Friday, July 3, 2026
Home Blog Page 737

NATIONAL : भारत ने बगलिहार बांध से रोका चिनाब नदी का पानी, पाकिस्तान से तनाव के बीच एक और कड़ा फैसला

0

भारत ने पाकिस्तान के साथ 1965, 1971 और 1999 की जंग के बाद भी सिंधु जल समझौते को सस्पेंड नहीं किया था. लेकिन इस बार पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए सरकार ने इस संधि को रोक दिया है, जिससे पड़ोसी मुल्क की हालत खराब हो गई है.

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ 65 साल से चले आ रहे सिंधु जल समझौते को सस्पेंड कर दिया है. इसे कूटनीतिक तौर पर पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए भारत की ओर से उठाया गया सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है. अब जानकारी के मुताबिक भारत ने चिनाब नदी पर बगलिहार बांध से पाकिस्तान को जाने वाले पानी का प्रवाह रोक दिया है और झेलम नदी पर किशनगंगा बांध पर भी इसी तरह का कदम उठाने की प्लानिंग चल रही है.

एक सूत्र ने बताया कि जम्मू के रामबन में बगलिहार और उत्तरी कश्मीर में किशनगंगा हाइड्रो पावर डैम के जरिए भारत अपनी तरफ से पानी छोड़ने के टाइम को रेगुलेट कर सकता है. यानी इन बांधों के जरिए पाकिस्तान को पहुंचने वाले पानी को बिना किसी पूर्व चेतावनी के कम किया जा सकता है और फ्लो को बढ़ाया भी जा सकता है. भारत ने दशकों पुराने इस समझौते को पहलगाम आतंकी हमले के बाद सस्पेंड कर दिया था.

वर्ल्ड बैंक की मध्यस्थता में भारत-पाकिस्तान के बीच 1960 में सिंधु जल समझौता किया गया था. इसके तहत सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के पानी को दोनों देशों के बीच बांटने का फैसला हुआ था. चिनाब नदी पर बना बगलिहार बांध भी दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से विवाद का मुद्दा रहा है और पाकिस्तान ने पूर्व में विश्व बैंक से इस मामले में मध्यस्थता की मांग की थी. इसी तरह किशनगंगा बांध को भी कानूनी और कूटनीतिक जांच का सामना करना पड़ा है.

समझौते के तहत पाकिस्तान को सिंधु सिस्टम की पश्चिमी नदियों (सिंधु, चिनाब और झेलम) पर कंट्रोल दिया गया है. पाकिस्तान सिंधु नदी सिस्टम के करीब 93% पानी का इस्तेमाल सिंचाई और बिजली उत्पादन के लिए करता है और पड़ोसी देश की करीब 80% कृषि भूमि इसके पानी पर निर्भर करती है. पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था में कृषि का अहम योगदान है. यही वजह है कि समझौता स्थगित होने के बाद पाकिस्तान लगातार जंग की धमकी दे रहा है.

सिंधु जल संधि स्थगित होने के बाद कराची की रिसर्च फर्म पाकिस्तान एग्रीकल्चर रिसर्च के घशारिब शौकत ने कहा कि भारत की कार्रवाई अनिश्चितता पैदा करती है. उन्होंने कहा कि इस वक्त हमारे पास कोई विकल्प नहीं है. संधि में शामिल नदियां न सिर्फ फसलों, बल्कि शहरों, बिजली उत्पादन और लाखों लोगों की रोजी-रोटी में भी अहम भूमिका निभाती हैं.

पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने तो समझौता स्थगित होने के बाद कहा था, ‘सिंधु नदी में या तो हमारा पानी बहेगा, या उनका खून बहेगा.’ इस बयान पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. यही नहीं पाकिस्तानी राजनेताओं ने समझौता स्थगित करने के फैसले को सीधे तौर पर जंग का ऐलान माना था. सिंधु नदी पाकिस्तान के लिए खासी अहमियत रखती है और समझौते स्थगित होने के बाद वहां के नेताओं की बौखलाहट इस बात की गवाही दे रही है.

