया है. हर किसी में एक सीन तो देखने को मिल ही जाता है. कई बार इस तरह के सीन्स करने में एक्टर्स अनकम्फर्टेबिल हो जाते हैं. वो उस सीन को करने से मना कर देते हैं. जिसकी वजह कई बार एक्टर्स और डायरेक्टर के बीच अनबन भी हो जाती है. एक बार ऐसा ही कुछ माधुरी दीक्षित के साथ हुआ था. उन्हें एक डायरेक्टर ने अमिताभ बच्चन के सामने ब्लाउज उतारने के लिए कहा था. जिसे एक्ट्रेस ने मना कर दिया था.

माधुरी दीक्षित और अमिताभ बच्चन फिल्म शनाख्त में काम करने वाले थे. इस फिल्म के शूट के पहले ही दिन कुछ ऐसा हो गया था कि माधुरी को फिल्म से बाहर कर दिया गया था. साथ ही एक्ट्रेस से डायरेक्टर बहुत नाराज हो गए थे.

टीनू आनंद ने रेडियो नशा को दिए इंटरव्यू में फिल्म शनाख्त के बारे में बात की. उन्होंने माधुरी से जुड़ा किस्सा सुनाया था. टीनू ने बताया था कि ‘एक सीन था जिसमें अमिताभ बच्चन को चेन से बांधा गया था. वो माधुरी को बचाने के लिए आते हैं,. मगर गुंडे उन्हें पकड़ लेते हैं. उसके बाद सीन में माधुरी को गुंडो को सामने आना होता है और कहना था कि चेन से बंधे शख्स पर अटैक क्यों कर रहे हो जब महिला सामने है.’

टीनू ने आगे बताया कि टउन्होंने माधुरी को फिल्म साइन करते समय ही बता दिया था कि एक सीन ऐसा होगा जिसमें उन्हें अपना ब्लाउज उतारना है. हम आपको ब्रा में दिखाएंगे. आपको किसी घास से कवर भी नहीं किया जाएगा क्योंकि आप अपने पार्टनर को बचाने के लिए खुद को ऑफर कर रही हो. पहले तो माधुरी सीन करने के लिए मान गई थीं मगर सीन शूट के दौरान उन्होंने मना कर दिया था. ये सीन पहले दिन शूट होना था. माधुरी ने इसे करने से मना कर दिया. जब मैंने माधुरी से पूछा कया हुआ तो उन्होंने कहा कि ये सीन नहीं करना है. मैंने कहा- सॉरी आपको करना होगा. उन्होंने मना कर दिया. उसके बाद मैंने कहा- पैकअप करो फिल्म को छोड़ दो मैं शूटिंग कैंसिल कर रहा हूं.’

उस समय अमिताभ बच्चन ने इस सिचुएशन को संभाला. उन्होंने टीनू आनंद को शांत कराया. उसके बाद टीनू की सेक्रेटरी आई और उन्होंने कहा माधुरी इस सीन को करने के लिए तैयार हैं.

NATIONAL : सोनीपत में दीवार को लेकर भिड़े दो गुट… बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

0

हरियाणा के सोनीपत में दीवार को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया. इस दौरान झगड़े में बुजुर्ग पर हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई. परिजनों ने इस घटना को हत्या का मामला बताया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है.

हरियाणा के सोनीपत में रविवार की देर शाम दो गुटों के बीच दीवार को लेकर विवाद हो गया. इसमें एक 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. मृतक की पहचान फेरू के रूप में हुई है. परिजनों ने पड़ोस के युवक और उसके परिजनों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है.

जानकारी के अनुसार, मुरथल निवासी फेरू का पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ मकान की साझी दीवार को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था. परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी इस दीवार को लेकर कहासुनी और तनातनी हो चुकी थी.रविवार की देर शाम एक बार फिर विवाद हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई. फेरू के भतीजे ने बताया कि पड़ोस के युवक व उसके परिजनों ने झगड़े के दौरान बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए. उन्हें आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या का मामला है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दी गई थी और दीवार को लेकर पड़ोसियों में गहरा विवाद था.

