Sunday, July 5, 2026
Home Blog Page 747

NATIONAL : पहलगाम हमले में मारे गए विनय नरवाल की बहन सृष्टि भाभी हिमांशी को लेकर बोलीं , पूरा परिवार उनके…’

0

गुरुवार को नौसेना के दिवंगत अधिकारी विनय नरवाल के जन्मदिन के मौके पर ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया था.पहलगाम हमले में जान गंवाने नौसेना अधिकारी विनय नरवाल की बहन सृष्टि ने एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत की. विनय की पत्नी हिमांशी के बारे में उन्होंने बताया कि जिसका पति उसकी आंखों के सामने, जिसके साथ ऐसा हुआ हो, उसकी हालत कैसी होगी, ये समझ सकते हैं. सारा परिवार उनके साथ है. वो रिकवर कर रही हैं.

दरअसल, 1 मई को विनय नरवाल के 27वें जन्मदिन के मौके पर उनकी याद में करनाल में उनके आवास पर ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया. उनकी बहन ने कहा, “मैं सभी को धन्यवाद करना चाहूंगी. लोग इतनी दूर दूर से आए हैं. मेरी एक कपल से बात हुई वो बेंगलुरू से फ्लाइट से सिर्फ ब्लड डोनेट करने आए. दिल्ली, गुड़गांव, जींद और गुहाना दूर दूर से लोग आ रहे हैं. स्कूल से छुट्टी लेकर आ रहे हैं.” उन्होंने बताया कि अब हर साल उनके जन्मदिन पर ये आयोजन किया जाएगा.

सृष्टि ने अपनी भाभी हिमांशी के बारे में कहा, “आप समझ ही सकते हैं, जिसका पति उसकी आंखों के सामने, जिसके साथ ऐसा हुआ हो, उसकी कंडीशन क्या होगी. सारा परिवार उनके साथ है. अभी वो रिकवर कर रही हैं.”इस बीच सोशल मीडिया पर हिमांशी का वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें उन्होंने कहा कि वो शांति और न्याय चाहती हैं. जिन्होंने इस हमले को अंजाम दिया उन्हें सजा मिलनी चाहिए. लेकिन इस घटना के बाद कश्मीरियों और मुसलमानों को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.

बता दें कि कोच्चि में तैनात नौसेना के अधिकारी विनय नरवाल अपनी पत्नी के साथ 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन घाटी में ही मौजूद थे. वो वहां छुट्टियां मनाने गए थे. विनय और हिमांशी की शादी 16 अप्रैल 2025 को हुई थी. आतंकियों ने विनय नरवाल से उनका धर्म पूछा और गोली मार दी. आतंकी हमले के बाद हिमांशी की तस्वीर और वीडियो ने लोगों का कलेजा पिघला दिया.

NATIONAL : ‘आतंकियों के मददगारों को नहीं छोड़ेंगे, लेंगे सख्त और निर्णायक कदम’, PM मोदी का बड़ा ऐलान

0

आतंकियों के मददगारों को कड़ी चेतावनी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हम आतंकवादियों और उनके मददगारों के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में समर्थन देने के लिए हम अंगोला का धन्यवाद करते हैं.’

अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोंकाल्वेस लौरेंको से मुलाकात की. इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय बैठक भी की और पीएम मोदी ने कहा कि मैं राष्ट्रपति लोरेंसू और उनके शिष्टमंडल का भारत में हार्दिक स्वागत करता हूं. यह एक ऐतिहासिक पल है.

संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 38 वर्षों के बाद, अंगोला के राष्ट्रपति की भारत यात्रा हो रही है. उनकी इस यात्रा से, न केवल भारत-अंगोला संबंधों को नई दिशा और गति मिल रही है, बल्कि भारत और अफ्रीका साझेदारी को भी बल मिल रहा है. प्रधानमंत्री ने पहलगाम हमले का जिक्र किया और कहा कि हम एकमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है.

