Sunday, July 5, 2026
Home Blog Page 746

NATIONAL : हिमांशी का मुसलमानों-कश्मीरियों पर दिया बयान वायरल, पहले भारतीय नौसेना प्रमुख की बेटी ने चिट्ठी लिख क्या कहा?

0

पहले भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल रामदास कटारी की बेटी ललिता रामदास ने हिमांशी नरवाल को भावुक चिट्ठी लिखी है. हिमांशी के पति दिवंगत नौसेना के अधिकारी विनय नरवाल को आतंकियों ने पहलगाम में मौत के घाट उतार दिया था. अपनी चिट्ठी में ललिता रामदास ने हिमांशी के उस बयान की तारीफ की जिसमें उन्होंने मुसलमानों और कश्मीरियों को टारगेट नहीं किए जाने की बात कही थी.

ललिता रामदास ने कहा, “मुझे आप पर बहुत गर्व है जब मैं आपके उस वीडियो क्लिप को देखती हूं जिसमें आपने प्रेस से बातचीत की. आपकी असाधारण ताकत, धैर्य और दृढ़ विश्वास वाकई में बहुत उल्लेखनीय है जब आप मुसलमानों और कश्मीरियों को निशाना बनाने और नफरत के खिलाफ बोलती हैं. हमारे समय में इसकी बहुत जरूरत है.”

पहले नौसेना प्रमुख की बेटी की चिट्ठी लेखक परंजॉय गुहा ठाकुरता ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है. ललिता रामदास आगे कहती हैं, “हिमांशी आप एक फौजी की आदर्श पत्नी है. सेवा, संविधान और हमारे धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की भावना के प्रति आपका समर्पण सच्चा है. आप वह महिला हैं जो अपनी सोच को समझती हैं और नेवी मैन विनय को इससे साहसी साथी कोई और नहीं हो सकती थीं. आपने जो कहा है वह इस देश के हर विचारशील नागरिक के विचारों और भावनाओं की गूंज है. हम सभी को आपके प्रेम और करुणा के संदेश का विस्तार करना चाहिए. आपका धन्यवाद हिमांशी!”

गौरतलब है कि 1 मई को विनय नरवाल का 27वां जन्मदिन था. इस मौके पर उनके परिवारवालों ने दिवंगत की याद में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया था. परिजनों ने कहा कि दूर दूर से लोगों ने आकर ब्लड डोनेट किया. इसी दौरान हिमांशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए मुसलमानों और कश्मीरियों को लेकर बयान दिया. उनका ये बयान सोशल मीडिया पर तेज से फैल गया.

 

RECIPE : राजस्थान की फेमस दाल-बाटी को बनाइए कुकर में, नहीं आयेगा स्वाद में बदलाव, नोट कर लें इसको बनाने का तरीका

राजस्थानी दाल बाटी को कुकर में बनाने की विधि: दाल में विभिन्न दालें, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक और मसाले डालकर कुकर में पकाएं. बाटी के लिए आटे में सूजी, नमक, अजवाइन और घी मिलाकर सख्त आटा गूंधें. कुकर में बाटी सेकें…

राजस्थान के मशहूर खाने का नाम आएं, और दाल बाटी का जिक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता है. वैसे तो दाल बाटी को तंदूर में बनाया जाता है, या फिर डायरेक्ट सुलगते कोयले में भी पका सकते हैं. लेकिन आपके पास इन दोनों में से ही कोई व्यवस्था नहीं है. तो आज हम आपको इसे एक और तरीके से भी बड़ी आसानी से पकाने का तरीका बताने जा रहे है. जी हां, आज हम आपको कुकर में राजस्थानी दाल-बाटी बनाने की एक आसान और स्वादिष्ट रेसिपी यहां दे रहे हैं.

राजस्थानी दाल के लिए सामग्री:

तूअर दाल – ½ कप
मूंग दाल – ¼ कप
चना दाल – ¼ कप
मसूर दाल – 2 टेबल स्पून (वैकल्पिक)
टमाटर – 1 (कटा हुआ)
हरी मिर्च – 1-2 (बारीक कटी)
अदरक – 1 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
हींग – एक चुटकी
जीरा – ½ टीस्पून
हल्दी – ½ टीस्पून
लाल मिर्च – ½ टीस्पून
नमक – स्वादानुसार
घी – 1 टेबल स्पून
हरा धनिया – सजावट के लिए

बाटी बनाने के लिए सामग्री:

गेहूं का आटा – 2 कप
सूजी – ¼ कप (क्रिस्पीनेस के लिए)
नमक – स्वादानुसार
अजवाइन – ½ टीस्पून
घी – 2 टेबल स्पून (मोयन के लिए)
पानी – आवश्यकतानुसार
घी – बाटी डुबोने के लिए

