Sunday, July 5, 2026
Home Blog Page 752

Waves Summit 2025: पीएम मोदी से बोले कार्तिक आर्यन, ‘पहली बार आपके सामने बोल रहा हूं…

WAVES 2025 का आगाज आज मुंबई में हुआ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए. इस इवेंट की शुरुआत एक्टर कार्तिक आर्यन की वेल्कम स्पीच से हुई. हालांकि कार्तिक ने बताया कि उनकी दिल की धड़कन काफी तेज दौड़ रही है क्योंकि वो पहली बार पीएम मोदी के सामने बोल रहे हैं.

मुंबई में आज WAVES Summit 2025 का आगाज हुआ है. इस इवेंट में बॉलीवुड से लेकर साउथ इंडस्ट्री के सभी बड़े सितारे शामिल हुए, जो 4 दिन चलने वाले इस इवेंट में फिल्मों पर विस्तार से चर्चा करेंगे. इस खास मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे थे जहां उन्होंने इंडियन सिनेमा पर बात की. एक्टर कार्तिक आर्यन ने इवेंट में आए सभी गेस्ट्स का वेल्कम और धन्यवाद किया.

लेकिन इस दौरान एक्टर ने एक ऐसी बात कही जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी गेस्ट्स भी हंस पड़े. कार्तिक ने बताया कि पहली बार प्रधानमंत्री मोदी के सामने बोलते वक्त उनकी दिल की धड़कने तेज हो रही हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है जिसमें वो अपनी स्पीच के बीच प्रधानमंत्री मोदी से ये सारी बातें कहते नजर आते हैं.

कार्तिक अपनी स्पीच की शुरुआत करते हुए कहते हैं, ‘नमस्कार, मैं यहां मौजूद आदरणीय सभी अतिथियों का स्वागत करना चाहता हूं. मैं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी, एकनाथ शिंदे जी और अजित पवार जी का WAVES Summit 2025 में हार्दिक स्वागत करता हूं. प्रधानमंत्री मोदी जी, सॉरी मेरी दिल की धड़कनें आपके सामने बहुत तेज चल रही है क्योंकि मैं पहली बार आपके सामने कुछ बोल रहा हूं. तो यहां की मर्यादा को बनाए रखने की मैं पूरी कोशिश करूंगा. कुछ भी ऊंच-नीच हो, उसके लिए माफी चाहता हूं.’

टीवीएफ की पॉपुलर वेब सीरीज ‘पंचायत’ मुंबई में हो रहे इस WAVES Summit 2025 में एक नया इतिहास रचेगी. सीरीज की कास्ट और मेकर्स समिट के दौरान इसकी मेकिंग पर एक सेशन ‘मेकिंग ऑफ पंचायत: ग्रासरूट स्टोरीटेलिंग’ करेंगे. जिसमें शो के बारे में खास बात की जाएगी जिसका मकसद शो के जरिए दिखाई गई देसी और जमीनी कहानियों को सम्मान देना है. ये सेशन समिट के तीसरे दिन होगा जिसमें जितेंद्र कुमार, नीना गुप्ता, रघुबीर यादव और फैसल मलिक जैसे एक्टर्स शामिल होंगे.

वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES Summit) मुंबई के बांद्रा में आयोजित किया जा रहा है. ये इवेंट 1 मई से 4 मई तक मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित किया जाएगा. जहां इंडिया के कई जहां फिल्ममेकर, एक्टर और कहानीकार एक साथ जुड़ सकेंगे.

इस समिट में कई बड़े सितारे जैसे अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, शाहरुख खान, हेमा मालिनी और चिरंजीवी शामिल होंगे. इनके साथ ही आज के दौर के सुपरस्टार्स रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण भी मौजूद रहेंगे. चार दिन तक चलने वाले इस इवेंट में ये सभी दिग्गज और बाकी कई बड़ी हस्तियां फिल्म और डिजिटल दुनिया के भविष्य पर जरूरी चर्चा करेंगे.