आतंकियों के मददगारों को कड़ी चेतावनी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हम आतंकवादियों और उनके मददगारों के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में समर्थन देने के लिए हम अंगोला का धन्यवाद करते हैं.’पीएम मोदी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति राष्ट्रपति लोरेंसू और अंगोला की संवेदनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया.

अंगोला को मदद करने का ऐलान करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी है कि अंगोला की सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए 200 मिलियन डॉलर की डिफेन्स क्रेडिट लाइन को स्वीकृति दी गई है. रक्षा प्लेटफॉर्म्स के repair और overhaul और सप्लाई पर भी बात हुई है.अंगोला की सशस्त्र सेनाओं की ट्रेनिंग में सहयोग करने में हमें खुशी होगी’

NATIONAL : रायपुर में हिट एंड रन केस, तेज रफ्तार कार ने मॉर्निंग वॉक पर निकली 3 महिलाओं को रौंदा, एक की मौत

0

रायपुर में एक तेज रफ़्तार कार ने मॉर्निंग वॉक कर रही 3 युवतियों को टक्कर मार दी. घटना में एक युवती की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गईं. पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है.छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हिट एंड रन का मामला सामने आया है. तेज़ रफ़्तार कार ने मॉर्निंग वॉक करने निकली 3 युवतियों को रौंद डाला. इसके बाद एक युवती की मौत हो गई. मामला तेलीबांधा थाने का है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है.

पुलिस के मुताबिक तेज़ रफ़्तार कार की टक्कर से प्रिया साहू (उम्र 30 साल) करीब 20 फिट दूर जाकर गिरी. जिससे उसका सिर फट गया. घटना में रिया बंजारे और ललिता साहू भी घायल हुई हैं. तीनो को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते मे ही प्रिया साहू की मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक ये घटना शुक्रवार सुबह 5 बजे के करीब की है. पीड़ित युवतियां तेलीबांधा थाना क्षेत्र की गली नम्बर 5 में किराए से रहती हैं. तीनों महिलाएं सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. वहीं आरोपी कार चालक साजा जिले से एक शादी समारोह से लौट रहा था. इस दौरान आरोपी अटल एक्सप्रेस-वे से निकलकर मरीन ड्राइव की तरफ आ रहा था. वहीं तीनो युवतियां भी मरीन ड्राइव की तरफ मॉर्निंग वॉक के लिए जा रही थी. इस दौरान तेलीबांधा ब्रिज के नीचे आरोपी युवतियों को टक्कर मारता हुआ निकल गया.पुलिस के मुताबिक तेज़ रफ़्तार कार की जोरदार टक्कर से प्रिया साहू करीब 20 फिट दूर जा गिरी. जिससे उसका सिर फट गया. ज्यादा खून बहने से प्रिया की अस्पताल पहुंचने के पहले ही मौत हो गई. वहीं रिया बंजारे के सिर में भी गम्भीर चोट आई है, ललिता साहू के हाथ पैर में चोटे आई हैं. दोनों का ईलाज चल रहा है.

घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी का नाम अमित सिंह चौहान है, जो रायपुर में ही रहता है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास लायसेंस भी नही था. पुलिस ने गैर इरादतन हत्या, हत्या के प्रयास और मोटरव्हिकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेज़ रफ़्तार कार चालक ने पहले युवतियों को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद बड़ी लापरवाही के साथ युवती को रौंदता हुआ फरार हो गया. पुलिस घटना के तमाम पहलुओं की जांच कर रही है.

 

AHMEDABAD : अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ड्रग्स तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 39 करोड के हाईड्रोपोनिक गांजे के साथ 3 गिरफ्तार

0

अंतरराष्ट्रीय ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करते हुए डीआरआई ने अहमदाबाद कस्टम्स के साथ एक संयुक्त अभियान में सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 39.24 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ तीन लोगों को पकडा.

अंतरराष्ट्रीय ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई करते हुए डीआरआई ने अहमदाबाद कस्टम्स के साथ एक संयुक्त अभियान में सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 39.24 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ तीन लोगों को पकडा. बताया जाता है कि बैंकॉक से आए तीन भारतीय नागरिकों से लगभग 39 करोड़ रुपये मूल्य का हाईड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया. इससे 4 दिन पहले डीआरआई ने 29 अप्रैल को भी 37 किलो हाईड्रोपोनिक गांजे के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार किया था.

