Friday, July 3, 2026
Home Blog Page 738

ENTERTAINMENT : सर्जरी के बाद धर्मेंद्र से मिलने पहुचीं जया प्रदा, हीमैन ने शेयर की फोटो, बोले – ‘मेरी प्यारी कोस्टार’

दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है. जिसमें वो हिंदी सिनेमा की एक सुपरस्टार रही जया प्रदा के साथ पोज देते नजर आए.बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र भले ही फिल्मों में कम नजर आते हो, लेकिन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं. कुछ वक्त पहले एक्टर की आंख की सर्जरी हुई थी. जिसके बाद उनहोंने खुद अपनी हेल्थ अपडेट फैंस को दी थी. अब हाल ही में कई फिल्मों में एक्टर की कोस्टार रही एक्ट्रेस जया प्रदा उनसे मिलने पहुंची.

धर्मेंद्र ने जया प्रदा के साथ दो तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों में दोनों एक-दूजे का हाथ थामकर पोज देते हुए नजर आ रहे हैं. फोटो में धर्मेंद्र पिंक शेड की शर्ट पहने और साथ में टोपी लगाए हुए नजर आए. वहीं जया प्रदा ऑफ व्हाइट सूट में बेहद ही खूबसूरत लग रही हैं.

इस फोटो को शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने कैप्शन में लिखा कि, ‘जयाप्रदा, मेरी प्यारी कोस्टार, अपने प्यारे परिवार और मित्रों के साथ आज मुझसे मिलने आईं. मैं उन सभी को देखकर अत्यंत खुश हूं..’ बता दें कि दोनों सुपरस्टार की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. जिनपर फैंस जमकर कमेंट कर रहे हैं.

बता दें कि धर्मेंद्र और जया प्रदा ने ‘इंसाफ कौन करेगा’, ‘धर्म और कानून’, ‘गंगा तेरे देश में’, ‘मर्दों वाली बात’, ‘एलान-ए-जंग’, ‘शहजादे’, ‘कानून की जंजीर’, ‘फरिश्ते’, ‘कुंदन’, ‘वीर’, ‘पाप्पी देवता’, ‘मैदान-ए-जंग’, ‘न्यायदाता’ और ‘लोह पुरुष’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया.

बताते चलें कि धर्मेंद्र ने एक्ट्रेस हेमा मालिनी से दूसरी शादी की थी. दोनों की शादी को 2 मई के दिन 45 साल पूरे हो चुके हैं. इस मौके पर उनकी बेटी ईशा देओल ने कपल के लिए एक खास पोस्ट शेयर की थी. बता दें कि धर्मेंद्र ईशा और अहाना के अलावा सनी देओल, बॉबी देओल, अजीता देओल और विजेयता देओल के भी पिता हैं.

 

UP : एक बार फिर से बंद हुई प्रेमानंद महाराज की रात्रि पदयात्रा, आश्रम की ओर से जारी की गई सूचना

0

उत्तर प्रदेश वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की रात्रि में निकलने वाली पदयात्रा एक बार फिर से बंद कर दी है. श्री हित राधा केली कुंज परिकर ने पदयात्रा बंद करने की वजहें भी बताई.

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की रात में होने वाली पदयात्रा एक बार फिर से स्थागित कर दी गई है. इसके बारे में श्री हित राधा केली कुंज परिकर श्री वृंदावन ने सोशल मीडिया पर एक सूचना भी जारी की है. जिसमें बताया गया कि स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रेमानंद जी की रात्रि पदयात्रा को बंद किया जाता है. प्रेमानंद महाराज की रात्रि पदयात्रा बंद होने से भक्त काफी दुखी हैं.

उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित श्री हित राधा केली कुंज परिकर श्रीधाम ने सोशल मीडिया पर सूचना देते हुए बताया कि, प्रेमानंद महाराज की तबीयत ठीक न होने के कारण रात में निकलने वाली पदयात्रा बंद की जाती है. अभी सभी से निवेदन है कि कोई भी भक्त रात में प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए रास्ते में खड़े न रहे.

श्री हित राधा केली कुंज परिकर श्रीधाम की तरफ से जारी हुई इस सूचना के बाद उनके भक्त निराशा हो चुके हैं. प्रेमानंद महाराज की रात्रि पदयात्रा में हजारों की संख्या में लोग उनके दर्शन करने के लिए सड़कों पर खड़े रहते हैं. ऐसे में इस सूचना के बाद भक्त काफी निराश हुए हैं. इसके साथ ही जल्द से जल्द प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य होने की कामना कर रहे हैं.