NATIONAL : मसूरी से 16 कश्मीरी फेरीवालों का पलायन, सत्यापन अभियान और धमकियों के बाद छोड़ा शहर

0

मसूरी में 16 कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के पलायन के बाद पुलिस हरकत में आई है. पुलिस ने व्यापार करने वालों को भरोसा जताया है कि अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.

मसूरी से 16 कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के पलायन की सूचना सामने आई है. यह घटना हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आई, जिसमें कुछ स्थानीय युवकों द्वारा कश्मीरी फेरीवालों को डराया धमकाया जा रहा था. इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किया गया.

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो में मॉल रोड मसूरी पर तीन युवक एक कश्मीरी फेरीवाले के साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आए. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. साथ ही, जम्मू-कश्मीर पुलिस को भी इस घटना की जानकारी दी गई.

एसएसपी अजय सिंह ने साफ किया कि सभी कश्मीरी नागरिकों को मसूरी में वैध रूप से व्यापार करने का अधिकार है, लेकिन उन्हें अपने गृह राज्य से सत्यापन कराकर आना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी को परेशान किया गया तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें, पुलिस उनकी पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी.

सूत्रों के अनुसार, इन घटनाओं के बाद करीब 16 कश्मीरी फेरीवाले मसूरी छोड़ चुके हैं. इनमें से कई सत्यापन प्रक्रिया के चलते, तो कुछ डर और असुरक्षा की भावना से चले गए. इस पर एसएसपी अजय सिंह ने खुद दो कश्मीरी व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया. साथ ही, मसूरी में जहां-जहां कश्मीरी मूल के लोग रहते या कारोबार करते हैं, वहां पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और सतर्कता बरती जा रही है.

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कुपवाड़ा के भाजपा जिलाध्यक्ष और जम्मू कश्मीर पहाड़ी एथनिक ट्राइबल मूवमेंट के चेयरमैन सैयद मोहम्मद रफीक शाह ने देहरादून पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की. उन्होंने कहा कि हम पुलिस के आभारी हैं कि उन्होंने समय रहते कार्रवाई की और कश्मीरी युवाओं की सुरक्षा दी. उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखकर इस घटना की जानकारी दी है.

पुलिस ने चारधाम यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतनी शुरू कर दी है. एसएसपी अजय सिंह ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि दूसरे राज्यों से आकर देहरादून या मसूरी में व्यापार करने वालों को अपने गृह राज्य से सत्यापन कराना अनिवार्य होगा. सत्यापन के बिना व्यापार या निवास करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस सत्यापन अभियान चला रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शहर में आने वाले बाहरी लोगों की पहचान और पृष्ठभूमि स्पष्ट हो. यह कदम मसूरी की शांतिपूर्ण छवि बनाए रखने और चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा बनाए रखने की दिशा में उठाया गया है.इन तमाम घटनाओं के बीच मसूरी और देहरादून प्रशासन ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक या क्षेत्रीय असहिष्णुता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर नागरिक को भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त समान अधिकारों की सुरक्षा दी जाएगी.

 

MP : इंदौर में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे?जांच में जुटी पुलिस

0

इंदौर में पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ हुए प्रदर्शन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगते दिखाए गए हैं. पुलिस ने अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज कर ली है और वीडियो की जांच कर रही है. वहीं कांग्रेस पार्षद ने वीडियो को फर्जी बताया है और कहा कि ऐसा कोई नारा नहीं लगाया गया.

मध्य प्रदेश के इंदौर में पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह प्रदर्शन 25 अप्रैल को इंदौर के बडवाली चौकी इलाके में हुआ था. प्रदर्शन का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करना था. लेकिन इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ लोग कथित रूप से पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाते हुए दिख रहे हैं.

डीसीपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है. अगर यह वीडियो असली पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस पार्षद ने इस वीडियो को फर्जी बताते हुए कहा कि किसी ने माहौल खराब करने के इरादे से यह वीडियो वायरल किया है. साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और कोई देश विरोधी नारा नहीं लगाया गया.