पिछले दो सप्ताह में अहमदाबाद एयरपोर्ट पर यह तीसरी बड़ी गिरफ्तारी है. विशिष्ट निजी जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी. उनके छह ट्रॉली बैगों की गहन तलाशी में संदिग्ध हरे रंग के 60 पैकेट मिले, जिन्हें केलॉग्स अनाज, चिसेल्स और अन्य स्नैक्स जैसे ब्रांडेड खाद्य उत्पादों में चतुराई से छिपाया गया था. जो कपड़ों के नीचे छुपाए गए थे.

रासायनिक विश्लेषण से पुष्टि हुई कि बरामद पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा है. इसे मिट्टी में उगाए जाने वाले पारंपरिक गांजे के विपरीत, हाइड्रोपोनिक खरपतवार को नियंत्रित वातावरण में पोषक तत्वों से भरपूर पानी का उपयोग करके उगाया जाता है. जिससे उसकी वृद्धि तीव्र होती है और शक्ति बढ़ती है. यही वजह है कि हाइड्रोपोनिक गांजा अधिक नशीला और हानिकारक होता है.

यह छापेमारी 29 अप्रैल को 37.2 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा व 20 अप्रैल को बैंकॉक से आने वाले भारतीय नागरिकों से 17.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किए जाने के बाद हुई है. पिछले दो सप्ताह में अहमदाबाद एयरपोर्ट से कुल 95 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया है.मादक पदार्थों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत सभी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और इसमें शामिल व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए डीआरआई जांच कर रही है.

ENTERTAINMENT : नानी की ‘हिट 3’ बनी तूफान, दो दिन में ही वसूल लिया आधा बजट, अब तो हिट होना तय है

नानी की लेटेस्ट रिलीज फिल्म ‘हिट द थर्ड केस’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. इस फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन भी शानदार कलेक्शन किया है.


तेलुगु सुपरस्टार नानी की ‘हिट 3’ या ‘हिट द थर्ड केस’ 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म को लेकर फैंस में काफी एक्साइटमेंट थी जिसके चलते इसकी सॉलिड शुरुआत हुई और इसने पहले ही दिन कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए. चलिए यहां जानते हैं ‘हिट द थर्ड केस’ ने रिलीज के दूसरे दिन कितनी कमाई की है?

‘हिट द थर्ड केस’ को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. सैलेश कोलानू द्वारा निर्देशित इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर अजय देवगन की रेड 2 और सूर्या की रेट्रो से क्लैश हुआ है. टफ कंप्टीशन के बावजूद, नानी स्टारर ने पहले दिन अच्छी कमाई की. साथ ही ये फिल्म नानी के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर भी बनी. बता दें कि कि 21 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ, यह एक्शन-थ्रिलर हिट फ्रैंचाइज़ी की सबसे बड़ी ओपनर भी बन गई है. वहीं अब ‘हिट द थर्ड केस’ की रिलीज के दूसरे दिन की कमाई के शुरुआती आंकड़े आ गए हैं.

‘हिट द थर्ड केस’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार परफॉर्म कर रही है. इस फिल्म ने रिलीज के दो दिन में ही अपने बजट की आधी लागत से ज्यादा वसूल कर ली है. बता दें कि ये फिल्म 60 करोड़ रुपये के बजट में बनी है. वहीं मेकर्स को उम्मीद है कि वीकेंड पर ये फिल्म बंपर कलेक्शन करेगी और अपना पूरा बजट वसूल कर लेगी.