प्रेमानंद महाराज की रात में निकलने वाली पदयात्रा में हजारों की संख्या में भक्त उनके दर्शन करने के लिए इकट्ठा होते हैं. इस दौरान कई लोग भगवान का वेश डालकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं. सड़कों पर डोल-नगाड़ों के साथ भक्त बाबा की पदयात्रा में शामिल होते हैं.

प्रेमानंद महाराज के भक्तों में आमजन के साथ बड़ी से बड़ी शख्सियत भी शामिल है. अभी कुछ दिनों पहले ही विराट कोहली अपनी पत्नी और बच्चों के साथ प्रेमानंद महाराज के आश्रम उनके दर्शन करने पहुंचे थे. ऐसे में अब उनकी रात्रि यात्रा बंद होने के बाद आश्रम की ओर से लोगों से विनती की गई है कि रात के समय सड़क पर न खड़े रहे.

 

NATIONAL : उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस ड्राइवर की मौत, 27 यात्री घायल

0

पुलिस प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और बस कंपनी से भी जानकारी ली जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी घायलों का इलाज जारी है.आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बस चालक की मौत हो गई जबकि 27 यात्री घायल हो गए. यह हादसा औरास थाना क्षेत्र के 264 माइल स्टोन के पास हुआ, जब दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक प्राइवेट लग्जरी बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

 

हादसे की जानकारी मिलते ही औरास थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. बस में फंसे यात्रियों को पिछला हिस्सा काटकर बाहर निकाला गया. हादसे में पंजाब के निवासी बस चालक हरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई.

घायलों में 11 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है. अन्य 16 घायलों को मौके पर ही इलाज देकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया. पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी और सामने चल रहे ट्राले से सुरक्षित दूरी नहीं बन पाई. इससे बस सीधे पीछे से ट्राले में घुस गई. दुर्घटना के समय अधिकतर यात्री नींद में थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश सरकार ने हाईस्पीड यात्रा के लिए विकसित किया है. इसकी लंबाई लगभग 302 किलोमीटर है और इसे खासतौर पर कम समय में यात्रा पूरी करने के लिए बनाया गया है. लेकिन आए दिन यहां तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसे होते रहते हैं. यूपीडा (UPEIDA) की टीम हर वक्त निगरानी और त्वरित राहत कार्यों के लिए तैनात रहती है.

 

 

ENTERTAINMENT : बाबिल खान ने खोली बॉलीवुड की पोल, वीडियो में फूट-फूट कर रोए, अनन्या पांडे-अर्जुन कपूर का लिया नाम, इंस्टाग्राम किया डिलीट?

दिवंगत एक्टर इरफान खान के बेटे और एक्टर बाबिल खान ने हाल ही में एक वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था. इस वीडियो में वो रोते हुए नजर आए. उन्होंने वीडियो में बॉलीवुड के फेक लोगों के बारे में बात की. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. अब बाबिल ने इंस्टाग्राम अकाउंट ही डिलीट कर दिया है.

दरअसल, बाबिल का इंस्टाग्राम अकाउंट अब शो नहीं हो रहा है. उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर जाने पर लिखा आ रहा है- ये पेज उपलब्ध नहीं है. बाबिल के फैंस टेंशन में आ गए हैं. फैंस बाबिल की मेंटल हेल्ट को लेकर भी चिंतित नजर आ रहे हैं.

बाबिल ने जो वीडियो शेयर किया था उसमें उन्होंने बताया कि बॉलीवुड फेक है. उन्होंने अनन्या पांडे, अर्जुन कपूर, शनाया कपूर, सिद्धांत चतुर्वेदी और आदर्श गौरव जैसे एक्टर्स के नाम भी लिए. बाबिल ने कहा, ‘मेरे कहने का मतलब ये है कि मैं आप लोगों को बताना चाहता हूं कि शनाया कपूर, अनन्या पांडे, अर्जुन कपूर, सिद्धांत चतुर्वेदी, राघव जुयाल, आदर्श गौरव और अरिजीत सिंह जैसे लोग हैं. और भी बहुत सारे नाम हैं. बॉलीवुड बहुत बकवास है. बॉलीवुड बहुत खराब है. यहां के लोग बहुत रूड हैं. बॉलीवुड में सबसे ज्यादा फेक, लोग हैं. इंडस्ट्री फेक है. ऐसे बहुत कम लोग हैं जो बॉलीवुड को अच्छा बनाना चाहते हैं. मैं आपको और भी बहुत कुछ बताना चाहता हूं. मेरे आपको बताने के लिए बहुत कुछ है.’