मामले की जानकारी मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. जांच अधिकारी एसआई बृजपाल सिंह ने बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन फिलहाल मृतक के शरीर पर किसी गंभीर बाहरी चोट का निशान नहीं मिला है. पुलिस जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ENTERTAINMENT : 16 साल बड़े शम्मी कपूर से प्यार करना मुमताज को पड़ा था भारी, राज कपूर ने फिल्म से कर दिया था बाहर

मुमताज ने अपनी लव लाइफ को लेकर बात की. मुमताज ने बताया कि उनका शम्मी कपूर संग अफेयर था. वो शम्मी कपूर को पसंद करती थीं.दिग्गज एक्ट्रेस मुमताज प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को लेकर काफी चर्चा में रही हैं. मुमताज एक्टर शम्मी कपूर के प्यार में थीं. शम्मी कपूर मुमताज से 16 साल बड़े थे. हालांकि, मुमताज को प्यार में उम्र से कोई फर्क नहीं पड़ता है. कुछ दिनों पहले दिए एक इंटरव्यू में मुमताज ने शम्मी कपूर संग अफेयर को लेकर बात की.

विक्की ललवानी संग बातचीत में मुमताज ने कहा, ‘उम्र का प्यार से कोई लेना-देना नहीं था. हम दोनों एक-दूसरे से अट्रैक्टेड थे. शम्मी कपूर हैंडसम शख्स थे. मैं उन्हें पसंद करती थी. इसमें छुपाने वाली क्या बात है. मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है. हमारे बीच 16-17 साल का गैप था, मैं इसकी परवाह नहीं करती हूं. मैं उनसे शादी करना चाहती थी लेकिन नहीं हुआ. जिससे शम्मी ने शादी की वो बहुत अच्छी थीं. पापाजी (राज कपूर) उस वक्त बहुत स्ट्रिक्ट थे. ये नियम था कि कपूर खानदान की बहू वो काम नहीं करेगी.’

आगे मुमताज ने कहा, ‘इसकी वजह से मैंने मेरा नाम जोकर खो दी थी. राज जी ने कहा कि जो रोल मैं करने वाली थी उसमें छोटे कपड़े पहनने थे. राज कपूर ने कहा कि अगर तुम्हारी शादी मेरे परिवार में हुई तो क्या होगा. मैं तुम्हे ये रोल नहीं दे सकता हूं. तो मैंने कहा कि आप शम्मी जी से पूछ लीजिए हमारी शादी नहीं हो रही है. हमारा ब्रेकअप हो गया है. लेकिन उन्होंने कहा कि नहीं अगर हो गया तो…कोई नहीं मेरी किस्मत में नहीं था. तो फिल्म नहीं मिली. मेरी किस्मत में नहीं था कि मैं राज जी के साथ काम करूं.’

NATIONAL : पेंच टाइगर रिजर्व में मृत बाघ के अंग काटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

0

पेंच टाइगर रिजर्व में एक मृत बाघ का शव मिला, जिसके चारों पंजे और तीन केनाइन दांत काट लिए गए थे. वन विभाग ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व अंतर्गत रूखड़ बफर परिक्षेत्र की पूर्व कुरई बीट में 26 अप्रैल 2025 को गश्ती दल को एक मृत बाघ का शव मिला था. वरिष्ठ वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी की टीम द्वारा जांच में यह सामने आया कि बाघ की मृत्यु संभवतः प्राकृतिक कारणों से हुई थी, लेकिन इसके बाद अज्ञात व्यक्तियों ने शव से चारों पंजे और तीन केनाइन दांत काट लिए थे.

वन विभाग ने इस गंभीर वन्य अपराध पर सख्ती दिखाते हुए मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. साथ ही क्षेत्र संचालक द्वारा आरोपियों की जानकारी देने पर 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई. रूखड़ बफर परिक्षेत्र अधिकारी शुभम बड़ोनिया के नेतृत्व में गठित विशेष दल को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है.

गिरफ्तार आरोपियों में झाम सिंह, राज कुमार, छवि लाल, रत्नेश और मनीष (सभी निवासी ग्राम सावंगी) शामिल हैं. इनके कब्जे से मृत बाघ के शरीर से काटे गए अवयव बरामद किए गए हैं. 3 मई को सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर फॉरेस्ट रिमांड पर लिया गया है.

पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश सिंह ने कहा, ”पोस्टमार्टम के दौरान किसी भी प्रकार के जहर खुरानी, करंट या गोली लगने के साक्ष्य शरीर पर नहीं पाए गए. प्रथम दृश्टया प्रतीत होता है कि बाघिन की मृत्यु प्राकृतिक रूप से हुई होगी, लेकिन मृत बाघिन के शव को देखकर वन क्षेत्र में प्रवेश करने वाले कतिपय व्यक्तियों ने उसके चारों पंजे कुल्हाड़ी या अन्य धारदार हथियार से काट लिए और तीन केनाइन दांत भी उखाड़ लिए. आरोपियों के बारे में अगर किसी को जानकारी मिलती है तो वह तत्काल सूचना दें.”