फिलहाल पुलिस वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. मामला गंभीर है और सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है.

ENTERTAINMENT : हॉरर में लगा कॉमेडी का तड़का, संजय दत्त की ‘द भूतनी’ है देखने लायक

संजय दत्त और मौनी रॉय स्टारर फिल्म ‘द भूतनी’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. इस फिल्म को देखने का प्लान अगर आप बना रहे हैं तो पहले हमारे रिव्यू पढ़ लीजिए.

बॉलीवुड में हॉरर कॉमेडी फिल्मों की मानों लाइन लगी हुई है. ‘स्त्री’, ‘मुंज्या’ और ‘भूल भुलैया 3’ के बाद इस लिस्ट में एक और नाम जुड़ गया है. और ये नाम है फिल्म ‘द भूतनी’ का. दशकों से दर्शकों को रोमांस, इश्क, मोहब्बत सिखा रहे बॉलीवुड की इस फिल्म में भी सबको अपनी सच्ची मोहब्बत की तलाश है.

कहानी है सेंट विन्सेंट कॉलेज की, जहां कैंपस में लगे एक ‘वर्जिन ट्री’ की पूजा की जाती है. इस पेड़ के नीच हर वैलेंटाइन डे के दिन सभी स्टूडेंट्स अपने प्यार की फोटो रखते हैं और उनके नाम लेटर लिखकर भी डालते हैं. इसके साथ ही आरती की थालियां सजाकर इसकी पूजा की जाती है. वर्जिन ट्री की पूजा से लोगों की मोहब्बत पूरी होती हो या न होती हो, लेकिन उन्हें भूत जरूर चिपट जाता है.

असल में वर्जिन ट्री से एक ट्रैजिक कहानी भी जुड़ी है, जिसके चलते उसपर एक भूतनी (मौनी रॉय) रहती है. भूतनी के साथ क्या हुआ था? वो कैसे इस पेड़ से चिपटी और क्यों कॉलेज के लड़कों के खून की प्यासी है ये कोई नहीं जानता. किसी को ये भी नहीं पटा कि ये भूतनी असल में है कौन. एक दिन प्यार में धोखा खाया शांतनु (सनी सिंह) वर्जिन ट्री के सामने चिल्ला-चिल्लाकर अपनी सच्ची मोहब्बत मांगने लगता है. भूतनी की नजर उसपर पड़ती है और वो उसके पीछे लग जाती है.

शांतनु के दोस्त साहिल (निक) और नासिर (आसिफ खान) उसके साथ बॉयज हॉस्टल में रहते हैं. ऐसे में जब शांतनु पर भूत-बाधा आती है, तो नासिर और साहिल की भी क्लास लग जाती है. वहीं शांतनु की एक फीमेल फ्रेंड भी है, जिसका नाम अनन्या (पलक तिवारी) है. अनन्या और शांतनु की दोस्ती से भी भूतनी को चिढ़ है. कॉलेज के बच्चे भूतनी से परेशान हैं लेकिन इसके डीन और बाकी लोगों को इसे बंद होने के बचाने की पड़ी है. ऐसे में भूतनी को भगाने के लिए कृष्णा उर्फ बाबा (संजय दत्त) को बुलाया जाता है. क्या भूतनी की असलियत पता चल पाएगी? क्या बाबा भूतनी से कॉलेज को मुक्ति दिला पाएंगे? और क्या शांतनु का पीछा भूतनी छोड़ देगी? इन सवालों का जवाब आपको फिल्म देखकर मिलेगा.

डायरेक्टर सिद्धांत सचदेव की बनाई ‘द भूतनी’ का स्क्रीनप्ले काफी उथल-पुथल है. फिल्म में मोहब्बत शब्द का इस्तेमाल इस कदर किया गया है कि आपको एक मोमेंट पर इससे इरिटेशन होने लगती है. फिल्म की शुरुआत थोड़ी हिली हुई होती है, इसका पहला हाफ कमजोर है. लेकिन दूसरे हाफ में आपको हंसने के ढेरों पल मिलते हैं. भूतनी के साथ शांतनु और उसके दोस्तों की बातचीत और भागदौड़ सही में मजेदार है. साथ ही पिक्चर के कुछ डायलॉग और पंच सही में काफी फनी हैं.