बता दें कि बाबिल खान दिवंगत एक्टर इरफान खान और सुतापा सिकदर के बेटे हैं. बाबिल ने कला जैसी फिल्म में काम किया है. उनकी एक्टिंग को बहुत पसंद किया गया. हाल ही में वो लॉगआउट में नजर आए. हाल ही में पिता इरफान की डेथ एनिवर्सरी में बाबिल ने पोस्ट शेयर की थी.

 

UP : गुजरात से आकर सीमा हैदर पर किया जानलेवा हमला, दबाया गला, कहा- मुझ पर काला जादू किया

0

उत्तर प्रदेश स्थित गौतमबुद्ध नगर के रबूपुरा गांव में रह रहीं पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर पर हमला हुआ है. यह हमला शनिवार 3 अप्रैल को हुआ. जानकारी के अनुसार युवक की पहचान गुजरात निवासी तेजस झानी के तौर पर हुई. झानी, गुजरात में सुरेंद्रनगर जिले में रहते हैं. एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार झानी गुजरात से दिल्ली आया और फिर वहां से रबूपुरा पहुंचा.

जानकारी के अनुसार घटना 3 अप्रैल को शाम 7 बजे की है. एक युवक सीमा के घर में घुसा और उस पर हमला किया. युवक ने पहले घर के दरवाजे पर पैर मारे और फिर अंदर घुसते ही सीमा हैदर का गला दबाने लगा.सीमा ने तत्काल शोर माचाया. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पीटा. उधर, सीमा ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी. सीमा के फोन के बाद मौके पर सुरक्षाकर्मी पहुंचे.

पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया और उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया. एसीपी सार्थक सेंगर ने कहा कि आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ हो रही है. उसका मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. युवक के परिजनों को भी जानकारी दे दी है. सेंगर ने कहा कि झानी ने पूछताछ में बताया है कि सीमा ने उस पर काला जादू कर दिया है.बता दें सीमा हैदर, वर्ष 2023 में पाकिस्तान से वाया नेपाल भारत आईं थीं. उनका दावा था कि पबजी खेलते हुए उन्हें नोएडा निवासी सचिन से प्रेम हो गया. जिसके बाद वह नेपाल आईं और वहां सचिन से शादी की.

उनके वकील का दावा है कि सीमा हैदर ने हिन्दू धर्म अपना लिया है और वह सनातनी महिला हैं. बीते दिनों जब भारत ने पाकिस्तान से आए सभी लोगों के वीजा रद्द किए तब यह चर्चा होने लगी कि क्या सीमा भी वापस जाएंगी. इसको लेकर उनके वकील एपी सिंह ने बयान भी जारी किया कि उनका मामला एटीएस के पास है और सभी कागजात जमा हैं.

एपी सिंह ने यह भी कहा था कि भारत के राष्ट्रपति के समक्ष सीमा का मामला लंबित है और अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के बाद वह नोएडा छोड़कर कहीं नहीं जातीं. जांच वगैरह के मामले में वह मौके पर वह प्रशासन का पूरा सहयोग भी करती हैं.

RAJASTHAN : जयपुर में NEET एग्जाम देने जा रहीं छात्राओं की सड़क हादसे में मौत, तेज रफ्तार डंपर ने मारी थी टक्कर

0

जयपुर के बस्सी इलाके में एक सड़क हादसे में NEET परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं की मौत हो गई. एक परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा केंद्र जा रही छात्राओं को डंपर ने टक्कर मार दी.

राजस्थान की राजधानी जयपुर के बस्सी इलाके में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में NEET परीक्षा देने जा रही 2 छात्राओं समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान प्रिया शर्मा और खुशी शर्मा के रूप में हुई है, जो एक परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा केंद्र जा रही थीं. तीनों जैसे ही रास्ते में पहुंचे, तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर की रफ्तार बहुत तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका ही नहीं मिला. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है. यह घटना न केवल एक परिवार की उम्मीदें तोड़ गई, बल्कि एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर गई है.