NATIONAL : विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी को ट्रोल किए जाने पर दीपेंद्र हुड्डा का बड़ा बयान, ‘आतंकियों ने सुहाग छीन लिया और ये…’

0

पहलगाम हमले में मारे गए विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किए जाने को लेकर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से एक्शन की मांग की है.

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी नरवाल को एक बयान की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है. इस मामले पर कांग्रस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि ‘पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी को अब नफरती तत्त्वों की ओर से शांति/मानवता की बात करने मात्र से निशाना बनाया जा रहा है.’दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आगे लिखा, “आतंकियों ने उनका सुहाग छीन लिया और ये नफरती शहीद परिवार की गरिमा छीनना चाहते हैं.” उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए उनसे इस मामले पर एक्शन की मांग की है.

दूसरी तरफ राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने विनय नरवाल की पत्नी हिमांशी को अपना समर्थन देते हुए कहा है कि किसी महिला को उसकी वैचारिक अभिव्यक्ति या निजी जीवन के आधार पर ट्रोल करना सही नहीं है. हिमांशी ने 22 अप्रैल को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम के पास हुए आतंकवादी हमले के बाद लोगों से मुसलमानों और कश्मीरियों को निशाना नहीं बनाने को कहा था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे.

हिमांशी ने कहा था, “हम नहीं चाहते कि लोग मुसलमानों और कश्मीरियों के पीछे पड़ें.” इस बयान के बाद मारे गए सेना अधिकारी की पत्नी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रोल किया गया था. एक्स पर पोस्ट किए गए एक बयान में एनसीडब्ल्यू ने ऑनलाइन ट्रोलिंग की निंदा की, जिसका हिमांशी को सामना उन्हें करना पड़ा.

एनसीडब्ल्यू ने लिखा, “आयोग ने माना कि भले ही उनकी टिप्पणियों ने कई लोगों को प्रभावित न किया हो, लेकिन असहमति व्यक्त करना संवैधानिक सीमाओं और नागरिक विमर्श के भीतर रहना चाहिए.” आयोग ने नागरिकों को यह भी याद दिलाया कि हर महिला की गरिमा और सम्मान मूल्यवान है, और राष्ट्रीय शोक के समय में भी रचनात्मक और सम्मानजनक अभिव्यक्ति का आह्वान किया.

एनसीडब्ल्यू ने कहा कि देश इस आतंकी कृत्य से आहत और गुस्से में है, लेकिन हिमांशी नरवाल को निशाना बनाने में संयम बरतने का आग्रह किया. पहलगाम हमले के दौरान विनय नरवाल से उनके धर्म के बारे में पूछे जाने पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, इस घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया था.

 

NATIONAL : दिल्ली के तैमूर नगर में 100 घरों पर बुलडोजर एक्शन, मौके पर पहुंचे BJP नेता ने क्या कहा?

0

दिल्ली के तैमूर नगर में 100 घरों पर बुल्डोजर एक्शन जारी है. कोर्ट के आदेश के बाद ये कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी के नेता मनीष चौधरी ने आपत्ति जताई है.

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तैमूर नगर इलाके में नाले के ऊपर बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासन ने सोमवार (5 मई) को सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की. यहां करीब 100 अवैध ढांचों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से करीब 85 मकानों को आज तोड़ा गया.

कार्रवाई के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात की गई. 12 बुलडोजर लगातार काम में लगे रहे. सुरक्षा के लिहाज से इलाके को बैरिकेड से घेर दिया गया और स्थानीय लोगों को अंदर जाने से रोका गया.तैमूर नगर के लोगों ने आरोप लगाया कि जिन घरों को तोड़ने के लिए पहले चिन्हित किया गया था, उससे ज्यादा मकानों के हिस्से को तोड़ा गया है. लोगों का कहना है कि उन्हें अपना सामान निकालने का पूरा समय नहीं दिया गया, जिससे उनका सामान मलबे में दब गया और भारी नुकसान हुआ.

घटनास्थल पर दिल्ली बीजेपी के ओबीसी मोर्चा के महामंत्री मनीष चौधरी भी पहुंचे. उन्होंने कोर्ट के आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह इस कार्रवाई के खिलाफ है और लोगों के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट की बनाई गई STF टीम ने जिन मकानों को अवैध बताया, उसी के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है.ओखाली सीट से बीजेपी के उम्मीदवार रहे मनीष चौधरी ने कहा कि अगर नाले को चौड़ा करना जरूरी है, तो तैमूर नगर के साथ-साथ महारानी बाग में भी ऐसा होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि महारानी बाग में नाले को सिर्फ 9 मीटर चौड़ा किया जा रहा है, जबकि तैमूर नगर में 27 मीटर किया जा रहा है.