दाल बनाने की विधि:

1. सभी दालों को धोकर 20-30 मिनट तक के लिए भिगो दें.
2. कुकर में दालें, टमाटर, हरी मिर्च, अदरक, हल्दी, नमक और 3 कप पानी डालें.
3. कुकर में 3 सीटी आने तक पकाएं. कुकर ठंडा होने दें.
4. एक पैन में घी गर्म करें, जीरा और हींग डालें. फिर लाल मिर्च डालें और इस तड़के को उबली दाल में.
5. दाल को अच्छे से मिलाएं और गरमागर्म परोसें.

बाटी बनाने की विधि (कुकर में):

1. आटे में सूजी, नमक, अजवाइन और मोयन वाला घी मिलाएं.
2. आवश्यकतानुसार पानी डालकर सख्त आटा गूंध लें.
3. छोटी-छोटी लोइयां बनाकर गोले (बाटी) बना लें.
4. कुकर में नीचे थोड़ा नमक डालें (तली में जलने से बचाने के लिए) और स्टैंड या प्लेट रखें.
5. बिना सीटी लगाए, ढक्कन बंद करके धीमी आंच पर 25-30 मिनट तक बाटी सेकें. बीच-बीच में पलटते रहें ताकि सब तरफ से अच्छे से सिक जाएं.
6. बाटियों को घी में डुबोकर दाल के साथ सर्व करें.

दाल बाटी परोसने का तरीका:
दाल को एक कटोरी में डालें, गरम घी ऊपर से डालें, घी में डूबी बाटियों के साथ प्याज, लहसुन की चटनी और गुड़ के साथ परोसें.

GUJARAT : लल्ला पठान गिरफ्तार, चंडोला तालाब में मिट्टी डालकर बनाए घर, बसा दिए 200 से ज्यादा बांग्लादेशी

0

अहमदाबाद के चंडोला तालाब में अवैध निर्माण कर बांग्लादेशियों को पनाह देने वाले लल्ला पठान उर्फ लल्ला बिहारी को क्राइम ब्रांच ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है. पुलिस को जांच में करोड़ों की अवैध कमाई, नकली डॉक्यूमेंट्स और बांग्लादेशियों को बसाने की साजिश के सबूत मिले हैं. उसके बेटे फतेह महमूद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.

अहमदाबाद के चंडोला तालाब में बड़े पैमाने पर हुए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी लल्ला पठान उर्फ लल्ला बिहारी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है. लल्ला पर आरोप है कि उसने चंडोला तालाब की करीब 3 लाख स्क्वेयर मीटर जमीन पर मिट्टी डालकर 7 हजार अवैध झोपड़ियां और मकान बनाए थे. इनमें से 4 हजार निर्माणों को अब तक गिराया जा चुका है.

जांच में सामने आया कि लल्ला ने इन मकानों को बांग्लादेशियों को किराए पर देकर पनाह दी थी. वह 20,000 रुपये में आधार कार्ड और रेंट एग्रीमेंट बनवाकर उन्हें पहचान दिलाता था. इसके अलावा वह पानी के लिए हर किराएदार से रोज 20 रुपये वसूलता था और पार्किंग के लिए 125 रुपये प्रतिदिन लेता था.क्राइम ब्रांच को उसके घरों से 9 लाख रुपये कैश, 250 ग्राम सोना, पैसे गिनने की मशीन, फर्जी दस्तावेज और लेटरहेड मिले हैं. लल्ला के पास 4 मकान और 4 गाड़ियां हैं.

लल्ला के बेटे फतेह महमूद को पहले ही रिमांड पर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, लल्ला की 3 बीवियां और 9 बच्चे हैं। लल्ला पर पहले से ही दो केस दर्ज हैं. अब तक क्राइम ब्रांच 200 बांग्लादेशियों को प्रस्थापित कर चुकी है.

NATIONAL : जिम ट्रेनर का दावा- बॉन्डेज रिलेशन के दौरान हुई पत्नी की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

0

तमिलनाडु के होसूर जिले से एक 34 वर्षीय जिम ट्रेनर को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. हालांकि आरोपी का कहना है कि पत्नी की मौत बॉन्डेज सेक्स के दौरान हुई.

तमिलनाडु के होसूर जिले से एक 34 वर्षीय जिम ट्रेनर को गिरफ्तार किया गया है. जिम ट्रेनर की गिरफ्तारी पत्नी की हत्या के आरोप में हुई है. हालांकि, आरोपी का कहना है कि पत्नी की मौत बॉन्डेज सेक्स के दौरान हुई. भास्कर एक जिम ट्रेनर है, जो चार जिम चलाता है. जबकि उसकी पत्नी शशिकला भी महिलाओं के लिए एक जिम चलाती थी. दंपति के चार साल और दो साल के बच्चे भी हैं.