हिट: द थर्ड केस एक क्राइम थ्रिलर है, जो होमिसाइड इंटरवेंशन टीम (एचआईटी) के एक टॉप ऑफिसर एसपी अर्जुन सरकार की कहानी है जो क्रूर हत्याओं की एक सीरीज की जांच करता है और ये उसे श्रीनगर और विशाखापत्तनम सहित भारत की कई जगहों पर ले जाती है. नानी ने पुलिस ऑफिस का दमदार किरदार प्ले किया है. फिल्म में श्रीनिधि शेट्टी, सूर्या श्रीनिवास, राव रमेश और ब्रह्माजी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म हिट फ्रैंचाइज़ी की तीसरी किस्त है. इसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है, जिससे यह नानी की अब तक की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सक्सेस में से एक बन गई है.

 

NATIONAL : जबलपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टी रद्द, बड़ी वजह आई सामने

0

पहलगाम हमले के बाद एक तरफ जहां भारत और पाकिस्तान के बीच टेंशन बढ़ती ही जा रहा है वहीं दूसरी तरफ मध्य प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है. जबलपुर में आयुध निर्माण फैक्ट्री में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की दो दिन से ज्यादा की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं. इसके पीछे कारण भी बताया गया है.

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है. इसी दौरान एक और बड़ी खबर सामने आई है. मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित आयुध निर्माण फैक्ट्री (Ordnance Factory Khamaria -OFK) में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की दो दिन से अधिक की छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है. यह निर्णय उत्पादन लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है.

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक इसको लेकर ओएफके के जनसंपर्क अधिकारी अविनाश शंकर ने बताया कि, ‘अधिकारियों और कर्मचारियों की दो दिन से अधिक की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द की गई हैं ताकि हम इस वित्तीय वर्ष का निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सकें.’

खमरिया आयुध निर्माण फैक्ट्री में लगभग 4,000 कर्मचारी कार्यरत हैं. यह फैक्ट्री भारतीय सशस्त्र बलों को गोला-बारूद की आपूर्ति करती है और राष्ट्रीय सुरक्षा में अहम भूमिका निभाती है.प्रवक्ता ने आगे बताया, ‘इस वित्तीय साल में हमें एक बड़ा उत्पादन लक्ष्य मिला है, लेकिन अप्रैल महीने में हम अपनी अपेक्षित उत्पादन दर तक नहीं पहुंच सके. इस कारण मुख्यालय से निर्देश प्राप्त हुए हैं कि छुट्टियां रद्द कर पर्याप्त जनशक्ति के साथ गोला बारूद बनाया जाए.

इस फैसले का मकसद समय पर उत्पादन लक्ष्य की पूर्ति करना और रक्षा बलों को आवश्यक सामग्री की आपूर्ति में कोई बाधा न आने देना है. बताया जा रहा है कि यह कदम अस्थायी रूप से उठाया गया है और टार्गेट अचीव करने के बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी.

 

NATIONAL : मोबाइल को लेकर भाई से हुआ झगड़ा तो निकल गया घर छोड़कर, नदी में जा कूदा युवक, मौत

0

रामगढ़ में एक शख्स नदी में कूदकर जान दे दी. हैरानी की बात ये है कि उसने बहुत ही मामूली बात को लेकर इतना बड़ा कदम उठा लिया. मालूम हुआ कि उसका अपने भाई के साथ झगड़ा हुआ था जिसके बाद उसने ये कदम उठाया है.

झारखण्ड के रामगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक शख्स नदी में कूदकर जान दे दी. हैरानी की बात ये है कि उसने बहुत ही मामूली बात को लेकर इतना बड़ा कदम उठा लिया. दरअसल युवक का एक मोबाइल को लेकर अपने छोटे भाई से झगड़ा हो गया था और उसी गुस्से में आकर वह नदी में कूद गया और आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र की है जहां दामोदर नदी के पुल से 21 साल के एक युवक रोहन ठाकुर ने नदी में छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला को समाप्त कर लिया है.बताया जाता है कि 30 अप्रैल को हेसला निवासी मृतक के पिता सुरेश ठाकुर ने रामगढ़ थाने में अपने बेटे रोहन ठाकुर के मिसिंग की एक शिकायत दी थी. आवेदन के अनुसार मोबाइल को लेकर बड़े भाई रोहन ठाकुर और छोटे भाई सुमित ठाकुर के बीच झगड़ा हुआ था और रोहन गुस्से में आकर घर छोड़ कर चला गया था. अब रोहन का शव मिलने पर यह घटना सामने आई है.