NATIONAL : राहुल गांधी पर भड़के शंकराचार्य अविमुक्‍तेश्वरानंद, कांग्रेस नेता को हिंदू धर्म से बहिष्‍कृत करने का किया ऐलान

0

ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बड़ा बयान देते हुए राहुल गांधी को हिंदू धर्म से बहिष्कृत करने की सार्वजनिक घोषणा की है. शंकराचार्य ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संसद में मनुस्मृति के बारे में दिए बयान से सनातन धर्मी आहत हैं.

ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी अब हिंदू धर्म का हिस्सा नहीं हैं. उन्होंने उन्हें हिंदू धर्म से सार्वजनिक रूप से बहिष्कृत करने की घोषणा की है.

बद्रीनाथ स्थित शंकराचार्य आश्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में मनुस्मृति के संदर्भ में जो बयान दिया, उससे संपूर्ण सनातन धर्मावलंबी आहत हैं. शंकराचार्य ने कहा कि राहुल गांधी संसद में कहते हैं बलात्कारी को बचाने का फॉर्मूला संविधान में नहीं आपकी किताब यानी कि मनुस्मृति में लिखा है.

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को तीन माह पूर्व एक नोटिस भेजा गया था, जिसमें उनसे यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि उन्होंने मनुस्मृति में जो बात कही है, वह कहां लिखी हैं? लेकिन इतने समय के बाद भी न तो राहुल गांधी ने कोई जवाब दिया और न ही माफी मांगी.शंकराचार्य ने कहा, “जब कोई व्यक्ति लगातार हिंदू धर्मग्रंथों का अपमान करता है और स्पष्टीकरण देने से बचता है, तो उसे हिंदू धर्म में स्थान नहीं दिया जा सकता.” उन्होंने स्पष्ट किया कि अब राहुल गांधी का मंदिरों में विरोध होना चाहिए और पुजारियों से अपील की कि वे उनकी पूजा न करें क्योंकि वे अब स्वयं को हिंदू कहने के अधिकारी नहीं हैं.

शंकराचार्य के इस बयान से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है. राहुल गांधी पहले भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रह चुके हैं, लेकिन यह पहली बार है जब उन्हें किसी धार्मिक संस्था द्वारा सार्वजनिक बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा है.

ENTERTAINMENT : सलमान खान के सपोर्ट में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, ‘सिकंदर’ के खराब कलेक्शन पर बोले- भाई पर उंगली उठाना गलत…

एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सलमान खान के साथ कई बड़ी फिल्मों में काम किया है. हाल ही में एक्टर ने सुपरस्टार की फ्लॉप फिल्मों का बचाव करते हुए उनकी फिल्म के मेकर्स पर सवाल उठाए हैं. उनका मानना है कि सिर्फ सलमान खान पर उंगली उठाना गलत है.

सलमान खान पिछले काफी समय से बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल कर रहे हैं. उनकी फिल्में फैंस को लगातार निराश कर रही हैं. हाल ही में आई उनकी फिल्म ‘सिंकदर’ फ्लॉप साबित हुई. इस फिल्म के फ्लॉप होने का जिम्मा भी सलमान पर डाला गया. कई लोग सुपरस्टार को सही स्क्रिप्ट चुनने की नसीहत देते नजर आए थे. अब एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने सलमान खान की फिल्म ‘सिंकदर’ के खराब बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर अपनी राय दी है.

सलमान के को-स्टार रहे नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अब उनका बचाव किया है. हाल ही में लल्लनटॉप को दिए एक इंटरव्यू के दौरान एक्टर ने सुपरस्टार की फ्लॉप फिल्मों पर अपनी बात सामने रखी. उनका मानना है कि सिर्फ सलमान खान पर उंगली उठाना गलत होगा. उनकी फिल्म के फ्लॉप होने के जिम्मेदार मेकर्स भी हैं.

नवाज से पूछा गया कि क्या सलमान खान को अब बेहतर स्क्रिप्ट चुनने की जरूरत है? तो इसपर एक्टर ने कहा, ‘नहीं मुझे ऐसा नहीं लगता. ठीक है, मैं मानता हूं कि उनकी एक फिल्म ऐसी निकल आई. वो सुपरस्टार हैं, उन्होंने बहुत सारी फिल्में ऐसी की हैं जो उतनी खास नहीं थीं. लेकिन क्योंकि वो सलमान खान की फिल्म थी इसलिए वो फिल्में बड़ी-बड़ी हिट भी हुई हैं. मैंने सिकंदर नहीं देखी इसलिए मुझे नहीं पता कि उस फिल्म में क्या रहा होगा. मगर एक सुपरस्टार की खूबी यही होती है कि वो एक साधारण सी फिल्म को भी इतना बड़ा बना देते हैं. भले ही उस फिल्म में कुछ मजे वाली बात ना हो.’