संजय दत्त ने इस फिल्म में बहुत कुछ अलग नहीं किया, लेकिन फिर भी उनका काम अच्छा था. मौनी रॉय ने यहां भूतनी का किरदार निभाया है, जिसमें वो बढ़िया लगी हैं. बीच में उनपर एक नागिन जोक भी मारा गया, जिसपर उन्हें सफाई देनी पड़ी कि वो नागिन नहीं भूत हैं. हालांकि मौनी रॉय को किसी और नॉन भूत के रोल में देखने में भी मजा आ सकता है, अगर वो कभी कुछ अलग करना चाहें तो.

सनी सिंह, पलक तिवारी और निक का काम भी अच्छा है. आसिफ खान वो एक्टर हैं, जो फिल्म खत्म होने तक आपका दिल जीत लेते हैं. इससे पहले आप उन्हें ‘पंचायत’ सीरीज में दामाद जी के रोल में देख चुके हैं. आसिफ के किरदार की शुरुआत काफी ड्रामेटिक है, लेकिन फिल्म के हर मोड़ पर कुछ मजेदार डिलीवर करते हैं. पिक्चर के लगभग सारे बढ़िया डायलॉग आसिफ के मुंह से ही सुनने को मिलते हैं. जैसे एक सीन में नासिर को पता लगता है कि भूतनी कुछ दिन में शांतनु को मारने वाली है, ऐसे में उसकी दोस्त अनन्या को उससे दूर रहना चाहिए. लेकिन अनन्या समझने को तैयार नहीं. तब नासिर (आसिफ) उसे कहता है- मौत के कुएं में मोटरसाइकिल चलाने वाले को उंगली नहीं करते, बदतमीज आपा. ये डायलॉग जिस तरह से आसिफ खान डिलीवर करते हैं कि मजा आ जाता है. फिल्म का म्यूजिक बहुत खास नहीं है. भूतनी की कहानी भी काफी अच्छी है.

UP : मां के इलाज के लिए बुक की टैक्सी, ड्राइवर से हुआ प्यार, फिर हुई लिव-इन पार्टनर की हत्या

0

उत्तराखंड की तलाकशुदा महिला ने मां के इलाज के लिए टैक्सी बुक की और टैक्सी ड्राइवर मुस्ताक से प्यार कर बैठी. दोनों दो साल लिव-इन में रहे, शादी के दबाव में मुस्ताक ने महिला की चाकू से हत्या कर शव को बेडशीट में लपेट नहर के नीचे छिपा दिया. पुलिस ने उसे उत्तराखंड से गिरफ्तार कर लिया.

उत्तराखंड की रहने वाली 35 वर्षीय तलाकशुदा महिला ने अपनी बीमार मां के इलाज के लिए टैक्सी बुक की थी. टैक्सी चालक मुस्ताक से कई बार अस्पताल जाने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया. इसके बाद दोनों गुरुग्राम आकर लिव-इन में रहने लगे. महिला दो बच्चों की मां थी और घरेलू काम करती थी, जबकि मुस्ताक टैक्सी चलाता था.

दो साल साथ रहने के बाद जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो मुस्ताक ने उससे दूरी बना ली और उत्तराखंड लौट गया. कुछ समय बाद महिला भी उत्तराखंड मुस्ताक से मिलने गई. मुस्ताक उसे बहन के घर ले गया और अगले दिन घुमाने के बहाने नन्दा नहर गांव ले गया.

वहीं मुस्ताक ने महिला की चाकू से हत्या कर दी और शव को बेडशीट में लपेटकर नहर के पुल के नीचे छुपा दिया और फरार हो गया. काफी दिन से लापता महिला की बहन ने गुरुग्राम के थाना सेक्टर-5 में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई.पुलिस ने जांच कर आरोपी मुस्ताक को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर महिला का शव बरामद किया गया. पूछताछ में मुस्ताक ने अपना अपराध कबूल किया. पुलिस अब हत्या के पूरे मामले की जांच कर रही है.