MAHARASHTRA : एसिड डालकर छोड़ दिया, बाद में अंदर उतरे तो… फैक्ट्री में टैंक साफ करते हुए 2 मजदूरों की दम घुटने से मौत

0

सोलापुर में एक फैक्ट्री में टैंक साफ करते समय दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई. अक्कलकोट रोड एमआईडीसी स्थित पोमन अप्रिल्स फैक्ट्री में पानी की टंकी साफ करते समय शुक्रवार शाम इन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई.

महाराष्ट्र में सोलापुर में एक फैक्ट्री में टैंक साफ करते समय दो मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई. अक्कलकोट रोड एमआईडीसी स्थित पोमन अप्रिल्स फैक्ट्री में पानी की टंकी साफ करते समय शुक्रवार शाम इन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई. मृतकों के नाम सागर नारायण कांबले और सिद्धराम यशवंत चाल्गेरी हैं. इन मौतों के बाद से हंगामा मच गया है. मजदूरों के परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक फैक्ट्री मालिक के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाता, शव को कब्जे में नहीं लिया जाएगा.

दरअसल, एमआईडीसी क्षेत्र के एक फैक्ट्री मालिक ने शुक्रवार को उन्हें टैंक साफ करने के लिए बुलाया था. इस बार उन्होंने टैंक में एसिड डाल दिया. तेजाब फेंकने के बाद चारों लोग नाश्ता करने के लिए बाहर चले गए.

नाश्ते के बाद, कर्मचारियों में से एक टैंक में उतरा, जब टैंक को साफ करने के लिए उसमें एसिड डाला गया तो टैंक में गैस बन गई और उसके नाक और मुंह में चली गई, जिससे वह बेहोश हो गया. जब वह काफी देर तक ऊपर नहीं आया तो दूसरा कर्मचारी नीचे गया. वह भी अस्वस्थ महसूस करने लगा क्योंकि वह जहरीली गैस बर्दाश्त नहीं कर सका. यह दृश्य टैंक पर काम कर रहे तीसरे कर्मचारी ने देखा. उन्होंने दो लोगों को टैंक से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन जहरीली गैस के कारण उनकी भी तबीयत खराब होने लगी. उनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई.

फैक्ट्री मालिक की लापरवाही के कारण इन दो सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई है. पुलिस ने इन दोनों कर्मचारियों को गलती से पंजीकृत कर लिया है. परिजनों ने कहा कि जब तक निर्माता के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हो जाता, वे शव को अपने कब्जे में नहीं लेंगे.

 

NATIONAL : हरियाणा के नूंह में सरकारी स्कूल टीचर ने दी जान… स्टाफ पर लगाया झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप

0

हरियाणा के नूंह जिले के एक सरकारी माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को एक शिक्षक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. जिसमें सहकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

हरियाणा के नूंह जिले के एक सरकारी माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को एक शिक्षक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि मौके से 8 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें शिक्षक ने खोरी खुर्द गांव स्थित स्कूल में अपने सहकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इस बात की जानकारी एक अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी है.

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सदर तौरू थाने में नोट में नामजद आठ शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार हरियाणा के रेवाड़ी जिले के माजरा गांव निवासी जयपाल (48) खोरी खुर्द गांव के सरकारी स्कूल में जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के पद पर कार्यरत थे. नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि स्कूल परिसर में पेड़ों की कटाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जयपाल और उसके कुछ सहकर्मियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था.

शनिवार दोपहर जयपाल ने स्कूल परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया. जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस को जयपाल के पास से एक सुसाइड नोट मिला है. जिसमें उसने दावा किया कि स्कूल में कुछ “अनियमितताओं” को ठीक करने की कोशिश करने के लिए उसे बार-बार परेशान किया गया.

जयपाल ने सुसाइड नोट में दावा किया है कि शिक्षक ने पेड़ों की कटाई के बारे में जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से भी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. सुसाइड नोट में स्कूल के आठ शिक्षकों का नाम लिया गया है. जिन 8 शिक्षकों का नाम लिया गया है, उनमें सुमन शर्मा, जितेंद्र दलाल, रमेश गेरा और महेंद्र शर्मा शामिल हैं. सभी पर झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया गया है.