‘अगर मैं सिर्फ सलमान भाई की ही बात करूं, तो अगर उन्होंने फिल्म करने के लिए हां कह दी. तब डायरेक्टर और मेकर्स की जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ जाती है. क्योंकि वो आपके लिए अपने फैंस एक प्लेट पर लाकर दे रहे हैं. सिर्फ भाई पर ही उंगली नहीं उठानी चाहिए, जो फिल्म के मेकर्स हैं उन्हें भी काम करना चाहिए. उन्हें सलमान खान मिल गए हैं, तो अब उन्हें समझना पड़ेगा कि उनकी फिल्म को और बेहतर बनाना है.’

नवाज ने आगे सलमान खान के स्टारडम पर कहा, ‘सुपरस्टार की खासियत यही होती है कि वो एक सिंपल सी दिखने वाली फिल्म को भी बहुत बड़ा बना देते हैं. वो आपकी फिल्म के लिए सबकुछ लाकर दे रहे हैं जैसे फैंस, उनका सेलिब्रेशन, मैडनेस. लोग उन्हें ही देखने थिएटर्स आते हैं. लेकिन अगर मेकर्स स्क्रिप्ट पर काम नहीं करेंगे, तो सारा इल्जाम हम सुपरस्टार पर नहीं डाल सकते. फिल्म एक अकेला आदमी नहीं बनाता है, सभी के साथ बनाई जाती है.’

बात करें नवाजुद्दीन सिद्दीकी और सलमान खान की, तो दोनों ‘किक’ और ‘बजरंगी भाईजान’ जैसी सुपरहिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. नवाज की पॉपुलैरिटी भी इन फिल्मों से और ज्यादा बढ़ी है. सलमान संग उनकी जोड़ी बड़े पर्दे पर सक्सेसफुल रही है. नवाजुद्दीन भी इन दिनों कई शानदार प्रोजेक्ट्स में काम कर रहे हैं. वो बहुत जल्द मैडॉक फिल्म्स की ‘हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्सी’ की फिल्म ‘थामा’ में आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और परेश रावल के साथ नजर आने वाले हैं.

NATIONAL : आईएससी 12वीं में IAS के बेटे ने प्राप्त किए 99% नंबर, अब अमेरिका में पढ़ेंगे कंप्यूटर साइंस

0

अर्णव पांडे आगे Quantam कंप्यूटिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या किसी तकनीकी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं. उन्होंने ने अमेरिका की छह यूनिवर्सिटी में आवेदन किया था और अब वह कैलिफोर्निया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ साइंस की पढ़ाई करने जा रहे हैं.

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) बोर्ड में उत्तराखंड के IAS अधिकारी के बेटे अर्णव पांडे ने ISC (कक्षा 12वीं) में 99 प्रतिशत नंबर प्राप्त किए हैं. अर्णव पांडे उत्तराखंड सरकार में वरिष्ठ IAS अधिकारी और वर्तमान में सचिव पद पर कार्यरत पंकज कुमार पांडे के बेटे हैं. अर्णव ने बताया कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र एकाग्रता है. उन्होंने यह भी बताया कि परिवार का सहयोग उनकी सफलता की अहम वजह है.

अर्णव पांडे आगे Quantam कंप्यूटिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या किसी तकनीकी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं. उन्होंने ने अमेरिका की छह यूनिवर्सिटी में आवेदन किया था और अब वह कैलिफोर्निया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ साइंस की पढ़ाई करने जा रहे हैं. उनके पिता पंकज पांडे ने कहा कि उन्होंने कभी बच्चों पर दबाव नहीं डाला और आज उन्हें बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व है.

बता दें कि काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) ने 1 मई 2025 को 10वीं (ICSE) और 12वीं (ISC) बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित किए थे. इस बार 10वीं के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 99.09% और 12वीं के विद्यार्थियों का पास प्रतिशत 99.02% रहा है. उत्तराखंड में ICSE परीक्षा में 99.13% छात्र सफल रहे हैं.