 

ENTERTAINMENT : उल्लू एप का शो ‘हाउस अरेस्ट’ हुआ बंद, साइबर सेल न दिए कड़े निर्देश, कहा- ‘डेटा सुरक्षित रखें’, हो सकती है कड़ी कार्रवाई

उल्लू एप के विवादित शो हाउस अरेस्ट को बंद करने के निर्देश महाराष्ट्र साइबर सेल की ओर से दिए गए हैं. एजाज खान के शो पर कड़ी कार्रवाई भी हो सकती है.

महाराष्ट्र साइबर सेल ने उल्लू एप के विवादित शो हाउस अरेस्ट को बंद करने के निर्देश दे दिए हैं. इस बारे में महाराष्ट्र साइबर सेल के प्रमुख यशस्वी यादव ने कहा है कि शो को बंद करने के निर्देश देने के बाद इससे जुड़ा डेटा भी प्रिजर्व करने के लिए कहा गया है. उन्होंने साथ ही ये भी बताया कि अगर कोई शिकायत आती है तो शो के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी.

महाराष्ट्र साइबर सेल के चीफ यशस्वी यादव ने कहा, ”पत्रकारों और अन्य सोर्सेज से हमें जानकारी प्राप्त हुई. तो हमने उन्हें तुरंत इंस्ट्रक्शन दिया है कि वो शो को तुरंत बंद करें और सारा डेटा प्रिजर्व करके रखें. हमारे निर्देश मिलने के बाद उन्होंने शो को बंद कर दिया है. साथ ही साथ अगर हमें कोई शिकायत मिलती है तो हम आगे की जरूरी कानूनी कार्रवाई करेंगे.

इस शो को एजाज खान होस्ट कर रहे थे. हाल ही में शो के एक एपिसोड में कंटेंस्टेंट लड़कियों के कपड़े उतरवाए गए और अलग-अलग पोजीशन्स दिखाने के लिए कहा गया. इसके बाद शो की आलोचनाएं होने लगीं और शो को बैन करने की मांग भी तेज हो गई.

बता दें कि इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने उल्लू एप को असभ्य और अश्लील सामग्री दिखाने के लिए समन भेजा है. Ullu App के CEO विभु अग्रवाल और संचालक एजाज खान को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने 9 मई को पेश होना पड़ेगा.

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे लेकर अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि इस एप को बैन क्यों नहीं किया जा रहा है. प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा, ‘उन्होंने शो की एक क्लिप शेयर करते हुए लिखा, ‘जब 18 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ब्लॉक किए गए तो फिर उल्लू एप और अल्ट बालाजी एप पर बैन क्यों नहीं लगाया गया.’

इसके अलावा, बीजेपी विधायक चित्रा वाघ ने आलोचना करते हुए कहा, ‘अश्लीलता को खुली छूट देना बंद होना चाहिए. एजाज खान का ‘हाऊस अरेस्ट’ शो सिर्फ अश्लीलता की पराकाष्ठा है। यह शो उल्लू ऐप पर प्रसारित होता है, और इसके क्लिप्स सोशल मीडिया पर खुलेआम फैल रहे हैं — जो बेहद आपत्तिजनक और अश्लील हैं.’

 

NATIONAL : फंदे पर लटके मिले पत्नी और 3 बेटियां…, हैरान रह गया ऑफिस की नाइट शिफ्ट से लौटा शख्स

0

ठाणे के भिवंडी शहर में शनिवार को 30 साल की एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियां अपने घर में लटकी हुई पाई गईं. महिला पति नाइट शिफ्ट कर घर लौटा तो घर में ऐसा नजारा देख स्तब्ध रह गया.