बेंगलुरू में प्ले स्कूल चलाने के दौरान शशिकला को भास्कर से प्यार हो गया था. इसके बाद 2018 में उनकी शादी हो गई. शशिकला को भास्कर पर किसी और से संबंध होने का शक था, जिसके कारण अक्सर दोनों में बहस होती थी. 30 अप्रैल को भास्कर ने शशिकला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया और मेडिकल टीम को बताया कि शशिकला की नाक से खून बहने लगा और वह सेक्स करते समय बेहोश हो गई थी.

हालांकि, डॉक्टरों ने शशिकला को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद अस्पताल की टीम ने मामले की सूचना जिला सिपकोट पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू की. पुलिस ने शशिकला की गर्दन पर गला घोंटने के निशान पाए. इसके बाद शव को जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया.मामले में पूछताछ करने पर भास्कर ने पुलिस को बताया कि उसने और शशिकला ने शराब पी थी और फिर बॉन्डेज सेक्स किया. जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि शशिकला के पिता और रिश्तेदारों ने गिरफ्तारी के बाद भास्कर के दावे को मानने से इनकार कर दिया था. शशिकला के पिता अरुल ने कहा कि भास्कर ने 14 लाख रुपये दहेज लिया था और लगातार उससे लड़ता था.

दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती थी. ऐसे में उसने हाथ-पैर बांधकर उसकी हत्या कर दी. फिर उसे अस्पताल ले गया और मुझे फोन करके कहा कि मेरी बेटी मर गई है. वह उसे पीटता था और हमने उसे पहले भी दो बार अस्पताल में भर्ती कराया था. इसको लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी.

 

JODHPUR :  IPL क्रिकेटर शिवालिक शर्मा पर दुष्कर्म का आरोप, सगाई के बाद बनाए शारीरिक संबंध

0

जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाने में आईपीएल क्रिकेटर शिवालिक शर्मा के खिलाफ युवती ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है. युवती का आरोप है कि सगाई कर शादी का झांसा देकर शिवालिक ने शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता का मेडिकल और कोर्ट में बयान हो चुका है, पुलिस क्रिकेटर की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी संभव है.

आईपीएल क्रिकेटर शिवालिक शर्मा पर जोधपुर के कुड़ी भगतासनी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. साथ ही अब पीड़िता का मेडिकल, कोर्ट में बयान और बाकी कार्रवाई पूरी हो चुकी है. पुलिस अब क्रिकेटर की तलाश में जुटी है और किसी भी वक्त गिरफ्तारी हो सकती है.

एसीपी आनंदसिंह राजपुरोहित ने बताया कि सेक्टर दो, कुड़ी भगतासनी निवासी युवती ने शिवालिक शर्मा पर आरोप लगाया है. युवती फरवरी 2023 में बड़ौदा घूमने गई थी, जहां उसकी मुलाकात शिवालिक से हुई. दोस्ती धीरे-धीरे गहरी होती गई और दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होने लगी.

इसके बाद दोनों परिवारों की अगस्त 2023 में मुलाकात हुई और सगाई हो गई. सगाई के बाद जब शिवालिक जोधपुर आया तो दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने. युवती का कहना है कि दोनों राजस्थान में कई जगह घूमने भी गए.अगस्त 2024 में जब शिवालिक ने युवती को बड़ौदा बुलाया, तब उसके माता-पिता ने कहा कि वह एक क्रिकेटर है और अब यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ सकता. वो अब किसी और रिश्ते की बात कर रहे हैं. इसके बाद युवती ने मामला दर्ज कराया.

 

NATIONAL : कश्मीरी लकड़हारे ने पुलिसकर्मी पर लहराई कुल्हाड़ी, जानें वजह

0

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं में पुलिस द्वारा पंजीकरण के लिए कहने पर एक कश्मीरी लकड़हारे ने पुलिसकर्मी पर कुल्हाड़ी लहराई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. मामला डाकड़ी चौक का है, जहां पहले से तनाव का माहौल था.

बिलासपुर जिले के घुमारवीं कस्बे में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया जब एक कश्मीरी लकड़हारे ने पुलिसकर्मी पर कुल्हाड़ी लहरा दी. जानकारी के मुताबिक, डाकड़ी चौक पर तैनात पुलिसकर्मी ने इलाके में काम कर रहे कश्मीरी चारणियों (लकड़हारों) से कहा था कि वो पुलिस के पास जाकर अपना पंजीकरण कराएं.