बोर्ड परीक्षा में लड़कों के मुकाबले लड़कियों का परफॉर्मेंस बेहतर रहा है. आईसीएसई में लड़कियों ने 99.37% पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 98.84% रहा. वहीं आईएससी में 99.45% लड़कियां पास हुईं, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 98.64% रहा है. बोर्ड परीक्षा का परिणाम आधिकारिक वेबसाइट https://result.cisce.org और https://result.cisce.org पर उपलब्ध है.

ENTERTAINMENT : 40 की उम्र के बाद शादी करके पछताना नहीं चाहते CID एक्टर, बोले- ‘जल्द लव मैरिज होगी’

पार्थ समथान ने हाल ही में अपने वेडिंग प्लान पर बात की है और बताया है कि उनकी फैमिली उनपर शादी के लिए प्रेशर बना रही है. ऐसे में वे जल्द शादी करेंगे. टीवी एक्टर पार्थ समथान ने सीरियल ‘कसौटी जिंदगी के 2’ से खूब शोहरत बटोरी. इन दिनों एक्टर क्राइम शो CID में नजर आ रहे हैं. इस बीच एक्टर ने अपनी शादी को लेकर बड़ा राज खोल दिया है. एक्टर ने बताया है कि वो बहुत जल्द शादी करने वाले हैं. पार्थ ने ये भी बताया है कि वे देर से शादी करके पछताना नहीं चाहते.

ई-टाइम्स को दिए एक हालिया इंटरव्यू में पार्थ समथान ने अपने वेडिंग प्लान पर बात की. उन्होंने कहा- ‘शादी तो करनी ही पड़ेगी जल्दी, क्योंकि मेरा परिवार मुझ पर जल्दी शादी करने का दबाव बना रहा है. किसी तरह से मैं दो-तीन साल से टाल रहा हूं, लेकिन अब मुझे करनी ही पड़ेगी.’

पार्थ ने आगे कहा- ‘मैं अरेंज्ड सेटअप में शादी करने की सिचुएशन में नहीं हूं और इसलिए ये मेरे लिए बिल्कुल एक लव मैरिज होगी. मैंने हमेशा प्यार में विश्वास किया है. मैं बस अपनी जिंदगी में स्थिरता का इंतजार कर रहा हूं. मैंने हाल ही में एक घर खरीदा है और मैं उसमें बिजी हूं. मैंने बहुत से लोगों से मुलाकात की है जो 40 की उम्र के बाद शादी करने का पछतावा करते हैं. मैं ऐसा नहीं चाहता और मुझे लगता है कि कुछ चीजें सही समय पर होनी चाहिए.’

पार्थ समथान को लेकर खबरें थीं कि वे CID में एक शॉर्ट टर्म के लिए ACP आयुष्मान का रोल कर रहे हैं. एक्टर ने इस बारे में कहा- ‘अभी ऐसा तो कुछ है नहीं है. अगर ये सिर्फ एक हफ्ते के लिए होता, तो मैं शो की शूटिंग नहीं कर रहा होता, जो मैं अभी तक कर रहा हूं. मैं लंबे समय के बाद टेलीविजन पर वापस आया हूं और अब तक सब ठीक चल रहा है. टेलीविजन के सबसे मशहूर शो में से एक CID को चुनना एक बड़ी बात है. सबसे अच्छी बात ये है कि मुझे दर्शकों को खुद को या अपने नए शो को बेचने की जरूरत नहीं है क्योंकि वे पहले से ही इसके बारे में बहुत अच्छी तरह से जानते हैं.’

 

NATIONAL : झारखंड के जमशेदपुर में गिरा अस्पताल का गलियारा, 2 लोगों की मौत

0

झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार को सरकारी अस्पताल के गलियारे का एक हिस्सा ढहने से दो लोगों की मौत हो गई. इस घटना का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी संज्ञान लिया है और जांच के आदेश दिए हैं.