UP : सहारनपुर में पाकिस्तानी झंडे के चक्कर में स्कूल से निकाली गई 11वीं की छात्रा, जानिए मामला

0

छात्रा स्कूटी से जा रही थी, तभी उसने देखा कि सड़क के बीचोबीच पाकिस्तान का झंडा चिपका हुआ है, और उस पर से वाहन गुजर रहे हैं, तो छात्रा ने अपनी स्कूटी रोकी और झंडे को सड़क से हटाने की कोशिश करने लगी.

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 11वीं कक्षा की एक छात्रा को सड़क पर चिपके पाकिस्तान के झंडे को हटाने की कोशिश करना भारी पड़ गया. दरअसल, यह छात्रा स्कूटी से जा रही थी, तभी उसने देखा कि सड़क के बीचोबीच पाकिस्तान का झंडा चिपका हुआ है, और उस पर से वाहन गुजर रहे हैं, तो छात्रा ने अपनी स्कूटी रोकी और झंडे को सड़क से हटाने की कोशिश करने लगी. हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हो पाई.

इस पूरी घटना का एक 12 सेकेंड का वीडियो किसी राहगीर ने बना लिया और सोशल मीडिया पर डाल दिया. वीडियो वायरल होने के बाद बवाल बच गया. लोगों ने छात्रा की हरकत का विरोध शुरू कर दिया. जिसपर अब छात्रा के स्कूल ने भी संज्ञान लिया है. सड़क पर चिपके पाकिस्तानी झंडे को हटाने का वीडियो वायरल होने के बाद हिंदूवादी संगठनों में रोष फैल गया और उन्होंने इसे देशविरोधी कृत्य बताया. अगले ही दिन क्रांतिसेना संगठन के लोग स्कूल पहुंचे और प्रबंधन पर दबाव बनाते हुए छात्रा के निष्कासन की मांग की. उन्होंने इसे देशद्रोह का मामला करार दिया.

फिलहाल, स्कूल प्रशासन ने हिंदू संगठनों के विरोध और माहौल की गंभीरता को देखते हुए छात्रा को स्कूल से निष्कासित कर दिया है. छात्रा मुस्लिम समुदाय से है और सहारनपुर के गंगोह इलाके की रहने वाली बताई जा रही है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 29 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में कुछ संगठनों ने पाकिस्तान का झंडा सड़क पर चिपकाया था, जिससे लोग उसे पैरों तले रौंदते रहें. लेकिन कथित तौर पर छात्रा को ये नागवार गुजरा और वो इसे सड़क से हटाने की कोशिश करने लगी. जिसका किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया.

RAJASTHAN : थाने में सफाईकर्मी तीन बेटियों की शादी में पुलिस ने निभाया मामा का फर्ज, मायरे में दिए 1.11 लाख रुपये और ढेर सारा सामान

0

राजस्थान के लालसोट थाने में सफाई का काम करने वाली सुनीता देवी की तीन बेटियों की शादी में पुलिसकर्मियों ने मामा बनकर मायरा भरा. थाने के सभी पुलिसकर्मी मिलकर 1.11 लाख रुपये नकद, कपड़े और बर्तन लेकर पहुंचे. सुनीता की आर्थिक स्थिति को समझते हुए पुलिस ने भाई बनकर बेटियों की शादी में सभी रस्में निभाईं.

राजस्थान के दौसा जिले के लालसोट थाने की पुलिस ने मानवीयता की मिसाल पेश की है. थाने में 22 वर्षों से सफाई का काम कर रही सुनीता देवी बाल्मीकि की तीन बेटियों की शादी 30 अप्रैल को हुई. इस मौके पर थाने के सभी पुलिसकर्मी मायरा लेकर सुनीता के घर पहुंचे.थाना प्रभारी श्रीकिशन मीणा ने बताया कि सुनीता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए थाने के सभी पुलिसकर्मियों ने तनख्वाह से पैसे इकट्ठा किए और मायरे में 1 लाख 11 हजार रुपये नकद, बेटियों के लिए साड़ियां, दूल्हों के सूट, परिवार के सभी सदस्यों के कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी सामान दिया.