प्रभावित लोग मांग कर रहे हैं कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए और जहां झुग्गी, वहीं मकान योजना के तहत फ्लैट उसी जगह पर दिए जाएं.बीजेपी नेता मनीष चौधरी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री का बयान है कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के तहत हो रही है. सरकार लोगों को बसाने में विश्वास रखती है, उजाड़ने में नहीं.

 

ENTERTAINMENT : ‘वो जमीन पर लेटकर रोने लगा’, जब Ajay Devgn को फिल्म की स्क्रिप्ट सुनाते हुए इमोशनल हो गया डायरेक्टर

अजय देवगन ने एक बार बताया था कि फिल्म डायरेक्टर मूवी के नरेशन के वक्त इमोशनल हो गए थे. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

एक्टर अजय देवगन इंडस्ट्री के बड़े स्टार हैं. वो 3 दशकों से फैंस को एंटरटेन कर रहे हैं. अजय ने एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं. उन्होंने कई बड़े फिल्म मेकर के साथ भी काम किया है. एक बार अजय देवगन ने फिल्म डायरेक्टर से जुड़ा किस्सा सुनाया था. अजय ने बताया था फिल्म नरेशन के वक्त डायरेक्टर इमोशनल हो गए थे.

2023 में द कपिल शर्मा शो में अजय देवगन ने बताया एक फनी मोमेंट शेयर किया था. बिना डायरेक्टर का नाम बताते हुए अजय ने कहा था, ‘कई बार तो बहुत हंसी रोकनी पड़ती है. मैं डायरेक्टर का नाम नहीं लूंगा. वो फिल्म मैंने की भी नहीं थी. उसने आके स्क्रिप्ट सुनानी शुरू की तो इमोशनल सीन आया. वो जमीन पे लेट के रोने लग गया. सॉन्ग सीक्वेंस सुनाते हुए वो एक्टिंग करने लगा और कैरेक्टर की तरह पोज देने लगा.’

बता दें कि अजय देवगन इन दिनों फिल्म रेड 2 में नजर आ रहे हैं. ये फिल्म थिएटर में लगी है. फिल्म में रितेश देशमुख, वाणी कपूर जैसे स्टार्स हैं. तमन्ना भाटिया ने फिल्म में आइटम सॉन्ग भी किया है. तमन्ना भाटिया के डांस को फैंस ने काफी पसंद किया. अजय की फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म ने 70 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है.

अजय की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो उनके हाथ में कई सारी फिल्में हैं. वो मां, सन ऑफ सरदार 2, दे दे प्यार दे 2, रेंजर और धमाल 4 में नजर आएंगे. फिल्म मां में वो प्रोड्यूसर हैं. वहीं सन ऑफ सरदार में भी वो प्रोड्यूसर हैं. फिल्म की शूटिंग पूरी हो गई है. धमाल 4 को भी अजय देवगन प्रोड्यूसर कर रहे हैं.

 

UP : महंगी किताबें खरीदवाना पड़ा भारी, यूपी के इन 33 स्कूलों पर लगा 1-1 लाख रुपये का जुर्माना

0

उत्तर प्रदेश में 33 स्कूलों पर 1-1 लाख रुपये जुर्माना लगा है. उन पर आरोप था कि बच्चों से महंगी किताबें खरीदवाई गईं. जबकि नियम NCERT कि किताबें पढ़ाने का था. उत्तर प्रदेश स्थित संभल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) और इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) बोर्ड से संबद्ध 33 स्कूलों पर 1-1 लाख रुपये जुर्माना लगा है. इन स्कूलों पर आरोप था कि इन्होंने बच्चों से महंगी किताबें खरीदवाई. जबकि नियम था कि बच्चों की पढ़ाई राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) की किताबों के जरिए हो.

संभल में जिला मजिस्ट्रेट के दफ्तर से जारी आदेश में कहा गया है – जनपद संभल के समस्त सीबीएसई तथा आईसीएसई विद्यालयों में संचालित पाठ्यपुस्तकों की जांच कराने हेतु अधिकारी नियुक्त किए गए थे. जांच अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत जांच आख्या पर जिला शुल्क नियामक समिति द्वारा गहनता से परीक्षण किया गया.