झारखंड के जमशेदपुर में शनिवार को सरकारी अस्पताल के गलियारे का एक हिस्सा ढहने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.पुलिस ने बताया कि साकची इलाके में एमजीएम अस्पताल के मेडिसिन विभाग की दूसरी मंजिल पर शाम करीब 4 बजे यह घटना हुई, जिसमें कुल 15 लोग फंस गए. पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त अनन्या मित्तल ने बताया कि देर शाम मलबे से दो शव बरामद किए गए और एक अन्य व्यक्ति के अभी भी अंदर होने की संभावना है.

फिलहाल मलबे में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है. मित्तल ने बताया कि घटनास्थल से पहले बचाए गए 12 लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की गई थी. घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है और उसे 48 घंटे में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.वहीं, इस हादसे का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी संज्ञान लिया है और उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं. इधर, हादसे के शिकार लोगों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि अगर अस्पताल प्रशासन द्वारा समय रहते गलियारे को रिपेयर किया गया होता तो यह घटना नहीं होती.

UP : डेटिंग ऐप पर ट्रेडिंग का झांसा देकर युवक से ठगे 1.10 करोड़, 2 गिरफ्तार

0

डेटिंग ऐप के जरिए एक युवक से 1.10 करोड़ रुपये की ठगी का मामला फरीदाबाद में सामने आया है. महिला ने स्टॉक ट्रेडिंग का झांसा देकर पैसे ठग लिए. पुलिस ने मामले में कानपुर के दो आरोपियों सत्यम और राज कपूर को गिरफ्तार किया है. आरोपी ठगी के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. जांच में अब तक 10 लाख की ट्रांजैक्शन सामने आई है.

फरीदाबाद साइबर पुलिस ने एक बड़ी ठगी का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इन्होंने एक युवक को स्टॉक ट्रेडिंग के नाम पर 1.10 करोड़ रुपये का चूना लगाया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी सत्यम और राज कपूर के रूप में हुई है. दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है.

दरअसल, पीड़ित युवक ने साइबर थाना, सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी एक महिला से डेटिंग ऐप के ज़रिए पहचान हुई थी. बाद में दोनों की बातचीत व्हाट्सएप पर शुरू हो गई. बातचीत के दौरान महिला ने युवक को बताया कि वह स्टॉक मार्केट में अच्छा मुनाफा कमा सकती है और उसे भी इसमें निवेश करना चाहिए.

महिला ने उसे एक मोबाइल एप का लिंक भेजा और उसमें लॉगिन करने को कहा. इसके बाद पीड़ित के खाते से कुल 1 करोड़ 10 लाख 85 हजार 600 रुपये निकाल लिए गए. जब पीड़ित ने पैसे निकालने की बात कही तो उसे 24 लाख रुपये अतिरिक्त जमा करने को कहा गया. उसे तब समझ में आया कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है और वह पुलिस के पास पहुंचा.

पुलिस जांच में सामने आया कि राज कपूर ऐसे बैंक खाते मुहैया कराता था जिनमें ठगी की रकम जमा होती थी. उसने सत्यम का खाता फ्रॉड गैंग को दिया, जिसमें करीब 10 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

 

BIHAR : बिहार में NEET परीक्षा के लिए सेंटर्स पर सख्त निगरानी, 125 परीक्षा केंद्र पर आज पहुंचेंगे 1.19 लाख छात्र

0

परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक चलेगी. अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है. पिछले साल हुई अनियमितताओं के कारण इस बार पूरी तरह अलर्ट है.

बिहार में NEET परीक्षा के लिए सेंटर्स पर सख्त निगरानी, 125 परीक्षा केंद्र पर आज पहुंचेंगे 1.19 लाख छात्र
नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट का आयोजन रविवार को NTA के जरिए पूरे देश भर में किया गया है. 550 शहरों में करीब पांच हजार केंद्रों पर ये परीक्षा होने जा रही है. पेन पेपर मोड में परीक्षा आयोजित की जाएगी. आज परीक्षा एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में है. दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ये परीक्षा ली जाएगी. बिहार में इसके लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं, क्योंकि बिहार प्रशासन पिछले साल हुई अनियमितताओं के कारण इस बार पूरी तरह अलर्ट है.