पुलिसकर्मी सुनीता के घर पहुंचे और बहन की तरह साड़ी उड़ाकर भात की रस्म अदा की. इसके बाद महिलाओं ने मंगल गीत गाए और सभी पुलिसकर्मी रस्मों में शामिल हुए. सुनीता ने भी पुलिस को अपने परिवार का हिस्सा मानते हुए उन्हें शादी में बुलाया था.हरिजन मोहल्ले में जैसे ही पुलिसकर्मी मायरा लेकर पहुंचे, लोग देखने जमा हो गए. पुलिस के इस मानवीय कदम की चारों ओर सराहना हो रही है. थाना प्रभारी का कहना है कि सुनीता हमारे परिवार की सदस्य है, उसके सुख-दुख में साथ रहना हमारा फर्ज है.

MP : दूल्हा-दुल्हन की कार में लगी भीषण आग, सात लोगों ने कूदकर बचाई जान

0

मध्य प्रदेश के खरगोैन में दूल्हा-दुल्हन की जान बाल-बाल बच गई. दरअसल जिस कार में वो सफर कर रहे थे अचानक उसमें आग लग गई जिसके बाद सात लोगों ने कूद कर अपनी जान बचाई. इसमें एक नया जोड़ा भी शामिल है. ये लोग शादी के बाद घर लौट रहे थे जिस दौरान हाइवे पर ये हादसा हुआ.

मध्य प्रदेश के खरगौन में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दरअसल एक शादी समारोह से लौट रही कार में अचानक आग लग गई जिसके बाद उसमें सवार दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोगों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई. यह घटना जैतापुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव के पास खंडवा-वडोदरा नेशनल हाईवे पर हुई.

रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना रात लगभग 12 बजे की है, जब एक अर्टिगा कार में अचानक टायर फटने के बाद आग लग गई. कार में सवार लोग अक्षय तृतीया के अवसर पर संपन्न हुई शादी के बाद लोनारा गांव से बमनाला गांव लौट रहे थे. कार जैसे ही गोपालपुरा के पास पहुंची, तेज धमाके के साथ टायर फट गया और फिर कुछ ही क्षणों में कार से धुआं उठने लगा.

दूल्हा-दुल्हन समेत अन्य यात्रियों ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत कार सड़क किनारे रोकी और सभी ने फुर्ती से बाहर कूदकर जान बचाई. कुछ ही मिनटों में कार में आग भीषण रूप ले चुकी थी. लपटें इतनी भयानक थीं कि उन्हें कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था. नेशनल हाईवे पर आवाजाही कर रहे कई वाहन चालकों ने विस्फोट के डर से दो किलोमीटर पहले ही अपने वाहन रोक दिए.

स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी. हादसे के समय हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. जैतापुर थाना पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

 

BIHAR : बारात में शामिल हुए नाबालिग की हत्या, खेत में मिला शव, परिजनों ने गांव वालों पर लगाया आरोप

0

दरभंगा में बारात में शामिल होने आए 14 वर्षीय धीरज कुमार की हत्या कर दी गई. शव रेलवे गुमटी के पास खेत में मिला. मृतक समस्तीपुर के पुरनाही गांव का था. परिजनों ने गांव के ही लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सिटी SP ने हत्या की पुष्टि की है.

दरभंगा जिले में एक शादी समारोह के दौरान 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के पुरनाही गांव निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है.घटना दरभंगा के एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनिया घाट की है, जहां रामधनी सहनी की बेटी मनीषा की शादी में धीरज बारात में शामिल हुआ था. बारात रात दो बजे पहुंची और चार बजे सभी ने साथ में खाना खाया. इसके बाद धीरज अचानक लापता हो गया.