पुलिसकर्मी ने तीन दिन पहले भी यह बात कही थी, लेकिन बुधवार को फिर पूछने पर उनमें से एक ने बहस शुरू कर दी और अचानक कुल्हाड़ी निकालकर पुलिसकर्मी को धमकाने की कोशिश की. घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया.

घुमारवीं के डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है. उन्होंने कहा कि इलाके में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस सतर्क है.यह घटना ऐसे समय में हुई है जब देश के कई हिस्सों में बाहरी मजदूरों और खासतौर पर कश्मीर से आए लोगों पर नजर रखी जा रही है. पुलिस का कहना है कि पंजीकरण एक सामान्य प्रक्रिया है और सभी बाहर से आने वालों को इसका पालन करना चाहिए.

 

NATIONAL : बाइक से टकराई मर्सिडीज और गिर गई पुल से नीचे, 1 की मौत, तीन घायल

0

पुणे में शनिवार को एक भयंकर सड़क हादसा हो गया जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. यहां एक मर्सिडीज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और पुल से नीचे गिर गई.

महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार को एक भयंकर सड़क हादसा हो गया जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. यहां एक मर्सिडीज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और पुल से नीचे गिर गई. पुलिस ने शनिवार की सुबह ये जानकारी दी है.एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सिंहगढ़ रोड इलाके में वडगांव पुल पर सुबह करीब 4.30 बजे हुई. उन्होंने बताया कि इस घटना में मोटरसाइकिल चालक कुणाल हुशर की मौत हो गई, जो पिंपरी चिंचवाड़ का रहने वाला था और उसके पीछे बैठा व्यक्ति घायल हो गया.

पुलिस उपायुक्त (जोन 3) संभाजी कदम ने बताया, ‘एक मर्सिडीज ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और पुल से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरी. मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई.’ उन्होंने बताया कि कार में सवार लोग भी घायल हो गए.अधिकारी ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि कार चालक की मेडिकल जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि दुर्घटना के समय वह नशे में था या नहीं.

NATIONAL : पानी को लेकर पंजाब के बाद अब हरियाणा में भी सर्वदलीय बैठक, हुड्डा समेत कई नेता होंगे शामिल

0

पानी के मसले पर हरियाणा में शनिवार को सर्वदलीय बैठक होगी. भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने हरियाणा को 8,500 क्यूसेक पानी छोड़ने का फैसला किया है. भगवंत मान सरकार इसका विरोध कर रही है. हरियाणा और पंजाब के बीच पानी को लेकर विवाद बरकरार है. इस बीच पंजाब के बाद अब हरियाणा ने भी सर्वदलीय बैठक (All Party Meeting) बुलाई है. शनिवार (03 मई) को दोपहर दो बजे हरियाणा निवास में ऑल पार्टी मीटिंग होगी. इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ ही अन्य दलों की ओर से तमाम बड़े नेता शामिल होंगे.

पंजाब और हरियाणा के बीच लंबे समय से चले आ रहे जल बंटवारे के विवाद को लेकर बढ़ते तनाव के मद्देनजर CM भगवंत मान लगातार कह रहे हैं कि उनकी सरकार पड़ोसी राज्य हरियाणा को अतिरिक्त पानी नहीं देगी. उनका कहना है कि हरियाणा अपने हिस्से का पानी पहले ही इस्तेमाल कर चुका है. पंजाब के नेताओं का कहना है कि हरियाणा की मांग पंजाब की खेती को नुकसान पहुंचाएगी.

शुक्रवार (02 मई) को इसी मसले पर पंजाब में ऑल पार्टी मीटिंग हुई. पंजाब सरकार ने इस मुद्दे पर विधानसभा का विशेष सत्र भी सोमवार को बुलाया है. बता दें कि भगवंत मान सरकार के विरोध के बावजूद भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने हरियाणा को 8,500 क्यूसेक पानी छोड़ने का फैसला किया है.

वहीं, हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार पंजाब की भगवंत मान सरकार पर पानी के मसले को लेकर हमलावर है. सीएम नायब सिंह सैनी ने 1 मई को दिए बयान में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, ”अपनी राजनीति को चमकाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने यमुना में जहर मिलाने की बात की थी. दिल्ली की हार इन्हें बर्दाश्त नहीं हो रही है.”

उन्होंने आगे कहा, ”अरविंद केजरीवाल सदमे में हैं. केजरीवाल ने लोगों को सब्जबाग दिखाए. अभी एक-डेढ़ साल का वक्त है. मैं तो भगवंत मान साहब को सचेत कर रहा हूं कि आप पब्लिक के हित के काम कीजिए. बाहर निकलकर के काम कर. शाम को दो यार इकट्ठे हो जाते हैं.