बिहार में इस बार से 1.19 लाख छात्रों ने नीट यूजी 2025 के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. राज्य के 35 शहरों में 125 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, आरा, गया, भागलपुर, और सहरसा प्रमुख हैं. पिछले साल NEET UG परीक्षा में हुई अनियमितताओं के कारण इस बार परीक्षा एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में आयोजित की जा रही है.

NTA के जरिए NEET UG परीक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें ड्रेस कोड भी शामिल है. पुरुष उम्मीदवारों को हल्के रंग की हाफ स्लीव की शर्ट या टी-शर्ट पहननी होगी. फुल स्लीव, जिपर, बड़े बटन, कढ़ाई या पैच वाली शर्ट, साधारण ट्राउजर या पैंट, जींस, कुर्ता-पायजामा या भारी जेब वाले कपड़े वर्जित हैं. इसके साथ ही पतले तलवों वाले सैंडल या चप्पल, मोटे तलवों वाले जूते या फुटवियर न पहनने की हिदायत दी गई है.

परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक चलेगी. अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है. प्रश्न पत्र 13 भाषाओं (हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, बंगाली आदि) में उपलब्ध है. अंग्रेजी और हिंदी माध्यम के प्रश्न पत्र सफेद रंग के होंगे. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी, मेटल डिटेक्टर और त्रिस्तरीय निगरानी (जिला, राज्य, केंद्र) की व्यवस्था की गई है.

पिछले वर्षों में नकल के मामलों को देखते हुए बिहार के कुछ केंद्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है. इस बार अभ्यर्थियों के लिए समय 20 मिनट बढ़ाया गया है। तीन खंडों में प्रश्न पत्र: प्रश्न पत्र तीन खंडों में होगा। भौतिकी और रसायन विज्ञान के प्रश्न 45-45 अंकों के होंगे, जबकि जीव विज्ञान के प्रश्न 180 अंकों के होंगे.

RAJASTHAN : महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल वालों ने फोन कर कहा था- बेटी बीमार है, देख लो

0

अलवर जिले के रामगढ़ स्थित अलावडा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.

राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ स्थित अलावडा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. चार साल पहले मृतका की शादी हुई थी. उसका पति दिमागी रूप से कमजोर था. इसलिए उसका चाचा परिवार की जमीन हड़पना चाहता था. इसलिए आए दिन महिला के साथ परिवार के लोग मारपीट करते थे. महिला के परिजनों को सूचना मिली कि उनकी बेटी की तबीयत खराब है. परिजन उससे मिलने पहुंचे और अगले ही दिन उनकी बेटी की मौत हो गई. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है.

मृतक विवाहिता सायदा के पिता मन्नू खां निवासी जयसिंहपुर थाना बदौडामेव ने ससुराल पक्ष के लोगों चाचा और ताऊ और उनकी महिलाओं और उनके बेटों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है. पिता ने रामगढ़ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 4 साल पहले उसकी बेटी सायदा की शादी अलावड़ा के अतिमोहम्मद के साथ मुस्लिम रीति रिवाज के साथ हुई थी.

अति मोहम्मद के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी. दामाद के चाचा जमाल और ताऊ कमाल के बेटे अति मोहम्मद की जमीन और मकान को जबरन हड़पना चाहते थे. इसलिए आए दिन सायदा के साथ मारपीट करते थे. 2 मई को अति मोहम्मद ने फोन किया कि सायदा बीमार है और उससे मिलने के लिए आ जाओ. दूसरे दिन परिवार के लोग सायरा से मिलने के लिए अलावडा गांव पहुंचे. वहां अति मोहम्मद घर पर नहीं था. उसके बाद सायदा को बड़ौदामेव अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रैफर किया गया.

अलवर के एक निजी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सायदा के परिजनों ने बताया कि अति मोहम्मद मानसिक रूप से बीमार है. उसी का फायदा उठाकर उसके चाचा और ताऊ ने जमीन को हड़कपने कि नीयत से उसकी बेटी की हत्या कर दी. पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मृतका के शव का मेडिकल के बोर्ड के द्वारा पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.

थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका विवाहिता के पीहर पक्ष ने चाचा और ताऊ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है. उनका आरोप है कि दामाद दिमाग से कमजोर है. इसी का फायदा उठाकर जमीन पर कब्जा करने नीयत से उसकी बेटी की हत्या की गई. पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

 

- Advertisement -