सुबह खोजबीन के दौरान धीरज का शव पास के रेलवे गुमटी के पास खेत में मिला. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. दरभंगा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद सिटी SP अशोक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. SP अशोक कुमार ने मीडिया से कहा कि मामला स्पष्ट रूप से हत्या का है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मौके से कुछ साक्ष्य भी मिले हैं.

मृतक के पिता हीरा चौधरी ने गांव के ही लक्ष्मण सहनी और उनके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से धमकी दी जा रही थी. फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है.

WORLD : पाकिस्तान की नई करतूत… सुबह से नहीं खोले वाघा बॉर्डर के गेट, बीच में ही फंसे पड़ोसी मुल्क के नागरिक

वाघा बॉर्डर की पाकिस्तानी ओर का गेट बंद है, जिससे कई पाकिस्तानी नागरिक भारत में फंसे हुए हैं. ये सभी नागरिक अटारी बॉर्डर के ज़रिए अपने वतन लौटने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से गेट नहीं खोले जाने के कारण वे वहीं अटके हुए हैं और कड़ी धूप में सड़कों पर रहने को मजबूर हैं.

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए. इनमें सिंधु जल संधि सस्पेंड करने से लेकर पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने जैसे फैसले शामिल हैं. हालांकि भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए अटारी बॉर्डर से वतन वापसी की समय सीमा अगले आदेश तक बढ़ा दी है.

ये फैसला कई नागरिकों के बॉर्डर पर फंस जाने के बाद आया है, जिन्हें पहलगाम हमले के बाद तय हुई पिछली समय सीमा तक वापस जाना था. यकीनन ये फैसला पाकिस्तानी नागरिकों के लिए राहत भरा है. लेकिन फिर भी पाकिस्तान अपनी शरारती हरकतों से बाज नहीं आ रहा है.

दरअसल, वाघा बॉर्डर की पाकिस्तानी ओर का गेट बंद है, जिससे कई पाकिस्तानी नागरिक भारत में फंसे हुए हैं. ये सभी नागरिक अटारी बॉर्डर के ज़रिए अपने वतन लौटने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पाकिस्तान की तरफ से गेट नहीं खोले जाने के कारण वे वहीं अटके हुए हैं और कड़ी धूप में सड़कों पर रहने को मजबूर हैं.

बॉर्डर पर फंसे ऐसे ही कई पाकिस्तानी नागरिकों से बातचीत की. इस दौरान क्वेटा के रहने वाले सूरज ने बताया कि वह हिंदू होने के नाते अपनी मां को हरिद्वार गंगा स्नान कराने के लिए 15 अप्रैल को भारत आए थे. अब भारत ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को अपने वतन लौटने का आदेश दिया है, इसके चलते वह वापस जाने के लिए बॉर्डर पर आए, लेकिन पाकिस्तान की ओर से गेट बंद होने के कारण वह यहीं फंसे हुए हैं.

कराची के रहने वाले हर्ष ने बताया कि वह अपने नाना-नानी से मिलने के लिए भारत आए थे. उनकी तबीयत खराब थी. भारत सरकार के आदेशानुसार वह सुबह 8:30 बजे बॉर्डर पर पहुंच गए थे. लेकिन जैसे ही यहां पहुंचे तो पता चला कि गेट बंद है और अभी वह आगे नहीं जा सकते. इतनी भीषण गर्मी में बिना खान पानी रहने को मजबूर हैं. सभी लोग बहुत परेशान हैं और कुछ समय नहीं आ रहा है कि हो क्या रहा है.

बता दें कि बॉर्डर पार न होने के कारण अटारी बॉर्डर पर पाकिस्तान की ओर से गेट खुलने का इंतजार कर रहे पड़ोसी मुल्क के नागरिक बेहद परेशान हैं. उनके पास सीमित सामान है और गर्मी में खुले आसमान के नीचे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. जानकारों का मानना है कि पाकिस्तान जानबूझकर ऐसी हरकतें कर रहा है ताकि द्विपक्षीय रिश्तों में तनाव और बढ़े. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भारतीय अधिकारी लगातार पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं.

- Advertisement -