JAMMU KASHMIR : पाकिस्तान ने LoC पर लगातार 9वीं रात तोड़ा सीजफायर, भारत ने फायरिंग का दिया मुहतोड़ जवाब

0

पाकिस्तान ने लगातार नौवीं रात नियंत्रण रेखा (LoC) पर युद्धविराम का उल्लंघन किया है. जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों में पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना उकसावे के गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया.

जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. बीती नौ रातों से लगातार पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के गोलीबारी की जा रही है. कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों में पाकिस्तान की सेना ने एक बार फिर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया.

यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हो रहा है जब 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. तीन दिन पहले भारत ने पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि निरंतर सीजफायर उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

मंगलवार को भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच हॉटलाइन पर बातचीत हुई, जिसमें पाकिस्तान की ओर से हो रही फायरिंग और घुसपैठ की घटनाओं पर चर्चा की गई. पाकिस्तान ने 24 अप्रैल की रात से LoC के विभिन्न क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू कर दी थी, जो अब तक लगातार जारी है. उसी दिन भारत ने सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को निलंबित करने की घोषणा की थी.

इसके जवाब में पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया, वाघा बॉर्डर को सील कर दिया और भारत के साथ सभी व्यापारिक संबंध स्थगित कर दिए. पाकिस्तान ने गीदड़भभकी देते हुए कहा था कि अगर भारत ने पाकिस्तान के हिस्से के जल को मोड़ने की कोशिश की, तो इसे “युद्ध की कार्रवाई” माना जाएगा.गौरतलब है कि फरवरी 2021 में भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ ने 2003 की सीजफायर संधि को दोबारा लागू करने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान हालात एक बार फिर सीमा पर अशांति और खतरे की ओर संकेत कर रहे हैं.
भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 3,323 किलोमीटर की सीमा है, जो तीन हिस्सों में बंटी है: अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी), जो गुजरात से जम्मू के अखनूर में चिनाब नदी के उत्तरी किनारे तक लगभग 2,400 किलोमीटर है; नियंत्रण रेखा (एलओसी), जो जम्मू के कुछ हिस्सों से लेकर लेह तक 740 किलोमीटर लंबी है; और वास्तविक जमीनी स्थिति रेखा (एजीपीएल), जो सियाचिन क्षेत्र को एनजे 9842 से इंदिरा कोल तक 110 किलोमीटर में विभाजित करती है.

BIHAR : राजगीर स्पोर्ट्स एकेडमी में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारी पूरी, सीएम नीतीश ने लिया जायजा

0

बिहार में 4 मई से शुरू होने वाले ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारी का जायजा लेने सीएम नीतीश कुमार राजगीर पहुंचे. उन्होंने स्पोर्ट्स अकादमी और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में नव-निर्मित खेल सुविधाओं का शुभारंभ किया. सीएम ने इनडोर बास्केटबॉल, हैंडबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट को देखा और पहले से बने टेनिस कोर्ट और हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का भी निरीक्षण किया.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नालंदा जिले के राजगीर स्थित स्पोर्ट्स अकादमी और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में नव-निर्मित खेल सुविधाओं का उद्घाटन किया और आगामी ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की तैयारियों की समीक्षा की.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर बताया कि, राजगीर में बनी नई सुविधाओं में इनडोर बास्केटबॉल, हैंडबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट शामिल हैं. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पहले से निर्मित कोर्ट और हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का भी निरीक्षण किया और खिलाड़ियों से संवाद किया. उन्होंने खेल अकादमी में लड़के और लड़कियों के होस्टलों में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी भी ली.

बिहार में पहली बार आयोजित हो रहे ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ की 7वीं संस्करण 4 मई से 15 मई के बीच पांच स्थानों—पटना, राजगीर (नालंदा), गया, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजित किए जाएंगे. इसमें देशभर के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 10,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, सपोर्ट स्टाफ और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे. प्रतियोगिता में कुल 27 तरह के मुकाबले होंगे.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस आयोजन को पूरी तैयारी और व्यवस्था के साथ सफल बनाया जाए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 मई को वर्चुअल माध्यम से खेलों का उद्घाटन करेंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे.खेलों के उद्घाटन और समापन समारोह का आयोजन पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा. राज्य सरकार द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सभी खेल स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. बिहार के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्द्र, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्र शंकरण, एडीजीपी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया.

कॉम्प्लेक्स तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे ताकि खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. ट्रैफिक व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.

- Advertisement -

News of the Day