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर में शनिवार को 30 साल की एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियां अपने घर में लटकी हुई पाई गईं. पुलिस ने शुक्रवार को ये जानकारी दी है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और 13, 11 और 8 साल की लड़कियों के शव सुबह उसके पति ने छत के पंखे से लटके हुए पाए. वह दफ्तर में नाइट शिफ्ट से लौटा था जब ये सब देखकर स्तब्ध रह गया.

पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और विभिन्न कोणों पर विचार करते हुए जांच शुरू की है.अधिकारी ने कहा- ‘हम जांच कर रहे हैं कि यह आत्महत्या का मामला था या कुछ और. क्या महिला और उसकी बेटियों ने एक साथ आत्महत्या की या उसने खुद को फांसी लगाने से पहले लड़कियों को मार डाला, यह अभी पता नहीं चल पाया है.

बता दें कि दो दिन पहले ठाणे से ही आत्महत्या का एक अन्य मामला सामने आया था. यहां मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर हुई बहस के बाद 20 वर्षीय एक लड़की ने अपने 11वीं मंजिल के घर से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. बीते सोमवार आधी रात के आसपास समीक्षा नारायण वड्डी नामक लड़की ने यह कदम उठाया. इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस मामले की भी अभी जांच की जा रही है.

UP : बिजली के तार पर भ्रूण मिलने पर इलाके में मची सनसनी, पुलिस कर रही है पूछताछ

0

गोरखपुर के एक कस्बे में 4 से 5 महीने का भ्रूण तार पर लटका मिला. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के एक कस्बे में बिजली के तार पर भ्रूण लटकता हुआ मिलने से सनसनी फैल गई. इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण को डंडे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बिजली के तार पर भ्रूण लटकता मिलने से लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. पुलिस को अंदेशा है कि किसी मकान या दुकान की छत के ऊपर के हिस्से से फेंका गया है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.

गोरखपुर के सहजनवां के वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार सुबह बिजली के तार से एक भ्रूण झूलता मिला. भ्रूण की 4 से 5 महीने का बताया जा रहा है. मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है किसी ने बाहर से लाकर भ्रूण को यहां फेंका है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी देखकर पहचान करने में लगी हुई है.

घटना सहजनवां कस्बे के वार्ड नंबर 7 की है. लोगों में चर्चा है कि लोकलाज के भय से चोरी-छुपे किसी बिन ब्याही मां का अबॉर्शन कराने के बाद किसी ने भ्रूण को फेंक दिया है. सहजनवां नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 में रेलवे स्टेशन है. स्टेशन से पीछे की ओर प्लेटफार्म-2 से सटा हुआ केशवपुर विद्युत केंद्र स्थित है. यहां से गुजर रहे तार पर शुक्रवार 2 मई को सुबह कुछ लोगों ने भ्रूण लटकता देखा, जो तार में फंसकर हवा झूल रहा था. कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर पुलिस को मामले की सूचना दी.

सहजनवा पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को नीचे गिरा कर उसको कब्जे में लिया. इसके बाद पुलिस ने आने जाने वालों और मोहल्ले के लोगों से जानकारी की. पुलिस ने बताया कि भ्रूण करीब 4 से 5 महीने का लग रहा है. मोहल्ले में मेडिकल से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं होती है. माना जा रहा है कि कहीं और से अबॉर्शन कराने के बाद भ्रूण को यहां फेंका गया है. या फिर किसी ने घर में अबॉर्शन करा कर भ्रूण को छत से फेंका है, जिससे वह तारों में फंस गया.

पुलिस का मानना है कि भ्रूण को सड़क से 20 फिट से ज्यादा ऊपर फेंकना संभव नहीं है. लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस इस मामले का पता लगाने में जुटी है. आस पास के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं. घटना स्थल से 500 मीटर की परिधि में एक हॉस्पिटल है.

एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि शुक्रवार को सुबह भ्रूण की सूचना मिली थी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. एक टीम आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है, जिससे आरोपी की पहचान की जा सके. उन्होंने बताया कि अस्पताल या घर से लाकर फेंकने का अंदेशा है. आसपास के घरों में भी जांच की जा रही है.

 

- Advertisement -

News of the Day