जयपाल ने नोट में दावा किया कि लगातार उत्पीड़न के कारण उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा. फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है. शव को पोस्टमार्टम के बाद जयपाल के परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया. नोट में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जाएगी और शख्स कार्रवाई की जाएगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

 

RAJASTHAN : दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची बारात, घोड़ी पर बैठे दूल्हे को किसी ने मार दिया चाकू और फिर…

0

राजस्थान के कोटा में शादी के लिए दुल्हन के घर पहुंची एक बारात में घोड़ी पर बैठे दूल्हे पर किसी ने चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. भगदड़ में 2 से 3 बाराती घायल हो गए.

राजस्थान के कोटा में एक शादी में जो हुआ उससे हड़कंप मच गया. यहां बारात में घोड़ी पर बैठे दूल्हे पर किसी ने चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. भगदड़ में 2 से 3 बाराती घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल दूल्हे को कोटा के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है. घटना देवली मांझी के खाती खेड़ा गांव में 2 मई की रात की है.

दूल्हे के चचेरे भाई पवन ने बताया कि केशवरायपाटन के इंद्रपुरिया गांव निवासी दूल्हे लक्ष्मीनारायण की बारात लेकर चारचोमा के पास स्थित खातीखेड़ा गांव आए थे. रात करीब 9:45 बजे जब बारात दुल्हन के घर की तरफ जा रही थी, तभी दुल्हन के घर से 500 मीटर पहले 2-3 युवकों ने दूल्हे पर हंगामा कर दिया.ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि यह मामला एक ही समाज के लोगों के बीच हुए विवाद का है. परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर किया गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर युवक दुल्हन के गांव का ही रहने वाला है. पुलिस झगड़े के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

हमलावरों ने घोड़ी पर सवार दूल्हे लक्ष्मीनारायण की पीठ पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह नीचे गिर गया. इस घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ में 2-3 बाराती भी घायल हो गए. दूल्हे की पीठ पर दो गहरे घाव पाए गए हैं. अभी तक दूल्हे की तबीयत में सुधार नहीं आया है. हमले के बाद शादी भी नहीं हो पाई.

फिलहाल हमलावर युवकों की पहचान नहीं हो पाई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना इलाके में पहली बार हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. लक्ष्मीनारायण 5 भाई-बहन में सबसे बड़ा है और गांव में किराने की दुकान चलाता है. वह प्रतियोगी परीक्षा (लाइब्रेरियन) की तैयारी भी कर रहा है. लक्ष्मीनारायण की दो बहनों की शादी हो चुकी है. तीसरी बहन की शादी की तैयारी चल रही थी. लक्ष्मी नारायण के पिता धर्मराज खेती करते हैं.

 

KOTA : NEET से पहले कोटा में छात्रा ने किया सुसाइड, बेटी को डॉक्टर बनाने के लिए कुछ साल पहले MP से आया था परिवार

0

छात्रा पिछले दो साल से नीट की तैयारी कर रही थी. आज उसका नीट एग्जाम था, लेकिन उसने परीक्षा से एक दिन पहले ही आत्महत्या कर ली. मृतक छात्रा के पिता सुरेश राजपूत ने बताया कि उनकी बेटी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दी है.

नीट यूजी एग्जाम से पहले राजस्थान के कोटा से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है. कोटा में नीट की तैयारी कर रही एक 17 साल की छात्रा ने आत्महत्या कर ली. यह घटना शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के पार्श्वनाथपुरम इलाके में हुई. छात्रा को आज 4 मई 2025 को नीट का एग्जाम देना था, लेकिन उसने शनिवार को अपने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी.

छात्रा अपने पूरे परिवार के साथ पार्श्वनाथपुरम में रह रही थी. उसका परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश के श्योपुर क्षेत्र का रहने वाला है. छात्रा की पढ़ाई के लिए परिवार ने 2017 में कोटा में मकान खरीद लिया था. मृतक छात्रा के पिता सुरेश राजपूत और मां दोनों सरकारी शिक्षक हैं. माँ श्योपुर में सरकारी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत हैं.

छात्रा पिछले दो साल से नीट की तैयारी कर रही थी. आज उसका नीट एग्जाम था, लेकिन उसने परीक्षा से एक दिन पहले ही आत्महत्या कर ली. मृतक छात्रा के पिता सुरेश राजपूत ने बताया कि उनकी बेटी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दी है.

कुन्हाड़ी थाना अधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि अभी तक आत्महत्या का कारण सामने नहीं आया है. छात्रा के पास कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को एमबीएस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रविवार सुबह 9 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया.

- Advertisement -