MP : रेस्टोरेंट में टेबल न मिलने पर बौखलाए MP सरकार के मंत्री, रात में ही फूड सेफ्टी टीम बुलाकर कराई सैंपलिंग

0

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के छोटे पुत्र के रिशेप्शन में शामिल होने ग्वालियर आए थे. रविवार रात वे परिवार सहित क्वालिटी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे. रविवार कोभीड़भाड़ के कारण रेस्टोरेंट में सभी टेबल बुक थीं, जिसके चलते मंत्री को इंतजार करना पड़ा.

मध्य प्रदेश के लोक स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के ग्वालियर के क्वालिटी रेस्टोरेंट में टेबल न मिलने पर हंगामा खड़ा कर दिया. रविवार रात सिटी सेंटर इलाके स्थित इस रेस्टोरेंट में हुए इस घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो गया है, जिसमें मंत्री के पीएसओ को स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की करते देखा गया. मंत्री ने फूड सेफ्टी टीम बुलाकर रात में ही सैंपलिंग करवाई, जिसके बाद रेस्टोरेंट मालिक को पुलिस ने हिरासत में लिया. हालांकि, व्यापारियों के विरोध के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.

मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के छोटे पुत्र के रिशेप्शन में शामिल होने ग्वालियर आए थे. रविवार रात वे परिवार सहित क्वालिटी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे. रविवार कोभीड़भाड़ के कारण रेस्टोरेंट में सभी टेबल बुक थीं, जिसके चलते मंत्री को इंतजार करना पड़ा. रेस्टोरेंट स्टाफ ने बताया कि दो फूड सेफ्टी अधिकारियों लोकेंद्र सिंह और बुंदेला ने अलग-अलग 5 और 10 लोगों के लिए टेबल बुक की थी. स्टाफ ने जब पूछा कि बुकिंग किसके नाम से है, तो मंत्री भड़क गए.

इसके बाद मंत्री और उनके पीएसओ ने रेस्टोरेंट के किचन में प्रवेश कर स्टाफ के साथ तीखी बहस की. मंत्री ने तत्काल फूड सेफ्टी टीम को बुलाकर सैंपलिंग शुरू करवा दी, जो रात 11:15 बजे तक चली. एक तेल का सैंपल तत्काल जांच में फेल भी हुआ. इस दौरान पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक कमल अरोरा को हिरासत में लिया, लेकिन चेंबर ऑफ कॉमर्स और व्यापारियों के विरोध के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.

फोन पर बात करते हुए मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा, “यह रूटीन चेकिंग थी. मैं जहां जाता हूं, अपने विभाग से जुड़े कार्यालयों और प्रतिष्ठानों की जांच करता हूं. रेस्टोरेंट में कुछ सैंपल उसी समय फेल हो गए, जिसके बाद स्टाफ ने बदतमीजी शुरू कर दी. हैरानी की बात है कि अगर स्टाफ एक मंत्री के साथ ऐसा व्यवहार कर सकता है, तो आम अधिकारियों और कर्मचारियों पर कितना दबाव बनाता होगा.”

प्रदेश की मोहन यादव सरकार के मंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने ग्वालियर में अन्य जगहों पर भी जांच की थी और एक दिन पहले भिंड से ग्वालियर आ रही एक एंबुलेंस को यात्रियों को ढोते पकड़कर थाने में खड़ा करवाया था.

मंत्री ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “मेरे खिलाफ जबरदस्ती गलत बातें फैलाई जा रही हैं. मैंने अपने सामने जांच करवाई. अगर कोई गलत काम करता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा.” उन्होंने यह भी कहा कि रेस्टोरेंट द्वारा उन पर नशे में होने का आरोप गलत है और सैंपल फेल होने का वीडियो भी वायरल किया जाना चाहिए.

प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ‘X’ पर इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लिखा, “प्रदेश का किसान खाद के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहता है, पर सरकार को फर्क नहीं पड़ता. लेकिन जब एक मंत्री को होटल में टेबल नहीं मिली, तो पूरा प्रशासन दौड़ पड़ा. होटल संचालक से मारपीट की गई, फूड सेफ्टी अफसर तक बुला लिए गए. क्या यही है ‘जन सेवा’? अीजेपी सरकार के मंत्री सत्ता के नशे में इतने चूर हैं कि उन्हें जनता की समस्याएं नजर नहीं आतीं.”

मध्य प्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल ने घटना की निंदा की और कहा, “यह गलत है. हम इसकी शिकायत करेंगे और मंत्री को बर्खास्त करने की मांग करेंगे.” रेस्टोरेंट मालिक और स्टाफ ने भी आरोप लगाया कि मंत्री ने बदतमीजी की और उनके साथ धक्का-मुक्की हुई.

 

- Advertisement -

News of the Day